संभाग ७. पुनरुद्धार की दैवी योजना और इतिहास की प्रगति
पृथ्वी पर स्वर्ग का राज्य एक समाज के समान है जिसकी संरचना पूर्ण व्यक्ति की प्रतिमा के रूप में की गई है। (प्रति-संदर्भ—सृष्टि ३:२) उसी प्रकार यह माना जा सकता है कि पतित समाज पतित व्यक्ति की समानता में है। हम पतित व्यक्ति के आंतरिक जीवन की जांच करके मानवता द्वारा निर्मित समाजों के इतिहास को और अधिक अच्छी तरह समझ सकते हैं।
एक पतित व्यक्ति के पास दो मन होते हैं, एक मौलिक मन, जो उसे अच्छाई का अनुसरण करने के लिए उत्साहित करता है, और एक बुरा मन, जो उसे बुरी लालसाओं से भर देता है और मौलिक मन के प्रोत्साहन का विरोध करता है। इसमें कोई भी शक नहीं है कि दोनों मन आपस में लगातार संघर्ष करते रहते हैं और हमें परस्पर विरोधी स्वभाव की ओर झुकाते हैं। चूँकि मानव समाज में संघर्ष लगातार लोगों के अंदर होता रहता है, इसलिए, उनके बीच का वार्तालाप भी विसंगति और संघर्ष के अतिरिक्त और कुछ नहीं हो सकता। मानव इतिहास संघर्ष से ग्रस्त सामाजिक संबंधों से भरा है जो समय के साथ लगातार बदलता रहता है। इसलिए, यह अनिवार्यतः लड़ाई-झगड़े और युद्ध में व्यक्त होता आया है।
तथापि, मौलिक मन और बुरे मन के बीच लगातार संघर्ष होने के बावजूद भी लोग हमेशा बुराई का प्रतिरोध करते हैं और अच्छाई के रास्ते पर चलने की कोशिश करते हैं। क्योंकि जैसे-जैसे वे अपने प्रयासों में सफल होते हैं उनकी कोशिशें भले कामों में फलवान होतीं हैं। उनके अंदर मौलिक मन की गतिविधि के कारण, एक पतित व्यक्ति भी अच्छाई के लक्ष्य को बढ़ावा देने के लिए परमेश्वर के पुनरुद्धार की दैवी योजना के साथ सहभागी हो सकता है।
इस तरह, इतिहास की प्रगति उन व्यक्तियों से आरंभ होती है जो, भले और बुरे की भँवर के बीच में भी, बुराई को त्यागने और अच्छाई का समर्थन करने के लिए दृढ़ प्रयत्न करते हैं। अतएव, इतिहास जिस दुनिया की ओर प्रगति कर रहा है वह स्वर्ग का राज्य है, जहाँ अच्छाई का लक्ष्य साधित किया जाएगा। हमें यह समझना चाहिए कि इस अंतिम लक्ष्य की तलाश में संघर्ष और युद्ध अंतरिम घटनाएं हैं जो भलाई को बुराई से अलग करने के लिए होतीं हैं। भले ही बुराई कभी-कभी जीतती है, परमेश्वर उसका उपयोग इतिहास को और अधिक अच्छाई की पूर्ति की ओर बढ़ाने के लिए करता है। इस संबंध से, हम यह समझ सकते हैं कि पुनरुद्धार की दैवी योजना के अनुसार अच्छाई की ओर इतिहास की प्रगति अच्छाई को बुराई से लगातार अलग करने की प्रतिक्रिया से होती है।
इसी दौरान, पहले मानव के साथ रक्त-संबंध स्थापित करने के कारण, शैतान ने पतित लोगों के माध्यम से, जिस आदर्श समाज को परमेश्वर ने साकार करने का इरादा किया था, उसको परमेश्वर से पहले ही एक विकृत रूप में संगठित करने का काम किया है। परिणामस्वरूप, हमने मानव इतिहास में विकृत आदर्शों के आधार पर बनाए गए सिद्धांतहीन समाजों का उत्थान होते देखा है। मानव इतिहास के अंत में, इससे पहले कि परमेश्वर स्वर्ग का राज्य पुनःस्थापित करे, शैतान स्वर्ग के राज्य की विकृत प्रतिमा की सिद्धांतहीन दुनिया बनाएगा: यह दुनिया और दूसरी कोई नहीं बल्कि साम्यवादी दुनिया है। यह एक उदाहरण है कि शैतान, जो इतिहास के क्रम में पहले से आगे रहा है, किस तरह परमेश्वर से पहले उसकी योजनाओं की नकल करता है। पुनरुद्धार की दैवी योजना के दौरान, सत्य के प्रगट होने से पहले उसकी समानता में एक झूठी प्रतिछाया प्रगट होती है। (प्रति-संदर्भ—तैयारी ३:२, तैयारी ४:१) यीशु ने यह भविष्यद्वाणी की, कि मसीह के दूसरे आगमन (मत्ती २४:२३-२४, १ यूहन्ना २:१८) से पहले झूठे मसीह प्रगट होंगे, यह नियम के इस पहलू से स्पष्ट किया जा सकता है।
७.१ पुनरुद्धार की दैवी योजना में इतिहास की प्रगति
कुछ इतिहासकारों की धारणा के अनुसार पतित लोगों का बनाया गया पहला समाज आदिकालीन सामूहिक समाज था। परमेश्वर की दैवी योजना के दृष्टिकोण से, आदिकालीन सामूहिक समाज जो पतित लोगों ने बनाया था वह शैतान पर केन्द्रित था। भले ही, शैतान ने ऐसा सामूहिक समाज, जिसमें लोग अपनी वस्तुएं दूसरों के साथ बांट सकें, बनाने का प्रयत्न किया होगा, फिर भी वह परमेश्वर के इच्छित समाज का एक दोषपूर्ण प्रतिरूप ही होता। जो समाज परमेश्वर, निष्कलंक आचरण के लोगों के द्वारा बनाना चाहता है: वह अन्योन्याश्रितता, पारस्परिक-समृद्धि और सार्वभौम सहभाजी मूल्य के द्वारा चित्रण किया जाता है। इस शैतानी आदिकालीन समाज का रूप चाहे कैसा ही क्यों न हुआ हो, वह संघर्ष और फूट से वंचित नहीं था। यदि ऐसा न होता, तो वह बिना बदले सदैव स्थाई रहता, और परमेश्वर की पुनरुद्धार की दैवी योजना कभी पूर्ण नहीं हो पाती।
वास्तव में, पतित व्यक्ति के दो मनों के बीच का प्रतिद्वंद्व आंतरिक संघर्ष को बढ़ावा देता है जो उसके कामों में प्रगट होता है और उसे दूसरों के साथ लड़ाई-झगड़ा करने के लिए विवश करता है। इसलिए, शैतानी आदिकालीन समाज अपने सामूहिक जीवन के लक्ष्य को कभी बरकरार नहीं रख सका और ना ही शांति बनाए रख सका। जैसे-जैसे आदिकालीन समाज अलग-अलग अर्थशास्त्री और सामाजिक संबंधों के साथ बड़े पैमाने के समाजों में विकसित हुए, अनिवार्यतः उनके साथ-साथ यह प्रतिद्वंद्व तदनुसार विकसित होते गए। मौलिक मन की गतिविधि के कारण जो लोगों को परमेश्वर के पुनरुद्धार की दैवी योजना की ओर बुलाता है, शैतान की प्रभुता के अधीन आदिकालीन समाजों में आपेक्षिक अच्छाई और बुराई के बीच विभाजन अवश्य उठे।
जब हम शैतान के मार्गदर्शन के अंतर्गत सामाजिक विकास के दौर की जाँच करते हैं, हम देखते हैं कि आदिकालीन समाजों में लोगों के बीच मतभेद के परिणाम से कबीला समाज निकले हैं। इन समाजों ने क्षेत्र में विस्तार करना शुरू किया, कबीले समाज फैल कर सामंतवादी समाजों में और बाद में अपने प्रभाव और क्षेत्रों को और बढ़ा कर राजसी समाजों में बदल गए। शैतान ने इस नमूने को पहले ही हथिया लिया, क्योंकि उसने परमेश्वर की योजना को पहले ही से जान लिया था कि वह पतित संसार से अच्छे व्यक्तियों को बुलाकर उनसे अच्छे कबीले समाज को फैलाने वाला है, तब अच्छे सामंतवादी समाज को बढ़ाएगा और अंत में अच्छे साम्राज्य के स्तर तक पहुँचाएगा, जो क्षेत्र और राजकीय सत्ता के महत्व से मसीह के आने और उसके कार्य को पूरा करने के लिए यथेष्ट हो।
परमेश्वर ने अब्राहम को पतित संसार में से चुनकर बुलाया ताकि वह अच्छाई का मान-धारक हो और उसे उसके वंश के साथ, जो उस की इच्छा की पुष्टि करेंगे, आशीष दी। परमेश्वर ने अब्राहम के वंश को पहले इस्राएली गोत्र समाज के रूप में बढ़ाया। उन्होंने मिस्र में गोत्र के रूप में प्रवेश किया, परन्तु जब उन लोगों ने मिस्र छोड़ा और कनान जाने के लिए रवाना हुए तब तक वे जनजातीय समाज के रूप में बढ़ गए थे। न्यायियों की अवधि में इस्राएली समाज सामंतवादी समाज बन गया था।
इस चर्चा में सामंतवादी समाज वह समाज है जिसकी राजनीतिक व्यवस्था मालिक और नौकर, सेवा और आज्ञापरता के रूप में बताई गई है, और अर्थशास्त्री व्यवस्था अलग-अलग बिखरे हुए क्षेत्रों में स्वावलंबी टुकड़ियों से बनी है। न्यायियों की अवधि में, इस्राएली समाज की ऐसी विशेषताएं थीं। जब इस्राएली लोगों ने कनान में प्रवेश किया, तो प्रत्येक गोत्र को भूमि का एक हिस्सा बांटा गया। न्यायी लोग जो इन राज्य क्षेत्रों का प्रशासन करते थे वे, प्रारंभिक मध्यकालीन यूरोप में जैसे बिशप और सामंतवादी स्वामी हुआ करते थे, उसी हैसियत से कार्य करते थे।
सामंतवादी समाज के लोगों की ऐसी प्रवृत्ति है कि उसके लोग अपने स्वामी की धारणाओं को मान्यता देते हैं और उसकी आज्ञाओं का पालन करते हैं। जब तक स्वामी परमेश्वर की इच्छाओं के लिए वफादार रहता है, उसके लोग जो उसके पीछे चलते हैं और परमेश्वर के पक्ष में खड़े होते हैं। स्वामी और सेवक के संबंध के आधार पर बने हुए समाज में और मुख्य रूप से बाहरी दुनिया से वियुक्त स्वावलंबी अर्थनीति पर आश्रित राजनीतिक व्यवस्था में रहने के कारण उनमें बाहर से शैतान के आक्रमणों को झेलने की पर्याप्त क्षमता होती है। गोत्र समाज का सामंतवादी समाज में विकसित होने का मुख्य कारण यह है कि लोग और उनकी संपत्ति, जो पहले शैतान के कब्ज़े में थी, वापस परमेश्वर के अधिकार में आए। परमेश्वर की प्रभुता के नीचे क्षेत्र को विस्तृत करने से, वे शैतान के हमले से अधिक सुरक्षित रहते हैं। इस दैवी योजना को समझ कर शैतान ने अपने शासन को सुरक्षित रखने के लिए कई शताब्दी पहले से ही अपना सामंतवादी समाज स्थापित करने का प्रयास किया।
प्रारंभिक इस्राएल के सामंतवादी समाज का दैवी उद्देश्य, राजकीय समाज के लिए बड़े क्षेत्र के साथ अधिक शक्तिशाली साम्राज्य की नींव स्थापित करने के लिए था। राजतंत्रवादी समाज ने, छोटी राजनीतिक और आर्थिक सत्ताओं को जो पहले के सामंतवादी समाज के हाथों में थीं, बड़ी जनसंख्या, मज़बूत अर्थव्यवस्था और भली भाँति रक्षित प्रभुसत्ता वाले एक क्षेत्र में मिला दिया। इस्राएल का यह संयुक्त राज्य राजा शाऊल ने स्थापित किया था।
यीशु राजाओं का राजा बन कर आनेवाला था। (प्रकाशितवाक्य ११:१५) परमेश्वर ने उसे मसीह और राजाओं के राजा के रूप में आ कर राज्य करने के लिए इस्राएल में राजतंत्रवादी समाज की मज़बूत नींव तैयार की।
इससे बहुत पहले, शैतान ने दैवी योजना समझ कर कि मसीह की आमद राजकीय सत्ता में होगी उसने परमेश्वर की दैवी योजना में बाधा डालने के लिए स्वयं अपने बहुत से राजकीय समाज बना लिए थे। इस्राएल के संयुक्त राज्य की स्थापना से बहुत सी सदियों पहले, मिस्र का पहला राजवंश स्थापित हो गया था, और मिस्र में फिरौन का राज्य लगभग तीस राजवंश तक चलता रहा। प्राचीन बेबीलोन के राज्य ने समस्त मेसोपोटामिया पर राजा हमुराबी के राज्य के दौरान ईसा पूर्व अठारहवीं सदी में राज्य किया, और हित्तियों ने ईसा पूर्व चौधवीं सदी में सीरिया के नज़दीकी पूर्व के अधिकतम क्षेत्रों में राज्य किया। शैतानी दुनिया में भी, आपेक्षित अच्छे राज्यों और आपेक्षित बुरे राज्यों के बीच लगातार युद्ध होता रहा था, यह अच्छे को बुरे में से अलग करने में परिणामी हुआ। अच्छाई की ओर यह अभियान मौलिक मन में जड़ा हुआ है, जो परमेश्वर के पुनरुद्धार की दैवी योजना की पुकार को प्रत्युत्तर देता है।
यदि राजा सुलेमान अंत तक परमेश्वर की इच्छा पर चला होता, तो वह परमेश्वर की दी हुई राजनीतिक प्रवीणता का प्रयोग करके करीबी पूर्वी देशों को संगठित कर लेता। वह मिस्री, मिनोआ और मेसोपोटामिया की सभ्यताओं को, जो उस समय कमज़ोर थीं आत्मसात कर सकता था। इस तरह वह सार्वभौमिक साम्राज्य बना सकता था जिस में मसीह आ सकता था और पृथ्वी पर परमेश्वर का राज्य साकार कर सकता था। दुर्भाग्यवश, सुलेमान मूर्तिपूजा में पड़ गया। फलस्वरूप, परमेश्वर को अपनी व्यवस्था दुबारा शुरू करने के लिए बड़े दुख के साथ राजकीय समाज को, जिसे उसने बड़े दुख से बनाया था, विघटित करना पड़ा।
चूँकि इस्राएल के संयुक्त राज्य के राजाओं ने मसीह के लिए नींव नहीं डाली, और ना ही उन्होंने वह मूल-कार्य जिसपर परमेश्वर अपना राज्य पुनःस्थापित कर सकता था पूरा किया, इसलिए अंत में परमेश्वर ने राज्यों को दो भागों में बांट दिया: उत्तर में इस्राएल और दक्षिण में यहूदा। जब वे परमेश्वर के विरोध में सतत पाप करते रहे तो परमेश्वर ने उत्तरी राज्य को असीरया के हाथों में देकर बरबाद कर दिया। असीरिया के लोगों ने ईसा पूर्व आठवीं सदी में पहला विश्व साम्राज्य बनाने के लिए मिस्र समेत समस्त प्राचीन करीबी पूर्व देशों को जीत लिया। यहूदा के राज्य ने उस समय परमेश्वर की इच्छा को बरकरार रखा, पर बाद में उसके विरोध में बग़ावत की। इसलिए, परमेश्वर ने उन्हें नए-बेबीलोन के साम्राज्य के हाथों में कर दिया, जो असीरिया की जगह पर दूसरा विश्व साम्राज्य बना।
यहूदा के पतन के पश्चात, परमेश्वर ने इस्राएल की राजगद्दी खाली रखी और यहूदियों को, उस अवधि के अधिकतम समय तक जो मसीह के आगमन तक थी, अन्य जातियों के क्रमागत साम्राज्य के अधीन रखा। विशेषतः, परमेश्वर ने उन्हें यूनानी सांस्कृतिक क्षेत्र में रखा, जिन्होंने लोकतंत्र की वैचारिक रूपरेखा की नींव डाली। परमेश्वर ने इस्राएल के समाज को प्रजातंत्र के रूप में ढाला, ताकि जब मसीह आए तो प्रजा के लोगों की पूर्ण इच्छानुसार, उसका अभिवादन राजा के रूप में हो सके। परंतु यहूदी लोगों ने यीशु को ऊँचा उठा कर उसका स्वागत नहीं किया। प्रजा के समर्थन के बिना उसे सूली पर चढ़ा दिया गया। परिणामस्वरूप, दैवी योजना का उद्देश्य, जो दो हज़ार वर्ष पहले अब्राहम और उसके वंशज को पतित संसार से बाहर निकालने के बुलावे से शुरू हुई था, केवल आत्मिक रूप से प्राप्त हुआ।
७.२ पुनरुद्धार की दैवी योजना के प्रवर्धन के युग में इतिहास की प्रगति
७.२.१ पुनरुद्धार की दैवी योजना और पश्चिमी देशों का इतिहास
रोमी राज्य, जिसने ईसाइयों को सताया था, अंत में चौथी सदी में सूली पर चढ़े यीशु के आगे झुक गया और ईसाई मत को राष्ट्रीय धर्म की मान्यता दी। हालाँकि, रोमी राज्य का मूल दैवी कृत्य, जिसने भूमध्य सागर के चारों ओर की प्राचीन दुनिया को संगठित किया था, पृथ्वी पर मसीह के राज्य की नींव डालना था। यदि यहूदी लोगों ने यीशु को मसीह मानकर उसपर विश्वास किया होता और उसके साथ एक हो जाते, तो रोमी राज्य यीशु के जीवनकाल ही में जीता जा सकता था और यीशु सारे साम्राज्य में राजाओं के राजा के रूप में सम्मानित किया गया होता। और उसने विश्वव्यापी साम्राज्य, जिसकी राजधानी यरूशलेम होती, स्थापित कर लिया होता। परंतु, चूँकि यहूदियों ने अविश्वास किया, इसलिए यहूदिया बरबाद किया गया और रोमी राज्य का अस्तगमन दैवनिर्दिष्ट हो गया। लगभग एक सदी के लगातार अशिष्ट लोगों के आक्रमणों के कारण पश्चिमी रोमी साम्राज्य का सन ४७६ ई. में सूर्यास्त हो गया। इस प्रकार से, परमेश्वर की पुनरुद्धार की दैवी योजना का केन्द्र यहूदिया, परमेश्वर के दुख की भूमि, से स्थानांतरित हो कर पश्चिमी यूरोप हो गया, जो पहले पश्चिमी रोमी साम्राज्य का क्षेत्र था, पर अब जर्मन जनजाति के कब्ज़े में है।
तदनुसार, ईसाइयत पर आधारित पुनरुद्धार की आत्मिक दैवी योजना मुख्यतः पश्चिमी यूरोप में संचालित हुई। केवल पश्चिमी यूरोप में ही पुनरुद्धार की दैवी योजना द्वारा निर्धारित नमूने के अनुसार इस युग के इतिहास ने दृढ़ता से प्रगति की। पश्चिमी यूरोप का ईसाई इतिहास हमें उन घटनाओं की जानकारी देता है जिनके द्वारा पुनरुद्धार की दैवी योजना के प्रवर्धन का युग बना है।
७.२.२ धार्मिक इतिहास, आर्थिक इतिहास और राजनीतिक इतिहास के बीच पारस्परिक संबंध
आत्मालोक और पृथ्वी लोक दोनों पर राज्य करने के लिए परमेश्वर ने मनुष्य को आत्मिक देह और भौतिक देह के द्वैत अस्तित्व के रूप में रचा है। (प्रति-संदर्भ—सृष्टि ६.२) यदि मनुष्यों का पतन नहीं हुआ होता, उनकी आत्मिक देह और शरीर दोनों ने एक साथ पूर्णता प्राप्त कर ली होती। उनकी आत्मिक बुद्धि और शारीरिक बुद्धि उनके जीवनकाल ही में पूर्ण सामंजस्य के साथ आपस में मिल जातीं। मनुष्य के पतन के पश्चात जब वे दोनों आत्मिक और शारीरिक दुनिया के ज्ञान से अनभिज्ञ हो गए, परमेश्वर ने आत्मिक अनभिज्ञता को धर्म के द्वारा और भौतिक अनभिज्ञता को विज्ञान के द्वारा जीतने का प्रयास किया। (अंतिम दिन संबंधी उपदेश ५:१)
धर्म ने पतित लोगों के निष्क्रिय मौलिक मन को प्रोत्साहन द्वारा सक्रिय करके उनकी आत्मिक अनभिज्ञता को क्रमशः वशीभूत करने में सहायता की। वह लोगों को सिखाता है कि वे अपने जीवन में अदृश्य वस्तुओं, परमेश्वर की कारणात्मक दुनिया पर ध्यान दें। चूँकि हर किसी को धर्म की तुरन्त आवश्यकता महसूस नहीं होती, कुछ ही विशिष्ट लोग आत्मिक ज्ञान शीघ्रता से प्राप्त कर पाते हैं। अधिकतम लोगों के लिए आत्मिक संवृद्धि धीमी प्रतिक्रिया होती है। हम आज भी इस बात को इस तथ्य से समझ सकते हैं, हालाँकि धर्म आज सारी दुनिया में व्यापक हैं तो भी लोगों का आत्मिक स्तर प्राचीन काल के लोगों से अधिक अच्छा नहीं है।
अपितु, विज्ञान के अन्वेषणों से तो हर कोई परिचित है, जिससे हमारे भौतिक दुनिया के ज्ञान को बहुत बढ़ावा मिला है। चूँकि विज्ञान वास्तविक वस्तुओं से व्यवहार करता है, इसलिए सभी को इसकी अधिक आवश्यकता महसूस होती है। इस प्रकार, मनुष्य के भौतिक दुनिया के ज्ञान में वृद्धि प्रायः बड़े पैमाने पर और अधिक तेज़ी से होती है।
इसके अतिरिक्त, जबकि धार्मिक अध्ययन की विषय वस्तुएं, अमूर्त गूढ़ कारण की उत्कृष्ट दुनिया से संबंध रखती है, वैज्ञानिक खोज परिणामी दुनिया में मूर्त भौतिक वस्तुओं की जाँच करता है। अतः, आज तक धर्म और विज्ञान सैद्धांतिक रूप से परस्पर-विरोधी रहे हैं। इसके अलावा, क्योंकि शैतान समस्त विश्व पर राज्य करता है, और दुनिया में लोगों पर आजीवन हमला करता रहता है और उन्हें विकृत करता है, जबकि धर्म लोगों को दुनिया नकारना सिखाता है। इस कारण, धर्म आसानी से विज्ञान के साथ सामंजस्य स्थापित नहीं कर सकता है, जो दुनिया में जीवन को बेहतर बनाना चाहता है।
हम यह जानते हैं कि आरंभ में परमेश्वर ने मनुष्य में उसकी अंदरूनी आत्मा डालने से पहले उसका शरीर पहले बनाया। (उत्पत्ति २:७) पुनरुद्धार की दैवी योजना भी जो पुनः निर्माण का कार्य है, उसी नमूने पर चलती है, बाहर से अंदर। इस दैविक दृष्टिकोण से यह स्पष्ट है कि उनके विकास के दौरान धर्म और विज्ञान के बीच आपस में बहुधा विवाद और संघर्ष तक होता है। (प्रति-संदर्भ—तैयारी १)
वही मतभेद लोगों के धार्मिक और आर्थिक जीवन के संबंध में भी पाया जाता है। विज्ञान की तरह, आर्थिक गतिविधियाँ वास्तविक दुनिया से वास्ता रखती है। निःसंदेह, आर्थिक उन्नति का विज्ञान के विकास के साथ करीबी रिश्ता है। तदनुसार, धार्मिक इतिहास परमेश्वर की दैवी योजना के आंतरिक विकास के आधार पर, और अर्थशास्त्री इतिहास दैवी योजना के बाह्य विकास के आधार पर विभिन्न दिशाओं में बढ़े हैं, और अलग-अलग अनुपात में उन्नत हुए हैं। इसलिए, पश्चिम के इतिहास की प्रगति समझने के लिए, जिसने परमेश्वर के पुनरुद्धार की दैवी योजना द्वारा नियत नमूने का अनुकरण किया है, हमें ईसाई मत के इतिहास और पश्चिम के आर्थिक इतिहास की अलग-अलग जाँच करनी चाहिए।
जैसा संबंध धर्म और विज्ञान के बीच होता है, उसी तरह धर्म और अर्थव्यवस्था भी पतित लोगों के जीवन के आंतरिक और बाह्य पहलू को पुनःस्थापन के उत्तरदायित्व से संबंध रखते हैं। यद्यपि धर्म और अर्थव्यवस्था, धर्म और विज्ञान की तरह एक-दूसरे के विपरीत विकसित होते प्रतीत होते हैं, वे समाज के जीवन से संबंधित हैं। इस प्रकार, ईसाई मत का इतिहास और आर्थिक इतिहास परस्पर एक दूसरे से थोड़ा बहुत प्रभावित हुए हैं।
धर्म और अर्थव्यवस्था, समाज में राजनीति के द्वारा हमारे जीवन से जुड़े हुए हैं। विशेष करके पश्चिमी यूरोप में राजनीति ने, ईसाई धर्म के पथ के साथ जिसमें बहुधा दैवी निर्देशों के विषय में स्पष्ट बोध का अभाव रहा है, आर्थिक विकास को जोड़ने की मांग की है। पश्चिमी राजनीतिक इतिहास ने एक ऐसा रास्ता अपनाया है जो धर्म और अर्थनीति के बीच सामंजस्य स्थापित करता है। इसलिए, इतिहास की प्रगति को ठीक से समझने के लिए, जैसे-जैसे वह पुनरुद्धार की दैवी योजना की ओर बढ़ती है, हमें अलग से राजनीति के इतिहास को भी जांचना चाहिए।
धार्मिक, राजनीतिक और आर्थिक विकास के दौर ने अलग-अलग कैसे प्रगति की है, एक उदाहरण के रूप में आइए हम सत्रहवीं शताब्दी के अंत के दौरान की पश्चिमी यूरोप की ऐतिहासिक स्थिति का रेखाचित्र बनाएं।
धर्म के इतिहास के संबंध में, इस अवधि की ईसाइयत में लोकतांत्रिक मूल्यों ने पहले ही जड़ पकड़ ली थी। पोप के शासन के तहत ईसाई धर्म की राजशाही राजनीति, १५१७ में प्रोटेस्टेंट धर्म-शोधन-अभियान के साथ खंडित हो गयी थी। मध्ययुगीन काल में यूरोप के लोगों के उपासना का जीवन पोप के पदानुक्रम के अधीन था, वे धीरे-धीरे स्वयं बाईबल पढ़ कर ईसाई जीवन जीने के लिए स्वतंत्र रूप से मुक्त हो गए। इस अवधि की राजनीति के संबंध से पूर्ण राजशाही अपनी ऊंचाई पर थी। आर्थिक रूप से, जागीर प्रणाली पर आधारित सामंती समाज यूरोप के कई हिस्सों में जारी रहा। इस प्रकार, एक ही यूरोपीय समाज, धार्मिक जीवन के संबंध से लोकतांत्रिक बनता जा रहा था, जबकि राजनीतिक जीवन के संबंध से राजशाही और आर्थिक जीवन के संबंध में सामंती बनता जा रहा था।
हमें यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि पुराने नियम के अधिकांश युग के इतिहास का विकास अलग-अलग विकास की इस पद्धति से क्यों नहीं देखा गया था। प्राचीन इस्राएल में विज्ञान की प्रगति बहुत ही मंद थी। इसलिए उनके आर्थिक जीवन का विकास नहीं हुआ, और उनके समाज में बहुत थोड़ी विशेषज्ञता थी। लोग एक सामाजिक व्यवस्था के अंतर्गत साधारण सा जीवन व्यतीत करते थे जिसमें धर्म उनके दैनिक जीवन का अनिवार्य भाग था। मूसा के कानून स्वामी और दास के संबंध के सख़्त नियम से बाध्य, उन्हें अपने नेताओं का दोनों धार्मिक और राजनीतिक मामलों में आज्ञा पालन करना पड़ता था। उस युग में धर्म, राजनीति और अर्थनीति की उन्नति अलग-अलग नहीं हुई।
७.२.३ परिजन समाज
आइए हम धर्म, राजनीति और अर्थनीति के संबंध से नए नियम के दौरान के युग के इतिहास की प्रगति की जाँच करें।
परमेश्वर की पुनरुद्धार की दैवी योजना के अनुकूल मौलिक मन का झुकाव साधारणतः शैतान पर केन्द्रित समाज में विभाजन लाता है। जो लोग परमेश्वर की इच्छा का अनुकरण करते हैं वे इस प्रक्रिया में अकेले पड़ जाते हैं और परमेश्वर के पक्ष में एकत्र होकर कभी-कभी एक परिजन समाज बना लेते हैं। ईसाई परिजन समाज की उत्पत्ति इस नमूने पर हुई। यीशु को क्रूस पर चढ़ाने के बाद यहूदी राष्ट्र शैतान के कब्ज़े में आ गया, ऐसी परिस्थितियों में परमेश्वर उस समाज में अपनी पुनरुद्धार की दैवी योजना जारी नहीं रख सका। फलस्वरूप, परमेश्वर ने वह समाज नष्ट कर दिया, और उनमें से धर्मनिष्ठ विश्वासियों को ईसाई समाज स्थापित करने के लिए बुलाया।
पुराने नियम के युग की इस दैवी योजना में याकूब के बारह पुत्र अपने सत्तर बंधुओं के साथ इस्राएली परिजन समाज बनाने के लिए चल पड़े। उसी प्रकार, नए नियम के युग में, यीशु के बारह शिष्यों ने ईसाई परिजन समाज बनाने के लिए अपने सत्तर अनुयायियों का नेतृत्व किया और परमेश्वर की नई दैवी योजना का आरंभ किया। ईसाई परिजन समाज अल्पसंख्य सम्प्रदायों से बना था जिनकी कोई संरचित राजनीतिक या आर्थिक व्यवस्था नहीं थी। इस अवधि में धर्म, राजनीति और अर्थव्यवस्था की प्रगति स्वतंत्र रूप से नहीं हुई।
अत्यधिक अत्याचार के बावजूद भी, ईसाई परिजन समाज रोमी साम्राज्य में भूमध्यसागर के इर्द-गिर्द यथाक्रम उन्नति करता रहा और ईसाई जनजातीय समाज में विकसित हो गया। चौथी शताब्दी के उत्तरार्ध में शुरू हुए जन प्रवास से क्षतिग्रस्त, पश्चिमी रोमन साम्राज्य ४७६ ईसवी में नष्ट हो गया। जब जर्मनी के लोग इस क्षेत्र में आकर बस गए तो उनका परिचय ईसाई धर्म से हुआ, जिससे ईसाई समाज और प्रसारित हुआ।
७.२.४ सामंतवादी समाज
इतिहास की प्रगति के साथ, परिजन समाज सामंतवादी समाज में विकसित हुआ। यूरोप में, रोमी राज्य के पतन के समय जब शाही प्राधिकरण क्षीण हो गया और साम्राज्य अराजकता में डूब गया, सामंतवादी समाज पैदा हुआ। इस समाज में अंततः धर्म, राजनीति और अर्थनीति विभाजित होंगे और अलग-अलग रास्तों पर चलेंगे। सामंतवादी समाज के शुरू के दिनों में, विशेष करके जर्मन जनजाति के बीच नए-नए ईसाई बने हुए लोग, स्वतंत्र किसान और योद्धा स्थानीय राजाओं के अधीन थे।
राजनीतिक शक्ति कई सामंतों के बीच विसरित थी, राष्ट्रीय अधिकारियों की अनुपस्थिति में प्रत्येक अपने-अपने क्षेत्र पर राज्य करते थे। यूरोप में सामंती समाज तब क्रमशः राजनीतिक व्यवस्था में विकसित हुआ और हर स्तर पर स्वामी-दास के संबंध पर आधारित था, जैसे कि विभिन्न दर्जों के स्वामियों और उनके योद्धाओं के बीच होता है, और जागीर व्यवस्था की स्वावलंबी अर्थव्यवस्था पर भी आधारित था। कैरोलिंगियन साम्राज्य के पतन के पश्चात, परिपक्व सामंतवाद यूरोप में हर जगह फैल गया। भूमि कई जागीरों में विभाजित की गई, प्रत्येक सामंती प्रभु के द्वारा शासित की जाती थी। ये सामंत अपनी जागीर के लोगों के जीवन के सभी पहलुओं के लिए जिम्मेदार थे और इन को सर्वोच्च न्यायिक अधिकार प्राप्त था।
कृषक अपनी निजी ज़मीन के लिए सैन्य रक्षण के बदले सामंती प्रभुओं या ईसाई मठों के साथ सौदा करते थे और उनकी ज़मीन मिल्कियत की तौर पर उन्हें लौटा दी जाती थी। जागीरदार योद्धाओं को अपने सामंती स्वामियों से उनके निजी सैनिक होने के रूप में सेवा के बदले गढ़ प्राप्त होते थे। जबकि कम दर्जे के सैनिक केवल एक गढ़ के मालिक हो सकते थे, प्रत्येक राजा या बड़े सामंत ऐसे सैकड़ों या हज़ारों गढ़ों के मालिक होते थे, और अपने नौकरों को मिल्कियत के रूप में वितरित कर देते थे। राजाओं के पास सीमित शक्ति होती थी और वे बड़े सामंती स्वामियों से अधिक बड़े नहीं होते थे।
प्रादेशिक चर्च के नेतृत्व की अवधि के दौरान यूरोप में धार्मिक जीवन उसी प्रारंभिक सामंतवादी राजनीतिक और आर्थिक पद्धति के अनुसार विकसित हुआ; इसलिए यह सामंती ईसाई धर्म कहा जा सकता है। कुलपतियों, प्रधान बिशप और बिशप लोगों ने प्रमुख, मध्यम और छोटे सामंती स्वामियों के जैसे पद ग्रहण किए। राजा केवल बड़े सामंतों में से एक हुआ करता था, पोप केवल पांच कुलपतियों में से एक था। रोमन कैथोलिक चर्च की राजनीतिक संरचना की स्थापना स्वामी और सेवक के बीच सख्त पदानुक्रमित संबंधों पर की गई थी। बिशप या मठाधीश का सामाजिक दर्जा होता था और सामंती स्वामी के बराबर शक्ति होती थी। अपने चर्च संपदा के स्वामी के रूप में कार्य करते हुए, यदि आवश्यक हो, तो वह अपने जागीरदारों के दर्जों में से सेना उठा सकता था।
आर्थिक जीवन के संबंध से, यह अवधि प्राचीन रोम के दास समाज से जागीर व्यवस्था में परिवर्तन के समय शुरू हुई। इस अवधि में कुछ भूमि स्वतंत्र किसानों के स्वामित्व में आने लगी। भूमि के स्वामित्व के संदर्भ में, इस अवधि में लोगों की स्थिति को चार श्रेणियों में वर्गीकृत किया जा सकता है: कुलीन, स्वतंत्र किसान, भूदास और दास।
इस तरह, पश्चिमी रोमन साम्राज्य के खंडरों में से परमेश्वर ने जर्मनी के हाल में बने नए ईसाई लोगों के बीच एक सामंती समाज उठाया, जिन्हें उसने दैवी योजना का नेतृत्व करने के लिए चुना था। धार्मिक, राजनीतिक और आर्थिक जीवन के क्षेत्रों में ईश्वरीय प्रभुत्व के तहत छोटी इकाइयों को मजबूत करके, परमेश्वर ने एक ईश्वरीय राज्य स्थापित करने के लिए नींव रखी।
७.२.५ राजकीय समाज और साम्राज्यवाद
इतिहास की प्रगति के साथ, सामंतवादी समाज राजकीय समाज में विकसित हुआ। राजनीतिक रूप से, यूरोपीय राजकीय समाज किस प्रकार पैदा हुआ?
पश्चिमी यूरोप में जर्मनी के लोगों द्वारा बनाए गए सभी राज्य, फ्रैंक्स के साम्राज्य को छोड़कर, अल्पकालिक थे। मेरोविनगियन राजवंश के फ्रैंकिश राजाओं ने ईसाई धर्म ग्रहण किया और पश्चिमी यूरोप में एक जर्मनिक-रोमन दुनिया बनाने के लिए रोमन सभ्यता की विरासत को अवशोषित किया। मेरोविनगियन राजाओं के सत्ता खो देने के बाद, चार्ल्स मार्टेल फ्रैंक्स का समर्थ शासक बन गया। उसने मूर लोगों को, जिन्होंने दक्षिण-पश्चिम से आक्रमण किया था, हराकर राज्य प्रसारित किया। उसका बेटा, ‘पेपिन द शॉर्ट’, जो शारलेमेन का पिता था पहला कैरोलिंगियन राजा बन गया। शारलेमेन ने सेंट आगस्टीन की ईसाई साम्राज्य की परिकल्पना का अत्यधिक सम्मान किया और उसे अपने राज्य का मार्गदर्शक सिद्धांत बना दिया। शारलेमेन के साम्राज्य ने पश्चिमी और मध्य यूरोप को संगठित किया और उन क्षेत्रों में, जो पूर्वकाल में बड़े पैमाने पर प्रवास के कारण कोलाहल में थे, स्थायित्व लाया।
धर्म के क्षेत्र में, राजतंत्रवादी ईसाई धर्म, जो सामंतवादी ईसाई धर्म के बाद आया, एक आध्यात्मिक साम्राज्य था जो राष्ट्रीय सीमाओं के आगे तक फैलने वाला था। यह पोप के शासन के अंतर्गत मसीह की आध्यात्मिक नींव पर स्थापित किया गया था। पोप लियो-३ ने सन ८०० ई. में शारलेमेन को सम्राट का ताज पहनाया और उसे चर्च का आशीर्वाद दिया। ऐसा करने से, पोप ने उसे दैवी योजना के लिए केंद्रीय जिम्मेदारी सौंप दी। पोप के अधिकार में आध्यात्मिक राज्य और फ्रैंक्स का राज्य शारलेमेन के तहत एकजुट हुआ और इस प्रकार ईसाई साम्राज्य का गठन हुआ।
ईसाई साम्राज्य की अवधि पुराने नियम के युग में इस्राएल के संयुक्त राज्य की अवधि के समानांतर थी। दोनों घटनाओं में, साम्राज्यवादी समाज सामंतवादी समाज के बाद आया जो बड़ी राजकीय सत्ता, आबादी और क्षेत्र को परमेश्वर के पक्ष में समेकित करने के उद्देश्य से था। पहले यह समझाया जा चुका है कि पोप ने एक सांसारिक राज्य का मार्ग प्रशस्त करने के उद्देश्य से प्रधान स्वर्गदूत के स्थान से चर्च की अगवाई की। परन्तु सम्राट को ताज पहनाने और परमेश्वर का आशीर्वाद देने के पश्चात, पोप को कैन के स्थान पर खड़ा होकर उसकी सहायता करनी चाहिए थी। (प्रति-संदर्भ—समांतर ४) बदले में, सम्राट को चाहिए था कि वह पोप की शिक्षाओं का पालन करे और मसीह को ग्रहण करने योग्य राज्य साकार करने के लिए राजनीतिक कार्य करे। यदि उन्होंने इस प्रकार ईसाई साम्राज्य को ईश्वर की पूर्ण इच्छा के अनुरूप बनाया होता, तो यह समय मानव इतिहास के अंतिम दिन होते, जब मसीहा आ गया होता। तब नया-सत्य धर्म और विज्ञान की समस्याओं को हल करने के लिए, संपूर्ण मानवीय प्रयास के रूप में प्रगट होता, और परमेश्वर के आदर्श के आधार पर धर्म, राजनीति और अर्थव्यवस्था की एक दिशा में प्रगति के लिए मार्गदर्शन करता। इस आधार पर, मसीह के दूसरे आगमन के लिए नींव स्थापित की जानी चाहिये थी।
इसके अलावा, ईसाई साम्राज्य की अवधि की शुरुआत के साथ, सामंतवाद को पूरी तरह समाप्त होना चाहिए था। परंतु, पोप और सम्राट परमेश्वर की इच्छा से विचलित हो गए। इस समस्या ने शारलेमेन के बुनियादी आदर्शों को साकार करना असंभव कर दिया। फलस्वरूप, सामंतवादी समाज ध्वस्त नहीं किया गया; इसके विपरीत, यह अगले कई शताब्दियों के दौरान और मजबूत हो गया। धर्म, राजनीति और अर्थव्यवस्था विभाजित रहे, साथ में पोप के द्वारा शासित आध्यात्मिक राज्य के राजवंशों द्वारा शासित दुनियावी राज्यों के बीच बहुधा संघर्ष होता रहा।
ईसाई साम्राज्य, मसीह के आने के लिए एक संगठित राज्य बनाने में असफल रहा। शारलेमेन ने अपने साम्राज्य का निर्माण किया, जब प्रारंभिक सामंती समाज की नींव मजबूत राजशाही में समेकन के लिए परिपक्व हो गई थी। परन्तु, उसने सामंती स्वामियों की निहित शक्तियों को पूरी तरह से अधीन नहीं किया। बजाय इसके, सामंती व्यवस्था और मजबूत हो गई, और पवित्र रोमन सम्राट बड़े सामंतों में से केवल एक जैसा बन कर रह गया। यूरोप में सामंती व्यवस्था सत्रहवीं शताब्दी में पूर्ण राजवाद के उदय होने तक हावी रही।
उस समय सामंतवाद के अस्तगमन के साथ, सामंती स्वामियों की पिछली विकेन्द्रित शक्तियां बड़े राज्यों के राजाओं के हाथों में आ गईं। राजाओं ने अपने पूर्ण सामर्थ्य का उपयोग किया और ‘राजाओं का दिव्य अधिकार’ के सिद्धांत द्वारा इसे उचित ठहराया। पूर्ण राजतंत्र फ्रांस की १७८९ की क्रांति तक संपन्न रहा।
धार्मिक इतिहास के क्षेत्र में, पोप के नेतृत्व में जब ईसाई धर्म की राजकीय संरचना थी, उस दौरान क्या विचारधाराएं थीं? पोप लोगों ने परमेश्वर की इच्छा को त्याग दिया और धर्मनिरपेक्ष हो गए; वे आध्यात्मिक पतन के रास्ते पर चले। धर्मयुद्ध में बार-बार पराजय के कारण, पोप के कार्यालय ने अपना अधिकार खो दिया है, और एविंगटन में अपने निर्वासन के दौरान, उन्हें सत्ता और प्रतिष्ठा से वंचित किया गया था। १५१७ में प्रोटेस्टेंट धर्म-शोधन के साथ पश्चिमी ईसाई धर्म, जो ऐकिक आध्यात्मिक राजतंत्र के रूप में था, समाप्त हो गया।
जब हम आर्थिक जीवन की प्रगति की जांच करते हैं, तो हम यह देखते हैं कि जब राजनीतिक सामंतवाद पूर्ण राजवाद के द्वारा बदला जा रहा था सामंतवादी अर्थव्यवस्था बनी रही। शहरों और कस्बों में पूंजीवाद बढ़ रहा था, जहां कारख़ानेदार और व्यापारी लोग राजाओं के साथ मिलकर बाधा डालने वाली सामंती व्यवस्था के खिलाफ लड़े। ग्रामीण इलाकों में नई कृषि व्यवस्थाएं उठी, जहां स्वतंत्र किसानों ने सामंती स्वामियों के शासन का विरोध करने के लिए राजा की सहायता की मांग की। फिर भी, इन आर्थिक विकासों में से कोई भी सामंतवाद को पूरी तरह से विस्थापित न कर सका, जो फ्रेंच क्रांति तक जारी रहा।
पूंजीवाद, आर्थिक इतिहास की प्रगति में, सामंतवाद के पश्चात औपनिवेशिक विस्तरण के युग के साथ आया। जैसा कि पूर्ण राजतंत्र का लक्ष्य राजनीतिक सत्ता का संगठन था, वित्त और पूंजी का एकाधिकार, शक्तिशाली पूंजीपतियों का लक्ष्य था। पूंजीवाद पूर्ण राजशाही के साथ-साथ सत्रहवीं शताब्दी में उदय हुआ और औद्योगिक क्रांति के दौरान और बाद में फला फूला। दैवी योजना में पूंजीवाद का उद्देश्य पूंजी के संग्रह को बढ़ावा देना था और आर्थिक गतिविधि का इस हद तक केंद्रीकरण करना था जो सामंतवाद के तहत असंभव था, साम्राज्यवाद के मामले में यह और अधिक सच था। औपनिवेशिक विस्तरण का अभियान, जो इस अवधि में शुरू हुआ, उसका दैवी उद्देश्य एक विश्वव्यापी आर्थिक, राजनीतिक और धार्मिक नींव की स्थापना करना था।
यह चर्चा केवल यूरोपीय साम्राज्यवाद पर केंद्रित है, क्योंकि परमेश्वर के पुनरुद्धार की दैवी योजना की कार्यवाही पश्चिमी यूरोप पर केंद्रित थी।
प्रथम विश्व युद्ध से पहले पूरे विश्व में उपनिवेशों की प्राप्ति के लिए प्रतिद्वन्दता पश्चिमी यूरोप के राष्ट्रों के बीच छीना-झपटी का कारण बनी। परंतु इस वृत्तांत ने पूरी दुनिया को पश्चिमी ईसाई सभ्यता में प्रगति के लिए सक्षम किया।
७.२.६ लोकतंत्र और समाजवाद
राजशाही युग के बाद लोकतंत्र का युग आया। हमें याद है कि राजशाही समाज का उद्देश्य एक ऐसे राज्य का निर्माण करना था जो मसीह और उसके शासन का समर्थन करे। जब यह दैवी व्यवस्था ईसाई साम्राज्य के दौरान पूरी नहीं हुई, तो परमेश्वर ने ऐसी कार्यविधि शुरू की जिस के द्वारा उसने अंततः राजशाही समाजों को उखाड़ फेंका और उनके स्थान पर प्रजातंत्र राज्य पैदा किया ताकि मसीहा का स्वागत करने के लिए एक योग्य अधिराष्ट्र का पुनर्निर्माण हो सके।
लोकतंत्र व्यवस्था लोगों की प्रभुता पर आधारित है; यह सरकार लोगों के लिए, लोगों के द्वारा है और लोगों की है। इसका अभिप्राय राजशाही के राजनीतिक एकाधिकार को नष्ट करना है, जो ईश्वर की इच्छा से भटक गया था, और एक नई राजनीतिक व्यवस्था को स्थापित करना था जो दैवी योजना के लक्ष्य को पूरा करने में सक्षम हो, अर्थात, जो मसीह का समर्थन करे और उसे राजाओं के राजा के रूप में ग्रहण करे।
लोकतंत्र अपने उद्देश्य को कैसे पूरा कर सकता है? इतिहास के प्रवाह के साथ, पुनरुद्धार की दैवी योजना में युग के अनुग्रह के कारण मानव जाति की आध्यात्मिकता प्रबुद्ध हो गई है। लोगों का मौलिक मन दैवी योजना का प्रत्युत्तर देता है और धर्म की तलाश करता है, लोग बहुधा यह नहीं जानते हैं कि वे ऐसा क्यों करते हैं। अंततः, लोग ईसाई धर्म ग्रहण करेंगे, जिसे परमेश्वर सर्वोच्च धर्म होने के लिए बढ़ा रहा है। इस तरह, आज दुनिया ईसाई आदर्शों पर आधारित एकल सभ्यता बनाने की ओर बढ़ रही है।
जैसे-जैसे इतिहास अपनी समाप्ति के करीब आ रहा है, लोगों का मन ईसाई आदर्शों की ओर बढ़ रहा है। लोकतांत्रिक सरकारें, जो लोगों की इच्छाओं को मान देती हैं, वह धीरे-धीरे ईसाई आदर्शों को ग्रहण रही हैं। इस प्रकार, लोकतांत्रिक सरकारों के शासन के अधीन समाजों में जब मसीह लौटेगा, जो ईसाई धर्म के सिद्धांतों में पूरी तरह से परिपक्व हो गई हैं, तो वह लोगों के पूर्ण समर्थन से पृथ्वी पर परमेश्वर की प्रभुसत्ता स्थापित करने में सक्षम हो जाएगा। यह पृथ्वी पर स्वर्ग का राज्य होगा। हमें यह समझने की आवश्यकता है कि लोकतंत्र का उत्थान शैतानी एकाधिकार की शक्तियों को ख़त्म करने और लोगों की इच्छा के द्वारा लौटने वाले मसीह के नेतृत्व में परमेश्वर की अंतिम दैवी योजना का उद्देश्य स्वर्गीय प्रभुसत्ता को पुनःस्थापित करने के लिए था। सत्रहवीं और अठारहवीं शताब्दियों में पूर्ण राजशाही के विरूद्ध उठने वाले लोकतांत्रिक आंदोलनों ने इंग्लैंड, अमेरिका और फ्रांस में क्रांतियों को जन्म दिया। इन क्रांतियों ने राजशाही समाज नष्ट कर दिया और आज के लोकतांत्रिक समाज को जन्म दिया।
यहूदी धर्म और यूनानी मत के भव्य रुझानों के अनुसार लोकतंत्र द्वारा उठाए गए विभिन्न रूपों पर अगले अध्याय में चर्चा की जाएगी। (प्रति-संदर्भ—तैयारी ३.१-३.२)
राजशाही ईसाई धर्म को १५१७ के प्रोटेस्टेंट-धर्म-शोधन अभियान ने नष्ट कर दिया उसके बाद धार्मिक क्षेत्र में इतिहास की प्रगति लोकतांत्रिक ईसाई धर्म के स्तर पर आ गई। धर्म-शोधन के माध्यम से, ईसाई धर्म की भीतरी लोकतांत्रिक शक्तियों ने आध्यात्मिक साम्राज्य को जिसके ऊपर पोप का एकमात्र अधिकार था ख़त्म कर दिया।
ईश्वर की मूल इच्छा यह थी कि ईसाई साम्राज्य, उस राज्य का निर्माण करने के लिए जिसके लिए मसीह आने वाला था, राजसी पोप के ईसाई धर्म के साथ एक हो जाए। परन्तु जब पोप अपनी ज़िम्मेदारियों में विफल हो गए, तब राजसी ईसाई धर्म को जिस पर उन सभों का अधिकार था, नष्ट किया जाना पड़ा। यह लोकतांत्रिक ईसाई धर्म का मिशन रहा है जिस प्रकार राजनीतिक लोकतंत्र का मिशन पूर्ण राजशाही के संसारी राजतंत्र को नष्ट करना था। तदनुसार, प्रोटेस्टेंट धर्म-शोधन के बाद, लोगों के लिए स्वतंत्र रूप से अपनी बाईबल पढ़ने के माध्यम से परमेश्वर की तलाश करने का मार्ग खुल गया था, लोगों को पोप की मध्यस्थता की आवश्यकता नहीं रही।
लोगों को अब अपने धार्मिक जीवन में दूसरों के अधिकार के अधीन रहने की ज़रूरत नहीं रही और स्वतंत्र रूप से विश्वास के साथ स्वयं अपने पथ की तलाश कर सकते थे। इस प्रकार लोकतांत्रिक ईसाई धर्म ने एक सामाजिक वातावरण बना दिया है, जिस की वजह से सभी लोगों को मसीह की वापसी पर स्वतंत्रता से उसकी तलाश करने की अनुमति मिलती है, भले ही वे किसी भी रीति से वापस आए।
इसी तरह, आर्थिक इतिहास की प्रगति के साथ, समाजवादी आदर्श उठे, जिसने साम्राज्यवाद को कमज़ोर किया और लोकतांत्रिक रूप की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा दिया। हालांकि कुछ इतिहासकारों का मानना है कि प्रथम विश्व-युद्ध उपनिवेशों के लिए साम्राज्यवादी राष्ट्रों के बीच लड़ा गया युद्ध है, पर वास्तव में इसके समाप्त हो जाने के तुरंत बाद लोकतांत्रिक आत्मा ख्याति की ऊँचाइयों पर चढ़ी और उपनिवेशवादी नीति को दुर्बल बनाने लगी। दूसरे विश्व युद्ध के अंत में, महान शक्तियों ने खुद को अपने उपनिवेशों से वंचित करना शुरू कर दिया और राष्ट्रों को उनके अपने नियंत्रण के नीचे स्वतंत्र कर दिया। साम्राज्यवाद के पतन के बाद, पूंजीवाद एक ऐसी अर्थव्यवस्था के रूप में विकसित होने लगा जो समान और सामान्य समृद्धि को बढ़ावा देता है।
शैतानी दायरे के लिए यह स्वाभाविक ही है, जो साम्यवाद के द्वारा अपनी पराकाष्ठा तक पहुंच गया है, कि वह समाजवाद को बढ़ावा दे। इसका कारण यह है कि शैतान हमेशा परमेश्वर से पहले उसकी दैवी योजना की दोषपूर्ण नकल करने का प्रयास करता है। यद्यपि परमेश्वर की योजना एक समाजवादी अर्थव्यवस्था विकसित करना है, परंतु वह उस राज्य समाजवाद से जो साम्यवाद ने वास्तव में स्थापित किया है, रूप और अंतर्निहित वस्तु में बिलकुल फर्क होगा।
परमेश्वर के सृष्टि के आदर्श के अनुसार, परमेश्वर प्रत्येक व्यक्ति को एक ही मौलिक मूल्य प्रदान करता है। जिस प्रकार माता-पिता अपने सभी बच्चों को एक बराबर प्यार करते हैं, वैसे ही परमेश्वर अपने सभी बच्चों के लिए सुखद वातावरण और रहने के लिए समान स्थिति प्रदान करना चाहता है। इसके अलावा, आदर्श समाज में, उत्पादन, वितरण और खपत के बीच वैसा ही जैविक संबंध होना चाहिए जो मानव शरीर में पाचन, संचलन और चयापचय के कार्यों के बीच विद्यमान है। इस प्रकार, अधिक उत्पादन के कारण विनाशकारी प्रतियोगिता नहीं होनी चाहिए, न ही अनुचित वितरण होना चाहिए जिसकी वजह से अत्यधिक संचय और खपत होती है, यह सार्वजनिक भलाई के उद्देश्य के विपरीत है। आवश्यक और उपयोगी वस्तुओं का जो सार्वजनिक उद्देश्य के अनुरूप हैं पर्याप्त उत्पादन, कुशल वितरण और उचित खपत होनी चाहिए। जिस प्रकार कलेजा मानव शरीर के लिए पोषक तत्वों का रक्षित संचय बना कर रखता है, पूरी अर्थव्यवस्था के सुनिश्चित सुचारु संचालन के लिए पूंजी का पर्याप्त भंडार होना चाहिए।
क्योंकि मनुष्य एक आदर्श समाज में रहने के लिए बनाये गए हैं, वे अनिवार्यतः एक समाजवादी आदर्श की मांग करते हैं क्योंकि वे स्वतंत्रता और लोकतंत्र के लिए प्रयास करते हैं और अपनी मौलिक प्रकृति की और अधिक खोज में रहते हैं। विशेष रूप से यह दैवी इतिहास की समाप्ति पर अधिक यथार्थ होगा, जब यह आदर्श वास्तव में साकार किया जा सकता है। चूंकि यह स्वाभाविक इच्छा भीतर से उदित होती है, लोकतंत्र में राजनीति, जो लोगों की इच्छा के अनुसार गढ़ी जाती है, वह भी उसी दिशा में आगे बढ़ेगी। अंततः, एक समाजवादी समाज जो परमेश्वर के आदर्श का प्रतीक है, स्थापित किया जाएगा।
प्रारंभिक ईसाई लोग कुछ हद तक अपनी सारी वस्तुओं को आपस में बांट कर इस आदर्श के अनुसार रहते थे। (प्रेरितों ४:३२-३५) इंग्लैंड में सोलहवीं सदी में लिखे गए थॉमस मोर के आदर्श-राज्य, और इंग्लैंड में औद्योगिक क्रांति के दौरान रॉबर्ट ओवेन का मानववादी समाजवाद, प्रत्येक ने समाजवाद के आदर्श का एक दर्शन व्यक्त किया। कैथोलिक और प्रोटेस्टेंट समाजवादी आंदोलन भी इस परिकल्पना में सहभाजी हैं, मध्य उन्नीसवीं सदी के इंग्लैंड में चार्ल्स किंग्सले की ईसाई समाजवाद का पक्षसमर्थन एक और उदाहरण है। समाजवाद की ओर उनका झुकाव उनके मौलिक मन की प्राकृतिक लालसा से उत्पन्न हुआ था क्योंकि यह सृष्टि के आदर्श का अनुकरण करता है।
७.२.७ परस्पर निर्भरता, अन्योन्य समृद्धि और सर्वत्र सहभाजी मान्यताओं के आदर्शों की तुलना में साम्यवाद
परमेश्वर के पुनरुद्धार की दैवी योजना में युग के अनुग्रह ने मनुष्य की मूल प्रकृति के विकास को आगे बढ़ाया है, जो मानव जीवन में शैतान की पकड़ के कारण प्रकट नहीं हुआ था। अपने अंतरतम हृदय की प्रेरणा को सुनकर हर जगह लोगों ने उत्साह पूर्वक परमेश्वर के आदर्श की दुनिया के लिए, जहां सृष्टि का उद्देश्य पूरा होता है, आकांक्षा की है। स्वर्ग के पक्ष की समाजवादी समाज की तलाश में, उनके मौलिक मन ने उन्हें परस्पर निर्भरता, अन्योन्य समृद्धि और सर्वत्र सहभाजी मूल्यों के आदर्शों के लिए आकर्षित किया है। इन आदर्शों को अंततः जिस दुनिया में साकार किया जाएगा, वह लौटने वाले मसीह के नेतृत्व में पृथ्वी पर स्वर्ग के राज्य के अलावा अन्य कोई नहीं है।
चूंकि शैतान पहले ही परमेश्वर की दैवी योजना की नकल करता है, शैतानी पक्ष ने द्वंद्वात्मक और ऐतिहासिक भौतिकवाद के सिद्धांतों के आधार पर "वैज्ञानिक समाजवाद" की वकालत की है और साम्यवादी दुनिया का निर्माण किया है। ऐतिहासिक भौतिकवाद के सिद्धांत का दावा है कि मानव इतिहास प्रारंभिक सामूहिक समाज के रूप में शुरू हुआ और एक आदर्श साम्यवादी समाज के निर्माण के साथ संपन्न होगा। इस सिद्धांत की स्पष्ट त्रुटियां इस तथ्य का कारण हैं कि इसने ऐतिहासिक प्रगति के मौलिक कारणों पर ध्यान नहीं दिया है।
मनुष्यों की रचना करने के बाद, परमेश्वर ने स्वर्ग के राज्य को साधित करने का वादा किया था। परमेश्वर पृथ्वी पर एक आदर्श दुनिया बनाना चाहता था, परन्तु, क्योंकि शैतान ने परमेश्वर से पहले ही लोगों के साथ रक्त-संबंध स्थापित कर लिया था, इसलिए परमेश्वर को उसे पतित लोगों के द्वारा विकृत नमूने पर अनियमी दुनिया निर्माण करने की अनुमति देनी पड़ी। शैतान की बनाई हुई यह अनियमी दुनिया, कम्युनिस्ट दुनिया है।
पूर्ण राजशाही को खत्म करने के लिए और लोगों के हाथ में राजसत्ता स्थानांतरित करने के उद्देश्य से दो प्रकार के लोकतांत्रिक समाज उठे। इसी तरह, परमेश्वर के पक्ष में परस्पर निर्भरता, अन्योन्य समृद्धि और सर्वत्र सहभाजन के आदर्शों को आगे बढ़ाने के लिए आंदोलन उठे, जबकि साम्यवाद शैतान के पक्ष में पैदा हुआ, ताकि वह उस आर्थिक व्यवस्था को ध्वस्त कर सके जो समाज का धन कुछ विशेषाधिकार प्राप्त लोगों के हाथों में केंद्रित करता है। इन आंदोलनों में से प्रत्येक ने एक ऐसी व्यवस्था स्थापित करने की मांग की जो लोगों के बीच अधिक समान रूप से धन वितरित कर सके। समाजवाद के पक्ष में दोनों पक्षों ने अपनी दिव्य प्रेरणाओं से सच्ची लोकतांत्रिक आर्थिक व्यवस्था पर आधारित समाज साधित करने का प्रयास किया।
यह पहले समझाया गया था कि पुनरुद्धार की दैवी योजना द्वारा परिचालित, पश्चिमी यूरोप के इतिहास में धर्म, राजनीति और अर्थव्यवस्था के तीन पहलुओं ने विकास के अपने अलग-अलग रास्तों के माध्यम से प्रगति की है। मसीह के दूसरे आगमन की नींव रखने के लिए, इतिहास के समापन पर वे किस तरह एक मुद्दे पर एक साथ आ सकते हैं?
इस अलग-अलग विकास का मूल कारण धर्म और विज्ञान का विचलन था, जो मानवता की आध्यात्मिक और भौतिक अज्ञानता को वशीभूत करने के प्रयास के लिए थी। धर्म, राजनीति और अर्थव्यवस्था को एक पथ पर समागम होने के लिए और परमेश्वर के आदर्श को साधित करने के लिए सत्य की एक नई अभिव्यक्ति उभरनी चाहिए जो पूरी तरह से धर्म और विज्ञान को संघटित कर सके। इस सच्चाई पर जो धर्म स्थापित होगा वह सारी मानवता को परमेश्वर के साथ दिल से एक बनने के लिए नेतृत्व करेगा। ऐसे लोग दिव्य आदर्श के अनुसार एक अर्थव्यवस्था का निर्माण करेंगे। यह नई राजनीतिक व्यवस्था की नींव होगी जो सृष्टि के आदर्श को साधित कर सकेगी। यह मसीही साम्राज्य होगा जो परस्पर निर्भरता, अन्योन्य समृद्धि और सर्वत्र सहभाजन के सिद्धांतों पर निर्मित होगा।
- संभाग १. मिस्र देश में दासत्व के काल और रोमी साम्राज्य में क्लेश के काल
- संभाग २. न्यायियों का काल और प्रादेशिक चर्च के नेतृत्व का काल
- संभाग ३. संयुक्त राज्य का काल और ईसाई साम्राज्य का काल
- संभाग ४. उत्तर और दक्षिण के विभाजित राज्यों के काल और पूर्व और पश्चिम के विभाजित राज्यों के काल
- संभाग ५. इस्राएल का निर्वासन और वापसी का काल और पोप का निर्वासन और वापसी का काल
- संभाग ६. मसीह के आगमन की तैयारी का काल और मसीह के दूसरे आगमन की तैयारी का काल
- संभाग ७. पुनरुद्धार की दैवी योजना और इतिहास की प्रगति