संभाग २. सार्वभौमिक मूल ऊर्जा, आदान-प्रदान क्रिया और चार-दशा-आधार
२.१ सार्वभौमिक मूल ऊर्जा
परमेश्वर, सारी सृष्टि का सृजनहार, पूर्ण वास्तविकता, अनन्त, स्वयंभूत और समय और अंतरिक्ष की सब सीमाओं से बाहर है। परमेश्वर की मूल ऊर्जा भी अनंत, स्वयंभूत और पूर्ण है। वह सब ऊर्जाओं और शक्तियों का, जो सृजित प्राणियों को जीवित रखती हैं, उद्गम है। इस मूलभूत ऊर्जा को हम सार्वभौमिक मूल ऊर्जा कहते हैं।
२.२ आदान-प्रदान क्रिया
सार्वभौमिक मूल ऊर्जा की क्रिया के माध्यम से सभी वस्तुओं के कर्ता और पात्र मूल तत्व सामान्य आधार बनाते हैं और पारस्परिक क्रिया आरंभ करते हैं। यह अंतःक्रिया, परिणाम स्वरूप, वह सारी शक्तियाँ उत्पन्न करती है जो सभी प्राणियों के प्रजनन, क्रिया और अस्तित्व के लिये आवश्यक हैं। इस प्रक्रिया के माध्यम से, जो अंतःक्रिया इन शक्तियों को उत्पन्न करती है, वह आदान-प्रदान क्रिया कहलाती है। सार्वभौमिक मूल ऊर्जा और आदान-प्रदान क्रिया से उत्पादित बल के बीच, कारण और प्रतिफल, आंतरिक और बाह्य, और कर्ता साझी और पात्र साझी के पारस्परिक संबंध होते हैं। सार्वभौमिक मूल ऊर्जा लंब बल है, और जो शक्तियाँ आदान-प्रदान क्रिया से उत्पन्न होती हैं वे क्षैतिज शक्तियाँ हैं।
आइये हम सार्वभौमिक मूल ऊर्जा के संबंध में परमेश्वर और उसकी सृष्टि और आदान-प्रदान क्रिया की सविस्तार जाँच करें।
परमेश्वर की सार्वभौमिक मूल ऊर्जा उसके अनन्त द्वैत अभिलक्षणों को पारस्परिक संबंध के लिए सामान्य आधार बनाने का आदेश देती है। फिर वह आदान-प्रदान क्रिया में संबद्ध हो जाते हैं। इस आदान-प्रदान क्रिया से उत्पन्न हुई शक्तियों के आधार पर द्वैत अभिलक्षण उनके अनंत आदान-प्रदान के लिये नींव डालते हैं। यह परमेश्वर के अस्तित्व का आधार है, इस आधार पर परमेश्वर नित्य जीवित रहता है और विश्व को रचने और बनाए रखने के लिये आवश्यक शक्तियाँ उत्पन्न करता है।
निर्मित विश्व की हर वस्तु के द्वैत अभिलक्षण जो हर एक प्राणी को बनाए रखते हैं, सामान्य आधार स्थापित करने के लिये सार्वभौमिक मूल ऊर्जा के द्वारा सशक्त होते हैं। तब वे आदान-प्रदान क्रिया में संबद्ध होते हैं। आदान-प्रदान क्रिया के आधार पर जो शक्तियाँ उत्पन्न होतीं हैं, वह द्वैत अभिलक्षणों के निरंतर पारस्परिक संबंध के लिये नींव डालतीं हैं। यह नींव प्रत्येक प्राणी के अस्तित्व के लिये आधार बन जाती है जिसके सहारे प्राणी परमेश्वर के पात्र साझी बन जाते हैं और अपने सतत अस्तित्व के लिये आवश्यक शक्तियाँ पैदा सकते हैं।
उदाहरण के तौर पर, जब ऋणावेश सूक्ष्माणु नाभिक के गिर्द जमा होते हैं और विद्युत चुम्बकीय अंतःक्रिया में संबद्ध होते हैं, जो कि एक प्रकार की आदान-प्रदान क्रिया है, तब परमाणु अस्तित्व में आते हैं। जब धनात्मक आयन और ऋणात्मक आयन आपस में आदान-प्रदान क्रिया में संबद्ध होते हैं वे अणुकणिका बनाते हैं और रासायनिक प्रतिक्रिया उत्पन्न करते हैं।
धनात्मक और ऋणात्मक विद्युत भार के बीच आदान-प्रदान क्रिया के आधार पर ही बिजली का सारा माजरा घटित होता है।
पौधों में जाईलम और पोषवाह के बीच पोषक तत्वों का संचलन एक प्रकार की आदान-प्रदान क्रिया है जो उनके जीवन की क्रिया को सक्रिय रखती है, और वृद्धि को बढ़ावा देती है। पौधों में पुंकेसर और गर्भकेसर के बीच आदान-प्रदान क्रिया पुनरुत्पादन का विशेष साधन है।
पशु, नर और मादा के बीच आदान-प्रदान के द्वारा प्रजनन करते हैं और अपनी उपजाति बरकरार रखते हैं। पौधे और पशु आक्सीजन और कार्बन डायऑक्साइड के आदान-प्रदान क्रिया के द्वारा, और पुष्पों और मधुमक्खियों के बीच सहयोग से आपस में मिल जुल कर रहते हैं।
जहाँ तक खगोलीय पिंड का सवाल है, सूर्य और नक्षत्रों के आदान-प्रदान क्रिया के आधार पर सौर-मंडल का अस्तित्व है। उनके विभिन्न चलन विश्व को आकार देते हैं। पृथ्वी और चंद्रमा भी आपस की आदान-प्रदान क्रिया के द्वारा एक निश्चित ग्रहपथ बनाए रखते हुए अपना परिक्रमण और परिभ्रमण जारी रखते हैं।
मनुष्य का शरीर रक्तवाहिनी और नाड़ी, साँस लेना और साँस छोड़ना, अनुकंपी तन्त्रिका तंत्र और परानुकंपी तन्त्रिका तंत्र के बीच आदान-प्रदान क्रिया के द्वारा अपना जीवन बनाए रखता है। मन और शरीर के बीच आदान-प्रदान क्रिया के द्वारा मनुष्य कार्य करता है जिससे वह अपने जीवन के उद्देश्य को आगे बढ़ाता है।
आदान-प्रदान क्रिया परिवार में पति और पत्नी के बीच, समाज में लोगों के बीच, देश में सरकार और नागरिकों के बीच और विशेष तौर पर दुनिया के देशों के बीच शांति और मेल मिलाप बनाए रखने के लिये आवश्यक है।
कोई भी व्यक्ति चाहे कितना अधर्मी क्यों ना हो, उसके विवेक की शक्तियाँ, जो उसे भलाई के जीवन की ओर खींचती, उसकी अंतरात्मा में हमेशा क्रियाशील रहती हैं। यह सब मनुष्यों के लिये, हर उम्र के और हर जगह के लोगों के लिये सच है। विवेक की शक्तियों को कोई भी दबा नहीं सकता, जो बड़े ज़ोर से सचेत मन की जानकारी के बिना कार्य करतीं हैं। जैसे ही कोई अधर्म का काम करता है, उसे तुरन्त विवेक के कष्ट का भान होता है। यदि पतित लोगों में विवेक का कार्य नहीं होता तो परमेश्वर की पुनरुद्धार की योजना का कार्य असंभव होता।
विवेक की यह शक्ति किस प्रकार उत्पन्न होती है? चूँकि सब शक्तियाँ आदान-प्रदान क्रिया के द्वारा उत्पन्न होतीं हैं, विवेक अपने आप वह सब शक्तियाँ उत्पन्न नहीं कर सकता जो उसके क्रियाशील होने के लिये आवश्यक हैं। कहने का मतलब यह हुआ कि विवेक उसी समय क्रियात्मक होता है जब वह किसी कर्ता साझी के साथ सामान्य आधार बना लेता है और फिर उसके साथ आदान-प्रदान क्रिया शुरू करता है। हमारे विवेक का सर्वश्रेष्ठ कर्ता साझी परमेश्वर है।
मनुष्य के पतन ने, तथ्यतः, परमेश्वर से हमारा संबंध काट दिया है। परमेश्वर के साथ एकात्मकता प्राप्त करने के बजाए हमारे पूर्वजों ने शैतान से पारस्परिक संबंध जोड़ लिया और उसके साथ एकजुट हो गए। यीशु मसीह परमेश्वर का इकलौता पुत्र था; उसने परमेश्वर के साथ अचूक आदान-प्रदान क्रिया निभा कर एकात्मकता प्राप्त की थी। जब हम यीशु के साथ उचित पारस्परिक संबंध बनाकर एक हो जाते हैं तब हम परमेश्वर की दी हुई मूल प्रकृति वापस प्राप्त कर सकते हैं, और परमेश्वर के साथ आदान-प्रदान क्रिया स्थापित करके उस के साथ एक हो सकते हैं। इस प्रकार यीशु पतित लोगों का बिचवई बनकर काम करता है, वह हमारा मार्ग, सत्य और जीवन है। यीशु प्रेम और बलिदान के साथ आया था और अपना सब कुछ मनुष्यों को देने के लिये आया था, यहाँ तक कि उसने अपना जीवन भी अर्पण कर दिया। यदि हम उसकी तरफ विश्वास के साथ मुड़ें तो हम नष्ट नहीं होंगे परन्तु अनंत जीवन पाएंगे। (यूहन्ना ३:१६)
ईसाई मत प्रेम का धर्म है। वह प्रेम और बलिदान के द्वारा लोगों के बीच आदान-प्रदान क्रिया का क्षैतिज संबंध पुनःस्थापित करने के लिए पुनरुद्धार का मार्ग खोलता है। प्रेम की इस क्षैतिज नींव पर परमेश्वर के साथ आदान-प्रदान क्रिया का लंब संबंध बहाल करने का मार्ग खुलता है। वास्तव में यह यीशु मसीह के कार्य और शिक्षा का मुख्य उद्देश्य था। उदाहरण के तौर पर यीशु ने कहा: दोष मत लगाओ कि तुम पर भी दोष न लगाया जाए। क्योंकि जिस प्रकार तुम दोष लगाते हो उसी प्रकार तुम पर भी दोष लगाया जाएगा; और जिस नाप से तुम नापते हो उसी नाप से तुम्हारे लिये भी नापा जाएगा।—मत्ती ७:१-२ इस कारण जो कुछ तुम चाहते हो कि मनुष्य तुम्हारे साथ करें, तुम भी उनके साथ वैसा ही करो; क्योंकि व्यवस्था और भविष्यद्वक्ताओं की शिक्षा यही थी।—मत्ती ७:१२ जो मनुष्यों के सामने मुझे मान लेगा, उसे मैं स्वर्गीय पिता के सामने मान लूँगा।—मत्ती १०:३२ जो भविष्यद्वक्ता को भविष्यद्वक्ता जानकर ग्रहण करे, वह भविष्यद्वक्ता का बदला पाएगा, और जो धर्मी को धर्मी जानकर ग्रहण करे वह धर्मी का बदला पाएगा।—मत्ती १०:४१ जो कोई इन छोटों में से एक को मेरा चेला जान कर केवल एक कटोरा ठंडा पानी पिलाएगा, मैं तुम से सच कहता हूँ वह किसी रीति से अपना प्रतिफल न खोएगा।—मत्ती १०:४२
२.३ चार-दशा-आधार जो आदि-विभाजन-संयोजन क्रिया के द्वारा तीन-पात्र-प्रयोजन साधित करता है
२.३.१ आदि-विभाजन-संयोजन क्रिया
परमेश्वर की सृजन की प्रक्रिया उस समय शुरू होती है जब परमेश्वर के अंदरूनी द्वैत अभिलक्षण सार्वभौमिक मूल ऊर्जा से प्रेरित होकर सामान्य आधार बनाते हैं। फिर जैसे ही वे आदान-प्रदान क्रिया शुरू करते हैं, वे एक बल उत्पन्न करते हैं जो प्रजनन का कार्य करता है। यह बल द्वैत अभिलक्षणों को विभिन्न वास्तविक पात्र साझियों के रूप में व्यक्त करता है, प्रत्येक परमेश्वर को अपना केन्द्र बना कर उससे संबंध करते हैं। परमेश्वर के यह पात्र साझी, एक दूसरे के लिए कर्ता साझी और पात्र साझी का रूप धारण करते हैं, तब वे सार्वभौमिक मूल ऊर्जा से प्रेरित होकर सामान्य आधार बनाते हैं और आदान-प्रदान क्रिया में व्यस्त हो जाते हैं। तत्पश्चात, वे आपस में एक दूसरे के साथ सामंजस्यपूर्ण संयोजन से जुड़ जाते हैं, परिणाम स्वरूप वे परमेश्वर के लिये एक नए पात्र साझी को जन्म देते हैं। इस सम्पूर्ण प्रक्रिया—जिसमें परमेश्वर से, जो आदि है, दो सत्व अलग, अलग-अलग अभिव्यक्त होते हैं और फिर जुड़ कर एक हो जाते हैं—यह आदि-विभाजन-संयोजन क्रिया कहलाती है।
२.३.२ तीन-पात्र-प्रयोजन
आदि-विभाजन-संयोजन क्रिया के फल स्वरूप, चार स्थान तैयार होते हैं: आदि जो केन्द्र में है, कर्ता साझी और पात्र साझी (दो पृथक वास्तविक वस्तुएं जो आदि के द्वैत अभिलक्षणों के रूप में पात्र साझी हैं), और उनका संयोजन। इन चारों स्थानों में से कोई भी कर्ता साझी का स्थान अपना सकता है और बाकी तीन स्थान उसके पात्र साझी के स्थान पर हो जाते हैं, इस प्रकार तीन पात्र साझियों की सहभागिता बनती है। जब चारों में से प्रत्येक कर्ता साझी के रूप में होकर कार्य करते हैं और दूसरों के साथ आदान-प्रदान क्रिया में तीन एक के चारों ओर घूमते हैं तो वे तीन-पात्र-प्रयोजन परिपूर्ण करते हैं।
२.३.३ चार-दशा-आधार
जब आदि-विभाजन-संयोजन क्रिया के द्वारा, आदि, कर्ता साझी और पात्र साझी जो आदि से निकलते हैं, और उनका संयोजन, सब मिलकर तीन-पात्र-प्रयोजन पूरा करते हैं तब चार-दशा-आधार स्थापित होती है।
चार दशा आधार संख्या चार की जड़ है। यह संख्या तीन की भी जड़ है, क्योंकि वह तीन-पात्र-प्रयोजन की पूर्ति है। चार-दशा-आधार परमेश्वर, पति, पत्नी, और बच्चों के द्वारा साधित की जाती है; यह सब आदि-विभाजन-संयोजन क्रिया के तीन चरणों को पूरा करते हैं। इस प्रकार, चार-दशा आधार तीन-चरण सिद्धांत की जड़ है। इसके अतिरिक्त, चार-दशा-आधार के चार स्थानों में से प्रत्येक स्थान तीन-पात्र-प्रयोजन को पूरा करने के लिए, तीन पात्र साझी लेते हैं। कुल मिला कर बारह पात्र साझी होते हैं; इस तरह यह संख्या बारह की भी जड़ है। चार-दशा-आधार अच्छाई की मूलभूत नींव है। यह परमेश्वर की सृष्टि के उद्देश्य की पूर्ति है। यह सभी प्राणियों के जीवन की मूलभूत नींव है, उनके अस्तित्व के लिये सारी शक्तियाँ प्रदान करती हैं और उनमें परमेश्वर का निवास संभव करतीं हैं। इसलिये, चार-दशा-आधार परमेश्वर की सृष्टि का अनंत लक्ष्य है।
२.३.४ चार-दशा-आधार के अस्तित्व की विधि
सारे सत्व जिन्होंने आदि-विभाजन-मिलन के द्वारा तीन-पात्र-प्रयोजन कार्यान्वित किया है वे चार-दशा-आधार साकार करते हैं, और वृत्तीय (अंडाकार) या गोलाकार पथ पर घूमते हैं। फलस्वरूप वे तीन आयामों में रहते हैं। आइये हम इस बात की जाँच करें कि इस का कारण क्या है।
आदि-विभाजन-संयोजन क्रिया के द्वारा परमेश्वर के द्वैत अभिलक्षण प्रक्षेपित होते हैं, जिनसे दो विभिन्न वास्तविक पात्र साझी बनते हैं, जो एक दूसरे को कर्ता साझी और पात्र साझी के रूप में प्रभावित करते हैं। पात्र साझी, कर्ता साझी के साथ सामान्य आधार बनाने के लिए प्रतिक्रिया दिखाता है और कर्ता साझी के गिर्द घूम कर आदान-प्रदान-क्रिया आरम्भ करता है। इस प्रकार वे देने वाली शक्ति (अपकेन्द्रीय बल) और लेने वाली शक्ति (केन्द्राभिमुख शक्ति) के द्वारा आपस में संतुलन बनाए रखते हैं, पात्र साझी, कर्ता साझी के गिर्द गोल गति में घूमता है, इस तरह वे एक साथ मिल कर सामंजस्य स्थापित करते हैं और एक जुट हो जाते हैं। उसी प्रकार, कर्ता साझी परमेश्वर का पात्र साझी बनता है और परमेश्वर के गिर्द घूमकर परमेश्वर के साथ एकात्मकता प्राप्त करता है। जब पात्र साझी, कर्ता साझी के साथ बिलकुल एक हो जाता है तब उनका संयोजन परमेश्वर के सामने एक नए पात्र साझी का रूप लेता है जो परमेश्वर के द्वैत अभिलक्षण के सदृश होता है। इसके अतिरिक्त, किसी भी पात्र साझी को परमेश्वर के सामने पात्र साझी के रूप में खड़ा होने के लिए अपने कर्ता साझी के साथ एकात्म होना चाहिए।
कर्ता साझी और पात्र साझी के इस संयोजन में, चूँकि कर्ता साझी और पात्र साझी दोनों के अपने आप में द्वैत अभिलक्षण होते हैं, यह उसी आदान-प्रदान क्रिया के सिद्धांत के अनुसार अपनी वृत्ताकार गति में रहते हैं। इस प्रकार हम आदान-प्रदान क्रिया की वृत्ताकार गति कर्ता साझी और पात्र साझी दोनों के अंदर भी देखते हैं, जो अपने संयोजन के अन्दर एक साथ एक और बड़ी वृत्ताकार गति में संबद्ध होते हैं। यद्यपि, कभी, कभी ऐसा भी होता है जब कर्ता साझी और पात्र साझी के बीच दो स्तरों पर वृत्ताकार गति के एक ही क्षेत्र में परिक्रमा होती है, फिर भी आम तौर पर कर्ता साझी के गिर्द के भ्रमण का कोण निरंतर बदलता रहता है, इसलिये यह वृत्तीय गति गोलीय गति बन जाती है। संक्षिप्त में, सभी सत्व जिन्होंने चार-दशा-आधार पूरा कर लिया हो वह वृत्तीय और गोलीय गति से चलते हैं, और इस प्रकार उनके अस्तित्व का रूप तीन आयामों वाला बन जाता है।
आइये हम उदाहरण की तौर पर सौर मण्डल को लेते हैं। वह ग्रह, जो सूर्य के पात्र साझी के स्थान पर होते हैं, प्रत्येक सामान्य आधार बना कर सूर्य के साथ अपकेन्द्रीय बल और केन्द्राभिमुख शक्ति के द्वारा आदान-प्रदान क्रिया करते हैं। सूर्य के चारों ओर गोलीय गति में गर्दिश करने से सूर्य और ग्रह मण्डल एक साथ सामंजस्य और एका प्राप्त करते हैं और इस प्रकार वे सौर मण्डल बनाते हैं। उसी समय ग्रह पृथ्वी, द्वैत अभिलक्षण के संयुक्त पिंड के रूप में, अपनी धुरी पर घूमती है। यह बात सूर्य और शेष सभी ग्रहों के लिये भी सच है, वे सब सतत अपनी धुरी पर घूमते रहते हैं, क्योंकि वे भी द्वैत अभिलक्षणों के संयुक्त पिंड हैं। सौर मण्डल में यह परिक्रमा जो आदान-प्रदान क्रिया के कारण होती है वे ठीक एक ही क्षेत्र को घेर कर नहीं रखतीं। अथवा, ग्रह पथ भ्रमण के विभिन्न कोण होने के कारण सौर मण्डल अपनी गोलीय गति तीन आयाम में प्रदर्शित करता है।
उसी प्रकार सारे खगोलीय पिंडों का अस्तित्व, अपने गोलाकार और अंडाकार गति के बल पर, तीन आयामों में होता है। जब अनगिनत खगोलीय पिंड एक दूसरे के साथ आदान-प्रदान क्रिया में व्यस्त होते हैं तो वह विश्व को आकार देते हैं। इसी नियम के आधार पर विश्व तीन आयामों में विद्यमान है और उसके सभी तत्व वृत्तीय गति में व्यस्त रहते हैं।
जब एक ऋणावेश सूक्ष्माणु (इलेक्ट्रोन) धनावेश प्राणु (प्रोटोन) के साथ सामान्य आधार बना लेती है और वे आदान-प्रदान क्रिया में व्यस्त हो जाते हैं, तो वह धनावेश प्राणु के चारों ओर वृत्तीय गति में चक्कर लगाती है। इस प्रकार, वे आपस में मिल जाते हैं और परमाणु जल-जनक वायु (हाइड्रोजन) का निर्माण करते हैं। ऋणावेश सूक्ष्माणु और धनावेश प्राणु प्रत्येक में अपने द्वैत अभिलक्षण होते हैं जो उन्हें सतत चक्कर लगाने में व्यस्त रखते हैं। इस प्रकार ऋणावेश सूक्ष्माणु और धनावेश प्राणु के बीच आदान-प्रदान क्रिया के कारण जो वृत्तीय गति निकलती है वह एक ही क्षेत्र में चक्कर लगाने के लिये सीमित नहीं रहती, परन्तु वह निरन्तर अपने चक्कर का कोण बदलती रहती है और अंततः गोलीय गति बन जाती है। इस प्रकार गोलीय गति के द्वारा परमाणु तीन आयामों में अस्तित्व रखता है। उसी तरीके से, धनात्मक और ऋणात्मक ध्रुव के बीच चुंबकीय बल के कारण बिजली से प्रभारित कण (पार्टिकल) गोलीय गति में घूमते हैं।
उदाहरण की तौर पर आइये हम मनुष्य पर ग़ौर करते हैं। मन का पात्र साझी होने के नाते देह, मन के साथ सामान्य आधार बनाती है और उसके साथ आदान-प्रदान क्रिया में व्यस्त रहती है। आलंकारिक रूप से देखने से, शरीर मन के गिर्द चक्कर लगाता है और उसके साथ पूरी तरह से एक होकर रहता है। यदि और जब मन परमेश्वर का पात्र साझी बन कर उसके गिर्द चक्कर लगाने लगे और परमेश्वर के साथ एकात्म हो जाए, जैसे शरीर मन के साथ एक होता है, तब वह व्यक्ति परमेश्वर के द्वैत अभिलक्षणों के सद्दश्य हो जाता है और इस प्रकार वह परमेश्वर का मूर्त रूप में पात्र साझी बन जाता है। और तभी वह व्यक्ति सृष्टि का उद्देश्य पूर्ण करता है।
मन और शरीर दोनों के अपने-अपने भी द्वैत अभिलक्षण होते हैं, इसलिये वे भी अपने अंदर निरंतर गतिशील रहते हैं। इस प्रकार जो वृत्तीय गति मन और शरीर के आदान-प्रदान से उत्पन्न होती है वह परमेश्वर के गिर्द चक्कर का कोण लगातार बदलती रहती है और गोलीय गति बन जाती है। जो लोग सृष्टि का उद्देश्य पूर्ण कर लेते हैं वह तीन आयामों में रहते हैं और अपना जीवन परमेश्वर पर केन्द्रित गोलीय-संबंध में व्यतीत करते हैं। इसी कारण वे अमूर्त संसार पर भी प्रभुत्व प्राप्त करते हैं। (सृष्टि ६.२)
जब एक ही क्षेत्र में कर्ता साझी और पात्र साझी की वृत्तीय गति तीन आयामी कक्षा में गोलाकार गति बन जाती है, तब विश्व की गतिशीलता और रचनात्मकता प्रगट होती है। विविध रूप में हर एक कक्षा की दूरी में घटबढ़, उसकी बनावट, स्थिति, दिशा, कोण, बल और रफ़्तार, अपार विविधता में सृष्टि का सौन्दर्य प्रगट करती है।
जिस प्रकार हर सत्व में आंतरिक प्रकृति और बाह्य रूप होता है, वैसे ही एक प्रकार की गोलीय गति होती है जो आंतरिक स्वभाव से संबद्ध रहती है, और एक प्रकार की गोलीय गति होती है जो बाह्य रूप से संबद्ध रहती है। उसी प्रकार, गति का एक केन्द्र होता है जो आंतरिक स्वभाव से संबद्ध होता और एक जो बाह्य रूप से संबद्ध होता है। इन दोनों केन्द्रों के बीच वैसा ही संबंध होता है जैसा आंतरिक प्रकृति और बाह्य रूप के बीच होता है।
इन सब गोलीय गतियों का अंतिम केन्द्र क्या है? मनुष्य सभी सृष्ट वस्तुओं का केन्द्र है, जो परमेश्वर के द्वैत अभिलक्षण की प्रतीकात्मक आकृति में उसके पात्र साझी हैं। परमेश्वर मनुष्य का केन्द्र है, जो छवि में परमेश्वर के पात्र साझी होने के लिए उसके स्वरूप में रचे गए हैं। फलतः, विश्व की सारी गोलीय गति का अंतिम केन्द्र परमेश्वर ही है।
इस पर आगे थोड़ा और ध्यान दें। परमेश्वर के हर एक पात्र साझी में एक कर्ता साझी और एक पात्र साझी होता है। उनके संबंध का केन्द्र कर्ता साझी होता है, इस प्रकार कर्ता साझी और पात्र साझी के संयोजन के बीच का केन्द्र भी कर्ता साझी होता है। चूँकि परमेश्वर कर्ता साझी का केन्द्र है, तो वह इस संयोजन का भी अंतिम केन्द्र है। जैसा कि ऊपर यह चर्चा की गई है कि परमेश्वर के तीन वास्तविक पात्र साझी (कर्ता साझी, पात्र साझी और इन का संयोजन) आपस में भी एक दूसरे के साथ सामान्य आधार बनाते हैं। जब तीनों में से प्रत्येक केन्द्रीय स्थान ग्रहण करते हैं, और परमेश्वर के साथ, जो उनका अंतिम केन्द्र है, और एक दूसरे के साथ आदान-प्रदान क्रिया के द्वारा एक हो जाते हैं, तब वे तीन-पात्र-प्रयोजन पूरा करते हैं और चार-दशा-आधार की नींव डालते हैं। इस प्रकार, परमेश्वर ही चार-दशा-आधार का अंतिम केन्द्र है।
हर वस्तु जिसने इस प्रकार से चार-दशा-आधार स्थापित की है वह सत्य के व्यक्तिगत मूर्त रूप हैं। जैसे कि पहले कहा गया है कि सत्य के व्यक्तिगत मूर्त रूप, मोटे तौर पर (मनुष्य) सत्य के छवि मूर्त रूप में और (शेष सारी सृष्टि) सत्य के प्रतीक मूर्त रूप में विभाजित किए गए हैं। विश्व में अनगिनत सत्य के व्यक्तिगत मूर्त रूप हैं, जो यथाक्रम, सब से नीचे के स्तर से लेकर सबसे ऊपर के स्तर तक, एक दूसरे के साथ परस्पर संबंधित हैं। उनके बीच मनुष्य सर्वश्रेष्ठ स्तर पर है। सत्य के व्यक्तिगत मूर्त रूप एक दूसरे के गिर्द गोलीय आकार में घूमते हैं, जो नीचे के स्तर पर हैं वे पात्र साझी के रूप में ऊँचे स्तर वालों के गिर्द घूमते हैं। इस प्रकार किसी भी गोलीय गति का केन्द्र ऊँचे स्तर वाला सत्य का व्यक्तिगत मूर्त रूप होता है जो कर्ता साझी के रूप में कार्य करता है। सत्य के अनगिनत प्रतीकात्मक व्यक्तिगत मूर्त रूप नीचे स्तर से ऊँचे स्तर तक परस्पर संबद्ध होते हैं। सर्वोच्च केन्द्र मनुष्य हैं, जो छवि के रूप में सत्य के व्यक्तिगत मूर्त रूप हैं।
अब आईये हम मनुष्य की केन्द्रीयता पर ध्यान देते हैं। विज्ञान के अनुसार बुनियादी द्रव्य के मूलभूत अंग मूल कण होते हैं, और यह कि वे ऊर्जा से बने होते हैं। यदि हम सत्य के व्यक्तिगत मूर्त रूप के अस्तित्व के उद्देश्य पर ध्यान देते हैं, जिनसे विभिन्न स्तर पर भौतिक जगत का निर्माण होता है, तो हम अनुमान लगा सकते हैं: कि ऊर्जा का अस्तित्व इसलिये है कि वह कण का निर्माण करे, कण का अस्तित्व परमाणु बनाने के लिये, परमाणु का अणु बनाने के लिये, अणु का द्रव्य और द्रव्य का अस्तित्व विश्व में सृष्टि के समस्त व्यक्तिगत सत्व के निर्माण के लिये है। उसी प्रकार, ऊर्जा का कार्य कण बनाने के लिये है। कण का कार्य परमाणु, परमाणु का कार्य अणु, अणु का कार्य द्रव्य और द्रव्य का उद्देश्य विश्व का निर्माण करने के लिये है।
विश्व का उद्देश्य क्या है? उसका केन्द्र क्या है? इन दोनों प्रश्नों का उत्तर मनुष्य के अतिरिक्त और कुछ नहीं हो सकता। इसी लिये, मनुष्य की सृष्टि करने के पश्चात परमेश्वर ने उन्हें आदेश दिया कि वे पृथ्वी पर प्रभुता करें। (उत्पत्ति १:२८) यदि विश्व की क़दर करने वाला मनुष्य ना होता, तो वह दर्शकों के बिना एक अजायबघर की तरह होता। जो वस्तुएं अजायबघर में प्रदर्शन के लिये रखी जातीं हैं उनका यथार्थ ऐतिहासिक मूल्य तब ही माना जाता है जब लोग उसकी कदर करें और उसे संजोए। मनुष्य से उनका संबंध ही उन्हें उनके अस्तित्व को महत्व देता है। यदि उन्हें पूछने वाला कोई ना हो तो उनके अस्तित्व का क्या अर्थ है? यही विश्व के लिये भी कहा जा सकता है, मनुष्य जिसका स्वामी है। जब मनुष्य, प्रकृति के स्रोत और द्रव्य के लक्षण की खोज निकाल लेते हैं, और जल, धरती, वायु के पौधों, पशुओं और आकाश के सितारों को पहचान कर उनका वर्गीकरण करते हैं तो वे यह जान जाते हैं कि सृष्टि की विभिन्न वस्तुएं सामान्य उद्देश्य से परस्पर संबंध बनातीं हैं। जब वे मनुष्य के शारीरिक प्रकार्य को बनाए रखने के लिए उन आवश्यक तत्वों को पचा कर उसके शरीर में आत्मसात हो जातीं हैं, और जब वे लोगों के लिये सुखद वातावरण बनाने में भाग लेतीं हैं तब उनका सामान्य उद्देश्य पूर्ण हो जाता है।
इन सब और दूसरे और भी अर्थोपाय में, मनुष्य सृष्ट विश्व के बाह्य आकार की दृष्टि से उसका केन्द्र है। इसके अतिरिक्त, लोग विश्व से उसका आंतरिक केन्द्र होने की हैसियत से संबंध रखते हैं। जिन संबंधों की चर्चा ऊपर की गई है वे भौतिक संबंध हैं, जबकि यह दूसरा संबंध मानसिक या आत्मिक संबंध है। मनुष्य का शरीर जबकि पूरा का पूरा द्रव्य है फिर भी पूर्ण रूप से भावना, बुद्धि और मनोबल से दैहिक प्रतिक्रिया करता है। यह तथ्य इस बात को सिद्ध करता है कि द्रव्य के अंदर कुछ ऐसे तत्व हैं जो भाव, बुद्धि और मनोबल को जानते-बूझते हैं—यह, तत्व पदार्थ का आंतरिक स्वभाव होता है। यही कारण है कि विश्व की हर वस्तु भिन्न, भिन्न कोटि में, मनुष्य की भावना, बुद्धि और मनोबल से प्रतिक्रिया करती है। हम प्रकृति के सौन्दर्य को देख कर मगन-मुग्ध हो जाते हैं, और उसके रहस्यमय आनन्द में खो जाने का अनुभव करते हैं। हम ऐसा अनुभव इसलिए करते हैं, क्योंकि हम प्राकृतिक संसार में सारी वस्तुओं के आंतरिक स्वभाव का केन्द्र हैं। इस प्रकार, मनुष्य विश्व का केन्द्र होकर सृजित किया गया है, और वह स्थान जहाँ परमेश्वर और मनुष्य बिल्कुल एक हो जाते हैं वह जगत का केन्द्र है।
आइये हम एक दूसरे दृष्टिकोण से देखें कि मनुष्य किस प्रकार जगत का, जिसमें दोनों भौतिक और आत्मिक दुनिया हैं, केन्द्र है। प्रत्येक मनुष्य जगत के समस्त तत्वों का मूर्त रूप है। तथापि, जैसे कि पहले चर्चा की गई है, जगत की हर वस्तु बड़े पैमाने पर दो भागों में, कर्ता साझी और पात्र साझी के रूप में बाँटी जा सकती है।
यदि आदम, हमारा पहला पूर्वज, सिद्धि प्राप्त कर लेता तो वह सृष्टि के समस्त कर्ता तत्वों का मूर्त रूप बन जाता। यदि हव्वा सिद्धि प्राप्त कर लेती तो वह सृष्टि की सभी पात्र तत्वों की मूर्त रूप बन जाती। परमेश्वर ने आदम और हव्वा की सृष्टि प्राकृतिक दुनिया पर प्रभुता करने के लिए की। पूर्णता की ओर दोनों के एक साथ आगे बढ़ने के बाद, आदम प्रत्येक कर्ता तत्वों का राजा बन जाता और हव्वा समस्त पात्र तत्वों की रानी बन जाती। तब, यदि वह पति और पत्नी बनते तो वह केन्द्र बनकर अखिल विश्व पर, जिसमें कर्ता साझी और पात्र साझी हैं, राज्य कर सकते थे।
मनुष्य की सृष्टि अखिल जगत के सामंजस्य का केन्द्र बनने के लिए की गई है। यदि आदम और हव्वा ने पूर्णता प्राप्त कर ली होती और पति और पत्नी बन कर एक हो जाते तो, इसका अर्थ यह होता कि सभी प्राणियों के द्वैत अभिलक्षणों के दो केन्द्र आपस में एक हो जाते। यदि आदम और हव्वा सुमेल से चलते और एकता प्राप्त कर लेते तो सारा जगत अपने द्वैत अभिलक्षणों के साथ तालमेल के साथ नाचता। वह स्थान जहाँ आदम और हव्वा पति और पत्नी के रूप में शरीर और हृदय में पूर्णतः एक होते हैं, उस स्थान में परमेश्वर जो प्रेम देनेवाला कर्ता साझी है, और मनुष्य जो उसका सौंदर्य लौटाने वाला पात्र साझी है दोनों एक हो जाते। यह अच्छाई का केन्द्र है जहाँ सृष्टि का उद्देश्य परिपूर्ण होता है। यहाँ हमारा पिता परमेश्वर करीब आकर अपने सिद्ध बच्चों के अंदर रहता, और अनन्त काल तक शांति से आराम करता। अच्छाई का यह केन्द्र परमेश्वर के अनन्त प्रेम का पात्र साझी है, जहाँ परमेश्वर अनन्त काल तक आनन्द का अनुभव करने के लिये प्रेरित हो सकता। यह वह स्थान है जहाँ परमेश्वर का वचन मूर्त रूप धारण करता और परिपूर्ण होता। यह सत्य और मूल मन का केन्द्र है जो हमें सृष्टि के उद्देश्य का अनुसरण करने के लिये मार्गदर्शन करता है। जब, पूर्ण पुरुष और स्त्री परमेश्वर पर केन्द्रित होकर पति और पत्नी बनते हैं और चार-दशा-आधार स्थापित करते हैं, परिणाम स्वरूप, अखिल जगत संगठित उद्देश्य के साथ वृत्तीय गति पर चलता है।
मनुष्य के पतन के कारण, दुर्भाग्यवश, जगत अपना केन्द्र खो बैठा। इसी कारण, संत पौल ने लिखा है, कि सारी सृष्टि परमेश्वर की संतानों के लिये पीड़ा से कराहती और तड़पती है। (रोमियों ८:१९-२२) सृष्टि ऐसे लोगों की प्रतीक्षा करती है जिन्होंने अपना मौलिक आचरण सुधार लिया है, ताकि वे उसका केन्द्र बन सकें।
२.४ परमेश्वर की सर्वविद्यमानता
हमने यह सीखा है कि चार-दशा-आधार, जो आदि-विभाजन-संयोजन के द्वारा तीन-पात्र-प्रयोजन के आधार पर बनता है, गोलाकार गति से निकल कर परमेश्वर के गिर्द घूमता हुआ परमेश्वर के साथ मिलकर एक हो जाता है। यह सभी वस्तुओं का मूल आधार है जिस पर वे परमेश्वर के शासन से वह सारी शक्तियाँ प्राप्त करते हैं जो जीवन के लिये आवश्यक है। वह संसार जहाँ परमेश्वर का सृष्टि का उद्देश्य पूर्ण हो गया है, प्रत्येक व्यक्ति परमेश्वर की आंतरिक प्रकृति और बाह्य रूप का मूर्त रूप बनकर परमेश्वर के शासन की नींव डालने के लिए गोलीय गति आरंभ करता है। इस प्रकार परमेश्वर सर्वव्यापी होता है।
२.५ जीवन का प्रजनन
जीवित वस्तुओं को उनके अपने वर्ग को बढ़ाने के लिये प्रजनन करना आवश्यक है, और यह प्रजनन आदि-विभाजन-संयोजन द्वारा अच्छी अंतःक्रिया के आधार पर होता है। उदाहरण की तौर पर पौधे, बीज पुंकेसर और गर्भकेसर के साथ फूल बन कर विकसित होते हैं; सेचन द्वारा वे फिर अपने बीज उत्पन्न करते हैं और अपने वर्ग के पौधे पैदा करते हैं। नर और मादा पशु परिपक्व हो कर संगत करते हैं और बच्चे पैदा करते हैं। पौधों और पशुओं में सभी कोशिकाएं (सेल) आदान-प्रदान क्रिया के द्वारा विभाजित होतीं हैं।
जब मन और शरीर आपस में आदान-प्रदान क्रिया करते हैं और शरीर मन की इच्छानुसार कार्य करता है, वह व्यक्ति उद्देश्य पूर्ण जीवन जीता है। यह व्यक्ति तब अपने मन चाहे लोगों को आकर्षित करता है। और जब यह सब एक साथ मिलकर लाभकारी ढंग से कार्य करते हैं तब उनका गुट बढ़ता है। यह भी कहा जा सकता है कि सृष्टि का उद्देश्य पूरा करने के लिए विश्व का निर्माण, परमेश्वर की मूल आंतरिक प्रकृति और बाह्य रूप की असंख्य अभिव्यक्तियों के आदान-प्रदान क्रिया के गुणन द्वारा हुआ है।
२.६ कारण कि सब प्राणी द्वैत अभिलक्षणों से बने हैं
किसी भी प्राणी के अस्तित्व के लिये, ऊर्जा का होना आवश्यक है, और ऊर्जा केवल आदान-प्रदान क्रिया के द्वारा ही उत्पन्न होती है। तथापि, साझी के बिना आदान-प्रदान संभव नहीं है। जीवित रहने की आवश्यक शक्ति के उत्पादन के लिये किसी भी प्राणी में द्वैत अभिलक्षण होना ही चाहिये, एक कर्ता साझी और एक पात्र साझी, जो आदान-प्रदान क्रिया में व्यस्त हो सकें।
कोई गति सीधी रेखा में सदा के लिये स्थिर नहीं रह सकती। किसी भी वस्तु की प्रकृति को अनन्त होने के लिये उसे गोलाकार गति में चलना पड़ता है, और कर्ता साझी और पात्र साझी को गोल गति में घूमने के लिये आदान-प्रदान क्रिया करना आवश्यक है। यह परमेश्वर के लिये भी यथार्थ है; द्वैत अभिलक्षणिक होने के कारण ही वह नित्य रह सकता है। परमेश्वर की सृष्टि को भी, उसके नित्य स्वभाव के सद्दश्य और उसका अनन्त पात्र साझी होने के लिये, उसी तरह से द्वैत अभिलक्षणिक होना चाहिये। इसी प्रकार समय को भी अनन्त कालीन होने के लिये अपने कालचक्र से गुजरना होता है।