दिव्य नियम का अध्ययन और अभ्यास
मेरे बुकमार्क

आपके पास अभी कोई बुकमार्क नहीं है।

संभाग ६. अमूर्त दुनिया और मूर्त दुनिया जिसका केन्द्र मनुष्य है

६.१ अमूर्त दुनिया और मूर्त दुनिया ठोस वास्तविकताएं हैं

विश्व मनुष्य के सांचे के अनुसार रचा गया है, जो परमेश्वर के द्वैत अभिलक्षणों की प्रतिमा है। इसलिए, विश्व की और उसमें हर सत्व की संरचना इंसान के सदृश है, जिसमें मूलतः मन और शरीर होते हैं। (सृष्टि १.२) अमूर्त संसार और मूर्त संसार मनुष्य के मन और शरीर के अनुरूप हैं, दोनों वास्तविक और ठोस हैं। इसे अमूर्त संसार इसलिये कहते हैं क्योंकि हम उसे अपनी पाँच भौतिक ज्ञानेंद्रियों के माध्यम से अनुभव नहीं कर सकते। परंतु हम उसे अपनी पाँच आत्मिक ज्ञानेंद्रियों से अनुभव कर सकते हैं। जिन लोगों को आध्यात्मिक अनुभूति होती है वह इस बात की गवाही देते हैं कि अमूर्त दुनिया, मूर्त दुनिया की तरह जिसमें हम रहते हैं, प्रतीत होती है। अमूर्त और मूर्त दुनिया दोनों एक साथ मिल कर जगत बनाते हैं।

शरीर मन से अलग रहकर कोई कार्य नहीं कर सकता; कोई व्यक्ति परमेश्वर से अलग रह कर अच्छे कार्य नहीं कर सकता। उसी तरह, मूर्त संसार अमूर्त संसार से अलग रहकर अपना यथार्थ मूल्य व्यक्त नहीं कर सकता। इसके अतिरिक्त, जिस प्रकार हम एक व्यक्ति के चरित्र के बारे में उसके मन को जाने बिना नहीं समझ सकते, और परमेश्वर को जाने बग़ैर हम मनुष्य के जीवन का मूल अर्थ पूरी तरह से नहीं समझ सकते, उसी तरह से हम मूर्त संसार की संरचना और स्वभाव, अमूर्त संसार की संरचना और स्वभाव को जाने बिना नहीं समझ सकते। अमूर्त संसार, या आत्मालोक कर्ता साझी के स्थान पर है, और मूर्त संसार, या भौतिक संसार पात्र साझी के स्थान पर है। दूसरा, पहले की छाया के समान है। (इब्रानियों ८:५) जब हम अपना भौतिक शरीर त्यागते हैं, हम परलोक में आत्मा में प्रवेश करते हैं और वहाँ अनंत काल तक रहते हैं।

६.२ जगत में मनुष्य का स्थान

जगत में मनुष्य का स्थान तीन पहलुओं में अवस्थित है। पहला, परमेश्वर ने मनुष्य को विश्व का शासक होने के लिए बनाया। (उत्पत्ति १:२८) विश्व अपने आप में परमेश्वर की ओर आंतरिक संवेदनशीलता नहीं रखता है। इसलिए, परमेश्वर प्रत्यक्ष रूप से विश्व का शासन नहीं करता है। बल्कि, परमेश्वर ने मनुष्य को विश्व में सब वस्तुओं के लिए अनुभूति प्रदान की है और उन्हें विश्व पर प्रत्यक्ष रूप से शासन करने का जनादेश दिया है। परमेश्वर ने मानव शरीर को भौतिक दुनिया के तत्वों से बनाया है—जैसे पानी, मिट्टी और हवा—ताकि हम समझ से उस पर शासन करें। आत्मालोक का अनुभव और प्रशासन संभव करने के लिये परमेश्वर ने हमारी आत्मा उन्हीं आत्मिक तत्वों से बनाई है जिनसे आत्मालोक बना है। रूपांतर के पहाड़ पर मूसा और एलिय्याह, जिनकी मृत्यु सैकड़ों वर्ष पहले हुई थी, यीशु की सेवा में उसके सामने प्रगट हुए। (मत्ती १७.३) यह आत्माएं वास्तव में मूसा और एलिय्याह की थीं, फिर भी यीशु उनसे बातें कर सका और उनके सामने उसकी महिमा हुई। मनुष्य, जो मांस की देह से बना है भौतिक संसार पर राज्य करता है, और आत्मा से आत्मिक दुनिया पर हावी होता है, इस प्रकार उसमें दोनों दुनिया पर राज्य करने की क्षमता है।

दूसरा, परमेश्वर ने मनुष्य को जगत का बिचवई और सामंजस्यपूर्ण केन्द्र होने के लिए बनाया। जब एक व्यक्ति का शरीर और आत्मा आदान-प्रदान क्रिया के द्वारा मिल कर एक होते हैं और वह परमेश्वर का वास्तविक पात्र साझी बन जाता है, तब भौतिक संसार और आत्मिक संसार भी उस व्यक्ति पर केन्द्रित होकर उसके साथ आदान-प्रदान क्रिया आरंभ करते हैं। इस प्रकार, वे परमेश्वर के प्रति उत्तरदायी जगत बनाने के लिए सामंजस्यपूर्ण एकीकरण प्राप्त करते हैं। हवा की तरह, जो दो समस्वरण तारों को एक दूसरे के साथ गूँजने के लिए सक्षम करती है, एक सच्चा इंसान मध्यस्थ बनकर दो संसारों के बीच सामंजस्य के केंद्र के रूप में कार्य करता है। दो संसारों के बीच संवाद करने की क्षमता की तुलना रेडियो या टेलीविजन से भी की जा सकती है जो अदृश्य तरंगों को प्रत्यक्ष छवियों और ध्वनियों में रूपांतरण करते हैं। इस प्रकार, लोग आत्मिक दुनिया की वास्तविकताओं को भौतिक दुनिया के लिये ठीक-ठीक व्यक्त कर सकते हैं।

तीसरा, परमेश्वर ने मनुष्य को जगत की सब वस्तुओं के तत्वों को ठोस रूप में संपुटित करके बनाया है। परमेश्वर ने जगत को, पूर्व विद्यमान मानव प्रतिमा की आंतरिक प्रकृति और बाह्य रूप को आगे प्रक्षेपित किया और उसका विकास करके अनगिनत वास्तविक रूपों में गढ़ा। क्योंकि परमेश्वर ने आत्मा की आंतरिक प्रकृति और बाह्य रूप को पसार करके आत्मालोक बनाया है इसलिये मनुष्य की आत्मा आत्मालोक में पाए जाने वाले सारे तत्वों को संपुटित करती है। क्योंकि परमेश्वर ने शरीर की आंतरिक प्रकृति और बाह्य रूप को फैला कर भौतिक संसार बनाया है, इसलिए मनुष्य का शरीर पृथ्वी पर पाए जाने वाले सभी तत्वों को संपुटित करता है। तदनुसार, क्योंकि मनुष्य अपने अंदर जगत की सभी वस्तुओं के तत्वों के सार को समाहित किए हुए है, प्रत्येक व्यक्ति स्वयं सूक्ष्म जगत होता है।

परंतु, मानव पतन के कारण जगत ने अपना स्वामी खो दिया है। संत पौलुस ने लिखा है, “क्योंकि सृष्टि बड़ी आशा भरी दृष्टि से परमेश्वर के पुत्रों के प्रगट होने की बाट जोह रही है” (रोमियों ८:१९)—अर्थात, ऐसे लोग जो उनकी मूल अवस्था में बहाल किए गए हैं। दुःख की बात तो यह है कि मनुष्य को, जिसे सार्वभौमिक सामंजस्य का केंद्र होना चाहिए था, उसके पतन के कारण उसका शारीरिक और आत्मिक दुनिया के बीच आदान-प्रदान क्रिया का संबंध भी टूट गया। इस तरह दोनों दुनिया आपस में सामंजस्य और एकता प्राप्त करने में बिलकुल असमर्थ हो गईं हैं। चूंकि वे इस तरह विभाजित हो गई हैं, संत पौलुस आगे कहता है, “क्योंकि हम जानते हैं कि सारी सृष्टि अब तक मिलकर कराहती है।” (रोमियों ८:२२)

यीशु शरीर और आत्मा में पूर्ण होकर नए आदम के रूप में आया था, वह जगत का लघु रूप था। इसी लिये लिखा है, “परमेश्वर ने सब कुछ उसके पाँव तले कर दिया।” (१ कुरिंथियों १५:२७) यीशु हमारा उद्धारकर्ता है। वह दुनिया में पतित लोगों के पूर्ण होने का रास्ता खोलने के लिये आया, हमारे दिलों को जीत कर उसने हमें उस पर विश्वास करना सिखाया ताकि हम उसके साथ एक हो जाएं।

६.३ भौतिक और आत्मिक शरीर के बीच पारस्परिक संबंध

६.३.१ भौतिक शरीर की संरचना और प्रकार्य

हमारे भौतिक शरीर में मन (कर्ता साझी) और शारीरिक देह (पात्र साझी) के स्थान पर होते हैं और दोनों में द्वैत अभिलक्षण होते हैं। शारीरिक मन, देह को जीवित रहने के लिए आवश्यक संरक्षण और प्रजनन के कार्य करने के लिए निर्देशित करता है। उदाहरण की तौर पर, सहजज्ञान पशु के शारीरिक मन का एक पहलू होता है। भौतिक शरीर को अच्छे स्वास्थ्य में रहने के लिए, उचित पुष्टिकारक पदार्थों का पोषण करना आवश्यक है। उसे हवा और सूरज की रोशनी अवशोषित करनी चाहिये, जो कि अमूर्त यांग प्रकार के पौष्टिक पदार्थ हैं, और उसे खाना, खाना और पानी पीना चाहिये जो कि ठोस यिन प्रकार के पौष्टिक पदार्थ हैं। शरीर अपनी पाचन और संचार प्रणाली के माध्यम से इन पौष्टिक पदार्थों के साथ आदान-प्रदान क्रिया करता है।

शरीर के निजी धर्म या अधर्म के आचार-व्यवहार, आत्मा के अच्छे या बुरे बनने के मुख्य निर्धारक होते हैं। यह इसलिये कि शरीर आत्मा को एक विशेष तत्व प्रदान करता है जिसे मार्मिक तत्व कहते हैं। हमारे प्रतिदिन के अनुभव में हमारा शरीर जब अच्छे कर्म करता है तो मन आनंदित होता है, परन्तु हमारे बुरे आचरण से व्याकुल होता है। यह इसलिये कि मार्मिक तत्व, जो शरीर के कर्म के अनुसार अच्छे या बुरे हो सकते हैं, वह हमारी आत्मा को प्रभावित करते हैं।

६.३.२ आत्मिक शरीर की संरचना और प्रकार्य

हमारी आत्मा एक ठोस तथापि अमूर्त वास्तविकता है, जो केवल आध्यात्मिक ज्ञानेंद्रियों के माध्यम से ही अनुभव की जा सकती है। और यह हमारे शरीर की कर्ता साझी है। हमारी आत्मा प्रत्यक्षतः परमेश्वर से संपर्क रख सकती है और अमूर्त संसार का शासन करने के लिए बनी है, जिनमें स्वर्गदूत भी शामिल हैं। दिखने में हमारी आत्मा हमारे शरीर के समान है। शरीर त्यागने के पश्चात हम आत्मालोक में प्रवेश करते हैं और वहाँ अनंत काल रहते हैं। हम नित्य जीवन की लालसा इसलिये करते हैं क्योंकि हमारा अंतरतम-आत्म हमारी आत्मा है जो चिरकालिक है।

हमारी आत्मा द्वैत अभिलक्षणिक है, जिस में आत्मिक मन (कर्ता साझी) होता है और आत्मिक देह (पात्र साझी) होती है। आत्मिक मन आत्मा का केन्द्र होता है, जहाँ परमेश्वर वास करता है। आत्मा, दो प्रकार के पौष्टिक पदार्थों के बीच आदान-प्रदान के द्वारा बढ़ती है: परमेश्वर से मिले यांग प्रकार के सजीव तत्व, और यिन प्रकार के मार्मिक-तत्व जो भौतिक शरीर से मिलते हैं। आत्मा शरीर से न केवल मार्मिक-तत्व प्राप्त करती है परन्तु वह एक तत्व शरीर को वापस भी देती है जिसे हम जीवित आत्मिक तत्व कहते हैं। जब लोग स्वर्गीय आत्मा से अनुग्रह पाते हैं, तो वे अपने शरीर में बहुत से सकारात्मक बदलाव अनुभव करते हैं, उन्हें अनंत आनंद महसूस होता है और उनमें एक नई शक्ति भर जाती है जो बीमारियों पर भी प्रबल होती है। ऐसे माजरे इसलिये होते हैं क्योंकि शरीर आत्मा से जीवित आत्मिक तत्व प्राप्त करता है।

आत्मा केवल शरीर में रहकर ही बढ़ सकती है। तथा, शरीर और आत्मा के बीच का संबंध वैसा ही होता है जैसा कि पेड़ और उसके फल के बीच होता है। जब शारीरिक मन आत्मिक मन की आज्ञा मानता है और शरीर आत्मा के अच्छे मनभावन उद्देश्य पर चलता है तब शरीर आत्मा से जीवित आत्मिक तत्व प्राप्त करता है और स्वस्थ बन जाता है। इस तरह शरीर अच्छे मार्मिक तत्व आत्मा को वापस प्रदान करता है, जो आत्मा को अच्छाई की ओर बढ़ने के लिये शक्ति देता है।

सत्य, आत्मिक मन की अंतरतम आकांक्षाओं को जाग्रत करता है। एक व्यक्ति को पहले सत्य के द्वारा अपने आत्मिक मन की गहरी आकांक्षा को समझना चाहिये, तब इस ज्ञान को अपना उत्तरदायित्व पूरा करने के लिये काम में लगाना चाहिये। तब ही उसके अंदर जीवित आत्मिक तत्व और मार्मिक-तत्व परस्पर लेन-देन करेंगे और उसको अच्छाई की ओर बढ़ावा देंगे।

जीवित आत्मिक तत्व और मार्मिक तत्व के बीच आंतरिक प्रकृति और बाह्य रूप का संबंध होता है। चूँकि सभी लोगों में जीवित आत्मिक तत्व हमेशा कार्यशील रहते हैं, इसलिये दुष्ट व्यक्ति का मूल मन भी अच्छाई की ओर झुकता है। तथापि, जब तक वह वस्तुतः अच्छाई का जीवन व्यतीत नहीं करता, तब तक जीवित आत्मिक तत्व और मार्मिक तत्व आपस में ठीक तरह से आदान-प्रदान नहीं कर सकते, और ना ही वे शरीर को स्वास्थ्यकारी बनाने के लिये शरीर में अनुप्राणित किए जा सकते हैं।

ऊपर अंकित अभिलेख से हम यह अनुमान लगा सकते हैं कि आत्मा एक व्यक्ति के केवल पार्थिव जीवन काल के दौरान में ही पूर्णता प्राप्त कर सकती है। आत्मिक मन के मार्गदर्शन से आत्मा शरीर में रह कर बढ़ती है। सृष्टि के नियम के अधीन आत्मा का पूर्णता की ओर विकास तीन नियमित चरणों के माध्यम से होता है। जीवन के गठन-चरण में आत्मा को प्रारूप-आत्मा कहा जाता है; विकास-चरण में, जीव-आत्मा, और निष्पत्ति-चरण में, दिव्य-आत्मा कहा जाता है।

आत्मा उसी समय पूरी तरह से परिपक्व होकर दिव्य आत्मा बनती है जब किसी व्यक्ति की आत्मा और उसका भौतिक शरीर परमेश्वर पर केन्द्रित सही आदान-प्रदान क्रिया के माध्यम से एकजुट होकर चार-दशा-आधार स्थापित करते हैं। एक दिव्य आत्मा आत्मिक दुनिया की हर वास्तविकता को सही ढंग से बूझ सकती है। यह आत्मिक वास्तविकताएं शरीर के द्वारा अनुनादित होती हैं और अपने आप को दैहिक घटना के रूप में व्यक्त कर सकतीं हैं और पांच भौतिक ज्ञानेंद्रियों के माध्यम से पहचानी जा सकतीं हैं। दिव्य आत्मा से भरे लोग जो इस प्रकार आत्मिक दुनिया के साथ सामंजस्य रखते हैं वे पृथ्वी पर स्वर्ग का राज्य बनाते हैं। जब वे अपनी देह त्यागते हैं तो वे आत्मालोक में स्वर्ग के राज्य में आसानी से पारगमन करते हैं। इस कारण, पृथ्वी पर स्वर्ग का राज्य स्थापित होने के पश्चात ही आत्मालोक में स्वर्ग का राज्य साधित हो सकता है।

आत्मा की सभी संवेदनशीलताएं सांसारिक जीवन के दौरान शरीर के साथ परस्पर संबंध से पैदा की जाती हैं। इसलिए, जब मनुष्य पूर्णता प्राप्त कर लेता है और धरती पर रहते हुए पूरी तरह से परमेश्वर के प्रेम में विसर्जित हो जाता है तो मृत्यु के बाद उसकी आत्मा परमेश्वर के प्रेम का आनन्द लेती है। आत्मा के सारे लक्षण शरीर में रहकर ही विकसित होते हैं। संसारी जीवन में पापमय आचरण अधर्म को बढ़ावा देते हैं और पतित व्यक्ति की आत्मा को कुरूप बनाते हैं, जबकि सांसारिक जीवन के दौरान मिले हुए पापों का मोचन आत्मा को अच्छा बनने के लिए रास्ता खोलता है। यही कारण था कि यीशु को पापी मानवता को बचाने के लिए शरीर में होकर पृथ्वी पर आना पड़ा। हमें पृथ्वी पर अच्छा जीवन व्यतीत करना चाहिये। यीशु ने पतरस को पृथ्वी पर स्वर्ग के राज्य की कुंजी दी, (मत्ती १६:१९) और कहा, “और जो कुछ तू पृथ्वी पर बाँधेगा, वह स्वर्ग में बंधेगा और जो कुछ तू पृथ्वी पर खोलेगा वह स्वर्ग में खुलेगा”, (मत्ती १८:१८) क्योंकि, दैवी पुनरुद्धार के कार्य का प्राथमिक उद्देश्य पहले पृथ्वी पर पूरा किया जाना चाहिए।

मनुष्य की आत्मा मृत्यु के पश्चात स्वर्ग में जाएगी या नरक में प्रवेश करेगी, यह फैसला परमेश्वर नहीं करता है स्वयं आत्मा ही करती है। मनुष्य इस प्रकार से बनाए गए हैं कि पूर्णता तक पहुंचने के बाद ही वे पूरी तरह से परमेश्वर के प्रेम में एकप्राण हो सकते हैं। जो लोग पृथ्वी पर पाप करते हैं उनकी आत्मा अपाहज हो जाती है और वे पूरी तरह से परमेश्वर के साथ उसके प्रेम में एकात्म होने में असमर्थ रहते हैं। उनको परमेश्वर के सामने जो सच्चे प्रेम का केंद्र है खड़े होने में पीड़ा होती है। परमेश्वर के प्रेम से दूर नरक में रहने का चुनाव वे स्वयं अपने आप करते हैं।

चूँकि मनुष्य की आत्मा केवल शरीर में रहकर विकसित होती है, मानव आत्माओं का गुणन संसार में शारीरिक जीवन के दौरान, शरीर के गुणन के साथ होता है।

६.३.३ आत्मिक मन, शारीरिक मन, और मनुष्य के मन से उनका आपसी संबंध

मनुष्य के मन में आत्मिक मन और शारीरिक मन दोनों होते हैं। इन दोनों मन के बीच का संबंध आंतरिक प्रकृति और बाह्य रूप के बीच के संबंध के जैसा होता है। जब वे परमेश्वर पर केन्द्रित आदान-प्रदान क्रिया के द्वारा एक हो जाते हैं तो वे एक संयुक्त कार्यशील सत्व बन जाते हैं, जो आत्मा और शरीर को सामंजस्यपूर्ण बनाने में मार्गदर्शन करता है और सृष्टि के उद्देश्य की ओर प्रगति करता है। यह संयुक्त सत्व मनुष्य का मन है। विवेक मानव मन का संकाय है, जो अपनी स्वाभाविक प्रकृति के आधार पर, हमेशा हमारा मार्गदर्शन उस ओर करता है जिसे हम अच्छा समझते हैं। लेकिन, पतन के कारण, मनुष्य परमेश्वर के ज्ञान से अनभिज्ञ है और इसलिये अच्छाई के पूर्ण मानक से भी अनभिज्ञ हैं। यही कारण है कि हम अपने विवेक के लिए अनुकूल धारणा का मानक स्थापित करने में असमर्थ हैं। जैसे-जैसे अच्छाई का मानक बदलता है, विवेक का मानक भी डांवांडोल होता है, जो लोग शुद्ध अंतःकरण के जीवन का समर्थन करते हैं उनके लिए यह प्रायः प्रतिविरोध का कारण बन जाता है। मूल मन मनुष्य के मन का वह संकाय है जो पूर्ण अच्छाई की खोज करता है। यह विवेक से उसी तरह से संबंध रखता है जिस प्रकार आंतरिक प्रकृति बाह्य रूप से।

अच्छाई की खोज के लिए, किसी व्यक्ति का विवेक उसके अपने मानक के अनुसार जो उसने अनभिज्ञता में रह कर निश्चित किया है, चाहे वह मूल मानक से भिन्न क्यों ना हो, उसका मार्ग दर्शन करता है। तथापि, मूल मन, उचित निर्देशन से सचेत होने के कारण, इस त्रुटिपूर्ण मानक का प्रतिरोध करता है और विवेक को सुधारने का प्रयत्न करता है। जब तक हमारा आत्मिक मन और शारीरिक मन शैतान के बंधन के तहत हैं, वे आदान-प्रदान क्रिया के द्वारा जो क्रियाशील वास्तविकता स्थापित करते हैं वह अधर्मी मन कहलाता है। अधर्मी मन लगातार लोगों को बुराई करने के लिए उकसाता रहता है। हमारा मूल मन और विवेक हमें बुराई से प्रतिरोध करने के लिये निर्देशित करता है। वह हमें शैतान से बंधन तोड़ने के लिए बुरी इच्छाओं को त्यागने और अच्छाई से लिपट कर परमेश्वर की तरफ मुड़ने के लिये घोर प्रयत्न से हमारा मार्गदर्शन करता है।