संभाग ४. मनुष्य के पतन के परिणाम
आदम और हव्वा के आत्मिक और शारीरिक पतन के क्या परिणाम थे जिसका प्रभाव स्वर्गदूतों और मानवता सहित पूरे विश्व पर पड़ा? आएं हम इनमें से कुछ बहुत गंभीर परिणामों की चर्चा करें।
४.१ शैतान और पतित मानवता
प्रधान स्वर्गदूत को शैतान का नाम उसके पतन के पश्चात दिया गया। जब प्रथम मानव पूर्वजों का पतन हुआ तो उन्होंने अपने आप को लूसिफर के साथ रक्त संबंध में बांध लिया। वे चार-दशा-आधार के माध्यम से शैतान के साथ एक जुए में जोते गये, और इस प्रकार सारी मानवता शैतान का वंश बन गई। इसी कारण यीशु ने लोगों से कहा, “तुम अपने पिता शैतान के हो,” और उन्हें “सांप के बच्चे” (यूहन्ना ८:४४, मत्ती १२:३४, मत्ती २३:३३, मत्ती ३:७) कह कर बुलाया। संत पौलुस ने लिखा, “और केवल वही नहीं पर हम भी जिनके पास आत्मा का पहला फल है, आप ही अपने में कराहते हैं, और लेपालक होने अर्थात अपनी देह के छुटकारे की बाट जोहते हैं,” (रोमियों ८:२३) यह संकेत करते हुए कि कोई भी परमेश्वर के वंश का नहीं है। बल्कि, प्रथम मानव पूर्वजों के पतन के कारण सारी मानवता शैतान के वंश के हो गए हैं।
यदि आदम और हव्वा पूर्ण रूप से प्रौढ़ता प्राप्त करके परमेश्वर पर केन्द्रित चार-दशा-आधार स्थापित करते तो परमेश्वर के प्रभुत्व की दुनिया उसी समय स्थापित हो जाती। परन्तु जब वे कुमार अवस्था ही में थे वे पाप में गिर गए और शैतान पर केन्द्रित चार-दशा-आधार बनाई। परिणाम स्वरूप, यह दुनिया शैतान के प्रभुत्व के अधीन हो गई। इसी कारण, बाईबल शैतान को “संसार का सरदार” और “इस संसार का ईश्वर” (यूहन्ना १२:३१—२कुरिंथियों ४:४) कहती है। मनुष्य सृष्टि के स्वामी के रूप में रचे गये थे, इसलिए जब वे शैतान के अधीन हो गए तो शैतान का प्रभुत्व विश्व की हर वस्तु पर हो गया। तदनुसार, यह लिखा है, “क्योंकि सृष्टि बड़ी आशा भरी दृष्टि से परमेश्वर के पुत्रों की बाट जोह रही है...हम जानते हैं कि सारी सृष्टि अब तक मिलकर कराहती और पीड़ाओं में तड़पती है।” (रोमियों ८:१९-२२) यह आयतें शैतान की अधीनता में सृष्टि की पीड़ा का बयान करतीं हैं और ऐसे लोगों के प्रकटन की लालसा करतीं हैं, जो पतित ना हों और जिन्होंने अपने मूल स्वभाव को सिद्ध कर लिया हो; वह उस दिन के लिये तरसती है जब वे शैतान को परास्त करके इस धरती पर प्रेम से शासन करें।
४.२ मनुष्य के समाज में शैतान की गतिविधियाँ
शैतान सब लोगों को नरक में घसीटने के लिये परमेश्वर के सम्मुख उनपर आरोप लगाता है, जैसे कि उसने अय्यूब के साथ किया। (अय्यूब की पुस्तक १:९-११) तथापि, शैतान भी कोई दुष्टता नहीं कर सकता जब तक वह पहले कोई पात्र साझी न बना ले, जिसके साथ एकचित्त होकर लेन-देन कायम करे। आत्मा लोक में शैतान के पात्र साझी दुष्ट आत्माएं होतीं हैं। इन दुष्ट आत्माओं के पात्र साझी संसार में दुष्ट लोगों की आत्माएं होतीं हैं, जिनके शरीर के माध्यम से यह दुष्ट आत्माएं कार्य करतीं हैं। तदनुसार, शैतान की शक्ति बुरी आत्माओं के द्वारा वहन की जाती है और संसार में लोगों के कार्यों में प्रकट होती है। उदाहरण की तौर पर, शैतान यहूदा में समाया। (लूका २२:३) और यीशु ने पतरस को “शैतान” (मत्ती १६:२३) कहा। बाईबल में दुष्ट लोगों की आत्माएं शैतान के “दूत” (मत्ती २५:४१) बताए गए हैं।
पृथ्वी पर स्वर्ग का राज्य (प्रति-संदर्भ—प्रलयोत्तर २) एक ऐसी पुनःस्थापित दुनिया दर्शाता है, जिसमें शैतान लोगों को बुराई की ओर बहकाने का कार्य नहीं कर सकता। इस दुनिया को साधित करने के लिए, यह आवश्यक है कि सारी मानवता शैतान के साथ साझेदारी का त्याग करें, और परमेश्वर के साथ दुबारा सहभागिता स्थापित करके उसी के साथ लेन-देन रखें। यह भविष्यवाणी कि अंतिम दिनों में परमेश्वर शैतान को एक अथाह गड्ढे (प्रकाशितवाक्य २०:१-३) में डाल देगा यह संकेत करती है कि शैतान अपनी गतिविधि में बिल्कुल असमर्थ हो जाएगा क्योंकि उसके सामने कोई नहीं होगा जिसके साथ वह संबंध बना सकेगा।
शैतान के साथ हमारी सहचर्या खत्म करने और उसे आंकने में सक्षम होने के लिए, (१ कुरिंथियों ६:३) हमें शैतान की पहचान और उसके अपराध को समझना आवश्यक है ताकि परमेश्वर के सामने उसपर आरोप लगाया जा सके। हालांकि, परमेश्वर ने मनुष्य और स्वर्गदूतों को स्वतंत्रता दी है; इसलिए, वह उन्हें बलपूर्वक सुधार नहीं सकता। मनुष्य को अपनी स्वतंत्र इच्छा ही से, परमेश्वर के वचन की पुष्टि करके अपना दायित्व निभा कर शैतान को स्वेच्छापूर्वक आत्मसमर्पण करने के लिये विवश करना चाहिए। केवल इसी प्रकार हम परमेश्वर की सृष्टि के मूल आदर्श का उद्देश्य पुनःस्थापित कर सकते हैं। चूँकि परमेश्वर अपना कार्य नियम के आधार पर करता है, पुनरुद्धार की योजना का इतिहास लगातार विलंबित होता आया है। (प्रति संदर्भ—पूर्वनिर्धारण २)
४.३ उद्देश्य के दृष्टिकोण से भले और बुरे का अवलोकन
भले और बुरे की परिभाषा पहले ही दी जा चुकी है, (प्रति-संदर्भ—सृष्टि ४.३.२) तो आयें हम आगे उद्देश्य की दृष्टि से अच्छाई और बुराई की प्रकृति की जाँच करें।
यदि आदम और हव्वा परमेश्वर की इच्छा पर चल कर एक दूसरे से प्रेम करते और परमेश्वर पर केन्द्रित चार-दशा-आधार स्थापित कर लेते तो वे एक अच्छी दुनिया की स्थापना करते। लेकिन जब उन्होंने परमेश्वर के इरादों के विरुद्ध, विपरीत उद्देश्य के साथ एक दूसरे से प्रेम किया और शैतान पर केंद्रित चार-दशा-आधार की स्थापना की, तो उन्होंने दुष्ट संसार का गठन किया। यह इस बात को दर्शाता है कि यद्यपि अच्छे और बुरे तत्व या कार्य एक ही रूप ले सकते हैं, तो भी उनकी यथार्थ प्रकृति उनके फल के द्वारा समझी जा सकती है। वे अपने अलग-अलग उद्देश्यों के अनुसार ही अपना प्रतिफल देते हैं।
विभिन्न परिस्थितियों में यह देखने में आता है कि मानव स्वभाव का एक पहलू जो परंपरागत ढंग से बुरा माना जाता है, वास्तव में वह अच्छा होता है यदि उसका उद्देश्य परमेश्वर की इच्छा की ओर निदेशित किया गया हो। उदाहरण के तौर पर आएं हम इच्छा को लेते हैं।
कोई इच्छा जिसे लोग प्रायः पापमय समझते हैं, वास्तव में वह ईश्वर प्रदत्त है। आनंद सृष्टि का उद्देश्य है, और ख़ुशी उसी समय प्राप्त होती है जब इच्छा पूरी होती है। यदि हमारे अंदर कोई मनोकामना ही न हो तो हम खुशी भी कभी अनुभव नहीं कर सकते हैं। यदि हमारे अंदर कोई आकांक्षा ना हो तो हम परमेश्वर का प्रेम प्राप्त करने की इच्छा, जीने की इच्छा, अच्छे कार्य करने या अपने आप में सुधार करने के लिए भी कोई इच्छा नहीं करेंगे। इसलिए, बिना किसी लालसा के ना तो परमेश्वर का सृष्टि का उद्देश्य और ना ही पुनरुद्धार की दैवी योजना का कार्य पूरा हो सकता है। एक सुव्यवस्थित, सामंजस्यपूर्ण और ख़ुशहाल मानव समाज भी असंभव होगा।
हमारी लालसाएं, ईश्वर प्रदत्त प्रकृति का हिस्सा होने के नाते अच्छी होतीं हैं, जब वे परमेश्वर की इच्छा के उद्देश्य के लिए फल देतीं हैं, या बुरी होतीं है जब शैतान की इच्छा के उद्देश्य के लिए फल देतीं हैं। इस आधार पर हम अनुमान लगा सकते हैं कि इस बुराई से भरी दुनिया में भी अच्छाई पुनःस्थापित की जा सकती है और पृथ्वी पर स्वर्ग का राज्य बन सकता है यदि हम मसीह के मार्गदर्शन के अनुसार अपने लक्ष्य और उद्देश्य बदलें। (प्रति संदर्भ—प्रलयोत्तर विद्या २.२) इस प्रकार, पुनरुद्धार की दैवी योजना का कार्य पतित संसार के वर्तमान शैतानी उद्देश्य को स्वर्ग के राज्य के निर्माण की ओर, यानी परमेश्वर के सृष्टि के आदर्श में बदलने की प्रक्रिया भी समझा जा सकता है।
पुनरुद्धार की दैवी योजना के कार्य के दौरान अच्छाई का कोई भी दिया गया मानक पूर्ण नहीं होता परन्तु आपेक्षिक होता है। इतिहास की किसी भी विशेष अवधि में, प्रचलित अधिकारियों द्वारा प्रतिपादित सिद्धांतों का अनुपालन करना अच्छा माना जाता है, जबकि उनका विरोध करने वाली क्रियाएँ बुरी मानी जाती हैं। परन्तु युग का परिवर्तन नए अधिकारियों और सिद्धांतों को, नए लक्ष्यों और अच्छे और बुरे के नए मानकों के साथ लाता है। किसी भी धार्मिक परंपरा या दर्शन के अनुयायियों के लिए उनके अपने सिद्धांतों या दर्शन के उपदेशों का पालन करना अच्छा है, जबकि उनका विरोध करना बुरा है। परन्तु जब भी किसी सिद्धांत या दर्शन में बदलाव आए, अच्छाई और बुराई के मानक भी उसके नए लक्ष्यों के अनुसार बदल जाते हैं। उसी प्रकार, किसी धर्म का समर्थक जब किसी अन्य मत या दर्शन को ग्रहण करता है तब स्वाभाविक रूप से, उसके अपने लक्ष्य और अच्छाई और बुराई के मानक भी तदनुसार बदल जाते हैं। संघर्ष और क्रांतियाँ लगातार मानव समाज को कष्ट देती आईं हैं, मुख्य रूप से इसलिए कि लोग विभिन्न उद्देश्यों को पूरा करने की तलाश करते हैं और इस कारण अच्छाई और बुराई के मानक निरंतर बदलते रहते हैं।
अच्छाई का मानक केवल उस समय तक आपेक्षिक रहेगा जब तक पुनरुद्धार का कार्यकाल जारी है। एक बार जब शैतान की प्रभुता पृथ्वी से बहिष्कृत कर दी जाएगी, उसके बाद परमेश्वर जो अनन्त और पूर्ण सत्ता है, और समय और अंतरिक्ष से बढ़ कर है, अपनी प्रभुता और अपना सत्य स्थापित करेगा। उस दिन, परमेश्वर का सत्य पूर्ण हो जाएगा, अतः वह उद्देश्य जो वह नियत करेगा और अच्छाई का मानक जो वह स्थापित करेगा दोनों पूर्ण हो जाएंगे। यह जगत संबंधी एवं सर्व-व्यापक सत्य मसीह द्वारा उसके दूसरे आगमन में दृढ़ता से स्थापित किया जा जाएगा।
फिर भी, मानव इतिहास में संघर्ष और क्रांति के अंतहीन चक्रों में लोग पूर्ण अच्छाई की जो उनका मूल मन चाहता है, तलाश करते रहें हैं। मानव इतिहास में संघर्ष और क्रांति अनिवार्यतः जारी रहेंगे, क्योंकि लोग लगातार इस असीम लक्ष्य की तलाश करते रहेंगे जब तक अच्छाई की दुनिया अंततः प्राप्य ना हो जाए।
४.४ अच्छी आत्माओं और बुरी आत्माओं के कार्य
सामान्य पारिभाषिक शब्दों में हम परमेश्वर, परमेश्वर के पक्ष में रहने वाली आत्माओं और अच्छे स्वर्गदूतों को “अच्छी आत्माएं” कहते हैं। शैतान और उसके पक्ष वाली आत्माओं के लिये सामान्य पारिभाषिक शब्द “दुष्ट आत्माएं” कहा जाता है। अच्छी आत्माओं और दुष्ट आत्माओं के कृत्य, आम तौर पर भले और बुरे कार्यों के मामले में आरम्भ में एक जैसे ही प्रतीत होते हैं लेकिन उनके उद्देश्य विपरीत होते हैं।
समय के साथ, अच्छी आत्माओं के कार्य लोगों में शांति और धार्मिकता की भावना बढ़ाते हैं और उनके स्वास्थ्य में भी सुधार लाते हैं। बुरी आत्माओं के कार्य, उलटे, धीरे-धीरे उनकी व्यग्रता, भय और स्वार्थ को बढ़ाते हैं और उनके स्वास्थ्य के खराब होने का कारण बनते हैं। जिनको नियम की समझ नहीं है उन्हें आत्माओं के कार्यों को समझना कठिन होता है, परन्तु अंत में, प्रायः देर से, वे आत्माओं की प्रकृति उनके फल के द्वारा जान जाते हैं।
चूँकि पतित व्यक्ति परमेश्वर और शैतान के बीच मध्यवर्ती स्थान पर होता है और दोनों से संबंध रखता है, इस तरह अच्छी आत्माओं के कार्य दुष्ट आत्माओं के हलके प्रभावों के साथ भी हो सकते हैं। अन्य मामलों में, वे घटनाएं जो दुष्ट आत्माओं के कार्यों के रूप में शुरू होतीं हैं, समय के साथ, अच्छी आत्माओं के कार्यों के साथ मिल जातीं हैं। इस प्रकार, उनके लिये आत्माओं को समझना बहुत कठिन है जो नियम को नहीं समझते हैं। यह बड़े खेद की बात है कि कई धार्मिक अधिकारी, अपनी अनभिज्ञता के कारण, अच्छी आत्माओं के कार्यों को दुष्ट आत्माओं के कार्यों के साथ जोड़ कर उन्हें दोषी ठहराते हैं। यह उन्हें असावधानीवश परमेश्वर की इच्छा के विरोध में खड़ा कर सकता है। वर्तमान युग में, आध्यात्मिक घटनाएं अत्यधिक प्रचलित होती जा रहीं हैं। जब तक धार्मिक नेता सही ढंग से अच्छी आत्माओं और बुरी आत्माओं के कार्यों में भेद करना न सीख लें तब तक वे उन लोगों का ठीक से मार्ग दर्शन नहीं कर सकते जो लोग आध्यात्मिक संयोग का अनुभव करते हैं।
४.५ पाप
पाप स्वर्गीय नियम की उल्लंघना है, जो तब किया जाता है जब कोई व्यक्ति शैतान के साथ मैत्री-पूर्ण संबंध बनाकर उसके साथ कार्य करने की शर्त स्थापित करता है।
पाप चार प्रकार में वर्गीकृत किया जा सकता। पहला, मूल पाप है। यह पाप हमारे पहले पूर्वजों के शारीरिक और आत्मिक पतन से आरंभ हुआ है। यह हमारे वंश में अंतर्निहित है और सभी पापों की जड़ है।
दूसरा, अनुवांशिक पाप है। यह वह पाप है जो वंश के माध्यम से पूर्वजों से विरासत में मिलता है। दस आज्ञाओं में लिखा है कि माता पिता के पाप उनके वंश भुगतते हैं। (निर्गमन २०:५)
तीसरा, सामूहिक पाप है। यह वह पाप है जिस का कोई व्यक्ति किसी समूह का सदस्य होने के कारण जिम्मेदार होता है, जबकि उसने न तो खुद यह पाप किया है और न ही उसने अपने पूर्वजों से विरासत में पाया है। यीशु का सूली पर चढ़ाया जाना, इस प्रकार के पाप का एक उदाहरण है। हालांकि केवल महायाजकों और कुछ शास्त्रियों ने यीशु को सूली पर चढ़ाने का काम किया था, परंतु यहूदी लोगों के साथ सारी मानवता को मिल कर इस पाप का बोझ अपने कंधों पर उठाना पड़ा। परिणाम स्वरूप यहूदी लोगों को अत्यंत पीड़ाजनक स्थिति से होकर गुज़रना पड़ा, और सारी मानवता को भी मसीह के दूसरे आगमन तक क्लेश की राह पर चलना पड़ा।
चौथा, व्यक्तिगत पाप है, यह वह पाप है जो व्यक्ति स्वयं करता है।
मूल पाप सभी पापों की जड़ कहा जा सकता है, अनुवांशिक पाप वृक्ष के तने के समान है, सामूहिक पाप शाखाओं की तरह और व्यक्तिगत पाप पत्तियों के रूप में माने जा सकते हैं। हर पाप मूल पाप से उत्पन्न होते हैं जो उनकी जड़ है। मूल पाप को जड़ से नष्ट किए बिना, अन्य पापों को पूरी तरह से उन्मूलन करने का और कोई रास्ता नहीं है। कोई भी व्यक्ति इस पाप को जो समय की गहरी खाई में दफन है जड़ से उखाड़ कर निकाल नहीं सकता। केवल मसीह, जो मानवता की जड़ है और सच्चे पिता के रूप में आता है, उसको समझ सकता है और उसे जड़ से उखाड़ कर निकाल सकता है।
४.६ पतित स्वभाव के मुख्य अभिलक्षण
प्रधान स्वर्गदूत ने हव्वा को व्यभिचार के द्वारा अपने साथ रक्त संबंध में बांध लिया, और वह सब प्रवृत्तियाँ जो परमेश्वर के ख़िलाफ इस पाप से जुड़ी हुई थीं हव्वा ने विरासत में पाईं। आदम ने भी मुड़ कर वही सब प्रवृत्तियाँ हव्वा से पाईं, जब हव्वा ने, प्रधान स्वर्गदूत की भूमिका निभाते हुए, आदम के साथ व्यभिचार करके उसे रक्त संबंध में बांध लिया। यह प्रवृत्तियाँ सारी मानवता के पतित स्वभाव का मूल कारण बन गईं हैं। यही हमारी पतित प्रकृति के प्राथमिक लक्षण हैं।
पतित प्रकृति के इन प्राथमिक लक्षणों के जन्म का मूल कारण प्रधान स्वर्गदूत का परमेश्वर के प्रिय आदम की ओर ईर्षा की भावना में निहित है। प्रधान स्वर्गदूत में, जिसे परमेश्वर ने अच्छे उद्देश्य के लिये रचा था, ईर्षा जैसी भावना कैसे हो सकती है?
आकांक्षा और बुद्धि, प्रधान स्वर्गदूत की मूल प्रकृति का प्राकृतिक हिस्सा था। चूँकि प्रधान स्वर्गदूत के पास बुद्धि है, इसलिये वह यह तुलना कर सकता है और समझ सकता है कि मनुष्यों को परमेश्वर का प्रेम उससे अधिक मिल रहा है। और चूँकि उसके पास आकांक्षा भी थी इसलिये उसे परमेश्वर से और अधिक प्रेम पाने की प्राकृतिक तड़प थी। हृदय की यह इच्छा स्वाभाविक रूप से ईर्ष्या और जलन उत्पन्न कर सकती थी। ईर्ष्या मूल प्रकृति का अनिवार्य उपफल है जैसे प्रकाश में किसी वस्तु की छाया।
तब भी, पूर्णता प्राप्त कर लेने के पश्चात, मनुष्य आकस्मिक ईर्ष्या के कारण पतित होने के लिए कभी नहीं उकसाया जा सकेगा। वे अपने दिल की गहराई में यह समझ सकेंगे कि अल्पकालिक परितोषण जो वे चाह की हुई वस्तुओं को प्राप्त करके महसूस करेंगे वह उनके आत्म-विनाश के दुःख के सामने कोई कीमत नहीं रखता। इसलिए, वे ऐसे अपराध कभी नहीं करेंगे।
वह दुनिया जहाँ सृष्टि का उद्देश्य पूरा हुआ है एक ऐसा समाज है जो जैविक अंतर-संबंधों पर बनाया गया है, और मानव शरीर की संरचना से बहुत कुछ मिलता जुलता है। यह जान कर कि किसी एक व्यक्ति का विनाश सब के नाश का कारण बन सकता है, समाज अपने व्यक्तिगत सदस्यों को ऐसे विनाश से बचाएगा। इस आदर्श दुनिया में, ईर्ष्यालु लालसाएँ जो मूल प्रकृति से संयोगवश उठतीं हैं वे मानवता की प्रगति को और तेज़ी से बढ़ाने में लगाई जाएंगी। वे लोगों के पतन का कारण कभी नहीं बनेंगी।
पतित प्रकृति के प्राथमिक लक्षण मोटे तौर पर चार प्रकार में विभाजित किए जा सकते हैं। पहला, जब कोई परमेश्वर के दृष्टिकोण से न देखने की ग़लती करता है। प्रधान स्वर्गदूत के पतन का प्रमुख कारण यही था कि जिस दिल और दृष्टिकोण से परमेश्वर आदम से प्रेम करता था, उसने आदम को उसी रूप से नहीं अपनाया; बल्कि उसे आदम से जलन हुई। इस वजह से उसने हव्वा को भरमाया। इस पतित प्रकृति का एक उदाहरण यह है: जब कोई दरबारी राजा के कृपापात्र के लिये जलन महसूस करता है, बजाय इसके कि वह निष्कपटता से उसका आदर करे जिससे राजा प्रेम करता है।
दूसरा, यह कि जब कोई अपना उचित स्थान छोड़ देता है, और परमेश्वर के प्रेम की और अधिक मांग करना। लूसिफर इंसानों की दुनिया में भी प्रेम के उसी स्थान की लालसा करता था जो उसे स्वर्गदूतों की दुनिया में उपलब्ध था। यह अधर्मी लालसा उसके अपने स्थान को छोड़ने और पतन का कारण बनी। पतित प्रकृति के इस मुख्य लक्षण के कारण लोग बुरी आकांक्षाओं से प्रेरित होकर अधिक महत्वाकांक्षी हो जाते हैं और हक की सीमा से परे कदम उठाते हैं।
तीसरा, जब कोई प्रभुता के अधीन रहने की बजाए उलटा अधिकार जमाए। स्वर्गदूत को मनुष्यों के प्रभुत्व के नीचे होना चाहिये था, इसके बजाय उसने हव्वा पर अधिकार जमा लिया। उसके बाद हव्वा को आदम के प्रभुत्व में होना चाहिये था, पर वह आदम पर प्रभुत्व कर बैठी। इस यथोचित व्यवस्था के भंग होने का प्रतिफल कड़वा निकला। मानव समाज उन लोगों के कारण अव्यवस्थित हो गया जो अपना उचित स्थान छोड़ देते हैं और प्रभुत्व के उचित अनुक्रम को पलट देते हैं। ऐसी बार-बार होने वाली घटनाएं इस पतित प्रकृति की प्राथमिक विशेषता में निहित हैं।
चौथा, अपराध के कृत्य को बढ़ाना है। पतन के बाद, यदि हव्वा ने आदम को संभोग के लिए फुसला कर अपने पाप को दोहराया नहीं होता तो आदम पूर्ण बना रहता। इस स्थिति में अकेले हव्वा का पुनरुद्धार अपेक्षाकृत आसान होता। परन्तु, हव्वा ने आदम को फुसला कर अपने पाप को और बढ़ाया। दूसरों को अपराध के जाल में फंसाने की बुरे लोगों की रुची, पतित स्वभाव के इस प्राथमिक अभिलक्षण से निकलती है।