भूमिका
प्रत्येक मनुष्य आनन्द और सुख प्राप्त करने के लिये संघर्ष करता है और दुःख और अभाग्य से किनारा करता है। मामूली काम-काज से लेकर बड़ी-बड़ी घटनाएं जो इतिहास के मार्ग को तराशतीं हैं, वास्तव में, प्रत्येक वृत्तांत मनुष्य के सदैव सुख और आनन्द प्राप्त करने की महत्वाकांक्षाओं की अभिव्यंजना है।
तो फिर आनन्द किस प्रकार उत्पन्न होता है? जब लोगों की इच्छा पूर्ण हो जाती है तब वे आनन्द अनुभव करते हैं। हालांकि, लोग प्रायः इस शब्द “इच्छा” का मूल भाव समझने में भूल करते हैं, क्योंकि विद्यमान परिस्थितियों में हमारी अभिलाषा भले की बजाए बुराई का पीछा करती है। जिन अभिलाषाओं का परिणाम अधर्म होता है वह मनुष्य के मौलिक मन से उदित नहीं होती हैं। मौलिक मन यह भली भाँति जानता है कि ऐसी इच्छाएं हमें दुर्भाग्य की ओर ले जातीं हैं। इसलिये, वह अधर्मी इच्छाओं का प्रतिरोध करता है और धर्म की ओर चलने की चेष्टा करता है। लोग अपनी जान पर खेल कर भी ऐसे आनन्द को ढूंढते हैं जो मौलिक मन को निहाल कर सके। यह मनुष्य की दशा है: हम मौत के छाए से दूर होने के लिए ऐसे थका देने वाले मार्गों पर चलकर जीवन के प्रकाश की खोज करते हैं।
क्या कभी किसी ने बुरी अभिलाषाओं के पीछे भाग कर वह आनन्द प्राप्त किया है जो मौलिक मन को भाता है? जब कभी ऐसी आकांक्षा संतुष्ट की जाती है हम अपने अंतःकरण में व्याकुलता और हृदय में दुःख अनुभव करते हैं। क्या कोई माता-पिता अपनी संतान को अधर्म की शिक्षा दे सकता है? क्या कोई शिक्षक जान बूझ कर अपने शिष्य को बुराई सिखा सकता है? मौलिक मन की प्रेरणा, जो हर किसी के पास होती है, वह अधर्म से घृणा करती है और धर्म को ऊँचा उठाती है।
धर्म के मार्ग पर चलने वाले लोगों के जीवन में हम एक गहन संघर्ष देखते हैं जो मौलिक मन की आकांक्षा को एकचित्त हो कर पूरी करना चाहते हैं। फिर भी आदि से अब तक कोई भी ऐसा व्यक्ति नहीं हुआ है जो पूरी तरह से मौलिक मन पर आश्रित होकर चला हो। संत पौलूस लिखता है, “कोई भी धर्मी नहीं है, एक भी नहीं। कोई भी समझदार नहीं है, कोई भी परमेश्वर की खोज नहीं करता है।” (रोमियों ३:१०-११) फिर मनुष्य की स्थिति पर दृष्टि करते हुए उसने कहा, “क्योंकि भीतरी मनुष्यत्व से तो मैं परमेश्वर की व्यवस्था से बहुत प्रसन्न हूँ, परन्तु मुझे अपने अंगों में दूसरे प्रकार की व्यवस्था दिखाई पड़ती है जो मेरी बुद्धि की व्यवस्था से लड़ती है और मुझे पाप की व्यवस्था के बन्धन में डाल देती है जो मेरे अंगों में है। मैं कैसा अभागा मनुष्य हूँ।” (रोमियों ७:२२-२४)
हम प्रत्येक व्यक्ति में अत्यंत अंतर्विरोध की भावना देखते हैं। एक ही व्यक्ति में दो विरोधी झुकाव होते हैं: एक मौलिक मन का है जो धर्म की इच्छा करता है और दूसरा बुरा मन जो अधर्म की चाह करता है। इन दोनों में घोर संघर्ष जारी रहता है जो दो प्रकार के परस्पर-विरोधी उद्देश्यों को प्राप्त करने का प्रयास करते हैं।
कोई भी व्यक्ति जिसमें दो प्रकार की परस्पर-विरोधी प्रवृत्तियाँ हों, वह अवश्य नाश हो जाएगा। क्योंकि, मानवता ने ऐसी दो विरोधाभासी दशा अधिगृहीत की है इसलिए वे विनाश के तट पर रहते हैं। क्या यह संभव है कि मनुष्य के जीवन का आरंभ ऐसे प्रतिवाद के साथ हुआ हो? मनुष्य कैसे आत्म-विरोधाभासी स्वभाव के साथ अस्तित्व में आ सकता है? यदि मनुष्य का जीवन ऐसे प्रतिवाद का भार लेकर आरम्भ हुआ होता तो वह उदित ही ना हो पाता। अतएव, यह प्रतिवाद मानव जाति के जन्म के उपरांत विकसित हुआ होगा। ईसाई मत इस विनाश की दशा को मनुष्य के पतन का परिणाम मानता है।
क्या कोई मनुष्य के पतन की दशा के बारे में विवाद कर सकता है? जब हम इस तथ्य को स्वीकार कर लेते हैं कि पतन के कारण ही हम इस विनाश के तट पर खड़े हैं तो हम हताशापूर्ण इस आंतरिक विरोधाभास का समाधान करने की चेष्टा करते हैं। हम बुरी इच्छाओं का जो अधर्मी मन से निकलतीं हैं प्रतिरोध करते हैं और अच्छी इच्छाओं का जो मौलिक मन से उदित होती हैं आलिंगन करते हैं। तथापि, हमें इस प्रश्न का अंतिम उत्तर अभी तक नहीं मिला है: अच्छे और बुरे की प्रकृति क्या है? हमारे पास अब तक पूर्ण और निश्चित सत्य नहीं है जो हमें इसका अंतर बता सके, उदाहरण की तौर पर ईश्वरवाद और निरीश्वरवाद, इन दोनों में से कौन सा शुभ है और कौन सा अशुभ है। इसके अतिरिक्त, हम इन प्रश्नों के उत्तर से भी बिलकुल अपरिचित हैं: मौलिक मन जो अच्छी भावनाओं का सोता है वह क्या है? और अधर्मी मन का आदि कारण क्या है जो मौलिक मन के विरुद्ध बुराई को उत्तेजित करता है? इस प्रतिवाद का मूल कारण क्या है जो लोगों को विनाश की ओर ले जाता है? बुरी मनोकामनाओं को रोकने और अच्छी मनोकामना पर चलने के लिये हमें इस अज्ञानता पर विजय पानी है ताकि हम भले बुरे में फर्क करने की योग्यता प्राप्त कर सकें। तब हम अच्छे जीवन के मार्ग पर जो मौलिक मन ढूँढता है चल सकते हैं।
ज्ञान के दृष्टिकोण से इस पर ध्यान दिया जाए तो मनुष्य का पतन मानवता का अज्ञानता में गिरना दर्शाता है। मनुष्य के दो पहलू होते हैं आंतरिक और बाह्य, मन और शरीर; उसी प्रकार ज्ञान भी दो पहलुओं में होता है: आंतरिक और बाह्य। इसी तरह अज्ञानता भी दो भाँति की होती है: आंतरिक अनभिज्ञता और बाह्य अनभिज्ञता। आंतरिक अनभिज्ञता, धार्मिक रूप से देखा जाए तो आत्मिक अज्ञानता होती है। यह अनभिज्ञता ऐसे प्रश्नों से संबंधित है: मनुष्य का आदि कारण क्या है? जीवन का उद्देश्य क्या है? मृत्यु के पश्चात क्या होता है? मृत्यु के पश्चात क्या परमेश्वर और अगली दुनिया का अस्तित्व है? धर्म और अधर्म की क्या प्रकृति है? बाह्य अनभिज्ञता प्राकृतिक दुनिया का वर्णन करती है, जिसमें मनुष्य का शरीर भी शामिल है। यह अज्ञानता इन विषयों से संबंधित है: भौतिक विश्व का उद्गम कैसे हुआ? वह प्राकृतिक नियम जो हर वस्तु का नियंत्रण करते हैं वे क्या हैं?
इतिहास के आरम्भ से अब तक, मनुष्य लगातार उस सत्य की खोज में रहा है जिससे इन दोनों प्रकार की अनभिज्ञताओं पर विजय पाकर ज्ञान प्राप्त किया जा सके। मनुष्य धर्म के द्वारा आंतरिक सत्य की खोज करता है, और विज्ञान के द्वारा बाह्य सत्य की खोज करता है। अनभिज्ञता पर विजयी होने और ज्ञान प्राप्त करने के लिये, धर्म और विज्ञान अपने-अपने क्षेत्र में सत्य की खोज का ज़रिया रहे हैं। अंत में धर्म के मार्ग और विज्ञान के मार्ग दोनों को संकलित होकर संगठित उपक्रम से इस समस्या का समाधान करना चाहिये; सत्य के दोनों, आंतरिक और बाह्य, पहलुओं को पूर्ण तालमेल के साथ विकसित होना चाहिये। तब ही हम पूर्ण रूप से अनभिज्ञता से विमुक्त होकर मौलिक मन की इच्छाओं के अनुसार जीने का नित्य आनंद प्राप्त कर सकेंगे।
मनुष्य के जीवन के मूल प्रश्नों का समाधान खोजने में मनुष्य द्वारा अपनाए गए दो व्यापक मार्ग देखे जा सकते हैं। पहला, लोगों ने अब तक परिणामी, भौतिक संसार के मध्य ही खोज की है। जो लोग यह जान कर इस पथ पर चले हैं, कि यही एक सर्वोत्कृष्ट मार्ग है, वे अति प्रगतिशील विज्ञान के वैभव के समक्ष झुक गये हैं। वे इसकी सर्वसमर्थकता और इससे उपलब्ध भौतिक सुख और आराम में गर्व करते हैं। फिर भी, क्या हम बाह्य सुविधाओं के द्वारा जो हमारे शरीर ही को तृप्त करतीं है पूर्ण आनन्द प्राप्त कर सकते हैं? विज्ञान की प्रगति सुविधापूर्ण वातावरण का निर्माण तो कर सकती है जिससे हम धन-संपत्ति और समृद्धि प्राप्त कर सकते हैं, पर क्या यह हमारी आंतरिक आत्मिक तृष्णा को भी संतुष्ट कर सकती है? जो लोग शरीर के क्षणिक आमोद-प्रमोद से प्रसन्न रहते हैं उनकी तुलना प्रबोधन के पथ पर चलने वालों के परमानंद के अनुभवों से नहीं की जा सकती, ऐसा आनंद जो वे साधारण निर्धनता से प्राप्त कर लेते हैं। गौतम बुध महलों के सुख साधन भोग-विलास का त्याग कर के एक विशेष मार्ग की खोज में तल्लीन हो गया था, वह एक अकेला ही नहीं था जो अपने हृदय का विश्रामकक्ष ढूँढता हुआ बेघर घूमता फिरता था। जिस प्रकार एक स्वस्थ शरीर समर्थ मन पर निर्भर होता है, उसी तरह जब मन तृप्त होता है तब शरीर का आनन्द पूर्ण होता है। वह नाविक जो भौतिक संसार के सागर में विज्ञान की पाल लगाकर शारीरिक आराम की खोज में जलयात्रा करता है उसका अंत क्या हो सकता है? वह जिस किनारे पर पहुँचने की वांछा रखता है पहुँच तो जाता है, परन्तु अंत में वह अपने आप यह समझ जाएगा कि वह केवल उसका कब्रिस्तान था, जहाँ पर वह दफ्न होने वाला है, इससे बढ़ कर और कुछ नहीं था।
विज्ञान किस दिशा में जा रहा है? अब तक वैज्ञानिक अनुसंधान ने कारण की आंतरिक दुनिया को गले नहीं लगाया है; वह केवल बाह्य संसार तक ही सीमित रहा है। उसने अब तक तात्विक संसार का आलिंगन नहीं किया है, पर अपने आप को वस्तुगत संसार तक ही सीमित रखा है। फिर भी, विज्ञान आज एक नए पहलू में प्रवेश कर रहा है। उसे आज विवश होकर बाह्य और परिणामी वस्तुगत संसार से अपनी दृष्टि उठा कर आंतरिक, करणीय और तात्विक संसार की ओर करनी पड़ रही है। विज्ञान की दुनिया ने मान लिया है कि वह कारणात्मक, पारलौकिक संसार के सैद्धांतिक स्पष्टीकरण के बिना अपने लक्ष्य को प्राप्त नहीं कर सकते हैं। जब एक नाविक विज्ञान की पाल लगाकर बाहरी सत्य की खोज में अपनी यात्रा पूरी कर लेता है, तो वह एक और पाल, धर्म की पाल, लगाकर आंतरिक सत्य की तलाश में एक नई यात्रा शुरू करता है, अंततः, वह अपने मूल मन के वांछित गंतव्य की ओर चल पड़ता है।
मानव प्रयास का दूसरा दौर परिणामी वस्तुगत संसार से परे तात्विक संसार में मानव जीवन के मौलिक प्रश्नों का समाधान ढूंढने की चेष्टा है। इस बात का खंडन नहीं किया जा सकता कि दर्शन और धर्मों ने जो इस पथ पर चले हैं कई योगदान किए हैं। दार्शनिक, संतों और ऋषि मुनियों ने अपने समय में लोगों के लिए भलाई का मार्ग प्रशस्त किया। फिर भी उनकी कई उपलब्धियां आज के लोगों के लिए आध्यात्मिक बोझ बन गई हैं।
इस पर निष्पक्षता से विचार करें। क्या कभी किसी दार्शनिक ने ऐसा ज्ञान प्राप्त किया है जो मनुष्य की गहरी वेदनाओं को हल कर सके? क्या कभी किसी ऋषि-मुनि ने मनुष्य और विश्व के मूल प्रश्नों का समाधान करके इस पथ को प्रकाशित किया है? क्या उनकी शिक्षा और तत्वज्ञान ने और अधिक अस्तव्यस्त प्रश्न नहीं उठाए, और इस प्रकार संदेहवाद को बढ़ावा दिया है? साथ ही साथ, पुनर्जागरण का प्रकाश जो धर्मों ने हर युग में अंधकार में भटकती हुई मनुष्य की आत्मा पर डाला है आगे बढ़ते हुए इतिहास में फीका पड़ जाता है। और बढ़ते हुए अंधकार में धीमी सी, फड़फड़ाती हुई बत्तियाँ छोड़ जाता है।
ईसाई मत के इतिहास की जाँच करें। मानवता के उद्धार का दावा करके, दो हज़ार वर्ष के उथल-पुथल इतिहास में ईसाइयत ने सारी दुनिया में फैल कर इस युग में अपना बोलबाला किया। तो भी, ईसाइयत के उस जोश की आत्मा का क्या हुआ जिसके जीवन की ज्योति कभी इतनी उज्ज्वल थी कि रोमी साम्राज्य के कठोर अत्याचार के बावजूद भी रोमी नागरिक सूली पर चढ़े हुए यीशु के सामने झुक गये। मध्यकालीन सामंतवादी समाज ने ईसाइयत को जीवित दफना दिया था। यद्यपि, ईसाई संप्रदाय के धर्म-शोधन आंदोलन ने जीवन की ज्योति को बहुत ऊँचा किया फिर भी वह अंधकार के बढ़ते हुए प्रवाह को रोक न सका। जब ईसाई प्रेम कम होने लगा और सारे ईसाई यूरोप में पूंजीवाद का लोभ तेज़ी से बढ़ने लगा, जब गंदी बस्तियों के भूखे आम लोगों का कड़वा कोलाहल ज़ोर करने लगा, तब उनके उद्धार का वायदा स्वर्ग से नहीं वरन पृथ्वी से आया। उसका नाम साम्यवाद था। यद्यपि ईसाई मत ने परमेश्वर का प्रेम घोषित किया, तथापि वह पादरी लोगों के ख़ाली नारों के साथ विकृत हो गया। तब स्वभावतः विद्रोह का परचम लहराने लगा, और यह विवाद खड़ा हुआ कि ऐसा दयाहीन परमेश्वर जो इस प्रकार के कष्ट को घटने देता है, वह अस्तित्व में नहीं हो सकता है।
इस प्रकार आधुनिक भौतिकवाद का जन्म हुआ। पाश्चात्य समाज भौतिकवाद का अड्डा बन गया और यह एक उपजाऊ भूमि थी जिसमें साम्यवाद पनपा। ईसाई मत इस योग्य नहीं रहा कि वह साम्यवाद और भौतिकवाद की सफलताओं में उनकी बराबरी करे और ऐसे सत्य को प्रकाशित नहीं कर सका जिससे वह उन के सिद्धांतों पर विजय पा सके। ईसाई लोग विवश होकर इन विचारधाराओं को अपने मध्य में फूलते बढ़ते और उनका प्रभाव सारी दुनिया में फैलते हुए देखते रह गए। यह कितने दुख की बात है। इसके अतिरिक्त, यद्यपि ईसाई सिद्धांत की शिक्षा के अनुसार सारी मानवता एक ही माता-पिता की संतान हैं, किंतु ईसाई देशों के नागरिक जो इस सिद्धांत का दावा करते हैं वे असमान रंग के लोगों के साथ भाई-बहनों की तरह एक साथ बैठना गवारा नहीं करते। यह आज की ईसाइयत की वास्तविक दशा की चर्चा करती है, जिसने यीशु के वचनों को व्यवहार में लाने की शक्ति खो दी है और एक सफेदी किए हुए मकबरे और बेजान संस्कारों का घर बनकर रह गई है।
एक दिन ऐसा भी समय आ सकता है जब मनुष्य के प्रयास से ऐसे सामाजिक अधर्म का अंत हो जाए, परंतु एक ऐसा सामाजिक दुराचार है जो मनुष्य के प्रयास से मिटाया नहीं जा सकता। वह कामुक व्यभिचारिता है। ईसाई मत के सिद्धांत के अनुसार यह सबसे बड़ा पाप है। यह कितने दुःख की बात है कि आज का ईसाई समाज इस विनाश के मार्ग को बंद नहीं कर सका, जिसमें बहुत से लोग आँखें बंद करके चलते जा रहे हैं।
ईसाइयत इस खलल और विभाजन का शिकार बन गई है, और आज वह विवश होकर अनगिनत जीवनों को इस अनैतिकता के भँवर में खिंचते जाते देख रही है। यह साक्ष्य है कि इस युग में औपचारिक ईसाइयत मानवता को बचाने की दैवी योजना का कार्य करने में असमर्थ है।
क्या कारण है कि धार्मिक लोग, जबकि वे बड़े मन से आंतरिक सत्य की खोज करते हैं फिर भी परमेश्वर के दिये हुए मिशन को कार्यान्वित करने में असफल रहते हैं। तात्विक संसार और वस्तुगत संसार के संबंध की तुलना मन और शरीर के संबंध के साथ की जा सकती है। यह संबंध कारण और प्रतिफल, आंतरिक और बाह्य, कर्ता साझी और पात्र साझी के बीच होते हैं। (प्रति-संदर्भ—सृष्टि १.१) जिस प्रकार मनुष्य, पूर्णता उस समय प्राप्त कर पाते हैं, जब उनका मन और शरीर पूर्ण रूप से संगठित हो जाता है, उसी प्रकार तात्विक संसार और वस्तुगत संसार, जबतक दोनों पूर्ण रूप से संयुक्त नहीं हो जाते तब तक आदर्श संसार साकार नहीं किया जा सकता। जिस प्रकार मन और शरीर का अटूट संबंध है उसी प्रकार वस्तुगत संसार, तात्विक संसार से अलग नहीं रह सकता, और तात्विक संसार भी वस्तुगत संसार से अलग नहीं रह सकता। तदनुकूल, मृत्यु के उपरांत का जीवन, पृथ्वी के जीवन के साथ अभिन्नता से जुड़ा है। आत्मिक उल्लास यथार्थ शारीरिक आनंद के बिना अपूर्ण है।
अनंत जीवन की खोज में धर्मों ने संसार में अपने जीवन को नकारने का अत्यधिक प्रयास किया है। उन्होंने आत्मिक उल्लास प्राप्त करने के लिये शारीरिक विहार का तिरस्कार किया है। तथापि, लोग चाहे जितना कठिन प्रयास क्यों ना कर लें फिर भी वे इस संसार की वास्तविकता से अलग नहीं हो सकते या शारीरिक आमोद-प्रमोद की कामनाओं को मार नहीं सकते, जो परछाई की तरह उनके साथ, साथ चलती रहती है, वह झटक के दूर नहीं की जा सकती। यह संसार और इसकी कामना धार्मिक लोगों को ज़ोर से पकड़ कर रखती है और उन्हें वेदना की गहरी खाई में ढकेलती है। इस प्रकार का विरोधाभास उनके धार्मिक जीवन में रोग की तरह लगा रहता है। बहुत से प्रबुद्ध आध्यात्मिक अगुवे इस विरोधाभास से हार कर मिट गये हैं। आजकल के धर्मों की निर्बलता और असफलता का यह मुख्य कारण है, वे अब तक इस आत्म-विरोधाभास पर विजय प्राप्त नहीं कर सके हैं।
धर्मों की निश्चित अवनति का एक और दूसरा कारण भी है। विज्ञान की वृद्धि के साथ कदम से कदम मिला कर चलने से मनुष्य का विवेक बौद्धिक रूप से अत्यंत व्यावहारिक हो गया है, जिसको अब वास्तविकता समझने के लिये वैज्ञानिक पहुँच की आवश्यकता पड़ रही है। दूसरी तरफ, धर्मों के परंपरागत सिद्धाँत वैज्ञानिक स्पष्टीकरण से विहीन हैं। कहने का अर्थ यह हुआ आज के आंतरिक सत्य और बाह्य सत्य की प्रचलित व्याख्या एक दूसरे से सम्मत नहीं हैं।
धर्म का अंतिम लक्ष्य उसी समय प्राप्त हो सकता है जब कोई पहले अपने हृदय में विश्वास करे और फिर उस पर अमल करे। तथापि, समझने से पहले विश्वास अवस्थित नहीं होता। उदाहरण की तौर पर, सत्य को समझने के लिये और उससे अपने विश्वास को दृढ़ करने के लिये ही हम पवित्र शास्त्र का अध्ययन करते हैं। यीशु ने आश्चर्य कर्म इसी लिये किए ताकि लोग यह देख कर उस पर विश्वास करें कि वह मसीह है। समझ ज्ञान का आरंभ बिन्दु है। परन्तु आज जिस वस्तु से विज्ञान का तर्क प्रमाणित नहीं किया जा सकता उसे लोग स्वीकार नहीं करते। चूँकि धर्म, विश्वास को तो छोड़ो, समझ के स्तर तक भी लोगों का मार्गदर्शन करने में असफल है, इसलिए धर्म आज अपना उद्देश्य साकार नहीं कर पाता है। आंतरिक सत्य भी विश्वसनीय व्याख्या की मांग करता है। यथार्थतः, इतिहास के लम्बे दौरान में, धर्म उस समय की खोज में आगे बढ़ते आए हैं, जब उनकी शिक्षा वैज्ञानिक दृष्टि से स्पष्ट की जा सके।
धर्म और विज्ञान, जिनका लक्ष्य मनुष्य की अनभिज्ञता के दोनों पहलुओं को दूर करना है, अपने विकास के दौरान में, ऐसा प्रतीत होता है कि उन्होंने परस्पर-विरोधी स्थान अपना लिए हों जो एक दूसरे से मेल नहीं खाते। तथापि, मनुष्य को अनभिज्ञता के दोनों पहलुओं पर पूर्णतः विजयी होने के लिये और अच्छाई को जो मौलिक मन चाहता है पूर्ण रूप से साधित करने के लिये, इतिहास के किसी मोड़ पर एक नया सत्य अवश्य उदित होना चाहिए जो विज्ञान और धर्म का मेल करे और उनकी समस्या संकलित उपक्रम के द्वारा हल करे।
हो सकता है कि यह बात धर्म के अनुचरों को, विशेषकर ईसाइयों को यह जान कर कि सत्य की एक नई अभिव्यंजना प्रकट होने वाली है, ग्रहणीय न हो। उनका विश्वास है कि जो धर्मशास्त्र उनके पास हैं वे त्रुटिहीन और पूर्ण हैं। निस्संदेह, सत्य अपने आप में स्वयं अद्वितीय, अनंत, अपरिवर्तनशील और पूर्ण है। हालाँकि, धर्मशास्त्र स्वयं अपने आप में सत्य नहीं हैं, परन्तु वे सत्य की शिक्षा की पाठ्य पुस्तक हैं। सत्य, इतिहास के विभिन्न समय में, जैसे-जैसे मनुष्य का आत्मिक और बौद्धिक रूप से विकास होता रहा, दिया गया है। शिक्षा की गहराई, विस्तार और सत्य को स्पष्ट करने की रीति हर युग के अनुसार स्वभावतः बदलती रही है। इसलिये हम ऐसी पाठ्य पुस्तकों को हर प्रकार से पूर्ण नहीं मान सकते। (प्रलयोत्तर विज्ञान ५)
अंतिम सत्य की खोज के लिये लोगों को धर्म की आवश्यकता है ताकि वे अपने मौलिक मन की इच्छा के अनुसार अच्छाई साकार कर सकें। इस प्रकार प्रत्येक धर्म का उद्देश्य अभिन्न है। तथापि, धर्म जिन संस्कृतियों से उदित हुए हैं, विशेष अभियानों के अनुसार अपने ऐतिहासिक युग में अनेक रूपों में प्रकट हुए हैं। इसी कारण उनके धर्मग्रंथों ने भी विभिन्न रूप धारण किए हैं। प्रत्येक धर्मग्रंथ का उद्देश्य एक ही है: यह कि अपने चारों ओर का स्थान अपनी ज्योति से रोशन करें। तो भी जब कोई अधिक उज्ज्वल ज्योति अलंकृत होती है तब उसके सामने पुरानी बत्ती धीमी पड़ जाती है और उसका नियोग समाप्त हो जाता है।
चूँकि धर्मों में आधुनिक मनुष्य को मृत्यु के अंधकार से निकाल कर जीवन के पूर्ण प्रकाश में लाने की शक्ति का अभाव है, इसलिये सत्य के एक नए पहलू का प्रकट होना आवश्यक है ताकि वह एक नई और अधिक उज्ज्वल ज्योति प्रकाशित करे। यीशु मसीह ने यह संकेत किया था कि परमेश्वर एक दिन नया सत्य प्रकट करेगा, “मैंने यह बातें तुम से दृष्टान्तों में कहीं हैं, परन्तु वह समय आता है कि मैं तुम से फिर दृष्टान्तों में नहीं कहूँगा, परन्तु खोल कर तुम्हें पिता के विषय में बताऊँगा।” (यूहन्ना १६:२५)
नए सत्य का मिशन क्या होगा जो उसे पूर्ण करना चाहिये? नए सत्य को, आंतरिक सत्य जिसकी खोज धर्म करता है, और बाह्य सत्य जिसकी खोज विज्ञान करता है, दोनों में सामंजस्य स्थापित करना चाहिए। फलस्वरूप, यह लोगों की दोनों प्रकार की अनभिज्ञता, आंतरिक और बाह्य, पर पूर्ण रूप से विजय पाने में सहायता कर सकेगा, ताकि वे पूर्ण रूप से दोनों प्रकार के ज्ञान को समझ सकें। आगे, नया सत्य अधर्मी मन के मार्गों का अवरोध करने में उनकी पतित लोगों की अगवाई करेगा और मौलिक मन के लक्ष्यों को प्राप्त करने और भलाई को हस्तगत करने में सहायक होगा। यह लोगों के मन की दोहरी प्रवृत्ति को, जो कभी धर्म और कभी अधर्म के पीछे भागती है, दूर करने में उनका मार्गदर्शन करेगा। यह धार्मिक लोगों को, जो सच्चाई के मार्ग पर चलने के कारण संघर्ष अनुभव करते हैं, उनके इस विरोधाभास पर विजयी होने के लिए, उन्हें समर्थ करेगा। पतित लोगों के लिये, ज्ञान जीवन की ज्योति है जो पुनर्जागरण की क्षमता रखता है, और अनभिज्ञता मृत्यु की परछाईं है जो विनाश का कारण है। अनभिज्ञता सच्ची भावुकता को जन्म नहीं दे सकती, और ज्ञान और भाव की अनुपस्थिति इच्छा-शक्ति को कार्य करने का मनोबल नहीं दे सकती।
बुद्धि, भाव और इच्छा-शक्ति के यथायोग्य कृत्य के बिना मनुष्य सच्चे मानव का जीवन नहीं जी सकता। यदि हमारी सृष्टि इस प्रकार हुई है कि हम परमेश्वर से अलग होकर नहीं जी सकते, तो अवश्य ही परमेश्वर के विषय में हमारी अनभिज्ञता हमें दुःख के मार्ग के हवाले करेगी। यद्यपि हम बड़े यत्न से बाईबल का अध्ययन करें, तो भी क्या हम कह सकते हैं कि हम परमेश्वर की वास्तविकता के बारे में स्पष्टता से जानकारी रखते हैं? क्या हम परमेश्वर के हृदय को समझ सकते हैं? सत्य की नई अभिव्यक्ति परमेश्वर के हृदय को प्रकट करने में सक्षम होनी चाहिए: सृष्टि की रचना के समय उसका हर्षपूर्ण हृदय; उसके टूटे हुए दिल का अनुभव जब मनुष्य उसके बच्चों ने जिन्हें वह त्याग नहीं सकता था उसके ख़िलाफ विद्रोह किया, और इतिहास के लम्बे दौरान में उन्हें बचाने का प्रयत्न करते रहने पर उसका दुखित हृदय।
मानव इतिहास, उन लोगों के जीवन से बुना हुआ है जो भले और बुरे दोनों की ओर झुके हैं, संघर्ष से भरा हुआ है। आज, बाह्य संघर्ष—संपत्ति, लोगों और भूमि क्षेत्र आदि पर झगड़ा—अब धीरे, धीरे समाप्त होता जा रहा है। लोग आपस के जाति मतभेद पर जयंत होकर ताल-मेल कर रहे हैं। द्वितीय विश्वयुद्ध के विजेता देशों ने अपने उपनिवेशों को स्वतंत्र कर दिया है, और बड़े शक्तिमान देशों के साथ बराबरी का स्थान देकर उन्हें संयुक्त राष्ट्र संघ के सदस्यों में सहभागी बना दिया था और अब वे सब मिलकर विश्व व्यवस्था के लिये कार्य कर रहे हैं। आर्थिक विषयक चिंतन के आगे अंतर्राष्ट्रीय संबंधों में शत्रुता और आपसी मतभेद कम हो रहे हैं और अनेक देशों ने मिलकर साझा बाज़ार का निर्माण किया है। संस्कृतियाँ स्वतंत्रता से फैल रहीं हैं, राष्ट्रों का पारंपरिक पृथक्करण मिटाया जा रहा है और पूर्व और पश्चिम देशों के बीच की दूरी पर पुल बांधा जा रहा है।
फिर भी, एक अंतिम और अनिवार्य संघर्ष हमारे सामने खड़ा है, प्रजातंत्र और साम्यवाद के बीच का युद्ध। यद्यपि प्रत्येक पक्ष ने भयंकर शस्त्र धारण कर लिये हैं और युद्ध के लिये तैयार बैठे हैं, इनके संघर्ष का मूल कारण आंतरिक और वैचारिक है। इस वैचारिक युद्ध में कौन से पक्ष की विजय होगी? जो कोई परमेश्वर की वास्तविकता पर विश्वास करता है वह अवश्य ही कहेगा कि प्रजातंत्र की ही जीत होगी। तो भी प्रजातंत्र के पास कोई ऐसा सिद्धाँत नहीं है जो साम्यवाद पर विजय पा सके, और ना ही उसमें ऐसी शक्ति है। इसलिये, परमेश्वर के उद्धार की दैवी योजना के परिपूर्ण होने के लिये, इस नए सत्य को पहले प्रजातंत्र दुनिया के आदर्शवाद को ऊँचा उठा कर नए स्तर पर लाना चाहिये, तब उसे भौतिकवाद को आत्मसात् करने के लिये प्रयोग करना होगा, इस प्रकार अंत में वह मानवता को एक नई दुनिया में लाएगा। इस सत्य को इतिहास के प्रत्येक धर्म, विचारधारा और दर्शनशास्त्र के बीच पूर्ण एकता लानी चाहिये।
कुछ लोग सचमुच, धर्म में विश्वास करने से इनकार करते हैं। वे इसलिये विश्वास नहीं करते हैं क्योंकि वे परमेश्वर की वास्तविकता और मृत्यु के पश्चात जीवन के बारे में नहीं जानते। चाहे इस वास्तविकता को वह कितना ही अस्वीकार क्यों न करें, तो भी मनुष्य का स्वभाव ऐसा है कि यदि यह वैज्ञानिक दृष्टि से सिद्ध हो जाये तो वे अवश्य स्वीकार कर लेंगे और विश्वास भी करेंगे। इसके अतिरिक्त, परमेश्वर ने मनुष्य को एक ऐसा स्वभाव दिया है कि जो लोग जीवन का चरम लक्ष्य भौतिक संसार में ही रखते हैं, वे अंततः अपने हृदय में शून्यता और खालीपन का अनुभव करते हैं। जब इस नए सत्य के द्वारा वे परमेश्वर को जानने लगेंगे और आत्मा लोक की वास्तविकता का सामना करेंगे, तो वे यह जान जाएंगे कि उन्हें अपना चरम लक्ष्य भौतिक संसार पर नहीं रखना चाहिये, परन्तु उन्हें अनन्त जीवन की ओर देखना चाहिये। वे विश्वास के मार्ग पर चलेंगे, और जब वह अपने अंतिम गंतव्य पर पहुँच जाएंगे, तब वे भाई और बहनों की तरह आपस में मिलेंगे।
यदि सब लोग इस सत्य के बल पर इस प्रकार से भाई बंधु की भाँति मिलें, तो फिर वह कैसा संसार होगा? इस नए सत्य के प्रकाश में वे सब, जिन्होंने इस लंबे इतिहास के दौरान अनभिज्ञता के अंधकार को दूर करने के लिए संघर्ष किया है, साथ इकट्ठे होंगे। वे सब मिलकर एक बड़ा परिवार बनाएंगे।
चूँकि सत्य का उद्देश्य भलाई को साकार करना है, और चूँकि परमेश्वर अच्छाई का आदि कारण है, वह इस सत्य पर संस्थापित दुनिया का मध्य बिंदु होगा। हर कोई परमेश्वर को अपना माता-पिता मान कर पूजेगा और उसकी सेवा करेगा और एक दूसरे के साथ भाई-बंधु की तरह ताल-मेल से रहेगा। यह मनुष्य का स्वभाव है कि जब लोग अपने पड़ोसी के साथ अपने स्वार्थ के कारण बुरा करते हैं तो वे उसके अनुचित लाभ से जितना आनन्द उठाते हैं उससे कहीं अधिक वे अपनी अंतरात्मा में कष्ट और पछतावा अनुभव करते हैं। जो कोई इस बात को समझेगा वह अपने पड़ोसी को दुःख पहुँचाने से अपने आप को रोकेगा। जब सच्चा भाई-बंधुओं का प्रेम लोगों के हृदयों की गहराइयों से उमड़ेगा तब उन्हें अपने पड़ोसी को कष्ट पहुँचाने की इच्छा तक नहीं होगी। ऐसे समाज में यह और कितना वास्तविक होगा, जहाँ लोग यथार्थतः अनुभव करते हों कि परमेश्वर, जो समय और अंतरिक्ष से परे है और उनके हर कार्य पर नज़र रखता है, यह चाहता है कि लोग एक दूसरे से प्रेम रखें। अतएव, जब मनुष्य के पतित इतिहास का अंत होगा तब एक नया ऐतिहासिक युग आरम्भ होगा जहाँ लोग पाप बिलकुल नहीं करेंगे।
जो लोग परमेश्वर पर विश्वास करने के बावजूद भी पाप करते हैं उसका कारण यह है कि परमेश्वर पर उनका विश्वास केवल वैचारिक होता है। उनका विश्वास उनकी आंतरिक अनुभूति को स्पर्श नहीं कर पाया है। जिन्होंने परमेश्वर का अनुभव दिल की गहराइयों में किया हो उनमें से कौन इस प्रकार पाप करने का साहस करेगा? यदि उन्होंने परमेश्वर के नियम की वास्तविकता को महसूस किया है तो क्या वे यह सोच कर कांपेंगे नहीं कि जो अपराध करता है वह नरक से नहीं बच सकता? वह दुनिया जिस में पाप नहीं हो, जिसका वर्णन अभी किया है, ऐसी दुनिया मानवता की लंबी खोज का लक्ष्य है, वह स्वर्ग का राज्य कहा जा सकता है। ऐसी दुनिया जब पृथ्वी पर स्थापित की जाएगी तो वह दुनिया पृथ्वी पर स्वर्ग का राज्य कहलाएगी।
इस प्रकार हम इस निष्कर्ष पर पहुँचते हैं कि परमेश्वर के उद्धार के कार्य का अंतिम अभिप्राय पृथ्वी पर स्वर्ग का राज्य स्थापित करना है। ऊपर यह बात स्पष्ट की गई है कि मनुष्य का पतन हुआ है, और यह पतन मनुष्य की सृष्टि के पश्चात हुआ था। यदि हम परमेश्वर के अस्तित्व को स्वीकार करते हैं, तो यह स्पष्ट है कि आरम्भ में, हमारे पहले पूर्वजों के पतन से पहले, परमेश्वर किस प्रकार की दुनिया बनाना चाहता था। तो यह कहना यथेष्ट होगा कि ऐसी दुनिया को पृथ्वी पर स्वर्ग का राज्य होना चाहिए था, जहाँ परमेश्वर की सृष्टि का उद्देश्य पूर्ण होता है। (प्रति-संदर्भ—सृष्टि ३:१) पतन के कारण, मानवता यह दुनिया बनाने में असफल रही। इसके बजाए वे अज्ञानता में पड़ गये और पतित दुनिया बना बैठे। तब से मनुष्य पृथ्वी पर स्वर्ग का राज्य, वह दुनिया जिसकी परमेश्वर को आरंभ में आशा थी, पुनःस्थापित करने के लिए लगातार संघर्ष करता आया है। इतिहास के इस लम्बे अरसे में वे आंतरिक और बाह्य दोनों प्रकार के सत्य की खोज करते आये हैं, और भलाई का अनुसरण करने की चेष्टा करते आये हैं।
यथा, मानव इतिहास की आड़ में परमेश्वर की दैवी योजना जिससे परमेश्वर पृथ्वी पर स्वर्ग के राज्य की, जहाँ उसकी सृष्टि का उद्देश्य पूर्ण होता है, पुनःस्थापना का कार्य करता है। इस प्रकार नया सत्य मानवता का उनकी मूल अवस्था में लौटने के लिये मार्गदर्शन करेगा। यह कार्य करने के लिये नए सत्य को मनुष्य और विश्व की सृष्टि की रचना करने का परमेश्वर का क्या अभिप्राय था प्रगट करना होगा और पुनरुद्धार की प्रक्रिया और उसका अंतिम लक्ष्य क्या है सिखाना होगा।
क्या मनुष्य का पतन जैसा बाईबल में लिखा है, यथाशब्द भले और बुरे के ज्ञान के वृक्ष का फल खाने से हुआ? यदि नहीं, तो फिर पतन का और क्या कारण हो सकता है? नए सत्य को इन प्रश्नों के साथ और बहुत से प्रश्नों का उत्तर देना चाहिये, ऐसे प्रश्न जिनसे गम्भीर विचारक युगों से विस्मित रहे हैं और उनको दुःख पहुँचा है। परमेश्वर ने, जो पूर्णता और सौन्दर्य का ईश्वर है, मनुष्य की सृष्टि पतन की संभावना होने के बावजूद क्यों की? सर्वज्ञ और सर्वशक्तिमान परमेश्वर ने पतन को क्यों नहीं रोका, जबकि वह यह जानता था कि उनका पतन हो रहा है? परमेश्वर ने पतित मनुष्य को अपनी सर्वशक्तिमानता से तत्क्षण क्यों नहीं बचाया?
प्राकृतिक दुनिया में छिपे हुए वैज्ञानिक नियमों को देख कर हम उन पर आश्चर्य करते हैं, इससे हम यह परिणाम निकाल सकते हैं कि परमेश्वर ही उसका सृष्टिकर्ता है, और सचमुच वही विज्ञान का आदि कारण है। यदि मानव इतिहास परमेश्वर के पुनरुद्धार की दैवी योजना है, जहाँ उसकी सृष्टि की रचना का उद्देश्य पूर्ण होता है, तो परमेश्वर, जो सब नियमों का प्रभु है, उसने किसी विशेष व्यवस्थित परियोजना के अनुसार ही अपनी इस लम्बी दैवी योजना को निश्चित किया होगा। यह समझना हमारा अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है कि मनुष्य का पतित इतिहास किस प्रकार से आरंभ हुआ, पुनरुद्धार के वे कौन से सूत्र और नियम हैं जो दैवी योजना की कार्यवाही का नियंत्रण करते हैं, इतिहास कैसे समाप्त होगा, और अंत में मानवता किस प्रकार के संसार में प्रवेश करेगी। नए सत्य को जीवन के इन सब गूढ़ प्रश्नों का उत्तर देना होगा।
जब सब उत्तरों का स्पष्टीकरण हो जाएगा तब परमेश्वर, वह अधिपति जो इतिहास का मार्गदर्शन करता है, उसके अस्तित्व को नकारा नहीं जा सकेगा। हम प्रत्येक ऐतिहासिक घटनाओं में परमेश्वर के हृदय के निशान पहचान सकेंगे, कि उसने किस प्रकार पतित मानवता के उद्धार के लिये संघर्ष किया है।
इसके अतिरिक्त, नया सत्य, ईसाई मत के बहुत से कठिन उलझनों का, जिसको अपनी संस्कृति का दायरा समस्त विश्व में स्थापित करने का मिशन प्राप्त है, स्पष्टीकरण करेगा। शिक्षित लोग इस साधारण दावे से कि यीशु परमेश्वर का पुत्र और मानवता का उद्धारकर्ता है संतुष्ट नहीं हैं। ईसाई मत के सिद्धांतों की गहरी महता को समझने की कोशिश में उन्होंने बहुत से आध्यात्मिक वाद-विवाद किए हैं। नया सत्य परमेश्वर, यीशु और मनुष्य के बीच क्या रिश्ता है, स्पष्ट करेगा; यह सब सृष्टि के नियम के प्रकाश में स्पष्ट किया जायेगा। साथ ही साथ, उसे पवित्र ट्रिनिटी (पिता, पुत्र और पवित्र आत्मा) के गूढ़ रहस्य को स्पष्ट करना होगा।
उसे यह भी दिखाना होगा कि मनुष्य का उद्धार परमेश्वर के इकलौते पुत्र का सूली पर रक्त बहाने के द्वारा ही किस प्रकार संभव था।
इसके बाद भी और अधिक कठिन प्रश्न अवशेष रहते हैं। ईसाई लोगों का ऐसा विश्वास है कि सूली के प्रायश्चित द्वारा उद्धार मिलता है। फिर भी, आज तक किसी ने ऐसे निष्पाप बच्चे को जन्म नहीं दिया है जिसे मुक्तिदाता से उद्धार की आवश्यकता ना हो। इससे यह स्पष्ट होता है कि मसीह के द्वारा नया जन्म प्राप्त करने के पश्चात भी लोग मूल पाप अपनी संतान को पारित करते हैं। यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण प्रश्न खड़ा करता है: सूली के द्वारा किस हद तक मुक्ति मिलती है?
दो हज़ार वर्ष के ईसाइयों के इतिहास में करोड़ों ईसाई लोगों ने शेख़ी के साथ यह बात कही है कि क्रूस पर बहाये गये रक्त के द्वारा हमें हमारे सारे पापों से क्षमा प्राप्त हुई है। फिर भी वास्तव में, निष्पाप लोग, परिवार और समाज अब तक देखने में नहीं आए हैं। इसके अतिरिक्त यह देखने में आया है कि ईसाइयत का उत्साह धीरे, धीरे कम होता जा रहा है। पारंपरिक विश्वास कि क्रूस के द्वारा पूर्ण मोचन प्राप्त होता है और वर्तमान वास्तविकता के बीच असंगति का हम किस प्रकार समाधान कर सकते हैं। अनेक धर्म संकटों में से यहाँ केवल कुछ ही का वर्णन किया गया है। नया सत्य जिसकी हमें बड़ी लालसा है, वह इसके सरल उत्तर प्रस्तुत करेगा।
बाईबल में बहुत से कठिन रहस्य पाए जाते हैं, जो कि प्रतीकात्मक और लाक्षणिक हैं, जैसे कि: मसीह को दूसरी बार क्यों आना चाहिए? वह कब और कहाँ वापस आएगा? मसीह के दूसरे आगमन पर पतित लोगों का पुनरुत्थान किस प्रकार से होगा? बाईबल की ऐसी भविष्यवाणियाँ कि अग्नि और दूसरे क्लेशों के द्वारा स्वर्ग और पृथ्वी का विनाश होगा, इनका क्या अर्थ है? नया सत्य इन रहस्यों का स्पष्टीकरण करेगा, गोपनीय भाषा में नहीं परन्तु, जैसे यीशु मसीह ने वायदा किया था, सरल भाषा में जो हर कोई समझ सके (यूहन्ना १६:२५)। बाईबल की ऐसी प्रतीकात्मक और लाक्षणिक आयतों के विभिन्न व्याख्याओं के कारण ईसाई मत के अनेक संप्रदाय बन गए हैं। नए सत्य के स्पष्टीकरण की सहायता से ही हम ईसाई मत का एकीकरण कर सकते हैं।
यह चरम जीवनदायी सत्य, तथापि, न तो शास्त्रों की विस्तारपूर्ण जाँच-पड़ताल से या विद्वत्तापूर्ण मूलपाठ से और ना ही मनुष्य की बुद्धि के द्वारा समझा जा सकता है। जैसे कि प्रकाशितवाक्य की पुस्तक में लिखा है, “तुझे बहुत से लोगों, और जातियों, और भाषाओं और राजाओं के विषय में फिर भविष्यवाणी करनी होगी”। (प्रकाशितवाक्य १०:११) इस सत्य को परमेश्वर के दैवी प्रकटीकरण के द्वारा प्रकट होना चाहिये।
समय के पूरे होने के साथ, परमेश्वर ने एक व्यक्ति को इस दुनिया में विश्व की और मनुष्य की मूलभूत समस्याओं का समाधान करने के लिये भेजा है। उस का नाम सन मियंग मुन है। कई दशाब्दियों तक वह आत्मालोक में जो इतना विशाल है कि जिसका अनुमान नहीं लगाया जा सकता है परिभ्रमण करते रहे। सत्य की खोज में वे क्लेश से भरे रक्तरंजित पथ पर चले, वह ऐसे क्लेश से होकर गुज़रे जो केवल परमेश्वर ही जानता है। चूँकि वे जानते थे कि मानवता को बचाने के लिये कोई भी उस चरम सत्य को अति कटु पीड़ादायक परीक्षण के बिना प्राप्त नहीं कर सकता। आत्मालोक में और भौतिक संसार में वे करोड़ों शैतानों से लड़े, और सब के ऊपर जयंत हुए। परमेश्वर की आंतरिक सहभागिता और प्रभु यीशु मसीह और परलोक में बहुत से संतों से मिलकर, उन्होंने स्वर्ग के रहस्य को प्रकाशित किया है।
इन पन्नों पर जो वचन अंकित हैं वह तो केवल इस सत्य का एक भाग ही है। यह पुस्तक तो केवल उनके अनुयायियों ने जो सुना और देखा है उसका संग्रह है। हमें विश्वास है कि आगे चलकर ठीक समय में सत्य के और अधिक गम्भीर अंश प्रकाशित किए जाएंगे।
दुनिया के हर कोने में, अनगिनत लोग जो अंधकार में सत्य की खोज करते हैं वह आज इस नए सत्य के प्रकाश को ग्रहण कर रहे हैं और उनका पुनरुत्थान हो रहा है। हम जो इस के साक्षी हैं, गहरी प्रेरणा के आँसू बहाये बिना नहीं रह सकते। हमारे हृदय की आकांक्षा है कि इसका प्रकाश समस्त संसार में शीघ्र ही भर जाए।
- अध्याय २ मनुष्य का पतन
- अध्याय ५ पुनरुत्थान
- अध्याय ६ पूर्वनियति
- अध्याय ७ ख्रीस्त-बोध
- अध्याय १ पुनरुद्धार की नींव डालने की दैवी योजना
- अध्याय २ पुनरुद्धार की दैवी योजना में मूसा और यीशु
- अध्याय ३ दैवी योजना के इतिहास की कालावधि और उनकी लंबाई का निर्धारण
- अध्याय ४ पुनरुद्धार की दैवी योजना में दो युगों के मध्य समानांतर काल
- अध्याय १ सृष्टि का नियम
- पुनरुद्धार का परिचय
- अध्याय ४ मसीह: उसका आगमन और उसके दूसरे आगमन का उद्देश्य
- अध्याय ५ मसीह के दूसरे आगमन की तैयारी की अवधि
- अध्याय ६ दूसरा आगमन
- अध्याय ३ अंतिम दिनों संबंधी उपदेश और मानव इतिहास