संभाग १. परमेश्वर की सृष्टि के उद्देश्य का पूर्ण होना और मनुष्य का पतन
१.१ परमेश्वर की सृष्टि के उद्देश्य का पूर्ण होना
हमने यह चर्चा की है कि मनुष्य की रचना में परमेश्वर का उद्देश्य उनके साथ ख़ुशी-ख़ुशी रहने का था। (प्रति संदर्भ—सृष्टि ३) इसलिये, हमारे अस्तित्व का उद्देश्य परमेश्वर को आनंद देना होना चाहिए। परमेश्वर को आनंद देने के लिये हमें क्या करना चाहिये और हम अपना मौलिक मूल्य किस प्रकार पूर्ण रूप से व्यक्त कर सकते हैं?
मनुष्य के अलावा शेष सारे प्राणियों को स्वाभाविक रूप से प्रौढ़ता तक बढ़ने के लिये अंतर्निहित प्रकृति प्रदान की गई है ताकि वे उसके पात्र साझी बन कर परमेश्वर को आनंद दें। मनुष्य, अपितु, केवल अपनी स्वतंत्र-इच्छा और स्वतंत्र कार्यों के द्वारा ही परमेश्वर को आनंद देने वाले सच्चे और यथार्थ पात्र साझी बन सकते हैं। (प्रति संदर्भ—सृष्टि ५.२.२) वे परमेश्वर को आनन्द से प्रेरित करने वाले पात्र साझी तब ही बन सकते जब वे परमेश्वर की इच्छा को समझकर तदनुसार जीने की कोशिश करें। इसलिए, मनुष्य को परमेश्वर के हृदय को महसूस करने की भावात्मक संवेदना प्रदान की गई है, उसकी इच्छा को समझने का अंतर्ज्ञान और तर्क-बुद्धि मिली है और इन्हें अभ्यास करने के लिए अपेक्षित योग्यता मिली है। वह व्यक्ति जो परमेश्वर के साथ इस रीति से संबद्ध होता है वह व्यक्तिगत चरित्र की पूर्णता प्राप्त करता है। पतन से पहले आदम और हव्वा, और हर युग के भविष्यद्वक्ताओं को भी परमेश्वर के साथ बातचीत करने की योग्यता थी क्योंकि उनमें प्राकृतिक ऐसे संकाय थे।
परमेश्वर और मनुष्य के बीच के संबंध के विषय में, जिस व्यक्ति ने व्यक्तिगत पूर्णता प्राप्त कर ली है, उसकी तुलना मन और शरीर के बीच के संबंध से की जा सकती है। शरीर मन का निवास स्थान है और मन के निर्देशन के अनुसार चलता है। उसी तरह परमेश्वर, पूर्ण परिपक्व व्यक्ति के मन में बसता है। ऐसा व्यक्ति परमेश्वर का मंदिर बन जाता है और अपना जीवन उसकी इच्छा के अनुसार सामंजस्य से बिताता है। पूर्ण व्यक्ति पूरी तरह से परमेश्वर के साथ एक लय में होता है, जिस प्रकार शरीर मन के साथ एक ताल होता है। इस कारण, लिखा है, “क्या तुम नहीं जानते कि तुम परमेश्वर के मंदिर हो, और परमेश्वर का आत्मा तुम में वास करता है?” (१ कुरिंथियों ३:१६) “उस दिन तुम जानोगे कि मैं अपने पिता में हूँ और तुम मुझ में, और मैं तुम में।” (यूहन्ना १४:२०)
वह व्यक्ति जिसने अपना व्यक्तिगत चरित्र पूर्ण कर लिया है वह परमेश्वर का मंदिर बन जाता है, और पवित्र आत्मा उसमें रहता है। परमेश्वर के साथ एकात्म होकर जीने से वह व्यक्ति दिव्य प्रकृति उपार्जित करता है। यथा, उसके लिये पाप करना या पतित होना असंभव है।
वह व्यक्ति जिसने व्यक्तिगत पूर्णता प्राप्त कर ली हो और सृष्टि का उद्देश्य पूरा कर लिया हो वह पूर्ण अच्छाई का मूर्त रूप होता है। वह व्यक्ति जो पूर्ण अच्छाई का मूर्त रूप हो वह पतित नहीं हो सकता है, अन्यथा यह हमें एक ऐसे विसंगत निष्कर्ष पर लाता है कि जैसे अच्छाई में भी विनाश का बीज समाहित हो। इसके अतिरिक्त, यदि मनुष्य जो सर्वशक्तिमान परमेश्वर के द्वारा बनाए गए हैं पूर्ण होने पर भी पतित हो सकते हैं, तो यह परमेश्वर की सर्वशक्तिमत्ता पर भी संदेह होने का कारण बन सकता है। परमेश्वर पूर्ण और अमर कर्ता है। उसे सच्चा आनंद देने के लिये, उसके पात्र साझी को भी अवश्य ही अमर और पूर्ण होना चाहिये। इन्हीं कारणों से जिस व्यक्ति ने अपना व्यक्तिगत चरित्र पूर्ण कर लिया हो वह कभी पतित नहीं हो सकता।
यदि आदम और हव्वा पूर्ण हो गये होते, और पाप के प्रभाव के बाहर होते, तो वे अच्छे बच्चे पैदा करते और परमेश्वर के आशीर्वाद (उत्पत्ति १:२८) के अनुसार एक निष्पाप परिवार और समाज की स्थापना करते। इस तरह उन्होंने स्वर्ग का राज्य स्थापित कर लिया होता, जो एक ही माता पिता का एक महान परिवार होता।
स्वर्ग के राज्य का रूप उस व्यक्ति की तरह होता है जिसने पूर्णता प्राप्त कर ली हो। जिस प्रकार शरीर के अंग क्षैतिज संबंधों में एक दूसरे के साथ समकक्ष रहते हैं और मस्तिष्क के लंब आदेशों पर चलते हैं, इस समाज में लोग, परमेश्वर से निकले हुए लंब निर्देशों को मान कर सहयोगपूर्ण क्षैतिज संबंध बनाकर एक साथ रहेंगे। कोई भी अपने पड़ोसी को हानि नहीं पहुँचाएगा, चूँकि यदि एक व्यक्ति को पीड़ा होती है तो समाज में हर कोई परमेश्वर के हृदय के दुख का अनुभव करेंगे और उस व्यक्ति के साथ पीड़ा में शामिल होंगे।
इस समाज में लोगों की पवित्रता के बावजूद भी, यदि यह लोग गुफावासियों की तरह आदिम परिस्थितियों में रहते हों तो यह स्वर्ग का राज्य कदापि नहीं कहा जा सकता, जिसे दोनों परमेश्वर और मनुष्य चाहते हैं। परमेश्वर ने हमें सब वस्तुओं पर प्रभुत्व करने के लिए जनादेश दिया है। (उत्पत्ति १:२८) इसलिए, सृष्टि का आदर्श साध्य करने के लिये, सिद्ध चरित्र वाले लोगों को चाहिए कि वे विज्ञान में प्रगति करें, प्राकृतिक तत्वों का उपयोग करके एक अत्यंत सुखद रहन-सहन वाला सामाजिक वातावरण बनाएं। यह पृथ्वी पर स्वर्ग का राज्य होगा। एक बार जब लोग पूर्ण रूप से परिपक्व हो जाएंगे और परमेश्वर के पार्थिव राज्य में आनंद से जीवन बिता चुकेंगे, फिर जब वे अपना भौतिक शरीर का त्याग करके आत्मालोक में प्रवेश करेंगे, तो वे स्वर्ग में स्वर्ग का राज्य स्थापित करेंगे। तदनुसार, परमेश्वर की सृष्टि का प्राथमिक उद्देश्य पृथ्वी पर स्वर्ग के राज्य का निर्माण करना है।
१.२ मनुष्य के पतन का परिणाम
मनुष्य का पतन उनके विकास काल में हुआ था जब वे अपरिपक्व अवस्था में ही थे। हम यह पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि विकास काल क्यों आवश्यक था और कि हमारा इस निष्कर्ष पर पहुँचने का क्या प्रमाण है कि पहले पूर्वजों का पतन उनकी अपरिपक्व अवस्था में हुआ। (प्रति संदर्भ—सृष्टि ५.२.१)
पतन के कारण, मनुष्य परमेश्वर का मंदिर नहीं बन सके; बजाय इसके वे शैतान के साथ एकजुट हो गये और उसका निवास स्थान बन गये। इस तरह वे दिव्य प्रकृति उपार्जित करने में विफल हुए और इसके स्थान पर उन्होंने दुष्ट प्रकृति अधिगृहीत की है। दुष्ट प्रकृति के लोगों ने अपने बच्चों के प्रजनन के माध्यम से दुनिया में बुराई का प्रसार किया है, जिनसे बुरे परिवार, बुरे समाज और एक बुरी दुनिया का गठन हुआ है। यह दुनिया पृथ्वी पर नरक है जिसमें हम रह रहे हैं। इस नरक में हम एक दूसरे के साथ मिलकर सहयोग से काम करने वाले क्षैतिज संबंध नहीं बना सकते क्योंकि परमेश्वर के साथ हमारा लंब संबंध टूट गया है। हम दूसरों के ख़िलाफ हानिकारक कार्य करते हैं क्योंकि हम अपने पड़ोसी की पीड़ा को अपना दर्द समझ कर महसूस नहीं करते है।
एक बार लोग नरक में रहने के आदी हो जायें तो वे स्वाभाविक रूप से अपने भौतिक जीवन के अंत में आत्मा लोक में नरक ही में प्रवेश करते हैं। हमने परमेश्वर के राज्य का निर्माण नहीं किया है, बल्कि शैतान की राजसत्ता स्थापित की है। इस कारण शैतान “संसार का सरदार” (यूहन्ना १२:३१) और “संसार का ईश्वर” (२ कुरिंथियों ४:४) कहलाता है।