संभाग १. सूली के द्वारा उद्धार
१.१ यीशु का मसीह के रूप आने का उद्देश्य
यीशु मसीह मानवता को पूर्ण मुक्ति देने के लिये आया था, इससे कम नहीं; उसे पुनरुद्धार की दैवी योजना के लक्ष्य को पूरा करना था। यीशु को स्वर्ग के राज्य की स्थापना पहले पृथ्वी पर करनी चाहिए थी। यीशु के स्वयं अपने चेलों को दिए हुए शिक्षण से हम यह अनुमान लगा सकते हैं। “इसलिये चाहिये के तुम सिद्ध बनो, जैसा तुम्हारा स्वर्गीय पिता सिद्ध है।” (मत्ती ५:४८)
सृष्टि के नियम के अनुसार, वह व्यक्ति जिसने सृष्टि के उद्देश्य को साधित कर लिया है वह पाप नहीं कर सकता, क्योंकि वह परमेश्वर के साथ पूर्ण सामंजस्य में है और उसकी प्रकृति दिव्य है। सृष्टि के उद्देश्य के अनुसार ऐसा व्यक्ति सिद्ध है जैसा स्वर्गीय पिता सिद्ध है। यीशु ने अपने चेलों को यह उपदेश इस आशा से दिया था कि वे ऐसे लोगों के रूप में पुनर्स्थापित हो सकें जिन्होंने सृष्टि का उद्देश्य साधित कर लिया हो ताकि वे राज्य के नागरिक बन सकें। इसके अतिरिक्त, यीशु ने लोगों को यह प्रार्थना सिखाई कि परमेश्वर की इच्छा पृथ्वी पर पूरी हो जैसे कि स्वर्ग में पूरी होती है, क्योंकि वह परमेश्वर का राज्य स्थापित करने के लिये और पतित मानवता को परमेश्वर के राज्य के नागरिक के रूप में नवीन करने के लिये आया था। उसने यह प्रचार किया कि “मन फिराओ क्योंकि स्वर्ग का राज्य निकट है”। (मत्ती ४:१७) यही कारण है कि यूहन्ना बपतिस्मा देने वाला, जो प्रभु का मार्ग तैयार करने के लिये आया था, उसने राज्य के निकट होने की घोषणा की। (मत्ती ३:२)
वे लोग किस प्रकार के होंगे, जो एक बार बहाल किए जाने पर सृष्टि का उद्देश्य साधित कर लेते हैं और सिद्ध हो जाते हैं जैसा स्वर्गीय पिता सिद्ध है? ऐसे लोग परमेश्वर के साथ पूरी तरह से घुल-मिल जाते हैं और अपने अंतरतम में परमेश्वर के हृदय का अनुभव करते हैं। वे दिव्य स्वभाव के होते हैं और परमेश्वर के साथ ऐसा जीवन बिताते हैं कि वे उससे कभी अलग नहीं हो सकते। इसके अतिरिक्त, उनमें मूल पाप नहीं होता, और इसलिये उन्हें उद्धारकर्ता की आवश्यकता नहीं होती है। उन्हें बड़ी मेहनत से प्रार्थना या धर्म पालन करने की आवश्यकता नहीं होती है जिस तरह पतित लोगों को जो परमेश्वर की तलाश करते हैं, होती है। इसके अतिरिक्त, चूँकि उनमें मूल पाप नहीं होता, उनके बच्चे स्वाभाविक तौर पर अच्छे और निष्पाप पैदा होते हैं और उनको पाप के मोचन के लिये उद्धारकर्ता की आवश्यकता नहीं होती है।
१.२ क्या सूली के द्वारा उद्धार का काम पूर्ण हुआ था?
क्या यीशु, जिसने हमें हमारे पापों से मोचन दिया, उसका सूली पर चढ़ाए जाने से पुनरुद्धार की दैवी योजना का लक्ष्य पूरा हुआ था? यदि ऐसा हुआ तो हमें यीशु के वफादार विश्वासियों से यह उम्मीद करनी चाहिये कि उन्होंने अपनी मूल प्रकृति पुन: प्राप्त कर ली है और पृथ्वी पर स्वर्ग का राज्य स्थापित कर लिया है। परन्तु ईसाई धर्म के पूरे इतिहास में कोई भी ऐसा नहीं हुआ है, चाहे वह कितना ही बड़ा भक्त क्यों न रहा हो, जिसने परमेश्वर के साथ एक हो कर उससे कभी अलग न होने वाला जीवन बिताया हो। किसी भी व्यक्ति ने परमेश्वर के हृदय को पूर्ण गहनता से कभी अनुभव नहीं किया है और ना ही वह कभी दिव्य प्रकृति से भरपूर हुआ है। कभी कोई ऐसा आस्तिक नहीं हुआ है जिसको मुक्ति की या प्रबल प्रार्थना और भक्ति के जीवन की आवश्यकता नहीं थी। यहाँ तक कि संत पौलुस भी, जो परमेश्वर का एक महान जन था, विश्वास के साथ प्रार्थना के जीवन के बिना नहीं रह सका। (रोमियों ७:१८-२५) इसके अतिरिक्त, कभी किसी भी ईसाई माता-पिता ने, चाहे वे कितने ही भक्त क्यों न रहे हों, मूल पाप रहित बच्चों को जन्म नहीं दिया है, जो उद्धारकर्ता के द्वारा मोचन के अनुग्रह के बिना परमेश्वर के राज्य में प्रवेश कर सकें। ईसाई माता-पिताओं ने भी मूल पाप अपने वंश के द्वारा लगातार प्रसारित किया है।
मसीही जीवन की इस कोरी समीक्षा से क्या सीखा जा सकता है? यह हमें सिखाती है कि सूली के द्वारा मोचन के अनुग्रह से ना तो मूल पाप पूरी तरह से उखाड़ा गया है और ना ही हमारी मूल प्रकृति पूरी तरह से बहाल हुई है। यह जानते हुए कि सूली के द्वारा मोचन उसके आने के उद्देश्य को पूरा नहीं कर सकता, यीशु ने फिर से आने का वादा किया। वह यह बात जानता था कि पृथ्वी पर स्वर्ग के राज्य को पुनःस्थापित करने के बारे में परमेश्वर की इच्छा नित्य और अपरिवर्तनीय है। इस प्रकार, अपनी वापसी पर परमेश्वर की इच्छा पूरी तरह से पूरा करने के लिए यीशु ने आशा प्रगट की।
तो क्या यीशु का सूली पर बलिदान व्यर्थ था? अवश्य नहीं। (यूहन्ना ३:१६) यदि ऐसा होता तो ईसाइयत का इतिहास इतना उत्कृष्ट न होता। इसके अतिरिक्त, हमारे अपने विश्वास के व्यक्तिगत अनुभवों से स्पष्ट होता है कि सूली के द्वारा मोचन का अनुग्रह कितना महान है। यह सच है कि सूली ने हमें हमारे पापों से छुटकारा दिया है; परन्तु, यह भी उतना ही सच है कि सूली ने हमारे मूल पाप का पूरी तरह से शोधन नहीं किया। उसने हमें निष्पाप अवस्था में जो सिद्धि की मूल प्रवृत्ति है, जिसमें हम कभी पाप नहीं कर सकते, बहाल नहीं किया और हमें पृथ्वी पर स्वर्ग का राज्य स्थापित करने के लिये सक्षम नहीं किया।
सूली के माध्यम से किस हद तक हमें मोक्ष मिली है इसका सही निर्धारण क्या है? जब तक इस सवाल का जवाब न मिल जाए, तब तक आधुनिक दुनिया में लोगों को अपनी आस्था का ठीक से मार्गदर्शन करना कठिन है। तथापि, पहले हमें यीशु की सलीबी मृत्यु पर फिर से विचार करना चाहिए।
१.३ सूली पर यीशु की मृत्यु
क्या परमेश्वर की सबसे वांछित इच्छा सूली पर यीशु की मृत्यु थी? आईये पहले हम यीशु के चेलों के वचनों और कामों की, जिसका बयान बाईबल में किया गया है, जाँच करें।
यीशु की मृत्यु के विषय में शिष्यों के बीच एक स्पष्ट सर्वसम्मति सी लगती है: वे सब दु:ख से पीड़ित और कुपित थे। स्तिफनुस, उदाहरण के लिए, यहूदी नेताओं की अज्ञानता और अविश्वास पर क्रोध से जल कर उन्हें दोषी ठहराता है, और उन्हें हत्यारा और विद्रोही कह कर बुलाता है, और उनके कार्यों की निंदा करता है। (प्रेरितों ७:५१-५३) उस समय से ईसाई लोग सामान्यतः ऐसी ही भावना रखते हैं जो यीशु के दिनों में उसके चेलों की थी। यदि यीशु की मृत्यु परमेश्वर की इच्छा की पूर्ति का पूर्वनिर्धारित परिणाम होता तो उसकी मृत्यु पर शोक करना चेलों के लिए प्राकृतिक तो होता, लेकिन वे उन पर इतना अधिक आक्रोशित नहीं होते और न ही उन यहूदी नेताओं पर रोष करते जो इसका कारण थे। हम उनकी कड़वी प्रतिक्रिया से अनुमान लगा सकते हैं कि यीशु की मृत्यु अन्यायपूर्ण और अनुचित थी।
आगे, आएं हम परमेश्वर की दैवी योजना के दृष्टिकोण से जांच करें कि यीशु का सूली पर चढ़ाया जाना क्या परमेश्वर की पूर्वनिर्धारित इच्छा के रूप में अनिवार्य था।
परमेश्वर ने अब्राहम के वंशजों में से इस्राएल के चुने हुए लोगों को बुलाया। उसने उन्हें संरक्षित रखा, उनका पालन-पोषण किया और कई बार उन्हें परीक्षणों और विपत्तियों के साथ अनुशासित भी किया। परमेश्वर ने उन्हें स्थिर रखने के लिये भविष्यवक्ताओं को भेजा, इस पक्के वादे के साथ कि एक दिन वह उनके लिये मसीह को भेजेगा। उसने लोगों को मसीह को स्वीकार करने के लिये और यह कह कर तैयार किया कि वह उसका निवास स्थान और मंदिर का निर्माण करें। जब यीशु का जन्म हुआ, परमेश्वर ने उसके आगमन की घोषणा की। उसने पूर्व से तीन ज्योतिषियों को भेजा, और शमौन, हन्नाह और यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले को, और अन्य लोगों को हर जगह गवाही देने के लिये भेजा।
यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाले के विषय में विशेष रूप से, बहुत लोगों को मालूम था कि उसके गर्भाधान की गवाही देने के लिये एक स्वर्गदूत प्रगट हुआ था। (लूक १:६३-६६) उसके जन्म के समय के अलौकिक चमत्कार के कारण यहूदिया में सभी की उम्मीदें बढ़ जाने से हलचल सी मच गई थी। इसके अतिरिक्त, यूहन्ना का जंगल में तपस्वी जीवन इतना प्रभावशाली था कि कई लोगों के दिलों में सवाल उठा था कि कहीं वह स्वयं मसीह तो नहीं है। (लूक ३:१५) ऐसे महान व्यक्तित्व यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले को भेजने के पीछे परमेश्वर का उद्देश्य, यीशु के लिये गवाही देने के लिये था और लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए था ताकि यहूदी लोग यीशु पर विश्वास करें।
चूंकि, परमेश्वर की इच्छा उस समय के यहूदी लोगों के लिये जो परमेश्वर की इच्छा से जीने के लिये प्रशिक्षित थे, यही थी कि वे यीशु पर विश्वास करें कि वह उनका मसीह है, इसलिये उन्हें उस पर विश्वास करना चाहिए था। यदि वे परमेश्वर की वांछा के अनुसार उस पर विश्वास कर लेते, तो क्या उनके मन में कभी उसे सूली पर चढ़ाने का विचार आता? क्या वे कभी यह चाहते कि मसीह पर, जिसके लिए वे इतने समय से और इतनी उत्सुकता से प्रतीक्षा कर रहे थे, कोई आँच आए? परन्तु वे परमेश्वर की इच्छा के विरुद्ध गये और यीशु पर विश्वास नहीं किया कि वह मसीह है,इसी लिये वह सूली पर चढ़ाए जाने के लिए दे दिया गया। इसलिये, हमें यह समझना चाहिये कि यीशु सूली पर मरने के लिए नहीं आया था।
आगे, आईये हम मसीह ही के शब्दों और कामों की जाँच करें और यह मालूम करें कि क्या वास्तव में मसीह का सूली पर चढ़ाया जाना, केवल एक ही रास्ता था जिससे वह अपना मिशन पूरी तरह से निबाह सकता था।
यीशु के शब्द और कार्य इस उपलक्ष्य को प्रगट करते हैं कि लोगों में विश्वास पैदा हो और वे जान जाएं कि वह मसीह है। उदाहरण की तौर पर, जब लोगों ने उससे पूछा कि परमेश्वर के कार्य करने के लिए हम क्या करें तो यीशु ने कहा: परमेश्वर का कार्य यह है कि तुम उस पर विश्वास करो जिसे उसने भेजा है। यूहन्ना ६:२९ एक दिन, जब वह फरीसियों के अविश्वास के कारण दुखित था और वहाँ कोई भी ऐसा नहीं था जिसके साथ वह अपने दिल का बोझ हलका कर सके, यीशु ने बहुत मलाल के साथ नीचे यरूशलेम के शहर को देखा। वह रोया और यहूदी लोगों के भाग्य पर दुःख किया, जिनका परमेश्वर ने बड़े कठोर परिश्रम और प्रेम के साथ दो हज़ार वर्ष से मार्गदर्शन किया था। यीशु ने भविष्यवाणी की कि यह शहर पूरी तरह से बरबाद हो जाएगा यहाँ तक कि कोई पत्थर पर पत्थर नहीं छोड़ा जाएगा। उसने स्पष्ट रूप से लोगों के अज्ञान की तरफ इशारा करते हुए यह बात कही, “तूने उस अवसर को जब तुझ पर कृपा दृष्टि हुई थी न पहचाना”। (लूक १९:४४)
एक और अन्य अवसर पर, यीशु ने यरूशलेम के लोगों के हट और अविश्वास पर विलाप करते हुए कहा: “हे यरूशलेम, हे यरूशलेम! तू भविष्यद्वक्ताओं को मार डालता है, और जो तेरे पास भेजे गये उन पर पथराव करता है। कितनी ही बार मैंने चाहा कि जैसे मुर्गी अपने बच्चों को अपने पंखों के नीचे इकट्ठा करती है, वैसे ही मैं भी तेरे बालकों को इकट्ठा कर लूँ, परन्तु तुमने न चाहा।” मत्ती २३:३७ जिन लोगों ने उस पर विश्वास करने से इनकार किया, जबकि वे शास्त्रों से, जो उसकी गवाही देते हैं, परिचित थे, यीशु ने उन पर दोष लगाते हुए कहा: “तुम पवित्र शास्त्र में ढूँढ़ते हो क्योंकि तुम समझते हो कि उसमें तुम्हें अनन्त जीवन मिलता है, और यह वही है जो मेरी गवाई देता है, फिर भी तुम जीवन पाने के लिये मेरे पास आना नहीं चाहते।” यूहन्ना ५:३९-४० मैं अपने पिता के नाम से आया हूँ और तुम मुझे ग्रहण नहीं करते...क्योंकि यदि तुम मूसा का विश्वास करते, तो मेरा भी विश्वास करते, इसलिये कि उसने मेरे विषय में लिखा है। यूहन्ना ५:४३-४६
यीशु ने हताश होकर उन्हें कितने चमत्कार और प्रतीक चिह्न दिखा कर उनका विश्वास बढ़ाने के लिये प्रयास किया! फिर भी, यीशु के चमत्कार के काम देखते हुए भी, धर्म के अगुवा लोगों ने उसका ठट्टा उड़ा कर कहा, कि वह बालज़बूल से भूतग्रस्त है। (मत्ती १२:२४) ऐसी स्थिति के बीच अत्यंत दुखी होकर यीशु ने कहा: तुम चाहे मेरा विश्वास न भी करो, परन्तु उन कामों का तो विश्वास करो, ताकि तुम समझो कि पिता मुझमें है और मैं पिता में हूँ। यूहन्ना १०:३८ फिर, उसने आलोचनात्मक रूप से अपने विरोधियों का सामना करके उनके पाखंड की निंदा की। (मत्ती २३:१३-३६) अपने शब्दों और कामों के द्वारा यीशु ने उन में अपने लिये विश्वास पैदा करने का प्रयास किया, क्योंकि यह परमेश्वर की इच्छा थी कि वे ऐसा करें। यदि वे परमेश्वर की इच्छा का पालन करते और यीशु पर विश्वास करते कि वह मसीह है, तो उनमें से कौन उसे सूली पर चढ़ाने के लिए हिम्मत करता?
ऊपर लिखे इन सभी सबूतों से हम समझ सकते हैं कि सूली पर यीशु की मृत्यु उस समय के लोगों की अज्ञानता और अविश्वास का दुर्भाग्यपूर्ण परिणाम था और वह मसीह के मिशन की पूर्ण पूर्ति के लिए आवश्यक नहीं था। यह सूली पर यीशु के अंतिम शब्दों द्वारा स्पष्टता से सचित्र है: हे पिता, उन्हें क्षमा कर, क्योंकि वे नहीं जानते कि वे क्या कर रहे हैं। लूक २३:३४
यदि परमेश्वर ने शुरू से यीशु का सूली पर मरना पूर्वनिर्धारित किया था, तो यीशु अवश्य उस नियत पथ पर चलने की अपेक्षा करता। तो फिर यीशु ने तीन बार ऐसी प्रार्थना क्यों की, “हे मेरे पिता, यदि हो सके तो यह कटोरा मुझ से टल जाए, तौभी जैसा मैं चाहता हूँ वैसा नहीं, परन्तु जैसा तू चाहता है वैसा ही हो।” (मत्ती २६:३९) सच्चाई तो यह है कि यीशु ने हताश होकर यह प्रार्थना की, क्योंकि वह अच्छी तरह से जानता था कि उसकी मृत्यु से पृथ्वी पर स्वर्ग के राज्य की स्थापना की आशा मिट जाएगी। और परमेश्वर के लिये यह दुखद निराशा होगी, जिसने पतन के बाद से इतने लम्बे अरसे तक कठिन परिश्रम के द्वारा इस आशा को साधित करने के लिये काम किया था। इसके अतिरिक्त यीशु को मालूम था कि मानवता के कष्ट उसके दूसरे आगमन के समय तक जारी रहेंगे।
यीशु ने कहा, “और जिस रीति से मूसा ने जंगल में साँप को ऊँचे पर चढ़ाया था, उसी रीति से अवश्य है कि मनुष्य का पुत्र भी ऊँचे पर चढ़ाया जाए।” (यूहन्ना ३:१४) जब इस्राएलियों ने कनान के रास्ते पर मूसा में विश्वास खो दिया, तब उग्र सर्प प्रगट हुए और उन्हें काटने लगे। परमेश्वर ने मूसा को एक कांसे के सर्प की प्रतिमा बनाने के लिए कहा और उसे एक खंबे पर लटका देने की आज्ञा दी, ताकि सभी जो सर्प को देखेंगे वे जी सकेंगे। (गिनती २१:४-९) इसी तरह, चुने हुए लोगों के उस पर विश्वास न करने के कारण यीशु को पूर्वाभास था कि मानव जाति नरक में डाली जाएगी। और यह भी कि सारी मानवता को बचाने के लिये, वह कांसे के सर्प की तरह सूली पर चढ़ाया जाएगा और जो उसे देखेंगे उन्हें मुक्ति प्रदान की जाएगी। इस स्थिति का पूर्वज्ञान होने पर यीशु ने अत्यंत शोकाकुल हृदय के साथ यह भविष्यवाणी की।
सूली पर यीशु की मौत परमेश्वर की इच्छा नहीं थी, बल्कि लोगों के अविश्वास के कारण हुई थी, इसका दूसरा संकेत यह भी है कि उसके सूली पर चढ़ाए जाने के बाद इस्राएल का नाश हो गया। (लूक १९:४४) जबकि, यीशु के लिये यह भविष्यवाणी की गई थी कि वह आकर दाऊद के सिंहासन पर बैठेगा और एक अनंत राज्य स्थापित करेगा: क्योंकि हमारे लिये एक बालक उत्पन्न हुआ, हमें एक पुत्र दिया गया; और प्रभुता उसके कांधे पर होगी, और उसका नाम अद्भुत संचालक पराक्रमी परमेश्वर, अनंतकाल का पिता और शांति का राजकुमार रखा जाएगा। उसकी प्रभुता सर्वदा बढ़ती रहेगी, और उसकी शांति का अंत न होगा, इसलिये वह उसको दाऊद की राजगद्दी पर इस समय से लेकर सर्वदा के लिये न्याय और धर्म के द्वारा स्थिर किए और संभाले रहेगा! सेनाओं के यहोवा की धुन के द्वारा यह हो जाएगा। यशायाह ९:६-७ यीशु के गर्भाधान से पहले मरियम को दिखाई देने वाले एक स्वर्गदूत ने भी उसी तरह की भविष्यवाणी की: देख तू गर्भवती होगी, और तेरे एक पुत्र उत्पन्न होगा; तू उसका नाम यीशु रखना। वह महान होगा और परमप्रधान का पुत्र कहलाएगा; और प्रभु परमेश्वर उसके पिता दाऊद का सिंहासन उसको देगा, और वह याकूब के घराने पर सदा राज्य करेगा; और उसके राज्य का अंत न होगा। लूक १:३१-३३
चुने हुए लोगों के लिये, जिनका नेतृत्व परमेश्वर ने अब्राहम के समय से हर तरह की कठिनाईयों से होकर किया था, परमेश्वर का स्पष्ट अभिप्राय था कि वह उन्हें एक मसीह भेजेगा और पृथ्वी पर एक अनन्त राज्य का निर्माण करेगा। परन्तु, जब यहूदी नेतृत्व ने यीशु पर अत्याचार किया और उसे सूली पर चढ़ाया तो इस्राएल ने परमेश्वर के राज्य की स्थापना करने का अधिकार खो दिया। कुछ ही पीढ़ियों में इस्राएल के लोग पृथ्वी के हर कोने में बिखर गए। तब से उन्होंने दमन और उत्पीड़न सहा है। यह उनके पूर्वजों की भूल का दुखद परिणाम के रूप में देखा जा सकता है क्योंकि उन्होंने मसीह को मौत के मुंह में ढकेल दिया, जिसे उन्हें सम्मानित करना चाहिये था, इस तरह वे पुनरुद्धार की दैवी योजना को पूरा करने में रुकावट बन गए। इसके अतिरिक्त, यीशु को मारने के इल्जाम में न केवल यहूदियों को, पर बहुत से वफादार ईसाई लोगों को भी, उनके हिस्से के सामूहिक पाप के रूप में सूली का भार अपने कंधों पर उठाना पड़ा।
१.४ सूली के द्वारा उद्धार की परिसीमा, और यीशु का दूसरे आगमन का उद्देश्य
यदि यीशु सूली पर नहीं चढ़ाया गया होता तो क्या होता? यीशु ने मोक्ष के दोनों आत्मिक और भौतिक पहलुओं को पूरा कर लिया होता। उसने निश्चित रूप से पृथ्वी पर अनन्त और अविनाशी स्वर्ग का राज्य स्थापित कर लिया होता। जबकि इसकी भविष्यवाणी यशायाह भविष्यद्वक्ता ने की थी, और स्वर्गदूत ने, जो मरियम को प्रगट हुआ था, इसकी घोषणा की थी, और स्वयं यीशु ने इसकी घोषणा की थी कि स्वर्ग का राज्य निकट है। (यशायाह ९:६-७, लूक १:३१-३३, मत्ती ४:१७)
जब परमेश्वर ने मनुष्य की सृष्टि की, “तब यहोवा परमेश्वर ने आदम को भूमि की मिट्टी से रचा, और उसके नथनों में जीवन का श्वास फूँक दिया; और आदम जीवित प्राणी बन गया।” (उत्पत्ति २:७) इस प्रकार, मनुष्य की रचना आत्मा और शरीर दोनों में की गई। उनका पतन भी दोनों आत्मिक और शारीरिक तौर पर हुआ।
चूँकि यीशु पूरी मुक्ति देने के लिये आया था, वह आत्मिक और शारीरिक दोनों के उद्धार का उत्तरदायी था। यीशु पर विश्वास करने का अर्थ उसके साथ एक हो जाना है, इसलिये यीशु ने अपनी तुलना सच्ची दाखलता से की है, और अपने शिष्यों की तुलना उसकी शाखाओं से की है। (यूहन्ना १५:५) उसने यह भी कहा, “उस दिन तुम जानोगे कि मैं अपने पिता में हूँ, और तुम मुझ में, और मैं तुम में।” (यूहन्ना १४:२०) पतित लोगों को शारीरिक और आत्मिक रूप से बचाने के लिए यह आवश्यक था कि यीशु शरीर में आए। यदि लोगों ने यीशु में विश्वास किया होता और उसके साथ आत्मा और शरीर दोनों में एकजुट हो जाते तो वे दोनों आत्मिक और शारीरिक रूप से मोक्ष प्राप्त करते। परन्तु लोगों ने उस पर विश्वास नहीं किया और उसे सूली पर चढ़ा दिया। यीशु का शरीर शैतान के हमले का शिकार बना, और वह मारा गया। इसी लिये, यद्यपि श्रद्धालु ईसाई लोगों का यीशु के साथ एकजुट होने पर भी, उनका शरीर शैतान के हमले का निशाना बनता है जैसे कि यीशु के शरीर के साथ हुआ था।
फलस्वरूप, कोई भी विश्वासी चाहे कितना बड़ा भक्त क्यों ना हो, वह यीशु के सूली से प्राप्त हुए मोक्ष के माध्यम से शारीरिक मोचन नहीं प्राप्त कर सकता। उसका मूल पाप, जो आदम के वंश के माध्यम से पारित किया गया है, वह जड़ से उखड़ा नहीं जाता। यहां तक कि बड़े से बड़े ईसाई भक्तों में भी मूल पाप होता है और जब वे बच्चों को जन्म देते हैं तो वह भी मूल पाप से लदे पैदा होते हैं। हमारे व्यक्तिगत विश्वास में हमें, शैतान के हमलों को रोकने के लिये जो निरंतर हमारे शरीर को अपने जाल में फंसाने की कोशिश करता है, अपने शरीर का दमन करने की और उसको वश में करने की आवश्यकता महसूस होती है। हमें “निरंतर प्रार्थना” करना सिखाया गया है (१ थिस्सलुनिकियों ५:१७), ताकि हम उन शर्तों पर हावी हो सकें जिनसे शैतान हम पर हमला करता है; यह शर्तें मूल पाप से उत्पन्न होतीं हैं, जो सूली के द्वारा उद्धार के बावजूद भी मिटाई नहीं गईं थीं।
यीशु पूर्ण उद्धार का लक्ष्य, आत्मिक और शारीरिक, दोनों स्तर पर पूरा नहीं कर सका, क्योंकि शैतान ने उसके शरीर पर प्रहार किया। परन्तु, सूली पर यीशु ने अपने खून के द्वारा मोचन के माध्यम से अपने जी उठने की विजयी नींव पर आत्मिक मुक्ति का आधार दृढ़ किया। परिणाम स्वरूप, उसके जी उठने के बाद से सभी विश्वासियों ने आत्मिक उद्धार का लाभ प्राप्त किया है, लेकिन उन्हें शारीरिक मुक्ति नहीं मिली।
सूली के द्वारा मोचन केवल आत्मिक उद्धार प्रदान करता है। मूल पाप श्रद्धालु ईसाई लोगों के शरीर में भी सक्रिय रहता है और यह वंश के द्वारा संतानों में पारित होता रहता है। कोई विश्वासी जितना अधिक अपनी आस्था में उत्कट हो उतनी कठोरता से उसे अपने अंदर के मूल पाप के विरुद्ध लड़ाई करनी पड़ती है।
यहाँ तक कि संत पौलुस जो प्रेरितों में सबसे अधिक धर्मनिष्ठ माना जाता है, अपने शरीर में पाप को रोकने की अपनी असमर्थता पर शोक करता है: क्योंकि मैं भीतरी मनुष्यत्व से तो परमेश्वर की व्यवस्था से बहुत प्रसन्न रहता हूँ। परन्तु मुझे अपने अंगों में दूसरी प्रकार की व्यवस्था दिखाई पड़ती है, जो मेरी बुद्धि की व्यवस्था से लड़ती है और मुझे पाप की व्यवस्था के बंधन में डालती है जो मेरे अंगों में है। मैं कैसा अभागा मनुष्य हूँ। मुझे इस मृत्यु की देह से कौन छुड़ाएगा? हमारे प्रभु यीशु के द्वारा परमेश्वर का धन्यवाद हो। इसलिये मैं आप बुद्धि से तो परमेश्वर की व्यवस्था का, परन्तु शरीर से पाप की व्यवस्था का सेवन करता हूँ। रोमियों ७:२२-२५ यह कथन पौलुस के आत्मिक उद्धार प्राप्त करने के आनन्द और उस गहरी पीड़ा के बीच के अंतर को दर्शाता है जो उसने इसलिये महसूस की क्योंकि वह शारीरिक मुक्ति को प्राप्त करने में असमर्थ था। यूहन्ना ने भी यह स्वीकार किया: यदि हम कहें कि हम में कुछ भी पाप नहीं, तो हम अपने आप को धोखा देते हैं, और हम में सत्य नहीं...यदि हम कहें कि हम ने पाप नहीं किया, तो उसे झूठा ठहराते हैं, और उसका वचन हम में नहीं है। १ यूहन्ना १:८-१० हम, जिन्होंने यीशु का सूली पर आधारित मोक्ष प्राप्त किया है, अपने आप को पाप की जंजीरों से छुड़ा नहीं सकते, यह मूल पाप के कारण है जो हमारे अंदर की गहराइयों में सक्रिय है। इसलिए, मूल पाप, जिसको वह सूली के माध्यम से नहीं निकाल सका, उसे उखाड़ने के लिए और शारीरिक उद्धार का काम पूरा करने के लिए, यीशु को पृथ्वी पर दुबारा आना ही चाहिए। तभी परमेश्वर के उद्धार के कार्य का उद्देश्य दोनों आत्मिक और शारीरिक रूप से पूरा होगा।
१.५ सूली के बारे में दो प्रकार की भविष्यवाणियाँ
यदि क्रूस पर यीशु की मृत्यु मसीह के उद्देश्य की पूर्ण उपलब्धि के लिये आवश्यक रूप से पूर्वनिर्धारित नहीं की गई थी, तो फिर यशायाह की पुस्तक में यह भविष्यवाणी क्यों की गई कि वह सूली पर अग्नि परीक्षा सहने का कष्ट उठाएगा? (यशायाह ५३)
हमें लगता होगा कि हो सकता है कि बाईबल में यीशु के केवल दुःख उठाने की भविष्यवाणी ही की गई है। परन्तु जब हम नियम के नए ज्ञान के साथ बाईबल पढ़ते हैं, तो हम यह देख सकते हैं कि इसके विपरीत और भी भविष्यवाणी की गईं हैं। जैसे कि यशायाह ने भविष्यवाणी कीं हैं (यशायाह ९, ११, ६०) और फिर स्वर्गदूत ने मरियम को सूचित करते हुए (लूक १:३१-३३) यह भविष्यवाणी की, कि यीशु अपने जीवन काल में यहूदियों का राजा बनेगा और पृथ्वी पर अविनाशी राज्य स्थापित करेगा। आईये हम यह जाँच करें कि परमेश्वर ने यीशु के लिये दो अलग प्रकार की भविष्यवाणी क्यों दीं।
परमेश्वर ने मनुष्य को ऐसा रचा है कि वह केवल अपने हिस्से की जिम्मेदारी पूरी करने पर ही पूर्णता प्राप्त कर सकता है। (प्रति संदर्भ—५.२.२) वास्तव में, पहले मानव पूर्वजों ने अपनी जिम्मेदारी नहीं निबाही और उनका पतन हो गया। इस प्रकार, मनुष्यों को परमेश्वर की इच्छा के अनुसार अपनी जिम्मेदारी को पूरा करने की क्षमता है, या फिर परमेश्वर की इच्छा के विपरीत वे अपनी जिम्मेदारी में विफल भी हो सकते हैं।
बाईबल से कुछ उदाहरण लेते हैं, आदम के हिस्से की जिम्मेवारी थी कि वह अच्छे और बुरे के ज्ञान के पेड़ के फल को न खाए। वह या तो इस आज्ञा का पालन करके पूर्णता प्राप्त कर सकता था, या फल खा कर अपना जीवन खो सकता था। उसने बाद वाला चुना।
पुराने नियम के युग में, परमेश्वर ने दस आज्ञाएं और मूसा का कानून दिया, जो लोगों के लिये उनके उद्धार की शर्त के रूप में पालन करने के लिए था। यह उनके अपने हिस्से कि जिम्मेदारी थी, कि या तो वे कानून को बनाए रखें और मोक्ष प्राप्त करें या आज्ञा न मान कर बरबाद हो जाएं। (व्यवस्थाविवरण ३०:१५-२०)
इज़राएलियों के लिये, जिन्होंने मिस्र को छोड़ कर कनान की ओर कूच किया, उनकी जिम्मेदारी यह थी, कि वह मूसा के निर्देशों का पालन करें। वे या तो ईमानदारी से मूसा के निर्देशों का अनुपालन करके कनान देश में प्रवेश करें या उसके खिलाफ बग़ावत करके प्रतिज्ञा के देश में प्रवेश न करें। वास्तव में, परमेश्वर ने यह पहले से कहा था कि वह इज़राएलियों का कनान देश में जाने के लिये मार्गदर्शन करेगा, (निर्गमन ३:८) और उसने मूसा को आज्ञा दी थी कि वह उनका वहाँ जाने के लिये नेतृत्व करे। तौभी, उनके विश्वास की कमी के कारण, लोग जंगल में नाश हो गए, केवल उनका वंश अंतिम गंतव्य तक पहुँचा।
मनुष्यों के लिये उनके अपने हिस्से की जिम्मेदारी ठहराई गई है; जिसको या तो वे परमेश्वर की इच्छा के अनुसार पूरा कर सकते हैं, या वे उसकी इच्छा के विपरीत पूरा करने में विफल हो सकते हैं। उसका प्रतिफल उनके अपने हिस्से की जिम्मेदारी को पूरा करने या न करने पर निर्भर होता है। इसी कारण से, परमेश्वर ने अपनी इच्छा की उपलब्धि के विषय में दो प्रकार की भविष्यवाणी दी हैं।
मसीह को भेजने का उत्तरदायित्व परमेश्वर का है। परन्तु, मसीह पर विश्वास करने का उत्तरदायित्व मनुष्य का है। यहूदी लोग परमेश्वर की इच्छा के अनुसार या तो मसीहा पर विश्वास कर सकते थे या उसकी इच्छा के विरोध में विश्वास नहीं करें। मानव जिम्मेदारी में दोतरफ़ा संभावना को ध्यान में रखते हुए, परमेश्वर ने यीशु के द्वारा अपनी इच्छा की परिपूर्णता के लिये दो प्रकार की भविष्यवाणी दीं। एक तरह की भविष्यवाणी से यह बताया गया कि यीशु लोगों के अविश्वास के कारण मारा जाएगा (यशायाह ५३)।दूसरे प्रकार की भविष्यवाणी से यह बताया गया कि लोग उसपर विश्वास करेंगे और यीशु का मसीह के रूप में सम्मान करेंगे और परमेश्वर की इच्छा को महिमा में पूरा करने के लिए उसकी मदद करेंगे। (यशायाह ९,११,६०; लूक १:३१) जब लोगों के अविश्वास के कारण यीशु की मृत्यु क्रूस पर हो गई, तो केवल पहले प्रकार की भविष्यवाणी पूरी हुईं। दूसरी तरह की भविष्यवाणी मसीह के दूसरे आगमन तक अपूर्ण रही है।
१.६ सुसमाचार के कुछ भागों में प्रभु यीशु ने अपने क्रूस पर चढ़ाए जाने के बारे में कहा, जिससे ऐसा प्रतीत होता है कि उसका सूली पर चढ़ाया जाना आवश्यक है
सुसमाचार के कई भागों में प्रभु यीशु ने क्रूस पर अपने दुःख उठाने के बारे में इस प्रकार से कहा है कि जैसे उद्धार के लिये सूली आवश्यक थी। उदाहरण के लिये, जब पतरस ने यीशु को सूली के निकट होने की भविष्यवाणी करते हुए सुना और उसे इस बारे में कहने से रोकने की कोशिश की है, तो यीशु ने उसे डांटकर कहा," हे शैतान मेरे सामने से दूर हो! तू मेरे लिये ठोकर का कारण है”। (मत्ती १६:२३) यीशु पतरस के साथ इतनी कठोरता से क्यों पेश आया? सच्चाई तो यह है कि यीशु ने यह शब्द उस समय कहे जब चुने हुए लोगों के अविश्वास के कारण उद्धार की दैवी योजना को शारीरिक और आत्मिक दोनों स्तर पर पूरा करने के लिए यीशु अपने प्रयासों में बिलकुल निराश हो गया था। उस समय तक, यीशु ने मानवता के आत्मिक उद्धार का द्वार खोलने के लिये क्रूस के भाग्य को क्षतिपूर्ति की शर्त के रूप में पूर्ण निश्चय के साथ स्वीकार कर लिया था। (लूक ९:३१) पतरस का टोकना, यीशु का सूली के माध्यम से आत्मिक मुक्ति का रास्ता खोलने में रुकावट डाल सकता था। इस कारण यीशु ने उसे घुड़का।
एक दूसरा उदाहरण यीशु के सूली पर अंतिम शब्द हैं, “पूरा हुआ”। (यूहन्ना १९:३०) यीशु के इन शब्दों का यह मतलब नहीं था कि सूली के द्वारा उसने उद्धार की दैवी योजना पूरी तरह परिपूर्ण कर ली है। जब उसने यह महसूस किया कि लोगों का अविश्वास अपरिवर्तनीय है, उसने सूली का रास्ता चुना ताकि वह आत्मिक उद्धार की नींव डाल सके, इस तरह शारीरिक मोक्ष का कार्य दूसरे आगमन के समय तक अधूरा रह गया। इसलिये “पूरा हुआ” शब्दों का मतलब यह है कि आत्मिक उद्धार की नींव डालने का कार्य पूरा हुआ। इस समय तक यह, दैवी योजना का वैकल्पिक लक्ष्य बन गया था।
हमारे यथोचित विश्वास के लिये यह आवश्यक है, कि पहले हम परमेश्वर से प्रार्थना में आत्मिक अनुभव के द्वारा प्रत्यक्ष सहभागिता स्थापित करें और फिर पवित्र शास्त्र को यथातथ्य पढ़ कर सत्य को समझें। यही कारण है कि यीशु ने हमें “आत्मा और सच्चाई” में उपासना करने के लिए कहा है। (यूहन्ना ४:२४)
यीशु के समय से, ईसाई लोगों का ऐसा विश्वास है कि यीशु क्रूस पर मरने के लिए ही इस दुनिया में आया था। यीशु का मसीह बन कर आने के मौलिक प्रयोजन से अंजान उन्होंने आत्मिक उद्धार को ग़लत समझा और यह सोचा कि उसका मिशन केवल इतना ही था। यीशु और जीना चाहता था और अपनी नियति को पूरा करना चाहता था, परन्तु लोगों के अविश्वास के कारण निराशा पूर्ण दिल के साथ मर गया। आज, यहाँ पृथ्वी पर वफादार दुलहन, यानी शुद्ध दिल के विश्वासियों को प्रगट होना चाहिये जो यीशु के दिल के कड़वे दुःख को हलका कर सकें। इससे पहले कि यीशु दुल्हा बनकर फिर से आए, ऐसी दुल्हन को प्रगट होना चाहिये जो यीशु के दिल के मनोरथ को बढ़ाएं। परंतु यीशु ने शोकाकुल हो कर कहा, “तौभी मनुष्य का पुत्र जब आएगा, तो क्या वह पृथ्वी पर विश्वास पाएगा?” (लूक १८:८) क्योंकि उसके लौटने पर उसे लोगों के अंधेरे में होने की संभावना का पूर्वाभास हुआ।
हमने बाईबल के अध्ययन से यह स्पष्ट कर दिया है कि यीशु क्रूस पर मरने के लिए नहीं आया था। हम इस तथ्य को और भी अधिक स्पष्ट रूप से समझ सकते हैं यदि हम आध्यात्मिक रूप से यीशु के साथ संवाद करें और सीधे उसी से पूछें। यदि हम आध्यात्मिक वास्तविकताओं का अनुभव नहीं कर सकते हैं, तो हमें चाहिये कि उन लोगों की गवाही को सुनें जो ऐसे दान से संपन्न हैं, ताकि हम उसका हृदय अच्छी तरह से समझ सकें हैं और अपने विश्वास को बढ़ा सकें। तब ही हम जो अंतिम दिनों में उसका स्वागत करेंगे मसीह की दुलहन बनने के योग्य होंगे।