दिव्य नियम का अध्ययन और अभ्यास
मेरे बुकमार्क

आपके पास अभी कोई बुकमार्क नहीं है।

संभाग ६. मसीह के आगमन की तैयारी का काल और मसीह के दूसरे आगमन की तैयारी का काल

इस्राएल के निर्वासन और वापसी की अवधि के बाद, यीशु के आने तक और चार सौ वर्ष बीत गए। यह मसीह के आगमन की तैयारी की अवधि थी। उसी तरह, ईसाई धर्म को अगले चार सौ वर्ष की तैयारी के समय के बीतने के बाद, जो पोप के निर्वासन और वापसी की अवधि के बाद था, अपने दूसरे आगमन के मसीह से मिलना था। इसे मसीह के आगमन की तैयारी की अवधि को वास्तविक समानांतर के रूप में क्षतिपूर्ति द्वारा पुनःस्थापित करना चाहिए।

आदम से यीशु तक परमेश्वर की पुनरुद्धार की दैवी योजना के चार हज़ार वर्ष के दौरान, शैतान से अलग होने की अवधि के माध्यम से विश्वास की नींव को बहाल करने की व्यवस्था को शैतान ने अनेक बार दूषित किया, जिसकी वजह से लंब क्षतिपूर्ति की शर्तें संचित हो गईं थीं। मसीह के आगमन की तैयारी की अवधि दैवी इतिहास की अंतिम अवधि मानी जाती है, जिसमें यह सारी शर्तें क्षैतिज रूप से क्षतिपूर्ति द्वारा पुनःस्थापित होने वाली थीं। उसी तरह, मसीह के दूसरे आगमन की तैयारी की अवधि भी दैवी इतिहास की अंतिम अवधि मानी गई है, जब आदम के दिनों से लेकर सारी लंब क्षतिपूर्ति की शर्तें जो पुनरुद्धार की दैवी योजना के छः हज़ार वर्ष के इतिहास में संचित हुईं हैं, क्षैतिज रूप से पुनःस्थापित की गई हैं।

बेबीलोन के निर्वासन से लौटने के बाद, इस्राएलियों ने अपने मूर्तिपूजा के पापों का पश्चाताप किया और मंदिर का पुनः निर्माण करके, (एज़्रा ३:७-१३ एज़्रा ६:१-१५) जो राजा नबूकदनेस्सर ने नष्ट कर दिया था, मूसा के विधान के आधार पर एज़्रा लेखक के मार्गदर्शन से अपने विश्वास का सुधार किया, इस तरह उन्होंने विश्वास की नींव स्थापित की। (एज़्रा ७:१-१० नहेम्याह ८) तब वे भविष्यवक्ता मलाकी के वचन के अनुसार मसीह के आगमन की तैयारी में लग गए। उसी तरह, पोप के रोम लौटने के बाद, मध्यकालीन ईसाइयों ने रोमी चर्च में सुधार करने का प्रयास करके विश्वास की नींव स्थापित की, यह कोशिशें मार्टीन लूथर की अगुआई में प्रोटेस्टेंट धर्म-शोधन आंदोलन के साथ समाप्त हुईं। इस आंदोलन ने मध्यकालीन यूरोप के अंधकार को सुसमाचार की ज्योति से रोशन किया और विश्वास के नए पथ-प्रदर्शक का काम किया।

मसीह के आगमन की तैयारी की अवधि का एक और उद्देश्य याकूब की मिस्र में प्रवेश करने की तैयारी के लगभग चालीस वर्षों को छवि समानांतर के रूप में क्षतिपूर्ति द्वारा पुनःस्थापित करने के लिए था। उसके जीवन की यह अवधि हारान से कनान लौटने के बाद से उसके परिवार के साथ मिस्र में प्रवेश करने तक की थी। दूसरे आगमन के मसीह की तैयारी की अवधि वास्तविक समानांतर के रूप में क्षतिपूर्ति द्वारा इस अवधि को पुनःस्थापित करने के लिए थी। तदनुसार, इस अवधि में ईसाइयों को कष्ट और कठिनाइयाँ उठानी पड़ीं जैसे कि याकूब के परिवार ने उठाईं जबतक वे मिस्र में यूसुफ को नहीं मिले या जैसे कि यीशु से मिलने से पहले यहूदियों ने उठाईं।

विशेष करके, पुनरुद्धार की दैवी योजना के युग में, लोग बाह्य शर्तों के द्वारा जैसे कि मूसा के विधान पर चलने और बलिदान चढ़ाने के द्वारा परमेश्वर के सामने धर्मी ठहराए जाते थे। इसलिए, मसीह के आगमन की तैयारी की अवधि के दौरान, पहले इस्राएल को अन्य-जाति के देशों, फारस, यूनान, मिस्र, सीरिया और रोम के हाथों बाहरी कठिनाइयाँ और दुख उठाना पड़ा। पुनरुद्धार की दैवी योजना के प्रवर्धन के युग के दौरान, ईसाई लोग आंतरिक शर्तों के द्वारा जैसे यीशु की शिक्षाओं के अनुसार प्रार्थना और विश्वास के द्वारा, परमेश्वर के सामने धर्मी ठहराए जाते थे। अथवा, मसीह के दूसरे आगम की तैयारी की अवधि में, दूसरे इस्राएल को आंतरिक कष्टों के पथ पर चलना पड़ा। पुनर्जागरण मानववाद और प्रबोधन-काल की विचारधाराएं, और धार्मिक स्वतंत्रता की मांग जो ईसाई धर्म-शोधन आंदोलन से उठी, इन सब दर्शनों और विचारधाराओं की प्रचुरता के कारण ईसाई धर्म में काफी भ्रांति फैली और लोगों के आत्मिक जीवन में बड़ी खलबली सी मची।

मसीह के दूसरे आगमन की तैयारी की अवधि, उसके विश्वव्यापी स्वागत के लिए आत्मिक तैयारी और बाह्य वातावरण को वास्तविक प्रकार की समानांतर क्षतिपूर्ति की शर्तों के द्वारा, जो पहले चार सौ वर्ष की अवधि के दौरान स्थापित की गईं थीं, पुनःस्थापित कर रही है।

मसीह के पहले आगमन की तैयारी में, परमेश्वर ने ४३० वर्ष पहले अपने चुने हुए लोगों के दिलों में तीव्र मसीही प्रत्याशा जाग्रत करने के लिए मलाकी भविष्यवक्ता को भेजा। उसी समय, मसीह को ग्रहण करने की आंतरिक तैयारी करने के लिए परमेश्वर ने यहूदियों को अपने धर्म में सुधार लाने और अपने विश्वास को और गहरा करने के लिए उत्साहित किया। इसी दौरान, परमेश्वर ने दुनिया के लोगों में उनके क्षेत्र और संस्कृति के अनुकूल अनेक धर्म संस्थापित किए, जिससे वे मसीह को ग्रहण करने के लिए आंतरिक तैयारी कर सकें। भारतवर्ष में परमेश्वर ने हिंदु धर्म में से नए विकास के रूप में सन ५६५-४८५ ई.पू. गौतम बुद्ध के द्वारा बौद्ध धर्म स्थापित किया। यूनान में, परमेश्वर ने सन ४७०-३९९ ई.पू. में सुकरात को प्रभावित कर के एक प्रतिभाशाली शास्त्रीय यूनानी सभ्यता के युग का आरंभ किया। दूरतम पूर्व में परमेश्वर ने सन ५५२-४७९ ई.पू. कन्फ्यूशियस को उठाया, जिसकी कन्फ्यूशीवाद की शिक्षा ने मानवीय आचारनीति का मानक स्थापित किया। यीशु, इस विश्वव्यापी तैयारी की नींव पर आनेवाला था, और उसकी शिक्षा के द्वारा वह यहूदी धर्म, यूनानी विचारधारा, बौद्ध धर्म और कन्फ्यूशियस धर्मों को एक साथ एक रास्ते पर लाने वाला था। वह ईसाई सुसमाचार के आधार पर सब धर्मों और सभ्यताओं को एक विश्वव्यापी सभ्यता के रूप में संगठित करने वाला था।

पुनर्जागरण के समय से परमेश्वर, धार्मिक, राजनीतिक और अर्थशास्त्री वातावरण जो दूसरे आगमन के मसीह के कार्य में सहायक हो, बना रहा है। यह युग पहले की अवधि को, जब परमेश्वर ने यीशु के आगमन लिए विश्वव्यापी वातावरण तैयार किया था, वास्तविक समानांतर काल के रूप में क्षतिपूर्ति द्वारा पुनःस्थापित करने का युग रहा है। पुनर्जागरण से आरंभ हो कर मानव प्रयास के वस्तुतः हर क्षेत्र में, राजनीति, अर्थनीति, सभ्यता और विज्ञान, बड़ी तेज़ी से उन्नति हुई है। आज, यह सभी क्षेत्र अपनी पराकाष्ठा पर पहुँच गए हैं और एक ऐसे विश्वीय वातावरण का निर्माण हुआ है जो मसीह के कार्य में सहायक होगा। यीशु के दिनों में, रोमी राज्य भूमध्यसागर के चारों ओर विशाल शासन-क्षेत्र में फैला हुआ था, जो एक अग्रवर्ती और विशाल परिवहन योजना के द्वारा संकलित सब दिशाओं में जाता था। यह यूनानी भाषा पर आधारित विशाल यूनानी सभ्यता का केन्द्र था। इस प्रकार, इस्राएल से, जहाँ यीशु रहता था, मसीह की शिक्षा का रोम और दुनिया भर में शीघ्रगामी प्रसारण के लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ हो चुकीं थी।

इसी प्रकार, दूसरे आगमन के वर्तमान काल में पश्चिमी शक्तियों की प्रभावशीलता से प्रजातांत्रिक राजनीतिक क्षेत्र दुनिया भर में प्रसारित हो गया है। परिवहन और संवाद की तीव्र प्रगति ने पूर्व और पश्चिम का अंतर बहुत ही कम कर दिया है, और भाषाओं और सभ्यताओं में आपस के संपर्क की अत्यधिक बढ़ती ने दुनिया में लोगों को एक दूसरे के समीप कर दिया है। इन कारकों ने पुनरागमन के मसीह की शिक्षा को स्वतंत्रतापूर्वक और तीव्रता से सकल मानवता के दिलों तक पहुँचाने के लिए पूरी तरह से वातावरण तैयार कर दिया है। यह उनकी शिक्षा को पूरी दुनिया में तीव्र और गहन परिवर्तन लाने में सक्षम करेगा।