संभाग १. आदम के परिवार में पुनरुद्धार की दैवी योजना
भले ही पतन मानवीय भूल से हुआ, परमेश्वर पतित मानवता को बचाने के लिए अपने आप को जिम्मेदार महसूस करता है। (प्रति-संदर्भ—मसीह २.१) इसलिए, परमेश्वर ने अपनी दैवी योजना में पतित लोगों के पुनरुद्धार के लिये आदम के परिवार में तुरंत मसीह की नींव डालने का काम आरंभ किया।
आदम का शैतान के साथ रक्त-संबंध होने के कारण, वह परमेश्वर और शैतान दोनों के बीच मध्यवर्ती स्थिति में था। (प्रति-संदर्भ—पुनरुद्धार १.१) एक पतित व्यक्ति को, जो ऐसी मध्यवर्ती अवस्था में खड़ा हो, शुद्ध होने और परमेश्वर की ओर आने और मसीह के लिए नींव स्थापित करने के लिए, क्षतिपूर्ति की शर्त स्थापित करना आवश्यक है। फलस्वरूप, आदम के परिवार में पुनरुद्धार की दैवी योजना संपन्न होने के लिए, उसके परिवार के सदस्यों को विश्वास की नींव और वास्तविक नींव पुनःस्थापित करने के लिये क्षतिपूर्ति की कुछ शर्तें पूरी करनी पड़ीं। इन दोनों नींव पर मसीह के लिए नींव स्थापित की जाने वाली थी, इसके बाद ही, आदम के परिवार में मसीह आ सकता था।
१.१ विश्वास की नींव
क्षतिपूर्ति के माध्यम से विश्वास की नींव पुनःस्थापित करने के लिए, पतित लोगों को शर्त की एक वस्तु तैयार करनी चाहिये। अपने अविश्वास के कारण, आदम ने परमेश्वर का वचन, जो उसे विश्वास की नींव स्थापित करने के लिए दिया गया था, खो दिया था। वह ऐसी स्थिति में पड़ गया था कि अब वह परमेश्वर का वचन सीधे प्राप्त नहीं कर सकता था। परिणाम स्वरूप, विश्वास की नींव पुनःस्थापित करने के लिये, आदम को बड़ी वफादारी के साथ, ऐसे ढंग से जो परमेश्वर को स्वीकार्य हो, वचन की जगह पर शर्त की कोई और वस्तु भेंट चढ़ानी थी। आदम के परिवार के लिये यह वस्तु बलि की भेंट थी।
विश्वास की नींव पुनःस्थापित करने के लिए, एक प्रमुख व्यक्ति का होना आवश्यक है। यह भी सोचा जा सकता है कि आदम के परिवार का प्रमुख व्यक्ति स्वयं आदम ही होना चाहिये। ऐसा प्रतीत भी होता है कि आदम को बलिदान करना चाहिए था, और तब वह भेंट स्वीकार्य ढंग से चढ़ाता या नहीं, इसी से उसके विश्वास की नींव डालने की सफलता या विफलता निर्धारित होती।
लेकिन बाईबल में हमें अब तक कहीं कोई ऐसा लिखित प्रमाण नहीं मिला है कि आदम ने बलिदान की भेंट चढ़ाई। इसके बजाय, कैन और हाबिल, उसके बेटों ने बलि की भेंट चढ़ाई। इसका क्या कारण हो सकता है?
सृष्टि के नियम के अनुसार, मनुष्य केवल एक ही प्रभु की सेवा करने के लिए बनाए गए थे। (मत्ती ६:२४) सृष्टि के नियम के अनुसार परमेश्वर अपनी दैवी योजना किसी ऐसे व्यक्ति के साथ संचालित नहीं कर सकता जो दो स्वामियों की सेवा करता हो। यदि परमेश्वर ने आदम की भेंट को स्वीकार कर लिया होता, तो शैतान आदम के साथ अपने रक्त-संबंध की क्षमता पर शर्त के रूप में उस पर और उसकी भेंट पर जवाबी दावा कर सकता था। ऐसी हालत में, आदम दो स्वामियों की सेवा करने वाले की अनैतिक स्थिति में रखा जाता: परमेश्वर और शैतान। चूंकि परमेश्वर ऐसी अनैतिक दैवी योजना संचालित नहीं कर सकता, उसने आदम का, जो भलाई और बुराई दोनों का मूर्त रूप था, प्रतीकात्मक रूप से दो हस्तियों में विभाजन किया, एक जो अच्छाई का प्रतिरूप हो और अन्य जो बुराई प्रदर्शित करता है, एक ऐसी व्यवस्था जो नियम के अनुकूल हो। इस कारण से, परमेश्वर ने आदम को दो पुत्र दिये, जो अच्छाई और बुराई के स्थान पर हों, और उन्हें ऐसी स्थिति में रखा कि प्रत्येक केवल एक ही स्वामी के साथ संबंध रखता हो। इस व्यवस्था को स्थापित करने के बाद, परमेश्वर ने दोनों पुत्रों को अलग-अलग बलिदान करने के लिये ठहराया।
कैन और हाबिल दोनों आदम के पुत्र थे। उनमें से किसको अच्छाई का प्रतिनिधित्व करना चाहिये और जो परमेश्वर से संबंध रख सके और किसे बुराई का प्रतिनिधित्व करना चाहिये जो शैतान से संबंधित हो?
कैन और हाबिल दोनों हव्वा के पतन के फल थे; इसलिए उनके सापेक्षिक स्थान, हव्वा के पतन के क्रम के अनुसार निर्धारित की गए थे। हव्वा का पतन दो अलग-अलग अवैध प्रेम संबंधों द्वारा अंजाम दिया गया था। पहला आत्मिक पतन था जो प्रधान स्वर्गदूत के साथ प्रेम संबंध से हुआ था। दूसरा शारीरिक पतन था जो आदम के साथ के प्रेम संबंध से हुआ था।
निश्चित रूप से, दोनों संबंध पतित कर्मों से संबंधित थे। फिर भी दोनों के बीच, दूसरा कर्म अधिक नियम के साथ होने की स्थिति में था और पहले से अधिक क्षमा योग्य था। हव्वा का पहला पतित कर्म ऐसी वस्तु का आनन्द उठाने की, जिसका अभी तक समय नहीं आया था, और परमेश्वर की तरह अपनी आंखें खुलवाने की अत्यधिक कामना से प्रेरित होकर किया गया था। (उत्पत्ति ३:५) इस कामना के कारण उसने प्रधान स्वर्गदूत के साथ सिद्धांतहीन भोग विलास किया। इसकी तुलना में, हव्वा की दूसरी करनी परमेश्वर के पास वापस लौटने की हार्दिक लालसा से प्रेरित हुई थी, जो उसे यह महसूस होने के बाद हुई कि उसका पहला संबंध अवैध था। इस कामना से उसने आदम के साथ, जो नियम के अनुसार उसका भावी पति था, प्रेम संबंध निभाया, जबकि परमेश्वर ने अब तक इसकी अनुमति नहीं दी थी। (प्रति-संदर्भ—पतन २.२)
कैन और हाबिल दोनों हव्वा के अवैध प्रेम के फल थे। परमेश्वर ने उसके दो अवैध प्रेम की करनी के आधार पर कैन और हाबिल को तदनुसार दो विरोधी स्थितियों पर रख कर दोनों के बीच अंतर किया। दूसरे शब्दों में, चूँकि कैन, जो हव्वा के प्रथम प्रेम का फल था, और जो प्रधान स्वर्गदूत के साथ उसके प्रथम पतित प्रेम की करनी को संकेत करता है, उसे बुराई का प्रतिनिधित्व करने के लिये चुना गया। फलतः वह शैतान के साथ संबंध रखने की परिस्थिति में पाया गया। चूंकि हाबिल हव्वा के दूसरे प्रेम का फल था, जो हव्वा का आदम के साथ उसकी दूसरी पतित करनी को संकेत करता है, उसे अच्छाई का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना गया। अतएव वह परमेश्वर के साथ संबंध रखने की परिस्थिति में था।
शैतान ने सृष्टि को जो परमेश्वर ने नियम पर बनाई थी, जब्त करके अपने बस में कर ली थी, और सिद्धांतहीन दुनिया की स्थापना की, जो केवल बाह्य रूप में परमेश्वर का चाहता विश्व है। मूल सैद्धांतिक दुनिया में परमेश्वर का इरादा था कि वह ज्येष्ठ पुत्र को स्थापित करे और उसे जन्मसिद्ध का अधिकार विरासत में दे। इसलिए, शैतान ने छोटे पुत्र से अधिक बड़े पुत्र से लगाव महसूस किया। क्योंकि शैतान ने पहले से ही पूरे जगत पर दावा कर लिया था, उसने बड़े बेटे कैन के लिये, जो उसके लिये अधिक मूल्यवान था, परमेश्वर से टक्कर ली। क्योंकि शैतान को कैन से अधिक लगाव था, परमेश्वर ने हाबिल को चुना।
बाईबल पहलौठे और दूसरे बेटे के बीच भेदभाव प्रमाणित करती है। उदाहरण के लिए, परमेश्वर ने कैन से कहा, “यदि तू भला न करे तो पाप द्वार पर छिपा है”। (उत्पत्ति ४:७) इस से हम समझ सकते हैं कि कैन का शैतान के साथ संबंध था।
जब इज़राएली लोग मिस्र से भागने वाले थे, तब परमेश्वर ने मिस्रियों के पहलौठों को मारा, यहाँ तक कि पशुओं के पहलौठों भी (निर्गमन १२:२९) मारा, क्योंकि मिस्री लोग, जो शैतान के अधीन थे, कैन के स्थान पर थे। जब इज़राएली लोग कनान देश को लौट रहे थे, केवल लेवियों को, जो छोटे बेटे हाबिल के स्थान पर थे, वाचा के संदूक को उठा कर ले जाने की अनुमति दी गई। (गिनती १:५०, व्यवस्थाविवरण ३१:२५)
यह लिखा है कि परमेश्वर ने दूसरे पुत्र याकूब से प्रेम किया और पहले पुत्र एसाव से घृणा की, यहां तक कि जब वे अपनी माँ के गर्भ में थे। (रोमियों ९:११-१३) वे केवल जेठ पुत्र के भेद के आधार पर कैन और हाबिल के स्थानों पर रखे गये थे। जब याकूब अपने दोनों पोतों, एप्रैम और मनश्शे को आशीर्वाद दे रहा था, तो उसने अपने हाथों को तिरछा करके अपना दाहिना हाथ एप्रैम पर रखा, जो दूसरे पुत्र हाबिल के स्थान पर था, ताकि उसे पहला और अधिक बड़ा आशीर्वाद दे। (उत्पत्ति ४८:१४)
इस नियम के अनुसार, परमेश्वर ने कैन और हाबिल को ऐसे स्थानों पर रखा जहाँ वे केवल एक ही स्वामी से वास्ता रखें, और उन्हें बलिदान की भेंट चढ़ाने के लिये कहा। (उत्पत्ति ४:३-५)
जब कैन और हाबिल ने बलिदान चढ़ाए, “तब परमेश्वर ने हाबिल और उसकी भेंट को ग्रहण किया, परन्तु कैन और उसकी भेंट को ग्रहण नहीं किया।” (उत्पत्ति ४:४) परमेश्वर ने क्यों हाबिल की भेंट को स्वीकार और कैन की भेंट को अस्वीकार किया? परमेश्वर ने हाबिल का बलिदान स्वीकार किया क्योंकि उसका परमेश्वर के साथ उचित संबंध था और उसने स्वीकार्य ढंग से भेंट चढ़ाई। (इब्रानियों ११:४) इस रीति से, हाबिल ने आदम के परिवार में सफलतापूर्वक विश्वास की नींव स्थापित की। वह हर एक पतित व्यक्ति के लिये उदाहरण बनता है, कि कोई भी आवश्यक शर्तों को संतुष्ट करके परमेश्वर को स्वीकार्य भेंट चढ़ा सकता है।
परमेश्वर ने कैन के बलिदान को अस्वीकार इसलिये नहीं किया था क्योंकि वह उससे नफरत करता था। परंतु, क्योंकि कैन का शैतान के साथ रिश्ता था, बलिदान पर शैतान का अधिकार बनता था, इसलिये परमेश्वर उसका बलिदान स्वीकार नहीं कर सकता था, जब तक कि वह पहले बलिदान की कोई ऐसी शर्त पूरी न कर ले जो उसके स्वीकार्य को उचित ठहराए। कैन का उदाहरण यह दिखाता है कि कोई व्यक्ति जिसका संबंध शैतान के साथ हो, उसे परमेश्वर की तरफ वापस आने के लिये एक अपेक्षित क्षतिपूर्ति शर्त पूरी करनी चाहिये।
कैन को क्षतिपूर्ति की कैसी शर्त पूरी करनी चाहिये थी? वह पतित प्रवृत्ति निकालने की क्षतिपूर्ति की शर्त थी।
१.२ वास्तविक नींव
यदि कैन ने पतित प्रवृत्ति निकालने के लिए क्षतिपूर्ति की शर्त पूरी की होती, तो परमेश्वर सहर्ष उसके अर्पण किए हुए बलिदान को स्वीकार कर लेता। और आदम के परिवार में वास्तविक नींव स्थापित हो जाती। पतित प्रवृत्ति निकालने के लिए कैन को किस प्रकार से क्षतिपूर्ति की शर्त पूरी करनी चाहिए थी?
पहले मानव पूर्वज प्रधान स्वर्गदूत के अधीन होकर पतित हुए थे, और उससे उन्हें पतित प्रवृत्ति विरासत में मिली थी। पतित प्रवृत्ति को निकालने के लिए मानवता को पुनरुद्धार के नियमानुसार क्षतिपूर्ति द्वारा, जिस प्रक्रिया से उन्होंने शुरू में पतित प्रवृत्ति अधिग्रहण की थी, उससे उलटे चलकर क्षतिपूर्ति की शर्त पूरी करनी चाहिए।
प्रधान स्वर्गदूत पतित हुआ क्योंकि वह आदम से प्रेम नहीं करता था; बल्कि, उसने आदम से ईर्षा की क्योंकि आदम को परमेश्वर का प्रेम उससे अधिक मिल रहा था। पतित प्रवृत्ति के पहले प्राथमिक-अभिलक्षण का कारण यह था: परमेश्वर के दृष्टिकोण से देखने में विफल होना। पतित प्रवृत्ति के इस अभिलक्षण को निकालने के लिए, कैन को, जो प्रधान स्वर्गदूत के स्थान में खड़ा था, चाहिये था कि वह हाबिल से, जो आदम के स्थान पर खड़ा था, परमेश्वर के दृष्टिकोण से प्रेम करे।
प्रधान स्वर्गदूत इसलिए पतित हुआ क्योंकि उसने आदम को परमेश्वर का बिचवई होने के रूप में सम्मान नहीं दिया और उसके माध्यम से परमेश्वर का प्रेम प्राप्त नहीं किया; बल्कि, उसने आदम के स्थान को जब्त करने का प्रयास किया। पतित प्रवृत्ति का दूसरा प्राथमिक-अभिलक्षण का कारण यह था: अपना उचित स्थान छोड़ना। पतित प्रवृत्ति के इस अभिलक्षण को निकालने के लिये कैन को, जो प्रधान स्वर्गदूत के स्थान पर खड़ा था, परमेश्वर का प्रेम हाबिल के माध्यम से प्राप्त करना चाहिये था, जो आदम के स्थान पर था और उसे परमेश्वर का मध्यस्थ मानकर सम्मान देना चाहिये था। इस तरह, कैन को अपना उचित स्थान बनाए रखना चाहिये था।
प्रधान स्वर्गदूत का पतन उस समय हुआ जब उसने आदम और हव्वा पर प्रभुत्व का दावा किया जो उसके यथोचित स्वामी थे। पतित प्रवृत्ति के तीसरे प्राथमिक-अभिलक्षण का कारण यह था: प्रभुत्व उलटना। इस पतित प्रवृत्ति को निकालने के लिये, कैन को, जो प्रधान स्वर्गदूत के स्थान पर था, हाबिल का आज्ञाकारी बन कर उसकी अधीनता स्वीकार करनी चाहिये थी, जो आदम के स्थान पर था। हाबिल का प्रभुत्व स्वीकार करके कैन को प्रभुत्व के अनुक्रम को सुधारना चाहिये था।
परमेश्वर ने आदम को भले और बुरे के ज्ञान के वृक्ष के फल को खाने के लिये मना किया था। आदम को चाहिये था कि वह परमेश्वर की इस इच्छा को हव्वा को व्यक्त करता, और फिर हव्वा को यही बात प्रधान स्वर्गदूत से कहनी चाहिये थी, इस तरह अच्छाई को पुष्ट करना चाहिये था। बजाय इसके, प्रधान स्वर्गदूत ने अपनी बुरी इच्छा हव्वा को बताई कि इस फल को खाने की अनुमति है। हव्वा ने यह बुरी इच्छा मुड़ कर आदम से कही और यह आदम के पतन का कारण बनी। पतित प्रवृत्ति का चौथा प्राथमिक-अभिलक्षण का कारण यह था: बुराई फैलाना। इस पतित प्रवृत्ति को निकालने के लिये कैन, जो प्रधान स्वर्गदूत के स्थान पर खड़ा था, उसे चाहिये था कि वह हाबिल, जो परमेश्वर के करीब था, उसके इरादों को स्वीकार करे और उससे परमेश्वर की इच्छा जाने। इस तरह कैन को अच्छाई की पुष्टि की नींव डालनी चाहिये थी।
मानव जीवन में कैन और हाबिल की स्थितियों के अनुरूप बहुत से उदाहरण मिलते हैं।
जब हम अपने भीतर देखते हैं तो हम यह देखते है कि हमारा अंतरिम मन परमेश्वर के नियम से प्रसन्न होता है। (रोमियों ७:२२) तब वह हाबिल के स्थान पर होता है जबकि हमारा शरीर, जो पाप करता है, (रोमियों ७:२५) कैन के स्थान में होता है। हम केवल उसी समय अच्छे बन सकते हैं जब हमारा शरीर मन की आज्ञा माने, जो हमें अच्छाई की ओर ले जाता है। हालांकि, बहुधा ऐसा होता है कि हमारा शरीर मन के आदेशों पर नहीं चलता और बग़ावत करता है, जो कैन का हाबिल की हत्या की उपमा को दोहराता है। इस तरह से बुराई हमारे भीतर बढ़ती है। इसी कारण से, धार्मिक जीवन हमें अपने शरीर को मन के उच्च आदेशों के अधीन रहने के लिये मजबूर करना चाहिए है, जिस तरह कैन को हाबिल के अधीन होकर रहना चाहिये था।
यह बात हम बलिदान की भेंट चढ़ाने के रिवाज में ही देख सकते हैं। चूंकि हम “सृष्टि की सब वस्तुओं से अधिक धोखेबाज़ ठहराए गये हैं", (यर्मयाह १७:९) सृष्टि की वस्तुएं हाबिल के स्थान पर रखी गईं हैं। इसलिए, उन्हें बलिदान के रूप में भेंट चढ़ाने के माध्यम से हम परमेश्वर के सामने खड़े हो सकते हैं। इसका दूसरा उदाहरण कि अच्छे नेता और धर्मी दोस्तों को तलाश करने की सर्वव्यापी प्रवृत्ति हमारे अंतरतम की उत्कंठा से उठती है, कि हम परमेश्वर के सामने हाबिल जैसे व्यक्ति के माध्यम से, जो परमेश्वर के अधिक करीब होते हैं जा सकते हैं। उसके साथ तालमेल रखकर हम परमेश्वर के करीब आ सकते हैं।
ईसाई धर्म हमें निरहंकार और विनम्र होना सिखाता है। इस प्रकार के जीवन से हम अपने हाबिल से मिल सकते हैं और परमेश्वर के सामने जाने का रास्ता सुरक्षित कर सकते हैं। समाज में प्रत्येक स्तर पर संबंधों के बीच—अकेले व्यक्तियों से लेकर परिवारों, समुदायों, समाज, राष्ट्र और विश्व के स्तर तक—हम दो प्रकार के व्यक्तियों को पाते हैं, एक जो हाबिल की भूमिका निभाता है और अन्य जो कैन की भूमिका निभाता है। प्रत्येक स्तर पर समाज को पूर्वावस्था में, जिस अवस्था में परमेश्वर ने आदि में कल्पना की थी, स्थापित करने के लिये उन लोगों को जो कैन के स्थान पर हैं, हाबिल के स्तर के लोगों का आदर करना चाहिये और उनका आज्ञाकारी होना चाहिये। यीशु इस दुनिया में हाबिल के रूप में आया था, जिसके आगे सारी मानवता को झुकना चाहिये था और उसके पीछे चलना चाहिये था। इसी कारण, उसने कहा, “मेरे बिना कोई पिता के पास नहीं पहुँच सकता।” (यूहन्ना १४:६)
यदि कैन ने हाबिल के आगे आत्मसमर्पण कर लिया होता और इस प्रकार आदम के परिवार में पतित प्रवृत्ति को निकालने के लिए क्षतिपूर्ति की शर्त पूरी हो जाती, तो वे वास्तविक नींव की स्थापना करने में सफल हो जाते। इस प्रकार, विश्वास की नींव के साथ, जो पहले ही से तैयार थी, आदम के परिवार ने मसीह के लिए नींव की स्थापना कर ली होती। मसीह तब उनके पास आ गया होता और मूल चार-दशा-आधार की नींव पुनः स्थापित कर ली होती। बजाए इसके कैन ने हाबिल को मार डाला। हाबिल की हत्या करके कैन ने प्रधान स्वर्गदूत के पाप को दोहराया। यानी उसने उस प्रक्रिया को फिर से दोहराया जिससे पतित प्रवृत्ति के प्राथमिक लक्षण पैदा हुए थे। इस प्रकार, आदम का परिवार वास्तविक नींव स्थापित करने में विफल हो गया। फलस्वरूप, आदम के परिवार में परमेश्वर की पुनरुद्धार की दैवी योजना पूरी नहीं हो सकी।
१.३ आदम के परिवार में मसीह के लिये नींव
मसीह के लिए नींव, पहले क्षतिपूर्ति के माध्यम से विश्वास की नींव और फिर वास्तविक नींव स्थापित करने से स्थापित होती है। अपेक्षित बलिदानों के संबंध में, विश्वास की नींव स्वीकार्य सांकेतिक भेंट चढ़ाने से पुनःस्थापित की जाती है, और वास्तविक नींव स्वीकार्य वास्तविक भेंट चढ़ाने से स्थापित की जाती है, आईये अब हम सांकेतिक भेंट और वास्तविक भेंट के अर्थ और उद्देश्य की जांच करें।
आदम और हव्वा को तीन महान आशीर्वाद दिए गए थे, यह परमेश्वर का सृष्टि का उद्देश्य है, जो उनके अपने व्यक्तिगत चरित्र को पूर्ण करने के बाद पति पत्नी बनने पर साधित होने चाहिए थे। तब वे अच्छे बच्चों को जन्म देते, अच्छा परिवार बनाते, और प्राकृतिक दुनिया पर प्रभुत्व प्राप्त कर लेते। परंतु पतन के कारण, तीनों महान आशीर्वाद खो गए। उनको पुनःस्थापित करने के लिये हमें पतन के रास्ते पर उलटे चलने की आवश्यकता है। सबसे पहले, हमें सांकेतिक भेंट चढ़ा कर विश्वास की नींव स्थापित करना आवश्यक है जो सभी चीजों के पुनःस्थापन और लोगों के सांकेतिक पुनरुद्धार के लिये क्षतिपूर्ति की शर्त को पूरी करता है। फिर, हमें वास्तविक भेंट चढ़ा कर वास्तविक नींव स्थापित करने की आवश्यकता है, जो पहले बच्चों और फिर उसके माता-पिता के पुनरुद्धार के लिये क्षतिपूर्ति की शर्त पूरा करती है। इस आधार पर, हम मसीह के लिए नींव स्थापित कर सकते हैं। हम दो तरीकों से सांकेतिक भेंट के उद्देश्य और अर्थ पर विचार कर सकते हैं।
सबसे पहले, जैसे ऊपर चर्चा की गई है, (प्रति-संदर्भ पतन ४:१) मनुष्यों पर, जो सृष्टि के असली शासक थे, शैतान का प्रभुत्व होने के कारण उसने सारी प्राकृतिक दुनिया पर प्रभुता प्राप्त कर ली है। इस कारण यह लिखा है, “सारी सृष्टि अब तक मिलकर कहराती है और पीड़ाओं में तड़पती है।” (रोमियों ८:२२) इस प्रकार सांकेतिक भेंट चढ़ाने का एक उद्देश्य यह है कि सब चीज़ों को सांकेतिक रूप से परमेश्वर के समक्ष वास्तविक पात्र साझी बनने के लिये समर्थ करना है। यह परमेश्वर के साथ प्राकृतिक दुनिया का मौलिक संबंध पुनःस्थापना करने के लिये क्षतिपूर्ति की शर्त को पूरा करता है।
दूसरा, चूँकि मनुष्य सृष्टि की वस्तुओं से भी नीचे गिर गया है, (यर्मयाह १७:९) इसलिये वे परमेश्वर के पास सब चीजों के माध्यम से होकर ही जा सकते हैं। यह सृष्टि के नियम पर आधारित है कि यदि कोई परमेश्वर के पास जाना चाहता हो तो उसे उस वस्तु के माध्यम से जाना आवश्यक है जो परमेश्वर के सबसे करीब है। इस तरह, प्रतीकात्मक भेंट चढ़ाने का दूसरा उद्देश्य मनुष्यों के प्रतीकात्मक पुनरुद्धार के लिए क्षतिपूर्ति की शर्त को पूरा करना है।
दूसरी ओर, वास्तविक भेंट आंतरिक भेंट है। सृष्टि के नियम के अनुसार, चूँकि सब वस्तुओं की रचना करने के बाद परमेश्वर ने मनुष्य की रचना की, इसलिये मनुष्य के पुनरुद्धार के लिए यह आंतरिक भेंट केवल स्वीकार्य प्रतीकात्मक भेंट के आधार पर ही की जा सकती है। प्रतीकात्मक भेंट जब सब वस्तुओं के पुनःस्थापन और मनुष्य के प्रतीकात्मक पुनरुद्धार दोनों के लिये क्षतिपूर्ति की शर्त पूरी कर चुकती है, तब हमें वास्तविक भेंट चढ़ानी चाहिये, जो मनुष्य के पूर्ण पुनरुद्धार के लिये क्षतिपूर्ति की शर्त पूरी करती है।
वास्तविक भेंट का अर्थ है, पतित प्रवृत्ति को निकालने के लिए क्षतिपूर्ति शर्त पूरी करना। यह मनुष्य के वास्तविक पुनरुद्धार के लिए आवश्यक है। वास्तविक भेंट उस समय चढ़ाई जाती है जब कोई कैन के स्थान पर खड़ा होकर हाबिल के स्थान पर खड़े हुए व्यक्ति का सम्मान करे और उसको अपने से ऊपर मान कर भेंट के रूप में रखे। इस माध्यम से, वह अच्छे बच्चों के रूप में पुनःस्थापित किए जाने के लिए क्षतिपूर्ति की शर्त को पूरा करते हैं। उसी समय यह उनके माता पिता के पुनरुद्धार के लिए भी क्षतिपूर्ति की शर्त के रूप में गिना जाता है। इस तरीके से वास्तविक भेंट परमेश्वर की अपेक्षा को पूरा कर सकती है। माता-पिता के पुनरुद्धार के लिए हम क्षतिपूर्ति की शर्त कैसे समझ सकते हैं?
आदम के परिवार में मसीह के लिए नींव स्थापित करने के लिए, आदम ही वह व्यक्ति था जिसको प्रतीकात्मक भेंट चढ़ा कर विश्वास की नींव स्थापित करना चाहिए थी। तथापि, आदम यह बलिदान नहीं चढ़ा सका, क्योंकि, यदि आदम ऐसा करने की कोशिश करता तो उसके दो स्वामी हो जाते, परमेश्वर और शैतान दो प्रतिद्वंद्वी स्वामी—जो एक अनियमित समस्या खड़ी करता।
इसके अलावा, दिल के पहलू से देखने से भी एक और कारण बनता है। पतित आदम स्वयं ऐसा पापी था जिसने परमेश्वर का दिल दुखाया और हज़ारों वर्ष तक न मिटने वाली गहरी वेदना का कारण बना। वह परमेश्वर का हृदय प्रिय होने के योग्य नहीं था, जिसके साथ परमेश्वर पुनरुद्धार का कार्य सीधे कर सके। तदनुसार, उसके बदले परमेश्वर ने आदम के दूसरे बेटे हाबिल को सांकेतिक बलि चढ़ाने के लिये चुना। हाबिल ने सभी वस्तुओं के पुनःस्थापन और मनुष्यों के प्रतीकात्मक पुनरुद्धार के लिये क्षतिपूर्ति की शर्तें पूरी कीं। यदि कैन और हाबिल ने उस समय स्वीकार्य वास्तविक भेंट चढ़ा कर बच्चों के पुनरुद्धार के लिये क्षतिपूर्ति की शर्त पूरी कर ली होती तो उनका पिता आदम वास्तविक नींव की इस जीत में भागीदार हो जाता। इस प्रकार आदम के परिवार ने मसीह के लिये नींव स्थापित कर ली होती।
वास्तविक भेंट चढ़ाने से पहले, भेंट का प्रमुख-व्यक्ति जो भेंट के लिये ठहराया गया है, चुना जाना चाहिये। परमेश्वर ने दो कारणों से हाबिल को सांकेतिक भेंट अर्पित करने का आदेश दिया: सबसे पहले, उसे आदम के बदले विश्वास की नींव स्थापित करने के लिए ठहराया; दूसरा, उसे प्रमुख-व्यक्ति के रूप में वास्तविक भेंट चढ़ाने के योग्य बनाने के लिये चुना।
कैन वह व्यक्ति था जिसको पतित प्रवृत्ति निकालने के लिये क्षतिपूर्ति की शर्त को पूरा करना चाहिये था, तब उसकी उपलब्धियों से आदम के पूरे परिवार के लिये शर्त पूरी हो सकती थी।
यह कैसे संभव हो सकता है? इसकी तुलना पहले मानव पूर्वजों की परिस्थिति से की जा सकती है, जो परमेश्वर की संपूर्ण इच्छा को पूरी करने में उसकी मदद कर सकते थे यदि उन्होंने परमेश्वर के वचन का पालन किया होता। इसकी तुलना यीशु के दिनों के यहूदी लोगों की स्थिति से भी की जा सकती है, जो मानव जाति के पूर्ण उद्धार के लिये यीशु की इच्छा को पूरी करने में उसकी मदद कर सकते थे यदि उन्होंने यीशु पर विश्वास किया होता। यदि कैन ने हाबिल के सामने समर्पण कर लिया होता और पतित प्रवृत्ति निकालने के लिये क्षतिपूर्ति की शर्त पूरी की होती, तो यह शर्त दोनों बच्चों ने पूरी की है मानी जाती।
कैन और हाबिल आदम के संतान थे, और अच्छाई और बुराई दोनों के मूर्त रूप थे। यदि उन्होंने पतित प्रवृत्ति निकालने के लिये क्षतिपूर्ति की शर्त पूरी करके अपने आप को शैतान के पंजे से मुक्त कर लिया होता, तो आदम उनका पिता भी शैतान के पंजे से छूट जाता और वास्तविक नींव पर खड़ा हो जाता। इस प्रकार, पूरे परिवार के द्वारा मसीह के लिए नींव स्थापित हो जाती। संक्षेप में, यदि कैन और हाबिल सांकेतिक और वास्तविक भेंट चढ़ाने में सफल हो जाते, तो माता-पिता के पुनरुद्धार की क्षतिपूर्ति शर्त पूरा हो जाती।
जब हाबिल ने इस भाँति से बलिदान चढ़ाया जो परमेश्वर को स्वीकार्य हो, उसने आदम के लिये विश्वास की नींव पुनःस्थापित करने की क्षतिपूर्ति की शर्त पूरी की और अपने लिये प्रमुख-व्यक्ति के रूप में वास्तविक भेंट का पद मज़बूती से सुरक्षित कर लिया। तथापि, जब कैन ने हाबिल की हत्या की, उसने पतन को पुनः दोहराया, जिसमें प्रधान स्वर्गदूत ने हव्वा की आत्मिक रूप से हत्या की थी। यह कहना अनावश्यक है कि उन्होंने पतित प्रवृत्ति को निकालने के लिये क्षतिपूर्ति की शर्त को पूरा नहीं किया और वास्तविक चढ़ावे में असफल रहे। इसलिए, न तो वास्तविक नींव और ना ही मसीह के लिये नींव स्थापित की जा सकी। आदम के परिवार में परमेश्वर के पुनरुद्धार की दैवी योजना विफल हो गई।
१.४ आदम के परिवार से कुछ शिक्षाएं
आदम के परिवार में परमेश्वर के पुनरुद्धार की दैवी योजना की विफलता हमें परमेश्वर की अपनी इच्छा की उपलब्धि की सशर्त पूर्वनियति और मनुष्य का अपने हिस्से के दायित्व उठाने के चलन हेतु उसके पूर्ण समादर के बारे में कुछ महत्वपूर्ण शिक्षा देती है। सृष्टि के निर्माण के समय से परमेश्वर ने यह पूर्वनिर्धारित किया था कि उसकी इच्छा, उसके हिस्से की ज़िम्मेदारी और मनुष्य के हिस्से के दायित्व की संयुक्त पूर्ति के आधार पर पूरी की जाएगी। परमेश्वर कैन और हाबिल को यह आदेश नहीं दे सकता था कि वे किस प्रकार अपना यथायोग्य बलिदान चढ़ाएं क्योंकि यह उनकी अपने हिस्से ज़िम्मेदारी थी और कि कैन को हाबिल की मदद के साथ अपना बलिदान चढ़ाना चाहिए।
दूसरा, कैन के हाबिल को मार डालने के बाद भी परमेश्वर ने अपनी दैवी योजना में हाबिल के स्थान पर सेथ को खड़ा करके नया कदम उठाया। यह दर्शाता है, परमेश्वर ने अपनी इच्छा को सर्वथा पूर्वनिर्धारित किया है कि वह एक दिन पूरी होगी, जबकि व्यक्तियों के व्यक्तिगत संबंध से उसकी पूर्वनियति सशर्त है। हाबिल का वास्तविक भेंट का प्रमुख-व्यक्ति के रूप में सफल होना उसकी अपने हिस्से की जिम्मेदारी को पूरा करने पर निर्भर है यह परमेश्वर ने पूर्वनिश्चित किया है। इसलिए, जब हाबिल अपनी जिम्मेदारी को पूरा नहीं कर सका, परमेश्वर ने उसके स्थान पर सेथ को चुना और अपनी इच्छा को, जो निःसंदेह पूरी होने के लिये पूर्वनिर्धारित है, पूरा करने का प्रयास किया।
तीसरा, कैन और हाबिल की भेंट के द्वारा परमेश्वर हमें यह सिखाता है कि पतित लोगों को लगातार हाबिल-वर्ग के व्यक्ति की तलाश करना चाहिये। उसका आज्ञाकारी होकर, मान-सम्मान करके और उसके पीछे चलकर हम ईश्वर की इच्छा के हर पहलू को समझने के बिना भी परमेश्वर की इच्छा पूरी कर सकते हैं।
आदम के परिवार के द्वारा परमेश्वर ने अपनी दैवी योजना का जो कार्य किया वह मनुष्य की अविश्वसनीयता के कारण बहुत बार दुहराया गया है। परिणाम स्वरूप, यह मार्ग क्षतिपूर्ति के पथ के रूप में हमें स्वयं चलना होगा। इस तरह, आदम के परिवार में पुनरुद्धार की दैवी योजना हमें अपनी आस्था के पथ पर चलने के लिये कई मूल्यवान शिक्षा प्रदान करती है।