संभाग १. शैतान को अधीन करने के लिये आदर्श कार्यवाहियाँ
हमने सीखा है, कि इज़हाक के परिवार के पुनरुद्धार की दैवी योजना में याकूब प्रमुख व्यक्ति था, जिसने वास्तविक नींव डाली थी। उसने हाबिल का स्थान ग्रहण किया और बड़ी कठिनाई से शैतान को अधीन किया और पतित प्रवृत्ति निकालने की क्षतिपूर्ति की शर्त को पूरा करने के लिए कार्य किया। याकूब की संपूर्ण कार्यवाही मूसा और यीशु के लिए आदर्श नमूना बनी। यीशु शैतान को वास्तविक रूप से वश में करने के लिये आया था। यीशु से पहले मूसा शैतान के दमन के लिए उस पथ पर चला था जो कि उस पथ की छवि थी जिस पर यीशु को चलना था। इससे पहले भी परमेश्वर ने याकूब को एक ऐसे पथ पर चलाया जो यीशु के चलने के पथ का प्रतीकात्मक चित्रण था। इसके अतिरिक्त, याकूब की कार्यवाही शैतान को दमन करने के लिए और पुनरुद्धार की दैवी योजना के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए एक आदर्श पथ थी जिसपर इज़राएली लोगों को और सारी मानवता को चलना था।
१.१ याकूब की कार्यवाही और मूसा की कार्यवाही, यीशु की कार्यवाही के लिए नमूने के रूप में क्यों रखी गई थी
पुनरुद्धार की दैवी योजना का लक्ष्य उस समय प्राप्त किया जाता है जब मनुष्य शैतान को स्वैच्छिक आत्मसमर्पण करने के लिए मजबूर कर लेता है और उसका स्वामी बन जाता है। यह उन्हें अपने हिस्से की दी गई ज़िम्मेदारी को पूरा करने के द्वारा करना चाहिये। यीशु, मसीह और सच्चे मानव पूर्वज के रूप में शैतान का स्वैच्छिक आत्मसमर्पण करने में सभी विश्वासी लोगों की मदद करने के लिए आया था। उसने शैतान को पूर्ण आत्मसमर्पण करने का बेड़ा स्वयं पहले उठाया, और तब से उसने अपने उदाहरण का अनुसरण करने के लिए विश्वासी लोगों का मार्ग दर्शन किया।
शैतान, जो चुपचाप से परमेश्वर के सामने भी समर्पण नहीं करता वह यीशु के सामने आसानी से कदापि समर्पण नहीं करेगा, फिर साधारण विश्वासियों की बात ही और है। इसलिए परमेश्वर ने, जिसने मनुष्यों को बनाया, उनकी जिम्मेदारी अपने हाथ में ली और याकूब को बुला कर उसके द्वारा हमें दिखाया कि प्रतीकात्मक रूप से शैतान को वश में कैसे किया जा सकता है।
मूसा उस आदर्श पथ के नमूने का पालन करके, जो उसे प्रतीकात्मक रूप से याकूब के दौर के द्वारा दिखाया गया था, शैतान को वश में कर लेने में सक्षम हुआ। अपने दौर में मूसा ने इसे छवि के स्तर तक विकसित किया। इसी तरह, मूसा के दौर के नमूने पर चल कर यीशु वास्तविक रूप से शैतान को वश में करने के लिए आया था। यीशु के कदमों में चल कर, विश्वासी लोग भी शैतान को वश में करके उसके स्वामी बन सकते हैं।
“जैसा मूसा ने कहा, ‘प्रभु परमेश्वर तुम्हारे भाइयों में से तुम्हारे लिए मुझ सा एक भविष्यद्वक्ता उठाएगा, वह जो कुछ तुमसे कहे उसकी सुनना’”। (प्रेरितों ३:२२) यह वह यीशु के बारे में कह रहा था। यीशु, मूसा के तुलनीय स्थान में खड़ा होगा और विश्वीय दैवी योजना में कनान—परमेश्वर के राज्य—को बहाल करने के लिए, मूसा की कार्यवाही के नमूने पर चलेगा। यीशु ने कहा, “पुत्र आप से कुछ नहीं कर सकता, केवल वह जो पिता को करते देखता है, क्योंकि जिन, जिन कामों को वह करता है उन्हें पुत्र भी उसी रीति से करता है।” (यूहन्ना ५:१९) इससे उसका तात्पर्य था कि वह उस आदर्श-पथ का जो परमेश्वर ने मूसा के द्वारा प्रकाशित किया है, अनुकरण कर रहा था। इस प्रकार से मूसा यीशु का आदिरूप था।
१.२ याकूब की कार्यवाही, मूसा और यीशु की कार्यवाही के लिए एक नमूने के रूप में थी
शैतान को वश में करने की कार्यवाही में याकूब ने अगवाई की थी। शैतान ने जिस तरीके से मानवता को दूषित किया था, यह कार्यवाही उसके विपरीत पथ पर थी। मूसा और यीशु याकूब की कार्यवाही के नमूने पर चले। आइए हम इस अनुभाग में इन दोनों कार्यवाहियों का एक साथ अध्ययन करें।
(१) मनुष्य के पहले पूर्वजों को चाहिये था कि वे परमेश्वर की आज्ञा का पूरी तरह से पालन करें और फल नहीं खाएं, फिर भी प्रधान स्वर्गदूत के प्रलोभन देने पर वे अपने जीवन को जोखिम में डालकर पतित हो गए। तदनुसार, याकूब को परिवार के स्तर पर कनान की प्राप्ति के लिए—यानी अपने परिवार और धन के साथ वहाँ लौट कर मसीह को ग्रहण करने की नींव पुनःस्थापित करने के लिए—उसे स्वर्गदूत से, जो शैतान का प्रतिनिधित्व करता है, लड़ाई करके अपने जीवन को जोखिम में डाल कर विजय प्राप्त करना थी। याकूब इस परीक्षण में प्रबल होने के लिए अधीर था, जब वह यब्बोक के घाट पर स्वर्गदूत के साथ मल्लयुद्ध कर रहा था, वह विजयी हुआ और उसने “इस्राएल” नाम प्राप्त किया। (उत्पत्ति ३२:२५-२८)
इस परीक्षण में, परमेश्वर ने स्वर्गदूत को शैतान की जगह रखकर याकूब का परीक्षण किया था। ऐसा करने से परमेश्वर का उद्देश्य याकूब को दुखी करने के लिए नहीं था, परन्तु हाबिल का स्थान प्राप्त करने के लिए उसकी सहायता करने के लिए था और कि वह दूतों पर राज करने की योग्यता प्राप्त करने के द्वारा अपने परिवार के पुनरुद्धार का कार्य पूरा कर सके। इसके अतिरिक्त, इस परीक्षण में दूत के नेतृत्व की भूमिका निभाने के द्वारा, दूत-दुनिया के पुनरुद्धार के लिये मार्ग खुल गया।
मूसा के विषय में, इससे पहले कि वह इस्राएलियों को कनान जाने के लिए मार्गदर्शन करे और इस प्रकार कनान के राष्ट्रीय पुनरुद्धार का कार्य पूरा कर सके, उसे पहले अपने जीवन को जोखिम में डाल कर एक परीक्षण में प्रबल होना था जिसमें यहोवा ने उसे मारने की कोशिश करता है। (निर्गमन ४:२४) हमें समझना चाहिए कि परमेश्वर लोगों का ऐसा परीक्षण इसलिए करता है क्योंकि वह उनसे प्रेम करता है। यदि परमेश्वर के स्थान पर शैतान ऐसे परीक्षण दे तो विफल होने पर वे शैतान के शिकार बनेंगे।
उसी भाँति, यीशु को भी, इससे पहले कि वह कनान की प्राप्ति का विश्वव्यापी पुनरुद्धार का कार्य आरम्भ करे, अर्थात, मानवता को धरती पर स्वर्ग के राज्य में ले जाने के लिए मार्गदर्शन करे, एक ऐसे ही परीक्षण में प्रबल होना था। जब उसने जंगल में चालीस दिन का उपवास रखा था और परखा गया था और अपने जीवन को जोखिम में डालकर शैतान के साथ लड़ाई लड़ी और उस पर प्रबल हुआ। (मत्ती ४:१-११)
(२) क्योंकि जब शैतान ने हमारे शरीर और आत्मा को अशुद्ध किया, हमने पतित प्रवृत्ति उपार्जित की, इसे निकालने के लिए याकूब को इसके तुलनीय शर्त पूरी करनी पड़ी। इस कारण से, क्षतिपूर्ति शर्त की पूर्ति के द्वारा हाबिल के स्थान को पुनःस्थापित करने के लिए और पतित प्रवृत्ति को निकालने के लिए, याकूब ने एसाव को रोटी और दाल देकर जन्मसिद्ध अधिकार खरीदा, (उत्पत्ति २५:३४) जो शरीर और आत्मा का प्रतीक है। मूसा के दिनों में इस कार्यवाही को फिर से दोहराने के लिए, परमेश्वर ने लोगों को मन्ना और बटेर खिलाया, (निर्गमन १६:१३) यह भी शरीर और आत्मा का प्रतीक है, इससे उसने अपने लिए उनकी कृतज्ञता को मजबूत किया और उनमें चुने हुए लोग होने की जागरूकता को बढ़ावा दिया। इस प्रावधान के माध्यम से, परमेश्वर यह चाहता था कि लोग मूसा की आज्ञा का पालन करें और राष्ट्रीय स्तर पर पतित प्रवृत्ति को निकालने के लिए क्षतिपूर्ति की शर्त पूरी करें।
यीशु ने कहा: “तुम्हारे बापदादों ने जंगल में मन्ना खाई और मर गए...मैं तुम से कहता हूँ, जब तक तुम मनुष्य के पुत्र का मांस न खाओ और उसका लहू न पीओ, तुम में जीवन नहीं है।” (यूहन्ना ६:४९-५३) इसके अतिरिक्त उसके यह प्रमाणित करने के अलावा कि वह मूसा द्वारा निर्धारित आदर्श-पथ पर चल रहा है, इन आयतों के द्वारा यीशु ने यह भी पुष्टि की कि सारी पतित मानवता को शरीर और आत्मा में उसके साथ एक बन जाना चाहिए। यीशु के साथ, जो उस समय यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाले (प्रति-संदर्भ—मूसा और यीशु ३.२.१) के स्थान पर खड़ा था, वफादारी से एकजुट होकर उसके पीछे चलने से वे पतित प्रवृत्ति को निकालने के लिए विश्वीय क्षतिपूर्ति शर्त पूरा कर सकेंगे। फिर मसीह के रूप में यीशु की भक्तिपूर्वक सेवा में भाग लेने के द्वारा वे अपनी मूल प्रवृत्ति को बहाल कर सकेंगे।
(३) पतन के कारण, शैतान ने मानव शव को भी अशुद्ध किया। याकूब का शरीर उन आशीषों के कारण शुद्ध किया गया था जो उसने अपने जीवन में प्राप्त कीं थीं। मृत्यु में भी, उसके शव की व्यवस्था से भी शुद्धि की एक शर्त पूरी हुई। इस प्रकार शव के सुगंधित द्रव्य संलेपन में चालीस दिन लगे। (उत्पत्ति ५०:३) मूसा के विषय में, प्रधान स्वर्गदूत मीकाईल ने उसके शरीर के उचित प्रबंध के लिए शैतान के साथ वाद-विवाद किया। (यहूदा ९) हम जानते कि यीशु का शरीर लापता हो गया था, और खाली कब्र को देख कर अधिकारी लोग चकित हो गए। (मत्ती २७:६२-२८:१५)
(४) पतन के समय शैतान ने प्रथम मानव पूर्वजों को विकास-काल के दौरान दूषित किया था। इस अपवित्रीकरण को क्षतिपूर्ति के द्वारा बहाल करने के लिए, परमेश्वर कुछ संख्याओं के आधार पर शर्तें रख कर कार्य कर रहा था, जैसे संख्या तीन, जो विकास-काल को दर्शाता है। (प्रति-संदर्भ—काल २.४)
जब याकूब ने हारान से कनान की यात्रा आरंभ की, तो इससे पहले कि लाबान को उसकी अनुपस्थिति की सूचना दी जाए, (उत्पत्ति ३१.२२) शैतान से अलग होने के लिए तीन दिन की अवधि रखी गई थी। जब मूसा ने अपने लोगों को मिस्र से बाहर निकालकर कनान जाने के लिये मार्गदर्शन किया, उसके लिए तीन दिन की प्रारंभिक अवधि थी। (निर्गमन ५:३) यहोशू, यर्दन नदी को पार करने से पहले तीन दिनों के लिए वहीं टिका रहा। (यहोशु ३:२) कनान (परमेश्वर के राज्य) को प्राप्ति करने के लिए जब यीशु अपना विश्वीय आध्यात्मिक दौर शुरू करने जा रहा था, तो उससे पहले उसने कब्र में तीन दिन बिताए। (लूक १८:३३)
याकूब के बारह पुत्र थे, (उत्पत्ति ३५:२२) उसे अपनी पीढ़ी में (क्षैतिज रूप से) क्षतिपूर्ति के द्वारा उन क्षतिपूर्ति की शर्तों को जो (लंब रूप में) नूंह से याकूब तक बारह पीढ़ियों में जमा हुईं थीं, और जो शैतान के हाथ लग गईं थीं, पुनःस्थापित करनी थीं। मूसा के दिनों में बारह गोत्र थे (निर्गमन २४:४) और इसी तरह यीशु के बारह चेले थे। (मत्ती १०:१)
परमेश्वर की सृष्टि के सात दिन जो भ्रष्ट हो गए थे इस वजह से शैतान से अलग होने के लिए क्षतिपूर्ति की शर्त पूरी करने में याकूब के परिवार के सत्तर सदस्य, (उत्पत्ति ४६:२७) मूसा के समय के सत्तर पुरनिये (निर्गमन २४:१), और यीशु के सत्तर अनुयायी (लूक १०:१), इन सब ने अपने, अपने समय में प्रमुख दैवी योगदान दिए हैं।
(५) एक लाठी जो बुराई को मारती है, मार्ग की अगवाई भी करती है और जब कोई उस पर टिकता है तो सहारा देती है, वह मसीह का प्रतीक है। (प्रति-संदर्भ—मूसा और यीशु २.२.२.२) याकूब ने यर्दन नदी को लाठी के सहारे पार करके कनान की भूमि में प्रवेश किया। (उत्पत्ति ३२:१०) यह पूर्वाभास करता है कि एक दिन पतित मानवता भी मसीह के पीछे चल कर, उसके उदाहरण और मार्गदर्शन पर आश्रित, अन्याय को मारते हुए इस पापी संसार के पानी को पार करके आदर्श संसार के किनारे पर पहुँचेगी। मूसा ने इस्राएलियों को एक लाठी से मार्गदर्शन करके लाल सागर पार किया। (निर्गमन १४:१६) यीशु अपने दूसरे आगमन पर मानवता को लोहे का राजदण्ड लिए हुए इस पतित संसार के अशांत पानी को पार करके आदर्श संसार के किनारे पहुँचाने के लिए मार्गदर्शन करेगा। (प्रकाशितवाक्य २:२७, १२:५)
(६) हव्वा के पाप के कारण मनुष्य के वंश में पाप की जड़ गाड़ी गई थी, फलस्वरूप कैन ने हाबिल को मार डाला। चूंकि एक माँ और बेटे ने शैतान को समर्थ होने दिया और पाप फला, अतः क्षतिपूर्ति द्वारा पुनरुद्धार के नियम के अनुसार, एक माँ और बेटे के संयुक्त प्रयासों के द्वारा शैतान से अलग होना आवश्यक है। याकूब अपनी माँ के निष्ठावान समर्थन और चतुर सलाह के बिना आशीर्वाद प्राप्त नहीं कर सकता था और ना ही शैतान से अलग हो सकता था। (उत्पत्ति २७:५-१७, ४२-४५) मूसा अपनी माँ की सहायता के बिना मौत से नहीं बच सकता था और ना ही परमेश्वर की इच्छा के लिए कार्य करने के स्थान पर होता। (निर्गमन २.२) अंत में, मरियम ने यीशु को मरने से बचाया, जब हेरोदेस उसे मारना चाहता था, वह यीशु को साथ लेकर मिस्र चली गई। (मत्ती २:१३)
(७) दैवी योजना में जिस प्रमुख व्यक्ति को परमेश्वर की इच्छा पूरी करने का ज़िम्मा सौंपा गया है उसे शैतान की दुनिया से परमेश्वर की दुनिया में लौटना आवश्यक है। यही कारण है कि याकूब को हारान, शैतानी दुनिया से कनान के लिये कूच करना पड़ा, (उत्पत्ति ३१-३३) और मूसा को मिस्र, शैतानी दुनिया, से प्रतिज्ञा के देश कनान की यात्रा करनी पड़ी। (निर्गमन ३:८) यीशु ने जन्म के शीघ्र बाद (मत्ती २:१४-१५) मिस्र में शरण ली, और फिर वह गलील वापस लौट आया।
(८) पुनरुद्धार का परम उद्देश्य शैतान को जड़ से उखाड़ना है। यह, याकूब का मूर्तियों को एक ओक वृक्ष के नीचे दफन करना, संकेत करता है, (उत्पत्ति ३५:४) मूसा ने सोने के बछड़े को तोड़ कर आग से जलाया, तब उसे पीस कर चूरा बना कर पानी के ऊपर फैला कर फेंका और वह पानी इस्राएलियों को पिलाया। (निर्गमन ३२:२०) यीशु, शैतान को अपने शब्दों और शक्ति से वशीभूत करके इस संसार की बुराई को नष्ट करने के लिए आया था। (प्रति-संदर्भ—अंतिम दिन संबंधी उपदेश ३.२.२)