दिव्य नियम का अध्ययन और अभ्यास
मेरे बुकमार्क

आपके पास अभी कोई बुकमार्क नहीं है।

संभाग ४. अंतिम दिन और वर्तमान दिन

जब यीशु अपने भाग्य के बारे में पतरस से बात कर रहा था, तब पतरस ने यूहन्ना के भविष्य के बारे में पूछा। यीशु ने उत्तर दिया, “यदि मैं चाहूँ कि वह मेरे आने तक ठहरा रहे, तो तुझे इससे क्या?” (यूहन्ना २१:२२) यह सुनकर, चेलों ने सोचा, यीशु यूहन्ना के जीवनकाल ही में लौटेगा। इसके अतिरिक्त, यीशु ने अपने चेलों से कहा, “मैं तुम से सच कहता हूँ तुम इज़राएल के सब नगरों में न फिर चुकोगे कि मनुष्य का पुत्र आ जाएगा”, (मत्ती १०:२३) और मैं तुम से सच कहता हूँ, जो यहाँ खड़े हैं, उनमें से कुछ ऐसे हैं कि वे जब तक मनुष्य के पुत्र को उसके राज्य में आते हुए न देख लेंगे, तब तक वह मृत्यु का स्वाद न चखेंगे।” (मत्ती १६:२८) इन बातों पर आधारित, चेलों का और कई ईसाई लोगों का यह विश्वास था कि यीशु उनके जीवनकाल के दौरान वापस आएगा। वे निरंतर ऐसे विचारों से कि अंतिम दिन निकट हैं व्याकुल रहे थे।

यह इसलिए, क्योंकि वे अंतिम दिनों का ठीक अर्थ नहीं समझ सके। हम वर्तमान युग की विभिन्न परिस्थितियों का परीक्षण करके यह अनुमान लगा सकते हैं कि आज के दिन वास्तव में अंतिम दिन हैं। इन परिस्थितियों में हम तीन महान आशीर्वादों के पुनरुद्धार को पहचान सकते हैं, जो परमेश्वर ने पुनरुद्धार की दैवी योजना में नियत किए थे। यीशु ने कहा: अंजीर के पेड़ से यह दृष्टांत सीखो; जब उसकी डाली कोमल हो जाती है और पत्ते निकलने लगते हैं, तो तुम जान लेते हो कि ग्रीष्म काल निकट है। इसी रीति से, जब तुम इन सब बातों को देखो, तो जान लो कि वह निकट है वरन् द्वार पर है। मत्ती २४:३२-३३

४.१ पहले आशीर्वाद की बहाली के चिह्न

पहला आशीर्वाद जो परमेश्वर ने आदम और हव्वा को दिया था वह व्यक्तिगत चरित्र की पूर्णता था। (प्रति-संदर्भ—सृष्टि ३:२) आधुनिक दुनिया में, अनेक विभिन्न घटनाओं का घटित होना यह संकेत करता है कि पतित लोगों को सिद्ध व्यक्तियों के रूप में यानी उनकी मूल पूर्वावस्था में बहाल करने की परमेश्वर की पुनरुद्धार की दैवी योजना अपने चरम शिखर पर है।

सबसे पहले हम देखते हैं कि पतित लोगों की आध्यात्मिकता बहाल होती जा रही है। हम पहले यह स्पष्ट कर चुके हैं कि जब कोई व्यक्ति अपनी पूर्णता तक पहुँच जाता है, वह परमेश्वर के साथ पूरी तरह से एक हो जाता है और दूसरों के साथ सच्चे संबंध बनाने के योग्य हो जाता है। आदम और हव्वा, हालांकि पूरी तरह से पूर्ण नहीं हो पाए थे, फिर भी वे परमेश्वर के साथ बातचीत करने में सक्षम थे। जब वे इस पद से पाप में नीचे गिरे, तो वे अपने वंश को भी अज्ञानता और परमेश्वर के प्रति असंवेदनशीलता में डुबो देने का कारण बने। यथाक्रम, पतित लोगों की आध्यात्मिकता पुनर्वासित की जा रही है कि अब वे पुनरुद्धार की दैवी योजना में युग के अनुग्रह का आनन्द ले रहे हैं। इसलिए, अंतिम दिनों में, कई वफादार विश्वासी लोग परमेश्वर के साथ वार्तालाप करने की क्षमता प्राप्त करेंगे, जैसा कि बाईबल में भविष्यवाणी की गई है: अंतिम दिनों में...मैं अपना आत्मा मनुष्यों पर उंडेल दूँगा, और तुम्हारे बेटे बेटियाँ भविष्यवाणी करेंगे, और तुम्हारे जवान दर्शन देखेंगे, और तुम्हारे पुरनिए स्वप्न देखेंगे। प्रेरितों २:१७ जैसे कि हम देख रहे हैं कि आध्यात्मिक घटनाएं हमारे चारों ओर प्रचुरता से हो रही हैं, इससे हम यह समझ सकते हैं कि वर्तमान युग अंतिम दिन हैं। हम एक ऐसे युग में प्रवेश कर रहे हैं कि जब हम व्यक्तिगत पूर्णता प्राप्त कर सकते हैं और परमेश्वर का प्रथम आशीर्वाद पुनर्स्थापित कर सकते हैं।

वर्तमान युग में पहले आशीर्वाद की बहाली का दूसरा चिह्न हम ऐतिहासिक प्रचलन में, जो मूल मन की स्वतंत्रता की पुनःप्राप्ति की ओर है, देख सकते हैं। पतन के कारण, हमारा मूल मन शैतान के जुए के नीचे बंधा हुआ था, और हमने परमेश्वर के सामने आने की स्वतंत्रता खो दी थी। वर्तमान युग में स्वतंत्रता प्राप्ति का जोश अत्यधिक बढ़ गया है, लोग स्वतंत्रता के लिये अपनी जान पर खेल कर संघर्ष करते हैं। यह इस बात को संकेत करता है कि हम अब एक नए युग में प्रवेश कर रहे हैं, हम व्यक्तिगत पूर्णता, जो बहुत अरसे से शैतान ने निषेध कर दी थी, प्राप्त कर सकते है, और परमेश्वर के पास जा सकते हैं।

पहले आशीर्वाद की बहाली का तीसरा चिह्न सच्चे मानव-मूल्य की पुनःस्थापना है। क्षैतिज दृष्टिकोण से हर व्यक्ति का महत्व बराबर होता है, लेकिन यह उसकी सही कीमत नहीं दर्शाता है। स्वर्ग के लंब दृष्टिकोण से प्रत्येक व्यक्ति अति उत्कृष्ट ब्रह्मांडीय महत्व रखता है। (ख्रीस्त-जीवन-शास्त्र १) पतन के कारण, मनुष्य ने अपना मूल महत्व खो दिया है। वर्तमान युग में लोकतांत्रिक आदर्श प्रभावशाली हुए हैं, लोग, दासों की मुक्ति, उत्पीड़ित प्रजातीय अल्पसंख्य लोगों की स्वतंत्रता, और छोटे और कमजोर राष्ट्र की स्वतंत्रता को बढ़ावा दे रहे हैं। वे मानव अधिकारों, लिंगों और सब लोगों के बीच समानता का समर्थन कर रहे हैं। पहले से कहीं अधिक, लोग व्यक्तिगत महत्व को उत्साहपूर्वक उसके मूल मान की ओर उठा रहे हैं। यह दर्शाता है कि हम अंतिम दिनों की चौखट पर आ चुके हैं जब पतित लोग परमेश्वर के पहले आशीर्वाद को पुनर्स्थापित कर सकते हैं।

चौथा चिह्न यह है कि वर्तमान युग में पहले आशीर्वाद का जो नवीकरण हो रहा है वह पतित लोगों में मूल, सच्चे प्रेम की पुनःस्थापना है। वह दुनिया जहाँ परमेश्वर का आदर्श साधित हो गया है, एक सिद्ध व्यक्ति की छवि में होगी। उस दुनिया में हर व्यक्ति परमेश्वर के साथ लंब तौर पर एकजुट होगा, इस आधार पर वे स्वभावतः क्षैतिज रूप से एक दूसरे के साथ मिल-जुल कर रह सकते हैं। ऐक्यभाव और सहानुभूति केवल उसी समय प्राप्त होती है जब लोग परमेश्वर के प्रेम में एक साथ मिल जाते हैं। पतन के कारण परमेश्वर और मनुष्यों के बीच लंब प्रेम का बंधन टूट गया था, और यह उनके आपसी क्षैतिज प्रेम के टूटने का कारण बना। परिणाम स्वरूप, मानव इतिहास सतत संघर्ष का इतिहास बना गया। वर्तमान युग में, हालांकि, सार्वभौमिक प्रेम का फ़लसफ़ा व्यापक हो गया है, और लोग अधिकतर सच्चे, मूल प्रेम की खोज कर रहे हैं। यह एक और सबूत है कि वर्तमान समय अंतिम दिन हैं, जब हम परमेश्वर के प्रथम आशीर्वाद को पुनर्स्थापित कर सकते हैं और परमेश्वर के प्रेम में स्थापित व्यक्तिगत चरित्र की पूर्णता तक पहुँच सकते हैं।

४.२ दूसरे आशीर्वाद की बहाली के चिह्न

आदम और हव्वा के लिये परमेश्वर का दूसरा आशीर्वाद यह था कि वे सच्चे माता-पिता बनें और अच्छे बच्चे पैदा करके उनका पालन-पोषण करें, और ऐसा परिवार, समाज और दुनिया बसाएं जहाँ अच्छाई का राज्य हो। परन्तु, आदम और हव्वा पतित हुए, दुष्ट माता-पिता बनकर दुष्ट बच्चे पैदा किए और उनके वंश (मानवता) ने बुराई से उत्पीड़ित दुनिया बसाई। तब से परमेश्वर, अच्छाई का राज्य पुनःस्थापित करने के लिये दो प्रकार की, आंतरिक और बाह्य, दैवी योजना का निर्देशन कर रहा है। परमेश्वर ने धर्मों की स्थापना की और उनके माध्यम से लोगों को शैतानी तत्वों से आंतरिक रूप से शुद्ध करके उनकी आध्यात्मिकता को ऊँचा उठाने का काम किया है। उसी समय परमेश्वर, शैतान के प्रभाव को बाह्य संघर्ष और युद्धों के माध्यम से खंडित करता आया है।

शैतान को दोनों आंतरिक और बाह्य रूप से अलग करके, पुनरुद्धार की दैवी योजना अच्छे बच्चों को बढ़ा रही है, जो एक दिन मसीह की, जब वह सद्-वृत्त माता-पिता बनकर आएगा, सेवा करने में सक्षम होंगे। इस प्रकार से, मानव इतिहास परमेश्वर के दूसरे आशीर्वाद के प्रत्यावर्तन के लिये रास्ता तैयार कर रहा है। तदनुसार, हम परमेश्वर के आधिपत्य की बहाली के आंतरिक और बाह्य चिह्नों की जांच करके यह अनुमान लगा सकते हैं कि वर्तमान युग अंतिम दिन हैं। इन्हें सांस्कृतिक क्षेत्रों के विकास के रुझानों के रूप में और राष्ट्रों के उत्थान और पतन के इतिहास में दिखाया गया है, दोनों धर्मों में निहित हैं।

आइये, पहले हम यह जांच करें कि वर्तमान युग में सांस्कृतिक क्षेत्रों के विकास की प्रगति किस प्रकार हमें अंतिम दिनों की दहलीज पर ले आई है।

परमेश्वर भविष्यद्वक्ताओं और संतों को पतित मानवता के पास धर्म की स्थापना करने के लिए भेजता है। जो लोग अच्छाई की तलाश करते हैं उनके मूल मन के माध्यम से वह उन्हें विकसित करने के लिए काम करता है। इस तरह, परमेश्वर धर्म पर आधारित सांस्कृतिक क्षेत्रों को बनाता है। यद्यपि, इतिहास में बहुत से सांस्कृतिक क्षेत्र निकले हैं, समय के साथ उनमें से अधिकतर या तो एक साथ मिल जाते हैं या वे दूसरों के द्वारा अवशोषित किए जाते हैं। वर्तमान युग में हम ईसाई आदर्शों पर आधारित एक वैश्विक सांस्कृतिक क्षेत्र के गठन का स्पष्ट झुकाव देखते हैं। जैसे-जैसे इस प्रवृत्ति की प्रगति होती जाती है, परमेश्वर के दूसरे आशीर्वाद के प्रत्यावर्तन के लिए सभी जातियाँ और लोग अधिकतर यीशु मसीह के प्रेम के मार्गदर्शन के अंतर्गत भाई बहनों की तरह कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हो रहे हैं।

ईसाई धर्म और अन्य धर्मों के बीच मुख्य अंतर यह है कि इसका उद्देश्य मानवता के सच्चे माता- पिता का स्वागत करना और आदर करना है, जिनके द्वारा सभी लोगों का पवित्र बच्चों के रूप में पुनर्जन्म हो सकता है। इस तरह, ईसाई धर्म को चाहिये कि वे परमेश्वर के सृष्टि के उद्देश्य के अनुसार, जैसा आरम्भ में था, दुनिया को वैश्विक परिवार के रूप में नया करके बदलें। यह ईसाई धर्म को केन्द्रीय धर्म बनाती है जिसका मिशन पुनरुद्धार की दैवी योजना के लक्ष्य को पूरा करना है। वर्तमान युग की दुनिया में लोग ईसाई आदर्शों पर आधारित एक सांस्कृतिक क्षेत्र के रूप में संगठित होते जा रहे हैं। दुनिया मानवता के सद्-वृत्त माता-पिता (ख्रीस्त-बोध ४) यीशु और पवित्र आत्मा की शिक्षाओं से बहुत प्रभावित है, इस तरह सभी लोगों के लिए धर्म की संतान बनने का रास्ता खुल गया है। यह रवैया इस बात का सबूत है कि परमेश्वर का दूसरा आशीर्वाद बहाल हो रहा है। इस प्रकार, हम यह निष्कर्ष निकाल सकते हैं कि वर्तमान युग अंतिम दिन हैं।

आएं हम और आगे यह जांच करें कि राष्ट्र के उत्थान और पतन का इतिहास किस प्रकार अच्छाई के राज्य के प्रत्यावर्तन के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है और किस तरह वह हमें अंतिम दिनों की ओर ले जा रहा है।

संघर्ष और युद्धों का कारण, केवल हितों की जद्दोजहद और विचारधाराओं के बीच प्रतियोगिता समझना एक भूल है, यह परमेश्वर की मूल दैवी योजनाओं की अज्ञानता की वजह से है। जब से प्रथम मानव पूर्वजों का पतन हुआ तब से मानव जाति शैतान की अधीनता के तहत पापमय इतिहास के कारण दुःख उठा रही है। तथापि, जब तक परमेश्वर का सृष्टि का उद्देश्य अटल रहेगा, तब तक इस इतिहास का उद्देश्य शैतान के संबंधों को तोड़कर परमेश्वर के राज्य को पुनर्स्थापित करना ही होना चाहिए। यदि इस पतित दुनिया में कोई युद्ध या विभाजन ना हो तो फिर बुराई की प्रभुता हमेशा के लिए जारी रहेगी और दुनिया कभी भी बहाल नहीं की जा सकेगी। इसलिए, परमेश्वर ने अपनी दैवी योजना के द्वारा धीरे-धीरे स्वर्गीय प्रभुता को बहाल करने के लिए काम किया है। वह भविष्यद्वक्ताओं और संतों को धर्म की स्थापना करने के लिये और इस तरह नैतिकता के स्तर को बढ़ाने के लिये भेजता है। वह अच्छाई के उच्च मानकों के साथ सरकारों की स्थापना करता है जो घटिया मानकों वाली सरकारों का विरोध करतीं हैं और उन्हें नष्ट करतीं हैं। इसलिये, पुनरुद्धार की दैवी योजना को साधित करने के लिये संघर्ष और युद्ध अनिवार्य हैं।

इनमें से कुछ मुद्दे संक्षेप में भाग दो में और अच्छी तरह से स्पष्ट किए जाएंगे। मानव इतिहास दैवी योजना के दौरान क्षतिपूर्ति द्वारा पुनरुद्धार के माध्यम से प्रगति करता आया है। यद्यपि यह भी देखने में आया है कि कभी-कभी बुराई प्रबल होती हुई लगती है, परन्तु अंत में अपेक्षाकृत बुरी सामाजिक और राजनीतिक शक्तियाँ लुप्त हो जातीं हैं या अधिक धर्मी शक्तियों के द्वारा अवशोषित की जातीं हैं। युद्ध जो देशों के उत्थान और पतन को रूप देता है, दैवी योजना के दौरान, अच्छाई का राज्य पुनर्स्थापित करने के लिये, अनिवार्य है।

उदाहरण के लिए, बाईबल में परमेश्वर ने इज़राएल को कनान के सात कबीलों को नष्ट करने का आदेश दिया। जब शाऊल ने उसकी आज्ञा भंग की और कुछ अमालेकियों को उनके पशुओं के साथ जीवित छोड़ दिया, तब परमेश्वर ने उसे कड़ी सज़ा दी। (१ शमूएल १५:१८-२३) जबकि उस समय परमेश्वर ने इज़राएलियों को अन्य जातियों को नष्ट करने की आज्ञा दी थी, परंतु दूसरे अवसर पर, जब उत्तरी राज्य के इज़राएली बुराई की ओर फिर गए, तब परमेश्वर ने उनको अश्शूरियों के हाथों में दे दिया। (२ राजाओं १७:२३) हमें यह समझना चाहिए कि इन घटनाओं के द्वारा परमेश्वर का इरादा केवल बुराई की प्रभुता को मिटा कर अच्छाई की प्रभुता को पुनःस्थापित करने के लिये था।

इसलिए, अच्छी प्रभुसत्ता की तरफ के लोगों के बीच में लड़ाई झगड़ा हो तो वह बुरा है, क्योंकि वे अच्छी प्रभुता को कमजोर बनाती हैं और यहाँ तक कि वे उसके विघटन का कारण भी बन सकतीं हैं। अपितु, दुष्ट सत्ता को नष्ट करने के लिये अच्छी सत्ता के द्वारा किया गया युद्ध, पुनरुद्धार की दैवी योजना की पूर्ति को आगे बढ़ाता है।

राष्ट्रों के बीच संघर्षों का इतिहास शैतान के साथ मानवता का संबंध काटने के उद्देश्य का कार्य करता है। इतिहास ने इस हद तक प्रगति की है कि अब परमेश्वर का पक्ष सारी दुनिया के राज्य-क्षेत्र और धन को पुनः प्राप्त कर सकता है। लोगों को फिर से सुमार्ग पर लाने की दैवी योजना परमेश्वर द्वारा बुलाए हुए एकाकी व्यक्तियों से शुरू हुई। इस तरह परमेश्वर की नींव धीरे-धीरे, परिवार से समाजों और राष्ट्रों तक फैल गई और आज वह दुनिया के स्तर तक पहुँच गई है। शैतान से अलग होने की दैवी योजना, गोत्र समाज से आरंभ हुई फिर राजनीतिक और सामाजिक विकास के चरणों के माध्यम से जारी रही, उसके बाद सामंतवाद, एक राजतंत्र और आज लोकतंत्र तक पहुँची है। वर्तमान में, हमारी दुनिया दो भागों में विभाजित है: लोकतांत्रिक दुनिया, जो परमेश्वर की तरफ का समाज निर्माण करना चाहती है, और दूसरा साम्यवादी दुनिया, जो शैतान की तरफ की सरकारों की स्थापना करती चली आई है।

दूसरे शब्दों में, यद्यपि, पतित मानव इतिहास शैतान की प्रभुता के तहत आरंभ हुआ, परमेश्वर की दैवी योजना लोगों के दिलों में एक प्रगतिशील परिवर्तन लाई है और उनके मूल स्वभाव का, जो धर्म, दर्शन और नैतिकता के द्वारा अच्छाई की तलाश करता है, पोषण करती आई है। इस आंतरिक पोषण ने बहुत से समूहों को अच्छा राज्य स्थापित करने के लिए प्रेरित किया है, जो प्रचलित बुराई से अलग एक यथार्थ आधिपत्य की तलाश करते हैं। अलगाव की इस प्रक्रिया का फल वैश्विक स्तर पर दो विरोधी शक्तियों की स्थापना में हुआ है। यह दो विपरीत उद्देश्यों के साम्राज्य किसी भी प्रकार से एक साथ शांति से नहीं रह सकते हैं। मानव इतिहास जैसे-जैसे समाप्ति की ओर बढ़ रहा है, वे निश्चित रूप से एक चौराहे पर पहुँचेंगे और विचारधारा के दायरे में आंतरिक रूप से टकराएंगे। यह आंतरिक संघर्ष उन्हें संभवतः सेना शक्तियों के साथ बाहरी युद्ध लड़ने के लिए उकसा सकता है। इस संघर्ष की समाप्ति पर, शैतान की प्रभुता हमेशा के लिए नष्ट हो जाएगी और स्वर्ग की प्रभुता, अनन्त परमेश्वर की प्रभुता के रूप में फिर से स्थापित की जाएगी। आज हम इस चौराहे के बिंदु पर हैं जब यह दोनों दुनिया एक दूसरे के साथ अंतिम लड़ाई लड़ने के लिये सामना कर रहीं हैं। यह एक और सबूत है कि वर्तमान युग अंतिम दिन हैं।

मानव इतिहास के प्रवाह में, जिसमें अच्छाई और बुराई धीरे-धीरे अलग होते जाते हैं, उसकी तुलना गंदे पानी से की जा सकती है। जब गंदा पानी धीरे-धीरे बहता है, मिट्टी नीचे बैठ जाती है और साफ पानी ऊपर बहने लगता है, अंततः मिट्टी और पानी बिल्कुल अलग हो जाते हैं। मानव इतिहास भी इसी के समान है: समय के साथ बुराई की प्रभुता धीरे-धीरे नष्ट होती जाती है और अच्छाई की प्रभुता समृद्धि के रास्ते पर धीरे-धीरे ऊपर चढ़ती है। इतिहास के अंत में यह दोनों सत्ताएं परस्पर रास्ता काटेंगी, उसके बाद अच्छी प्रभुता परमेश्वर के अनंत राज्य के रूप में रह जाएगी और बुराई की प्रभुता अनन्त अंधकार में नष्ट हो जाएगी।

वह युग जब अच्छी और बुरी सत्ताएं परस्पर रास्ता काटेंगी, अंतिम दिन हैं। यह वह समय भी होगा जब आदम और हव्वा का पतन, जो संवृद्धि चरण के ऊपरी भाग में हुआ था, क्षतिपूर्ति द्वारा पूर्व अवस्था में वापस बहाल किया जाएगा। इस युग में गंभीर सैद्धांतिक भ्रांति के कारण सभी लोग दुःख झेलेंगे, जिस प्रकार प्रथम पूर्वज परीक्षा के समय सर्वथा उलझन में पड़ गये थे और नहीं जानते थे कि वे किस के आदेश का पालन करें और कौन उनके कार्यों का मार्गदर्शन करेगा।

पुनरुद्धार की इस दैवी योजना के दौरान कई बार अंतिम दिन आए, जब अच्छाई और बुराई की सत्ताएं इस चौरास्ते तक आईं। नूंह और यीशु का समय भी, जैसे कि पहले उल्लेख किया है, अंतिम दिन थे। इसलिए, उस समय भी दो सत्ताएं टकराईं। इस पर भी जब लोग अपने हिस्से की जिम्मेदारी को पूरा करने में विफल रहे, बुराई की प्रभुता को नष्ट करने का परमेश्वर का प्रयास कुंठित हुआ, और उसे अच्छाई को बुराई से अलग करने की दैवी योजना दुबारा चालू करनी पड़ी। यीशु की वापसी के समय में, इन दो सत्ताओं का एक बार फिर टकराव होगा। निःसंदेह दैवी योजना की प्रगति सृष्टि के उद्देश्य की खोज में घुमावदार पथ से आगे बढ़ती है, जबकि घटनाएँ समय-समय पर खुद को वृत्तीय रूप में फिर से दोहरातीं हैं। फलस्वरूप, इतिहास ने अपने आप को दोहराया है, और समानांतर अवधियों का निर्माण किया है। (प्रति-संदर्भ—कार्यकाल १)

४.३ तीसरे आशीर्वाद की बहाली के चिह्न

यदि आदम और हव्वा ने एक बार पूर्णता प्राप्त कर ली होती, तो प्राकृतिक दुनिया पर प्रभुत्व प्राप्त करने के द्वारा उन्होंने परमेश्वर के तीसरे आशीर्वाद को पूरा कर लिया होता। प्राकृतिक दुनिया पर प्रभुत्व के दो पहलू हैं: आंतरिक और बाह्य। प्रभुत्व के यह दोनों पहलू मानव जाति ने पतन के कारण खो गए थे, परन्तु उनकी बहाली हम वर्तमान युग में देख रहे हैं। यह भी संकेत करता है कि वर्तमान काल अंतिम दिन हैं।

आंतरिक प्रभुता दिली प्रभुत्व को इंगित करता है। जब कोई व्यक्ति पूर्णता प्राप्त कर लेता है और परमेश्वर के दिल के साथ पूरी तरह से घुल मिलकर एक हो जाता है तो उसे परमेश्वर के दिल का अनुभव अपनी वास्तविकता सी जान पड़ती है। इसलिए, वह सृष्टि को उसी तरह से प्रेम कर सकेगा जिस तरह का प्रेम परमेश्वर के दिल से निकलता है और उसकी सुन्दरता को उसी तरह महसूस करेगा जिस प्रकार परमेश्वर उससे आनन्द लेता है। यह हृदय के प्रभुत्व का अर्थ है। परन्तु मनुष्य का पतन हुआ इसलिये वे परमेश्वर के हृदय का अनुभव ख़ुद की वास्तविकता की तरह महसूस नहीं कर सके, उसी तरह वे सृष्टि से भी प्रेम संबंध नहीं रख सके जैसा प्रेम परमेश्वर के हृदय से निकलता है। परमेश्वर के पुनरुद्धार की दैवी योजना ने धीरे-धीरे धर्म, दर्शन, नैतिकता और अन्य के माध्यम से पतित लोगों की आध्यात्मिकता को ऊँचा उठाया है। आधुनिक दुनिया में, ऐसे सबूत देखने में आते हैं कि लोग सृष्टि का नियंत्रण करने की उचित योग्यता पुनः प्राप्त कर रहे हैं।

विज्ञान और प्रौद्योगिकी के माध्यम से सृष्टि पर उचित अधिकार, बाह्य प्रभुत्व का अर्थ है। यदि हमारे प्रथम पूर्वजों ने पूर्णता प्राप्त कर ली होती तो उन्होंने सृष्टि पर आंतरिक प्रभुत्व प्राप्त कर लिया होता और वे परमेश्वर की तरह सृष्टि से प्रेम कर सकते, तो सृष्टि के आध्यात्मिक पहलू के लिये उनकी संवेदनशीलता उतनी ऊँची विकसित हो जाती। यह विज्ञान की तीव्र उन्नति को बढ़ावा देती और उन्हें प्राकृतिक दुनिया में हर चीज़ पर बाह्य प्रभुत्व प्रदान करती। मानवता बहुत पहले सितारों तक पहुँच गयी होती और जगत की पूरी क्षमता का उपयोग कर सकती थी। विज्ञान और प्रौद्योगिकी की प्रगति के साथ आर्थिक विकास होता, जिससे एक सहज और सुखद रहन-सहन का वातावरण तैयार किया जाता। परन्तु, पतन के कारण लोगों की आध्यात्मिकता क्षीण हो गई, और उन्होंने प्राकृतिक दुनिया का आंतरिक स्वामित्व खो दिया। उनकी आध्यात्मिक संवेदनशीलता जानवरों के जैसी हो गयी, और वे आदिम मनुष्य के स्तर पर उतर गये। फलस्वरूप, वे प्राकृतिक दुनिया पर बाह्य स्वामित्व भी खो बैठे।

परमेश्वर के पुनरुद्धार की दैवी योजना के माध्यम से लोगों की आध्यात्मिकता ऊपर उठाई जा रही है और प्रकृति पर उनका आंतरिक स्वामित्व पुनर्स्थापित किया जा रहा है। परिणाम के स्वरूप, उनका बाह्य प्रभुत्व भी नवीकृत हो रहा है, जिससे आधुनिक विज्ञान बहुत उन्नति कर रहा है। आधुनिक युग के लोगों ने वैज्ञानिक विकास के साथ आर्थिक प्रगति के माध्यम से बेहद सहज और सुखद रहन-सहन का वातावरण बना लिया है।

इस प्रकार पतित लोग जगत पर स्वामित्व पुनःस्थापित कर रहे हैं, और परमेश्वर के तीसरे आशीर्वाद की पुन: स्थापना का काम आगे बढ़ रहा है। यह देख कर हम निश्चित रूप से कह सकते हैं कि वर्तमान काल अंतिम दिन हैं।

संक्षिप्त में, दुनिया के सांस्कृतिक क्षेत्र एक धर्म पर आधारित एक वैश्विक सांस्कृतिक क्षेत्र की ओर झुक रहे हैं। आजकल राष्ट्र, अंतर्राष्ट्रीय शासन के लिए एक शासन-प्रणाली बनाने की कोशिश कर रहे हैं, राष्ट्र संघ से आगे संयुक्त राष्ट्र की ओर बढ़ गये हैं। आज, लोग एक दुनिया-सरकार की योजना की कल्पना कर रहे हैं। अर्थशास्त्र के क्षेत्र में, दुनिया एक अंतरराष्ट्रीय बाजार की स्थापना की ओर बढ़ रही है। अत्यधिक विकसित परिवहन एवं संचार प्रौद्योगिकी समय और अंतरिक्ष की दूरी को मिटा रही है। आज लोग यात्रा करते समय एक दूसरे के साथ इस तरह संवाद कर सकते हैं जैसे कि वे एक ही गाँव में रहते हों। पूरब और पश्चिम से सभी जातियों के लोग एक दूसरे के साथ इतनी आसानी से मिल सकते हैं जैसे कि वे एक बड़े परिवार के सदस्य हों। सभी छह महाद्वीपों के लोग दोस्ती और भाईचारे के प्रेम की तलाश में महासागरों को पार कर रहे हैं। परन्तु एक परिवार उसी समय बन सकता है जहाँ एक माता-पिता हों; तभी सच्चे भाईचारे का प्रेम उत्पन्न हो सकता है। मसीह को, मानव जाति का माता-पिता के रूप में, फिर से आने पर ही सब लोग एक महान परिवार में एक साथ मिलकर वैश्विक-गांव में मेल मिलाप से रहेंगे।

इन घटनाओं के प्रकट होने पर, हम निश्चित रूप से यह जान जाएंगे कि ये अंतिम दिन हैं। लेकिन एक अंतिम उपहार बाकी है जो इतिहास मानवता को देगा: वह एक ऐसा सार्वभौमिक शिक्षण है जो वैश्विक-गाँव के सारे अजनबियों को एक साथ एक ही माता-पिता के प्रेम के मार्गदर्शन के माध्यम से बांधेगा।