दिव्य नियम का अध्ययन और अभ्यास
मेरे बुकमार्क

आपके पास अभी कोई बुकमार्क नहीं है।

संभाग १. परमेश्वर और रचित विश्व के द्वैत अभिलक्षण

१.१ परमेश्वर के द्वैत अभिलक्षण

हम अदृष्ट परमेश्वर की दिव्य प्रकृति को किस प्रकार समझ सकते हैं? एक उपाय है, यदि हम उसकी बनाई हुई सृष्टि का परीक्षण करें तो हम उसकी दिव्यता को समझ सकते हैं। संत पौलुस ने इस प्रकार कहा है: उसके अनदेखे गुण, अर्थात उसकी सनातन सामर्थ्य और परमेश्वरत्व, जगत की सृष्टि के समय से उसके कामों के द्वारा देखने में आते हैं, यहाँ तक कि वे निरुत्तर हैं।—रोमियों १:२० जिस प्रकार एक कलाकृति उसके निर्माता की अदृष्ट प्रकृति को ठोस रूप में प्रदर्शित करती है, निर्मित विश्व की हर वस्तु भी उसके निर्माता की प्रकृति के कुछ अदृश्य दिव्य गुणों का भौतिक प्रत्यक्षीकरण है। इस प्रकार हर वस्तु परमेश्वर से संबंधित है। जिस तरह हम किसी कलाकार के स्वभाव को उसकी कलाकृति के द्वारा समझ सकते हैं, उसी प्रकार हम परमेश्वर की प्रकृति को भी उस की बनाई हुई सृष्टि की सभी वस्तुओं के द्वारा समझ सकते हैं।

आइए हम प्राकृतिक जगत के सामान्य पदार्थों पर जो सर्वत्र पाये जाते हैं दृष्टि करें।

प्रत्येक सत्व में यांग (पुरुषत्व) और यिन (नारीत्व) के द्वैत अभिलक्षण पाये जाते हैं, और यह दोनों जब आपस में एक दूसरे के साथ और एक दूसरे के बीच, और दूसरे तत्वों के साथ मिलकर पारस्परिक संबंध स्थापित करते हैं तब ही अस्तित्व में आते हैं।

उदाहरण के तौर पर, सूक्ष्माणु, जो सभी पदार्थों का मूलभूत अंग होता है, उसमें या तो धनात्मक प्रभार होता है या ऋणात्मक प्रभार होता है और या निष्प्रभावी प्रभार होता है, जो धनात्मक और ऋणात्मक अंशभूत के निष्प्रभावीकरण से अस्तित्व में आता है। जब एक कण अपने द्वैत अभिलक्षण से एक दूसरे के साथ पारस्परिक संबंध से जुड़ जाते हैं तब वह परमाणु बनते हैं। परमाणु भी या तो धनात्मक या ऋणात्मक संयोजन क्षमता प्रदर्शित करते हैं। जब एक परमाणु के द्वैत अभिलक्षण दूसरे परमाणु के द्वैत अभिलक्षणों के साथ पारस्परिक संबंध बनाते हैं तब अणुकणिका का जनन होता है। इस प्रकार से बनी हुई अणुकणिका भी आगे चलकर अपने द्वैत अभिलक्षणों के बीच पारस्परिक संबंध करके पौधों और पशुओं के खाने के पौष्टिक पदार्थ बन जाते हैं।

पौधे अपने पुंकेसर और गर्भ केसर के द्वारा प्रजनन करते हैं। नर और मादा पशु एक दूसरे के साथ प्रसंग करके अपनी उपजाति बनाए रखते हैं। बाईबल के अनुसार, आदम की सृष्टि के पश्चात परमेश्वर ने यह देखा कि उसका अकेले रहना अच्छा नहीं है। (उत्पत्ति २:१८) आदम का प्रतिरूप नारी, हव्वा की सृष्टि के पश्चात ही परमेश्वर ने कहा कि उसकी सृष्टि “बहुत अच्छी है”। (उत्पत्ति १:३१)

यद्यपि, परमाणु धनात्मक और ऋणात्मक आयनीकरण के पश्चात आयन बन जाते हैं तब भी प्रत्येक दृढ़ योग में धनात्मक केन्द्रक (nucleus) और ऋणावेश सूक्ष्माणु (electron) होते हैं। इसी प्रकार हर एक पशु, चाहे वह नर हो या मादा, अपना जीवन अपने आंतरिक यांग (पुरुषत्व) और यिन (नारीत्व) के पारस्परिक संबंध के द्वारा बनाए रखते हैं। और ऐसा ही पौधों में भी होता है। यही लोगों में होता है, पुरुषों में अदृश्य स्त्रीवाची स्वभाव निहित होते हैं और स्त्रियों में अदृश्य पौरुष स्वभाव निहित होते हैं। इसके अतिरिक्त, प्रत्येक सृष्टि सहसम्बद्ध पहलू में विद्यमान रहती है: अंदर और बाहर, आंतरिक और बाह्य, आगे और पीछे, दायें और बायें, ऊपर और नीचे, ऊँचा और नीचा, बलवान और दुर्बल, उठता हुआ और गिरता हुआ, लम्बा और छोटा, चौड़ा और पतला, पूर्व और पश्चिम, उत्तर और दक्षिण, आदि। इसका कारण यह है कि प्रत्येक वस्तु का अस्तित्व होने के लिए उसकी रचना द्वैत-लाक्षणिक पारस्परिक संबंध के माध्यम से की गई है।

इस प्रकार, हम यह समझ सकते हैं कि प्रत्येक वस्तु को अपने अस्तित्व के लिये यांग और यिन अभिलक्षण के पारस्परिक संबंध की आवश्यकता है। हालाँकि, द्वैत अभिलक्षण के पारस्परिक संबंध का एक और भी जोड़ा है जो यांग और यिन के द्वैत लाक्षणिक पारस्परिक संबंध से और भी अधिक महत्वपूर्ण है।

प्रत्येक सत्व के पास बाह्य आकृति और अंदरूनी विशिष्ट गुण होता है। बाहरी दृष्ट आकृति अंदरूनी अदृश्य लक्षण के सदृश्य होती है। अंदरूनी लक्षण, गोकि अदृष्ट होते हैं, उनका एक विशेष आकार होता है जो बाहरी रूप में व्यक्त होता है। अंदरूनी लक्षण आंतरिक प्रकृति कहलाता है, और बाहरी आकृति बाह्य रूप कहलाता है। चूँकि आंतरिक प्रकृति और बाह्य रूप एक ही सत्व के आंतरिक और बाहरी पहलुओं से संबंधित हैं, बाह्य रूप को दूसरी आंतरिक प्रकृति के रूप में भी समझा जा सकता है। इसलिये, आंतरिक प्रकृति और बाह्य रूप दोनों एक साथ द्वैत अभिलक्षण कहलाते हैं।

उदाहरण के तौर पर यदि हम मनुष्यों को देखें, मनुष्यों का बाहरी रूप शरीर होता है और आंतरिक प्रकृति मन होता है। शरीर अदृष्ट मन का दृष्ट प्रतिबिंब है। चूँकि मन का एक विशेष रूप होता है, शरीर जो उसे प्रतिबिंबित करता है वह भी वही विशेष रूप धारण करता है। इसके पीछे यह सिद्धांत जिसे मुखाकृति या हस्तरेखा विद्या कहते हैं जिससे किसी व्यक्ति की शारीरिक बनावट देखकर उसका स्वभाव और नियति मालूम की जाती है। यहाँ मन आंतरिक प्रकृति है और शरीर बाह्य रूप है। मन और शरीर मनुष्य के दो सहसम्बद्ध पहलू हैं, इस प्रकार शरीर दूसरा मन कहा जा सकता है। दोनों साथ मिलकर मनुष्य के द्वैत अभिलक्षण होते हैं। इसी प्रकार प्रत्येक प्राणी अपने द्वैत अभिलक्षणों के बीच पारस्परिक संबंध रखने से अस्तित्व में रहते हैं।

आंतरिक प्रकृति और बाह्य रूप के बीच किस प्रकार का संबंध है? आंतरिक प्रकृति अमूर्त और कारणात्मक है, और बाह्य रूप के लिए कर्ता साझी के स्थान पर होती है; बाह्य रूप मूर्त, परिणामी और आंतरिक प्रकृति के पात्र साझी के स्थान पर होता है। किसी भी सत्व के इन दोनों पहलुओं के बीच का आपसी संबंध: आंतरिक और बाह्य, करणीय और परिणामी, कर्ता साझी और पात्र साझी, लंब और क्षैतिज होता है।

हम फिर मनुष्य को उदाहरण की तौर पर लेते हैं, जिनका मन और शरीर क्रमानुसार उसकी आंतरिक प्रकृति और बाह्य रूप होता है। शरीर मन का प्रतिबिंब होता है और मन के आदेशों को इस प्रकार मानता है जिससे शरीर जीवित रहता है और मन के उद्देश्यों से प्रभावित रहता है। मन और शरीर का आपसी संबंध आंतरिक और बाह्य, कारणात्मक और परिणामी, कर्ता साझी और पात्र साझी, लंब और क्षैतिज होता है।

इसी प्रकार, सभी रचित प्राणियों में, चाहे वह कितने ही जटिल वर्ग के क्यों ना हों, अमूर्त आंतरिक प्रकृति होती है जो मनुष्य के मन के अनुरूप होती है, और मूर्त बाह्य रूप होता है जो मनुष्य के शरीर के अनुरूप होता है। प्रत्येक प्राणी की आंतरिक प्रकृति जो कारणात्मक और कर्ता होती है बाह्य रूप को निर्देशित करती है। यह संबंध मनुष्य और प्राणियों को परमेश्वर की सृष्टि के रूप में उद्देश्यपूर्ण ढंग से कार्य करने के लिए जीवित रखता है।

पशु जीवित रहते और चलते फिरते हैं क्योंकि उनका आंतरिक संकाय, जो मनुष्य के मन के अनुरूप होता है और उन्हें विशेष उद्देश्य प्रदान करता है, उनकी देह को निर्देशित करता है। पौधे भी अपना कायिक कार्य अपनी आंतरिक प्रकृति के आधार पर करते हैं, वह भी कुछ हद तक मनुष्य के मन की तरह कार्य करता है।

मनुष्य का मन प्रत्येक व्यक्ति को एक स्वाभाविक झुकाव प्रदान करता है जिससे कि वह दूसरों के साथ तालमेल से जुड़ सके। इसी प्रकार धनात्मक आयन और ऋणात्मक आयन एक साथ मिल कर अणु बनातीं हैं, क्योंकि उनमें से हर एक के पास मूलभूत आंतरिक प्रकृति होती है जो उनके अंतिम लक्ष्य की ओर उनका मार्गदर्शन करती हैं। ऋणावेश सूक्ष्माणु केन्द्रक (न्यूक्ली) के चारों ओर इकट्ठी होकर परमाणु बनातीं हैं, क्योंकि उनमें आंतरिक प्रकृति के गुण होते हैं जो उन्हें उस लक्ष्य की ओर नियत करते हैं।

आधुनिक विज्ञान के अनुसार, प्रत्येक कण जो परमाणु बनाते हैं ऊर्जा से बने होते हैं। ऊर्जा को कण बनाने के लिए उसमें भी आंतरिक प्रकृति होनी चाहिए जो उसे किसी भी ख़ास आकार अपनाने में मार्ग दर्शन कर सके। इस विषय पर और गहराई में खोज करने से हम उस अंतिम कारण तक पहुँचते हैं जिससे यह ऊर्जा निकलती है और जिसके अस्तित्व में यह आंतरिक प्रकृति और बाह्य रूप के तत्व पाये जाते हैं। यह सत्ता विश्व की समस्त वस्तुओं का प्रथम कारण है। प्रथम कारण होने के नाते उसमें भी वही आंतरिक प्रकृति और बाह्य रूप के द्वैत अभिलक्षण होने चाहिये, जो सारे प्राणियों के आंतरिक प्रकृति और बाह्य रूप का कर्ता साझी है। हम विश्व के इस प्रथम कारण को परमेश्वर कहते हैं, और हम परमेश्वर की आंतरिक प्रकृति और बाह्य रूप को मूल आंतरिक प्रकृति और मूल बाह्य रूप कहते हैं।

संत पौलुस ने बताया कि हम सृष्टि की नाना प्रकार की वस्तुओं में पाए जाने वाले अभिलक्षणों की जाँच करके परमेश्वर की प्रकृति को समझ सकते हैं: परमेश्वर अखिल विश्व का प्रथम कारण, और कर्ता साझी है, जिसमें सामंजस्यपूर्ण मूल आंतरिक प्रकृति और मूल बाह्य रूप के द्वैत अभिलक्षण निहित हैं।

हमने पहले ही इस बात को उल्लिखित किया है कि प्रत्येक सत्व को अपना अस्तित्व बनाए रखने के लिये उनके यांग और यिन के द्वैत अभिलक्षणों के बीच पारस्परिक संबंध की आवश्यकता होती है। इस प्रकार यह बात स्वभावतः समझी जा सकती है कि परमेश्वर जो प्रथम कारण है, उसका अस्तित्व भी उसके अपने द्वैत अभिलक्षणों के बीच के पारस्परिक संबंध के आधार पर होना चाहिये। बाईबल का यह अनुवाक्य, “तब परमेश्वर ने अपने स्वरूप के अनुसार मनुष्य को उत्पन्न किया, अपने ही स्वरूप के अनुसार उसको नर और नारी करके सृजा” (उत्पत्ति १:२७), इस बात का समर्थन करता है कि कर्ता साझी के रूप में परमेश्वर के पास यांग और यिन के द्वैत अभिलक्षण हैं जो आपस में पूर्णतः सामंजस्यपूर्ण हैं।

द्वैत अभिलक्षणों की आंतरिक प्रकृति और बाह्य रूप और यांग और यिन के द्वैत अभिलक्षणों के बीच क्या संबंध है?

परमेश्वर की मूल आंतरिक प्रकृति और मूल बाह्य रूप प्रत्येक में मूल यांग और मूल यिन का पारस्परिक संबंध होता है। इसलिये मूल यांग और मूल यिन मूल आंतरिक प्रकृति और मूल बाह्य रूप के गुण हैं। यांग और यिन के बीच का संबंध, आंतरिक प्रकृति और बाह्य रूप के बीच के संबंध के अनुरूप होता है। यांग और यिन के बीच का पारस्परिक संबंध इस प्रकार से है: आंतरिक और बाह्य, करणीय और परिणामी, कर्ता साझी और पात्र साझी, लंब और क्षैतिज। इसी कारण बाईबल की उत्पत्ति की पुस्तक में वर्णित है कि परमेश्वर ने आदम की पसली से स्त्री हव्वा की रचना की, ताकि वह उसकी सहायक बने। (उत्पत्ति २:२२) इस रीति से, परमेश्वर के यांग और यिन, पुरुषत्व और नारीत्व में प्रकट हुए।

मनुष्य जब अपने जीवन का केन्द्र अपने मन पर निर्धारित करता है तब वह पूर्णता प्राप्त करता है; इसी प्रकार, जब परमेश्वर सृष्टि का केन्द्र होता है तब ही सृष्टि सम्पूर्ण होती है। उसी तरह, विश्व एक पूर्ण कायिक देह है जो केवल परमेश्वर के प्रयोजन के अनुसार ही गतिशील रहता है। इसलिए, एक कार्बनिक शरीर के रूप में, विश्व को आंतरिक प्रकृति और बाह्य रूप के संबंध के द्वारा विद्यमान रहना चाहिए, परमेश्वर उसकी आंतरिक प्रकृति के रूप में और निर्मित विश्व बाहरी रूप में। इसी कारण बाईबल में लिखा है कि मनुष्य जो विश्व का केन्द्र है, परमेश्वर के स्वरूप में सृजा गया है। (उत्पत्ति १:२७) चूँकि परमेश्वर कर्ता साझी के रूप में विद्यमान है और उसमें आंतरिक प्रकृति और पुरुषत्व के गुण हैं, उसने विश्व को बाह्य आकार में नारीत्व के गुणों के साथ संवार कर अपने पात्र साझी के रूप में रचा। यह सब बाईबल का यह अनुवाक्य इस प्रकार पुष्टि करता है, “क्योंकि पुरुष...परमेश्वर का स्वरूप और महिमा है।” (१ कुरिन्थियों ११:७) हम परमेश्वर को आंतरिक और पौरुष कर्ता साझी होने के नाते, “हमारा पिता” बुला कर मान्यता देते हैं।

संक्षिप्त में, परमेश्वर कर्ता है जिसके मूल आंतरिक प्रकृति और मूल बाह्य रूप के द्वैत अभिलक्षण सामंजस्य में हैं। और उसी समय परमेश्वर पुरुषत्व और स्त्रीत्व का सामंजस्यपूर्ण मिलन भी है, जो क्रमशः, मूल आंतरिक प्रकृति और मूल बाह्य रूप के गुण व्यक्त करता है। विश्व के संबंध में, परमेश्वर कर्ता साझी है जिसमें आंतरिक प्रकृति और पुरुषत्व के गुण हैं।

१.२ परमेश्वर और विश्व के बीच संबंध

हमने यह सीखा है कि सृष्टि की प्रत्येक रचना परमेश्वर की वस्तुगत पात्र साझी है, जो उसकी समानता में उसके द्वैत अभिलक्षणों के विभिन्न प्रक्षेपण के रूप में रची गई है। परमेश्वर सभी सत्वों के अमूर्त कर्ता साझी के रूप में विद्यमान है। मनुष्य छवि के स्तर पर गृहीत पात्र साझी हैं, और शेष सृष्टि चिह्न के स्तर पर गृहीत पात्र साझी हैं। ये पात्र साझी, छवि और प्रतीक में सत्य की व्यक्तिगत अभिव्यक्ति हैं।

सत्य के व्यक्तिगत मूर्तरूप परमेश्वर के द्वैत अभिलक्षणों की विभिन्न अभिव्यक्तियाँ हैं। इसलिये बड़े पैमाने पर यह दो वर्गों में पहचाने जा सकते हैं: यांग विशेषताएं, जो परमेश्वर की मूल आंतरिक प्रकृति और पौरुषत्व के सदृश्य हैं, और यिन विशेषताएं जो परमेश्वर के बाह्य रूप और नारीत्व के सदृश्य हैं। यद्यपि सत्य के व्यक्तिगत मूर्तरूप इन दोनों वर्गों में है, चूँकि सभी परमेश्वर के भौतिक पात्र साझी हैं—और उसकी आंतरिक प्रकृति और बाह्य रूप के सदृश्य होते हैं—उनमें प्रत्येक के पास अपने आप में दोनों आंतरिक प्रकृति और बाह्य रूप होते हैं, और उसी प्रकार दोनों यांग और यिन भी होते हैं।

इन द्वैत अभिलक्षणों के बारे में हमारी समझ के प्रकाश में, परमेश्वर और विश्व के बीच के संबंधों को सारांश में इस तरह से कहा जा सकता है: संपूर्ण विश्व परमेश्वर का भौतिक पात्र साझी है। यह सत्य के व्यक्तिगत मूर्तरूपों से बना है, प्रत्येक सृष्टि के नियम से नियंत्रित, या तो छवि के स्तर पर या प्रतीक के स्तर पर परमेश्वर के द्वैत अभिलक्षणों की अद्वितीय अभिव्यक्तियाँ हैं। परमेश्वर के असंख्य गुण, जो अपनी द्विविधता में विभिन्न मनुष्यों को बाँटे गए हैं, प्रत्येक छवि के स्तर पर साक्षात् पात्र साझी हैं। यह विशेषताएं समस्त प्रकृति की विभिन्न वस्तुओं में भी विभाजित की गईं हैं, प्रत्येक प्रतीक के स्तर पर मूर्तरूप पात्र साझी हैं। परमेश्वर और विश्व के बीच का संबंध, आंतरिक प्रकृति और बाह्य रूप के संबंध के समान है। यह पारस्परिक संबंध हैं, जिस प्रकार आंतरिक प्रकृति और बाह्य रूप, कारण और परिणाम, लंब और क्षैतिज, कर्ता साझी और पात्र साझी इत्यादि, के बीच में होता है।

अंततः आयें हम, सृष्टि के नियम के दृष्टिकोण से, पूर्वी एशिया की आध्यात्मिक धारणा की, जो परिवर्तन की पुस्तक (आई चिंग) के आधार पर है, जांच करें।

यहाँ, विश्व का आदि कारण सर्वश्रेष्ठ (परम शून्य) है। सर्वश्रेष्ठ से यांग और यिन निकले, यांग और यिन से पाँच तत्व निकले—धातु, लकड़ी, पानी, अग्नि, भूमि—और इन पाँच तत्वों में से शेष समस्त वस्तुएं अस्तित्व में आईं। यांग और यिन दोनों साथ में ‘पथ’ (टाओ) कहलाते हैं, (बुक औफ चेंजस, (परिवर्तन की पुस्तक) संबद्ध आलोचना ४) या जैसे परिवर्तन की पुस्तक कहती है, एक यांग और एक यिन ही पथ हैं। प्रथानुकूल पथ का पारिभाषिक शब्द वचन है। इन सब को मिला कर देखें तो, महान-सर्वश्रेष्ठ से यांग और यिन निकले यानी वचन निकला, और वचन पर आधारित समस्त वस्तुएं अस्तित्व में आईं। तदनुसार, महान-सर्वश्रेष्ठ सब वस्तुओं का प्रथम कारण है, यांग और यिन का केन्द्रक और सामंजस्यपूर्ण कर्ता साझी है।

बाईबल में यूहन्ना की पुस्तक में लिखा है, “वचन परमेश्वर के साथ था, और वचन परमेश्वर था, (यूहन्ना १:१-३) और सब कुछ वचन के द्वारा बनाया गया”। इसकी तुलना यदि हम परिवर्तन की पुस्तक पर आधारित तत्त्वविज्ञान से करें, तो महान-सर्वश्रेष्ठ, जो यांग और यिन या वचन का स्रोत है, वह और कोई नहीं वरन् परमेश्वर ही है और जैसा कि हमने देखा है कि वह द्वैत अभिलाक्षणिक सामंजस्यपूर्ण कर्ता साझी है।

सृष्टि के नियम के अनुसार, यह तथ्य कि सब कुछ जो वचन के द्वारा बनाया गया है उनमें द्वैत अभिलक्षण हैं इस बात को स्पष्ट करता है कि स्वयं वचन में भी द्वैत अभिलक्षण हैं। अतएव, परिवर्तन की पुस्तक का दावा कि यांग और यिन दोनों एक साथ वचन हैं, ठीक है। हालांकि, यह पूर्वी एशियाई तत्त्वविज्ञान विश्व को केवल यांग और यिन के दृष्टिकोण ही से देखता है, पर यह जानने में विफल रहा है कि प्रत्येक वस्तु में आंतरिक प्रकृति और बाह्य रूप भी होता है। इसलिये, यद्यपि यह दिखाता है कि महान-सर्वश्रेष्ठ सामंजस्यपूर्ण यांग और यिन का कर्ता साझी है, वह यह दिखाने में विफल रहा है कि महान-सर्वश्रेष्ठ सामंजस्यपूर्ण मूल आंतरिक प्रकृति और मूल बाह्य रूप का कर्ता साझी भी है। अतः वह यह बूझ नहीं सका कि महान-सर्वश्रेष्ठ व्यक्तित्वशाली परमेश्वर है।

हमने यह सीखा है कि इस पूर्वी एशियाई दर्शनशास्त्र की मूल धारणा जो परिवर्तन की पुस्तक पर आधारित है वह पूरी तरह से केवल ‘सृष्टि के नियम’ के द्वारा ही स्पष्ट की जा सकती है। अभी हाल ही की बात है कि पूर्वी औषधियों को सारी दुनिया में मान्यता दी जाने लगी है। इसकी सफलता इसके बुनियादी सिद्धांतों के कारण है, जो ‘सृष्टि के नियम’ के अनुसार यांग और यिन की धारणा पर केन्द्रित है।