संभाग ४. नए सिरे से जन्म लेना और ट्रिनिटी
ईसाई आध्यात्मविद्या में ट्रिनिटी के सिद्धांत सबसे अधिक रहस्यमय विषयों में से एक रहा है। इसके अतिरिक्त नए सिरे से जन्म लेने से संबंधित सिद्धांत, जो ऊपर से सभी को स्पष्ट लगते हैं, फिर भी उनकी गहरी व्याख्या की जरूरत है। हम इस अनुभाग में इन सिद्धांतों की जांच करेंगे।
४.१ नए सिरे से जन्म लेना
४.१.१ यीशु और पवित्र आत्मा और उनका लोगों को नए सिरे से जन्म देने का मिशन
यीशु ने निकुदेमुस से कहा, “मैं तुझ से सच-सच कहता हूँ, यदि कोई नये सिरे से न जन्मे तब तक वह परमेश्वर का राज्य नहीं देख सकता।” (यूहन्ना ३:३) नए सिरे से जन्म लेने का अर्थ है दूसरी बार जन्म लेना है। पतित लोगों को नए सिरे से जन्म लेना क्यों आवश्यक है?
यदि आदम और हव्वा ने सृष्टि का आदर्श साधित कर लिया होता और मानवता के सद्-वृत्त माता-पिता (सच्चे माता-पिता) बन गए होते, तो वे मूल पाप से रहित अच्छे बच्चों को जन्म देते और पृथ्वी पर स्वर्ग के राज्य का गठन करते। परन्तु आदम और हव्वा पतित हो गए और अधर्मी माता-पिता बनकर अधर्मी बच्चे पैदा किए, जिन्होंने पृथ्वी पर यह नरक बना दिया। इसी लिये यीशु ने निकुदेमुस से कहा, पतित लोग परमेश्वर के राज्य को नहीं देख सकते जब तक वे पहले, मूल पाप के बिना, बच्चों के रूप में नए सिरे से जन्म न लें।
हम बिना माँ बाप के जन्म नहीं ले सकते। तो फिर, सच्चे माता-पिता कौन हैं जिनके माध्यम से हम मूल पाप से शुद्ध दुबारा जन्म ले सकते हैं, और परमेश्वर के राज्य में प्रवेश करने में सक्षम हो सकते हैं?
माता पिता, जिन में मूल पाप है वह ऐसे अच्छे बच्चों को जिनमें मूल पाप नहीं है जन्म नहीं दे सकते। निश्चित रूप से, इस पतित संसार में पाप रहित माता-पिता का मिलना असंभव है। पापहीन माता पिता का स्वर्ग से उतरना आवश्यक है। यीशु वह माता-पिता था जो स्वर्ग से आया था। वह सत्-पिता के रूप में आया ताकि पतित मानव को नए सिरे से जन्म दे, उन्हें मूल पाप से शुद्ध करके अच्छे बच्चों में बदले जो पृथ्वी पर स्वर्ग के राज्य का निर्माण करने के योग्य हों। इसलिए, बाईबल में यह लिखा है, “हमारे प्रभु यीशु के परमेश्वर और पिता का धन्यवाद हो, जिसने यीशु मसीह को मरे हुओं में से जी उठने के द्वारा अपनी बड़ी दया से हमें जीवित आशा के लिये नया जन्म दिया।” (१ पतरस १:३)
यीशु सत्-पिता के रूप में आया, आदम जो बनने में विफल रहा। इस कारण से, बाईबल उसके बारे में यह कहती है कि वह “अंतिम आदम था”, और “अनन्त काल का पिता” है। (१ कुरिन्थियों १५:४५; यशायाह ९:६)
किंतु, पिता अकेले बच्चों को जन्म नहीं दे सकता है। पतित बच्चों को अच्छे बच्चों के रूप में नए सिरे से जन्म लेने के लिये सत्-पिता के साथ एक सत्-माता भी चाहिये। पवित्र आत्मा सत्-माता के रूप में आई। इसी लिये यीशु ने नीकुदेमुस से कहा कि जब तक कोई पवित्र आत्मा के द्वारा नए सिरे से जन्म न ले वह स्वर्ग के राज्य में प्रवेश नहीं कर सकता। (यूहन्ना ३:५)
बहुत लोगों को यह प्रकटन हुआ है कि पवित्र आत्मा स्त्रीलिंग है। यह इसलिये क्योंकि पवित्र आत्मा सत्-माता या दूसरी हव्वा के रूप में आती है। चूँकि पवित्र आत्मा दिव्यता का ज़नाना पहलू है, उसे प्राप्त करने के बिना हम यीशु की दुल्हन नहीं बन सकते। स्त्री होने के नाते, पवित्र आत्मा दिलासा देती है और लोगों के दिलों को छूती है। (रोमियों ५:५, यूहन्ना १४:२६,२७, प्रेरितों ९:३१) इस तरह वह लोगों को उनके पापों से शुद्ध करती है, और हव्वा ने जो पाप किया था उसका प्रायश्चित करती है। यीशु, जो मर्दाना (यांग) प्रभु है, स्वर्ग में काम करता है, जबकि पवित्र आत्मा जो उसका ज़नाना (यिन) प्रतिरूप है, पृथ्वी पर काम करती है।
४.१.२ यीशु और पवित्र आत्मा और लोगोस के द्वैत अभिलक्षण
लोगोस का अर्थ यूनानी भाषा में “तर्कसंगत नियम” या “वचन” है। बाईबल में लोगोस परमेश्वर (यूहन्ना १:१) के पात्र साझी को इंगित करता है और उसके साथ पारस्परिक संबंध रखता है। चूँकि परमेश्वर कर्ता साझी है, और उसमें द्वैत अभिलक्षण हैं, इसलिये लोगोस जो पात्र साझी है उसे भी ऐसे ही द्वैत अभिलक्षणों से बना होना चाहिये। यदि लोगोस द्वैत अभिलक्षणों के बिना होता, तो सब वस्तुएं जो उसके द्वारा बनीं है (यूहन्ना १:३) उन में भी द्वैत अभिलक्षण नहीं होते। आदम और हव्वा, परमेश्वर की छवि के मूर्त रूप पात्र साझी हैं, जो लोगोस के द्वैत अभिलक्षणों (प्रति-संदर्भ—सृष्टि १.१) के रूप में अलग-अलग रचे गए थे।
यदि आदम ने पुरुष होकर सृष्टि का आदर्श साधित कर लिया होता और जीवन का वृक्ष बन गया होता, और हव्वा ने भी स्त्री होकर सृष्टि का आदर्श साधित कर लिया होता और भले और बुरे के ज्ञान का वृक्ष बन गई होती, तो वे दोनों मिलकर मानव जाति के सद्-वृत्त (सच्चे) माता-पिता बन कर क़ायम हो गये होते। तब उन्होंने तीन महान आशीर्वादों को भी प्राप्त कर लिया होता और पृथ्वी पर परमेश्वर का राज्य स्थापित कर लिया होता। बजाए इसके, उनके पतित होने के कारण यह दुनिया पार्थिव नरक बन गई। इसलिये, पतित लोगों को नए सिरे से जन्म देने के लिये यीशु, दूसरे आदम के रूप में, जो जीवन के वृक्ष का प्रतीक है (प्रकाशितवाक्य २२.१४), सत्-पिता की हैसियत से आया (१ कुरिन्थियों १५:४५)।
यदि यह सच्च है तो क्या दूसरी हव्वा, जो भले और बुरे के ज्ञान के वृक्ष का प्रतीक हो, मानव जाति की सच्ची माँ (प्रकाशितवाक्य २२:१७) के मिशन के साथ नहीं आनी चाहिये थी? जो सच्ची माँ के रूप में पतित मानव को नए सिरे से जन्म देने के लिये आई है वह पवित्र आत्मा है।
४.१.३ यीशु और पवित्र आत्मा के द्वारा आत्मिक नए सिरे से जन्म लेना
माता-पिता के प्यार के माध्यम से एक नया जीवन पैदा होता है। जब हम पवित्र आत्मा की प्रेरणा के द्वारा यीशु पर उद्धारकर्ता के रूप में विश्वास करते हैं, (१कुरिन्थियों १२:३) तो हम आत्मिक सद्-वृत्त माता-पिता का प्रेम प्राप्त करते हैं, जो कि आत्मिक सत्-पिता के रूप में यीशु, और आत्मिक सच्ची माँ पवित्र आत्मा के बीच के आदान-प्रदान संबंध द्वारा उत्पन्न होता है। इस प्रेम के द्वारा हमारे अन्दर नया जीवन भरा जाता है, और हमारी आत्माओं का नए रूप में नए सिरे से जन्म होता है। यह आत्मिक नए सिरे से जन्म लेना है। तो भी, चूंकि मनुष्य का पतन दोनों आत्मिक और शारीरिक रूप में हुआ, इसलिये नए सिरे से जन्म लेने के द्वारा हमारा मूल पाप दोनों आत्मिक और शारीरिक तौर पर शुद्ध होना चाहिये। मानवता को शारीरिक मोक्ष प्रदान करने के लिये मसीह को पृथ्वी पर लौटना आवश्यक है, यह हमारे शारीरिक नए सिरे से जन्म लेने के द्वारा पूरा होगा।
४.२ ट्रिनिटी (पिता, पुत्र और पवित्र आत्मा)
सृष्टि के नियम के अनुसार, परमेश्वर का सृष्टि का उद्देश्य चार-दशा-आधार की बुनियाद पर पूरा किया जाता है, और आदि-विभाजन-संगठन-क्रिया के द्वारा तीन-पात्र-प्रयोजन को परिपूर्ण करने से स्थापित होता है। सृष्टि के उद्देश्य को पूरा करने के लिये, यीशु और पवित्र आत्मा, जो परमेश्वर के द्वैत अभिलक्षणों को अलग-अलग प्रकट करते हैं, परमेश्वर के सामने पात्र साझी के रूप में खड़े होते हैं। वे परमेश्वर को केन्द्र मान कर आदान-प्रदान के द्वारा एक दूसरे के साथ एकजुट होते हैं और चार-दशा-आधार स्थापित करते हैं। परमेश्वर, यीशु और पवित्र आत्मा मिलकर एक हो जाते हैं, यह एकात्मकता ट्रिनिटी कहलाती है।
आदि में, आदम और हव्वा की सृष्टि से परमेश्वर का उद्देश्य, उन्हें मानव जाति के सच्चे माता-पिता के रूप में स्थापित करके परमेश्वर पर केन्द्रित चार-दशा-आधार के द्वारा सामंजस्यपूर्ण एकात्मकता में पति-पत्नी बनाकर ट्रिनिटी की रचना करने का था। यदि आदम और हव्वा पतित नहीं हुए होते, परमेश्वर के साथ उन्होंने ट्रिनिटी की स्थापना कर ली होती और सद्-वृत्त माता-पिता बन कर अच्छे बच्चे पैदा करते, तो उनका वंश भी उनके जीवन में परमेश्वर पर केन्द्रित अच्छे पति-पत्नी बनते, और उनकी हर एक जोड़ी ट्रिनिटी बनाती। इस तरह परमेश्वर के दिए हुए तीन महान आशीर्वाद परिपूर्ण हो जाते और पृथ्वी पर स्वर्ग का राज्य बन जाता। बजाए इसके, जब आदम और हव्वा पतित हो गए तो उन्होंने शैतान पर केन्द्रित चार-दशा-आधार बनाई; दूसरे शब्दों में उन्होंने शैतान के साथ पतित ट्रिनिटी बनाई। इस तरह उनके वंशों ने भी शैतान के साथ ट्रिनिटी बनाई, और एक भ्रष्ट और अनैतिक समाज का निर्माण किया।
पतन के बाद से, परमेश्वर उस दिन की बाट जोहता है जब वह लोगों को नए सिरे से जन्म दे सके और उनके साथ ट्रिनिटी बनाकर शामिल हो सके। इस उद्देश्य से, परमेश्वर का इरादा था कि वह यीशु और उसकी दुल्हन को दूसरे आदम और हव्वा की जगह पर मानवता का सच्चे माता-पिता बना कर ऊँचा उठाए। परन्तु, पुनर्जीवित यीशु और पवित्र आत्मा की परमेश्वर के साथ एकात्मकता से केवल आत्मिक ट्रिनिटी बन सकी। वे केवल आत्मिक सद्-वृत्त माता-पिता का मिशन पूरा कर सके। इस प्रकार, यीशु और पवित्र आत्मा विश्वासी लोगों को आत्मिक बच्चों की तरह आत्मिक तौर पर नए सिरे से जन्म देते आए हैं और उन्हें आत्मिक ट्रिनिटी में पुनःस्थापित करते हैं।
मसीह को शरीर में फिर से वापस लौटना होगा और उसे अपनी दुल्हन ढूँढनी होगी। और वे पृथ्वी पर परमेश्वर के साथ पूर्ण ट्रिनिटी बनाएंगे और शरीर और आत्मा दोनों में सद्-वृत्त माता-पिता (सच्चे) माता-पिता बनेंगे। तब वे पतित लोगों को दोनों शारीरिक और आत्मिक तौर पर नए सिरे से जन्म देंगे, और उनके मूल पाप को निकालेंगे और इस तरह वे परमेश्वर को केन्द्र में रख कर ट्रिनिटी स्थापित करने में सक्षम होंगे। इस तरह जब पतित लोगों का पुनरुद्धार होगा तब वे परमेश्वर पर केन्द्रित चार-दशा-आधार स्थापित कर सकेंगे, अंततः, वे पृथ्वी पर स्वर्ग का राज्य, जहाँ परमेश्वर के तीन महान आशीर्वाद पूरे होते हैं निर्माण करने में सक्षम होंगे।