दिव्य नियम का अध्ययन और अभ्यास
मेरे बुकमार्क

आपके पास अभी कोई बुकमार्क नहीं है।

संभाग २. नूंह के परिवार में पुनरुद्धार की दैवी योजना

कैन ने हाबिल को मार डाला, इसलिये आदम के परिवार में परमेश्वर की दैवी योजना पूरी नहीं हो सकी। परंतु, परमेश्वर ने उसके सृष्टि के उद्देश्य की पूर्ति पूर्णतः पूर्वनिर्धारित की है, और उसकी इच्छा अपरिवर्तनीय थी। इसलिए, हाबिल की निष्ठा की नींव पर, जो उसने स्वर्ग के लिये प्रगट की थी, परमेश्वर ने उसकी जगह पर सेथ को चुना। (उत्पत्ति ४:२५) सेथ के वंश से परमेश्वर ने आदम के परिवार के बदले नूंह के परिवार से अपनी दैवी योजना में एक नया खंड शुरू किया।

लिखा है कि परमेश्वर ने दुनिया का बाढ़ द्वारा न्याय किया: “तब परमेश्वर ने नूंह से कहा, सब प्राणियों का अंत करने का प्रश्न मेरे सामने आ गया है, क्योंकि उनके कारण पृथ्वी उपद्रव से भर गई है, इसलिये मैं उनको पृथ्वी समेत नष्ट कर डालूँगा।” (उत्पत्ति ६:१३) यह हमें बताता है, कि नूंह का समय अंतिम दिन थे। परमेश्वर का इरादा था कि वह बाढ़ के दंड के बाद, नूंह के परिवार के द्वारा स्थापित की गई नींव पर मसीह को भेज कर सृष्टि के उद्देश्य को पूरा करेगा। इस कारण, नूंह का परिवार क्षतिपूर्ति की शर्त पूरी करके विश्वास की नींव और फिर वास्तविक नींव पुनःस्थापित करने का ज़िम्मेदार था। उन्हें क्षतिपूर्ति के माध्यम से मसीह के लिये नींव, जिसमें आदम का परिवार विफल रहा था, पुनःस्थापित करना था।

२.१ विश्वास की नींव

२.१.१ विश्वास की नींव के लिये मुख्य व्यक्ति

नूंह के परिवार के द्वारा पुनरुद्धार की दैवी योजना में, विश्वास की नींव पुनःस्थापित करने वाला प्रमुख व्यक्ति नूंह था। परमेश्वर ने नूंह को अपनी इच्छा, जो उसने आदम के द्वारा पूरी करनी चाही थी, पूरी करने के प्रयोजन से आदम से दस पीढ़ी बाद यानी बाईबल के सोलह सौ वर्ष के बाद नूंह को बुलाया। तदनुसार, परमेश्वर ने उसे आशीर्वाद दिया, “फूलो-फलो और बढ़ो,” (उत्पत्ति ९:७) जिस तरह पहले उसने आदम को तीन आशीर्वाद दिये थे। (उत्पत्ति १:२८) इस अर्थ से, नूंह मानवता का दूसरा पूर्वज था।

नूंह उस समय बुलाया गया था, जब “पृथ्वी हिंसा से भर गई थी”। (उत्पत्ति ६:११) उसने १२० वर्ष तक परमेश्वर के निर्देशों को पूर्ण आज्ञाकारिता के साथ, उपहास और मजाक के सभी प्रकार के ताने सह कर, पहाड़ के ऊपर जहाज़ बना कर तैयार किया। विश्वास की इस शर्त पर, परमेश्वर नूंह के परिवार पर केंद्रित बाढ़ का दंड ला सका। इस अर्थ में नूंह पहला विश्वास का पिता था। हालांकि आमतौर पर हम अब्राहम को विश्वास के पिता का मान देते हैं, पर वास्तव में नूंह को वह सम्मान मिलना चाहिये था। जैसे कि हम देखेंगे कि उसके पुत्र हैम के पाप के कारण यह मिशन अब्राहम को सौंपा गया।

आदम के किस्से में, यह बताया गया है कि यद्यपि उसको विश्वास की नींव पुनः स्थापित करने के लिए प्रमुख व्यक्ति के स्थान पर होना चाहिये था, परंतु वह स्वयं बलिदान नहीं चढ़ा सका। नूंह की स्थिति अलग थी। उसे परमेश्वर ने हाबिल की निष्ठावान और विश्वसनीय स्वीकार्य सांकेतिक भेंट की नींव पर बुलाया था। वंश के संबंध से, नूंह सेथ का वंशज था, जो हाबिल की जगह चुना गया था। इसके अतिरिक्त, नूंह परमेश्वर की दृष्टि में धर्मी था। (उत्पत्ति ६:९) इन कारणों से, वह, जहाज़ बना कर, परमेश्वर को सांकेतिक भेंट चढ़ने के योग्य था।

२.१.२ विश्वास की नींव के पुनः स्थापन के लिये शर्त की वस्तु

शर्त की वह वस्तु जिसके द्वारा नूंह विश्वास की नींव पुनः स्थापित करने वाला था वह जहाज़ थी। जहाज़ प्रतीकात्मक महत्व से भरा था। इससे पहले कि नूंह मानवता का दूसरे पूर्वज के रूप में आदम की जगह पर खड़ा हो सके, उसे विश्व के छुटकारे के लिए, जो आदम के पतन के कारण शैतान के हाथ में चला गया था, पहले एक क्षतिपूर्ति की शर्त स्थापित करनी होगी। अतः, शर्त की वस्तु, जिसे नूंह को एक स्वीकार्य रीति से भेंट करनी होगी, वह नए विश्व का प्रतीक होना चाहिए। भेंट की वस्तु के रूप में उसने जहाज़ की प्रस्तुति की।

जहाज़ तीन पटाव में बनाया गया था जो विश्व का प्रतीक है और कि वह विकास काल के तीन चरणों के माध्यम से रचा गया था। नूंह के परिवार के आठ सदस्य, जिन्होंने जहाज़ में प्रवेश किया था, आदम के परिवार के आठ सदस्यों को दर्शाते हैं, जिनका पुनरुद्धार, शैतान के अधिकार में होने के कारण, क्षतिपूर्ति के माध्यम से ही हो सकता था। इस प्रकार, जहाज़ विश्व का प्रतीक है; नूंह उसका कप्तान परमेश्वर का प्रतीक है; उसके परिवार के सदस्य मानवता के प्रतीक हैं; और जो जानवर जहाज़ में लाए गये थे वे पूरी प्राकृतिक दुनिया के प्रतीक थे।

जहाज़ के बन कर तैयार होने के बाद, परमेश्वर ने दुनिया को चालीस दिन तक बाढ़ के द्वारा दंड दिया। बाढ़ का क्या उद्देश्य था? सृष्टि के नियम के अनुसार, मनुष्य केवल एक ही स्वामी की सेवा करने के लिये बनाया गया है। मानव जाति शैतान के बंधन में होने के कारण भ्रष्टाचार और व्यभिचार से भर गई थी, यदि परमेश्वर उनसे कोई भी संबंध रखता तो उसे दूसरे स्वामी के स्थान पर होकर रहना पड़ता। जो कि अनियमी होता। इसलिए, एक ऐसे परिवार को बढ़ाने के लिये जिसके साथ वह संबंध रख सके परमेश्वर ने बाढ़ के दण्ड से पतित मानवता का अंत किया।

परमेश्वर ने बाढ़ के लिए चालीस दिन की अवधि का चयन क्यों किया? चालीस दिन की अवधि का महत्व संख्या चार और दस के अर्थ के संबंध से समझा जाना चाहिए। संख्या दस एकता का महत्व दिखाती है। (प्रति-संदर्भ—काल २.४) आदम से दस पीढ़ियों के बाद परमेश्वर ने अपनी इच्छा को जो आदम पूरा नहीं कर सका, क्षतिपूर्ति के माध्यम से पुनः स्थापित करने के लिए नूंह को आह्वान दिया। परमेश्वर का अभिप्राय था कि क्षतिपूर्ति की अवधि को जिसमें संख्या दस हो पूरा करने के द्वारा वह व्यवस्था को अपनी इच्छा के साथ एकता में लाए। इसके अतिरिक्त, चूँकि पुनरुद्धार का लक्ष्य चार-दशा-आधार पूरा करना है, परमेश्वर ने क्षतिपूर्ति की अवधि की स्थापना इन दस पीढ़ियों की हर पीढ़ी को उठा कर संख्या चार को पुनः स्थापित करने का कार्य किया। आदम से नूंह तक की कुल अवधि संख्या चालीस को पुनः स्थापित करने के लिए क्षतिपूर्ति की अवधि थी। परंतु, उन दिनों के लोगों की कामुक लिप्सा के कारण शैतान ने इस क्षतिपूर्ति की अवधि की संख्या चालीस को अशुद्ध कर दिया था। नूंह के जहाज़ की व्यवस्था से परमेश्वर का चार-दशा-आधार की नींव को पूरा करने का नया प्रयास था। इसलिए, परमेश्वर ने संख्या चालीस को क्षतिपूर्ति की अवधि के रूप में पुनः स्थापित करने के लिये बाढ़ के न्याय की अवधि चालीस दिन संख्या की रखी, जो शैतान के कब्जे में आने से भ्रष्ट हो गई थी। क्षतिपूर्ति की इस संख्यात्मक अवधि को पूरा करने के द्वारा, परमेश्वर ने विश्वास की नींव को पुनः स्थापित करने का इरादा किया था।

इस प्रकार, संख्या चालीस शैतान से अलग होने के लिये व्यवस्थाओं की विशेषता बन गई जो विश्वास की नींव बहाल करने के लिए आवश्यक हैं। इसके कई उदाहरण हैं: नूंह के चालीस दिवसीय बाढ़; नूंह से अब्राहम तक चार सौ साल; मिस्र में इस्राएलियों की चार सौ वर्ष की दासता; मूसा के दो चालीस दिवसीय व्रत; चालीस दिन कनान में जासूसी; इस्राएलियों का जंगल में चालीस वर्ष भटकना; राजा शाऊल, राजा दाऊद और राजा सुलेमान का चालीस वर्षीय राज; एलिय्याह का चालीस दिन का व्रत; यूनुस की भविष्यवाणी कि नीनवे चालीस दिनों में नष्ट हो जाएगा; यीशु का जंगल में चालीस दिन उपवास और प्रार्थना; और यीशु के पुनरुत्थान से उसके स्वर्ग पर उठाए जाने के दिन तक की चालीस दिन की अवधि।

बाईबल में हम पढ़ते हैं कि चालीस दिन की वर्षा के अंत में, नूंह ने जहाज़ से एक कौवे और एक फाक्ता को छोड़ा। (उत्पत्ति ८:६-७) आइए हम भविष्य की इन दैवी स्थितियों की जाँच करें जिनका वर्णन पहले से किया गया है, जैसा लिखा है, “इसी प्रकार प्रभु यहोवा अपने दास भविष्यद्वक्ताओं पर अपना रहस्य बिना प्रगट किए कुछ भी नहीं करता है।” (आमोस ३:७)

जहाज़ बना कर और चालीस दिवसीय बाढ़ के दंड से गुज़र कर, नूंह ने विश्व की बहाली के लिए क्षतिपूर्ति शर्त को पूरा किया। बाढ़ विश्व के निर्माण से पहले की अव्यवस्था की अवधि के अनुरूप है जब “परमेश्वर का आत्मा जल के ऊपर मण्डराता था।” (उत्पत्ति १:२) तदनुसार, परमेश्वर के कार्य जो उसने चालीस दिन की बाढ़ के अंत में जहाज़ के आस-पास किए, स्वर्ग और पृथ्वी की सृष्टि के बाद से संपूर्ण इतिहास का प्रतीक है।

जब नूंह ने कौवे को छोड़ा, जो पानी के सूख जाने तक उतरने के लिये जगह ढूँढ़ता हुआ चक्कर काट रहा था, क्या पूर्वाभासित करता है?

यह ये संकेत करता कि शैतान अवश्य कोई बहाना ढूँढ़ेगा जिसके ज़रिये वह नूंह के परिवार पर हमला करे, जिस प्रकार से प्रधान स्वर्गदूत मनुष्य की सृष्टि के एक दम बाद ही हव्वा के प्रेम की आस लगाए बैठा था, और जिस प्रकार शैतान कैन और हाबिल के बलिदान की भेंट पर आक्रमण करने के अवसर की तलाश में द्वार पर छिपा था। (उत्पत्ति ४:७)

नूंह का तीन बार फाक्ता को छोड़ना क्या संकेत करता है?

हालांकि, बाईबल में लिखा है कि नूंह ने यह देखने के लिए कि पानी कितना सूख गया है फाक्ता छोड़ी थी, परंतु यह एकमात्र उद्देश्य नहीं था। अवश्य ही नूंह ने जिस खिड़की से फाक्ता छोड़ी थी, उस खिड़की से स्वयं झांक कर स्थिति की जाँच कर सकता था। फाक्ता का छोड़ना परमेश्वर की रहस्यमय इच्छा के गहरे महत्व से जुड़ा है।

नूंह द्वारा बाढ़ के फैसले की परमेश्वर की घोषणा के सात दिनों के बाद बाढ़ शुरू हो गई। (उत्पत्ति ७:१०) उसके चालीस दिन के बाद फाक्ता छोड़ी गई। वह इधर-उधर उड़ कर, पैर टेकने के लिये कोई आधार न मिलने के कारण, जहाज़ पर लौट आई और नूंह ने उसे वापस अंदर ले लिया। (उत्पत्ति ८:९)

फाक्ता, का पहली बार छोड़ा जाना, पहले आदम को संकेत करता है। परमेश्वर ने आदम की रचना इस आशा से की थी कि उसका सृष्टि का आदर्श, जो उसने पहले से पोषित किया था, पृथ्वी पर आदम में दिव्य आदर्श के रूप में पूर्ण रूप से साधित हो सके। परंतु आदम के पतन के कारण, परमेश्वर उसके द्वारा पृथ्वी पर दिव्य आदर्श साकार नहीं सका। इस प्रकार परमेश्वर ने कुछ समय के लिये अपना आदर्श पृथ्वी से वापस हटा लिया और इसकी पूर्ति बाद की तिथि के लिये स्थगित कर दी।

सात दिनों के बाद, नूंह ने दूसरी बार फाक्ता को छोड़ा। परंतु पानी अभी तक नहीं सूखा था, इसलिये फाक्ता फिर से वापस लौट आई। इस समय वह मुंह में जैतून का एक पत्ता लेकर आई, यह संकेत करता है कि अगली बार उसे उतरने की जगह होगी। (उत्पत्ति ८:१०-११)

फाक्ता, जब दूसरी बार बाहर भेजी गयी थी, वह दूसरे आदम, यीशु का प्रतीक है जिसके आने से, पृथ्वी पर दिव्य आदर्श पूर्ण रूप से साकार करने का परमेश्वर का दूसरा प्रयास होगा। यह छंद, यह पूर्वाभास देते हैं कि यदि चुने हुए लोग यीशु के आगमन पर उस पर विश्वास नहीं करेंगे तो “उसे सिर रखने की कहीं जगह नहीं मिलेगी” (लूक ९:५८) और इस प्रकार वह पृथ्वी पर परमेश्वर की पूर्ण इच्छा पूरी नहीं कर सकेगा। उस स्थिति में, यीशु को अपनी दूसरे आगमन का वादा करके क्रूस पर जाना होगा और इस तरह वह वापस परमेश्वर की गोद में चला जाएगा।

फाक्ता वापस जहाज़ पर आ गई क्योंकि पानी अभी तक सूखा नहीं था। तुल्यता, यदि यहूदी लोगों में से अधिकांश यहूदी श्रद्धापूर्वक यीशु की सेवा-टहल करते तो उसे उनके बीच खड़े होने के लिए एक सुरक्षित जगह मिल जाती। वह क्रूस पर नहीं चढ़ाया जाता और उसने पृथ्वी पर स्वर्ग के राज्य की स्थापना कर ली होती।

सात दिन और बीतने के बाद नूंह ने तीसरी बार फाक्ता को बाहर छोड़ा। इस बार फाक्ता जहाज़ पर वापस नहीं आई, क्योंकि जमीन सूखी थी। (उत्पत्ति ८:१२)

फाक्ता का तीसरी बार छोड़ा जाना, मसीह के दूसरे आगमन का प्रतीक है जो तीसरे आदम के रूप में आने वाला है। यह पूर्वाभासित करता है कि जब मसीह फिर से आएगा, वह निश्चित रूप से परमेश्वर का सृष्टि का आदर्श साधित करने में सक्षम होगा जो पृथ्वी से कभी नहीं मिटेगा। जब फाक्ता वापस नहीं आई, तब अंत में नूंह का परिवार जहाज़ से बाहर पृथ्वी पर आया, जो कि पाप से धुलकर नई बन गई थी। यह पूर्वाभासित करता है कि जब तीसरे आदम के कार्य से पृथ्वी पर सृष्टि का आदर्श साकार हो जाएगा तब नया यरूशलेम स्वर्ग से उतरेगा और परमेश्वर का निवास लोगों के साथ होगा। (प्रकाशितवाक्य २१:१-३)

इस कथा के पूर्वाभासी भावों की व्याख्या, जैसे पहले बताया गया है, नियम के प्रकाश में समझनी चाहिए: परमेश्वर के पुनरुद्धार की दैवी योजना दीर्घीकृत हो सकती है यदि कोई व्यक्ति जिसे यह दैवी योजना सौंपी गई है अपनी जिम्मेदारी निबाहने में विफल हो जाए। (प्रति-संदर्भ—पूर्वनियति २) आदम के अविश्वास और उसका अपनी जिम्मेदारी को पूरा करने में विफल होने के कारण, यीशु को दूसरे आदम के रूप में आना पड़ा। फिर, यदि यहूदी लोग यीशु में विश्वास नहीं करेंगे और इस तरह अपनी जिम्मेदारी को पूरा करने के लिए विफल होंगे, तो मसीह को निश्चित रूप से तीसरे आदम के रूप में फिर से आना होगा।

जिस तरह, स्वर्ग और पृथ्वी के निर्माण में सात-दिन का समय लगा था, और हर बार फाक्ता छोड़ने के बीच सात दिवसीय अंतराल था, यह संकेत करता है कि स्वर्ग और पृथ्वी की बहाली के लिये भी कुछ दैवी अवधी का लगना आवश्यक है।

इस प्रकार नूंह का परिवार, न्याय के चालीस दिनों के द्वारा, विश्वास की नींव पुनःस्थापित करने की शर्त की वस्तु—जहाज़—को परमेश्वर की इच्छा के अनुसार स्थापित करके उस नींव को क्षतिपूर्ति के द्वारा पुनःस्थापित कर सका।

२.२ वास्तविक नींव

नूंह ने क्षतिपूर्ति द्वारा जहाज़ की व्यवस्था को पूरा करके सफलतापूर्वक विश्वास की नींव पुनः स्थापित की और इस तरह परमेश्वर को स्वीकार्य प्रतीकात्मक भेंट अर्पण की। ऐसा करने से नूंह ने सभी चीजों की बहाली के लिए, और मनुष्य के प्रतीकात्मक पुनरुद्धार के लिये क्षतिपूर्ति की शर्त पूरी की। इस नींव पर नूंह के बेटे शेम और हैम क्रमशः, कैन और हाबिल के स्थान में खड़े हो सकते थे। यदि वे पतित प्रवृत्ति निकालने के लिये क्षति-पूर्ति की शर्त को पूरा करके वास्तविक भेंट अर्पण करने में सफल हो जाते, तो वे वास्तविक नींव स्थापित कर सकते थे।

नूंह के परिवार को संतोषजनक वास्तविक नींव बनाने के लिए, नूंह के दूसरे बेटे हैम को, आदम के दूसरे बेटे हाबिल का स्थान पुनः स्थापित करना चाहिये था। उसे वास्तविक भेंट का प्रमुख व्यक्ति बनना चाहिये था जैसे हाबिल अपने परिवार की वास्तविक भेंट का प्रमुख व्यक्ति था। आदम के परिवार में हाबिल ने क्षतिपूर्ति के माध्यम से विश्वास की नींव स्थापित करने के लिये और वास्तविक भेंट के योग्य प्रमुख व्यक्ति बनने के लिये आदम के स्थान पर सफलतापूर्वक प्रतीकात्मक भेंट चढ़ाई। नूंह के परिवार के बारे में, हैम ने नहीं, परंतु नूंह ने सांकेतिक भेंट चढ़ाई थी। इसलिए, हैम को हाबिल के स्थान पर खड़े होने के लिये, जिस तरह वह प्रतीकात्मक भेंट चढ़ाने में सफल हुआ था, उसे अपने पिता के साथ पूर्णतः एक दिल होना जाना चाहिये, इस तरह कि वह उससे कभी अलग न हो सके।

आईये हम यह जांच करें कि नूंह के साथ एक दिल होने के लिये परमेश्वर ने किस तरह हैम की मदद करने का काम किया।

बाईबल यह बताती है कि जब हाम ने अपने पिता को उसके तम्बू में नग्न लेटा हुआ देखा, तो उसने नूंह के लिये शर्म महसूस की और इसे अपमान समझा। हाम ने अपने भाइयों शेम और येपेत में इन्हीं भावनाओं को उभारा। हाम के द्वारा अपने पिता की नग्नता से शर्म महसूस करते हुए उन्होंने अपने मुंह को फिराया कि उसे देख न सकें और उलटे चल कर अपने पिता के शरीर को चादर से ढांपा। यह इतना गम्भीर पाप था कि नूंह ने अपने बेटे हाम को डांटा और श्राप देते हुए कहा कि वह अपने भाइयों का दास होगा। (उत्पत्ति ९:२०-२५)

परमेश्वर ने ऐसा निर्णय क्यों लिया? तन की नग्नता से शर्म महसूस करना क्यों पाप माना गया?

इन मसलों को समझने के लिए हमें सबसे पहले यह याद करना है कि पाप क्या है। (प्रति-संदर्भ—पतन ४.५) शैतान अपना अस्तित्व—या कोई कार्यवाही करने के लिए अपनी शक्तियों को प्रगट नहीं कर सकता, जब तक कि वह पहले किसी को पात्र साझी न बना ले और उसके साथ लेन-देन का पारस्परिक संबंध स्थापित न कर ले। जब भी कोई व्यक्ति शैतान के हमले के लिये कोई वजह बनाता है, मतलब यह कि वह खुद शैतान का पात्र साथी बन जाता है, तो वह शैतान को कार्य करने के लिए अनुमति देता है। यह पाप कहलाता है।

आगे हम यह जांच करें, कि परमेश्वर ने हाम को नूंह की नग्नता दिखाकर उसका परीक्षण क्यों किया। हमने देखा है कि जहाज़ विश्व का प्रतीक था, और जहाज़ की व्यवस्था के तुरंत बाद जो घटनाएं घटीं वे घटनाएं उन घटनाओं को दर्शातीं हैं जो विश्व की सृष्टि के तुरंत बाद घटीं थीं। इसलिए, बाढ़ के तुरंत बाद नूंह की स्थिति भी वैसी ही थी जो स्वर्ग और पृथ्वी के निर्माण के बाद आदम की थी।

आदम और हव्वा पतन से पहले मासूम दिल के थे और एक दूसरे के साथ और परमेश्वर के साथ आत्मीय संबंध रखते थे, जैसा लिखा है, वे अपने नग्न तन से शर्म नहीं करते थे। (उत्पत्ति २:२५) परंतु पतन के बाद वे अपने नग्न तन से शर्म महसूस करने लगे। उन्होंने अपने तन के निचले भागों को अंजीर की पत्तियों से ढांपा और इस डर से कि परमेश्वर उन्हें देख न ले वाटिका में पेड़ों के बीच छुप गये। (उत्पत्ति ३:७-८) यह शर्म उनकी अंदरूनी सच्चाई को प्रगट करती है, क्योंकि अपने यौन अंगों से पाप करने की वजह से वे शैतान के साथ ख़ून के रिश्ते से बंध गए थे। अपने तन के निचले भागों को छिपाने से उन्होंने अपना दोषी विवेक व्यक्त किया, जिसके कारण उन्हें परमेश्वर के सामने आने से शर्मिंदगी महसूस की।

नूंह, जिसने चालीस दिवसीय बाढ़ के दंड के द्वारा शैतान के साथ अपने संबंधों को तोड़ डाला था, उसे आदम के स्थान को, जैसा विश्व के सृजन के तुरंत बाद था, सुरक्षित कर लेना चाहिए था। परमेश्वर को यह अपेक्षा थी कि नूंह के परिवार के सदस्य नूंह के नग्न तन को शर्म की भावना से नहीं देखेंगे और उसके शरीर को छिपाने का विचार नहीं करेंगे। परमेश्वर नूंह के परिवार के भोलेपन से फिर से वही ख़ुशी महसूस करना चाहता था जो उसे आदम और हव्वा के पतन से पहले उनकी मासूमियत से होती थी। इस गहन इच्छा को पूरा करने के लिए, परमेश्वर ने नूंह को नंगा लेटाया था। यदि हाम नूंह के साथ एक दिल होता, और उसे उसी दिल से और उसी दृष्टि से देखता जिस दृष्टि से परमेश्वर उसे देख रहा था तो उसे अपने पिता के नंगे को देखकर शर्म की भावना नहीं आती। इस प्रकार वह नूंह के परिवार में आदम और हव्वा के पतन से पहले की मासूम दशा को बहाल करने के लिए क्षतिपूर्ति शर्त पूरी कर लेता।

इस प्रकार हम यह समझ सकते हैं कि जब नूंह के पुत्रों ने अपने पिता की नग्नता पर शर्म महसूस की और उसके शरीर को ढांका, तो पतन के बाद आदम के परिवार की तरह उन्होंने यह मान लिया कि वे भी शैतान के साथ शर्मनाक बंधन में बंधे हुए हैं और इस प्रकार परमेश्वर के सामने आने के लिए अयोग्य हैं। शैतान, नूंह के परिवार पर आक्रमण करने के लिये कोई बहाने की तलाश में कौवे की तरह पानी पर मंडरा रहा था। नूंह के पुत्रों ने जब यह मान लिया कि वे उसके वंश के हैं तो उन्हें अपना पात्र साझी बनाकर उसने उन पर आक्रमण कर दिया।

जब हाम ने अपने पिता की नग्नता से शर्म महसूस की और उसे ढांपा दिया, ऐसा करने से उसने शैतान को काम करने का मौका दिया; इसलिये उसकी यह भावना और कर्म पाप प्रमाणित हुआ। परिणाम स्वरूप, हाम क्षतिपूर्ति के माध्यम से हाबिल का स्थान पुनः स्थापित नहीं कर सका जिसके द्वारा वह वास्तविक भेंट चढ़ा सके। चूंकि वह वास्तविक नींव नहीं स्थापित कर सका, नूंह के परिवार में पुनरुद्धार की दैवी योजना विफल हो गई।

क्या नग्नता को हमेशा शर्म की भावना के साथ देखना पाप है? नहीं। नूंह का मामला एक विशेष वारदात थी। आदम के स्थान पर नूंह का यह मिशन था कि वह आदम की उन सभी शर्तों को दूर करे जो शैतान के हमले का कारण बनी थीं। नूंह का परिवार, यह दिखाकर कि उन्होंने न तो नूंह की नग्नता पर शर्म महसूस की और न ही उसे ढांकने की कोशिश की, आदम के परिवार की मूल मासूमियत को जो उनके शैतान के साथ रक्त-संबंध की सगोत्रता में जुड़ने से पहले थी, क्षतिपूर्ति की शर्त द्वारा पुनःस्थापित कर सकते थे। इसलिये यह एक क्षतिपूर्ति की शर्त थी जो केवल नूंह के परिवार को ही पूरी करना आवश्यक थी।

२.३ नूंह के परिवार से प्राप्त कुछ शिक्षाएं

यह बात किसी के लिए भी समझना कठिन है कि नूंह किस तरह १२० वर्ष तक पहाड़ पर जहाज़ बनाने का काम करते समय कठोर आलोचना और उपहास का शिकार बन कर भी डटा रहा। हाम यह अच्छी तरह से जानता था कि उसका परिवार उसके पिता की मेहनत के द्वारा बच गया है। इन बातों पर विचार करके हैम के दिल में अपने पिता के लिये ऐसा आदर होना चाहिये था, कि वह अपनी व्यक्तिगत नाराज़गी को वश में कर सके और अपने पिता की नग्नता पर समझ से काम ले। फिर भी नूंह पर भरोसा रखने के बजाए, जो परमेश्वर के द्वारा धर्मी ठहराया गया था, हैम ने स्वार्थी दृष्टिकोण से उसकी आलोचना की और अपनी नाराज़गी अपने कार्यों द्वारा प्रगट की। उसके अपमान का नतीजा यह हुआ कि नूंह के परिवार के द्वारा परमेश्वर की दैवी योजना में लम्बे समय तक उसकी सारी मेहनत चौपट हो गई। हमें भी स्वर्ग के रास्ते की ओर विनम्रता, आज्ञाकारिता और धैर्य से चलने की ज़रूरत है।

आगे, नूंह के परिवार की दैवी योजना हमें परमेश्वर की इच्छा की पूर्ति की सशर्त पूर्वनियति और मनुष्य के हिस्से की जिम्मेदारी के प्रति उसके सम्मान के बारे में सिखाती है। परमेश्वर को नूंह का परिवार सोलह सौ वर्ष की तैयारी के बाद मिला। उसने जहाज़ के निर्माण करने में नूंह का १२० वर्ष मार्गदर्शन किया और बाढ़ से सारी मानवता के बलिदान की बड़ी कीमत पर उसके परिवार को बचा कर बढ़ाया। पुनरुद्धार की दैवी योजना में भले ही वे उसके प्रेम पात्र थे, तथापि, जब हाम ने छोटी सी भूल की, जिससे शैतान को उन पर दाग़ लगाने का अवसर मिला, नूंह के परिवार पर केन्द्रित उसकी संपूर्ण इच्छा शून्य हो गई।

अंत में, नूंह के परिवार के द्वारा परमेश्वर की दैवी योजना हमें मनुष्य के लिये परमेश्वर की सशर्त पूर्वनियति के बारे में सिखाती है। इस तथ्य के बावजूद भी कि परमेश्वर ने कठिन प्रयास के साथ बहुत समय तक नूंह की तलाश की थी, और उसे विश्वास का पिता बनाया, परंतु जब उसके परिवार ने अपनी ज़िम्मेवारी नहीं निबाही, तो परमेश्वर ने, यद्यपि दुखी हो के, उसे छोड़ने में संकोच नहीं किया और उसकी जगह पर अब्राहम को चुना।