दिव्य नियम का अध्ययन और अभ्यास
मेरे बुकमार्क

आपके पास अभी कोई बुकमार्क नहीं है।

संभाग २. एलिय्याह का दूसरा आगमन और यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाला

भविष्यद्वक्ता मलाकी ने भविष्यवाणी की थी कि एलिय्याह फिर से वापस आएगा: “देखो, यहोवा के उस बड़े और भयानक दिन के आने से पहले, मैं तुम्हारे पास एलिय्याह नबी को भेजूँगा”। (मलाकी ४:५) यीशु ने एलिय्याह के आगमन की गवाही दी कि जो भविष्यवाणी उसके लिये की गई थी वह और किसी में नहीं पर यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले में पूरी हुई: “परन्तु मैं तुम से कहता हूँ कि एलिय्याह आ चुका है, और तुम लोगों ने उसे नहीं पहचाना, परन्तु जैसा चाहा तुमने उसके साथ वैसा ही किया...तब चेलों ने समझा कि उसने हमसे यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाले के विषय में कहा।” मत्ती १७:१२-१३ फिर भी, यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाले ने खुद को नहीं पहचाना कि वह एलिय्याह का दूसरा आगमन है, (यूहन्ना १:२१) और न ही यहूदी लोगों ने पहचाना। यीशु के बारे में यूहन्ना की अज्ञानता ने उस के दिल में संदेह भर दिया। (मत्ती ११:३) चूंकि बहुत से यहूदी लोग यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाले के दृष्टिकोण का सम्मान करते थे। यह यीशु के प्रति उनके अविश्वास का कारण बन गया। यूहन्ना की अज्ञानता, यीशु के क्रूस पर चढ़ाए जाने का प्रमुख कारक थी।

२.१ एलिय्याह के वापस आने के बारे में यहूदियों की धारणा

संयुक्त राज्य की अवधि के दौरान, उसके पवित्र मंदिर के बनाने के लिये परमेश्वर का आदर्श राजा सुलेमान के अपराधों के कारण कुंठित हो गया था। (प्रति संदर्भ समान्तर ३) मंदिर के पुनर्निर्माण और मसीह के, जो मंदिर का देहधारी है, आगमन का मार्ग प्रशस्त करने के लिए परमेश्वर ने इज़राएल में चार प्रमुख और बारह अप्रमुख भविष्यद्वक्ता भेजे, और उनके द्वारा इज़राएलियों के शैतानी प्रभावों को शुद्ध करने के लिए काम किया। इन के अतिरिक्त, परमेश्वर ने एलिय्याह नबी को कार्मेल पहाड़ पर बाल के भविष्यद्वक्ताओं का सामना करने के लिए भेजा; उसने उन्हें परमेश्वर की शक्ति के साथ पराजित किया और बाल की वेदियों को नीचे गिरा दिया। परन्तु, एलिय्याह अपना दिव्य मिशन पूरा करने से पहले एक बवंडर के साथ उग्र रथ में सवार होकर स्वर्ग में चढ़ गया। (२राजा २:११) शैतान की शक्ति फिर से प्रबल हो गई और परमेश्वर की दैवी योजना के लिए उत्पात बन गई। मसीह का रास्ता अब सीधा नहीं हो सकता था जब तक शैतान के प्रभाव निकाले न जाएं। इसलिए, इससे पहले कि यीशु साक्षात मंदिर का आदर्श साधित करे, दूसरे भविष्यद्वक्ता को एलिय्याह का अधूरा मिशन पूरा करना चाहिये, जो लोगों के शैतान के बंधन को तोड़े। इस दैवी आवश्यकता के कारण, मलाकी भविष्यद्वक्ता ने पहले ही बताया कि एलिय्याह फिर से आएगा। (मलाकी ४:५)

यहूदी लोग, शास्त्र की भविष्यवाणी में विश्वास रखते थे और बड़ी आशा के साथ सरगर्मी से मसीह के आगमन की बाट जोहते थे। परंतु, हमें यह मालूम होना चाहिये कि वे एलिय्याह की वापसी की भी उतनी ही उत्सुकता से लालसा करते थे। इस का कारण यह है कि परमेश्वर ने नबी मलाकी के द्वारा स्पष्टता से यह वायदा किया था कि वह मसीह के आने से पहले एलिय्याह को प्रभु के लिये रास्ता तैयार करने के लिये भेजेगा। एलिय्याह मसीह के जन्म से ८५० वर्ष पहले स्वर्ग में चढ़ गया था; उस समय से वह स्वर्ग में रहता था। हम रूपांतर की कथा से परिचित हैं, जब एलिय्याह और मूसा यीशु के चेलों के सामने प्रगट हुए थे। (लूक ९:२८-३६) कई यहूदियों का मानना था कि जब एलिय्याह आएगा तो वह जिस रीति से स्वर्ग पर चढ़ा था उसी रीति से वह स्वर्ग से उतरेगा। जिस प्रकार आज ईसाई लोग दृढ़ संकल्प से आकाश की ओर इस आशा से देखते हैं कि यीशु बादलों पर आएगा, उसी तरह यीशु के दिनों में यहूदी लोग भी बड़ी उत्सुकता से आकाश की ओर देख कर एलिय्याह की बाट जोहते थे।

फिर भी, इससे पहले कि मलाकी की भविष्यवाणी पूरी हो और एलिय्याह के दुबारा आने का कोई समाचार मिले, यीशु अचानक से प्रगट हो गया और मसीह होने का दावा करने लगा। यह कोई आश्चर्य की बात नहीं है कि यीशु की उपस्थिति और उद्घोषणा से यरूशलेम में बड़ा हड़कंप मच गया था। यीशु के चेले जहाँ कहीं गये उनसे एलिय्याह के बारे में प्रश्न किया गया कि उसे मसीह से पहले आना चाहिये था। चेलों के पास इस प्रश्न का ठीक उत्तर न होने के कारण उन्होंने यीशु से पूछा, “फिर शास्त्री क्यों कहते हैं कि एलिय्याह का पहले आना आवश्यक है?” (मत्ती १७:१०) यीशु ने उत्तर दिया कि यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाला एलिय्याह है जिसकी लोग प्रतीक्षा कर रहे थे। (मत्ती १७:१२-१३)

चूँकि चेले पहले ही से यीशु पर विश्वास करते थे कि वह मसीह है, उन्होंने यीशु की गवाही पर आसानी से विश्वास कर लिया कि यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाला ही एलिय्याह है। परन्तु दूसरे लोग, जो यीशु को नहीं जानते थे, उसका यह विवादास्पद दावा कैसे स्वीकार कर सकते थे? यीशु यह जानता था कि वे आसानी से विश्वास नहीं करेंगे, इसलिये उसने उनसे कहा, “चाहो तो मानो कि एलिय्याह जो आने वाला था वह यही है।” (मत्ती ११:१४)

यहूदियों का यीशु की उद्घोषणा पर विश्वास करना और भी कठिन इसलिये हो गया क्योंकि यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाला पहले ही इस बारे में इनकार कर चुका था। यूहन्ना ने यह ज़ोर देकर कहा कि वह एलिय्याह नहीं है। “तब उन्होंने उससे पूछा तो फिर तू कौन है? क्या तू एलिय्याह है? उसने कहा, मैं नहीं हूँ। (यूहन्ना १:२१)”

२.२ वह रास्ता जो यहूदी लोग चुनने वाले थे

यीशु ने स्पष्ट करके कहा, यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाला वही एलिय्याह है जिसकी लोग बहुत उत्सुकता से प्रतीक्षा कर रहे हैं, परन्तु इसके विपरीत यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले ने इस बात से साफ-साफ इनकार कर दिया। यहूदी लोग अब किस पर विश्वास करेंगे? यह मसला, यीशु या यूहन्ना, दोनों में से किस पर निर्भर करता था, कौन लोगों की नज़रों में अधिक विश्वास योग्य और आदरणीय माना जाता था।

आएँ हम यह जांच करें कि यीशु यहूदी लोगों की नज़रों में कैसा दिखता था।

यीशु एक अशिक्षित जवान आदमी था जो एक बढ़ई के गरीब और दीन-हीन घर में पल कर बड़ा हुआ था। यह अज्ञात युवक अचानक से लोगों के सामने प्रगट होता है और खुद को "सब्त के दिन का प्रभु" कहता है, और जबकि प्रकटतः तौर पर वह सब्त के दिन को दूषित कर रहा था, जिसे यहूदी अत्यंत श्रद्धा के साथ पवित्र मानते थे। (मत्ती १२:१-८) इस तरह यीशु ने ऐसा नाम प्राप्त किया कि जैसे वह कानून को मिटाना चाहता हो, जो यहूदियों के लिए मोक्ष का आधार था। (मत्ती ५:१७) इसलिए, यहूदी समुदाय के नेताओं ने यीशु को सताया। इस तरह यीशु ने विवश होकर मछुआरों के बीच में से अपने लिये चेले इकट्ठे किए और कर संग्राहकों, वेश्याओं और पापियों को दोस्त बनाया और जिनके साथ वह उठता-बैठता और खाता-पीता था। (मत्ती ११:१९) यहूदी नेताओं की दृष्टि में और अधिक बुरा तो यह था कि जब यीशु ने कहा कि कर संग्राहक और वेश्याएं स्वर्ग के राज्य में उन से पहले प्रवेश करेंगे। (मत्ती २१:३१)

एक अवसर पर, एक वेश्या रोते हुए यीशु के पास आई और उसके पैरों को चूम कर अपने आँसू से उसके पैरो को गीला करके अपने बालों से पोंछने लगी, फिर कीमती तेल कुप्पी से निकाल कर उसके पैरों पर मलने लगी। (लूक ७:३७-३८) एक वेश्या से ऐसी परिचर्या स्वीकार करना आधुनिक समाज में भी अनुचित होगा; निश्चित रूप से यह यहूदी समाज के लिये, जिसमें कठोर नैतिक संहिता के अंतर्गत व्यभिचारिणी को पत्थरवाह करके मौत का दंड दिया जाता था, निन्दात्मक था। फिर भी यीशु ने न केवल उसकी भव्य सेवा को स्वीकार ही किया; उसने उसकी प्रशंसा भी करी और जब उन्होंने उस महिला को रोकने की कोशिश की उसने अपने चेलों को डांटा। (लूक ७:४४-५०)

इसके अतिरिक्त, यीशु अपने आप को परमेश्वर के साथ समान स्तर पर रखता हुआ लगा (यूहन्ना १४:९) और उसने इस बात पर भी ज़ोर दे कर कहा कि उसके बिना कोई भी परमेश्वर के राज्य में प्रवेश नहीं कर सकता। (यूहन्ना १४:६) उसने जोर देकर कहा लोगों को चाहिए कि वे उसे अपने माता-पिता, भाइयों और बहनों, जीवन साथी या बच्चों से अधिक प्यार करें। (मत्ती १०:३७, लूक १४:२६) इस प्रकार, कई लोगों को यीशु के शब्द और कार्य धर्मद्रोही से दिखाई दिए। इसलिए, यह आश्चर्य की बात नहीं है कि यहूदी नेतृत्व ने उसे झिड़का और उस पर दुष्ट आत्माओं के राजकुमार बालज़बूल से आवेशित आरोप लगाकर उसका ठट्ठा किया। (मत्ती १२:२४) इन सभी तथ्यों से यह अनुमान लगाया जा सकता है कि यीशु अपने समय के यहूदी लोगों की आँखों में विश्वासयोग्य नहीं था।

ठीक उसी समय, यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाला यहूदी लोगों के सामने कैसा जान पड़ता था?

यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाला एक प्रमुख परिवार में पैदा हुआ था; वह ज़कर्याह याजक का बेटा था। यूहन्ना के गर्भाधान के समय के चमत्कार और जन्म संकेतों से यहूदिया के आसपास के सभी पहाड़ी देशों के लोग विस्मित थे। एक दिन, जब ज़कर्याह मंदिर में धूप जला रहा था, एक स्वर्गदूत उसके सामने आ खड़ा हुआ और उसने घोषणा की कि उसकी बूढ़ी पत्नी, जो बंजर थी, उसे जल्द ही एक बेटा गर्भ धारण होगा। जब उसने स्वर्गदूत के वचन पर विश्वास नहीं किया तो वह गूँगा हो गया, और उसकी जीभ बच्चे के जन्म पर ही खुली। (लूक १:९-६६) इसके अतिरिक्त, यूहन्ना ने जंगल में एक आदर्श आस्था पूर्ण जीवन व्यतीत किया था और कि वह टिड्डियां और जंगली शहद खा कर रहता था। इन कारणों से, कई यहूदी लोग सोचते थे कि शायद वह मसीह तो नहीं है, और याजकों और लेवियों का एक प्रतिनिधिमंडल उसके पास आया और उससे सीधे इस बात का जवाब पूछा। (लूक ३:१५, यूहन्ना १:२०) यहूदी लोग यूहन्ना का इस हद तक आदर करते थे।

यीशु के समय के यहूदी लोगों ने जब यूहन्ना और यीशु दोनों की परिस्थितियों की तुलना करके विचार किया तो उन्हें कौन अधिक विश्वसनीय दिखाई दिया? निःसंदेह यूहन्ना के बोल उन्हें अधिक भरोसेमंद लगे। इसलिये स्वभावतः उन्होंने यीशु की गवाही, कि यूहन्ना एलिय्याह है, से अधिक यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाले के वचन का विश्वास किया जब उसने स्वयं एलिय्याह होने से इनकार किया। चूँकि लोगों ने यूहन्ना पर विश्वास किया, उन्होंने यीशु के कहने को झूठ समझा, यह सोचकर कि उसने अपने मसीह होने के संदेहात्मक दावे के समर्थन के लिये मनगढ़ंत कहा है। फलस्वरूप, यीशु बहुरूपिये के रूप में अपराधी ठहराया गया।

यीशु का एक बार बहुरूपिया ठहराए जाने से लोगों में उसके लिये अविश्वास रोज़-ब-रोज़ बढ़ता गया। उन्हें उसके काम और वचन और भी अधिक अप्रिय लगने लगे। चूंकि वे यीशु के शब्दों के बजाए यूहन्ना के शब्दों पर अधिक विश्वास करते थे, इसलिये उन्हें केवल यही लगता है कि एलिय्याह अभी तक नहीं आया है। तदनुसार, वे इस बात का अनुमान ही नहीं लगा सकते थे कि मसीह आ चुका है।

जब तक यहूदी लोगों ने मलाकी की भविष्यवाणी में विश्वास रखा, उन्हें यीशु को, जिसने मसीह होने का दावा किया, उपेक्षित करना पड़ा, क्योंकि उनके दृष्टिकोण से एलिय्याह अभी तक नहीं आया था। दूसरी ओर, यीशु में विश्वास करने के लिए उन्हें, बाईबल की भविष्यवाणी जो कहती है कि एलिय्याह की वापसी के बाद ही मसीह आएगा, अस्वीकार करना पड़ता था। चूँकि धर्मनिष्ठ यहूदी शास्त्र की भविष्यवाणी को नकारने का विचार भी नहीं कर सकते थे, इसलिये उनके पास, यीशु पर विश्वास न करने के अलावा और अन्य कोई चारा बाकी नहीं रहा।

२.३ यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले की अविश्वसनीयता

यहूदी नेताओं के बीच और यीशु के दिनों के बहुत से लोग यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाला को बहुत आदर-सम्मान देते थे; कुछ लोग तो यह भी सोचते थे कि वह मसीह है। यदि यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाले ने यह घोषित किया होता कि वह एलिय्याह है, जैसे कि यीशु ने उसके लिये गवाही दी थी, तो जो लोग मसीह के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे थे वह आसानी से यूहन्ना की गवाही पर विश्वास करके यीशु के पीछे हो लिए होते। परन्तु, परमेश्वर की दैवी योजना के बारे में यूहन्ना की अज्ञानता, जिसके कारण उसने ज़ोर देते हुए कहा कि वह एलिय्याह नहीं था, यहूदी लोगों के यीशु के पास न आने का प्रमुख कारण बन गया।

यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाले ने यरदन नदी पर यीशु के लिये गवाही दी: मैं तो पानी से तुम्हें मन फिराव का बपतिस्मा देता हूँ, परंतु जो मेरे बाद आने वाला है, वह मुझ से अधिक शक्तिशाली है, मैं उसकी जूती उठाने के योग्य नहीं हूँ, वह तुम्हें पवित्र आत्मा और आग से बपतिस्मा देगा। मत्ती ३:११ मैं तो उसे पहचानता नहीं था, परन्तु जिसने मुझे जल से बपतिस्मा देने को भेजा उसी ने मुझ से कहा, ‘जिसपर तू पवित्र आत्मा को उतरते और ठहरते देखे, वही पवित्र आत्मा से बपतिस्मा देने वाला है’। और मैंने देखा, और गवाही दी है कि यही परमेश्वर का पुत्र है। यूहन्ना १:३३-३४ परमेश्वर ने प्रत्यक्षतः यूहन्ना को यह प्रगट किया था कि यीशु मसीह है, और यूहन्ना ने इस प्रकटीकरण की गवाही भी दी। इसके अतिरिक्त उसने कहा, “मैं जंगल में पुकारने वाले का शब्द हूँ कि तुम प्रभु का मार्ग सीधा करो” (यूहन्ना १:२३) और यह घोषित किया मैं, वही हूँ जिसे मसीह के आगे भेजा गया है। (यूहन्ना ३:२८)

इसलिए, यूहन्ना को स्वयं अपनी बुद्धि से यह समझना चाहिये था कि वह वापस आने वाला एलिय्याह है। भले ही यूहन्ना यह सच्चाई समझ नहीं पाया तौभी चूँकि परमेश्वर ने उसे यह प्रगट कर दिया था कि यीशु मसीह है, तो आज्ञाकारी बन कर उसे यीशु की गवाही स्वीकार कर लेनी चाहिये थी और अपने आप को एलिय्याह घोषित कर देना चाहिये था। परन्तु यूहन्ना परमेश्वर की इच्छा से अबोध था। उसने यीशु के द्वारा अपने लिये दी गई गवाही का निषेध किया; इसके अतिरिक्त वह यीशु से विलग हो गया और अलग अपने रास्ते पर चला गया। यीशु इन घटनाओं से कितना दुखित हुआ होगा यह हमारी कल्पना से बाहर है। अपने पुत्र को इतनी कठिन स्थिति में देख कर परमेश्वर को कैसा लगा होगा।

सच तो यह है कि यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले का मिशन यीशु को बपतिस्मा देने के बाद और उसकी गवाही देने के बाद समाप्त हो गया था। इसके बाद उसका मिशन क्या होना चाहिये?

यूहन्ना के जन्म के समय उसके पिता ज़कर्याह ने पवित्र आत्मा से भर कर अपने पुत्र के मिशन के लिये यह कह कर भविष्यवाणी की “ऐसी करुणा हो...उसके सामने पवित्रता और धार्मिकता से जीवन भर निडर रहकर उसकी सेवा करते रहें,” (लूक १:७४-७५) इस प्रकाश में, यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाले को यीशु के बारे में गवाही देने के बाद, दूसरों से अधिक प्रबल भक्ति के साथ अपना बाकी जीवन यीशु का शिष्य बनकर उसकी सेवा में बिताना चाहिये था। परन्तु, यूहन्ना यीशु को छोड़ कर अलग स्वतंत्र रूप से बपतिस्मा देने को चला गया। इस में कोई आश्चर्य नहीं कि यहूदी लोग इस हद तक उलझन में पड़ गये थे कि वे सोचने लगे कि हो सकता है कि यूहन्ना ही मसीह है। (लूक ३:१५) उनके नेता भी असमंजस में थे। (यूहन्ना १:१९-२०) इससे अधिक, एक घटना में, यीशु का अनुसरण करनेवाला एक यहूदी और यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाले के चेले इस बात पर आपस में झगड़ने लगे कि किसका गुरु अधिक लोगों को बपतिस्मा दे रहा है। (यूहन्ना ३:२५-२६)

यूहन्ना के इस बयान से, “अवश्य है कि वह बढ़े और मैं घटूँ,” (यूहन्ना ३:३०) हम यह समझ सकते हैं कि वह अपने दिल में यह नहीं मानता था कि वह यीशु के साथ एक ही भाग्य से बंधा है। यदि यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाला और यीशु कंधे से कंधा मिलाकर चलते और उनके साझे में एक ही भाग्य था तो यह कैसे हो सकता है कि यीशु बढ़े और यूहन्ना घटे? वस्तुतः, यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाले को यीशु का सबसे बड़ा प्रेरित होना चाहिये था और उसे उत्साह के साथ यीशु के सुसमाचार का प्रचार करना चाहिये था। परन्तु, अपनी दृष्टिहीनता के कारण वह अपने मिशन को पूरा नहीं कर सका। उसका अनमोल जीवन जिसको उसे यीशु की प्रस्तुति में व्यतीत करना चाहिये था, अंततः एक अपेक्षाकृत साधारण से मामले के कारण हाथ से निकल गया। (मरकुस ६:१४-२९)

जब तक यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाले का मन परमेश्वर के साथ लगा हुआ था, उसने यीशु को मसीह मान कर उसके लिये गवाही दी। बाद में जब उसकी प्रेरणा जाती रही तब वह अपनी साधारण स्थिति में वापस आ गया, वह फिर से अबोध हो गया और उसकी अज्ञानता ने उसके अविश्वास को बढ़ावा दिया। अपने आप को एलिय्याह की वापसी मानने में असमर्थ होने के कारण, यूहन्ना, अन्य यहूदियों की तरह, विशेष करके उसके कैद होने के बाद यीशु को अविश्वास की नज़रों से देखने लगा। अब यीशु के हर शब्द और काम उसे अजीब और हैरान करने वाले लगने लगे। एक बार, यूहन्ना ने अपना संदेह मिटाने के लिये यीशु के पास अपने चेलों को भेज कर पूछा, “क्या आने वाला तू ही है या हम किसी और की बाट जोहें”? (मत्ती ११:३) जब यीशु के सामने यूहन्ना का यह प्रश्न आया तो उसने क्रोध में आकर चेतावनी देते हुए उत्तर दिया, जाओ और यूहन्ना से कहो: “जो तुम सुनते हो और देखते हो, वह सब जाकर यूहन्ना से कह दो, अंधे देखते हैं, लंगड़े चलते फिरते हैं, कोढ़ी शुद्ध किए जाते हैं, बहरे सुनते हैं और मुर्दे जिलाए जाते हैं, और कंगालों को सुसमाचार सुनाया जाता है। और धन्य है वह जो मेरे कारण ठोकर न खाए।” —मत्ती ११:४-६

यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाला गर्भ से ही यीशु की सेवा-टहल करने के लिये चुना गया था। उसने जंगल में एक कठिन तपस्वी जीवन बिताया था, उसे आने वाले मसीह के लिए रास्ता तैयार करने के लिए धर्म-सेवा का निर्माण करना था। जब यीशु ने अपनी सार्वजनिक धर्म-सेवा का काम शुरू किया था तब परमेश्वर ने औरों से पहले यूहन्ना को यीशु को पहचानने के लिये प्रेरित किया, ताकि वह उसकी परमेश्वर के पुत्र होने की गवाही दे। तब भी यूहन्ना ने स्वर्ग का दिया गया अनुग्रह यथायोग्य ग्रहण नहीं किया। इसलिए, यूहन्ना के संदेहजनक प्रश्न का उत्तर यीशु ने स्पष्ट रूप से नहीं दिया कि वह मसीह है, इसके बजाय उसने उसे घुमाकर जवाब दिया। अवश्य ही यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाला यीशु के चमत्कार और चिह्नों के बारे में जानता होगा। इसके बावजूद, यह जताते हुए कि वह कैसे काम कर रहा है, यीशु ने उसे अस्पष्ट उत्तर दिया, इस आशा से कि यह उसकी सही पहचान करने के लिए उसे जागृति करें।

हमें समझना चाहिए कि जब यीशु ने कहा, “कंगालों को सुसमाचार प्रचार किया जा रहा है,” वह यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले और यहूदी नेतृत्व के अविश्वास पर गहरा दुःख व्यक्त कर रहा था। यीशु के लिये, यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाला और जिन यहूदियों को विशेष करके तैयार किया गया था, वे धनवान लोग थे जिन पर परमेश्वर के प्रेम का बहुत बड़ा अनुग्रह था। परन्तु, जब उन सभी ने यीशु को अस्वीकार किया, तब वह गलील के समुद्र तट पर और सामरया के क्षेत्र में “गरीबों” के बीच ऐसे लोगों की खोज में निकल पड़ा जो सुसमाचार सुनना चाहते थे। वे गरीब अशिक्षित मछवे, कर-संग्रहक और वेश्याएं थीं।

शिष्य बनाने के लिये जैसे लोग यीशु चाहता था यह वैसे नहीं थे। चूँकि यीशु पृथ्वी पर स्वर्ग के राज्य की स्थापना करने के लिए आया था, उसे ऐसे नेता की आवश्यकता थी जो हजारों का मार्गदर्शन कर सकें न कि हज़ारों लोगों की जो एक नेता के पीछे चलने वाले हों। क्या उसने मंदिर के याजकों और लेखकों को पहले सुसमाचार प्रचार नहीं किया था? वह वहाँ कुशल और सक्षम लोगों की तलाश में गया था।

फिर भी, यीशु ने एक दृष्टान्त के द्वारा इशारा करते हुए कहा, क्योंकि जो अतिथि भोज के लिये आमंत्रित किए गये थे वे नहीं आए तो उसे सड़कों गलियों में घूमकर कंगालों, अपंग, अंधे और लंगड़ों को एकत्र करना पड़ा। (लूक १४:१६-२४) ऐसी दुखित स्थिति में उसने समाज के बिन बुलाए, निर्वासित लोगों को भोज प्रसादन प्रदान किया, यीशु ने इस दुःख को इन न्याय-युक्त शब्दों में व्यक्त किया: “धन्य है वह जो मेरे कारण ठोकर न खाए।” (मत्ती ११:६)

यद्यपि, उन दिनों में यूहन्ना का बड़ा नाम था, फिर भी यीशु ने यूहन्ना के जीवन के लिये निर्णय लेते हुए उलटा बोल कर कहा, कि जो मेरे कारण ठोकर खाए वह धन्य नहीं हो सकता चाहे वह कितना महान क्यों न हो।

यूहन्ना ने यीशु के कारण ठोकर खाई और इस तरह वह अपना मिशन, अपना सारा जीवन भक्ति के साथ यीशु की सेवा में लगाने में विफल हो गया।

यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले के चेले जब यीशु से प्रश्न पूछ कर चले गये, यीशु ने कहा, भविष्यवक्ताओं में यूहन्ना सबसे अधिक महान क्यों न रहा हो, वह परमेश्वर के दिये गये मिशन को पूरा करने में विफल हो गया है: मैं तुम से सच कहता हूँ कि जो स्त्रियों से जन्में हैं, उनमें से यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले से बड़ा कोई नहीं हुआ; पर जो स्वर्ग के राज्य में छोटे से छोटा है वह उससे बड़ा है। मत्ती ११.११ हर कोई जो स्वर्ग में है वह औरत का जन्म हुआ है और सांसारिक जीवन बिता चुका है। कोई सोचेगा चूँकि यूहन्ना औरतों से जन्म लेने वालों के बीच सबसे बड़ा है, तो वह स्वर्ग के राज्य में भी सबसे बड़ा होना चाहिए। यूहन्ना स्वर्ग के राज्य में सबसे कम क्यों है?

अतीत के लम्बे समय में कई नबियों ने परोक्ष रूप से मसीह के लिए गवाही दी थी। यूहन्ना का मिशन उनसे उलटा था, उसे मसीह के लिये प्रत्यक्ष रूप से गवाही देना था। यदि भविष्यवक्ताओं का मसीह के लिये गवाही देना मुख्य ध्येय था, तो यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाला निश्चित रूप से सबसे बड़ा भविष्यद्वक्ता था। फिर भी, मसीह की सेवा में भागी होने के ध्येय से, वह छोटों से छोटा गिना गया है। स्वर्ग के राज्य में सब को, चाहे वह कितना छोटा क्यों न हो, यह मालूम था कि यीशु मसीह है और उन सब ने श्रद्धा के साथ उसकी सेवा की। परन्तु यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाला, जो दूसरों के अधिक करीब से मसीह की सेवा करने के लिये बुलाया गया था, यीशु से अलग हो गया और अपने रास्ते पर चला गया। इस तरह, यीशु के प्रति श्रद्धा-भक्ति की दृष्टि से देखने से, वह स्वर्ग के राज्य में छोटे से भी छोटा था।

यीशु ने आगे यह भी कहा, “यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाले के दिनों से अब तक स्वर्ग के राज्य में बलपूर्वक प्रवेश होता रहा है, और बलवान उस पर अधिकार करते हैं।” (मत्ती ११:१२) यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाला जन्म से पहले ही चुना गया था और उसने जंगल में कठिन तपस्वी जीवन व्यतीत किया था। यदि वह दिल से ईमानदारी के साथ यीशु की सेवा में भाग लेता तो, शर्तिया यीशु के मुख शिष्य की पदवी उसी के लिए आरक्षित रहती। चूँकि वह अपने मिशन यीशु का सेवक बनने में विफल हुआ, पतरस को, एक “सशक्त पुरुष” होने के नाते, मुख शिष्य का पद मिला। हम इस प्रकाशन से, “यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाले के दिनों से अब तक”, यह परिणाम निकाल सकते हैं, जैसा कि यीशु ने आगे के पद्य (मत्ती ११:१६-१९) में कहा, कि यह उपमा उसने आम लोगों के लिये नहीं परन्तु विशेष कर यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले के लिये दी है।

निष्कर्षतः यीशु ने कहा, “ज्ञान अपने कामों से सच्चा ठहराया गया है।” (मत्ती ११:१९) यदि यूहन्ना ने बुद्धिमानी से काम लिया होता तो वह यीशु को नहीं छोड़ता, और उसके काम हमेशा के लिए धर्म के काम से याद किए जाते। दुर्भाग्य से, वह मूर्ख था। उसने इज़राएली लोगों का यीशु के पास आने के रास्ते में बाधा डाली और साथ में अपने रास्ते में भी बाधक बना।

इससे हम यह समझ सकते हैं कि यीशु की सूली पर मौत का मुख्य कारण यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाले की विफलता थी।

२.४ किस अर्थ से यूहन्ना बपतिस्मा देने वाला एलिय्याह था

हम पहले यह सीख चुके हैं कि एलिय्याह का मिशन जिसे वह धरती पर अधूरा छोड़ गया था यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाले को उत्तराधिकार में प्राप्त करना था और उसे पूरा करना था। जैसे कि बाईबल में दर्ज है, वह प्रभु के आने से पहले इस मिशन के साथ पैदा हुआ था, “वह एलिय्याह की आत्मा और सामर्थ्य में होकर उसके आगे, आगे चलेगा कि पितरों का मन बाल-बच्चों की ओर फेर दे, और आज्ञा न मानने वालों को धर्मियों की समझ पर लाए, और प्रभु के लिये एक योग्य प्रजा तैयार करे।” (लूक १:१७) इसलिए, मिशन की दृष्टि से देखने से यूहन्ना एलिय्याह का दूसरा आगमन था।

इसके अतिरिक्त, आगे इस बारे में और अधिक विस्तार में चर्चा की जाएगी, (प्रति-संदर्भ २.३.२) एलिय्याह वास्तव में आत्मा में लौटा था, और अपना मिशन, जिसमें वह, जब संसार में जीवित था स्वयं विफल हुआ था, पूरा करने के लिये यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाले की सहायता कर रहा था। एलिय्याह, यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाले के शरीर के माध्यम से अपने मिशन को पूरा करने के लिए काम कर रहा था। इसलिए, उनके आम मिशन के संबंध से, यूहन्ना और एलिय्याह एक ही व्यक्ति के रूप में देखे जा सकते हैं।

२.५ बाईबल के प्रति हमारा रवैया

हमने सीखा है कि यीशु के संबंध में यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले की अज्ञानता और अविश्वास यहूदी लोगों के अविश्वास का कारण बना, जिससे अंततः यीशु को क्रूस पर चढ़ाया गया। आज तक, किसी ने कभी भी इस स्वर्गीय रहस्य को उजागर नहीं किया है, क्योंकि हम विश्वास के आधार पर निर्विवाद बाईबल में पढ़ते आए हैं कि यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाला एक महान भविष्यद्वक्ता था।

यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाले के बारे में हमारी नई अंतर्दृष्टि सिखाती है कि हमें विश्वास के रूढ़िवादी दृष्टिकोण को, जिस की वजह से हमें पारंपरिक मान्यताओं और पारंपरिक सिद्धांतों पर प्रश्न करने से डर लगता है, दूर करना चाहिए। क्या यह समझना कि यूहन्ना वास्तव में अपने मिशन में विफल हुआ, जबकि वह सफल हुआ है, हमारी त्रुटि नहीं होगी? इसी प्रकार, यह विश्वास करना निश्चित रूप से गलत है कि यूहन्ना ने अपने मिशन को पूरा किया जबकि वास्तव में उसने पूरा नहीं किया।

हमें आत्मा और सच्चाई दोनों में लगातार खोज करके सही विश्वास रखने का प्रयास करना चाहिए। यद्यपि यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले के बारे में हमारी चर्चा बाईबल की जाँच पर आधारित है, वे जो आध्यात्मिक स्तर पर संवाद करने में सक्षम हैं, यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाले की स्थिति समझ सकते हैं और पुष्टि कर सकते हैं कि यूहन्ना के बारे में उपरोक्त आकाशवाणी पूरी तरह से सही और सत्य है।