दिव्य नियम का अध्ययन और अभ्यास
मेरे बुकमार्क

आपके पास अभी कोई बुकमार्क नहीं है।

संभाग १. परमेश्वर की इच्छा की पूर्वनियति

परमेश्वर की इच्छा की पूर्वनियति की चर्चा करने से पहले, आइए हम, इच्छा क्या है इस बात की जाँच करें।

हमें यह स्मरण रहे: मानव पतन के कारण परमेश्वर अपना सृष्टि का उद्देश्य पूरा नहीं कर सका। तदनुसार, पतित मानवता के लिए अपनी दैवी योजना को अंजाम देकर सृष्टि के उद्देश्य को पूरा करने के लिए परमेश्वर की इच्छा अभी भी स्थिर है। इस अर्थ में, परमेश्वर की इच्छा है कि पुनरुद्धार का काम पूरा हो।

आगे, हमें यह मालूम होना चाहिए कि परमेश्वर पहले अपनी इच्छा पूर्वनिर्धारित करता है फिर उसकी पूर्ति के लिए काम करता है। जब परमेश्वर ने मनुष्य की रचना की उसने यह पूर्वनिर्धारित किया है कि वे सृष्टि के उद्देश्य को पूरा करें। पतन के कारण जब परमेश्वर अपनी इच्छा पूरी नहीं कर सका तो एक बार फिर उसने पुनरुद्धार की दैवी योजना के द्वारा अपनी इच्छा पूर्ण करना निश्चित किया और तब से वह उसे पूरा करने का काम कर रहा है।

परमेश्वर अपनी इच्छा पूर्वनिर्दिष्ट करता है और उसे भली युक्तियों से साधित करता है बुराई की विधियों से नहीं। परमेश्वर अच्छाई का कर्ता है। अतएव, उसका सृष्टि का उद्देश्य अच्छा है; उसी रीति से, पुनरुद्धार की दैवी योजना का उद्देश्य और उद्देश्य को पूरा करने की इच्छा भी अच्छी है। इस कारण से, परमेश्वर नहीं चाहता कि सृष्टि के उद्देश्य को पूरा करने के इरादे में कोई वस्तु रुकावट डाले या विरोध करे। विशेष रूप से, वह मनुष्य का पतन या पाप जो मनुष्य को दोषी ठहराते हैं पूर्वनिर्धारित नहीं कर सकता। और ना ही वह जगत के विनाश के लिए कोई घटना पूर्वनिर्दिष्ट कर सकता है। यदि ऐसी दुर्घटनाएँ परमेश्वर की पूर्वनियति का अपरिहार्य परिणाम होतीं, तो परमेश्वर अच्छाई का कर्ता नहीं हो सकता था।

इसके अतिरिक्त, यदि परमेश्वर ने स्वयं ऐसे बुरे परिणाम पूर्वनिर्धारित किए होते तो वह उनपर खेद प्रगट नहीं करता, जैसा कि उसने पतित मानव की भ्रष्टता पर किया (उत्पत्ति ६.६) और राजा शाऊल के लिये किया जब वह अविश्वास (१ शमूएल १५:११) में पड़ गया था। ऐसे पद्य यह वर्णन करते हैं कि बुराई परमेश्वर की पूर्वनियति का परिणाम नहीं है, बजाए इसके यह मनुष्य का अपनी जिम्मेदारी को पूरा करने में निष्फल होने और उनका शैतान के साथ हाथ मिलाने का परिणाम है।

परमेश्वर, सृष्टि के उद्देश्य की अंतिम उपलब्धि के लिए किस हद तक अपनी इच्छा पूर्वनिर्धारित करता है?

परमेश्वर पूर्ण सत्ता है, अद्वितीय, अनंत और अपरिवर्तनीय है; इसलिए, उसकी सृष्टि का उद्देश्य भी पूर्ण, अद्वितीय, अनंत और अपरिवर्तनीय होना चाहिए। इसी प्रकार, पुनरुद्धार की दैवी योजना के लिये उसकी इच्छा भी, जिसका लक्ष्य सृष्टि के उद्देश्य की उपलब्धि है, पूर्ण, अद्वितीय और अपरिवर्तनीय होना चाहिए। तो फिर, परमेश्वर की इच्छा की पूर्वनियति भी—कि सृष्टि का उद्देश्य जो एक दिन पूरा होगा—पूर्ण होनी चाहिए, जैसे कि लिखा है, “मैंने ही यह बात कही है, और उसे पूरा भी करूँगा, मैंने विचार बांधा है और उसे सफल भी करूँगा ।” (यशायाह ४६:११) चूँकि परमेश्वर अपनी इच्छा सर्वथा पूर्वनिर्धारित करता है, यदि एक चुना हुआ व्यक्ति उसकी इच्छा पूरी करने में विफल होता है, तो परमेश्वर को अपनी दैवी योजना को उसके पूरी होने तक जारी रखना ही पड़ता है, भले ही उसके स्थान पर मिशन उठाने के लिये उसे दूसरा व्यक्ति क्यों न चुनना पड़े।

उदाहरण की तौर पर, परमेश्वर की यह इच्छा कि उसका सृष्टि का उद्देश्य आदम के द्वारा पूरा हो। यद्यपि यह सफल नहीं हुआ, परमेश्वर की इस दैवी इच्छा की पूर्वनियति अटल रही। इसलिए, परमेश्वर ने, यीशु को दूसरे आदम के रूप में भेजा है और उसके द्वारा अपनी इच्छा को पूरी करने का प्रयास किया। जब यहूदी लोगों के अविश्वास (प्रति-संदर्भ मसीह १.२) के कारण यीशु इच्छा की पूर्ण पूर्ति नहीं कर सका, तो यीशु ने वापस लौट कर आने का वादा किया और कि वह उसे फिर निःसंदेह पूरा करेगा। (मत्ती १६:२७)

इसी तरह, परमेश्वर की इच्छा थी कि वह कैन और हाबिल की व्यवस्था के माध्यम से मसीह के लिए परिवार की नींव स्थापित करे। जब कैन ने हाबिल को मार डाला और यह इच्छा पूरी नहीं हो सकी, तो परमेश्वर ने नूंह के परिवार के माध्यम से उसे पूरा करने का प्रयास किया। जब नूंह का परिवार भी उसकी इच्छा को पूरा करने में विफल रहा, तो परमेश्वर ने उसके बदले में अब्राहम को चुना और उसके माध्यम से काम किया।

हम यह दूसरे व्यक्तियों के मिशन के दृष्टिकोण से भी देखते हैं: परमेश्वर ने हाबिल की विफलता को सुधारने के लिए उसके बदले सेथ को चुन कर अपनी इच्छा को पूरा करने की कोशिश की। (उत्पत्ति ४:२५) परमेश्वर ने अपनी अधूरी इच्छा को पूरा करने की कोशिश में मूसा के बदले यहोशू को चुना। (यहोशू १:५) यहूदा के यीशु के प्रति विश्वासघात के कारण जब परमेश्वर की इच्छा खंडित हुई, तब परमेश्वर ने उसके स्थान पर मत्तियाह को चुनकर अपनी इच्छा को पूरा करने के लिए दूसरा प्रयास किया। (प्रेरितों १: २४-२६)