संभाग २. पुनरुत्थान की दैवी योजना
२.१ परमेश्वर किस प्रकार पुनरुत्थान का कार्य करता है?
पुनरुत्थान का अर्थ है, वह प्रक्रिया जिसके माध्यम से पतन के बाद लोग परमेश्वर की आकांक्षित इच्छा के अनुसार उनकी मूल अवस्था में पुनर्स्थापित किए जाते हैं। इस प्रकार, पुनरुत्थान की दैवी योजना का अर्थ पुनरुद्धार की दैवी योजना है। चूँकि पुनरुद्धार की दैवी योजना परमेश्वर का पुनः निर्माण का कार्य है इसलिये पुनरुत्थान भी पुनः निर्माण का कार्य है। इस प्रकार, पुनरुत्थान की दैवी योजना सृष्टि के नियम के अनुसार, निम्न लिखित तरीके से कार्य करती है।
सबसे पहले, पुनरुत्थान के इतिहास में, जिन्हें यह मिशन सौंपे गए थे उन लोगों में से बहुतों ने अत्यंत ईमानदारी और विश्वास के साथ परमेश्वर की इच्छा को साकार करने की कोशिश की। यद्यपि, उन्होंने पूरी तरह से अपने दायित्व को पूरा नहीं भी किया हो, तो भी उनकी भक्ति के आधार पर उन्होंने उस नींव को और बढ़ाया जिस पर आने वाली पीढ़ी के लोग परमेश्वर के साथ दिली रिश्ता स्थापित कर सकें। पुनरुद्धार की दैवी योजना में हम इस नींव को युग का अनुग्रह कहते हैं। जो भविष्यद्वक्ता, संत और धर्मी लोग हम से पहले आए थे उनके द्वारा डाली गईं हार्दिक नींव के अनुपात में युग के अनुग्रह में वृद्धि हुई है। इस प्रकार पुनरुत्थान युग के अनुग्रह के आधार पर चलाया जाता है।
दूसरा, सृष्टि के नियम के अनुसार मनुष्य की रचना करना और उसको वचन देना परमेश्वर की ज़िम्मेदारी है, जबकि उस पर विश्वास करना और उसके अनुसार चलकर पूर्णता तक पहुंचना मनुष्य के हिस्से की ज़िम्मेदारी है। उसी तरह, पुनरुत्थान की दैवी योजना का प्रबंध करना, हमें वचन देना और हमारा मार्गदर्शन करना परमेश्वर की ज़िम्मेदारी है, जबकि दैवी योजना को पूरा करने के लिये उस पर विश्वास करना और उसका अनुशीलन करना हमारी ज़िम्मेवारी है।
तीसरा, सृष्टि के नियम के अनुसार मनुष्य की आत्मा केवल शरीर के माध्यम से ही पूर्णता प्राप्त करती है। उसी तरह, पुनरुत्थान की दैवी योजना में आत्मा का पुनर्जागरण केवल सांसारिक जीवन के माध्यम से प्राप्त किया जा सकता है।
चौथा, सृष्टि के नियम के अनुसार मनुष्य विकास काल के तीन क्रमवार चरण के द्वारा ही पूर्णता तक पहुँचता है। इसलिए, पतित लोगों के लिये पुनरुत्थान की दैवी योजना भी तीन क्रमिक चरणों के माध्यम से ही पूरी की जाती है, जो पुनरुद्धार की दैवी योजना में तीन युगों के रूप में प्रगट होतीं हैं।
२.२ पृथ्वी पर मनुष्यों के पुनरुत्थान के लिये दैवी योजना
२.२.१ पुनरुत्थान की नींव डालने की दैवी योजना
परमेश्वर ने आदम के परिवार से पतित मानव जाति के पुनरुत्थान की दैवी योजना आरंभ की। परन्तु, यह दैवी योजना विलंबित हुई, क्योंकि जिन लोगों को परमेश्वर की इच्छा पूरी करने की ज़िम्मेदारी सौंपी गई थी उन्होंने अपना उत्तरदायित्व पूर्ण नहीं किया। बाईबल के दो हज़ार वर्ष पश्चात, परमेश्वर ने अब्राहम को चुना जो विश्वास का पिता माना गया, और उसके द्वारा परमेश्वर की इच्छा पूर्ण होने लगी। फलस्वरूप, आदम से अब्राहम तक दो हज़ार वर्ष में वह नींव तैयार हुई जिस पर अगले युग में परमेश्वर अपनी पुनरुत्थान की दैवी योजना आरंभ कर सका। इस कारण से, हम इस अवधि को पुनरुत्थान की नींव डालने का युग कह सकते हैं।
२.२.२ गठन-चरण पुनरुत्थान की दैवी योजना
अब्राहम से यीशु तक दो हजार वर्षों के दौरान, परमेश्वर ने लोगों को पुनरुत्थान के गठन-चरण तक उठाने का काम किया। इसलिए, इस युग को पुनरुत्थान की गठन-चरण की दैवी योजना कहा जा सकता है। इस युग के दौरान पृथ्वी पर रहने वाले सब लोग परमेश्वर के गठन-चरण पुनरुत्थान के कार्य के आधार पर युग का अनुग्रह प्राप्त कर सकते थे। इस युग में, परमेश्वर ने पुराने-नियम का विधान दिया। उस पर विश्वास करके और उस का अनुकरण करके, लोग अपनी ज़िम्मेदारी को पूरा कर सकते थे और परमेश्वर के सामने धर्मी ठहर सकते थे। इसलिए, यह युग कर्म के द्वारा धर्मी ठहराए जाने का युग कहा गया है।
इस युग के लोग जो अपने दैनिक जीवन में विधान का अनुसरण करते थे आत्मा में गठन-चरण में पुनर्जीवित किए गये और प्रारूप-आत्मा बन गये। मृत्यु के बाद, जिन लोगों ने पृथ्वी पर रहते समय प्रारूप-आत्मा का स्तर प्राप्त कर लिया था, वे आत्मा लोक के प्रारूप-आत्मा-स्तर में रहने लगे।
२.२.३ विकास-चरण पुनरुत्थान की दैवी योजना
यीशु के सूली पर चढ़ाये जाने के कारण, पुनरुत्थान का काम अधूरा रह गया था, और उसका पूरा होना यीशु की वापसी के समय तक विलंबित हो गया था। तब से दो हज़ार वर्ष विलंब का समय रहा है, जिसके दौरान परमेश्वर ने अपनी दैवी योजना में लोगों को आत्मिक मुक्ति के द्वारा विकास-चरण तक पुनर्जीवित करने का कार्य किया। इसलिए, यह दौर विकास-चरण पुनरुत्थान की दैवी योजना का युग कहा जा सकता है। वह सब लोग जो इस काल में रह चुके हैं परमेश्वर के विकास-चरण पुनरुत्थान के कार्य के आधार पर युग का अनुग्रह प्राप्त कर सकते हैं। इस युग में, लोगों को परमेश्वर के दिये गए नए नियम के वचन पर विश्वास करना है ताकि वे दैवी योजना में अपनी ज़िम्मेदारी पूरी करके परमेश्वर के सामने धर्मी ठहरें। इसलिये, इस काल को विश्वास के द्वारा धर्मी ठहराए जाने का युग कहते हैं।
जो लोग इस युग में रहते हैं वे अपने सांसारिक जीवन के दौरान सुसमाचार पर विश्वास करके आत्मा में पुनर्जीवित किए जा सकते हैं। विकास-चरण तक पुनर्जीवित किए जाने पर वे जीव-आत्मा बन सकते हैं। उनकी मृत्यु के बाद, वे जो अपने पृथ्वी के जीवन में जीव-आत्मा बने हैं वैकुंठ में प्रवेश करते हैं और वहाँ रहते हैं।
२.२.४ निष्पत्ति-चरण पुनरुत्थान की दैवी योजना
वह काल, जिसमें वापस लौटने वाले मसीह के द्वारा लोगों का आत्मिक और शारीरिक दोनों रूप से पुनरुत्थान होगा और पुनरुत्थान की दैवी योजना पूरी होगी, पुनरुत्थान की दैवी योजना का निष्पत्ति-चरण का युग कहा जाता है। वह सब लोग जो इस युग के दौरान रहे हैं परमेश्वर के निष्पत्ति-चरण पुनरुत्थान के कार्य के आधार पर युग का अनुग्रह प्राप्त करते हैं। मसीह अपने दूसरे आगमन पर नया सत्य लाता है जिसके द्वारा वह पुराने नियम और नए नियम की प्रतिज्ञाओं को पूरा करता है, यह परिपूरित नियम कहा जा सकता है। (अंतिम दिन संबंधी उपदेश ५.१) इस सत्य पर विश्वास करके, लोगों को पृथ्वी पर प्रभु की सेवा करनी चाहिये, ताकि वे दैवी योजना के लिये अपनी ज़िम्मेदारी पूरी करें और परमेश्वर के सामने धर्मी ठहराए जाएं। इसलिए, यह काल सेवा द्वारा धर्मी ठहराए जाने का युग कहा जाता है।
विश्वास करने से और प्रभु की सेवा में अपने आप को उसके काम के लिये समर्पित करने से, इस दौर के लोग आत्मिक और शारीरिक दोनों रूप से पूरी तरह से पुनर्जीवित होते हैं, और दिव्य-आत्मा बन जाते हैं, और पृथ्वी पर परमेश्वर के राज्य में रहते हैं। जब वे अपना भौतिक शरीर त्यागते हैं, तब आत्मा के रूप में वे स्वर्ग में प्रवेश करके स्वर्ग के राज्य में रहते हैं, जो स्वर्गलोक का दिव्य-आत्मा का स्तर है।
२.२.५ स्वर्ग का राज्य और वैकुंठ
कुछ ईसाई लोग, नियम की पूरी समझ की कमी के कारण, स्वर्ग के राज्य और वैकुंठ की संकल्पना को स्पष्ट रूप से नहीं समझ सकते हैं। यदि यीशु ने मसीह के रूप में पृथ्वी पर अपना मिशन पूरा किया होता, तो उसके दिनों ही में पृथ्वी पर स्वर्ग का राज्य स्थापित हो जाता। उन्हीं दिनों में स्वर्ग में भी स्वर्ग का राज्य स्थापित हो जाता, तब पृथ्वी पर स्वर्ग के राज्य में रहने वाले आदर्श चरित्र के लोग दिव्य-आत्माओं के रूप में आत्मालोक में पारित हो जाते। परन्तु, चूँकि यीशु सूली पर मारा गया, इसलिये पृथ्वी पर स्वर्ग का राज्य स्थापित नहीं हो सका। इसलिये पृथ्वी पर ऐसे लोग जिन्होंने दिव्य-आत्मा का स्तर प्राप्त कर लिया हो कभी देखने में नहीं आए। आत्मा-लोक में कभी कोई भी स्वर्ग के राज्य का नागरिक नहीं बन सका, जो दिव्य-आत्माओं के धाम के रूप में बनाया गया था। इसलिए, स्वर्ग में स्वर्ग का राज्य खाली और अधूरा रहा है।
तो फिर यीशु ने ऐसा क्यों कहा कि जो कोई उस पर विश्वास करेगा वह स्वर्ग के राज्य में प्रवेश करेगा? उसका पृथ्वी पर आने का मूल प्रयोजन स्वर्ग के राज्य की स्थापना करना था। परन्तु, इससे पहले कि वह स्वर्ग का राज्य स्थापित करता लोगों के अविश्वास के कारण यीशु क्रूस पर मरा गया। यीशु ने उस चोर से जो उसके दाईं ओर सूली पर चढ़ाया गया था, वादा किया कि वह उसके साथ वैकुंठ में प्रवेश करेगा। (लूक २३:४३) वह चोर केवल एक ही व्यक्ति था जिसने अंत में यीशु पर विश्वास किया था जबकि बाकी सब ने उसे त्याग दिया था।
जब तक यीशु को मसीह के रूप में अपना मिशन पूरा करने की उम्मीद थी, उसने यह प्रचार किया ताकि लोग स्वर्ग के राज्य में प्रवेश कर सकें। परन्तु जब वह इस उद्देश्य को पूरा किए बिना क्रूस पर मरने की स्थिति में था, तब उसने डाकू से कहा कि वह केवल वैकुंठ में ही प्रवेश करेगा। परलोक में वैकुंठ उन आत्माओं के लिये है जिन्होंने अपने सांसारिक जीवन के दौरान में यीशु पर विश्वास करके जीव-आत्मा का स्तर प्राप्त किया है। वहाँ वे उस दिन तक प्रतीक्षा में रहतीं हैं जब तक स्वर्ग के राज्य का द्वार खुल नहीं जाता।
२.२.६ अंतिम दिनों में अद्भुत आत्मिक घटनाएं
आदम और हव्वा का पतन विकास-चरण के शिखर पर हुआ। वर्तमान समय में मनुष्य, पुराने और नए नियम के युगों से पारित होकर पुनरुद्धार की दैवी योजना के द्वारा विकास-चरण के शीर्ष तक उठाए जा रहे हैं। अंतिम दिन वह समय है जिसमें लोग उस आत्मिक स्तर पर पहुँचते हैं, जिस स्तर पर पहले पूर्वज पतन से पहले पहुँचे गए थे। आज कल के दिन भी अंतिम दिन होने की वजह से ऐसा समय है कि जब सारी दुनिया में लोग इस स्तर तक पहुँच रहे हैं। जिस तरह से आदम और हव्वा पतन से पहले परमेश्वर के साथ सीधे बातचीत करने में सक्षम थे उसी तरह, आज पृथ्वी पर बहुत से लोग आत्मिक दुनिया से संवाद करते हैं। यह भविष्यद्वाणी, कि “अंतिम दिनों में ऐसा होगा कि मैं अपना आत्मा सब मनुष्यों पर उँडेलूँगा, और तुम्हारे बेटे और तुम्हारी बेटियाँ भविष्यद्वाणी करेंगी, और तुम्हारे जवान दर्शन देखेंगे और तुम्हारे पुरनिए स्वप्न देखेंगे,” (प्रेरितों २:१७) यह नियम पर आधारित इस अंतर्दृष्टि से समझाया जा सकता है।
अंतिम के दिनों में बहुत से लोगों को ऐसे दर्शन प्राप्त होंगे, कि “तुम प्रभु हो”। ऐसे समय बहुधा, लोग यह समझ कर गुमराह हो जाएंगे कि वे मसीह का दूसरा आगमन हैं। तो फिर वे सही पथ से क्यों भटकते हैं?
मनुष्य की सृष्टि के बाद, परमेश्वर ने उन्हें विश्व पर राज्य करने का आदेश दिया था। (उत्पत्ति १:२८) परन्तु पतन के कारण, वे इस वरदान को पूरा करने में असमर्थ रहे। जब पतित लोग पुनरुद्धार की दैवी योजना के माध्यम से आध्यात्मिक रूप से विकास-चरण के शिखर तक बहाल किए जाते हैं, वे आदम और हव्वा के पतन से पहले के तुलनीय हार्दिक स्तर तक उठाए जाते हैं। परमेश्वर कुछ लोगों को, जो इस स्तर पर हैं दर्शन देता है कि वे प्रभु हैं, इस तात्पर्य से कि उन्हें यह मान्यता मिले कि वे प्रौढ़ता के ऐसे स्तर पर पहुँच गए हैं जिस पर परमेश्वर ने उन्हें आरम्भ में विश्व पर राज्य करने का आशीर्वाद दिया गया था।
अंतिम दिनों में उन विश्वासी लोगों को जिन की श्रद्धालु आस्था उन्हें इस प्रेरणा को, कि वे “प्रभु” हैं, प्राप्त करने का अधिकार देती है, वे यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाले की समान स्थिति में खड़े होते हैं। यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाला यीशु के लिये रास्ता तैयार करने का मिशन लेकर आया था। (यूहन्ना १:२३) उसी तरह, इन निष्ठावान लोगों को मसीह के दूसरे आगम में, उनके अपने विशेष क्षेत्रों में, उसका रास्ता तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है। चूंकि उन्हें, अपने संबंधित क्षेत्रों में प्रभु के प्रतिनिधि के रूप में कार्य करना है, इसलिए परमेश्वर उन्हें ऐसा दर्शन देता है कि वे प्रभु हैं।
जब किसी के पास आध्यात्मिक संवाद की प्रतिभा होती है और उसे यह दर्शन मिलता है कि वह प्रभु है, तो उसे इस घटना को नियम की शिक्षाओं के द्वारा समझना चाहिए। उसे खुद को दूसरे आगमन पर मसीह समझ कर गलत तरीके से कार्य नहीं करना चाहिए। अन्यथा वह मसीह-विरोधी की स्थिति में खड़ा हो सकता है। इस कारण से बाईबल में ऐसी भविष्यवाणियाँ हैं कि अंतिम दिनों में बहुत से मसीह-विरोधी निकलेंगे। (१यूहन्ना २:१८)
आत्मिक बीचौलिये, बहुधा अस्तव्यस्त हो जाते हैं और आपस में जद्दोजहद करने लगते हैं, चूँकि वे आत्मालोक के अलग-अलग स्तर से बात-चीत करते हैं इसलिये उनके प्रकटीकरण की अंतर्वस्तु भिन्न होती है। (१ कुरिंथियों १५:४१) हालाँकि, आध्यात्मिक रूप से सचेत लोग एक ही आत्मालोक से संपर्क करते हैं, परन्तु चूँकि उनकी अपनी परिस्थितियाँ और स्थिति भिन्न होती हैं, और उनके चरित्र, बुद्धि और आध्यात्मिकता विभिन्न स्तरों पर होती हैं, इसलिये वे आत्मालोक को अलग-अलग तरह से समझते हैं। यह मतभेद उनमें संघर्ष को जन्म देते हैं।
जो लोग पुनरुद्धार की दैवी योजना में योगदान करते हैं वे दैवी योजना के केवल एक ही भाग के लिये जिम्मेदार होते हैं। उनका ध्यान केवल परमेश्वर से लंब संबंध में रहने के कारण, वे बहुधा अन्य आध्यात्मिक व्यक्तियों के साथ उचित क्षैतिज संबंधों के प्रति संवेदनशील नहीं होते। इसलिये उनके मध्य संघर्ष पैदा होता है, क्योंकि प्रत्येक यही सोचता है कि परमेश्वर की जो इच्छा वह पूरी कर रहा है वह दूसरों की सेवा से फर्क है। उनका संघर्ष और भी बढ़ जाता है जब उनमें से प्रत्येक को यह प्रकटीकरण प्राप्त होता है कि वह सबसे अच्छा है। फिर भी पूरी दैवी-योजना के अन्दर परमेश्वर प्रत्येक को अपने-अपने विशेष मिशन में अधिक से अधिक अच्छा करने के लिए प्रोत्साहन प्रदान करता है। परमेश्वर ऐसे प्रकटीकरण इसलिये भी देता है, क्योंकि प्रत्येक अपने मिशन से संबंधित क्षेत्र के लिये सब से अधिक योग्य होता है।
इसके अतिरिक्त, जब आस्था पूर्ण भक्त लोग आत्मिक रूप से चैतन्य हो जाते हैं और आदम और हव्वा के पतन से पहले के दिली स्तर के बराबर तक पहुँचते हैं, तब उन्हें एक ऐसे परीक्षण का सामना करना होता है जिस प्रकार के परीक्षण में आदम और हव्वा प्रबल होने में विफल हुए थे। इसमें यदि वे सावधान नहीं रहे, तो वे पतन के जैसी गलती कर सकते हैं। नियम की समझ के बिना इस प्रलोभन पर काबू पाना बेहद मुश्किल है। खेद की बात यह है कि बहुत से धार्मिक लोग, ऐसे परीक्षण पर काबू पाने में विफल होने के कारण वर्षों की भक्ति और श्रम के माध्यम से प्राप्त की हुई उपलब्धियों को एक क्षण में खो बैठते हैं।
आध्यात्मिक प्रतिभा से संपन्न लोग इस परेशानी का समाधान कैसे कर सकते हैं? पुनरुद्धार की दैवी योजना को थोड़ी अवधि में पूरा करने के लिए, परमेश्वर कई व्यक्तियों को अलग-अलग मिशन प्रदान करता है और प्रत्येक के साथ स्वतंत्र रूप से संबंध रखता है। इसलिये आध्यात्मिक रूप से भावुक लोगों के बीच संघर्ष होना वस्तुतः अनिवार्य है। हालांकि, इतिहास के अंत में, परमेश्वर उन्हें नया सत्य प्रदान करेगा। नया सत्य उन्हें समझने में मदद करेगा कि यह अद्वितीय मिशन प्रत्येक व्यक्ति को परमेश्वर के एक ही परम उद्देश्य की ख़ातिर सौंपा गया है। यह उन्हें एक दूसरे के साथ सहयोग और एकता से पुनरुद्धार की दैवी योजना के अधिक बड़े उद्देश्य को पूरा करने के लिए काम करने में मार्गदर्शन करेगा।
इस युग में, आध्यात्मिक प्रतिभा वाले लोगों को अपनी ज़िद और अनुरोध, कि वे ही अकेले परमेश्वर की इच्छा पूरी कर रहे हैं बंद करना चाहिये। उन्हें सत्य के अधिक उच्च और व्यापक वचन की खोज करनी चाहिये जो उन्हें सही ढंग से अपनी स्थिति और दैवी मिशन का भाव समझने में मदद कर सके। तब ही वे अपने भ्रम को, जो उनके अपने क्षैतिज संघर्ष के कारण हुआ था, दूर करने में सक्षम होंगे। केवल तब ही प्रत्येक अपने विश्वास के अलग-अलग पथ के उद्देश्य को पूरा कर सकेंगे और अच्छे फलों को अंजाम दे सकेंगे।
२.२.७ पहला पुनरुत्थान
बाईबल में “पहले पुनरुत्थान” के बारे में जो कहा गया है वह दैवी योजना के इतिहास में पहली बार बहाली की पूर्ति का वर्णन है। यह मसीह के दूसरे आगमन पर पूरा किया जाएगा। वह लोगों को उनके मूल पाप से शुद्ध करेगा और प्रत्येक को उनकी मूल अवस्था में पुनर्स्थापित करके उन्हें सृष्टि के उद्देश्य को सक्षम करने में मदद करेगा।
सभी ईसाई लोग यह आशा करते हैं कि वे पहले पुनरुत्थान में भाग ले सकें। परन्तु, वास्तव में कौन भाग ले सकेगा? यह वे लोग हैं जो मसीह के दूसरे आगम में सर्वप्रथम मसीह पर विश्वास करेंगे, और उसकी सेवा करेंगे। वे पूरे विश्व की क्षतिपूर्ति की सभी शर्तें पूरी करने में और पुनरुद्धार की दैवी योजना को पूरा करने में उसकी सहायता करेंगे। इस प्रक्रिया से, उनके मूल पाप हटाए जाने में, दिव्य आत्मा बनने और सृष्टि के उद्देश्य को पूरा करने में वे प्रथम होंगे।
आगे, आइए हम बाईबल में उल्लिखित १४४,००० (प्रकाशितवाक्य १४:१-४, ७:४) की जाँच करें।
मसीह को उसके दूसरे आगमन में पुनरुद्धार की दैवी योजना को पूरी करने के लिये एक विशेष संख्या में लोगों की खोज करनी होगी जो क्षतिपूर्ति द्वारा उन सभी संत लोगों के मिशनों को बहाल करने में, अपने अत्यधिक प्रयासों के बावजूद भी शैतान के शिकार बन गए और अपनी ज़िम्मेदारियों को पूरा करने में विफल हुए। उसे अपने जीवनकाल के दौरान इन लोगों को इकट्ठा करना होगा, और शैतान की दुनिया पर विजय की नींव डालनी होगी। उन संत लोगों की संख्या जिन्हें मसीह को अपने दूसरे आगमन पर इस कार्य को पूरा करने के लिए इकट्ठा करना चाहिए उनकी कुल संख्या १४४,००० है।
परमेश्वर की पुनरुद्धार की दैवी योजना के दौरान, याकूब के बारह बच्चे थे जिनके साथ उसने परिवार की बहाली के मिशन का बीड़ा उठाया। मूसा ने बारह गोत्रों के साथ राष्ट्र की बहाली के मिशन को पूरा करने का बीड़ा उठाया। यदि यह बारह गोत्र एक बार और बारह जनजातियों के नमूने पर गुणित होते, तो वे कुल १४४ हो जाते। यीशु, जो दुनिया को बहाल करने के मिशन से आया था, उसने बारह चेले बनाए ताकि वह क्षतिपूर्ति के माध्यम से, दोनों आत्मिक और शारीरिक रूप से संख्या १४४ पुनःस्थापित कर सके। परन्तु क्रूस पर चढ़ाए जाने के कारण यीशु इसे केवल आत्मिक रूप से पुनः स्थापित करने में सक्षम हुआ। याकूब के बारह लड़के हुए थे, ताकि वह क्षतिपूर्ति के माध्यम से अपने जीवनकाल में नूह से बारह पीढ़ियों की लंब मियाद को बहाल करे, परंतु उसपर शैतान ने दावा कर लिया। (प्रति-संदर्भ--काल २.२) उसी तरह, मसीह जिसने १४४ जनजातियों का आत्मिक नमूना स्थापित किया था, उसे अपने दूसरे आगमन पर दोनों आत्मिक और शारीरिक रूप से, पहले आगमन से लेकर अब तक का लम्बा कार्यकाल, अपने जीवनकाल ही में क्षतिपूर्ति द्वारा स्थापित करना होगा। यह पूरा करने के लिए, उसे विश्वासियों की अपेक्षित संख्या, जो १४४ संख्या के समतुल्य हो प्राप्त करनी चाहिये।
२.३ आत्माओं के लिये पुनरुत्थान की दैवी योजना
२.३.१ वापसी पुनरुत्थान का अभिप्राय और विधि
सृष्टि के नियम के अनुसार, मनुष्य की आत्मा की वृद्धि के लिये दो प्रकार के पुष्टिकारक पदार्थों की आवश्यकता होती है: जीवन-तत्व जो परमेश्वर से प्राप्त होते हैं और प्राण-तत्व जो शरीर और आत्म के आदान-प्रदान क्रिया के माध्यम से प्राप्त होते हैं। शरीर के बिना आत्माएं न तो आगे बढ़ सकतीं हैं और न ही उनका पुनरुत्थान हो सकता है। फलस्वरूप, जिन लोगों का निधन उनके सांसारिक जीवन के दौरान पूर्णता तक पहुँचने से पहले हो गया था, उन आत्माओं का पुनरुत्थान, पृथ्वी पर वापस लौट कर सांसारिक लोगों के साथ सहयोग करके अपनी अधूरी जिम्मेदारी को पूरा करने से ही हो सकता है। पृथ्वी पर रहने वाले सह-विश्वासी लोगों के मिशन को पूरा करने के लिए उनकी सहायता करने से आत्माएं अपने मिशन को भी उसी समय में पूरा कर सकतीं हैं। इस का अर्थ इस आयत में, जिसमें यह भविष्यद्वाणी की गई थी कि अंतिम दिनों में “देखो, प्रभु अपने लाखों-पवित्र लोगों के साथ आया”, निहित है। (यहूदा की पत्री जूड १४) इस प्रक्रिया को हम वापसी-पुनरुत्थान कहते हैं।
आत्माएं पृथ्वी पर परमेश्वर की इच्छा को पूरा करने में लोगों की किस तरह सहायता करतीं हैं? जब लोग प्रार्थना या अन्य आध्यात्मिक गतिविधि के माध्यम से आत्माओं के लिए ग्रहणशील होते हैं, तो आत्माएं उन पर उतरतीं हैं और लोगों की आत्माओं के साथ मिलकर काम करतीं हैं। आत्माएं विभिन्न कार्य करतीं हैं। उदाहरण के तौर पर, वे सांसारिक लोगों में आत्मिक आग उंडेलतीं हैं और रोगों को चंगा करने की शक्ति देतीं हैं। वे लोगों को समाधि की अवस्था में प्रवेश करने और आत्मा-लोक की वास्तविकताओं का अनुभव करने में लोगों की सहायता करतीं हैं। वे लोगों को प्रकटीकरण और भविष्यद्वाणी करने का दान देतीं हैं। वे लोगों को गहरी प्रेरणा भी दे सकतीं हैं। इन सब विभिन्न कार्यों में, आत्माएं पवित्र आत्मा के स्थान पर काम करतीं हैं और पृथ्वी पर परमेश्वर की इच्छा को पूरा करने के लिए लोगों का मार्गदर्शन करतीं हैं।
२.३.२ यहूदियों और ईसाई लोगों की आत्माओं का वापसी-पुनरुत्थान
२.३.२.१ विकास-चरण वापसी-पुनरुत्थान
जिन लोगों की आत्माओं ने मूसा की व्यवस्था का पालन किया और पुराने नियम के युग के दौरान पृथ्वी पर अपने जीवन में सच्चाई से परमेश्वर की उपासना की वह आत्मालोक में प्रारूप-आत्मा के स्तर पर रहने लगीं। यीशु के आगमन के बाद, यह सब आत्माएं पृथ्वी पर लौट कर वापस आईं और पृथ्वी पर परमेश्वर की इच्छा को पूरा करने के लिए उन्होंने विश्वासियों की सहायता की। इस प्रकार लोगों को जीव-आत्मा का स्तर प्राप्त करने में उनकी सहायता करने से उन्होंने भी समान लाभ प्राप्त किया, अर्थात्, वे जीव-आत्मा बन गये और उन्होंने वैकुंठ में प्रवेश किया। इस व्यवस्था को हम विकास-चरण वापसी-पुनरुत्थान कहते हैं।
आईये हम बाईबल से कुछ उदाहरण लेते हैं। चूंकि एलिय्याह आत्मा के रूप में यीशु और उसके चेलों को दिखाई दिया था, (मत्ती १७:३) इससे साफ स्पष्ट होता है कि एलिय्याह अभी भी आत्मा-लोक में रहता है। फिर भी यीशु ने यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले को जो पृथ्वी पर रहता था (मत्ती १७:१२-१३) एलिय्याह के रूप में उल्लिखित किया। यीशु ने उनके आम मिशन के संबंध में उसे एलिय्याह कहा, क्योंकि यूहन्ना का शरीर एलिय्याह के शरीर के रूप में काम कर रहा था। एलिय्याह अपने सांसारिक जीवन के दौरान जो मिशन अधूरा छोड़ गया था उसे पूरा करने के लिये उसकी आत्मा यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले पर उसकी सहायता करने के लिये उतरी। यह एलिय्याह का वापसी-पुनरुत्थान था।
बाईबल में यह अभिलिखित है, कि जब क्रूस पर यीशु की मृत्यु हुई, तब बहुत से संतों के शव उनके मकबरे से निकल कर जी उठे। (मत्ती २७:५२) इस आयत का अर्थ यह नहीं है कि इन संतों का सड़ा हुआ शरीर फिर से पुनर्जीवित होकर उसी शरीर में उठ कर खड़ा हो गया। बल्कि, यह घटना उनके आध्यात्मिक वापसी-पुनरुत्थान का वर्णन करती है। आस्थावान यहूदियों की आत्माएं आत्मा-लोक के प्रारूप-आत्मा स्तर से, जहाँ वह रहतीं थीं, उतर कर पृथ्वी पर आईं। वे पृथ्वी पर उन विश्वासियों की मदद करने के लिये लौट कर आईं, जिन्हें क्रूस के द्वारा उद्धार का लाभ प्राप्त करने का शुभ अवसर था, ताकि वे यीशु पर विश्वास करके जीव-आत्मा बन सकें। ऐसा करने से, लौट कर आने वाली आत्माएं भी जीव-आत्मा बन गईं।
यदि संत लोग शरीर के साथ सचमुच अपनी कब्रों से, जैसा बाईबल में लिखा है जी उठते, तो वे इस तथ्य की कि यीशु, मसीह था, निश्चित रूप से गवाही देते। यदि ऐसा होता तो फिर कौन मसीह पर विश्वास न करने की जुर्रत करता? इसके अतिरिक्त, उनके कर्म और कार्य भी बाईबल में दर्ज किए जाते, परन्तु हमारे पास इस अस्पष्ट विवरण के अलावा कि संत लोग कब्र से जी उठे थे, अभी तक अन्य कोई और जानकारी नहीं है। यह एक ऐसी डांवांडोल आध्यात्मिक घटना थी जो केवल आध्यात्मिक सुध-बुध वाले विश्वासी लोग ही महसूस कर सकते थे।
वैकुंठ की तुलना में, जिसमें लोग यीशु की क्रूस के द्वारा मुक्ति के आधार पर प्रवेश करते हैं, आत्मा-लोक का यह क्षेत्र जहाँ पुराने नियम के संत लोग रहते थे, अपेक्षाकृत, अन्धकारमय और दीन-हीन सा जान पड़ता था, इसी लिये इसे “कब्र” कहा गया है।
२.३.२.२ निष्पत्ति-चरण वापसी-पुनरुत्थान
नए नियम के दौरान जिन लोगों ने पृथ्वी पर रहते हुए यीशु पर विश्वास किया, उनकी आत्माएं जीव-आत्मा बन गयीं और उन्होंने वैकुंठ में प्रवेश किया। दूसरे आगमन के बाद, यह आत्माएं पृथ्वी पर वापस लौट कर आएंगी और निष्ठावान लोगों को लौटने वाले प्रभु पर विश्वास करने और उसकी सेवा में आने के लिये सहायता करेंगी। इस तरह पृथ्वी पर लोगों को दिव्य-आत्मा का स्तर प्राप्त करने में उनकी सहायता करने से वे भी दिव्य-आत्मा बनने का समान लाभ प्राप्त करेंगी। जब सांसारिक संत लोग आत्मा-लोक में पधारेंगे और स्वर्ग में स्वर्ग के राज्य में प्रवेश करेंगे, तो लौटने वाली आत्माएं भी स्वर्ग में प्रवेश करेंगी। यह व्यवस्था निष्पत्ति-चरण वापसी-पुनरुत्थान कहलाती है।
इस व्यवस्था में, न केवल आत्माएं सांसारिक लोगों की सहायता करतीं हैं; पर सांसारिक लोग भी आत्माओं के पुनरुत्थान में सहायता करते हैं।
आईये हम निम्नलिखित पद्य को स्पष्ट करें: विश्वास ही के द्वारा इन सब के (पुराने नियम के संत लोग) विषय में अच्छी गवाही दी गई, तौभी उन्हें प्रतिज्ञा की हुई वस्तु न मिली (स्वर्ग के राज्य में प्रवेश करने की अनुमति)। क्योंकि परमेश्वर ने हमारे लिये पहले से एक उत्तम बात ठहराई, कि वे हमारे बिना सिद्धता को न पहुँचें (स्वर्ग के राज्य के नागरिक)। इब्रानियों ११:३९-४० इस व्याख्या से हम समझ सकते हैं, कि यह पद्य सही तौर पर वापसी-पुनरुत्थान या लौटकर-वापस-आनेवाला-पुनरुत्थान दर्शाता है। यह दिखाता है कि जो आत्माएं आत्मा-लोक में रहतीं हैं वे सांसारिक लोगों के सहयोग के बिना सिद्धता नहीं प्राप्त कर सकतीं। आगे यह लिखा है, “मैं तुम से सच, सच कहता हूँ, जो कुछ तुम पृथ्वी पर बांधोगे वह स्वर्ग में बंधेगा, और जो कुछ तुम पृथ्वी पर खोलोगे वह स्वर्ग में खुलेगा ।” (मत्ती १८:१८) यह पद्य हमें सिखाता है कि जब तक विश्वासी लोग पृथ्वी पर जो बांधा गया है पहले न खोलें, आत्माएं भी उसे खोल नहीं सकतीं जो उनमें बंधा है।
चूँकि आत्माओं का पुनरुत्थान, पृथ्वी पर जिन विश्वासियों पर वे उतरतीं है, उनके साथ सहयोग के द्वारा होता है, यीशु ने स्वर्ग के राज्य की कुंजी पतरस को दी, जो पृथ्वी पर विश्वासियों का प्रतिनिधित्व करता है, ताकि वह पृथ्वी पर स्वर्ग के राज्य का द्वार खोल सके। (मत्ती १६:१९)
२.३.३ उन आत्माओं का वापसी-पुनरुत्थान जो वैकुंठ के बाहर रहतीं हैं
आत्माओं के अनेक वर्ग हैं जो वैकुंठ से बाहर रहतीं हैं; वापसी-पुनरुत्थान प्राप्त करने के लिये प्रत्येक का अपना अलग तरीका है। सबसे पहले हम उन आत्माओं के वापसी-पुनरुत्थान के बारे में जाँच करें जो अपने जीवनकाल के दौरान ईसाई धर्म के अलावा अन्य धर्मों में विश्वास रखतीं थीं। किन्हीं भी दो व्यक्तियों को इससे पहले कि वे किसी सामान्य लक्ष्य की ओर एक साथ कार्य करें उन्हें एक दूसरे के साथ मिलकर साहचार्य स्थापित करना होता है, उसी तरह पृथ्वी के लोग और आत्माएं भी एक साथ मिल कर केवल उसी समय आम दैवी लक्ष्य प्राप्त कर सकतीं है जब वे पहले एक दूसरे के साथ साहचार्य स्थापित न कर लें। इसलिए, जो आत्मा अपने पुनरुत्थान के लिये पृथ्वी पर लौटकर आती है, वह संसार में एक ऐसे समकक्ष को ढूँढ़ती है जो उस धर्म में विश्वास रखता हो जिस धर्म में वह अपने सांसारिक जीवन के दौरान विश्वास रखती थी। आत्मा अपने पसंद के व्यक्ति के ऊपर उतरती है और फिर उसका मार्गदर्शन करती है। जब वह उस व्यक्ति के पुनरुद्धार की दैवी योजना के उद्देश्य को पूरा करने में मदद करती है, तब दोनों को एक समान लाभ प्राप्त होता है।
दूसरा, आईये हम उन आत्माओं के वापसी-पुनरुत्थान की जाँच करें जिन्होंने किसी धर्म पर विश्वास न करते हुए भी ईमानदारी के साथ अपना जीवन बिताया था। पतित मानवता में कोई भी ऐसा नहीं है जो नितांत अच्छाई का मूर्त रूप हो क्योंकि किसी ने भी अपने अंदर का मूल पाप हल नहीं किया है। इसलिए, अच्छी आत्मा वह है जिसमें अपेक्षाकृत अधिक अच्छाई पाई जाती है। ऐसी अच्छी आत्माएं पृथ्वी पर अच्छे लोगों पर उतरतीं है और उनके साथ सहयोग करके, परमेश्वर के पुनरुद्धार की दैवी योजना के उद्देश्य को पूरा करने के लिये उनकी मदद करतीं हैं। इस प्रक्रिया में, आत्माएं जिन लोगों की मदद करती हैं उनके साथ समान लाभ प्राप्त करती हैं।
तीसरा, आईये हम दुष्ट आत्माओं के वापसी-पुनरुत्थान की जाँच करें। बाईबल में हम उन शापित लोगों के बारे में पढ़ते हैं जिनके बारे में कहा गया है, “अनंत आग में चले जाओ, जो शैतान और उसके दूतों के लिये तैयार की गई है”। (मत्ती २५:४१) “उसके दूत” उन आत्माओं के लिये कहा गया है जो शैतान के अधीन काम करते हैं। यह आत्मिक जीव आमतौर पर भूत के नाम से जाने जाते हैं जिनके नाक-नक्शे और पहचान बहुधा स्पष्ट नहीं होतीं हैं, वह अन्य कोई नहीं पर दुष्ट आत्मा ही होतीं हैं। दुष्ट आत्माएं भी जो पृथ्वी पर लौट कर आतीं हैं युग के अनुग्रह का लाभ प्राप्त कर सकतीं हैं।
हालांकि, दुष्ट आत्माओं के काम हमेशा फलदायक नहीं होते और वापसी-पुनरुत्थान का लाभ प्राप्त नहीं कर पाते। ऐसा लाभ प्राप्त करने के लिए उनके कार्य सांसारिक लोगों को दंडित करने का प्रभाव डालने वाले होने चाहिये, ताकि उन्हें भुगतान-शर्त झेलने का अवसर मिले और उनकी विफलताओं की क्षतिपूर्ति करने में मदद मिले। तो फिर, दुष्ट आत्माओं के कार्य स्वर्ग की ओर से दण्ड का असर किस प्रकार कर सकते हैं?
आइए हम एक उदाहरण लेते हैं। मान लीजिये, एक व्यक्ति जो धरती पर रहता है, युग के अनुग्रह पर आधारित, वर्तमान क्षेत्र के लाभ से एक उच्च लाभ के क्षेत्र में उन्नति प्राप्त करता है। वह नए लाभ के क्षेत्र में उस समय तक उठ नहीं सकता, जब तक वह पहले अपने अतीत के पापों से मुक्ति पाने के लिए क्षतिपूर्ति की शर्त पूरी नहीं करता। यदि वह परिवार क्षेत्र से ऊपर कबीले क्षेत्र में उन्नत होता है तो उसे अपने और अपने कबीले के पूर्वजों के पापों का ऋण चुकाना होगा। इस पाप के लिए, दण्ड के रूप में, स्वर्ग उसे पीड़ा पहुँचाने के लिये दुष्ट आत्माओं को अनुमति देता है। यदि वह स्वेच्छया से दुष्ट आत्माओं के द्वारा दिए दुख को सह लेता है, तो वह सफलतापूर्वक इस शर्त के माध्यम से क्षतिपूर्ति का भुगतान करता है और इस प्रकार वह कबीले के स्तर में प्रवेश करने का लाभ प्राप्त करने का अधिकारी होता है। वह दुष्ट आत्माएं जिन्होंने उसे सताया है उन्हें भी ऐसा ही लाभ प्राप्त होता है। इस प्रकार, युग के अनुग्रह के आधार पर, पुनरुद्धार की दैवी योजना के लाभ का क्षेत्र, पारिवारिक स्तर से कबीले के स्तर, आगे राष्ट्रीय स्तर और विश्व स्तर तक विकसित होता है। जब भी मानवता उच्च स्तर पर उन्नति करती है, वह व्यक्ति जो दैवी योजना की अगवाई करता है उसे अपने और अपने पूर्वजों के पापों के समाधान के लिये क्षतिपूर्ति के भुगतान की शर्त भोगना आवश्यक है।
बुरी आत्माओं के काम पृथ्वी पर किसी व्यक्ति के पापों को दो अलग-अलग तरीकों से शुद्ध करने के लिए क्षतिपूर्ति की शर्त पूरी करने में मदद कर सकते हैं।
पहला, आत्मा सांसारिक व्यक्ति को सीधे तंग कर सकती है। दूसरा, दुष्ट आत्मा दूसरे किसी ऐसे व्यक्ति की आत्मा पर उतरती है जो पृथ्वी पर जीवित है और पाप करने जा रहा है, ऐसा पाप जो उस व्यक्ति के पाप के समान है जिसको दण्ड दिया जा रहा है, इस तरह, दुष्ट आत्मा इस दूसरे व्यक्ति के साथ काम करके पहले पर हमला करे।
दोनों घटनाओं में यदि सांसारिक व्यक्ति आभार और स्वेच्छा से ग्रस्त दुष्ट आत्मा द्वारा दिये हुए दुःख को सह ले तो वह अपने और अपने पूर्वजों के पाप की शुद्धि के लिये क्षतिपूर्ति के भुगतान की शर्त पूरी करता है। फिर इस पाप का समाधान हो जाएगा, और वह उच्च क्षेत्र में प्रवेश करेगा और नए युग में उपलब्ध लाभ प्राप्त कर सकेगा। इस प्रकार, दुष्ट आत्मा का कार्य उस व्यक्ति के लिये ईश्वर की ओर से दण्ड की कार्रवाई होगी। फलस्वरूप, यह आत्मा भी वही लाभ प्राप्त करेगी जो सांसारिक व्यक्ति को मिलेगा, वह भी उच्च लाभ के क्षेत्र में प्रवेश करेगी।
२.४ वापसी-पुनरुत्थान के नियम के प्रकाश में पुनर्जन्म के सिद्धांत की जाँच
पुनरुद्धार की दैवी योजना के संपूर्ण उद्देश्य को पूरा करने के तात्पर्य से, परमेश्वर ने कई व्यक्तियों को बुलाया और प्रत्येक को उपयुक्त मिशन बांट कर दिया है। इन व्यक्तियों ने अपने विशेष मिशन, इनके बाद आने वाले समान चरित्र और परिस्थिति वाले व्यक्तियों को पारित किए, इस तरह धीरे-धीरे इतिहास के लंबे प्रवाह में उन्होंने मिशन के प्रत्येक क्षेत्र को कार्याविन्त किया।
पुनरुद्धार की दैवी योजना एक व्यक्ति के द्वारा आरंभ होती है, फिर परिवार, राष्ट्र और विश्व तक फैलती है, और अंततः सारे स्वर्ग और पृथ्वी का पुनरुद्धार होता है। यद्यपि प्रत्येक व्यक्ति को दिया गया मिशन संपूर्ण मिशन का केवल एक छोटा हिस्सा ही क्यों न हो, वह भी इसी ढंग के अनुसार आगे बढ़ता है। प्रत्येक मिशन एक व्यक्ति के स्तर से आरंभ होता है और अपना दायरा परिवार, राष्ट्र और विश्व स्तर तक फैलाता है। बाईबल से एक उदाहरण लेते हैं, अब्राहम से उसका मिशन व्यक्तिगत और पारिवारिक स्तर पर आरंभ होकर मूसा को राष्ट्रीय स्तर पर मिला, फिर विश्वव्यापी स्तर पर यीशु को मिला।
वह आत्माएं जो अपना मिशन सांसारिक जीवन के दौरान पूर्ण नहीं कर सकीं उन्हें पृथ्वी पर उन लोगों के पास वापस लौट कर आना पड़ता है, जिनका मिशन उसी प्रकार का है जिस प्रकार का पृथ्वी पर उनके जीवन काल में था। जब एक आत्मा परमेश्वर की इच्छा पूरी करने के लिये किसी सांसारिक व्यक्ति की सहायता करती है तो वह व्यक्ति न केवल अपना मिशन पूरा करता है, परन्तु उस आत्मा का मिशन भी जिसने उसकी सहायता की है पूरा करता है। अतः, मिशन के दृष्टिकोण से, इस व्यक्ति का शरीर, साथ-साथ, उस आत्मा के शरीर का कार्य भी करता है। इस तरह से देखा जाए तो यह उस आत्मा का दूसरी बार वापस लौटकर आना होता है; अतः, वह व्यक्ति उस आत्मा का अवतरण सा प्रतीत होता है और कभी-कभी उस आत्मा के नाम से बुलाया जा सकता है। बाईबल में यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाले को एलिय्याह का मिशन, जो वह अपने सांसारिक जीवन के दौरान अधूरा छोड़ गया था, पूरा करना चाहिये था, क्योंकि उसे अपना कार्य करने के लिये एलिय्याह की सहायता मिली।
इसलिये यीशु ने यूहन्ना को "एलिय्याह" कहा, क्योंकि यूहन्ना का शरीर साथ-साथ एलिय्याह के शरीर का काम कर रहा था। (प्रति संदर्भ पुनरुत्थान २.३.२.१)
अंतिम दिनों में, पृथ्वी पर कुछ लोगों को विश्वव्यापी स्तर पर मिशन सौंपे गए हैं। उन्हें अतीत की सभी आत्माओं के दायित्व को जो उस क्षेत्र से संबंधित हैं, विरासत में लेकर पूरा करना होगा। यह आत्माएं इन लोगों पर उतरेंगी और अपना अधूरा काम पूरा करने के लिये इन लोगों की सहायता करेंगी। चूँकि सांसारिक लोग, एक अर्थ में, इन मार्गदर्शक आत्माओं का दूसरा आगमन हैं, अतएव, वे यह सोच सकते हैं कि वे इन का अवतरण हैं। अतः, अंतिम दिनों में कुछ लोग अपने आप को यीशु, बुद्ध, कनफूसी का दूसरा आगमन या जैतून का पेड़, या जीवन के पेड़ होने का दावा करेंगे। हिंदू और बौद्ध धर्म के पुनर्जन्म के सिद्धांत इन बाहरी घटनाओं की व्याख्या करते हैं परन्तु वे वापसी-पुनरुत्थान के नियम की जानकारी के लाभ के बिना करते हैं।