दिव्य नियम का अध्ययन और अभ्यास
मेरे बुकमार्क

आपके पास अभी कोई बुकमार्क नहीं है।

संभाग ३. अंतिम दिन

३.१ अंतिम दिनों का अर्थ

पतन के अपराध के कारण, परमेश्वर ने सिद्धांत पर आधारित तीन महान आशीर्वाद हमारे प्रथम पूर्वजों को प्रदान किए थे वह पूरित नहीं हो सके, इसके बजाय वह एक सिद्धांतहीन रीति से शैतान की देख-रेख के तहत कार्याविन्त हुए।

तब से मानव इतिहास परमेश्वर की पुनरुद्धार की दैवी योजना का इतिहास रहा है। इसके दुष्ट आरंभ के बावजूद भी, यह दुनिया जो शैतान के प्रभुत्व के अधीन है एक दिन अवश्य ही ऐसी दुनिया में बदल जाएगी जहाँ अच्छाई राज्य करेगी, जहां परमेश्वर पर केन्द्रित तीन महान आशीर्वाद परिपूर्ण किए जाएंगे। परिवर्तन के ऐसे समय में मसीह आता है। अंतिम दिनों का समय वह समय है जब बुराई की दुनिया जो शैतान की प्रभुता के तहत है, परमेश्वर के राज्य के अंतर्गत आदर्श दुनिया में परिवर्तित हो जाएगी। पृथ्वी पर का नरक, पृथ्वी पर स्वर्ग के राज्य में बदल जाएगा। इसलिये, यह दिन भय के दिन नहीं होंगे जैसे कि बहुत से ईसाई लोग विश्वास करते हैं कि वैश्विक प्रलय से दुनिया नाश हो जाएगी। परन्तु वास्तव में यह ख़ुशी के दिन होंगे, जब मानव जाति की अभिलषित आशाएं और युगों की लालसा साधित होंगी।

जब से मनुष्य का पतन हुआ, परमेश्वर ने बहुत बार अपनी दैवी योजना को संपूर्ण करना चाहा और पापी दुनिया का अंत करके मौलिक, अच्छी दुनिया पुनर्स्थापित करने का प्रयास किया है। (प्रति-संदर्भ—नींव १) फिर भी, प्रत्येक प्रयास के दौरान मानवता अपने हिस्से की जिम्मेदारी निबाहने में विफल रही, इस तरह, परमेश्वर की अपनी इच्छा सर्वथा निराशा में बदल गई। फलतः, अंतिम दिनों की व्यवस्था कई बार दोहरायी गयी है। यह बाईबल के एक करीबी अध्ययन द्वारा पुष्टि की जा सकती है।

३.१.१ नूंह के दिन अंतिम दिन थे

परमेश्वर ने नूंह से कहा, “मैंने सब प्राणियों का अंत करना निर्धारित किया है; क्योंकि पृथ्वी हिंसा से भर गई है; देखो मैं उन्हें पृथ्वी के साथ नष्ट कर दुँगा।” (उत्पत्ति ६:१३) यह इंगित करता है कि नूंह के दिन अंतिम दिन थे। परमेश्वर, इस भ्रष्ट, पापी संसार को नष्ट करना चाहता था जिस पर शैतान पतन के समय से प्रभुता कर रहा था। उसने जल-प्रलय के माध्यम से एक बार सदा के लिये पापी इतिहास का, जो बाईबल के अनुसार १,६०० वर्ष का गिना जाता है, शोधन करने का इरादा किया। उसके बाद, परमेश्वर का इरादा था कि वह नूंह के परिवार का, जो किसी अन्य की नहीं पर उसी की उपासना करता था, पोषण करके उनके विश्वास की नींव पर परमेश्वर की राजसत्ता की दुनिया को पुनर्जीवित करे। इस तरह नूंह का समय अंतिम दिन माना जा सकता है। (प्रति-संदर्भ—नींव २) परन्तु, जब हैम, नूंह के दूसरे बेटे ने पाप किया, जिससे पतन की घटना की पुनःपुष्टि हो गई, नूंह का परिवार मानव जाति की ओर से अपने हिस्से की जिम्मेदारी पूरी नहीं कर सका, और परमेश्वर की इच्छा फिर निराशा में बदल गई। (उत्पत्ति ९:२२)

३.१.२ यीशु के दिन अंतिम दिन थे

परमेश्वर ने अपनी इच्छा की पूर्ति पूर्वनिश्चित की है; इसलिए, पुनरुद्धार की दैवी योजना के लक्ष्य अपरिवर्तनशील हैं और निःसंदेह पूरे किए जाएंगे। (प्रति-संदर्भ—पूर्वनिर्धारण १) इसलिए, भले ही नूंह के माध्यम से पुनरुद्धार की दैवी योजना संपन्न नहीं हो पाई, परमेश्वर ने अन्य भविष्यद्वक्ताओं को नए सिरे से विश्वास का आधार तैयार करने के लिए बुलाया। इस नींव पर, परमेश्वर ने यीशु को इस दुनिया में भेजा कि वह शैतान, जिसने इस दुनिया को दास बनाकर रखा है, उसके प्रभुत्व को वशीभूत करे और परमेश्वर पर केंद्रित आदर्श दुनिया की स्थापना करे। तदनुसार, यीशु के दिन भी अंतिम दिन थे। इसी लिये यीशु ने कहा कि वह न्याय करने के लिये आया है, (यूहन्ना ५:२२) और मलाकी ने यीशु के आगमन के बारे में यह भविष्यवाणी की: क्योंकि देखो, वह धधकते हुए भट्टे का सा दिन आता है, जब सब अभिमानी और सब दुराचारी लोग अनाज की खूँटी बन जाएंगे; और उस आने वाले दिन में वे भस्म हो जाएंगे कि उनका पता न चलेगा। मलाकी ४:१

यीशु मूल आदर्श दुनिया बहाल करने के लिये आया था। परन्तु, जब इज़राएली लोगों ने उस पर विश्वास नहीं किया, मनुष्य के हिस्से की ज़िम्मेदारी पूरी होने से रह गई। इसका अर्थ यह हुआ, परमेश्वर की इच्छा मसीह के दूसरे आगमन तक विलंबित हो गई।

३.१.३ मसीह के दूसरे आगमन का दिन अंतिम दिन है

जब चुने हुए लोगों के अविश्वास के कारण यीशु सूली पर चढ़ाया गया, तो यीशु केवल आत्मिक मुक्ति संपन्न कर सका। अब उसके लौटने पर वह दोनों आत्मिक और शारीरिक रूप से पुनरुद्धार की दैवी योजना के लक्ष्य को पूरा करेगा और पृथ्वी पर स्वर्ग का राज्य पुनर्स्थापित करेगा। (प्रति-संदर्भ—मसीह १.४) अतेव, मसीह के दूसरे आगमन के दिन भी अंतिम दिन होंगे। इसी लिये यीशु ने कहा, “जैसा नूंह के दिनों में हुआ था, वैसा ही मनुष्य के पुत्र के दिनों में भी होगा,” (लूका १७:२६) और यह भविष्यवाणी की कि उसके पुनरागमन के समय कई प्राकृतिक आपदाएं आएंगी। (मत्ती २४:७, २९)

३.२ अंतिम दिनों के चिह्नों के बारे में बाईबल के पद्य

बहुत से ईसाई लोगों का ऐसा विश्वास है कि बाईबल में जैसा लिखा है यथाशब्द उसी तरह अंतिम दिनों में होगा, यानी प्राकृतिक आपदाएं होंगी, और आधुनिक मनुष्यों की कल्पना से बाहर मूलक परिवर्तन होंगे। परन्तु, यदि वे यह समझ सकते कि मानव इतिहास परमेश्वर की दैवी योजना का इतिहास है, जो परमेश्वर के इरादे के अनुसार दुनिया का पुनरुद्धार, उसकी मौलिक अवस्था में जिस में वह निर्माण किया गया था, कर रहा है, तब वे यह जान जाते कि अंतिम दिनों के चिह्न जिनकी बाईबल में भविष्यवाणी की गई है वे यथाशब्द घटित नहीं होंगे। आइए हम अंतिम दिनों के बारे में बाईबल की भविष्यवाणियों की जाँच करें कि वास्तव में वे क्या संकेत करतीं हैं।

३.२.१ स्वर्ग और पृथ्वी का नाश और नया स्वर्ग और नई पृथ्वी की रचना

यह लिखा है कि नूंह के समय परमेश्वर ने पृथ्वी को नष्ट करना ठान लिया था। (उत्पत्ति ६:१३) नूंह का समय अंतिम दिन थे, फिर भी दुनिया नष्ट नहीं की गई। पृथ्वी अनन्त है, जैसा कि निम्न लिखित आयतों से संकेत मिलता है: “एक पीढ़ी जाती है, और दूसरी पीढ़ी आती है, परन्तु पृथ्वी सदा बनी रहती है,” (सभोपदेशक १:४) “उसने अपने पवित्र स्थान को बहुत ऊँचा बना दिया, और पृथ्वी के समान स्थिर बनाया, जिसकी नींव उसने सदा के लिये डाली है।” (भजन संहिता ७८:६९) पृथ्वी परमेश्वर की पात्र साझी के रूप में बनायी गई थी। परमेश्वर, जो कर्ता साझी है, अनन्त है; इसी तरह, पृथ्वी भी, जो पात्र साझी है, अनन्त होनी चाहिये। सर्वशक्तिमान परमेश्वर कभी भी ख़ुश नहीं होगा यदि उसने ऐसी नाज़ुक दुनिया बनाई हो जो शैतान के कारण संभवतः नष्ट हो जाए।

तो फिर, अंतिम दिनों की पृथ्वी के विनाश की भविष्यवाणी का अर्थ क्या है? उदाहरण के लिए: आकाश आग से पिघल जाएंगे, और आकाश के गण बहुत ही तप्त हो कर गल जाएंगे! पर उसकी प्रतिज्ञा के अनुसार हम एक नए आकाश और नई पृथ्वी की आस देखते हैं जिसमें धार्मिकता वास करेगी। २ पतरस ३:१२-१३ फिर मैंने नए आकाश और नई पृथ्वी को देखा, क्योंकि पहला आकाश और पहली पृथ्वी जाती रही थी। प्रकाशितवाक्य २१:१, यशायाह ६६:२२ एक राष्ट्र को नष्ट करना, उसकी सत्ता को गिराना हुआ, और एक नए राष्ट्र को बनाना, नए साम्राज्य को स्थापित करना होता है। इसी तरह, वह भविष्यवाणियाँ जो बताती हैं आकाश और पृथ्वी नष्ट किए जाएंगे इसका अर्थ है कि स्वर्ग और पृथ्वी पर शैतान का निरंकुश स्वामित्व परास्त किया जाएगा। नया स्वर्ग और नई पृथ्वी का अर्थ, स्वर्ग और पृथ्वी पर मसीह के द्वारा परमेश्वर की प्रभुता पुनर्स्थापित करना है।

३.२.२ आग के द्वारा स्वर्ग और पृथ्वी का न्याय

इस भविष्यवाणी का क्या अर्थ है कि “अंतिम दिनों में आकाश आग से पिघल जाएगा और आकाश के गण तप्त होकर गल जाएंगे?” (२ पतरस ३:१२) मलाकी ने यीशु के लिये इस तरह से भविष्यवाणी की, कि वह दिन न्याय की आग से जलते हुए दिन के जैसा होगा (मलाकी ४:१)। यीशु ऐसा न्याय करने के लिये दुनिया में आया था, जैसा कि उसने कहा, “मैं इस जगत में न्याय के लिये आया हूँ।” (यूहन्ना ९:३९, यूहन्ना ५:२२) यीशु ने यह भी कहा, “मैं पृथ्वी पर आग लगाने आया हूँ।” (लूका १२:४९) “आग” यहाँ दर्शाती है, न्याय का साधन, जिसके लिये यीशु इस दुनिया में आया। तथापि, यीशु के समय का कोई भी ऐसा आलेख नहीं है कि यीशु ने अपने समय में यथाशब्द आग के साथ न्याय किया। यह आयतें जो आग की चर्चा करती हैं प्रतीकात्मक होनी चाहिए। यह लिखा है, “यहोवा का यह वचन है, क्या मेरा वचन आग सा नहीं है?” (यर्मयाह २३:२९) इसलिये, आग के द्वारा न्याय करना वचन के द्वारा न्याय करना दर्शाता है।

आइये हम वचन के द्वारा न्याय के संबंध में बाईबल के कुछ उदाहरण लेते हैं: “जो मुझे तुच्छ जानता है और मेरी बातें ग्रहण नहीं करता है उसके तो दोषी ठहराने वाला तो एक है, अर्थात जो वचन मैंने कहा है, वही अंतिम दिन में उसे दोषी ठहराएगा।” (यूहन्ना १२.४८) “तब वह अधर्मी प्रगट होगा, जिसे प्रभु यीशु अपने मुंह की फूँक से मार डालेगा,” (२ थिस्सलुनिकियो २:८) यानी वचन के द्वारा। इसके अतिरिक्त, “वह पृथ्वी को अपने मुंह के सोटे से मारेगा और अपनी फूँक के झोंके से दुष्ट को मिटा डालेगा” (यशायाह ११:४) “जो मेरा वचन सुन कर मेरे भेजने वाले पर विश्वास करता है, अनन्त जीवन उसी का है; और उसपर दण्ड की आज्ञा नहीं होगी परन्तु वह मृत्यु से पार होकर जीवन में प्रवेश कर चुका है।” (यूहन्ना ५:२४) कहने का अर्थ यह है कि यीशु जो आग से न्याय करने के लिये आया था वह न्याय वचन के द्वारा था।

यीशु का वचन के द्वारा न्याय करने का क्या कारण है? मनुष्य वचन के द्वारा रचे गये हैं। (यूहन्ना १:३) पहले मानव पूर्वजों के लिये परमेश्वर की सृष्टि का आदर्श यह था कि वे वचन का मूर्त रूप बनकर वचन के उद्देश्य को पूरा करें। फिर भी उन्होंने परमेश्वर के वचन को नहीं माना और पतित हुए; इस तरह वे वचन के उद्देश्य को पूरा करने में विफल हुए। तब से परमेश्वर ने पतित मानव का वचन के द्वारा पुनर्निर्माण करने के लिये, वचन के उद्देश्य को पूरा करने की चेष्टा की है। यह वचन के सत्य के आधार पर, जैसा शास्त्रों में प्रकाशित किया गया है, पुनरुद्धार की दैवी योजना है। यह लिखा है, “और वचन देहधारी हुआ और अनुग्रह और सच्चाई से परिपूर्ण होकर हमारे बीच में डेरा किया, और हमने उसकी महिमा देखी, जैसे पिता के इकलौते की महिमा।” (यूहन्ना १:१४) यीशु ने पूरी तरह से वचन को साधित किया। वह वचन के द्वारा न्याय का मानक बन कर फिर से आएगा और जिस हद तक मानवता ने वचन के उद्देश्य को पूरा किया है उनका न्याय करेगा।

न्याय, इस संदर्भ में पुनरुद्धार के लक्ष्य की प्राप्ति में है, जो वचन के उद्देश्य को साकार करना है। इसलिए, पुनरुद्धार के दौरान, वचन को मानक के रूप में स्थापित करना अनिवार्य है जिसके माध्यम से न्याय किया जा सके। यीशु ने शोकाकुल होकर कहा, “मैं पृथ्वी पर आग लगाने आया हूँ, और चाहता हूँ कि यह आग अभी सुलग जाती।” (लूका १२:४९) वह वचन का मूर्त रूप था, इसलिए वह इज़राएल के लोगों के लिये दुखी हुआ, क्योंकि जिन जीवन के वचनों की घोषणा वह कर रहा था, उन्होंने उसे ग्रहण नहीं किया। (यूहन्ना १:१४)

३.२.३ मृतकों का क़ब्र में से उठना

बाईबल में यह लिखा है कि अंतिम दिनों में मृत अपनी क़ब्र में से जी उठेंगे: “और प्रधान स्वर्गदूत का शब्द सुनाई देगा, और परमेश्वर की तुरही फूँकी जाएगी; और जो मसीह में मरे हैं वह पहले जी उठेंगे।” १ थिस्सलुनिकियों ४:१६ इस भविष्यवाणी का अर्थ हम, इसी तरह की एक घटना का परीक्षण करके समझ सकते हैं, यीशु की मृत्यु होने पर जब मृतक अपनी कब्रों से जी उठे थे: “और क़ब्रें खुल गईं और जो सोए हुए थे पवित्र लोगों के बहुत से शव जी उठे और उनके जी उठने के बाद वे क़ब्रों में से निकल कर पवित्र नगर में गए और बहुतों को दिखाई दिये।” मत्ती २७:५२-५३ इस आयत का अर्थ यह नहीं है कि संत लोगों की सड़ी हुई देह यथाशब्द क़ब्र में से जी उठीं। (प्रति-संदर्भ—पुनरुत्थान २.३) पुराने नियम के संतों के भौतिक शरीर यदि वास्तव में कब्रों से जी उठे होते और यरूशलेम में कई लोगों को दिखाई दिये होते, तो वे निश्चित रूप से यीशु के बारे में लोगों को गवाही देते, चूँकि वे पहले ही से जानते थे कि वह मसीह है। ऐसी गवाही सुनने के बाद, यरूशलेम के निवासियों में से कौन सूली पर चढ़ाये गये यीशु पर विश्वास नहीं करता? इसके अतिरिक्त यदि वास्तव में संत लोग सशरीर अपनी कब्रों से जी उठे होते, तो निश्चित रूप से उनके कार्य बाईबल में दर्ज किए गए होते। तथापि, हम कोई ऐसे अभिलेख नहीं पाते हैं।

जब शास्त्र यह कहते हैं कि संतों के शव उनके मकबरे में से जी उठे, तो इसका क्या तात्पर्य है? यह अभिलेख उन लोगों ने वर्णन किया है जिन्होंने अतीत के संतों को आत्मिक रूप में पुनर्जीवित होकर पृथ्वी पर प्रगट होते देखा था। (प्रति-संदर्भ—पुनरुत्थान २.३) यह बहुत कुछ मूसा और एलिय्याह की घटना के समान है, जो आत्माओं के रूप में, थोड़े समय के लिये रूपांतरण के पहाड़ पर यीशु के साथ प्रगट हुए थे। (मत्ती १७:३)

“कब्र” किस चीज़ का प्रतीक है? प्रारूप-आत्माओं का क्षेत्र, आत्मालोक का वह क्षेत्र जहाँ पुराने नियम के संतों की आत्माएं रहतीं थीं, यीशु के द्वारा खोले गए आत्मालोक के क्षेत्र वैकुंठ से देखने पर अंधकारमय दिखाई देता है। इसलिए, यह कब्र के रूप में निर्दिष्ट किया गया है। इन सभी संतों की आत्माएं आत्मालोक के निचले क्षेत्र में रहीं थीं, इससे पहले कि वे आत्मिक रूप से पृथ्वी पर चैतन्य विश्वासियों को दिखाई दीं।

३.२.४ लोगों का प्रभु से मिलने के लिये हवा में उठाया जाना

तब हम जो जीवित हैं और बचे रहेंगे उसके साथ बादलों पर उठा लिये जाएंगे कि हवा में प्रभु से मिलें; और इस रीति से हम सदा प्रभु के साथ रहेंगे। १ थिस्सलुनिकियों ४:१७ यह आयत “हवा में प्रभु से मिलने” के बारे में बताती है, इस का अर्थ यथाशब्द हवा में नहीं लिया जा सकता। बाईबल में “पृथ्वी” अधिकतर दुष्ट सत्ता के अधीन पतित संसार का प्रतीक माना जाता है, और “स्वर्ग” बहुधा अच्छी प्रभुता की निष्पाप दुनिया का प्रतीक है। सर्वव्यापी परमेश्वर निश्चित रूप से पृथ्वी पर हर जगह रहता है, फिर भी हम प्रार्थना करते हैं, “हमारा पिता जो स्वर्ग में है।” (मत्ती ६:९) यद्यपि यीशु पृथ्वी पर पैदा हुआ था, फिर भी वह स्वर्ग से उतरा हुआ मनुष्य का पुत्र, (यूहन्ना ३:१३) उल्लिखित किया गया है। हवा में प्रभु से मिलने का आशय यह है कि मसीह जब दुबारा आएगा तब संत लोग मसीह को अच्छे राज्य की दुनिया में ग्रहण करेंगे और वह शैतान के राज्य को परास्त करके पृथ्वी पर स्वर्ग का राज्य बहाल करेगा।

३.२.५ सूर्य का अंधियारा हो जाना और चंद्रमा का प्रकाश न देना और स्वर्ग से सितारों का गिरना

अंतिम दिनों में, यीशु ने कहा, “उन दिनों क्लेश के तुरन्त बाद सूर्य अन्धियारा हो जाएगा और चन्द्रमा का प्रकाश जाता रहेगा और तारे आकाश से गिर पड़ेंगे।” (मत्ती २४:२९) इस आयत को हम किस तरह समझ सकते हैं? यह लिखा है कि यूसुफ ने, याकूब के बारह पुत्रों में से ग्यारहवें पुत्र ने स्वप्न देखा: फिर उसने एक और स्वप्न देखा, और अपने भाइयों से उसका यों वर्णन किया, “सुनो, मैंने एक और स्वप्न देखा, कि सूर्य और चन्द्रमा और ग्यारह सितारे मुझे दण्डवत् कर रहे हैं।” जब उसने इस स्वप्न का अपने पिता और भाइयों से वर्णन किया तब उसके पिता ने उसको डाँट कर कहा, “यह कैसा स्वप्न है जो तूने देखा है? क्या सचमुच मैं और तेरी माता और तेरे भाई सब झुक कर तेरे आगे भूमि पर गिर कर दण्डवत् करेंगे?”—उत्पत्ति ३७:९-१० बाद में जब यूसुफ मिस्र का प्रधानमंत्री बन गया, जैसे स्वप्न में बताया गया था, उसके माता-पिता और भाइयों ने उसको झुक कर दण्डवत् किया। इस स्वप्न में सूर्य और चन्द्रमा उनके माता-पिता के प्रतीक थे और तारे बच्चों के प्रतीक थे।

यह आगे समझाया जाएगा कि यीशु और पवित्र आत्मा सच्चे माता-पिता हैं, जो आदम और हव्वा के स्थान पर मानवता को पुनर्जन्म देने के लिए आए थे। (प्रति-संदर्भ—ख्रीस्त विद्या शास्त्र ४) इसलिये, मत्ती की इस भविष्यवाणी में सूर्य और चन्द्रमा, यीशु और पवित्र आत्मा को दर्शाते हैं जबकि तारे उनके वफादार विश्वासियों को द्योतित करते हैं जो उनके बच्चों के समान हैं। दूसरे स्थानों में यीशु को सच्चा प्रकाश बताया गया है क्योंकि वह वचन का मूर्त रूप होकर आया था और उसने सत्य का प्रकाश दिया। (यूहन्ना १:९-१४) यहाँ, सूर्य की रोशनी का अर्थ है यीशु के वचन का प्रकाश, और चन्द्रमा के प्रकाश का तात्पर्य पवित्र आत्मा का प्रकाश है, जो सत्य के आत्मा के रूप में आए थे। (यूहन्ना १६:१३) सूर्य का अंधेरा होना और चंद्रमा का प्रकाश देना बंद हो जाने का तात्पर्य यह है कि नए नियम में यीशु और पवित्र आत्मा द्वारा दिए गए वचन अपनी आभा खो देंगे।

यह कैसे संभव है कि जो वचन नए नियम में प्रकाशित किए गये हैं वे अपना प्रकाश खो देंगे? जब यीशु और पवित्र आत्मा आये और उन्होंने हमें नए नियम का वचन दिया, जो पुराने नियम के वचन की पूर्ति थी, इस तरह पुराना नियम ग्रस्त हो गया। (२ कुरिंथियों ३:७-११) उसी तरह जब मसीह वापस आएगा और नए नियम के वचन को परिपूर्ण करने के लिये, और नया स्वर्ग और नई पृथ्वी (प्रकाशितवाक्य २१:१) बनाने के लिए नया सत्य देगा, (प्रति-संदर्भ—अंतिम दिनों का उपदेश ५:१) तो जो वचन उसने अपने पहले आगमन में दिये थे फीके पड़ जाएंगे। यह कहा गया है कि वे अपना प्रकाश खो देंगें, क्योंकि, नए युग के आने पर पुराने सत्य की अवधि और मिशन कालातीत हो जाएगा।

यह भविष्यवाणी कि अंतिम दिनों में तारे आकाश से गिर जाएंगे द्योतित करता है कि बहुत से श्रद्धालु ईसाई विश्वासी लड़खड़ाएंगे और परमेश्वर के अनुग्रह से गिर जाएंगे। यीशु के समय में, यहूदी लोगों के नेता सभी मसीह के आने के लिए तड़प रहे थे, लेकिन जब यीशु मसीह आया तो उन्होंने ठोकर खाई, उसे पहचान नहीं सके और उसका विरोध किया। उसी तरह, ईसाई लोग भी जो यीशु की वापसी की उत्सुकता से प्रतीक्षा कर रहे हैं, जब वह सचमुच में वापस आएगा, (प्रति-संदर्भ—दूसरा आगमन २.२) संभवतः वैसा ही ग़लत निर्णय ले कर गिर सकते हैं।

यीशु ने कहा, “तौभी, जब मनुष्य का पुत्र आएगा, तो क्या वह पृथ्वी पर विश्वास पाएगा?” (लूका १८:८) एक अन्य अवसर पर उसने कहा कि वह विश्वासी भक्तों को घोषित करेगा, “तब मैं उनसे खुल कर कह दूंगा, ‘मैंने तुम्हें कभी नहीं जाना। हे कुकर्म करने वालो, मेरे पास से चले जाओ’।” (मत्ती ७:२३) यीशु ने अंतिम दिनों के ईसाइयों के लिए यह चेतावनियाँ दीं हैं क्योंकि उसे ऐसी संभावना का पूर्वाभास था कि उसके दूसरे आगमन पर वे अविश्वास में पड़ कर उसके ख़िलाफ पाप करेंगे।