दिव्य नियम का अध्ययन और अभ्यास
मेरे बुकमार्क

आपके पास अभी कोई बुकमार्क नहीं है।

संभाग ३. राजनीति, अर्थनीति और सैद्धांतिक विचारधाराओं के परिपक्व होने की अवधि (१७८९-१९१८)

पिछली अवधि में धार्मिक और दार्शनिक संघर्षों के फलस्वरूप जीवन के कैन-वर्गीय और हाबिल-वर्गीय विचार धाराओं की शुरुआत हुई। इस नई अवधि के आरंभ में अपने अलग-अलग रास्ते लेकर— राजनीति, अर्थव्यवस्था और वैचारिकी (धर्म और दर्शन का क्षेत्र)—जीवन के दो दृष्टिकोण परिपक्व हुए। जैसे-जैसे वे परिपक्व हुए, उन्होंने दो विभिन्न रूपों के साथ दो विविध सामाजिक रूपों की स्थापना की: एक कैन-वर्गीय समाज और दूसरा हाबिल-वर्गीय समाज। उसी समय, राजनीति, अर्थव्यवस्था और वैचारिकी आदर्श दुनिया में कदम रखने से ठीक पहले मंच पर आ गए। यह अवधि फ्रांसीसी क्रांति से लेकर औद्योगिक क्रांति से होती हुई प्रथम विश्व युद्ध के अंत तक चली।

३.१ लोकतंत्र

इतिहास की प्रगति के संदर्भ में लोकतंत्र के बारे में पहले की गई चर्चा, जिसके कारण इसका उदय हुआ, (समान्तर ७.२) सामाजिक परिवर्तनों तक ही सीमित थी। यहां हम विचारधारात्मक ज्वार पर सवार होकर आज के लोकतंत्र के उदय होने के पीछे आंतरिक विकास की, विशेष रूप से यह इतिहास की किन लहरों और भंवरों में से निकली, जांच करेंगे।

नौवीं शताब्दी के ईसाई साम्राज्य की अवधि में, परमेश्वर का इरादा था कि पोप द्वारा शासित आध्यात्मिक साम्राज्य और सम्राट द्वारा शासित सांसारिक साम्राज्य संयुक्त होकर एक मसीही साम्राज्य की नींव के रूप में ईसाई राजशाही समाज की स्थापना करें। तब मसीह के लिए नींव स्थापित हो जाती। एक पुष्ट मसीही साम्राज्य की स्थापना यूरोप में जल्द ही सामंतवाद का अंत ला सकती थी। परंतु, चूँकि यह दैवी योजना साकार नहीं हुई, सामंतवाद जारी रहा, और यूरोप के राजनीतिक, धार्मिक और आर्थिक इतिहास ने विकास के अलग-अलग मार्ग लिए। धर्मयुद्ध के बाद सामंती प्रभुओं की राजनीतिक शक्ति खत्म होने लगी, नवजागरण और धर्म-शोधन के दौरान यह और गिरती गई और प्रबोधन काल तक बिलकुल कमजोर हो गई। सत्रहवीं शताब्दी तक, सामंती प्रभुओं ने राजाओं को अपनी राजनीतिक शक्ति काफी हद तक दे दी, जिन्होंने केंद्रीकृत राष्ट्र-राज्यों का निर्माण किया और पूर्ण राजशाही के रूप में उनका शासन किया। राजाओं ने राजाओं के दैवी अधिकार के सिद्धांत द्वारा अपनी सर्वोच्च शक्ति को सही ठहराया।

पूर्ण राजशाही के उदित होने के सामाजिक कारणों में, पहला, नए नागरिक वर्गों का उभरना शामिल था, जो सामंती प्रभुओं से लड़ने के लिए राजाओं के साथ मिल गए थे। दूसरा, आर्थिक क्षेत्र में, शक्तिशाली राज्यों के लिए व्यापार की आर्थिक कूट-नीति की आवश्यकता उत्पन्न हुई जो अपने राष्ट्रीय आर्थिक हितों को आगे बढ़ाने के लिए व्यापार की रक्षा और नियंत्रण कर सके। सामंतवाद को ख़त्म करने और व्यापार के आधार पर टिकाऊ अर्थव्यवस्था बनाने के लिए राष्ट्र-राज्य की शक्तिशाली नींव की आवश्यकता थी।

पूर्ण राजशाही का उदित होना दैवी इतिहास की प्रगति से भी जुड़ा हुआ है, जिसके लिए सामंतवादी समाज का राजशाही में समेकित होना आवश्यक है। तथापि, कैरोलिंगियन काल में परमेश्वर की अपने राज्य को स्थापित करने की दैवी योजना के विफल हो जाने के बाद, क्योंकि उस समय पोप और सम्राट एकजुट नहीं हुए, फल स्वरूप पोप के शासन के तहत आने वाला सामंती समाज भ्रष्ट हो गया। इस तरह शैतान की विकासशील कार्रवाई के अनुसार, जो उसने पहले ही स्थापित कर ली थी, शैतान ने अपने पक्ष में राजशाही समाजों को जन्म दिया।

आइए अब हम पुनरुद्धार की दैवी योजना के संबंध में पूर्ण राजशाही की समाप्ति के पीछे वैचारिक प्रवृत्तियों की जांच करें, जो जीवन के कैन-वर्गीय दृष्टिकोण के आधार पर कम्युनिस्ट दुनिया के उदय होने की ओर और जीवन के हाबिल-वर्गीय दृष्टिकोण के आधार पर लोकतांत्रिक दुनिया की ओर बढ़ रही थीं।

चूंकि मध्ययुगीन सामंती समाज हिब्रू विचारधारा और यूनानी विचारधारा दोनों के विरोध में था, इन दोनों विचारधाराओं ने मिलकर इसे तोड़ने का काम किया और जीवन के कैन-वर्गीय और हाबिल-वर्गीय दृष्टिकोण पर बने समाजों की स्थापना की। उसी तरह, प्रोटेस्टेंट धर्म-शोधन के बाद पूर्ण राजशाही ने लोगों को धर्म की स्वतंत्रता से वंचित किया, जो लोकतांत्रिक ईसाई धर्म द्वारा प्रस्तावित मूल्य था। इस प्रकार पूर्ण राजशाही ने जीवन के हाबिल-वर्गीय दृष्टिकोण के लक्ष्य के विरोध में काम किया। इसके अतिरिक्त, उस समाज में सामंतवाद का प्रभाव मुख्य नास्तिकों और भौतिकवादियों द्वारा समर्थित नागरिक वर्ग की प्रगति में बाधा बन गया, इस प्रकार से उन्होंने जीवन के कैन-वर्गीय दृष्टिकोण के लक्ष्य का खण्डन किया। इस तरह, जीवन के इन दो दृष्टिकोण ने मिलकर पूर्ण राजशाही को गिराने का काम किया। उन्होंने कैन-वर्गीय और हाबिल-वर्गीय लोकतंत्र स्थापित किए, जो अंततः कम्युनिस्ट दुनिया और लोकतांत्रिक दुनिया में परिपक्व होने वाले थे।

३.१.१ कैन-वर्गीय लोकतंत्रवाद

कैन-वर्गीय लोकतंत्र फ्रेंच क्रांति से निकला। फ्रांसीसी क्रांति के समय फ्रांस प्रबोधन (एनलाईटेनमेंट) की पकड़ में था। प्रबोधन की विचारधारा जीवन के कैन-वर्गीय दृष्टिकोण में निहित थी और नास्तिकता और भौतिकवाद में विचलित हो रही थी। प्रबोधन से प्रभावित होकर, फ्रांसीसी नागरिक पूर्ण राजशाही की त्रुटियों के प्रति जागृत हुए। उनमें सामंती व्यवस्था के अवशेषों को भी तोड़ डालने की व्यापक इच्छा थी, जो अभी भी समाज में गड़ी हुईं थीं।

प्रजातंत्र की लोकप्रिय मांग के कारण फ्रांसीसी क्रांति ने १७८९ में जड़ पकड़ी, इसका प्रशिक्षण उस समय के नागरिकों ने प्रबोधन से प्राप्त किया था। उन्होंने सत्तारूढ़ वर्ग की शक्ति को खत्म करने, सामंतवाद के अवशेषों को मिटाने और सामान्य नागरिकों के लिए स्वतंत्रता और समानता स्थापित करने की मांग की। फ्रांसीसी क्रांति ने मनुष्यों के अधिकारों की घोषणा के साथ लोकतंत्र की स्थापना की। फिर भी, फ्रांसीसी क्रांति से पैदा हुआ लोकतंत्र कैन-वर्गीय लोकतंत्र था। यद्यपि उसने निरपेक्षता को नष्ट किया, लेकिन उसने जीवन के कैन-वर्गीय दृष्टिकोण को दृढ़ता से सुरक्षित करने की मांग की। फ्रांसीसी क्रांति के पीछे प्रमुख विचारक प्रबोधन की हस्तियाँ थीं, जैसे डेनिस डाइडरोट (१७१३-१७८४) और जीन ले रोन्ड डी' एलेम्बर्ट (१७१७-१७८३), जो नास्तिकता या भौतिकवाद से जुड़े रहे। इसके अतिरिक्त, इनकी व्यक्तिगत स्वतंत्रता और समानता के आदर्शों के बावजूद, फ्रांसीसी लोकतंत्र के वास्तविक पथ का रुख़ क्रांति के दौरान और बाद में सर्वसत्तावाद की ओर रहा।

इस तरह, जीवन के कैन-वर्गीय दृष्टिकोण को बढ़ावा देने वालों ने प्रबोधन का समर्थन किया, फ्रांसीसी क्रांति को जन्म दिया और कैन-वर्गीय लोकतंत्र की स्थापना की। परंतु इसने परमेश्वर को तलाश करने की मानव भावना के झुकाव को बिलकुल अवरुद्ध कर दिया। चूंकि यह अपने एकमात्र ध्यान के साथ जीवन के बाहरी पहलुओं पर विकसित होता रहा था, इसे आगे चलकर जर्मनी में मार्क्सवाद और रूस में लेनिनवाद में व्यवस्थित किया गया, अंत में इससे कम्युनिस्ट दुनिया का निर्माण किया गया।

३.१.२ हाबिल वर्गीय लोकतंत्र

अपनी उत्पत्ति से, इंग्लैंड और संयुक्त राज्य अमेरिका में उभरे लोकतंत्र फ्रांसीसी क्रांति से पैदा हुए लोकतंत्र से पृथक थे। पिछला लोकतंत्र कैन-वर्गीय लोकतंत्र था जो नास्तिकों और भौतिकवादियों द्वारा स्थापित किया गया था, जो जीवन के कैन-वर्गीय दृष्टिकोण से उठा था, उन्होंने निरंकुशता और सामंतवाद को अंत करने का प्रयास किया। दूसरी तरफ, अंग्रेज़ी और अमेरिकी लोकतंत्र, सच्चे ईसाइयों द्वारा स्थापित किए गए थे, जो जीवन के हाबिल-वर्गीय दृष्टिकोण के फल थे, और वे धार्मिक स्वतंत्रता के लिए निरंकुशता के साथ विजयी लड़ाई से पैदा हुए थे। इसलिए यह हाबिल-वर्गीय प्रजातंत्र राज्य थे।

आइए हम देखते हैं कि इंग्लैंड और संयुक्त राज्य अमेरिका में हाबिल-वर्गीय प्रजातंत्र राज्य कैसे स्थापित किया गया।

इंग्लैंड में जेम्स प्रथम (राजपरिवार १६०३-१६२५) ने निरंकुश राजवाद और राज्य-चर्च को मज़बूत किया और प्यूरिटन्स (नैतिकवादी) और अन्य असहमत ईसाइयों को सताया, जिनमें बहुत से लोग धार्मिक स्वतंत्रता की तलाश में अन्य यूरोपीय देशों या अमेरिकी महाद्वीप में भाग गए थे। उसके बेटे चार्ल्स प्रथम (राजपरिवार १६२५-१६४९) ने १६४० में स्कॉटलैंड के प्रेस्बिटेरियन लोगों के विद्रोह का सामना किया जो राष्ट्रीय वाचा के हक में लड़ रहे थे। प्यूरिटन लोग, जो अंग्रेजी संसद के मूल सदस्य थे, उन्होंने तब १६४२ में ओलिवर क्रॉमवेल के नेतृत्व में प्यूरिटन क्रांति की शुरुआत की। बाद में, चार्ल्स द्वितीय ने (राजपरिवार १६६०-१६८५) निरंकुश राजवाद को बहाल किया और अन्य सभी ईसाइयों के विरोध में एंग्लिकन चर्च को मजबूत किया, और उसके बेटे जेम्स द्वितीय (राजपरिवार १६८५-१६८८) ने खुद को कैथोलिक घोषित कर दिया। प्रोटेस्टेंट नेताओं ने विलियम ऑफ़ ऑरेंज (राजपरिवार १६८८-१७०२) को, जो जेम्स द्वितीय के दामाद थे और उस समय नीदरलैंड के शासक (स्टैडहोल्डर) थे, इस संघर्ष में हस्तक्षेप करने के लिए निमंत्रित किया। सन १६८८ में, धार्मिक स्वतंत्रता और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए विलियम इंग्लैंड में अपने सैनिकों के साथ उतरे। उसके राज्याभिषेक के बाद, विलियम ने संसद द्वारा उसे दिए गए अधिकारों की घोषणा को स्वीकृति दी, जिससे संसद के स्वतंत्र अधिकारों को मान्यता मिली। यह अंग्रेजी संवैधानिक राजशाही के लिए आधारभूत बन गया। चूँकि, १६८८ की क्रांति रक्तपात के बिना पूरी की गई थी, इसलिए इसे महान क्रांति के रूप में जाना जाने लगा।

यद्यपि इन अंग्रेजी क्रांतियों के बाहरी कारण थे, जैसे कि शासक वर्ग से नागरिकों की राजनीतिक स्वतंत्रता की इच्छा, जिसमें एंग्लिकन पुरोहिताई सहित कुलीन लोग भी शामिल थे, इससे अधिक धार्मिक स्वतंत्रता प्राप्त करने की प्रबल प्रेरणा के आंतरिक कारण भी थे।

कई प्यूरिटन लोग और असंतुष्ट ईसाइयों ने जिन्हें इंग्लैंड में सताया गया था, धार्मिक स्वतंत्रता प्राप्त करने के लिए अमेरिकी महाद्वीप में उत्प्रवास कर किया। उन्होंने एक स्वतंत्र राष्ट्र स्थापित किया और १७७६ में अमेरिकी लोकतंत्र की स्थापना की।

जीवन के हाबिल-वर्ग के दृष्टिकोण से पैदा हुए हाबिल-वर्गीय लोकतंत्र, इन शुरुआतों से आज की लोकतांत्रिक दुनिया में विकसित हो गया है।

३.२ शक्तियों के अलगाव का महत्व

सरकार की शक्ति की तीन शाखाओं को अलग करने की अवधारणा के अभिवक्ता मोंटेस्क्यू (१६८९-१७५५) थे, जो प्रबोधन के मुख्य विचारक थे। इन्होंने एक व्यक्ति या संस्था के हाथों में राजनीतिक शक्ति के केन्द्रीकरण को रोकने की मांग की, जैसा कि राजनीतिक निरंकुशता के मामले में था। यह अवधारणा फ्रांसीसी क्रांति के दौरान मनुष्य के अधिकारों की घोषणा में घोषित की गई थी। आरंभ से ही शक्तियों के अलगाव की विशेषता उस आदर्श समाज की राजनीतिक संरचना थी जिसे साकार करने के लिए परमेश्वर काम कर रहा था। फिर भी, जैसा कि हमने समस्त दैवी योजना के दौरान देखा है कि शैतान, परमेश्वर के सिद्धांत के किसी भी एक पहलू के साकार होने से पहले, उसकी दोषपूर्ण नकल करता आया है। इसलिए आइए हम आदर्श दुनिया की राजनीतिक संरचना की संक्षेप में जांच करें।

जैसा कि हमने देखा है कि विश्व एक पूर्ण मनुष्य की संरचना के नमूने पर बनाया गया है। उसी तरह, एक आदर्श दुनिया जो पूरी तरह से परिपक्व लोगों द्वारा बनाई जाने वाली है वह भी आदर्श व्यक्ति की संरचना और उसके कार्यों के सदृश्य है। (प्रति-संदर्भ १.१, १.२, ३.२) मानव शरीर की उपमा में, जिसके अंग मस्तिष्क के सूक्ष्म आदेशों के अनुसार कार्य करते हैं, आदर्श वैश्विक समाज के सभी संस्थानों को परमेश्वर की इच्छाओं का पालन करना होता है। जैसे ही मस्तिष्क के आदेश रीढ़ की हड्डी के माध्यम से परिधीय तंत्रिका तंत्र के द्वारा शरीर के हर हिस्से में फैल जाते हैं, आदर्श दुनिया में परमेश्वर के मार्गदर्शन को पूरे समाज में मसीह के माध्यम से व्यक्त किया जाता है, जो रीढ़ की हड्डी के अनुरूप होता है, और परमेश्वर से प्रेम करने वाले नेता परिधीय तंत्रिका तंत्र के समान होते हैं। परिधीय तंत्रिका तंत्र जो रीढ़ की हड्डी से निकल कर सारे शरीर में फैल जाता है यह देश के राजनीतिक दलों के अनुरूप है। इस प्रकार, यीशु मसीह के नेतृत्व में आदर्श दुनिया में परमेश्वर के लोग आज के राजनीतिक दलों के समान संगठन बनायेंगे।

मानव शरीर में, फेफड़े, दिल और पेट, मस्तिष्क के निर्देशों के अनुसार सामंजस्यपूर्ण परस्पर क्रिया बनाए रखते हैं जो रीढ़ की हड्डी और परिधीय तंत्रिका तंत्र के माध्यम से प्रसारित होते हैं। इसकी तुलना, आदर्श दुनिया में सरकार की तीन शाखाओं से की जा सकती है—विधायी, न्यायिक और कार्यपालिका शाखाएं—मसीह और परमेश्वर के लोगों के द्वारा दिए गए परमेश्वर के निर्देशन से एक दूसरे के साथ सैद्धांतिक और सामंजस्यपूर्ण संबंध बनाकर कार्य करेंगी। जिस प्रकार, शरीर के चार अंग पूरे व्यक्ति के कल्याण के लिए मस्तिष्क के आदेशों के अनुसार काम करते हैं, आदर्श दुनिया के आर्थिक संस्थान जो अंगों के अनुरूप हैं परमेश्वर की इच्छा को बनाए रखेंगे और संपूर्ण विश्व के कल्याण को बढ़ावा देंगे। जैसे कि जिगर पूरे शरीर के लिए पोषण संचय करता है, आदर्श दुनिया में हमेशा सार्वजनिक भलाई के लिए एक आरक्षित संचय होगा जो आवश्यकता पड़ने पर काम आ सकता है।

चूंकि मानव शरीर के हर हिस्सों का मस्तिष्क के साथ लंबवत संबंध होता है, इसलिए एक क्रियाशील शरीर बनाने के लिए विभिन्न अंगों के बीच क्षैतिज रिश्ते स्वाभाविक रूप से स्थापित होते हैं। उसी प्रकार, आदर्श दुनिया में, चूँकि लोगों के एक-दूसरे के साथ क्षैतिज रिश्ते परमेश्वर के साथ लंबवत संबंध में निहित होंगे, वे एक संगठित और अन्योन्याश्रित समाज बनाएंगे जिसमें वे अपनी सभी खुशियाँ और दुख बाटेंगे। इस समाज में, किसी दूसरे को चोट पहुंचाना स्वयं को चोट पहुंचाने के रूप में अनुभव किया जाएगा। इसलिए, इसके नागरिक अपराध करने की सोच भी नहीं सकते।

आइए अब हम यह जांच करें कि, पुनरुद्धार की दैवी योजना में, परमेश्वर इस आदर्श सामाजिक संरचना को बहाल करने के लिए किस प्रकार काम कर रहा है।

पाश्चात्य इतिहास के दौरान, एक समय था जब सरकार और राजनीतिक दलों की तीन शाखाओं के कार्यों को एक व्यक्ति, राजा पर केंद्रित किया गया था। जब राजा का सरकार पर प्रभुत्व होता था यह समय-समय पर संशोधित किया जाता था, जबकि पोप के नेतृत्व में चर्च ने राजनीतिक दल के समान भूमिका निभाई। राजनीतिक व्यवस्था में फ्रांसीसी और अमरीकी क्रांति के समय एक मुख्य परिवर्तन हुआ जब सरकार को तीन शाखाओं, वैधानिक, नियामक और प्रबंधक में विभाजित किया गया, और राजनीतिक दलों ने अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। संवैधानिक लोकतंत्र की स्थापना के साथ, आदर्श राजनीतिक व्यवस्था के लिए ढांचा स्थापित हो गया।

इस प्रकार, इतिहास के दौरान राजनीतिक व्यवस्था बदलती रही, क्योंकि पतित समाज को आदर्श मानव समाज में पुनःस्थापित किया जा रहा था, जिसकी संरचना और कार्य एक पूर्ण व्यक्ति के नमूने पर बनाई जाएगी। आज के लोकतंत्र की विशेषता यह है कि वह सरकार की तीन अलग-अलग शाखाओं और राजनीतिक दलों में फैला हुआ है, जो कुछ हद तक एक स्वस्थ मानव शरीर की संरचना जैसा है। फिर भी, पतन के कारण, आजकल का लोकतंत्र वास्तव में एक बीमार या घायल व्यक्ति के शरीर के समान है। वे अपने मूल गुणों और कार्यों को अपनी पूर्ण क्षमता के साथ प्रदर्शित नहीं कर सकते। चूंकि राजनीतिक दल ईश्वर की इच्छा से अनजान हैं, इसलिए उनकी तुलना एक तंत्रिका तंत्र से की जा सकती है जो मस्तिष्क से निर्देशों को पूरे शरीर में भेजने में असमर्थ है। चूंकि संविधान परमेश्वर के वचन के अनुसार नहीं लिखे गए हैं, इसलिए वर्तमान में सरकार की तीन शाखाएं ऐसे आंतरिक अंगों की तरह काम करती हैं जिनकी परिधीय नसें टूट गईं हैं और मस्तिष्क के आदेशों को समझ नहीं सकतीं या प्रतिक्रिया नहीं दे सकतीं हैं। उनमें व्यवस्था और सामंजस्य की कमी है, और अपने आप में लगातार संघर्ष का सामना करतीं हैं।

इसलिए, दूसरे आगमन में मसीह वर्तमान राजनीतिक व्यवस्था की बीमारी का समाधान करेगा, वह परमेश्वर के साथ लोगों के लंब संबंध को बहाल करेगा ताकि वे परमेश्वर के उद्देश्य को प्रतिबिंबित कर सकें। यह समाज की वास्तविक क्षमता को उजागर करेगा।

३.३ औद्योगिक क्रांति का महत्व

परमेश्वर का सृष्टि का आदर्श केवल एक निष्पाप दुनिया बनाकर ही पूरा नहीं किया जा सकता है। परमेश्वर ने मनुष्यों को विश्व पर प्रभुत्व करने का आशीर्वाद दिया है। (उत्पत्ति १:२८) हमें रहने के लिए एक सुखद वातावरण बनाने के लिए प्रकृति के छिपे कानूनों और अग्रिम विज्ञान और प्रौद्योगिकी की तलाश करना चाहिए। धर्म और विज्ञान ने लोगों के आंतरिक और बाहरी पहलुओं की अज्ञानता को दूर करने के लिए संबंधित जिम्मेदारियों को निभाया है और उनकी मदद के लिए कंधा दिया है। इसलिए, इतिहास के अंतिम दिनों में, हमें न केवल सच्चाई के उत्थान की उम्मीद करना चाहिए जो लोगों को उनकी आध्यात्मिक अज्ञानता को पूरी तरह से कम करने के लिए मार्गदर्शन करे; पर हमें भौतिक विश्व के सभी रहस्यों को हल करने के लिए विज्ञान की प्रगति की उम्मीद भी करनी चाहिए। (प्रति-संदर्भ—प्रलयोत्तर ४.३) वे मानव समाज को एक साथ आदर्श दुनिया की प्राप्ति से पहले इस स्तर पर लाएंगे। इस प्रकार, हम यह समझ सकते हैं कि इंग्लैंड में शुरू हुई औद्योगिक क्रांति, आदर्श दुनिया के लिए जीवन निर्वाह के वातावरण को उपयुक्त बनाने के लिए, परमेश्वर की प्रत्यावर्तन की दैवी योजना से उत्पन्न हुई थी।

आदर्श समाज की आर्थिक संरचना भी एक स्वस्थ मानव शरीर की संरचना के सदृश्य है। उत्पादन, वितरण और खपत के बीच ऐसा जैविक अन्योन्याश्रित संबंध होना चाहिए जैसे कि पाचन, परिसंचरण और चयापचय प्रणालियों के बीच होता है। अत्यधिक उत्पादन के कारण विनाशकारी प्रतियोगिता नहीं होनी चाहिए; न ही अनुचित वितरण के कारण अत्यधिक संचय या अतिउपभोग होना चाहिए, जो सार्वजनिक कल्याण के विपरीत होगा। आवश्यक और उपयोगी सामानों का पर्याप्त उत्पादन होना चाहिए, लोगों की जरूरतों की आपूर्ति करने के लिए यथेष्ट मात्रा में उचित वितरण, और सार्वजनिक उद्देश्य के अनुरूप खपत में उचित संतुलन होना चाहिए।

औद्योगिक क्रांति से निकले हुए बड़े पैमाने पर उत्पाद के कारण इंग्लैंड को कच्चे माल और माल के लिए बाज़ार के स्रोत के रूप में बहुत से उपनिवेशों पर अधिकार की मांग करने का अवसर मिला। इस तरह, औद्योगिक क्रांति ने सुसमाचार के प्रसार के लिए एक विशाल क्षेत्र खोला। तदनुसार, इसने पुनरुद्धार की दैवी योजना के आंतरिक और बाहरी दोनों पहलुओं में योगदान किया।

३.४ महान शक्तियों का उत्थान

हमने देखा है कि नवजागरण के बाद, मध्ययुगीन यूरोप का संगठित विश्वावलोकन जीवन के कैन-वर्ग और हाबिल-वर्ग के विचारों में बांट गया था। इससे दो प्रकार की राजनीतिक क्रांति हुई और दो प्रकार के लोकतंत्र स्थापित हुए, दोनों औद्योगिक क्रांति के परिणामस्वरूप काफी मजबूत हुए। लोकतांत्रिक और कम्युनिस्ट दुनिया बनाने के लिए दो प्रकार के लोकतंत्र खड़े हुए।

औद्योगिक क्रांति के बाद, विज्ञान की तीव्र प्रगति से प्रेरित, औद्योगिकीकरण ने ऐसी अर्थ-व्यवस्थाओं का निर्माण किया, जिनकी विशेषता अत्यधिक उत्पादन से जानी जाती है। यूरोप की महान शक्तियां, जिन्हें अपने उत्पादों के लिए बाज़ार, और अपने कारखानों के लिए कच्चे माल के स्रोत के लिए नई भूसंपत्ति प्राप्त करने की तत्काल आवश्यकता महसूस हुई, उपनिवेशों की प्राप्ति के लिए एक दूसरे के साथ प्रतिस्पर्धा करते हुए तेज़ी से शक्तिशाली होती गईं। इस प्रकार, दो कारक—दो विचारधाराएं और विज्ञान की प्रगति के बाद आर्थिक विकास—जिसने बाद में दुनिया को राजनैतिक मतभेद के दो खंडों में बांट दिया: लोकतांत्रिक दुनिया और कम्युनिस्ट दुनिया।

३.५ पुनर्जागरण के बाद धार्मिक सुधार, राजनीतिक और औद्योगिक क्रांति

कैन-वर्गीय आंदोलन जो यूनानी मत के जागरण के साथ शुरू हुआ, उसने मध्ययुगीन दुनिया को खत्म कर दिया और नवजागरण के मानववाद को जन्म दिया। जब इस आंदोलन ने विकास किया और शैतान की ओर झुका तो इसने प्रबोधन को जन्म दिया, जो प्रचलित विचारधारा में दूसरा पुनर्जागरण माना जा सकता है। प्रबोधन विचारधारा अंततः जब शैतानी दिशा की ओर पुष्ट हुई तो इसने ऐतिहासिक भौतिकवाद को जन्म दिया, जो कम्युनिस्ट विचारधारा का केंद्र है। इसे तीसरे नवजागरण के रूप में माना जा सकता है।

चूंकि शैतानी पक्ष हमेशा परमेश्वर की दैवी योजना की नकल पहले ही करता है, इसलिए हम यह अपेक्षा कर सकते हैं कि परमेश्वर की दैवी योजना, धर्म, राजनीति और अर्थव्यवस्था के प्रत्येक क्षेत्र में क्रांति के तीन चरणों की मांग करती है। धर्म के क्षेत्र में, पहले नवजागरण के बाद पहला धर्म-शोधन मार्टिन लूथर के नेतृत्व में हुआ था। दूसरे पुनर्जागरण के बाद दूसरा धर्म-शोधन वेस्ले भाइयों, फॉक्स और स्वीडनबोर्ग जैसे लोगों के नेतृत्व में आध्यात्मिक आंदोलनों के द्वारा आरम्भ किया गया। हमारी इतिहास की प्रगति की परीक्षा से यह स्पष्ट है, कि तीसरे पुनर्जागरण के बाद तीसरा धर्म-शोधन होगा। निःसंदेह, आज के ईसाई धर्म की स्थिति इस तरह के सुधार के लिए ठोस रूप से मांग करती है।

राजनीतिक क्षेत्र में भी, हम अनुमान लगा सकते हैं कि सुधार तीन चरणों में हो रहा है। पहला मध्ययुगीन सामंती समाज, पहले नवजागरण और पहले धार्मिक संशोधन के प्रभाव से नाश हो गया। फिर, निरपेक्ष राजवाद दूसरे पुनर्जागरण और दूसरे धर्म-संशोधन से निकली हुई शक्तियों के द्वारा नष्ट किया गया। अंत में, साम्यवादी दुनिया का गठन तीसरे पुनर्जागरण द्वारा लाए गई राजनीतिक क्रांतियों के द्वारा किया गया था। आने वाले तीसरे धर्म शोधन के माध्यम से, लोकतांत्रिक दुनिया, जो परमेश्वर के पक्ष में है, वैचारिक युद्ध में विजय प्राप्त करेगी और कम्युनिस्ट दुनिया को, जो शैतान के पक्ष में है, घुटनों पर लाएगी। तब दोनों संसार परमेश्वर के अधीन धरती पर एक स्वर्ग के राज्य में संगठित हो जाएंगे।

आर्थिक परिवर्तन जो धार्मिक और राजनीतिक सुधारों के बाद आए, उन्होंने तीन औद्योगिक क्रांतियों में प्रगति की। पहली औद्योगिक क्रांति इंग्लैंड में हुई थी और वह भाप इंजन पर आधारित थी। एक शताब्दी बाद, दूसरी औद्योगिक क्रांति बिजली और पेट्रोलियम इंजन के आधार पर कई उन्नत देशों में हुई। तीसरी औद्योगिक क्रांति परमाणु की शक्ति को सुरक्षित रूप से दोहन करके आगे बढ़ेगी; यह आदर्श दुनिया के लिए एक सुखद रहने का वातावरण बनाएगी। मसीह के दूसरे आगमन से पहले तैयारी की सदियों में क्रांति के तीन चरणों के तीन क्षेत्र, धर्म, राजनीतिक और उद्योग, जो तीन पुनर्जागरणों के बाद आए, यह कार्यवाही विकास के नियम के अनुसार तीन चरणों में आदर्श दुनिया के निर्माण के लिए आवश्यक रही है।