संभाग १. पाप की जड़
अब तक कोई नहीं जान पाया कि पाप की वह जड़ क्या है जो लोगों के दिलों की गहराइयों में निहित है और उन्हें निरंतर बुराई के रास्ते की ओर ले जाती है। बाईबल पर आधारित, ईसाई लोगों का यह एक अस्पष्ट विश्वास है कि आदम और हव्वा का अच्छाई और बुराई के ज्ञान के पेड़ का फल खाना, पाप की जड़ है। कुछ ईसाई लोगों का विश्वास कि अच्छाई और बुराई के पेड़ का फल सचमुच का फल है, दूसरों का यह विश्वास है कि फल एक प्रतीक है, जिस तरह बाईबल में बहुत सी बातें प्रतीकात्मक भाषा में लिखी हैं। इसे सफाई से समझने के लिये आयें हम बाईबल में मनुष्य के पतन के बारे में विभिन्न व्याख्याओं पर विचार करें।
१.१ जीवन का वृक्ष और भले और बुरे के ज्ञान का वृक्ष
आदम और हव्वा का पतन हुआ जब उन्होंने भले और बुरे के वृक्ष का फल खाया। अब तक बहुत से ईसाई लोग सोचते हैं कि यह फल सचमुच के वास्तविक वृक्ष का फल था। परंतु क्या परमेश्वर, जो मनुष्य का प्रेमी पिता है, ऐसा आकर्षक फल बनाएगा जिससे पतन होना संभव हो? (उत्पत्ति ३:६) और वह उसे ऐसे स्थान पर रखेगा जहाँ उसके बच्चे आसानी से पहुँच सकें?
इसके अतिरिक्त, यीशु ने कहा, “जो मुंह में जाता है वह मनुष्य को अशुद्ध नहीं करता पर जो मुंह से निकलता है वही मनुष्य को अशुद्ध करता है।” (मत्ती १५:११) तो फिर खाने की वस्तु जो मनुष्य खाता है पतन का कारण कैसे हो सकती है? मानव जाति मूल पाप से पीड़ित है, यह मूल पाप हमें हमारे पहले पूर्वजों से विरासत में मिला है। तथापि, किसी चीज़ के खाने से पाप उनकी संतान को कैसे पारित हो सकता है?
कोई भी वस्तु विरासत में तब ही प्राप्त की जा सकती है जब वह वंश के माध्यम से संतान में प्रसारित हो जाए, यही एकमात्र तरीका हो सकता है। किसी वस्तु के खाने से उसका हानिकारक प्रभाव थोड़े समय के लिए होता है, वंश के माध्यम से लगातार जारी नहीं रखा जा सकता। कुछ लोगों का यह मानना है कि परमेश्वर ने भले और बुरे के ज्ञान के पेड़ का फल इसलिये बनाया ताकि वह अपने प्रति आदम और हव्वा की वफादारी को परख सके। इस पर हम यह सवाल कर सकते हैं: क्या प्रेम करने वाला परमेश्वर इतनी निर्दयता से मनुष्य की परीक्षा ले सकता है कि वह उनकी मौत का कारण बन जाए?
आदम और हव्वा को मालूम था कि जिस क्षण वे फल खाएंगे वे मर जाएंगे, क्योंकि यह परमेश्वर ने उनसे कहा था, फिर भी उन्होंने खा लिया। आदम और हव्वा को खाने की कमी तो नहीं थी। या केवल किसी ज़ायकेदार खाना खाने के लिये वह अपनी जान को जोखिम में तो नहीं डाल सकते थे। इसलिए, हम यह अनुमान लगा सकते हैं कि भले और बुरे के ज्ञान के पेड़ का फल एक साधारण फल नहीं हो सकता। बल्कि, यह कुछ ऐसी असाधारण अत्यधिक उत्तेजक वस्तु हो सकती है कि मृत्यु का भय भी उन्हें उसके लोभ से रोक नहीं सका। यदि भले और बुरे के ज्ञान के पेड़ का फल वास्तविक फल नहीं था, तो फिर वह कोई बोधक चिह्न होना चाहिये जो किसी दूसरी ही वस्तु को दिखाता है। इसलिए हम हठ के साथ फल की शाब्दिक व्याख्या पर क्यों अड़े रहें जबकि बाईबल प्रतीकवाद और रूपकों का बहुतायत से उपयोग करती है? हमारे लिये विश्वास के इस संकीर्ण और प्राचीन रवैये का परित्याग करना ही अच्छा होगा।
भले और बुरे के ज्ञान के पेड़ का फल किस वस्तु को दिखाता है, यह जानने के लिए, आयें हम सबसे पहले जीवन के पेड़ की जो अदन के बाग में भले और बुरे के ज्ञान के पेड़ के साथ खड़ा था, जाँच करें। (उत्पत्ति २:९) जब हम जीवन के पेड़ का अर्थ समझ जाएंगे, उसके बाद ही हम भले और बुरे के ज्ञान के पेड़ का मतलब समझ सकेंगे।
१.१.१ जीवन का वृक्ष
बाईबल के अनुसार, जीवन के वृक्ष को प्राप्त करना या उस तक पहुँचना, यह पतित लोगों की आशा रही है: “जब आशा पूरी होने में विलम्ब होती है, तो मन शिथिल होता है, परन्तु जब लालसा पूरी होती है तो वह जीवन का वृक्ष होता है।” (नीतिवचन १३:१२) यह संकेत करता है कि पुराने नियम के युग में इज़राएल के लोग जीवन के पेड़ को आशा भरी दृष्टि देखते थे। उसी प्रकार, यीशु के समय से आज तक सभी ईसाइयों की आशा भी जीवन के वृक्ष तक पहुँचने और उसे प्राप्त करने के लिए रही है: “धन्य हैं वे जो अपना वस्त्र धो लेते हैं, क्योंकि उन्हें जीवन के वृक्ष के पास जाने का अधिकार मिले और वे फाटकों में से होकर नगर में प्रवेश करेंगे।” (प्रकाशितवाक्य २२:१४) चूंकि मानव जाति की अंतिम आशा जीवन के वृक्ष की है, हम अनुमान कर सकते हैं कि आदम की आशा भी जीवन के पेड़ के लिये थी।
यह लिखा है कि जब आदम का पतन हुआ, तब परमेश्वर ने जीवन के पेड़ की ओर जाने वाला मार्ग बंद कर दिया था और मार्ग पर करूबों और ज्वालामय तलवारों के पहरे खड़े कर दिये थे। (उत्पत्ति ३:२४) इससे हम यह अनुमान लगा सकते हैं कि आदम को पतन से पहले जीवन के पेड़ की आशा थी। उसकी यह आशा पूरी हुए बिना आदम अदन की वाटिका से बाहर निकाल दिया गया। तब से पतित लोगों की जीवन के वृक्ष की आशा अधूरी ही रही है।
जब आदम जवान हो रहा था और किशोरावस्था में था, उसकी क्या आशा थी? उसकी यह आशा हो सकती है कि वह एक ऐसा इनसान बनें जो जवान होकर पाप में गिरे बिना पूर्णता प्राप्त कर सके और परमेश्वर का सृष्टि का आदर्श साकार कर सके। वास्तव में जीवन का वृक्ष वह व्यक्ति है जो पूर्ण रूप से सृष्टि का आदर्श साकार करके पूर्ण आदम बन गया हो। आदम एक ऐसा आदर्श व्यक्ति बनने वाला था। इस तरह, जीवन का वृक्ष पूर्ण आदम का प्रतीक है।
यदि आदम का पतन न हुआ होता और उसने जीवन का वृक्ष प्राप्त कर लिया होता, तो उसका सारा वंश भी जीवन का वृक्ष प्राप्त करने में सफल होता, और पृथ्वी पर स्वर्ग का राज्य स्थापित हो जाता। लेकिन आदम ने पाप किया, इसलिए परमेश्वर ने ज्वालामय तलवार से वृक्ष की ओर जाने वाला रास्ता बंद कर दिया। तब से सृष्टि के आदर्श को बहाल करने के लिये, पतित लोगों की बहुत कोशिशों के बावजूद भी, जीवन का वृक्ष अप्राप्य स्वप्न बन कर रह गया। मूल पाप के बोझ के कारण पतित लोग सृष्टि का आदर्श पूरा नहीं कर सकते और अपने ख़ुद के प्रयासों द्वारा वे जीवन का वृक्ष नहीं बन सकते। इस आदर्श को पूरा करने के लिये एक व्यक्ति को, जिसने सृष्टि का आदर्श पूर्ण कर लिया हो, जीवन के वृक्ष के रूप में पृथ्वी पर आना चाहिए। तब सारी मानवता को उसके साथ आरोपित (रोमियों ११:१७) होना चाहिए। यीशु वह पुरुष था जो जीवन के वृक्ष के रूप में आया था। जीवन का वृक्ष, जिसकी लालसा पुराने नियम (नीतिवचन १३:१२) के वफादार लोग करते थे, वह सिवाय यीशु के और कोई नहीं था।
जब से परमेश्वर ने, आदम के लिए जीवन के वृक्ष का मार्ग रखवाली करने वाली ज्वालामय तलवार से बन्द किया है, तब से जब तक यह रास्ता पहले खोला नहीं जाता वृक्ष से संपर्क नहीं किया जा सकता था। पिन्तेकुस्त के दिन, आग जैसी जीभें संतों के ऊपर उतरीं, और वे सब पवित्र आत्मा से भर गए। (प्रेरितों २:३-४) यह घटना मार्ग का खोला जाना और ज्वालामय तलवार का हटाया जाना दर्शाती है, जो पवित्र आत्मा के ज़ोर से उतरने से पहले जीभों के रूप में प्रगट हुई थीं। इससे मानवता के लिये यीशु तक, जो जीवन का वृक्ष है, पहुँचने का रास्ता खुल गया, ताकि वे यीशु के साथ रोपे जा सकें।
फिर भी, ईसाई लोग यीशु के साथ केवल आत्मिक रूप से रोपे जाते हैं। यही कारण है कि अत्यंत धर्मनिष्ठ ईसाई माता-पिताओं के बच्चे भी मूल पाप के वारिस होते हैं, जो मुक्ति के लिये छुड़ाए जाने चाहिए। यहाँ तक कि अति श्रद्धापूर्ण संत लोग भी मूल पाप से मुक्त नहीं हैं और अपने बच्चों को इस सामर्थ्यहीनता से मूल पाप पारेषित करते हैं। (प्रति-संदर्भ/मसीहा १)
यही कारण है कि मसीह को जीवन का वृक्ष बनकर फिर से पृथ्वी पर आना पड़ेगा। और फिर सारी मानवता को अपने आप में आरोपित करके मूल पाप से छुटकारा देना होगा। इसी वजह से ईसाई लोग बड़ी व्याकुलता से जीवन के वृक्ष की बाट जोहते हैं, जो कि प्रकाशितवाक्य की पुस्तक में दूसरे आगमन के ख्रीस्त का प्रतीक बताया गया है। (प्रकाशितवाक्य २२:१४)
दैवी पुनरुद्धार के कार्य का उद्देश्य, प्रकाशितवाक्य की पुस्तक में वर्णित, अदन की वाटिका के जीवन के वृक्ष को प्राप्त करने की विफलता को सफलता में बदल कर जीवन के वृक्ष को फिर से साधित करना है। पतन के कारण, आदम जीवन के वृक्ष का आदर्श पूरा नहीं कर सका (उत्पत्ति २:९)। पतित मानवता का पूर्ण उद्धार करने के लिये अंतिम दिनों में यीशु को “अंतिम आदम” के रूप में (१ कुरिंथियों १५:४५) जीवन का वृक्ष बन कर फिर से आना चाहिये।
१.१.२ भले और बुरे के ज्ञान का वृक्ष
परमेश्वर ने आदम को अकेले रहने के लिये नहीं पैदा किया था; उसने हव्वा को भी उसकी पत्नी होने के लिए बनाया। जिस तरह, अदन की वाटिका में एक वृक्ष था जो पूर्ण पुरुष का प्रतीक था, वहाँ एक दूसरा वृक्ष भी होना चाहिये जो ऐसी स्त्री को दिखाये जिसने सृष्टि का आदर्श पूर्ण रूप से साकार किया हो। जीवन के वृक्ष के पास, जो वृक्ष खड़ा था (उत्पत्ति २:९), वह भले और बुरे के ज्ञान का वृक्ष था, यह एक आदर्श स्त्री का प्रतीक है जिसने अपने अच्छे उद्देश्य को साकार किया है, वह आदर्श स्त्री पूर्ण हव्वा थी।
बाईबल, यीशु के संबंध में दाखलता (यूहन्ना १५:५) और डालियों (यशायाह ११:१, यिर्मयाह २३:५) के रूपकों का उपयोग करती है। उसी तरह, परमेश्वर ने पूर्ण आदम और हव्वा के लिए दो वृक्षों के प्रतीकवाद का इस्तेमाल करके मनुष्य के पतन का रहस्य खोला है।
१.२ सर्प की पहचान
बाईबल में हम पढ़ते हैं कि एक सर्प ने हव्वा को पाप करने के लिए बहकाया। (उत्पत्ति ३:४-५) यह सर्प किस वस्तु का प्रतीक हो सकता है? आइए हम उत्पत्ति के इस वृत्तांत पर आधारित इस सर्प की असली पहचान की जाँच करें।
बाईबल में वर्णित यह सर्प लोगों के साथ बातचीत करने में सक्षम था। वह मनुष्य के, जो आत्मिक प्राणी है, पतन का कारण बना, इसलिये वह भी आत्मिक प्राणी होना चाहिये। इसके अतिरिक्त, यह सर्प परमेश्वर की इच्छा को जानता था कि उसने मनुष्य को भले और बुरे के ज्ञान के वृक्ष का फल खाने के लिए सख़्ती से मना किया है। यह अरोक सबूत हैं कि यह प्राणी जो सर्प के नाम से पहचाना जाता है एक आत्मिक प्राणी है।
यह लिखा है: वह बड़ा अजगर, अर्थात वही पुराना साँप जो इबलीस और शैतान कहलाता है और सारे संसार को भरमानेवाला है, पृथ्वी पर गिरा दिया गया,...प्रकाशितवाक्य १२:९ यह वही पुराना सर्प है जिसने अदन की वाटिका में हव्वा को भरमाया था। जो पहले स्वर्ग में रहता था फिर पृथ्वी पर गिराया गया, यह जो इबलीस या शैतान के नाम से जाना जाता है, यही वह आत्मिक प्राणी है। वास्तव में, जब से मनुष्य का पतन हुआ है, शैतान लगातार लोगों के दिलों को बुराई की ओर भड़काता है। चूँकि शैतान आत्मिक प्राणी है, इसलिये जो सर्प उसका प्रतीक है वह भी अवश्य आत्मिक प्राणी है। बाईबल के यह सबूत इस बात की पुष्टि करते हैं कि हव्वा को जिस सर्प ने बहकाया था वह जानवर नहीं था परंतु एक आत्मिक प्राणी था।
अब सवाल उठता है कि यह आत्मिक सत्व जो सर्प का प्रतीक है क्या यह जगत के निर्माण से पहले अस्तित्व में था या जगत के एक हिस्से के रूप में बनाया गया था। यदि यह जगत के निर्माण से पहले अस्तित्व में था और उसका उद्देश्य परमेश्वर के उद्देश्य के विपरीत था तो फिर जगत में भले और बुरे के बीच का संघर्ष अनिवार्य है और सार्वकालिक है। तो फिर परमेश्वर के पुनरुद्धार की योजना व्यर्थ होगी। इसके अतिरिक्त, एक ईश्वरवाद की धारणा कि जगत में सब कुछ एक परमेश्वर के द्वारा बनाया गया है, निराधार होगी। इस तरह हमारे पास केवल यही एक निष्कर्ष रह गया है कि वह आत्मिक सत्व जो सर्प के रूप में दर्शाया गया है वह मूल में एक अच्छे उद्देश्य से रचा गया था, परन्तु बाद में पतित हो गया और शैतान बन गया।
परमेश्वर की सृष्टि में ऐसा आत्मिक प्राणी जो मनुष्यों से बातचीत कर सकता था, परमेश्वर की इच्छा को समझता था और स्वर्ग में रहता था, कौन हो सकता है? वह किस प्रकार का प्राणी हो सकता है जो पतन के कारण भ्रष्ट होने के बाद भी समय और अंतराल से परे मनुष्य की जीवात्मा पर प्रभुत्व करता है? स्वर्गदूतों के अलावा कोई भी ऐसा प्राणी नहीं है जिस में ऐसी विशेषताएं पाई जातीं हैं। बाईबल का यह अनुवाक्य, “परमेश्वर ने उन स्वर्गदूतों को भी जिन्होंने पाप किया नहीं छोड़ा, पर नरक के अंधेरे कुण्डों में डाल दिया” (२ पतरस २:४) इस निष्कर्ष का समर्थन करता है कि सर्प जिसने मनुष्य को भरमाया और पाप किया था, वह एक स्वर्गदूत है।
सर्प की जीभ दो नोकों वाली होती है। यह दर्शाता है कि जो एक जीभ से विरोधाभासी बातें करता हो और जो एक दिल, दोमुंहा जीवन जीता है। अपने शिकार को खाने से पहले सर्प अपना शरीर उसके के गिर्द घुमा कर मरोड़ता है, यह रूपक किसी ऐसे व्यक्ति के लिये उपयोग किया जाता है जो दूसरों को अपने लाभ के लिये जाल में फंसाता है। इन कारणों से, बाईबल उस स्वर्गदूत को, जिसने मनुष्य को भरमाया था, सर्प की उपमा देती है।
१.३ स्वर्गदूत का पतन और मनुष्य का पतन
यह स्पष्ट है कि जिस सर्प ने मनुष्य को पतन के लिये भरमाया था वह दूत था, और कि उसके पाप करने के कारण वह शैतान बन गया। हमें अब इस बात की जाँच करनी है कि वह पाप किस प्रकार का था जो दूत और मनुष्य ने किया।
१.३.१ स्वर्गदूत का अपराध
फिर जिन स्वर्गदूतों ने अपने पद को स्थिर ना रखा वरन् अपने निज निवास को छोड़ दिया, उसने उनको भी उस भीषण दिन के न्याय के लिये अंधकार में, जो सदा काल के लिये है, बंधनों में रखा है; जिस रीति से सदोम और अमोरा और उन के आस पास के नगर, जो इन की नाईं व्यभिचारी हो गए थे और पराये शरीर के पीछे लग गए थे, आग के अनन्त दण्ड में पड़ कर दृष्टान्त ठहरे हैं। यहूदा की पत्री ६-७ इन आयतों से हम यह अनुमान लगा सकते हैं कि दूत अवैध यौन संबंध के परिणामस्वरूप पतित हुआ।
व्यभिचार एक ऐसा अपराध है जो अकेले नहीं किया जा सकता। अदन की वाटिका में दूत ने किसके साथ अवैध यौन किया था? इस रहस्य को खोलने के लिये, आएं हम इस बात की जाँच करें कि मनुष्य ने किस प्रकार का पाप किया।
१.३.२ मनुष्य का अपराध
हमने पढ़ा है कि इससे पहले कि वे पाप में गिरे, आदम और हव्वा दोनों नंगे थे, और उन्हें अपने नंगे होने की लाज नहीं थी। (उत्पत्ति २:२५) पतन के बाद, तथापि, उन्हें अपने नंगे होने से लाज आई और उन्होंने अपने तन के निचले भागों (उत्पत्ति ३:७) को ढाँकने के लिये अंजीर की पत्तियाँ सिल कर लुंगी बनाई। यदि उन्होंने भले और बुरे के ज्ञान के पेड़ का वास्तविक फल खाने का अपराध किया होता तो अवश्य ही उन्हें अपना हाथ या मुंह ढाँपना चाहिये था। ग़लतियाँ छिपाना मानव स्वभाव है। इस प्रकार, अपने निचले भागों को ढाँकने की कार्रवाई से पता चलता है कि ये भाग उनकी शर्म के स्रोत थे, उनके मुंह नहीं।
अय्यूब ३१:३३ में लिखा है, “यदि मैंने आदम के समान अपना अपराध छिपाकर अपने अधर्म को ढाँप लिया हो।” (किंग जेमस संस्करण) पतन के बाद आदम ने अपने निचले भागों को छिपाया था; यह इंगित करता है कि उसका कलंक उसके निचले भागों में था। आदम और हव्वा के लैंगिक अंग उनकी लज्जा के कारण थे, क्योंकि वे उनके पापी कारनामों के साधन थे।
पतन से पहले की दुनिया में वह कौन सा ऐसा कर्म हो सकता है, जो कोई अपनी जान को जोखिम में डालकर कर सकता था? वह प्रेम-भोग के कृत्य के सिवाय और कुछ नहीं हो सकता। परमेश्वर का सृष्टि का उद्देश्य, जो इन आशीर्वादों में वर्णित है, “फूलो-फलो और प्रजनन करो,” (उत्पत्ति १:२८) केवल प्रेम के द्वारा प्राप्त किया जा सकता है। तदनुसार, परमेश्वर के सृष्टि के उद्देश्य के दृष्टिकोण से, प्रेम-भोग सब से अधिक मूल्यवान और पवित्र कृत्य है। परन्तु चूँकि पतन का कारण कामुक संबंध ही था, इसलिये बहुधा लोग इसे लज्जा या घृणा से जोड़ते हैं। अंत में हम इस निष्कर्ष पर पहुँचे हैं, कि मनुष्य अवैध संभोग संबंध के कारण पाप में गिरा।
१.३.३ स्वर्गदूत और मनुष्य के बीच अवैध यौन संबंध
अब तक हमने यह बताया है कि एक दूत ने मनुष्यों को पतित होने के लिये बहकाया था, और कि दूत और मनुष्य दोनों अवैध यौन प्रेम के कारण पतित हुए। जगत में केवल मनुष्य और स्वर्गदूत ही ऐसे आत्मिक प्राणी है जो प्रेम संबंध करने के लिए सक्षम हैं। इससे हम अनुमान लगा सकते हैं कि इस अवैध लैंगिक संबंध में दूत और मनुष्य दोनों शामिल थे। यीशु ने कहा, “तुम अपने पिता शैतान से हो और अपने पिता की लालसाओं को पूरा करना चाहते हो”। (यूहन्ना ८:४४) चूँकि इबलीस (प्रकाशितवाक्य १२:९) शैतान के रूप में पहचाना जाता है, तो हम यह दावे से कह सकते हैं कि मनुष्य शैतान के वंशज हैं, वही “प्राचीन सर्प” जिसने मनुष्य को भरमाया था।
किन परिस्थितियों के कारण मानव जाति पतित दूत शैतान की सन्तान बन गये? दूत और हमारे पहले पूर्वजों के बीच अवैध यौन संबंध हुआ था। इस संबंध के फलस्वरूप सारी मानवता शैतान का वंश बन गई है। जब संत पौलूस ने लिखा, “और केवल वही नहीं पर हम भी जिनके पास आत्मा का पहला फल है आप ही अपने में कराहते हैं; और लेपालक होने की, अर्थात् अपनी देह के छुटकारे की बाट जोहते हैं,” (रोमियों ८:२३) वह यह स्वीकार कर रहा था कि हम पतित लोग शैतान के वंश से निकले है परमेश्वर के वंश से नहीं। यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले ने भी लोगों को झिड़का “सांप के बच्चो”, यानी उन्हें शैतान के बच्चे कहकर बुलाया। (मत्ती ३:७) यीशु ने शास्त्रियों और फरीसियों से कहा, “हे सांप और करैतों के बच्चो, तुम नरक के दण्ड से कैसे बचोगे।” (मत्ती २३:३३) यह आयतें प्रमाणित करती हैं कि हम अवैध यौन के संबंध के वंश हैं जिसमें दूत और हमारे पहले पूर्वज शामिल थे। यथार्थ में, यह मानव पतन की वास्तविकता है।
१.४ भले और बुरे के ज्ञान के वृक्ष का फल
पहले यह बताया गया है कि भले और बुरे के ज्ञान का वृक्ष हव्वा का प्रतीक था। तो इस वृक्ष का फल किस वस्तु का प्रतीक हो सकता है? यह हव्वा के प्रेम को प्रगट करता है। जैसे कि एक वृक्ष फल के द्वारा अपना गुणन करता है, हव्वा को चाहिये था कि वह अपने पवित्र प्रेम के माध्यम से अच्छे बच्चों को जन्म दे। परंतु, इसके बजाय, उसने शैतानी प्रेम के माध्यम से बुरे बच्चे पैदा किए। हव्वा अपरिपक्व अवस्था में रची गई थी; वह विकास की अवधि से गुजरने के बाद ही पूर्ण प्रौढ़ता प्राप्त कर सकती थी। इस प्रकार, उसका अच्छे या बुरे फल देना, दोनों संभव था। यही कारण है कि भले और बुरे के ज्ञान के पेड़ का फल हव्वा के प्रेम का प्रतीक है, इस तरह हव्वा को स्वयं वृक्ष का प्रतीक होना चाहिए।
भले और बुरे के ज्ञान के पेड़ का फल खाना क्या दर्शाता था? जब हम कुछ खाते हैं, तो हम उसे अपने आप का हिस्सा बना लेते हैं। हव्वा को आदम के साथ परमेश्वर पर केन्द्रित प्रेम संभोग से अच्छाई का फल खाना चाहिये था। तब उसे परमेश्वर की दिव्यता का सार प्राप्त होता और वह एक अच्छा वंश प्रजनन कर सकती थी। लेकिन, उसने बुराई का फल खाया, यानी शैतान के साथ अपवित्र प्रेम संभोग किया। इस तरह उसने अपने अंदर शैतान की दुष्ट प्रकृति का सार प्राप्त किया और अधर्मी वंश जारी किया जिससे हमारा यह पापी समाज आरंभ हुआ है। तदनुसार, भले और बुरे के ज्ञान के वृक्ष का फल खाना यह द्योतित करता है कि हव्वा ने दूत के साथ शैतानी प्रेम संबंध निर्वाह किया, जिससे वह उसके साथ रक्त बंधन में बंध गई।
परमेश्वर ने पतित दूत को श्राप दिया, “तू पेट के बल चलेगा और जीवन भर मिट्टी चाटेगा”। (उत्पत्ति ३:१४) “तू पेट के बल चलेगा,” इसका अर्थ है कि तू एक दुखी दूत बन कर जीएगा, अच्छे कार्य करने में असमर्थ होगा और अपना मूल उद्देश्य नहीं निबाह सकेगा। “मिट्टी खाने” का अर्थ हुआ कि जब से दूत स्वर्ग से नीचे फेंक दिया गया है (यशायाह १४:१२, प्रकाशितवाक्य १२:९) वह परमेश्वर की ओर से मिलने वाले जीवन तत्वों से वंचित किया गया है। इसके बजाय, उसे पापी दुनिया से दुष्ट तत्व बटोर कर उन पर निर्वाह करना पड़ता है।
१.५ पाप की जड़
हमने बाईबल की उपरोक्त व्याख्या से यह सीखा है, पाप की जड़ पहले मानव पूर्वजों का किसी फल के खाने की वजह को संकेत नहीं करती है, बल्कि उनका दूत के साथ (जो सर्प का प्रतीक है) अवैध लैंगिक संबंध को प्रगट करती है। परिणामस्वरूप, उन्होंने परमेश्वर के शुद्ध वंश का प्रजनन नहीं किया, बल्कि शैतान के अधर्मी वंश का प्रजनन किया।
हमारे पास पर्याप्त सबूत हैं जो हमें यह पहचानने में सहायता करते हैं कि मनुष्य के पाप की जड़ व्यभिचार से फूटी है। हम जानते हैं कि मूल पाप वंश के माध्यम से पीढ़ी दर पीढ़ी जारी रहा है। यह इसलिये है क्योंकि पाप की जड़ यौन संबंधों के द्वारा जारी रहती है और लोगों को रक्त के संबंध से बांधती है। इसके अलावा, जो धर्म पाप से शुद्धिकरण की आवश्यकता पर ज़ोर देते हैं और व्यभिचार को सबसे बड़ा पाप मानते हैं वे इसे रोकने के लिए शुद्धता और संयम जैसे सदगुण सिखाते हैं। इज़राएली पवित्रता के लिए भुगतान की शर्त के रूप में खतने का अनुष्ठान करते थे। यह बात इंगित करती है कि पाप की जड़ वासनात्मक इच्छाओं में पायी जाती है। वे रक्त निकाल कर ख़ुद को परमेश्वर के चुने हुए लोगों के योग्य करते थे, क्योंकि पाप की जड़ अधर्मी रक्त में, जो व्यभिचार के द्वारा हमारे अस्तित्व में प्रविष्ट हुआ, पाई जाती है।
कामुक स्वच्छंद-संभोग बहुत से नायकों, देशभक्तों और देश के पतन का प्रमुख कारण है। बहुत से अति कुलीन लोगों में भी पाप की यह जड़—अवैध यौन कामना—उनकी आत्मा में निरंतर सक्रिय रहती है, और यहाँ तक कि होश के बिना अनजाने में भी क्रियाशील होती है। हम अन्य सभी बुराइयों को धर्म के माध्यम से नैतिक नियमों की स्थापना के द्वारा, विभिन्न शैक्षिक कार्यक्रमों को अच्छी तरह अनुबंध करके और सामाजिक-आर्थिक प्रणालियों में जो अपराध को बढ़ावा देतीं हैं सुधार करके मिटा सकते हैं। परन्तु लैंगिक स्वच्छंद-संभोग की महामारी की अत्यधिक प्रबलता को कोई भी रोक नहीं सकता, विशेष करके ऐसे समाज में जहाँ सभ्यता की प्रगति ने जीवन शैली को अधिक आरामदायक और आलसी बना दिया है। इसलिए, आदर्श दुनिया की आशा करना व्यर्थ सपना ही है जब तक यह बला जो सारी बुराइयों की जड़ है, जड़ से उखाड़ी नहीं जाती। दूसरे आगमन पर मसीह को इस समस्या को एक बार पूरी तरह से हल करने में सक्षम होना चाहिए।