दिव्य नियम का अध्ययन और अभ्यास
मेरे बुकमार्क

आपके पास अभी कोई बुकमार्क नहीं है।

संभाग २. परमेश्वर का उद्धार का कार्य

२.१ परमेश्वर का उद्धार का कार्य पुनरुद्धार की दैवी योजना है

संसार पाप से भरे होने के कारण मनुष्य के लिए दुःख और परमेश्वर के लिए शोक का कारण है। (उत्पत्ति ६:६) क्या परमेश्वर दुनिया को इस वर्तमान विपदा में त्याग सकता है? परमेश्वर अच्छी दुनिया बनाना चाहता था जिससे वह अतिशय आनन्द का अनुभव कर सके; तथापि, मानव पतन के कारण यह दुनिया पाप और क्लेश से भर गई। यदि यह पापी दुनिया इस वर्तमान स्थिति में हमेशा जारी रहे, तब तो परमेश्वर अशक्त और निष्प्रभावी ईश्वर कहलाएगा, जो अपनी सृष्टि में विफल हो गया है। इसलिए, परमेश्वर इस पापी दुनिया को किसी भी तरह से बचाएगा।

इस दुनिया को परमेश्वर को किस हद तक बचाना चाहिए? उसे पूरी तरह से बचाना चाहिये। परमेश्वर को पहले इस पापी दुनिया में से शैतान की दुष्ट शक्ति को निष्कासित करना होगा, (प्रेरितों २६:१८) इस प्रकार उसे मानव पूर्वजों के पतन से पहले की मूल स्थिति में वापस लाना होगा। जब तक, सृष्टि का उद्देश्य पूरा न हो जाए और परमेश्वर का प्रत्यक्ष प्रभुत्व स्थापित न हो जाए तब तक मुक्ति का कार्य जारी रहेगा। (प्रेरितों ३:२१)

एक बीमार व्यक्ति को बचाने का अर्थ उसे स्वास्थ्य की उसी स्थिति में वापस बहाल करना है, जिसमें वह बीमारी से पहले था। एक डूबते हुए व्यक्ति को बचाने का अर्थ यह है कि उसे उस स्थिति में पुनर्स्थापित करना है जिसमें वह पानी में गिरने से पहले था। उसी प्रकार, एक व्यक्ति जो पाप के बोझ से दबा हो, उसको बचाना यानी उसे उसकी मूल निष्पाप स्थिति में पुनर्स्थापित करना है। दूसरे शब्दों में, परमेश्वर का उद्धार का कार्य पुनरुद्धार की दैवी योजना है। (प्रेरितों १:६, मत्ती १७:११)

मानव पतन निस्संदेह मनुष्य की ग़लतियों का परिणाम था। तथापि, इस घटना से संबंधित परिणाम में परमेश्वर भी ज़िम्मेदार है क्योंकि उसने मनुष्य को रचा। इसलिए, परमेश्वर को मजबूरन इस दुखद परिणाम को सही करने के लिए और मनुष्य को उनकी सच्ची मूल स्थिति में पुनर्स्थापित करने के लिए दैवी योजना संचालित करनी पड़ी।

इसके अतिरिक्त, परमेश्वर ने हमारी रचना अनंत काल तक जीने के लिये की है। यह इसलिये, क्योंकि परमेश्वर सनातन कर्ता साझी है, मनुष्य के साथ, जो उसके पात्र साझी हैं, अनंत काल तक आनंद मनाना चाहता था। मनुष्य को अनंत प्रकृति प्रदान करने के बाद, केवल इसलिये कि वे पाप में गिर गए, परमेश्वर नियम के अनुसार मनुष्य को उसके अस्तित्व से नहीं मिटा सकता था, यदि उसने ऐसा किया तो वह स्वयं अपने ही सृष्टि के नियमों का उल्लंघन करेगा। पतित लोगों को बचाने और उन्हें उनकी मूल शुद्ध स्थिति में, जिसमें उसने उन्हें शुरू में बनाया था, पुनर्स्थापित करने के सिवाय परमेश्वर के पास और कोई विकल्प नहीं है।

जब परमेश्वर ने मनुष्य बनाये, उसने तीन महान आशीर्वादों को पूरा करने में हमारी मदद करने के लिए हम से वादा किया। (उत्पत्ति १:२८) उसने यशायाह के द्वारा यह घोषणा की “मैंने ही यह बात कही है और उसे पूरी भी करूँगा, मैंने ही यह विचार बांधा है और उसे सफल भी करूँगा, (यशायाह ४६:११) इसका अर्थ है कि पतन के बावजूद, अपने वादे को पूरा करने के हेतु परमेश्वर इन आशीर्वादों को पुनर्स्थापित करने के लिए दैवी योजना के माध्यम से काम करता आया है। हमें हमारे मूल आदर्श अस्तित्व में पुनर्स्थापित करने के लिये उसने यीशु मसीह को भेजा था, हम यीशु के शब्दों से जो उसने अपने चेलों से कहे समझ सकते, “इसलिये तुम सिद्ध बनो जैसा तुम्हारा स्वर्गीय पिता सिद्ध है।” (मत्ती ५:४८) सच्चा, आदर्श व्यक्ति परमेश्वर के साथ एकात्म होता है, और उसने दिव्य प्रकृति साधित की होती है; इस तरह, सृष्टि के उद्देश्य के संदर्भ से वह सिद्ध है जैसा कि परमेश्वर सिद्ध है।

२.२ पुनरुद्धार की दैवी योजना का लक्ष्य

पुनरुद्धार की दैवी योजना का लक्ष्य क्या है? इसका लक्ष्य स्वर्ग के राज्य की स्थापना करना है, यह अपनी समग्रता में परमेश्वर के अच्छे पात्र साझी के रूप में होगा और उसकी सृष्टि के उद्देश्य की पूर्ति है। पृथ्वी पर परमेश्वर के राज्य का केंद्र मनुष्य होगा। हालांकि परमेश्वर ने पहले पूर्वजों को इस इरादे के साथ बनाया था, पर उनका पतन हो गया; इसलिए, पृथ्वी पर उसकी इच्छा साधित नहीं हो पाई। तब से, पुनरुद्धार की दैवी योजना का प्राथमिक लक्ष्य पृथ्वी पर स्वर्ग के राज्य को पुनःनिर्माण करने के अलावा और कुछ नहीं है। यीशु मसीह जो इस लक्ष्य को पूरा करने के लिये आया था, उसने अपने चेलों से यह प्रार्थना करने के लिये कहा, “तेरा राज्य आए तेरी इच्छा जैसी स्वर्ग में पूरी होती है वैसे पृथ्वी पर भी हो।” (मत्ती ६:१०) उसने यह भी कहा, “मन फिराओ क्योंकि स्वर्ग का राज्य निकट आया है।” (मत्ती ४:१७) उनके यह शब्द प्रमाणित करते हैं कि पुनरुद्धार की दैवी योजना का लक्ष्य पृथ्वी पर स्वर्ग के राज्य की स्थापना करना है।

२.३ मानव इतिहास पुनरुद्धार की दैवी योजना का इतिहास है

जैसा ऊपर स्पष्ट किया गया है, परमेश्वर का उद्धार का कार्य पुनरुद्धार की दैवी योजना है। मानव इतिहास दैवी योजना के रूप में देखा जा सकता है जिसके माध्यम से परमेश्वर पतित लोगों को बचाने की कोशिश करता आया है और उन के द्वारा काम करके सच्ची और अच्छी दुनिया बहाल करना चाहता है। आइये हम इस विचार पर विभिन्न तरीकों से जाँच करें, पहले हम सांस्कृतिक क्षेत्रों के विकास के इतिहास से इसकी शुरुआत करते हैं।

हर युग में, हर जगह सभी लोगों के पास, यहां तक कि दुष्ट लोगों के पास भी मौलिक मन होता है जो बुराई से घृणा करता है और अच्छाई की तलाश करता है। अच्छाई क्या है और कैसे प्राप्त की जा सकती है, इस बारे में लोगों की बौद्धिक समझ समय, जगह, अलग-अलग दृष्टिकोण और मतभेदों के अनुसार भिन्न रही है; यह एक संघर्ष का स्रोत रहा है जिससे इतिहास बना है। तो भी, हर कोई अच्छाई का एक ही मौलिक लक्ष्य ढूँढता है और स्थापित करना चाहता है।

मौलिक मन, हर युग के और हर जगह के लोगों को हमेशा भला करने के लिए क्यों प्रेरित करता है? परमेश्वर अच्छाई का कर्ता है, उसने मनुष्यों को अपना अच्छा और योग्य पात्र साझी के रूप में इसलिये बनाया है कि वे अच्छाई के उद्देश्य की पूरा करें। शैतान के अशक्त कर देने वाले प्रयास, जिसके कारण पतित मानव निखिल अच्छाई का जीवन निर्वाह करने में असमर्थ रहा है, इसके बावजूद भी उनके भीतर मौलिक मन बरकरार रहता है और उन्हें अच्छाई की ओर संकेत देता है। इसलिए, युगों की परम अभिलाषा अच्छाई की दुनिया प्राप्त करना रही है।

अच्छाई को प्राप्त करने के लिए मौलिक मन चाहे कितना ही संघर्ष क्यों न कर ले, बुराई के राज्य में हम सच्ची अच्छाई का उदाहरण कदाचित् ही देख पाते हैं। इसी लिये मनुष्य, समय और अंतरिक्ष की सीमा से बाहर की दुनिया में अच्छाई के स्रोत की तलाश करने के लिए मजबूर रहे हैं। इस आवश्यकता ने धर्म को जन्म दिया है। धर्म के माध्यम से, अज्ञानता में फंसे हुए पतित लोगों ने लगातार अच्छाई की ओर परमेश्वर से मिलने का प्रयास किया है। यद्यपि बहुत से लोगों और देशों ने चाहे किसी भी धर्म का समर्थन किया हो, वे लोग भले ही न रहे, पर धर्म बना रहा है।

धर्म बहुत से देशों के उत्थान और पतन के बावजूद भी इतिहास में बना रहा है। चीन के इतिहास में, चाओ राजवंश, और युद्धकारी राज्यों के बाद चिन राजवंश में एकीकरण का युग आया। इसके बाद पहला हान, हसिन और फिर दूसरा हान, छह राजवंश और फिर सुई और टैंग की अवधि में एकीकरण का युग हुआ। इन के पश्चात पाँच राजवंश हुए, उत्तरी सुंग, दक्षिणी सुंग, यूवान, मिंग, चिंग, फिर चीन का लोकतंत्र राज्य, चीन का जनता लोकतंत्र राज्य। चीन के इतिहास में कई कालचक्र हुए, राजवंशों के उत्थान और पतन और राजनीतिक सत्ता के कई तबादले हुए, फिर भी सुदुर-पूर्व के धर्म—कनफूसीवाद, बौद्ध धर्म और टाओ-वाद धर्म फलते-फूलते रहे।

भारत के इतिहास में, मौरया राज्य के बाद गुप्ता, हरसा, कालूकिया, मुग़ल, मराठा, ब्रिटिश राज के बाद आज का स्वतंत्र भारत का साम्राज्य देखा गया है। कई राज्यों के उत्थान और पतन के बावजूद, हिंदू धर्म बच गया और समृद्धिशाली है।

मध्य पूर्व देशों के इतिहास, में उमाय्याद कालिफेट (राज्य) के बाद अब्बासिद, शेलजुक और तुर्कों का उस्मान राजवंश, उपनिवेशी काल के बाद आज के अरब राज्य। राजनीतिक प्रभुता में इन परिवर्तनों के बावजूद, इस्लाम धर्म कामयाब रहा और समृद्धिशाली है।

पश्चिमी यूरोप के इतिहास में, हम देखते हैं सत्ता के केंद्र कई बार बदले हैं, रोम से लेकर कैरोलिंगियन कोर्ट, जिसके बाद इटली के पुनर्जागरण-काल के शहर हुए हैं। उसके बाद स्पेन और पुर्तगाल यूरोप की प्रमुख शक्तियों में गिनी गईं, फिर कुछ समय के लिये फ्रांस और नैदरलैंड, और बाद में इंग्लैंड। आधुनिक युग में, पश्चिम का नेतृत्व अमेरिका और सोवियत संघ के बीच विभाजित किया गया है। इन राजनीतिक परिवर्तनों के बावजूद, ईसाई धर्म पनपता रहा है। यहां तक कि सोवियत संघ का राज्य जो मार्क्सवादी भौतिकवाद के आधार पर स्थापित किया गया था उसके निरंकुश शासन के अंतर्गत भी ईसाई धर्म एक महत्वपूर्ण कभी न बुझने वाला दिया बना रहा है।

यदि हम राष्ट्रों के उत्थान और पतन की जांच करें तो ऐसे कई उदाहरण देखने में आते हैं कि जिन देशों ने धर्म को सताया वे नाश हो गये, पर जिन्होंने धर्म को बढ़ावा दिया और सुरक्षित रखा वह देश फला-फूला है। बहुधा, वह लोग जो किसी भी देश के शासक बने वे धर्म को सम्मानित करने वाले लोगों में थे। इतिहास इस प्रकार हमें भरोसा दिलाता है कि कम्युनिस्ट दुनिया, जो धर्म को सताती है, एक दिन ऐसा आएगा कि वह अवश्य नष्ट हो जाएगी।

बहुत से धर्म इतिहास पर अपनी छाप छोड़ गये हैं। उनमें सबसे प्रभावशाली धर्मों ने सांस्कृतिक क्षेत्रों का गठन किया। प्रमुख सांस्कृतिक क्षेत्र जो विश्व इतिहास में विभिन्न कालों में रहे हैं, वह करीब इक्कीस और छब्बीस के बीच गिने जाते हैं। इतिहास के प्रवाह के साथ, अल्प सांस्कृतिक क्षेत्र अधिक उन्नत क्षेत्रों के द्वारा या तो अवशोषित किए गये या उनके साथ मिल गए। सांस्कृतिक क्षेत्रों के विकास के माध्यम से, देशों के चढ़ाव और उतराव के थपेड़ों के पश्चात चार महान सांस्कृतिक क्षेत्र आज वर्तमान काल में बचे हैं: पूर्वी एशियाई क्षेत्र, हिन्दू क्षेत्र, इस्लामी क्षेत्र, और ईसाई क्षेत्र। वर्तमान रुझान यह है कि ये चार क्षेत्र मिलकर एक वैश्विक सांस्कृतिक क्षेत्र बना रहे हैं जो ईसाई लोकाचार पर आधारित है। यह ऐतिहासिक विकास इस बात का सबूत है कि ईसाई धर्म का अंतिम नियोग उन सभी धर्मों के लक्ष्य को पूरा करना है जिन्होंने अच्छाई के आदर्श की तलाश की है।

सांस्कृतिक क्षेत्रों के विकास का इतिहास, प्रत्येक अपने विस्तार, उतार और अभिसरण के साथ, अंत में एक धर्म के आधार पर एक वैश्विक सांस्कृतिक क्षेत्र बनाने के लक्ष्य की ओर संकेत करता है। यह दर्शाता है कि मानव इतिहास का सार एक संयुक्त विश्व को बहाल करना है।

दूसरा, धर्म और विज्ञान की प्रगति देख कर हम इस नतीजे पर पहुँचते हैं कि मानव इतिहास पुनरुद्धार की दैवी योजना है। यह पहले चर्चा की गई है (प्रति संदर्भ—प्रस्तावना) कि धर्म और विज्ञान का उद्देश्य पतित मानव जाति की अज्ञानता के आंतरिक और बाहरी पहलुओं को दूर करना है। यद्यपि वे एक दूसरे से बहुत कम संबंध रखते हुए स्वतंत्र रूप से काम करते आए हैं, फिर भी धर्म और विज्ञान को अनिवार्य रूप से एक ही स्थान पर आकर मिलना है। आज वे इस गंतव्य पर पहुँचने की दहलीज पर हैं, जहाँ वे एक संयुक्त आयोजन के साथ अपनी सभी समस्याओं का समाधान कर सकेंगे। यह प्रवृत्ति दिखाती है कि मानव इतिहास दुनिया को उसकी मूल अवस्था में पुनर्स्थापित करने के लिए दैवी योजना के मार्ग पर चल रहा है।

यदि पतन न हुआ होता, तो उसी समय हमारे पहले मानव पूर्वजों की बौद्धिक क्षमता का विकास उन्हें आध्यात्मिक ज्ञान के उच्चतम स्तर पर पहुँचने के लिये सक्षम बनाता, तो स्वाभाविक रूप से वह उनके भौतिक संसार के ज्ञान को भी उसी स्तर पर विकसित होने के लिए प्रोत्साहित करता। तब विज्ञान तेजी से समय की एक बहुत ही छोटी सी अवधि में प्रगत हो गया होता, और आज का विज्ञान और प्रौद्योगिकी स्तर उन ही दिनों में प्राप्त हो जाता। परन्तु, पतन के कारण मनुष्य अज्ञानता में पड़ गया और केवल एक आदिम समाज का निर्माण कर सका, जो परमेश्वर के मूल आदर्श से बहुत निम्न है। बहुत लम्बे युगों के बाद लोगों ने विज्ञान की प्रगति के माध्यम से इस अज्ञानता को वशीभूत किया है। इतनी अधिक विकसित प्रौद्योगिकी की यह आधुनिक दुनिया बाह्य रूप से आज हमें आदर्श समाज की दहलीज पर ले आई है।

तीसरा, संघर्ष के इतिहास की प्रवृत्तियों का परीक्षण करने से हम यह समझ सकते हैं कि मानव इतिहास पुनरुद्धार की दैवी योजना है। संपत्ति, क्षेत्र और लोगों को छीनने के लिये लड़ाई झगड़े बिना अवरोध बरकरार रहे हैं और मानव समाज की प्रगति के साथ और अधिक बढ़ते जा रहे हैं। इन संघर्षों के पैमाने अब तक परिवार स्तर से लेकर जनजाति, समाज, राष्ट्र और विश्व के स्तर तक फैल गये हैं कि अब लोकतांत्रिक दुनिया और साम्यवादी दुनिया अंतिम संघर्ष के लिये एक दूसरे का सामना कर रहे हैं।

मानव इतिहास के इन अंतिम दिनों में लोकतंत्र राज्य के नाम से दुनिया में स्वर्गीय विधान प्रगट हुआ है, जो इतिहास के एक लम्बे चरण का, जहाँ लोग दूसरों की संपत्ति और भूमि पर कब्जा करके सुख प्राप्त करते थे अंत ला रहा है। प्रथम विश्व युद्ध के समापन पर, पराजित राष्ट्रों ने अपने उपनिवेशों को छोड़ दिया। द्वितीय विश्व युद्ध के अंत में, विजेताओं ने स्वेच्छया उनकी कालोनियों को स्वतंत्र किया और उन्हें सामग्री सहायता दी। आधुनिक वर्षों में महान शक्तियों ने छोटे और कमज़ोर देशों को, कुछ तो उनके किसी शहर से भी छोटे हैं, भाईचारे के नाम पर समान अधिकार और रुतबा देकर संयुक्त राष्ट्र के सदस्य बनने के लिये आमंत्रित किया है।

लोकतंत्र और साम्यवाद के बीच यह अंतिम युद्ध क्या रूप लेगा? मुख्य रूप से यह विचारधाराओं का युद्ध है। यह संघर्ष सही मायने में उस समय तक समाप्त नहीं होगा जब तक कोई ऐसा सत्य न निकले जो पूरी तरह से मार्क्सवादी-लेलिनवादी विचारधारा को, जो आधुनिक दुनिया को धमकी दे रहा है, परास्त कर सके। साम्यवादी विचारधारा धर्म का निषेध करती है और विज्ञान की अनन्य सर्वोच्चता को बढ़ावा देती है। इसलिए, नया सत्य जो धर्म और विज्ञान का मेल कर सकता है, निकलेगा और साम्यवादी विचारधारा पर प्रबल होगा। यह साम्यवादी और लोकतांत्रिक दुनिया का एकीकरण करेगा। इस प्रकार संघर्ष के इतिहास का रुझान यह पुष्टि करता है कि मानव इतिहास दैवी योजना है जो मूल, आदर्श दुनिया को पुनर्स्थापित करने के लिये है।

चौथा, आयें हम बाईबल के शब्दों से इस समस्या की जांच करें। मानव इतिहास का उद्देश्य अदन की वाटिका की, जिसके केंद्र में जीवन का पेड़ खड़ा है, बहाली में निहित है। (उत्पत्ति २:९, प्रति-संदर्भ—पतन १.१.१) अदन की वाटिका किसी विशिष्ट भौगोलिक स्थान का, जहाँ आदम और हव्वा की सृष्टि हुई थी, उल्लेख नहीं करती, परन्तु इसमें संपूर्ण पृथ्वी शामिल है। यदि अदन की वाटिका जहाँ उनकी रचना की गई थी, एक छोटे क्षेत्र तक सीमित थी, तो यह कैसे हो सकता है कि मानवता एक ऐसी छोटी सी जगह में सीमित होकर भी परमेश्वर के इस आशीर्वाद को कि फूलो-फलो और पृथ्वी में भर जाओ, पूरा कर सकती थी? (उत्पत्ति १:२८)

क्योंकि पहले मानव पूर्वजों का पतन हो गया था, इसलिये अदन की वाटिका पर शैतान ने दावा कर लिया, इसलिए जीवन के वृक्ष का रास्ता जो उसके केंद्र में था, अवरोधित किया गया। (उत्पत्ति ३:२४) प्रकाशितवाक्य की पुस्तक में लिखा है: मैं अलफा और ओमेगा, आदि और अंत हूँ। धन्य वे हैं, जो अपने वस्त्र धो लेते हैं, क्योंकि उन्हें जीवन के वृक्ष के पास आने का अधिकार मिलेगा, और वे फाटकों से होकर नगर में प्रवेश करेंगे। प्रकाशितवाक्य २२:१३-१४ मानव इतिहास अलफा के साथ आरंभ हुआ और ओमेगा के साथ समाप्त होगा। इतिहास के अंत में, पतित लोगों की आशा उनके पाप से सने हुए वस्त्रों को धोने, पुनर्स्थापित अदन की वाटिका में प्रवेश करने, और लंबे समय से खो हुए जीवन के वृक्ष के पास जाने की होगी। आएं हम इस आयत के महत्व पर और चर्चा करें।

जीवन का पेड़ मानवता के सच्चे पिता को दर्शाता है, जैसे हमने देखा है, जो आदम को होना चाहिए था यदि उसने अपना चरित्र सिद्ध कर लिया होता। पहले माता-पिता के पतन के कारण, उनका वंश मूल पाप से भ्रष्ट हो गया। सच्चे, मूल पुरुष की अवस्था में पुनरुद्धार पाने के लिये, यीशु ने लोगों से कहा, तुम्हें नए सिरे से जन्म लेना आवश्यक है। (ख्रीस्त-जीवन-शास्त्र ४.१) इसलिए मानवता का इतिहास, मानवता के सच्चे-पिता की, अथवा मसीह की खोज रही है जो हमें पुनर्जन्म दे सके। इस आयत में, जीवन का वृक्ष, जिसके पास अंतिम दिनों के संत लोग जा सकते हैं वह मसीह के अतिरिक्त और कोई नहीं हो सकता। इस प्रकार, बाईबल सिखाती है कि इतिहास का लक्ष्य उस मूल अदन की वाटिका को बहाल करना है जिसका केंद्र मसीह है, जो जीवन के पेड़ के रूप में आने वाला है।

बाईबल यह बताती है कि अंतिम दिनों (प्रकाशितवाक्य २१:१) में नया आकाश और नई पृथ्वी प्रगट होगी, इसका मतलब यह है कि पुराना स्वर्ग और पुरानी दुनिया, जो शैतान के बंधन में थी जाती रहेगी और एक नए स्वर्ग और नई पृथ्वी के रूप में पुनर्स्थापित की जाएगी जो मसीह का ईश्वर-केन्द्रित प्रभुत्व होगा। और कि शैतान के अत्याचार के अंतर्गत सारी सृष्टि भारी कष्ट उठाते हुए कराह रही है और परमेश्वर के पुत्रों के प्रगट होने की बाट जोहती है। (रोमियों ८:१९-२२) सृजित प्राणी, परमेश्वर के सच्चे बच्चों की बाट इसलिये नहीं जोह रहे हैं कि वे अंतिम दिनों में आग में जल कर तबाह हो जाए, बल्कि वे नवीन बनने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। (प्रकाशितवाक्य २१:५) वे अपने मूल स्थान में, अपने यथोचित स्वामी, परमेश्वर के सच्चे पुत्र और पुत्रियों के अधीन जो उन का शासन प्रेम से करें, पुनःस्थापित किए जाएंगे। बाईबल में मौजूद सबूतों की जाँच करके—सांस्कृतिक क्षेत्रों—धर्म और विज्ञान की क्षेत्र—इतिहास और संघर्ष के क्षेत्र जैसे विभिन्न दृष्टिकोण से देखने से यह स्पष्ट होता है कि मानव इतिहास मूल-आदर्श दुनिया को पुनःस्थापित करने का दैवी इतिहास है।