संभाग ३. यीशु की अगवाई के अंतर्गत पुनरुद्धार की दैवी योजना
आदि में, आदम को दूतों पर शासन करना चाहिए था; (१कुरिंथियों ६:३) परन्तु उसके पतन के कारण, मनुष्य शैतान के राज्य के अधीन हो गए और दुनिया में नरक बना दिया। इसे क्षतिपूर्ति द्वारा बहाल करने के लिए यीशु दूसरे आदम के रूप में, शैतान को स्वयं वश में करने और स्वर्ग का राज्य स्थापित करने के लिए आया। परन्तु, शैतान जो परमेश्वर के आगे भी नहीं झुकता, वह यीशु और विश्वासी लोगों के सामने कदापि नहीं झुकेगा। चूँकि, परमेश्वर ने मनुष्य की रचना की इसलिए परमेश्वर ने यह ज़िम्मेवारी अपने हाथ में ली, याकूब और मूसा को बढ़ाकर उनके ज़रिये नमूने के तौर पर एक ऐसी कार्यवाही प्रकट की जिसकी नकल करके यीशु शैतान को वश में कर सके। (संदर्भ—मूसा और यीशु १.१)
शैतान को अधीन करने के लिए, याकूब प्रतीकात्मक मार्ग पर चला, जबकि मूसा ने छवि कार्यवाही के पथ का उपयोग किया। उनकी कार्यवाहियाँ यीशु को ठीक मार्ग पर चलने के लिए पथ प्रदर्शक बनीं। कनान के पुनरुद्धार की विश्वव्यापी कार्यवाही में यीशु ने उस नमूने का अनुसरण किया जो मूसा ने कनान की प्राप्ति के लिए राष्ट्रीय कार्यवाही के दौरान शैतान को अधीन करने का कार्य करके प्रदर्शित किया था।
परमेश्वर ने मूसा से कहा, “इसलिए मैं उनके लिए उनके भाइयों के बीच में से तेरे समान एक नबी को उत्पन्न करूँगा और अपना वचन उसके मुंह में डालूँगा, और जिस-जिस बात की मैं उसे आज्ञा दुंगा वही वह उनको कह सुनाएगा।” (व्यवस्थाविवरण १८:१८) “तेरे समान एक नबी को” यह परमेश्वर ने यीशु की ओर संकेत करते हुए कहा, जो उसी पथ पर चलेगा जिसपर मूसा चला। जब यीशु ने कहा, “पुत्र आप से कुछ नहीं कर सकता, केवल वह जो पिता को करते देखता है, क्योंकि जिन-जिन कामों को वह करता है उन्हें पुत्र भी उसी रीति से करता है,” (यूहन्ना ५:१९) उसके कहने का अर्थ था कि परमेश्वर ने मूसा के ज़रिए आदर्श पथ प्रकट किया है और वह मूसा के पद चिह्नों पर चल रहा है।
आइए हम यीशु पर केन्द्रित पुनरुद्धार की दैवी योजना की जाँच करें, और मूसा के नेतृत्व के अंतर्गत कनान की प्राप्ति के लिए तीन राष्ट्रीय कार्यवाहियाँ और यीशु की अगवाई में कनान की प्राप्ति के लिए तीन विश्वव्यापी कार्यवाहियों के बीच प्रासंगिक तुलना करें।
३.१ कनान की प्राप्ति के लिये पहली विश्वव्यापी कार्यवाही
३.१.१ विश्वास की नींव
कनान की प्राप्ति की पहली विश्वव्यापी कार्यवाही में विश्वास की नींव पुनःस्थापित करने का मिशन जिसे सौंपा गया था वह प्रमुख व्यक्ति यूहन्ना बपतिस्मा देने वाला था। यूहन्ना किस स्थान पर खड़ा होकर यह मिशन पूरा करने वाला था?
मूसा के नेतृत्व में कनान की प्राप्ति के लिए राष्ट्रीय कार्यवाही में मूसा ने पत्थर की पट्टियाँ तोड़ दी थीं और चट्टान को दो बार मारा था। इन घटनाओं के परिणाम स्वरूप, यदि उन दिनों के यहूदी लोगों ने यीशु पर विश्वास नहीं किया तो शैतान को यीशु के शरीर पर, जो पट्टियों और चट्टान की परिपूर्णता दर्शाता है, वार करने की शर्त बनती है।
यीशु को इस शर्त से छूट उसी समय मिल सकती थी जब चुने हुए लोगों को, जिन्हें उसके आगमन की तैयारी का मिशन सौंपा गया था, मंदिर पर जो आने वाले मसीह का छवि निरूपण है केंद्रित होकर एक साथ संगठित होना चाहिए। परन्तु वर्षों से इस्राएली लोग लगातार अविश्वास में गिरते रहे, यथा शैतान को यीशु पर हमला करने की शर्तें बढ़तीं गईं। इन शर्तों को मिटाने के लिए, परमेश्वर ने एलिय्याह नामक भविष्यद्वक्ता को भेजा। एलिय्याह ने अशेरा और बाल के कुल ८५० नबियों को पराजित करके शैतान से अलग होने का कार्य किया, (१राजाओं १८:१९) और तब स्वर्ग पर चढ़ गया। (२राजाओं २:११) परंतु, चूँकि एलिय्याह ने अपना सम्पूर्ण मिशन पूरा नहीं किया था इस लिए उसे वापस आना पड़ा। (मलाकी ४:५) यूहन्ना बपतिस्मा देने वाला वह भविष्यद्वक्ता था जो एलिय्याह (मत्ती ११:१४, १७:१३) के रूप में, शैतान को अलग करने और उसके अधूरे मिशन को पूरा करने के लिए आया था और कि वह प्रभु का रास्ता सीधा करे। (यूहन्ना १:२३)
इस्राएलियों ने मिस्र में चार सौ वर्ष किसी भविष्यद्वक्ता के मार्गदर्शन के बिना कठिनाइयाँ और दुख सहे थे। अंततः उन्हें मूसा मिला, यह वह आदमी था जो उन्हें एक राष्ट्र के रूप में मसीह को ग्रहण करने की तैयारी में कनान ले जा सकता था। उसी प्रकार, यहूदी लोगों ने मसीह के आगमन की तैयारी के चार सौ वर्ष की अवधि में, जो मलाकी नबी के समय में शुरू हुई, किसी भविष्यद्वक्ता के मार्गदर्शन के बिना अन्य जातियों के देश फारस, यूनान, मिस्र, सीरिया और रोम में अनेक प्रकार के क्लेश और अत्याचार सहे। (संदर्भ—काल ३:६) अंत में वे यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले से मिले, यह वह आदमी था जो उन्हें मसीह के पास ले जाएगा, मसीह, जो विश्वव्यापी कनान का पुनरुद्धार करने के लिए आ रहा था।
इस प्रकार, यूहन्ना बपतिस्मा देने वाला, मूसा की तरह, शैतान से अलग करने की चार सौ वर्ष की अवधि की नींव पर बुलाया गया था। मूसा जब वह महल ही में था अपने भाइयों से और अपने बापदादों की परम्परा से प्रेम करना सीख गया था। उसी प्रकार, यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले ने जब वह जंगल में टिड्डियों और जंगली मधु खा कर रहता था परमेश्वर पर विश्वास और आज्ञाकारिता का मार्ग सीखा। उस का जीवन इतना आदर्श था कि याजक, लेवी और बहुत से लोगों को संदेह था कि वह मसीह तो नहीं है। (यूहन्ना १:१९, लूक ३:१५) इस प्रकार से यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले ने सफलतापूर्वक शैतान से अलग होने का चालीस का विधान स्थापित किया और कनान के पुनरुद्धार की पहली विश्वव्यापी कार्यवाही के लिए विश्वास की नींव खड़ी की।
३.१.२ वास्तविक नींव
चूँकि यूहन्ना बपतिस्मा देने वाला मूसा के स्थान पर खड़ा था, इसलिए वह माता-पिता और बच्चे की युगल स्थिति में था। माता-पिता के स्थान से उसने क्षतिपूर्ति द्वारा विश्वास की नींव पुनःस्थापित की। बच्चे के स्थान पर खड़े होकर उसने पतित प्रवृत्ति निकालने की क्षतिपूर्ति की शर्त पूरी करने के लिए हाबिल का स्थान सुरक्षित किया। (संदर्भ—मूसा और यीशु २.१.२) यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले ने विश्व स्तर पर एक नींव वापस बरामद की जो तुलना में मूसा के द्वारा डाली गई नींव के बराबर थी, जो उसने फिरौन के महल में चालीस वर्ष रहने के बाद पहली राष्ट्रीय कार्यवाही के दौरान डाली थी।
मूसा के दिनों में, पहली व्यवस्था शुरू करने के समय जब लोगों ने मूसा को मिस्री सरदार को घात करते हुए देखा था तो परमेश्वर चाहता था कि इस घटना से इस्राएली लोग मूसा पर अपने भरोसे को बढ़ाएं। इस्राएली लोग उस समय मिस्र की शैतानी दुनिया को छोड़ कर कनान देश की यात्रा पर जा रहे थे। परंतु, यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले के समय यहूदी लोगों को रोमी साम्राज्य छोड़ कर किसी अन्य देश में नहीं जाना था। उन्हें उसी साम्राज्य में रह कर उसके लोगों को राज़ी करके उस साम्राज्य को परमेश्वर के पक्ष में करना था। परमेश्वर ने यहूदी लोगों को यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले के जीवन के चमत्कारों के द्वारा उत्साहित करके व्यवस्था का आरम्भ किया।
यूहन्ना के जन्म पर एक दूत ने बच्चे के संबंध में अद्भुत भविष्यवाणी की। जब उसके पिता ज़करयाह ने विश्वास नहीं किया, तो वह गूंगा कर दिया गया, उस का मुंह उसी समय खुला जब उसने बच्चे का ख़तना किया और उसका नाम रखा। इन सब बातों और अन्य चमत्कारों के द्वारा, इस्राएली लोगों ने प्रतीति की कि यूहन्ना परमेश्वर द्वारा भेजा गया भविष्यद्वक्ता था: “उसके आस पास के सब रहने वालों पर भय छा गया, और उन सब बातों की चर्चा यहूदिया के सारे पहाड़ी देश में फैल गई और सब सुनने वालों ने अपने-अपने मन में विचार करके कहा, ‘यह बालक कैसा होगा’ क्योंकि प्रभु का हाथ उसके साथ था।” लूक १:६५-६६ इसके अतिरिक्त, यूहन्ना जंगल में टिड्डे और मधु खा कर वैराग्य और प्रार्थना का महान जीवन व्यतीत करता था। आम जनता और यहाँ तक कि याजक लोग उसे इतना आदर और सम्मान देते थे कि बहुत लोग मन में विचार करते थे कि क्या यही मसीह तो नहीं है। (लूका ३:१५, यूहन्ना १:१९)
जब मूसा ने फिरौन के महल में चालीस वर्ष रह कर क्षतिपूर्ति की अवधि समाप्त की और एक मिस्री को मार डाला, तो इस घटना से इस्राएली लोगों को अपने प्रति उसका प्रेम देख कर बहुत उत्प्रेरित होना चाहिए था और उसपर विश्वास करके उसके पीछे चलना चाहिए था। तब वे लोग लाल समुद्र पार करके जंगल में भटकने के बजाए सीधे कनान में चले जाते, और उन्हें पत्थर की पट्टियों, वाचा के संदूक और निवासस्थान की कोई आवश्यकता नहीं होती। उसी तरह, यीशु के समय के यहूदी लोगों को यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले पर, जिसे परमेश्वर ने उनके विश्वास का केन्द्र-बिन्दु के रूप में चिह्न और चमत्कारों के साथ बढ़ाया था, विश्वास करके उसके पीछे चलना चाहिए था। इस तरह, वे पतित प्रवृत्ति निकालने की क्षतिपूर्ति की शर्त पूरी कर लेते और वास्तविक नींव खड़ी कर लेते, फलस्वरूप, वे तत्काल ही मसीह के लिए नींव खड़ी कर लेते।
३.१.३ कानन के प्राप्ति की पहली विश्वव्यापी कार्यवाही का विफल होना
यहूदी लोग यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले की डाली हुई विश्वास की नींव पर खड़े थे और उसके पीछे ऐसे चलते थे जैसे कि वह मसीह के पीछे चल रहे हों। (यूहन्ना १:१९, लूक ३:१५) इस तरह उन्होंने पुराने नियम के युग का अंत किया और वे विश्वव्यापी कनान की प्राप्ति की नई कार्यवाही आरंभ करने के लिए तैयार थे। तथापि, जैसे कि पहले बताया गया है, (संदर्भ—मसीह २) यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले को यीशु के बारे में कुछ संदेह था, हालांकि, उसने यीशु के बारे में गवाही दी थी। उसने अपने प्रतिनिधि भेज कर यीशु से पूछा, “क्या आनेवाला तू ही है, या हम किसी दूसरे की बाट जोहें”? (मत्ती ११:३) यद्यपि, वह वास्तव में एलिय्याह का मिशन पूरा करने के लिए आया था (यूहन्ना १:२१) फिर भी उस ने इनकार किया कि वह एलिय्याह है। इससे न केवल यहूदियों का यीशु के पास जाने का रास्ता बंद हुआ उलटा उसका विरोध करने का अवसर खुल गया।
वस्तुतः, यूहन्ना ने हाबिल का स्थान त्याग दिया, और यहूदी लोगों को प्रमुख व्यक्ति की अगवाई से, जिसके द्वारा वे पतित प्रवृत्ति निकालने की क्षतिपूर्ति की शर्त पूरी कर सकते थे, वंचित कर दिया। यह घटना उन्हें मसीह के लिए वास्तविक नींव पूरी करने के लिए रुकावट का कारण बनी। परिणामस्वरूप, कनान के पुनरुद्धार की पहली विश्वव्यापी कार्यवाही निष्फल हो गई। जिस प्रकार मूसा के समय में हुआ था कि वह दूसरी और तीसरी कार्यवाही तक प्रवर्धित हुई।
३.२ कानन की प्राप्ति की दूसरी विश्वव्यापी कार्यवाही
३.२.१ विश्वास की नींव
३.२.१.१ यीशु का यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले का मिशन धारण करना
यीशु की तुलना में, जो पूर्ण आदम था, यूहन्ना बपतिस्मा देने वाला वापस जिलाए गए आदम के स्थान पर आया था। उसे मसीह की नींव स्थापित करनी थी, इस प्रकार, उसे अतीत के सारे प्रमुख व्यक्तियों के अधूरे मिशनों को पूरा करना था, जिन्होंने विश्वास की नींव और वास्तविक पुनःस्थापित करने के लिए मेहनत की थी। इस नींव पर उसे दैवी योजना के इतिहास के सारे फल यीशु को प्रस्तुत करने थे और यहूदी लोगों का, जो उसपर विश्वास करते थे और उसके पीछे चलते थे, यीशु को ग्रहण करने के लिए मार्गदर्शन करना था। अंततः, उसे स्वयं विश्वास और भक्ति के साथ यीशु की सेवा में आना था।
यद्यपि यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले को इस का ज्ञान नहीं था, जो बपतिस्मा उसने यरदन नदी (मत्ती ३:१६) में यीशु को दिया था, वास्तव में वह परमेश्वर की इच्छा के हेतु, यूहन्ना के पूर्ण जीवन की उपलब्धियों का यीशु को भेंट का धर्माचार था।
तथापि, क्योंकि यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले ने उत्तरोत्तर यीशु पर संदेह किया, और अंततः उसके कामों का भी अवमूल्यन किया, इस तरह यहूदी लोगों को, जो यूहन्ना को अत्यधिक मान्यता देते थे, यीशु पर विश्वास न करने के लिए मजबूर कर दिया। (संदर्भ—मसीह २.२) परिणाम स्वरूप, विश्वास की नींव, जो यूहन्ना ने कनान की प्राप्ति की पहली विश्वव्यापी कार्यवाही के लिए खड़ी की थी, शैतान के दावे में चली गई। अब यीशु को ख़ुद ही यूहन्ना के मिशन का बेड़ा उठाना पड़ा और कनान के प्राप्ति की दूसरी विश्वव्यापी कार्यवाही का काम करने के लिए क्षतिपूर्ति द्वारा विश्वास की नींव बहाल करने का काम शुरू किया। जब यीशु ने जंगल में चालीस दिन का उपवास रखा, वह केवल विश्वास की नींव बहाल करने के उद्देश्य से शैतान को विलग करने के लिए ही था; परन्तु इसके लिए उसे यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले का स्थान ग्रहण करके अपने आप को नीचा करना पड़ा।
यीशु जो परमेश्वर का इकलौता पुत्र और महिमा का प्रभु बन कर आया था, उसे दुख के मार्ग पर चलना आवश्यक नहीं था। (१कुरिन्थियों २:८) बजाए इसके, यह यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले का मिशन था कि वह क्लेश उठा कर यीशु के लिये रास्ता सीधा करे। (यूहन्ना १:२३, लूक १:७६) परन्तु, क्योंकि यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले ने अपनी ज़िम्मेवारी पूरी नहीं की, यीशु को यूहन्ना की जगह दुःख उठाना पड़ा। यीशु ने पतरस को आदेश दिया कि वह यहूदियों को यह न बताए कि वह मसीह है (मत्ती १६:२०) क्योंकि, यद्यपि वह मसीह था, उसने दैवी योजना के इस पहलू को शुरू करने के उद्देश्य से यूहन्ना की भूमिका निबाहने का बेड़ा उठाना पड़ा था।
३.२.१.२ यीशु का जंगल में चालीस दिन का उपवास और तीन प्रलोभन
आइए हम यीशु के चालीस दिन के उपवास और उसके तीन प्रलोभनों के दूरवर्ती और समीपवर्ती मूल कारणों की जाँच करें।
कनान के पुनरुद्धार की राष्ट्रीय कार्यवाही में, जब मूसा चट्टान के सामने खड़ा हुआ, वह विश्वास में अस्थिर हो गया और उसने चट्टान को दो बार मारा दिया। परिणाम स्वरूप, चट्टान, जो यीशु का प्रतीक थी, (१कुरिंथियों १०:४) शैतान के द्वारा भ्रष्ट की गई। यह घटना इस संभावना की पुष्टि करती है कि सदियों बाद, जब यीशु मूसा के नक्शे कदम पर चलेगा, हो सकता है कि यूहन्ना बपतिस्मा देने वाला अविश्वासी बन जाए और शैतान यीशु पर, जो चट्टान की पूर्ति है, हमला करे। मूसा की यह ग़लती इस संभावना की भी पुष्टि करती है कि शैतान यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले के द्वारा डाली गई विश्वास की नींव पर भी दावा करेगा। तथापि, यदि यूहन्ना विश्वास खो देता है तो मूसा का चट्टान को दो बार मारने का कृत्य दूरवर्ती कारण बनता है, जिसकी वजह से यीशु को विवश होकर विश्वास की नींव पुनःस्थापित करने के उद्देश्य से जंगल में चालीस दिन का उपवास और तीन प्रलोभन भुगतने पड़ेंगे।
यूहन्ना बपतिस्मा देने वाला वास्तव में अविश्वासी हो गया (प्रति संदर्भ—मसीह २:३) और शैतान ने विश्वास की नींव पर, जो यूहन्ना ने डाली थी, धावा बोल दिया। यह, शैतान से अलग होने के लिए यीशु का चालीस-का-विधान और तीन प्रलोभनों पर विजय प्राप्त करने का समीपवर्ती मूल कारण था। इस तरह यूहन्ना के स्थान पर खड़े होकर यीशु ने क्षतिपूर्ति द्वारा विश्वास की नींव पुनःस्थापित की।
यह लिखा है कि चालीस दिन के बाद शैतान ने यीशु की तीन बार परीक्षा ली। पहली बार, उसने यीशु को पत्थर दिखा कर उन्हें रोटी में बदल देने के लिए कह कर उसे परखा। फिर उसने यीशु को मंदिर की चोटी पर खड़ा करके आह्वान दिया कि अपने आप को नीचे गिरा दे। अंत में, वह यीशु को बहुत बड़े पहाड़ पर ले गया और यीशु को संसार के सारे राज्य दिखाकर कहा कि यदि तू गिर कर मेरी उपासना करे, तो मैं यह सब कुछ तुझे दे दुँगा। (मत्ती ४:१-१०)
शैतान ने किस उद्देश्य से यीशु को तीन प्रलोभनों द्वारा परखा? आदि में, परमेश्वर ने मनुष्य की रचना की और उन्हें तीन महान आशीर्वाद दिए—व्यक्तिगत चरित्र को पूर्ण करना, बच्चे पैदा करना और प्राकृतिक संसार पर प्रभुता करना (उत्पत्ति १:२८)—जिसके द्वारा वे सृष्टि का उद्देश्य पूरा कर सकें। हमारे पहले पूर्वजों को पतन के लिए उकसा कर शैतान ने उन्हें तीन महान आशीषों से वंचित कर दिया और उन्हें सृष्टि के उद्देश्य की पूर्ति करने से रोक दिया। यीशु तीन आशीषों को पुनःस्थापित करके सृष्टि का उद्देश्य पूरा करने के लिए दुनिया में आया था। इसलिए शैतान ने यीशु को तीन बार परख कर, तीन आशीर्वादों को पुनःस्थापित करने और सृष्टि का उद्देश्य पूरा करने से रोकने का प्रयास किया।
तो फिर, यीशु ने तीन प्रलोभनों का सामना किस प्रकार किया और उन पर कैसे प्रबल हुआ?
पहले, आइए हम इस बात की जाँच करें कि शैतान किस प्रकार ऐसे स्थान तक पहुँचा कि वह यीशु को परख सके।
शैतान ने कनान की प्राप्ति की राष्ट्रीय कार्यवाही के समय चट्टान और पत्थर की पट्टियों को, जो यीशु और उसकी होने वाली दुलहन का प्रतीक थीं, पहले ही हथिया कर प्रभावशाली स्थान पकड़ लिया था। यह तभी संभव हुआ जब मूसा ने लोगों की बेवफाई के कारण पत्थर की पट्टियाँ तोड़ डालीं और चट्टान को क्रोध में आकर दो बार मारा था। विश्वव्यापी कार्यवाही में जब यूहन्ना बपतिस्मा देने वाला अपनी ज़िम्मेवारी में विफल हुआ, यहूदी लोग उतने अविश्वासी और हठीले हो गए जितने इस्राएली लोग मूसा के समय में हुए थे। इसलिए, जैसे कि परमेश्वर ने मूसा की कार्यवाही के दौरान पहले ही यह पूर्वलक्षणना की थी, शैतान अब ऐसी क्षमता के स्थान पर चढ़ गया था जहाँ से वह यीशु पर उसको परखने का अधिकार जमा सके।
आइए, अब हम उस परीक्षा के क्रम को थोड़ा और विस्तार से देखें।
यीशु ने जंगल में चालीस दिन का उपवास समाप्त किया उसके बाद, शैतान उसके सामने आया और उसे यह कह कर परखने लगा, “यदि तू परमेश्वर का पुत्र है, तो कह दे कि ये पत्थर रोटियाँ बन जाएँ।” (मत्ती ४:३)
पत्थर शैतान के कब्ज़े में था। उसने जल देने वाली चट्टान और पत्थर की पट्टियों पर उस शर्त के आधार पर दावा कर लिया था, जो पहले मूसा की ग़लतियों से बनी और फिर यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले के अविश्वास से पूरी हुई। मूसा ने जंगल में शैतान से अलग होने के लिए चालीस का विधान पूरा करके पत्थर को अर्जित किया था। पत्थर को शुद्ध करने और पुनः प्राप्त करने के लिए यीशु ने चालीस दिन जंगल में उपवास किया। शैतान को यह अच्छी तरह से मालूम था कि यीशु जंगल में इसी उद्देश्य से गया था, और पहली परीक्षा से उसका आशय पत्थर पर अपना अधिकार बरकरार रखना था। यीशु ने जंगल में भूखा रह कर दुख उठाया, जिस तरह मूसा के दिनों में इस्राएली लोगों ने दुख उठाया था। जब इस्राएली जंगल में भूख सह नहीं सके और अविश्वासी बन गए, इस घटना के कारण अंततः शैतान ने चट्टान पर कब्ज़ा कर लिया था। उसी तरह, यदि यीशु अपना विश्वास खो बैठता और पत्थर को पुनः स्थापित करने का प्रयास बंद करके पत्थरों को रोटी में बदल कर अपनी भूख मिटा लेता, तो फिर शैतान हमेशा के लिए पत्थर का हकदार बन जाता।
यीशु ने इस परीक्षा के जवाब में कहा, “मनुष्य केवल रोटी ही से नहीं परन्तु हर एक वचन जो परमेश्वर के मुख से निकलता है, जीवित रहेगा।” (मत्ती ४:४)
आरंभ में, मनुष्य दो प्रकार के पुष्टिकारक भोजन पर जीवित रहने के लिए रचे गए थे। शरीर भौतिक संसार से उपलब्ध भोजन से जीवित रहता है, जबकि आत्मा परमेश्वर के प्रेम और सत्य से जीवित रहती है। हालाँकि, पतित लोग परमेश्वर का वचन परमेश्वर से सीधे प्राप्त नहीं कर सकते हैं, उनकी आत्मा यीशु के वचन के द्वारा, जो परमेश्वर के वचन (यूहन्ना १:१४) का मूर्तरूप बन कर आया, जीवन पाती है। यीशु ने कहा, “जीवन की रोटी मैं हूँ...जब तक तुम मनुष्य के पुत्र का मांस न खाओ और उसका लहू न पीओ तुम में जीवन नहीं है।” (यूहन्ना ६:४८-५३) उसका कहने का मतलब यह था कि कोई व्यक्ति केवल रोटी खाकर अपने शरीर को जीवित रखने से ही पूर्ण और स्वास्थ्यकर जीवन नहीं जी सकता। उसका जीवन संपूर्ण नहीं है जब तक वह यीशु के साथ नहीं जीए, यीशु जो आत्मा को जीवन-दायक भोजन देने के लिए आया।
निःसंदेह, शैतान के हाथ में पत्थर—यह दर्शाता है कि चट्टान और पत्थर की पट्टियाँ जो मूसा ने गवां दीं थीं, वे यीशु का प्रतीक थीं (१कुरिंथियों १०:४, प्रकाशितवाक्य २:१७) जो परीक्षा का पात्र बना। इसके जवाब में यीशु के कहने का मतलब था, कि यद्यपि वह भूखा है, पर वह रोटी के बारे में चिंतित नहीं था जो केवल उसके शरीर को जीवित रख सकती है, वरन् परमेश्वर के वचन का मूर्तरूप बनने के लिए था जो हर एक आत्मा को जीवन देकर सुदृढ़ रख सकता है। ऐसी दिली अपेक्षा के साथ यीशु शैतान पर प्रबल होने के लिए दृढ़ रहा। इसके अतिरिक्त यह परीक्षा इसलिए भी रखी गई थी कि यीशु, मसीह का स्थान पुनः स्थापित कर सके, और कि वह ऐसा व्यक्ति बने जिसने यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले के स्थान से इस परीक्षा में विजय पाकर अपने व्यक्तिगत चरित्र को पूर्ण कर लिया हो।
यीशु, शैतान को इसलिए पराजित कर सका क्योंकि उसके संवाद और कार्य पूरी तरह से नियम के अनुसार थे। इस प्रलोभन पर विजय के द्वारा, यीशु ने व्यक्तिगत स्वभाव की परिपूर्णता को बहाल करने की शर्त को पूरा किया और इस तरह परमेश्वर के पहले आशीर्वाद की नींव पुनः स्थापित की।
फिर शैतान यीशु को मंदिर की शिखर पर ले गया और उसे यह कह कर ललकारा, “यदि तू परमेश्वर का पुत्र है तो अपने आप को नीचे गिरा दे।” (मत्ती ४:६)
यीशु ने अपने आप को मंदिर के रूप में निर्दिष्ट किया था, (यूहन्ना २:१९) और यह लिखा है कि ईसाई लोग परमेश्वर के मंदिर हैं (१कुरिंथियों ३:१६) और मसीह की देह के अंग हैं। (१कुरिंथियों १२:२७) इस कथन से हम यह समझ सकते हैं कि यीशु मुख्य मंदिर है और हम जो विश्वासी हैं मंदिर की शाखा की तरह हैं। यीशु मंदिर का प्रभु बन कर आया था। यहाँ तक कि शैतान को भी उसके पद को मान देना पड़ा, इसलिए वह यीशु को मंदिर की चोटी पर ले गया। जब शैतान ने यीशु से यह कहने की हिम्मत की कि अपने आप को नीचे गिरा दे, इसका अर्थ हुआ कि शैतान उसे अपने स्थान से नीचे एक पतित मनुष्य की दशा में गिरने के लिए उकसा रहा था और स्वयं मंदिर का प्रभु बनकर यीशु का स्थान छीनना चाहता था।
उस क्षण यीशु ने उसे उत्तर दिया, “तू प्रभु अपने परमेश्वर की परीक्षा न कर।” (मत्ती ४:७)
आदि में स्वर्गदूत, मनुष्यों के द्वारा जिन्होंने परमेश्वर के दिए हुए व्यक्तित्व को साधित कर लिया है, शासित किए जाने के लिए रचे गए थे। इस तरह पतित दूतों को भी यीशु के आगे, जो उनका प्रभु है, यथोचित झुकना चाहिए। तदनुसार, यह एक दूत के लिए अनियमी कार्य था कि उसने मंदिर के प्रभु यीशु का स्थान छीनने की कोशिश की। यीशु के प्रत्युत्तर का अर्थ था कि शैतान को यीशु की, जो परमेश्वर का मूर्तरूप था, परीक्षा लेकर परमेश्वर को परखना नहीं चाहिए था, जो अपनी दैवी योजना को कड़े नियम के अनुसार चलाता है। इसके अतिरिक्त, पहले प्रलोभन पर प्रबल होकर यीशु ने मंदिर के प्रभु का स्थान पहले ही सुरक्षित कर लिया था। इसलिये, शैतान के पास यीशु को फिर से और परखने की कोई शर्त बाकी नहीं थी, उसे उसी समय पीछे हट जाना चाहिए था।
दूसरी परीक्षा में विजयी होने के बाद, यीशु जो मुख्य मंदिर था, दुल्हा और मानवता का सच्चा माता-पिता था, उसने विश्वासियों को मंदिर की शाखाओं, दुलहन और सच्चे-बच्चों के स्थान पर पुनः स्थापित करने के लिए, मार्ग खोल दिया था। इस प्रकार, यीशु ने एक नींव स्थापित कर दी जिस पर परमेश्वर के दूसरे आशीर्वाद को बहाल किया जा सकता है।
अंत में, शैतान यीशु को एक बड़े पहाड़ पर ले गया और उसे गगन के नीचे पृथ्वी का सारा वैभव दिखा कर कहा, “यदि तू गिर कर मुझे प्रणाम करे, तो मैं यह सब कुछ तुझे दे दुँगा।” (मत्ती ४:९)
आदम के पतन के कारण, मनुष्य ने सृष्टि के प्रभु होने का ओहदा खो दिया था। वे शैतान के प्रभुत्व के नीचे गिर गए, जिसने आदम का सृष्टि का प्रभु होने का ओहदा हड़प लिया था। यीशु जो पूर्ण आदम की हैसियत से आया था, सृष्टि का प्रभु था, जैसे कि लिखा है, परमेश्वर ने “सब कुछ उसके पांव के तले कर दिया।” (१कुरिंथियों १५:२७) क्योंकि शैतान नियम की समझ रखता है, इसलिए वह यीशु को, सृष्टि के प्रभु के रूप में उसकी हैसियत को मानते हुए, पहाड़ के ऊपर ले गया था। शैतान ने तब यीशु को परखा, इस आशा से कि यीशु, दूसरा आदम, भी उसके आगे शायद झुक जाए, जिस तरह आरंभ में आदम झुका था।
यीशु ने उत्तर दिया, “हे शैतान दूर हो जा, क्योंकि लिखा है, ‘तू अपने प्रभु परमेश्वर को प्रणाम कर और केवल उसी की उपासना कर।’” (मत्ती ४:१०) स्वर्गदूत सेवा करने वाली आत्माओं के रूप में, (इब्रानियों १:१४) परमेश्वर, जो सर्जक है उसकी सेवा करने और उसको सम्मान देने के लिए रची गईं थीं।
उसके उत्तर से, यीशु ने यह संकेत किया कि नियम के अनुसार शैतान जैसे पतित दूत को भी परमेश्वर की उपासना करनी चाहिए; उसी प्रकार, उसे यीशु की भी, जो सर्जक की देह धारण करके आया, सेवा करनी चाहिए और उसको सम्मान देना चाहिए। इसके अतिरिक्त, पहले के दो प्रलोभनों पर प्रबल होने के द्वारा, यीशु पहली और दूसरी आशीष को पुनःस्थापित करने की बुनियाद पहले ही डाल चुका था। स्वाभाविक रूप से वह इस नींव पर परमेश्वर की तीसरी आशीष पुनःस्थापित कर सकता है और सृष्टि का शासन कर सकता है। यीशु ने कहा, “शैतान दूर हो जा!” क्योंकि यीशु के साथ उसका प्राकृतिक दुनिया पर विवाद करने का अब और कोई आधार बाकी नहीं था, जो पहले ही विजय की दृढ़ नींव पर खड़ा था।
तीसरे प्रलोभन पर प्रबल होने से, यीशु ने परमेश्वर की तीसरी आशीष, प्राकृतिक दुनिया पर प्रभुत्व करने की शर्त को पुनःस्थापित कर लिया था।
३.२.१.३ चालीस दिन के उपवास और तीन प्रलोभनों का परिणाम
सृष्टि के नियम के अनुसार, परमेश्वर का सृष्टि का उद्देश्य उसी समय साधित हो सकता है जब मनुष्य आदि-विभाजन-संघटन के तीन चरण से होकर गुज़रता है, और चार-दशा-आधार स्थापित करता है। परन्तु, शैतान ने पहले मानव पूर्वजों को चार-दशा-आधार बनाने की प्रक्रिया के दौरान ही इस आदर्श के पूरा होने में बाधा डाल कर रोक दिया था। इसलिए, पुनरुद्धार की दैवी योजना के दौरान, उसका तीन चरण में प्रवर्धित होने के साथ शैतान से अलग होने के चालीस के विधान को परिपूर्ण करने की क्रिया में परमेश्वर ने क्षतिपूर्ति द्वारा जो कुछ खो गया था बहाल करने का प्रयास किया। यीशु तीन प्रलोभनों पर विजयी हुआ और शैतान से अलग होने के लिए चालीस के विधान के रूप में चालीस दिन का उपवास पूरा किया। तत्पश्चात, यीशु ने क्षतिपूर्ति द्वारा एक ही बार में निम्न लिखित शर्तों को पुनः प्रचलित किया, जो सारे इतिहास में सभी चालीस के विधानों के द्वारा शैतान को अलग करने के लिए परमेश्वर पूरा करना चाहता था।
पहला, यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले के स्थान से, यीशु ने कनान की प्राप्ति के लिए क्षतिपूर्ति द्वारा विश्वास की नींव डाल कर दूसरी विश्वव्यापी कार्यवाही पुनःस्थापित की। ऐसा करने से, यीशु ने परमेश्वर की दैवी योजना के दौरान विश्वास की नींव डालने के उद्देश्य से जो कुछ भी परमेश्वर को अर्पित किया गया था, जिनमें सम्मिलित हैं—कैन और हाबिल के बलिदान, नूंह का जहाज़, अब्राहम का बलिदान, मूसा का निवास स्थान, राजा सुलेमान का मंदिर—यह सब बहाल किया। इसके अतिरिक्त, यीशु ने एक ही बार में शैतान से अलग होने के सारे चालीस के विधान, जो आदम से लेकर चार हज़ार वर्ष के दौरान संचालित किए गए थे, परन्तु प्रमुख व्यक्तियों के विश्वास की नींव डालने के कठिन प्रयासों के बावजूद भी खो गए थे, क्षतिपूर्ति के द्वारा बहाल किए। इसमें, नूंह का चालीस दिन का न्याय, मूसा के जीवन में तीन चालीस वर्ष की अवधियाँ और दो चालीस दिन के उपवास, देश की जासूसी का चालीस दिन का मिशन, इस्राएलियों का चालीस वर्ष जंगल में भटकना, नूंह से अब्राहम तक चार सौ वर्ष, मिस्र में चार सौ वर्ष की दासता और वह सारी अवधियाँ जो निर्गमन के बाद घटीं और संख्या चालीस से चिह्नित की जाती हैं जो खो गईं थीं, शामिल हैं।
दूसरा, यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले के पद से मसीह के पद पर उठकर यीशु ने परमेश्वर के तीन महान आशीर्वादों की पूर्ति और चार-दशा-आधार की बहाली का मार्ग प्रशस्त किया। अपनी भेंट सफलतापूर्वक अर्पण करके, यीशु पत्थर की पट्टियाँ, वाचा के संदूक, निवासस्थान, चट्टान और मंदिर की पूर्ति के रूप में खड़ा हुआ।
३.२.२ वास्तविक नींव
यीशु मानवता का सच्चा माता-पिता बन कर आया था, तो भी उसने यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले के स्थान पर खड़ा होकर शैतान से अलग होने के लिए चालीस का विधान क्षतिपूर्ति द्वारा फिर से बहाल किया। इसलिए, विश्वास की नींव पुनःस्थापित करने के बाद (मसीह और सच्चे माता-पिता की पदवी पर अभ्युदय हुआ) वह माता-पिता के स्थान पर खड़ा हुआ। उसी समय, जब उसने पतित प्रवृत्ति को निकलने की क्षतिपूर्ति की शर्त पूरी करके हाबिल का स्थान सुरक्षित किया तब वह (उस शर्त के संबंध में अभी भी यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले की भूमिका निभाते हुए) बच्चे के स्थान पर खड़ा था। उसी क्षमता के साथ, यीशु ने अपने चालीस दिन के उपवास के द्वारा विश्व स्तर पर वही स्थान प्राप्त कर लिया जो मूसा ने विश्वास की नींव डालने के तुरंत बाद कनान की प्राप्ति के लिए मिद्यान के जंगल में चालीस वर्ष के निर्वासन का समय भोग कर दूसरी राष्ट्रीय कार्यवाही के दौरान प्राप्त किया था।
कनान की प्राप्ति के लिए परमेश्वर ने दूसरी राष्ट्रीय कार्यवाही को आरम्भ करने के लिए तीन चिह्न और दस विपत्तियाँ देकर व्यवस्था संचालित की। कनान की प्राप्ति के लिए तीसरी राष्ट्रीय कार्यवाही को आरंभ करने के समय परमेश्वर ने लोगों को दैवी अनुग्रह के तीन प्रकटीकरण—पत्थर की पट्टियाँ, वाचा का संदूक और निवास स्थान—इन को थामें रहने और दस आज्ञाओं का पालन करने का अनुदेश देकर व्यवस्था संचालित की। जैसे कि हमें स्मरण है कि यह सब, तीन चिह्न और दस विपत्तियों के महत्व को, जो इस्राएलियों की अविश्वसनीयता के कारण डूब गया था, पुनःस्थापित करने के लिए दिए गए थे। यीशु तीन अनुग्रह और दस आज्ञाओं के प्रकटीकरण की पूर्ति था। इसलिए यीशु के अपने वचन और उसके आश्चर्य कर्मों के आधार पर परमेश्वर ने कनान की प्राप्ति की दूसरी विश्वव्यापी कार्यवाही का आरंभ करने के लिए व्यवस्था संचालित की। यदि यहूदी लोग (कैन) मन से यीशु के पीछे, जो यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले (हाबिल) के स्थान पर था, चलने के लिए राज़ी हो जाते तो वे पतित प्रवृत्ति निकालने की क्षतिपूर्ति की शर्त पूरी कर लेते और वास्तविक नींव पुनःस्थापित कर लेते। इस तरह मसीह के लिए नींव खड़ी हो जाती। इस नींव पर खड़े होकर, यीशु यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले के पद से ऊपर उठ कर मसीह के पद पर चढ़ जाता। फिर वह सभी लोगों को अपने आप में आरोपित कर लेता, (रोमियों ११:१७) मानवता मूल पाप से शुद्ध हो कर पुनर्जीवित हो जाती और परमेश्वर के साथ एक हो जाती। उन्होंने परमेश्वर का दिया हुआ अपना मूल व्यक्तित्व फिर से प्राप्त कर लिया होता और वे यीशु के दिनों में ही परमेश्वर का राज्य स्थापित कर लेते।
३.२.३ कानन की प्राप्ति के लिए दूसरी विश्वव्यापी कार्यवाही का विफल होना
यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले के अविश्वास के कारण जब कनान की प्राप्ति की पहली विश्वव्यापी कार्यवाही विफल हो गई, यीशु ने यूहन्ना का मिशन अपने कंधों पर ले लिया और जंगल में चालीस दिन तक दुख और कठिनाइयाँ उठाईं। इस तरह, यीशु ने कनान की प्राप्ति की दूसरी विश्वव्यापी कार्यवाही के लिए क्षतिपूर्ति द्वारा विश्वास की नींव पुनःस्थापित की।
यह लिखा है कि शैतान, जो तीन प्रलोभनों में पराजित किया गया था, उपयुक्त समय (लूक ४:१३) तक के लिए यीशु से दूर हो गया था, यह संकेत करता है कि वह हमेशा के लिए यीशु से दूर नहीं हुआ था परन्तु भविष्य में वह फिर उसका सामना करेगा। शैतान ने मुख्यतः, यहूदी अगुआ याजकों और शास्त्री लोगों के द्वारा जो यीशु पर विश्वास नहीं करते थे फिर से यीशु का सामना किया। विशेषकर के शैतान ने यहूदा इस्करियोती, जिस चेले ने उसे धोखा दिया था, उसके द्वारा शैतान ने यीशु का सामना किया।
ऐसे लोगों की अविश्वसनीयता के कारण यीशु दूसरी विश्वव्यापी कार्यवाही में कनान की प्राप्ति के लिये ना तो वास्तविक नींव और ना ही मसीह की नींव डाल सका। इस तरह, दूसरी विश्वव्यापी कार्यवाही दुःख भरी विफलता में तमाम हुई।
३.३ कानन की प्राप्ति की तीसरी विश्वव्यापी कार्यवाही
३.३.१ यीशु के नेतृत्व में कानन की प्राप्ति की आत्मिक कार्यवाही
कनान के प्राप्ति की तीसरी विश्वव्यापी कार्यवाही की चर्चा करते समय हमें पहले यह समझना चाहिए कि यह कार्यवाही कनान की प्राप्ति की तीसरी राष्ट्रीय कार्यवाही से किस प्रकार भिन्न थी।
जैसा कि पहले यह ब्योरे में समझाया गया है, कि तीसरी राष्ट्रीय कार्यवाही में इस्राएलियों के विश्वास का केन्द्र निवास स्थान था, जो मसीह का प्रतीक था। यदि इस्राएली लोगों ने विश्वास खो भी दिया, तो भी निवास स्थान अक्षत रहता है, क्योंकि यह लोग निवास स्थान के लिए विश्वास की नींव पर खड़े थे, जो मूसा ने चालीस दिन के उपवास के दौरान डाली थी। जब मूसा भी अविश्वासी हो गया, तब निवास स्थान यहोशू के प्रबंधन के द्वारा अक्षत रहा और चालीस दिन की जासूसी के मिशन के दौरान डाली गई निवास स्थान की नींव के आधार पर संरक्षित रहा। परन्तु, कनान की प्राप्ति की विश्वव्यापी कार्यवाही में यहूदी लोगों के विश्वास का केन्द्र स्वयं यीशु ही था, जो निवास स्थान की पूर्ति बन कर आया था। परंतु जब उसके चेले भी अविश्वासी हो गए, तब यीशु को मृत्यु का रास्ता तय करना पड़ा और वह सूली पर चढ़ाया गया, जैसे कि उसने पहले से यह बताया था, “और जिस रीति से मूसा ने जंगल में सांप को ऊँचे पर चढ़ाया, उसी रीति से अवश्य है कि मनुष्य का पुत्र भी ऊँचे पर चढ़ाया जाए।” (यूहन्ना ३:१४)
परिणाम स्वरूप, यहूदी लोगों ने वह खोया जो उनका आत्मिक और शारीरिक विश्वास का केन्द्र होना चाहिए था। अब उनके पास कोई ऐसा आधार बाकी नहीं था जिसके बल पर वे कनान के प्राप्ति की तीसरी विश्वव्यापी वास्तविक कार्यवाही शुरू करें। बजाए इसके इस कार्यवाही को ईसाई लोग, दूसरे इस्राएल के स्थान पर, आत्मिक कार्यवाही के रूप में पुनर्जीवित यीशु को ऊँचा उठा कर अपने विश्वास का केन्द्र बना कर शुरू करने वाले थे। यीशु ने यह पहले ही से जान कर कहा, “इस मंदिर को ढा दो और मैं इसे तीन दिन में खड़ा कर दुँगा।” (यूहन्ना २:१९) तब, जिस प्रकार यहोशू ने मूसा का मिशन उत्तराधिकार में प्राप्त किया और तीसरी राष्ट्रीय कार्यवाही पूरी की, उसी तरह, दूसरी आगमन का मसीह, यीशु का मिशन उत्तराधिकार में प्राप्त करेगा। वह कनान के प्राप्ति की विश्वव्यापी कार्यवाही दोनों आध्यात्मिक और शारीरिक तौर से पूरा करेगा।
तदनुसार, जब तक पुनरागमन का मसीह शरीर में नहीं आता, जैसे कि यीशु आया था, वह यीशु का मिशन उत्तराधिकार में नहीं प्राप्त कर सकता और ना ही पुनरुद्धार की दैवी योजना का उद्देश्य पूरा कर सकता है।
३.३.१.१ विश्वास की आत्मिक नींव
जब यहूदी लोगों ने यीशु का बहिष्कार किया तो दूसरी विश्वव्यापी कार्यवाही विफल हो गई, और विश्वास की नींव जो यीशु ने यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले के स्थान पर खड़े हो कर अपने चालीस दिन के उपवास के दौरान डाली थी, वह शैतान के कब्ज़े में चली गई। जब यीशु ने सूली पर अपना शरीर त्याग दिया, तब उसने आत्मिक रूप से यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले का मिशन फिर से शुरू किया। पुनरुत्थान से लेकर अपने स्वर्ग में आरोहण के दौरान, यीशु ने शैतान पर विजय पाई और उसके सारे बंधन तोड़ डाले। यह करने से यीशु ने कनान की प्राप्ति की तीसरी विश्वव्यापी आत्मिक कार्यवाही के लिए विश्वास की नींव पुनःस्थापित की। यीशु के चालीस दिन की अवधि के पीछे यह अर्थ है जो अब तक अज्ञात था।
तो फिर यीशु ने विश्वास की आत्मिक नींव कैसे डाली? यीशु का मसीह के रूप में प्रगट होने तक परमेश्वर अपने प्रिय लोगों का स्वयं मार्गदर्शन करता था। तथापि, जिस क्षण से वे उसके इकलौते पुत्र का विरोध करने लगे, परमेश्वर को उनसे अपना मुंह मोड़ना पड़ा और उन्हें शैतान के दावे के लिए छोड़ दिया।
फिर भी, मसीह को भेजने का परमेश्वर का उद्देश्य यहूदी लोगों और सारी मानवता को शैतान के हाथ से बचाने का था। इसके लिए भले ही उसे यीशु को शैतान के हाथ में क्यों न छोड़ना पड़े, मानवता को बचाने का परमेश्वर का निश्चय दृढ़ था।
दूसरी तरफ, शैतान यीशु मसीह को मारना चाहता था, जिसके लिए भले ही उसे यहूदी लोगों के साथ सारी मानवता को परमेश्वर को क्यों न वापस करना पड़े। शैतान को यह मालूम था कि चार-हज़ार-वर्ष की पुनरुद्धार की दैवी योजना का परमेश्वर का परम लक्ष्य मसीह को भेजने का था। उसका अनुमान था कि यीशु को मार कर वह परमेश्वर की सारी दैवी योजना को नष्ट कर सकता है।
अंत में, परमेश्वर ने सारी मानवता को, यहूदी लोगों के समेत जो शैतान के दायरे में पड़कर यीशु के विरोध में हो गए थे, बचाने के लिए क्षतिपूर्ति की शर्त के रूप में यीशु को शैतान के हवाले कर दिया।
शैतान ने यीशु को सूली पर चढ़ाने में पूरा ज़ोर लगा दिया, इस तरह उसने अपना लक्ष्य जिसकी तलाश उसने चार-हज़ार वर्ष के इतिहास के दौरान की थी प्राप्त कर लिया। दूसरी ओर, पापी मानवता को बचाने के लिए परमेश्वर ने क्षतिपूर्ति की शर्त के रूप में यीशु को शैतान के हवाले कर दिया।
परमेश्वर ने यह कैसे सिद्ध किया?
क्योंकि शैतान ने यीशु को मार देने के लिए पूरा ज़ोर लगा दिया था, क्षतिपूर्ति द्वारा पुनरुद्धार के नियम के अनुसार, परमेश्वर को भी अपनी पूरी शक्ति लगाने का अधिकार था। जबकि शैतान घात करने के लिए अपनी शक्ति का उपयोग करता है परमेश्वर अपनी शक्ति मरे हुओं को जिलाने में लगाता है। यीशु को मार डालने में शैतान द्वारा लगाए गए पूरे ज़ोर की क्षतिपूर्ति के रूप में, परमेश्वर ने अपनी पूरी शक्ति का उपयोग करके यीशु को फिर से जिलाया। इस तरह, परमेश्वर ने मानवता को बचाने का रास्ता खोला ताकि लोग पुनर्जीवित यीशु के साथ रोपे जा सकें और इस तरह उद्धार और पुनर्जीवन प्राप्त कर सकें।
बाईबल के लिखित प्रमाण से यह स्पष्ट होता है कि पुनर्जीवित यीशु ठीक वही यीशु नहीं था जो सूली पर चढ़ाए जाने से पहले अपने शिष्यों के साथ रहता था। पुनर्जीवित यीशु मनुष्य नहीं था जो शारीरिक आँखों से देखा जा सकता हो, क्योंकि वह समय और अंतराल को पार कर चुका था। वह उसके शिष्यों को बंद दरवाज़े से कमरे में से घुस कर प्रकट हुआ। (यूहन्ना २०:१९) वह इम्माऊस की ओर जाते हुए दो शिष्यों के साथ दूर तक चला। फिर भी उन्होंने उसे बाद में पहचाना, जब उसने अपने आप को उन पर ज़ाहिर किया, उस समय वह यकायक ग़ायब हो गया। (लूक २४:१५-३१)
अपने पुनरुत्थान के चालीस दिन की अवधी पार करने पर और इस तरह शैतान से अलग होकर यीशु ने आत्मिक कार्यवाही के लिए विश्वास की नींव डाली। इस तरह उसने मानवता को पापों से मुक्त करने का मार्ग खोला।
३.३.१.२ आत्मिक वास्तविक नींव
अपने पुनरुत्थान के बाद के प्रकटन के द्वारा, यीशु ने शैतान से अलग होने के लिए आत्मा में यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले के स्थान पर खड़ा होकर चालीस का विधान पूरा किया। इस प्रकार उसने आत्मिक सच्चे माता-पिता के स्थान से आत्मिक कार्यवाही के लिए विश्वास की नींव डाली। उसी समय, उसने बच्चे के स्थान से पतित प्रवृत्ति को निकालने की क्षतिपूर्ति की शर्त को पूरा करके हाबिल का स्थान सुरक्षित किया। यह विश्वास की आत्मिक नींव जो यीशु ने कनान की प्राप्ति की तीसरी विश्वव्यापी कार्यवाही के लिए डाली थी, तुलना में उस विश्वास की नींव के बराबर थी जो मूसा ने तीसरी राष्ट्रीय कार्यवाही के लिए जंगल में चालीस वर्ष रह कर डाली थी।
परमेश्वर ने मूसा के दिनों में उससे निवास स्थान की नींव डलवा कर व्यवस्था का काम शुरू करने के लिए कार्य किया। परन्तु, पुनर्जीवित यीशु स्वयं ही पत्थर की पट्टियों, वाचा का संदूक और निवास स्थान की पूर्ति था। उसने अपने शिष्यों को जो सारे गलील में बिखरे हुए थे इकट्ठा करके चिह्नों और अलौकिक कार्य करने की शक्ति दे कर व्यवस्था को शुरू करने का कार्य किया। (मत्ती २८:१६-२०, मरकुस १६:१५-१८)
पुनर्जीवित यीशु आत्मिक रूप से यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले और हाबिल के स्थान पर खड़ा था। वफादार विश्वासी लोग कैन के स्थान पर खड़े थे। यीशु पर विश्वास करके और भक्तिपूर्वक उसके पीछे चल कर उन्होंने पतित प्रवृत्ति को निकालने की शर्त पूरी की और आत्मिक वास्तविक नींव पुनः स्थापित की।
३.३.१.३ मसीह के लिये आत्मिक नींव
यीशु के क्रूस पर चढ़ाए जाने पर उसके शेष ग्यारह शिष्य हतोत्साहित हो कर तितर-बितर हो गए। परन्तु, उसके पुनरुत्थान के बाद, यीशु ने उन्हें एक जगह इकट्ठा किया और दैवी योजना का एक नया पहलू शुरु किया: आत्मिक कनान की पुनःस्थापना। शिष्यों ने मथियास को यहूदा इस्करियोती की जगह चुना और बारह के एक खाली स्थान को भरा। यीशु पर विश्वास करके और अपने जीवन को जोखिम में डाल कर उसके पीछे चल कर उन्होंने आत्मिक वास्तविक नींव और मसीह के लिए आत्मिक नींव डाली। इस नींव पर खड़ा होकर यीशु ने यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले का आत्मिक मिशन-धारक की जगह से आत्मिक मसीह के स्थान पर चढ़ कर आरोहण किया और पवित्र आत्मा को भेजा। तत्पश्चात, यीशु और पवित्र आत्मा सच्चे माता-पिता बन गए और पुनरुज्जीवन देने का कार्य आरंभ किया।
जब से पवित्र आत्मा पिन्तेकुस्त के दिन से उतरा है, (प्रेरितों २:१-४) पुनर्जीवित यीशु आत्मिक पिता के रूप में और पवित्र आत्मा आत्मिक माँ के रूप में एक होकर विश्वासियों को आत्मिक रूप से अपने आप में रोप कर पुनर्जीवन देने का काम करते आए हैं। यह आत्मिक उद्धार का कार्य है, (प्रति-संदर्भ—मसीह १.४) जिससे पुनरुत्थान का दायरा स्थापित हुआ जो शैतान भ्रष्ट नहीं कर सकता।
भले ही हम विश्वास के द्वारा यीशु के साथ एक हो जाएं, तब भी हमारा शरीर शैतान के वार का शिकार बनता है, जिस प्रकार स्वयं यीशु के शरीर के साथ हुआ। दूसरे शब्दों में हमारा दैहिक उद्धार पूरा होने के लिए अभी भी बाकी है। तो भी, यदि हम पुनर्जीवित यीशु पर विश्वास करते हैं, तो यीशु आत्मिक रूप से अपने पुनरुत्थान में प्रवेश करने के लिए हमारा मार्गदर्शन करेगा, जो शैतान के हमले से सुरक्षित है। अब हम शैतान के अभियोग की शर्त से मुक्त हो गए और आत्मिक तौर से बचाए जाएंगे।
३.३.१.४ आत्मिक कनान की पुनःस्थापना
पुनर्जीवित यीशु पर, जो मसीह की आत्मिक नींव पर खड़ा है, विश्वास करके और उसकी सेवा में आकर, मसीही लोग आत्मिक कनान की पुनःस्थापना कर सकते हैं और उसके अनुग्रह में प्रवेश कर सकते हैं। दूसरी ओर, ईसाइयों की देह उसी स्थिति में है जिस तरह यीशु की थी, जिस पर शैतान ने प्रहार किया और क्रूस पर चढ़ाया। ईसाई लोग अब भी मूल पाप से दोषी ठहरते हैं (रोमियों ७:२५) और उन्हें शैतानी प्रभावों से शुद्ध होने की उतनी ही आवश्यकता है जितनी यीशु से पहले के लोगों को थी। इसलिए, ईसाई लोगों को दूसरे आगमन के मसीह (प्रति-संदर्भ—मसीह १:४) की तैयारी के लिए शैतान से अलग होने के उसी रास्ते पर चलना होगा।
पुनर्जीवित यीशु मंदिर की आत्मिक पूर्ति है। उसने निवास स्थान के विश्वव्यापी आदर्श को साधित किया, जिसे मूसा ने कनान की प्राप्ति की राष्ट्रीय कार्यवाही में परिपुष्ट किया था। अति पवित्र और पवित्र स्थान, जो यीशु के आत्मा और शरीर को दर्शाते हैं, वह यीशु और पवित्र आत्मा के द्वारा आत्मिक वास्तविकता के रूप में पूरे हुए। प्रायश्चित के ढक्कन का आदर्श यीशु और पवित्र आत्मा के द्वारा किए हुए उद्धार के कामों से साधित हुआ, जिससे परमेश्वर उनके कामों में प्रगट हुआ और अपना वचन दे सका। प्रायश्चित के ढक्कन के ऊपर जहाँ परमेश्वर के वचन की घोषणा होती है, हमारा वह रास्ता जो पतन के बाद करूबों ने बंद किया था खुल गया, जिससे वाचा के संदूक में प्रवेश करने का रास्ता खुला, ताकि हम यीशु को जो जीवन का वृक्ष है, ग्रहण कर सकें। वहाँ हम परमेश्वर की दी हुई मन्ना के सेवन में सम्मिलित हो सकते हैं और परमेश्वर की महान शक्ति को देख सकते हैं जिसके द्वारा हारून की लाठी अंकुरित हुई थी। (इब्रानियों ९:४-५) मूसा की कार्यवाही के द्वारा हम ने सीखा है, कि परमेश्वर की दैवी योजना में जो विलंब हुआ है वह पूर्वनिश्चित नहीं था, परंतु वे लोगों की बेवफाई के कारण हुआ था। उसी तरह आदि में, यीशु का क्रूस पर चढ़ाया जाना और उसका फिर वापस आना परमेश्वर के द्वारा पूर्वनिश्चित नहीं किया गया था।
३.३.२ दूसरे आगमन पर मसीह की अगवाई के अंतर्गत वास्तविक कानन की पुनःस्थापना की कार्यवाही
हमने पहले स्पष्ट किया है कि कनान की प्राप्ति की तीसरी विश्वव्यापी कार्यवाही आत्मिक कार्यवाही के रूप में क्यों शुरू हुई, वास्तविक कार्यवाही की तरह नहीं जैसे कि कनान की प्राप्ति की तीसरी राष्ट्रीय कार्यवाही आरंभ हुई थी।
यह आत्मिक दैवी योजना उस समय आरंभ हुई जब यीशु, मसीह की आत्मिक नींव के ऊपर आत्मिक मसीह के रूप में खड़ा हुआ और उसके अनुयाइयों ने उसपर विश्वास किया और उसकी आज्ञा का पालन किया। दैवी योजना, विश्वव्यापी आत्मिक राज्य बनाने के लिए विकसीत होकर इतिहास के एक लम्बे दो हज़ार वर्ष के अरसे से गुज़री है। जबकि मूसा कनान में केवल आत्मा में प्रवेश कर सका, यहोशु ने राष्ट्रीय कार्यवाही को वास्तविक कार्यवाही के रूप में कार्याविन्त किया, और वस्तुतः प्रतिज्ञा के देश पर विजय प्राप्त की।
जिस तरह यीशु कनान को विश्वव्यापी आत्मिक क्षेत्र के रूप में बहाल करने का कार्य करता आया है, उसी तरह मसीह को अपने दूसरे आगमन पर इसी विश्वव्यापी कार्यवाही को वास्तविक कार्यवाही के रूप में पूरा करना है और पृथ्वी पर वास्तविक स्वर्ग का राज्य स्थापित करना है। मसीह को दूसरे आगमन पर परमेश्वर का आदर्श जो पहले आगमन के समय पृथ्वी पर अधूरा रह गया था पूरा करना है। इस कारण उसे पृथ्वी पर शरीर लेकर पैदा होना है। (प्रति-संदर्भ—दूसरा आगमन २.२)
चूँकि दूसरे आगमन पर मसीह को पुनरुद्धार की दैवी योजना, जो यीशु के आने के समय पर अधूरी रह गई थी, क्षतिपूर्ति शर्त के द्वारा बहाल करना है, इसलिये, उसे भी उसी पथ पर चलना होगा। यीशु ने यहूदी लोगों के बीच अविश्वास पाया और उसे दुख भरी राह पर चलना पड़ा। उसी तरह, यदि ईसाई लोग, जो दूसरा इस्राएल हैं, दूसरे आगमन के मसीह का तिरस्कार करेंगे, तो उसे भी उसी तरह के क्लेश उठाने पड़ेंगे जिस प्रकार यीशु ने उठाए थे। परंतु इस बार उसे यीशु के दुख भरे दौर को अपने पार्थिव जीवन के दौरान में ही फिर से क्षतिपूर्ति के द्वारा भोगना पड़ेगा। इसी कारण यीशु ने कहा, “परंतु पहले अवश्य है कि वह बहुत दुख उठाए और इस युग के लोग उसे तुच्छ ठहराएं।” (लूक १७:२५)
पहले आगमन पर, यीशु को अंत में पहले इस्राएल को त्यागना पड़ा, जो उसके लिए बुलाए गए थे, और नई आत्मिक कार्यवाही शुरू करने के लिए ईसाइयों को दूसरे इस्राएल के रूप में चुना। उसी प्रकार, मसीह अपने दूसरे आगमन पर, यदि ईसाई लोग उस पर विश्वास न करके उसे अस्वीकार करें, तो वह उन्हें त्याग देगा, फिर वह तीसरा इस्राएल बनाएगा और उनके साथ काम करके दैवी योजना को पृथ्वी पर पूरा करेगा। यदि प्रभु के अग्रदूत, जिनको यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले का मिशन सौंपा गया है, अपनी ज़िम्मेवारी पूरी नहीं करेंगे, तो उसे अपने आप को नीचे उतार कर स्वयं यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाले की भूमिका निभानी पड़ेगी और कनान की प्राप्ति की तीसरी विश्वव्यापी कार्यवाही में वास्तविक कार्यवाही के लिए विश्वास की नींव स्थापित करनी होगी। ऐसी संभावित परिस्थिति में उसे दुःख उठाना पड़ेगा।
उसे चाहे कितना ही कठिन मार्ग क्यों ना चलना पड़े, दूसरे आगमन के मसीह की मृत्यु पुनरुद्धार की दैवी योजना को पूरा किए बिना नहीं होगी। यह इसलिए कि मानवता के लिए सच्चे माता-पिता (प्रतिसंदर्भ—ख्रीस्त विद्या ४.१.१) को स्थापित करके उनके द्वारा सृष्टि का उद्देश्य पूरा करने की परमेश्वर की दैवी योजना का यह तीसरा प्रयास सफल होगा। यह दैवी योजना आदम से आरंभ हुई, यीशु के समय प्रवर्द्धित हुई, और दूसरे आगमन पर निःसंदेह फलवान होगी।
हम आगे इस की चर्चा करेंगे, (प्रति-संदर्भ—समानांतर ७:२.६) इसके अतिरिक्त, परमेश्वर के पुनरुद्धार की आत्मिक दैवी योजना ने यीशु से लेकर दो हज़ार वर्ष के दौरान में प्रजातंत्रवादी सामाजिक और कानूनी वातावरण तैयार किए हैं, जो मसीह के दूसरे आगमन पर उसकी रक्षा करेंगे। यहूदियों ने यीशु पर धर्म विरोधी होने के कलंक का टीका लाया गया था और रोमियों ने उस पर राज द्रोही का आरोप लगाया था, इसी लिए वह मारा गया था। इसकी तुलना में, यदि मसीह अपने दूसरे आगमन पर विधर्मी होने के रूप में सताया भी जाए तो भी प्रजातांत्रिक समाज में, जिसमें वह आएगा, ऐसे आरोप मृत्यु दंड के लिए काफी नहीं हैं। इसलिए, यातनाएं चाहे कितनी कठिन क्यों न हों, दूसरे आगम का मसीह पृथ्वी पर विश्वास की नींव डाल सकेगा। इस पर खड़ा होकर, वह अटूट विश्वास रखने वाले शिष्यों को इकट्ठा करेगा। वह उन अनुयाइयों को अपनी पतित प्रवृत्ति निकालने की शर्त को पूरा करने में और वास्तविक नींव डालने में उनका मार्गदर्शन करेगा। तीसरी विश्वव्यापी कार्यवाही में वास्तविक कार्यवाही के लिए मसीह की नींव अवश्य स्थापित की जाएगी।
कनान की प्राप्ति के लिए तीसरी राष्ट्रीय कार्यवाही में जब मूसा मुख्य व्यक्ति था, परमेश्वर ने चट्टान के आधार पर विधान आरंभ करने का कार्य किया। जब यहोशू मुख्य व्यक्ति था, परमेश्वर ने चट्टान के पानी के आधार पर विधान आरंभ करने के लिये काम किया। उसी तरह, यीशु के आने पर, परमेश्वर ने विधान को आरंभ करने के लिए आश्चर्य कर्म और चिह्नों के द्वारा कार्य किया, परन्तु मसीह के दूसरे आगमन पर परमेश्वर वचन के आधार पर विधान आरंभ करने के लिए काम करेगा, जो आश्चर्य कर्म और चिह्नों से अधिक आंतरिक है। जैसे कि पहले यह बताया गया था, (प्रति-संदर्भ—अंतिम दिन संबंधी उपदेश ३.२) यद्यपि मनुष्य की रचना वचन के द्वारा की गई थी, (यूहन्ना १:३) परन्तु पतन के कारण वे उसका उद्देश्य पूरा नहीं कर सके। वचन का उद्देश्य पूरा करने के लिए, परमेश्वर वचन की आज्ञाकारिता की बाह्य शर्तें स्थापित करके पुनरुद्धार की दैवी योजना का कार्य करता आया है। अंततः, दैवी योजना के इतिहास की समाप्ति पर, परमेश्वर वचन के देहधारी मसीह को फिर से भेजेगा, और वचन के आधार पर उद्धार की दैवी योजना को पूरा करेगा।
परमेश्वर की सृष्टि के उद्देश्य की गहरी व्याख्या दिल के रिश्तों में प्रकट होती है। हमारे अदृश्य, आंतरिक पिता परमेश्वर ने मनुष्य को अपने शारीरिक बच्चों के रूप में सृजा। आदम और हव्वा शारीरिक पात्र साझी के रूप में परमेश्वर के स्वरूप उसके द्वैत अभिलक्षण के नमूने पर रचे गए थे। परमेश्वर के शारीरिक पात्र साझी के रूप में वे मानवता के माता-पिता बनने के लिए रचे गए थे। उनका ध्येय पति-पत्नी बनकर बच्चे पैदा करना और उनका पालन-पोषण करने के लिए था। और माता-पिता का दिल, पति-पत्नी का दिल, भाई और बहन का दिल और बच्चों के दिलों में गुथा हुआ एक परिवार बनाना था। उनका परिवार माता-पिता का सच्चा प्रेम, पति-पत्नी का सच्चा प्रेम और सच्चे बच्चों का सच्चा प्रेम अभिव्यक्त करता। यह चार-दशा आधार होता है जो तीन-पात्र-प्रयोजन साधित करता है। (प्रति-संदर्भ—सृष्टि २.३.३)
इस रीति से, परमेश्वर की इच्छा थी कि वह स्वर्गीय वंश में पैदा हुए अपने बच्चों के द्वारा पृथ्वी पर स्वर्ग का राज्य बनाए। पतन का मुख्य अर्थ यह था कि हमारे पहले पूर्वजों ने प्रधान स्वर्गदूत के साथ ख़ून का रिश्ता बांध लिया था, इसलिए, सारी मानवता शैतान के वंश से बंध गई। (प्रति-संदर्भ—पतन १.३.३) इस तरह प्रत्येक मनुष्य शैतान के बच्चे के रूप में जन्म लेता है। (मत्ती ३:७, २३:३३, यूहन्ना ८:४४) पहले पूर्वज ऐसी परिस्थिति में पड़ गए कि उनका परमेश्वर के वंश से कोई रिश्ता नहीं रहा। तदनुसार, परमेश्वर के पुनरुद्धार की दैवी योजना का परम उद्देश्य पतित मानवता को, जिनका परमेश्वर के वंश से कोई संबंध नहीं है, अनुवांशिक रूप में बदल कर परमेश्वर के प्रत्यक्ष वंश में जन्म देना है।
आईये हम आगे बाईबल में परमेश्वर की इस दैवी योजना के पीछे छिपे उद्देश्य का प्रमाण देखें।
आदम के परिवार में, जिसके सदस्यों ने पतन का पाप और पहली हत्या की थी, वे परमेश्वर के सारे संबंधों से वंचित थे। नूंह के समय उसके दूसरे पुत्र, हाम की ग़लती के कारण परमेश्वर के साथ प्रत्यक्ष संबंध स्थापित नहीं किया जा सका। फिर भी, चूँकि नूंह ने परमेश्वर के प्रति अत्यंत भक्ति दिखाई थी इसलिए उसका परिवार परमेश्वर के साथ सेवकों का सेवक के रूप में अप्रत्यक्ष संबंध से जुड़ सका। (उत्पत्ति ९:२५) पुराने नियम के युग से पहले परमेश्वर के साथ मनुष्य का संबंध केवल यहाँ तक ही प्राप्य किया जा सकता था।
अब्राहम, विश्वास के पिता ने अपने परिवार के साथ मसीह के लिए नींव स्थापित की थी। वे और उनका वंश चुने हुए लोग थे, जो परमेश्वर के सेवक के पद तक उठाए गए थे। (लैव्यव्यवस्था २५:५५) पुराने नियम के समय मनुष्य का परमेश्वर के साथ संबंध यहाँ तक ही प्राप्य किया जा सकता था।
यीशु के दिनों में, उसके शिष्य जो, यीशु के द्वारा यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले के स्थान से बनाई हुई विश्वास की नींव पर खड़े थे, वे सेवक के स्थान से दत्तक बच्चों के स्थान तक ऊपर उठाए गए थे। इस स्थिति से ऊपर परमेश्वर की प्रत्यक्ष संतान के पद तक उठने के लिए पहले उन्हें यीशु का पूर्णतः आज्ञाकारी बनकर और उसकी सेवा करके वास्तविक नींव और मसीह के लिए नींव स्थापित करनी चाहिए थी। यदि यीशु, मसीह के रूप में उस नींव पर खड़ा होता, तो वे दोनों आत्मिक और शारीरिक तौर पर उसके साथ रोपे जा सकते थे और उसके साथ पूर्ण रूप से एक हो जाते।
यीशु परमेश्वर का इकलौता पुत्र है, निष्पाप और परमेश्वर के प्रत्यक्ष वंश में जन्मा था। वह सच्चा जलपाई का वृक्ष है जो सभी लोगों को, जो जंगली जैतून के वृक्ष हैं, अपने आप में रोपने के लिए आया था। (रोमियों ११:१७) इस प्रकार, वह उनको अपने आप में एक साथ जोड़ कर मूल पाप से शुद्ध करने वाला था और परमेश्वर के वंश में जन्में बच्चों के रूप में उनको बहाल करने वाला था। यह पुनर्जन्म का कार्य है, जो यीशु को उसकी पत्नी के साथ करना चाहिए था। (प्रति-संदर्भ—ख्रीस्त बोध ४)
दुर्भाग्यवश, यीशु के अपने शिष्यों ने भी विश्वास खो दिया, और यीशु, यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले के स्थान से ऊपर उठ कर मसीह के स्थान से अपने उचित कर्तव्यों को शुरू किए बिना क्रूस पर मारा गया। अपने पुनरुत्थान के बाद यीशु ने अपनी आत्मिक कार्यवाही शुरू की। उसने अपने पुनरुत्थान से लेकर अपने उठाए जाने तक के चालीस दिन में, शैतान से अलग होने की अवधि, आत्मिक यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले के स्थान पर खड़े रह कर आत्मिक विश्वास की नींव स्थापित की। उसके शिष्यों ने पश्चाताप किया और उसकी सेवा करने के लिए वापस आए; इस प्रकार, यीशु और उसके शिष्यों ने आत्मिक वास्तविक नींव और मसीह के लिए आत्मिक नींव स्थापित की। इस नींव पर यीशु आत्मिक मसीह के रूप में खड़ा हुआ और अपने विश्वासी अनुयाइयों को अपने में रोपने का कार्य करता आया है—यद्यपि केवल आत्मा में। परिणाम स्वरूप, विश्वासी ईसाई लोग परमेश्वर के आत्मिक संतान बनने के स्थान पर चढ़ सके। यीशु से लेकर अब तक मानवता के पास परमेश्वर के साथ रिश्ता जोड़ने की यही एक शैली प्राप्य है।
पुनरुद्धार की इस आत्मिक दैवी योजना में, आत्मिक लोक पहले बहाल किया गया है, जिस प्रकार सृष्टि के अनुक्रम में परमेश्वर ने आत्मा लोक पहले बनाया। मानवता परमेश्वर के पात्र साझी के स्थान पर ऊँचे उठाई गई है, परन्तु केवल आत्मिक तौर से। इस तरह हर कोई ईसाई भक्त, चूँकि उसका मूल पाप उसके शरीर से निकाला नहीं किया गया है, वह पुराने नियम के युग के वफादार लोगों से फर्क नहीं है, इस अर्थ से दोनों शैतानी वंश से अभी भी जुड़े हैं। (प्रति-संदर्भ—मसीह १.४)
ईसाई लोग अधिक से अधिक परमेश्वर के दत्तक बच्चे है, क्योंकि वे उसके वंश के नहीं हैं। यह इस बात को स्पष्ट करता है कि संत पौलूस ने क्यों शोक प्रकट किया, “और केवल वही नहीं पर हम भी जिनके पास आत्मा का पहला फल है, आप ही अपने में कराहते हैं, और लेपालक होने की, अर्थात अपनी देह के छुटकारे की बाट जोहते हैं।” (रोमियों ८:२३)
मसीह वापस आएगा और सारी मानवता को परमेश्वर के सच्चे बच्चे बनाएगा। वह पृथ्वी पर शरीर में जन्म लेकर लौटेगा, जैसे कि वह अपने पहले आगमन में आया था। वह अपने पहले आगमन की कार्यवाही के पथ पर चल कर उसे क्षतिपूर्ति द्वारा पुनः स्थापित करेगा।
जैसा कि पहले स्पष्ट किया गया था, दूसरी आगमन का मसीह वचन के आधार पर विधान को आरंभ करके कार्य करेगा और तब मसीह की नींव को दोनों आत्मिक रूप से और शारीरिक रूप से पूरा करेगा। उस नींव पर वह सारी मानवता का मूल पाप धोकर उन्हें अपने आप में रोपेगा और परमेश्वर के वंश में पैदा हुए बच्चे बनाकर पुनःस्थापित करेगा।
पहले आगमन पर यीशु ने बारह शिष्यों को चुन कर और उनमें से तीन शिष्यों को अपना मुख्य शिष्य बनाकर पारिवारिक नींव डाली थी। इस में उसकी मंशा थी कि याकूब के स्थान को, जो मसीह की पारिवारिक नींव का मुख्य व्यक्ति था, क्षतिपूर्ति द्वारा पुनः स्थापित करे। सत्तर अनुयायी बना कर, यीशु ने नींव के कार्यक्षेत्र को गोत्र के स्तर तक बढ़ाया। इसी तरह से, मसीह अपने दूसरे आगमन पर दोनों आत्मिक और शारीरिक रूप में मसीह के लिए पारिवारिक नींव डालना आरंभ करेगा। तब वह उसका कार्यक्षेत्र गोत्र, समाज, राष्ट्र, दुनिया और जगत तक विकसित करेगा। जब यह नींव सुरक्षित हो जाएगी, तब वह अंततः परमेश्वर का राज्य स्थापित कर सकेगा।
पहले इस्राएल को बढ़ाकर परमेश्वर का तात्पर्य यीशु के लिए नींव तैयार करने का था, ताकि वह उसके आने पर स्वर्ग का राज्य बनाने का ध्येय पूरा कर सके। जब उन्होंने उसका विरोध किया, परमेश्वर ने ईसाइयों को दूसरे इस्राएल के स्थान पर चुना। उसी तरह, स्वर्ग का राज्य स्थापित करने के ध्येय को पूरा करने के लिए ईसाई-मत को बढ़ावा देने में परमेश्वर का तात्पर्य था कि वह मसीह के दूसरे आगमन के लिए नींव तैयार कर सके। यदि ईसाइयों ने भी उसी तरह उसका विरोध किया तब परमेश्वर के पास उन्हें भी त्यागने और तीसरे इस्राएल को चुनने के सिवा और कोई चारा बाकी नहीं रहेगा। इसलिए, यद्यपि ईसाई लोग अंतिम दिनों में भले ही परमेश्वर के अनुग्रह में खुशहाल हों, फिर भी वास्तव में, यीशु के दिनों के यहूदी लोगों की तरह, उनकी परिस्थिति बहुत ही दुविधा में होगी। उनके बड़ी विपत्ति और दुर्भाग्य में पड़ने की आशंका है।
३.४ यीशु की कार्यवाही से सीखे हुए कुछ पाठ
पहला, यीशु की कार्यवाही हमें परमेश्वर की इच्छा की पूर्वनियति के बारे में सिखाती है। परमेश्वर अपनी इच्छा का पूरा होना बिलकुल पूर्वनिर्धारित करता है कि उसकी इच्छा पूरी हो और तब उसके लिए लगातार काम करता है जब तक वह पूरी न हो जाए। जब यूहन्ना बपतिस्मा देने वाला अपने मिशन में असफल हुआ, तो यीशु ने परमेश्वर की इच्छा हर कीमत पर पूरी करने की कोशिश की, यहाँ तक कि उसने यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले के मिशन की ज़िम्मेदारी अपने सिर पर ली। जब यहूदियों के अविश्वास के कारण स्वर्ग का राज्य स्थापित करने का प्रयास कुंठित हुआ, यीशु फिर भी अपने दृढ़ संकल्प में सर्वथा बना रहा और अपनी वापसी पर परमेश्वर की इच्छा पूरी करने की प्रतिज्ञा की।
आगे, यीशु की कार्यवाही यह दर्शाती है कि परमेश्वर की इच्छा की नियति किस व्यक्ति या किस देश के द्वारा पूरी होगी, शर्तबन्ध है निरपेक्ष नहीं है। कहने का अर्थ यह हुआ कि भले ही परमेश्वर ने पुनरुद्धार की दैवी योजना में किसी व्यक्ति या देश को एक उद्देश्य को पूरा करने के लिए चुना हो, यदि वह अपनी ज़िम्मेदारी निभाने में विफल हुआ, तो परमेश्वर अपने काम को जारी रखने के लिए अवश्य ही दूसरा व्यक्ति या दूसरा देश चुनेगा।
यीशु ने यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले को अपना मुख्य शिष्य होने के लिए चुना, परन्तु जब वह अपनी ज़िम्मेदारी पूरी करने में विफल हुआ, यीशु ने पतरस को उसकी जगह पर चुना। यीशु ने यहूदा इस्करियोती को अपने बारह शिष्यों में से एक होने के लिए चुना, परन्तु जब यहूदा विफल हुआ तो उसकी जगह पर मत्तियाह को चुना गया। (प्रेरितों १:२५) उसी तरह, परमेश्वर ने अपने पुनरुद्धार की दैवी योजना में यहूदी लोगों को मुख्य ज़िम्मेदारी पूरा करने के लिए चुना, परन्तु जब वे असफल हुए, तब उनका मिशन अन्य जातियों को सौंपा गया। (प्रेरितों १३:४६ मत्ती २१:३३-४३) ये दृष्टांत यह व्यक्त करते हैं कि जब परमेश्वर किसी एक व्यक्ति या देश को अपनी इच्छा पूरी करने के लिए चुनता है, तो वह व्यक्ति या देश, वास्तव में, उसकी इच्छा पूरी करेगा, यह वह पूर्ण रूप से कदापि पूर्वनिर्धारित नहीं करता।
यीशु की कार्यवाही यह भी प्रदर्शित करती है कि परमेश्वर किसी व्यक्ति के अपने हिस्से की ज़िम्मेदारी पूरी करने के प्रयासों में कभी हस्तक्षेप नहीं करता, परन्तु उसके कार्यों के परिणामों के अनुसार उससे व्यवहार करता है। परमेश्वर को अवश्य यह बोध हो गया होगा कि यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाला और यहूदा इस्करियोती अपना विश्वास खो रहे हैं। उसके पास उन्हें पाप करने से रोकने की शक्ति अवश्य थी। तो भी परमेश्वर ने उनके विश्वास में हस्तक्षेप नहीं किया, परंतु उनके किए हुए के परिणाम के आधार पर उन से संबद्ध हुआ।
अंततः, यीशु की कार्यवाही यह दिखाती है कि जितना बड़ा किसी का मिशन होगा उतनी ही बड़ी परीक्षा से उसे गुज़रना पड़ेगा। यीशु दूसरे आदम के रूप में आया। अपने मिशन को पूरा करने के लिए, उसे आदम के उस स्थान को, जो पतन से पहले था, क्षतिपूर्ति द्वारा पुनःस्थापित करना पड़ा। चूँकि आदम बेवफा हो गया और उसने परमेश्वर को त्याग दिया, यीशु को आदम की इस ग़लती को सुधारने के लिए—उसका परमेश्वर के द्वारा त्यागा जाना—इस पूरी घटना को उसने अंत तक अपरिवर्तनशील विश्वास के साथ भोगा। इसी लिए, यीशु जंगल में शैतान के द्वारा भरमाया गया और सलीब पर परमेश्वर के द्वारा त्यागा गया। (मत्ती २७:४६)