दिव्य नियम का अध्ययन और अभ्यास
मेरे बुकमार्क

आपके पास अभी कोई बुकमार्क नहीं है।

संभाग ५. अंतिम दिन, नया सत्य और हमारा रवैया

५.१ अंतिम दिन और नया सत्य

पतित लोग धर्म के माध्यम से, “आत्मा और सत्य” (यूहन्ना ४:२३) के द्वारा आध्यात्मिकता और बुद्धि को जाग्रत करके अपनी आंतरिक अज्ञानता को दूर कर रहे हैं।

“सत्य” दो भागों में विभाजित किया जा सकता है: आंतरिक सत्य जो धर्म सिखाता है, और जो लोगों की आंतरिक अज्ञानता को दूर करता है, और बाह्य सत्य जो विज्ञान के द्वारा प्राप्त किया जाता है, और जो लोगों की बाह्य अज्ञानता को दूर करने में मदद करता है। तदनुसार, हम बुद्धि में दो पहलू देखते हैं: आंतरिक बुद्धि जो आंतरिक सत्य से जाग्रत होती है और बाह्य बुद्धि जो बाह्य सत्य से जाग्रत होती है। आंतरिक बुद्धि आंतरिक सत्य का अनुसरण करती है और उससे धर्म विकसित होते हैं, जबकि बाह्य बुद्धि बाह्य सत्य का अनुसरण करती है और उससे विज्ञान आगे बढ़ता है।

इस संदर्भ में "आत्मा" स्वर्ग की प्रेरणा को इंगित करती है। आत्मिक वास्तविकता की अनुभूति उस समय शुरू होती है जब वह आत्मा की पाँच ज्ञानेन्द्रियों के द्वारा बूझी जाती है। यह बोध पाँच शारीरिक इंद्रियों के माध्यम से प्रतिध्वनित होता है और महसूस किया जाता है। भौतिक सत्य की अनुभूति, अपितु, पार्थिव दुनिया की जानकारी से मिलती है और सीधे हमारी शारीरिक इंद्रियों के माध्यम से समझी जाती है। अनुभूति, इस प्रकार, दोनों आत्मिक और शारीरिक प्रक्रियाओं के माध्यम से होती है। जब मनुष्य की आत्मा और शरीर एक साथ संयुक्त हो जाते हैं, तब ही वे मुकम्मल होते हैं। इस तरह, दिव्य प्रेरणा का अनुभव आत्मिक अनुभूति से प्राप्त होता है और भौतिक सत्य का ज्ञान शारीरिक बोध से प्राप्त होता है, उन दोनों में पूरी तरह से ताल-मेल होना चाहिये और उन्हें आध्यात्मिकता और ज्ञान दोनों को एक साथ जाग्रत करना चाहिये। आत्मिक और भौतिक अनुभूति के दोनों आयाम जब एक साथ दिल में प्रतिध्वनित होते हैं तब ही हम परमेश्वर और जगत को अच्छी तरह से समझ सकते हैं।

परमेश्वर इस प्रकार अबोध पतित लोगों की आध्यात्मिकता को ऊँचा उठाने में मदद करता है और आत्मा और सत्य के द्वारा उनकी बुद्धि को आलोकित करता है। इन तरीकों से, परमेश्वर अपनी दिव्य योजना के द्वारा लोगों को उनके पतन से पहले की मूल अवस्था में वापस बहाल करता है।

इतिहास के दौरान, पुनरुद्धार की दैवी योजना में युग के अनुग्रह के कारण लोगों का आध्यात्मिक और बौद्धिक स्तर धीरे-धीरे ऊपर उठाया गया है। अतएव, आत्मिक अनुभव की गुणवत्ता और धार्मिक और वैज्ञानिक ज्ञान की गहराई, तदनुसार, बढ़ती आईं हैं। आत्मा और सत्य अद्वितीय, अनंत और अपरिवर्तनीय हैं। परन्तु मानव जाति के पुनरुद्धार के दौरान उनके शिक्षण का स्तर और सीमा, और भावाभिव्यक्ति का साधन, जैसे-जैसे शिक्षण से मानवता की अतिशय अज्ञानता ज्ञान की आभा से प्रकाशित होती गई, एक युग से दूसरे युग में भिन्न रहा है। उदाहरण के तौर पर, पुराने नियम से पहले के युग में, जब लोग अभी तक अशिक्षित थे और सत्य का वचन सीधे ग्रहण नहीं कर सकते थे, परमेश्वर ने उन्हें वचन के बदले बलि की भेंट चढ़ाने की आज्ञा दी। (प्रति-संदर्भ—पुनरुद्धार ३.१)

समय के साथ, मनुष्य की आध्यात्मिकता और बुद्धि इस स्तर तक बढ़ गई थी कि मूसा के दिनों में परमेश्वर ने व्यवस्था प्रदान की, और यीशु के समय सुसमाचार दिया। यीशु ने यह स्पष्ट किया कि उसके वचन स्वयं सत्य नहीं हैं; परन्तु उसने यह घोषित किया कि मैं स्वयं, “मार्ग, सत्य और जीवन” हूँ। (यूहन्ना १४:६) यीशु सत्य का देहधारी था। उसके वचन, केवल एक साधन थे जिनके द्वारा उसने स्वयं को व्यक्त किया। इस प्रकार, यीशु के वचनों का विस्तार और गहराई, और उसके शिक्षण की विधि विभिन्न लोगों के साथ जिन से वह वार्तालाप करता था पृथक थी।

इस अर्थ से, हमें समझना चाहिए कि बाईबल के छंद सत्य व्यक्त करने का केवल एक साधन हैं और कि वे स्वयं सत्य नहीं हैं। नया नियम केवल एक अंतरिम पाठ्यपुस्तक है, जो दो हजार साल पहले के लोगों को आलोकित करने के लिए दिया गया था, जिनका आध्यात्मिक और बौद्धिक स्तर आजकल से बहुत कम था।

सत्य के लिये आधुनिक वैज्ञानिक प्रवृत्त के लोगों की प्यास, सत्य की उन अभिव्यक्तियों से संतुष्ट नहीं की जा सकती जो कि किसी एक दायरे तक सीमित हों और प्रतीकों और दृष्टांतों में लिपटीं हों और जो विशेष कर पिछले युग के लोगों के मार्गदर्शन के लिए दी गई थी। आधुनिक बौद्धिक लोगों के प्रबोधन के लिए, सत्य की एक दूसरी पाठ्यपुस्तक का प्रकट होना आवश्यक है जिसकी अंतर्वस्तु वैज्ञानिक विधि के साथ और अधिक उच्च और समृद्ध हो। हम इस सत्य को नया सत्य कहते हैं।

यह सत्य, जिसकी हमने पहले चर्चा (प्रति-संदर्भ--भूमिका) की है, विज्ञान और धर्म की संधि करने में सक्षम होगा और लोगों की आंतरिक और बाहरी पहलुओं की अज्ञानता पर प्रबल होगा।

सत्य को एक नई अभिव्यक्ति प्रकट होनी चाहिये इसके लिए आइए हम और अन्य कारणों की जाँच करें। बाईबल, जैसे कि पहले कहा गया है, स्वयं अपने आप में सत्य नहीं है परंतु सत्य की एक पाठ्यपुस्तक है जो सत्य की शिक्षा देती है। यह प्रतीक और दृष्टान्तों के द्वारा सत्य के महत्वपूर्ण भागों का वर्णन करती है, जो विभिन्न व्याख्याओं में व्यक्त किए गए हैं, अतेव विश्वासियों के बीच असहमति पैदा हो गई है और उनके कई संप्रदायों में बंट जाने का कारण बन गई हैं। सांप्रदायिक विभाजन का प्राथमिक कारण लोग नहीं परन्तु बाईबल की विशेषता में निहित है। संप्रदायों के बीच विवाद और अधिक अशिष्ट होता जाएगा जब तक एक नया सत्य प्रगट ना हो, जो प्रतीकों और दृष्टांतों को और बाईबल के अनिवार्य अव्यक्त सत्य को स्पष्ट कर सके। इस नए सत्य के बिना, परमेश्वर की दैवी योजना जो ईसाई धर्म के एकीकरण के माध्यम से होनी चाहिए, कभी अपने लक्ष्य तक नहीं पहुँचेगी। इस कारण यीशु ने यह वादा किया कि अंतिम दिनों में वह हमें सत्य के नए वचन देगा: “मैंने ये बातें तुम से दृष्टांतों में कहीं हैं, परन्तु वह समय आता है कि मैं तुम से फिर दृष्टांतों में नहीं कहूँगा, परन्तु खोल कर तुम्हें पिता के विषय में बताऊँगा।” यूहन्ना १६:२५

अपने समय के लोगों के अविश्वास के कारण, जो बातें यीशु के दिल में थीं उन्हें लोगों को बिना सिखाए उसकी सूली पर मृत्यु हो गई। जैसे कि उसने कहा, “जब मैंने तुमसे पृथ्वी की बातें कहीं और तुम विश्वास नहीं करते, तो यदि मैं तुम से स्वर्ग की बातें करूँ तो फिर कैसे विश्वास करोगे।” (यूहन्ना ३:१२) यीशु ने फिर यह भी कहा, “मुझे तुम से और भी बहुत से बातें कहनी हैं, परन्तु अभी तुम उन्हें सह नहीं सकते।” (यूहन्ना १६:१२) इससे यह प्रगट होता है कि वह अपनी इस असमर्थता के लिए कितना दुखित था कि अपने घनिष्ठ शिष्यों के साथ भी यह बातें नहीं कर सका जो वह करना चाहता था।

फिर भी, जो वचन यीशु नहीं कह सका वह हमेशा के लिए गुप्त नहीं रहेगा, परन्तु एक दिन हम पर वह सत्य की एक नई अभिव्यक्ति के रूप में पवित्र आत्मा के माध्यम से प्रकाशित होगा। यीशु ने कहा: “परन्तु जब वह अर्थात सत्य का आत्मा आएगा, तो तुम्हें सब सत्य का मार्ग बताएगा, क्योंकि वह अपनी ओर से न कहेगा परन्तु जो कुछ सुनेगा वही कहेगा, और आने वाली बातें तुम्हें बताएगा।” यूहन्ना १६:१३

इसके अतिरिक्त यह भी लिखा है: जो सिंहासन पर बैठा था, मैंने उसके दाहिने हाथ एक पुस्तक देखी जो भीतर और बाहर लिखी हुई थी और वह सात मोहर लगा कर बंद की गई थी। प्रकाशित वाक्य ५:१ जो वचन यीशु हमें देना चाहता था वह इस पुस्तक में लिखे गए हैं और मोहर लगा कर बंद किए गये हैं। जब यूहन्ना रोया क्योंकि इस पुस्तक को खोलने के योग्य कोई भी नहीं मिला जो स्वर्ग और पृथ्वी पर और पृथ्वी के नीचे, उसे खोल कर पढ़ सके, तब किसी एक प्राचीन ने कहा, “मत रो; देख, यहूदा के गोत्र का वह सिंह जो दाऊद का मूल है, इस पुस्तक को खोलने और इसकी सातों मोहरें तोड़ने के लिए जयवन्त हुआ है।” (प्रकाशित वाक्य ५:३-५) यहूदा के गोत्र का वह सिंह, जो दाऊद का मूल है, मसीह का वर्णन करता है।

वह दिन आएगा जब मसीह आएगा और इस पुस्तक की सातों मुहरों को खोलेगा, जिसकी अंतर्वस्तु एक लंबे समय से मानव जाति के लिए रहस्य बनी हुई थी, और विश्वासियों को इस नए सत्य के वचन प्रकट करेगा। इसलिये यह लिखा है, “तुझे बहुत से लोगों, और जातियों, और भाषाओं और राजाओं के विषय में फिर भविष्यवाणी करनी होगी।” (प्रकाशित वाक्य १०:११) यह भी भविष्यवाणी की गई है कि अंतिम दिनों में: “मैं अपना आत्मा सब मनुष्यों पर उँडलूँगा और तुम्हारे बेटे और तुम्हारी बेटियाँ भविष्यवाणी करेंगी, और तुम्हारे जवान दर्शन देखेंगे, और तुम्हारे पुरनिए स्वप्न देखेंगे।” प्रेरित २:१७ इन सभी कारणों से हम अंतिम दिनों में सत्य की एक नई अभिव्यक्ति के प्रकटन की अपेक्षा कर सकते हैं।

५.२ अंतिम दिनों में हमारा रवैया

जब हम पुनरुद्धार की दैवी योजना में इतिहास की प्रगति की जांच करते हैं, तो हम यह देखते हैं कि जब पुराना विधान समाप्त होने वाला होता है, तब एक नया विधान शुरू होता है। तदनुसार, नए की शुरुआत और पुराने की समाप्ति परस्पर व्याप्त होती है; जैसे ही पुराने इतिहास पर अंधेरा छाने लगता है साथ ही साथ नए इतिहास की पहले से पौ फटने लगती है। ऐसे समय में अच्छी और बुरी सत्ताएं, जिनका आरंभ एक ही समय में हुआ था लेकिन उन्होंने विपरीत लक्ष्यों का अनुसरण किया, और प्रत्येक ने अपने फल विश्व स्तर पर दिये, वे अब चौराहे पर आ मिलते हैं। इसलिए, जो लोग इस अवधि में रहते हैं वह एक मार्गदर्शक विचारधारा या दर्शन के अभाव के कारण आंतरिक रूप से चिंता, भय और भ्रम से पीड़ित रहते हैं। वे बाह्य संघर्ष और बहु-विकट हथियारों के साथ लड़ी लड़ाइयों से पीड़ित होते हैं। जैसे यीशु ने कहा, अंतिम दिनों में, आपदाओं और तबाही बहुत होगी, “क्योंकि जाति पर जाति और राज्य पर राज्य चढ़ाई करेगा, और जगह, जगह अकाल पड़ेंगे और भूकंप होंगे।” (मत्ती २४:७)

अंतिम दिनों में, ऐसी तबाही का होना अनिवार्य है ताकि बुराई की शक्ति को परास्त किया जा सके और अच्छाई का राज्य स्थापित किया जा सके। ऐसे दुष्काल के बीच में, निःसंदेह परमेश्वर नए युग को आरंभ करने के लिये आने वाली अच्छी प्रभुता का केन्द्र स्थापित करेगा। नूंह, अब्राहम, मूसा और यीशु वे लोग थे जिनको परमेश्वर ने उनके अपने युगों के प्रधान व्यक्तियों के रूप में स्थापित किया। आज, इस ऐतिहासिक संक्रमण के काल में, हमें उस व्यक्ति को जिसे परमेश्वर ने नई व्यवस्था के प्रधान के रूप में नियुक्त किया है ढूँढना चाहिये, ताकि हम नए युग में भाग ले सकें और परमेश्वर की इच्छाओं को सम्मान दे सकें।

नए युग की दैवी योजना पुराने युग की राख पर शुरू नहीं होती। इसके विपरीत, पुराने युग के अंतिम चरण के बीच नया युग अंकुरित होता है और बढ़ता है, और पुराने युग के अंतिम पहलू के साथ टकराता है। तदनुसार, जो व्यक्ति पुरानी परंपरा में डूबा हुआ होता है उसके लिये नई दैवी योजना को समझना या स्वीकार करना कठिन होता है। इसी लिये, संत और साधु लोग जो नए युग की व्यवस्था के अग्रणी थे, वे बहुधा सताए जाते हैं और पुराने युग के शिकार बन कर शहीद होते हैं। उदाहरण के तौर पर, यीशु जो नए नियम का शुभारंभ करने के लिये आए थे, वे पुराने नियम के अंत में आए, जिससे मूसा के कानून के वफादार अनुयायी चकित हो गये। वह यहूदी लोगों द्वारा बहिष्कृत किया गया और अंततः सूली पर चढ़ाया गया। इसी लिये यीशु ने कहा, “परन्तु नया दाखरस नई मश्कों में भरना चाहिये।” (लूक ५:३८)

यीशु नए नियम की समाप्ति पर फिर आएगा। वह हमें नया सत्य देगा जिससे नया युग स्थापित किया जाएगा, जिसका वर्णन बाईबल में नया आकाश और नई पृथ्वी की परिकल्पना से किया गया है। (प्रकाशित वाक्य २१:१-७) जिस प्रकार यीशु के पहले आगमन में यहूदियों ने उसकी हंसी उड़ाई थी कि वह बालज़बूल के बस में है (मत्ती १२:२४) उसी प्रकार जब वह दूसरी बार आयेगा तो ईसाइयों के द्वारा सताया जाएगा। इसलिये यीशु ने यह भविष्यवाणी की, “परन्तु पहले अवश्य है कि वह दुःख उठाए और इस युग के लोग उसे तुच्छ ठहराएं।” (लूक १७:२५) इस ऐतिहासिक संक्रमण की अवधि में, जो लोग आराम से पुराने युग के तौर तरीकों से बंधे हुए हैं वे निश्चित रूप से पुराने युग के साथ न्याय का सामना करेंगे।

पतित लोगों की आत्मिक संवेदनशीलता बेहद फीकी है। इसलिए, वे आम तौर पर परमेश्वर की दैवी योजना के पीछे चलने के प्रयास में सत्य का अक्षर-ब-अक्षर सख़्ती से पालन करते हैं। ऐसे लोग नए युग की नई व्यवस्था में पुनरुद्धार की दैवी योजना के आगे बढ़ने के बावजूद भी, अपने आप को सरलता से सुधार नहीं कर पाते हैं। वे आम तौर पर पुराने युग के सिद्धांतों से दिए गए पुराने दृष्टिकोण से बहुत दृढ़ता से जुड़े रहते हैं। यह बात यीशु के समय के यहूदी लोगों के उदाहरण से स्पष्ट है, जो पुराने नियम से ऐसे जुड़े हुए थे कि दैवी योजना के नए अध्याय खोलने के लिए यीशु के बुलावे को नहीं समझ सके।

दूसरी ओर, वह विश्वासी जिन्होंने प्रार्थना के माध्यम से दिव्य प्रेरणा प्राप्त की थी वे आध्यात्मिक रूप से नए युग की दैवी योजना को समझ सकते थे। भले ही इस बात ने उन्हें पुराने युग के सिद्धांतों के साथ बाधाओं में डाला, फिर भी वे आत्मा के प्रोत्साहन से नई दैवी योजना के आह्वान पर चले। यीशु के चेलों के बीच, कोई भी ऐसा नहीं था जो पुराने नियम के शास्त्र से बहुत अधिक संबद्ध था। परन्तु, उन सब ने अपने आत्मिक अनुभव से जो उन्होंने अपने भीतरी मन के माध्यम से समझा, प्रत्युत्तर दिया।

अंतिम दिनों में, जो लोग प्रार्थना द्वारा प्रबल जीवन जीते हैं या वे जो अपने विवेक के द्वारा चलते हैं वे अपने दिलों में गहन व्याकुलता महसूस करेंगे। यह इसलिये क्योंकि वे अपने दिलों में एक अस्पष्ट आध्यात्मिक आह्वान महसूस करते हैं और नए युग की दैवी योजना की तरफ जाना चाहते हैं, जबकि उनका अभी तक नए सत्य के साथ संपर्क नहीं हुआ है जिसके अनुसार कार्य करने के लिये वह उनका मार्गदर्शन कर सके। यह चुने हुए लोग हैं जो, यदि वे एक बार नए सत्य को सुने तो आत्मा और सत्य के द्वारा उनकी आत्मा और बुद्धि दोनों एक साथ जाग्रत हो जाएंगी। वे नए युग के विषय में परमेश्वर की दैवी योजना की ज़रूरतों को पूरी तरह से समझेंगे और महान उत्साह और खुशी के साथ स्वयंसेवक होने के लिये तैयार होंगे।

आज हम जो अंतिम दिनों में रहते है, हमें अपने दिलों को विनम्र बनाना चाहिये और प्रार्थना के द्वारा दिव्य प्रेरणा पाने के लिये अत्यंत प्रयास करना चाहिए।

हमें पारंपरिक अवधारणाओं के साथ दृढ़ता से संलग्न नहीं होना चाहिए, बल्कि हमें आत्मा का अनुग्रह प्राप्त करने के लिये कोशिश करनी चाहिये ताकि हम नया सत्य प्राप्त कर सकें जो हमें नए युग की दैवी योजना की ओर मार्गदर्शन कर सकें। जब हम इस सत्य को पाएंगे तब हमें यह पता लगाना चाहिये कि क्या यह सचमुच स्वर्ग की ओर हमारा मार्गदर्शन करेगा। हमें ख़ुद जाँच पड़ताल करके देखना चाहिये कि क्या सच्चा स्वर्गीय आनंद हमारी आत्मा की गहराई से बहुतायत से फूट निकलता है कि नहीं। केवल इसी तरह हम जो अंतिम दिनों के जिज्ञासु हैं सच्ची मुक्ति का पथ जान सकेंगे।