संभाग २. पतन का कारण और प्रक्रिया
मानव पतन की अभिप्रेरणा स्वर्गदूत में पहले से थी, जैसा कि हमने देखा है कि जिसने हव्वा को भरमाया था और कि वह सर्प का प्रतीक बताया गया है। इसलिये, इससे पहले कि हम पतन के अभिप्रेरण और उसकी प्रक्रिया को समझें, हमें स्वर्गदूत के बारे में मालूमात करना आवश्यक है।
२.१ स्वर्गदूत, उनके मिशन और उनका मनुष्य से संबंध
हर प्राणी की तरह स्वर्गदूत भी परमेश्वर के द्वारा बनाए गए हैं। परमेश्वर ने उन्हें सारी सृष्टि से पहले रचा था। बाईबल में स्वर्ग और पृथ्वी की रचना के विवरण में हम देखते हैं कि परमेश्वर बहुवचन में बात करता है: “हम मनुष्य को अपने स्वरूप के अनुसार अपनी समानता में बनाएंगे।” (उत्पत्ति १:२६) यह ऐसा इसलिये नहीं कि परमेश्वर स्वयं को ट्रिनिटी के रूप में संदर्भित कर रहा था, जैसे कि बहुत से ईसाई धर्मशास्त्री लोग इस वाक्य का अर्थ निकालते हैं। बल्कि, वह स्वर्गदूतों से बात कर रहा था, जिनको उसने मनुष्य की रचना से पहले बनाया था।
परमेश्वर ने स्वर्गदूतों को सेवकों के रूप में बनाया था, जो जगत की रचना और सेवकाई करने में उसको सहायता देनेवाले थे। बाईबल में हम स्वर्गदूतों के ऐसे बहुत से उदाहरण पाते हैं जो परमेश्वर की इच्छा के लिये कार्य करते हैं। स्वर्गदूतों ने अब्राहम को परमेश्वर के आशीर्वाद के महत्वपूर्ण वचन देकर अवगत किया; (उत्पत्ति १८:१०) एक स्वर्गदूत ने मसीह के गर्भाधान की सूचना दी; (मत्ती १:२०, लूका १:३१) एक स्वर्गदूत ने पतरस की बेड़ियों को खोल कर उसे जेलख़ाने से बाहर निकाल कर शहर में ले गया। (प्रेरितों १२:७-१०) वह स्वर्गदूत जिसने प्रकाशितवाक्य की पुस्तक में यूहन्ना का अनुरक्षण किया और जो अपने आप को “सेवक” बताता है, (प्रकाशितवाक्य २२:९) और इब्रानियों की पुस्तक में स्वर्गदूतों को “सेवा टहल करने वाली आत्माएँ” बताया गया है। (इब्रानियों १:१४) बाईबल अकसर स्वर्गदूतों को परमेश्वर का सम्मान और प्रशंसा करने वाले दर्शाती है। (प्रकाशितवाक्य ५:११-१२, ७:११-१२)
आएँ हम सृष्टि के नियम के दृष्टिकोण से मनुष्यों और स्वर्गदूतों के बीच संबंध की जांच करें। क्योंकि परमेश्वर ने हमें अपने बच्चों के रूप में बनाया और हमें समस्त सृष्टि पर प्रभुत्व दिया, (उत्पत्ति १:२८) हमें स्वर्गदूतों पर भी हुकूमत करने का अधिकार है। बाईबल में लिखा है कि हमें स्वर्गदूतों का न्याय करने का अधिकार है। (१ कुरिंथियों ६:३) बहुत से लोग जो आत्मालोक की आत्माओं के साथ बातचीत कर सकते हैं वे इस बात की साक्षी देते हैं कि स्वर्गदूत वैकुंठ में संतों का अनुरक्षण करते हैं। इन अवलोकनों से यह तथ्य स्पष्ट होता है कि स्वर्गदूतों का मिशन मनुष्यों की सेवा टहल करना है।
२.२ आत्मिक पतन और शारीरिक पतन
परमेश्वर ने मनुष्य की रचना दो हिस्सों में की है: आत्मिक काया और भौतिक शरीर। इसी तरह मनुष्य का पतन भी दो आयामों में हुआ: आत्मिक और भौतिक। वह पतन जो स्वर्गदूत और हव्वा के बीच यौन संबंध से हुआ वह आत्मिक पतन था, जबकि वह पतन जो हव्वा और आदम के बीच लैंगिक संबंध से हुआ वह भौतिक पतन था।
स्वर्गदूत और मनुष्य के बीच कामुक प्रेम कैसे संभाव्य है? वह सभी भावनाएँ और संवेदनाएँ जो एक व्यक्ति और एक आत्मा के बीच होतीं हैं, वह बिल्कुल वैसी ही होतीं हैं जो दो सांसारिक व्यक्तियों के बीच संपर्क के दौरान अनुभव की जातीं हैं। इसलिये मनुष्य और स्वर्गदूत के बीच यौन पतन वास्तव में संभव है।
हम इसे निम्नलिखित सबूत से और अधिक स्पष्ट रूप से समझ सकते हैं। कुछ ऐसे मामले सुनने में आते हैं कि सांसारिक लोग आत्माओं के साथ विवाहित जीवन बिताते हैं। बाईबल के एक दृष्टांत के अनुसार एक स्वर्गदूत ने याकूब के साथ मल्लयुद्ध किया और उसकी जाँघ की नस को जोड़ से अलग किया। (उत्पत्ति ३२:२५) तीन स्वर्गदूत अब्राहम के परिवार से मिलने आये, और उन्होंने बछड़े के मास, दूध और दही का भोजन किया। (उत्पत्ति १८:८) इसके अतिरिक्त, दो स्वर्गदूत लूत के घर आये, उसने उन्हें खाने को अख़मीरी रोटी दी। जब नगरवासियों ने स्वर्गदूतों को देखा तो वे उनके लिए व्यभिचार की इच्छाओं से भर गये और लूत के घर को घेर लिया और लूत को पुकार कर कहने लगे, “जो पुरुष तेरे पास आज रात को आए हैं वे कहाँ हैं, उनको हमारे पास बाहर ले आ कि हम उन से भोग करें।” (उत्पत्ति १९:५)
२.२.१ आत्मिक पतन
परमेश्वर ने स्वर्गदूतों की दुनिया बनाई, और लूसिफर (यशायाह १४:१२) को प्रधान स्वर्गदूत के पद पर रखा। लूसिफर स्वर्गदूतों की दुनिया में स्वर्गदूतों के लिये परमेश्वर के प्रेम का माध्यम था, ठीक उसी प्रकार जैसे अब्राहम इज़राएलियों के लिये परमेश्वर की आशीष का माध्यम था। इस पद पर उसे वस्तुतः परमेश्वर के प्रेम का एकाधिकार प्राप्त था। परंतु, परमेश्वर का मनुष्य को अपने बच्चों के रूप में रचने के पश्चात, वह उन्हें लूसिफर से कई गुणा अधिक प्रेम करता था, क्योंकि लूसिफर को परमेश्वर ने अपने सेवक के रूप में रचा था।
सच तो यह है कि लूसिफर के प्रति परमेश्वर का प्रेम बदला नहीं था, मनुष्य की रचना से पहले और रचना के पश्चात भी प्रेम वही था। परंतु, जब लूसिफर ने देखा कि परमेश्वर आदम और हव्वा को उससे अधिक प्रेम करता है तो उसे महसूस हुआ कि अब उसे परमेश्वर का प्रेम कम मिल रहा है। यह परिस्थिति बाईबल में दाख की बारी के एक दृष्टान्त में मजदूरों के समान है। (मत्ती २०:१-१५) यद्यपि, जिन मज़दूरों ने सुबह से काम किया था उनको ठीक मज़दूरी मिली, परन्तु जब उन्होंने देखा कि जो लोग देर से आए थे और उन्होंने कम काम किया है फिर भी उनको उतनी ही मज़दूरी मिली, तब वे सोचने लगे कि उन्हें कम मज़दूरी मिली है। लूसिफर को भी ऐसा महसूस हुआ कि जैसे उसे उसके हक से कम प्रेम मिल रहा है जबकि वह यह चाहता था कि उसे मनुष्य समाज में भी वैसा ही केंद्रीय स्थान मिले जैसा उसे स्वर्गदूतों के बीच परमेश्वर के प्रेम का माध्यम बन कर मिल रहा था। यही कारण था कि उसने हव्वा को बहकाया, यह आत्मिक पतन का अभिप्रेरण था।
जगत में सब कुछ परमेश्वर के प्रेम के माध्यम से शासित किए जाने के लिए बनाया गया है। इस प्रकार, प्रेम जीवन का स्रोत है, खुशी की कुंजी है, और ऐसे आदर्श का सार है जिसके लिए सभी प्राणी लालसा करते हैं। जितना प्रेम कोई प्राप्त करता है, उतना अधिक वह दूसरों को सुंदर लगता है। स्वर्गदूत जो सेवक के रूप में बनाया गया था, जब उसने परमेश्वर की बेटी हव्वा को देखा तो यह स्वाभाविक ही था कि वह उसकी आंखों में सुंदर लगी। इसके अतिरिक्त, जब लूसिफर ने देखा कि हव्वा उसके प्रलोभन में अभिरुचि ले रही है तो स्वर्गदूत उसके मधुर प्रेम से उत्तेजित होने लगा। ठीक इस समय, परिणाम की परवाह किए बिना, लूसिफर मन ही मन उससे संभोग करने की मंशा से उसे फुसलाने लगा। लूसिफर ने तीव्र वासना की आग से अभिभूत होकर अपना उचित स्थान छोड़ दिया, और हव्वा ने, जो समय से पहले अपनी आँखें खोलना चाहती थी और परमेश्वर के जैसी बनना चाहती थी, (उत्पत्ति ३:५-६) स्वर्गदूत के साथ मैत्री-संबंध बना कर आदान-प्रदान क्रिया शुरू की। इस तरह उनके आदान-प्रदान क्रिया के द्वारा अनैतिक प्रेम से पैदा हुई शक्ति उन पर हावी हुई और उन्होंने आत्मिक स्तर पर संभोग किया।
सभी प्राणी नियम के आधार पर इस तरह से बनाए गए हैं कि जब वे प्रेम संभोग से एक हो जाते हैं तो वे एक दूसरे के साथ मूलत्त्वों की अदल-बदल करते हैं। तदनुसार, हव्वा जब लूसिफर के साथ प्रेम के माध्यम से एक हो गई उसने लूसिफर से कुछ विशेष तत्व प्राप्त किए। सबसे पहले, सृष्टि के उद्देश्य का उल्लंघन करने से उसे दोषी अंतरात्मा के कष्ट से उत्पन्न होने वाली भय की भावना का अहसास हुआ। दूसरा, उसे लूसिफर से ऐसी बुद्धि प्राप्त हुई जिसने उसे यह समझने के लिये सक्षम किया कि मूल में उसका भावी पति आदम था, स्वर्गदूत नहीं। हव्वा तरुण अवस्था में होने के कारण प्रधान स्वर्गदूत से ज्ञान प्राप्त करने की स्थिति में थी, वह प्रधान स्वर्गदूत की तरह अनुभवी नहीं थी, जो पहले ही परिपक्व दूत की अवस्था में था।
२.२.२ शारीरिक पतन
पूर्ण आदम और हव्वा को परमेश्वर के प्रेम में नित्य पति-पत्नी बनना चाहिए था। परन्तु हव्वा जिसने अपनी तरुण अवस्था में प्रधान स्वर्गदूत के साथ अवैध संबंध स्थापित किया था, आदम के साथ भी पति पत्नी संबंध बना कर जुड़ गई थी। इस तरह, आदम ने भी अपनी कुमार अवस्था में पाप किया। आदम और हव्वा के बीच शैतान के प्रेम पर केन्द्रित असामयिक वैवाहिक संबंध शारीरिक पतन का कारण हुआ।
जैसा कि ऊपर वर्णन किया गया है कि प्रधान स्वर्गदूत के साथ आत्मिक पतन के द्वारा हव्वा ने दोषी अंतरात्मा के कष्ट से उत्पन्न होने वाले भय को महसूस किया और उसे नई बुद्धि मिली जिससे वह यह समझ सकी कि उसका मूल भावी पति स्वर्गदूत नहीं था परन्तु आदम था। हव्वा ने तब आदम को इस आशा से लुभाया कि यदि वह अपने भावी पति के साथ एक हो जाए तो वह इस भय से छुटकारा प्राप्त कर सकेगी और एक बार फिर परमेश्वर के सामने खड़ी हो सकेगी। हव्वा की यह सोच उसके शारीरिक पतन का कारण बनी।
जिस क्षण हव्वा प्रधान स्वर्गदूत के साथ अवैध यौन संबंध से बंध गई वह आदम के सम्मुख प्रधान स्वर्गदूत की भूमिका में खड़ी दृष्टिगत हुई। इस प्रकार, आदम, जो अभी भी परमेश्वर का प्रेम प्राप्त कर रहा था उसे बहुत ही आकर्षक दिखाई दिया। आदम को देखकर उसे लगा कि परमेश्वर के पास वापस लौट कर जाने का वही एक ज़रिया है इस आशा से उसने आदम को बहकाया। इस तरह, जो भूमिका प्रधान स्वर्गदूत ने हव्वा को बहका कर खेली थी वही किरदार हव्वा ने आदम के साथ अदा किया। आदम हव्वा के बहकावे में आकर उसके साथ सहमत हो गया, इस प्रकार दोनों के बीच अनुचित आदान-प्रदान क्रिया आरंभ हुई। उनके इस संबंध के द्वारा जो अनैतिक प्रेम की शक्ति उत्पन्न हुई उसने आदम को अपना मूल स्थान छोड़ने के लिए लाचार किया और दोनों को एक साथ अवैध शारीरिक वासनात्मक प्रेम से बांध दिया।
जब आदम हव्वा के साथ एकात्म होकर जुड़ गया, तब जो तत्व हव्वा ने प्रधान स्वर्गदूत से प्राप्त किए थे वह सब उसमें भर गए। ये तत्व बिना रुकावट सभी क्रमिक पीढ़ियों में पारित होते आ रहे हैं। यदि आदम ने पतित हव्वा के प्रलोभन में पड़े बिना सिद्धता प्राप्त कर ली होती, तो क्या होता? तो हव्वा के लिये दैवी पुनरुद्धार का कार्य अपेक्षाकृत आसान हो जाता, हालांकि वह पतित अवश्य हुई थी, फिर भी आदम उसका अछूता पूर्ण कर्ता साझी के रूप में बना रहता। दुर्भाग्यवश, आदम ने भी पाप किया इस तरह शैतान का वंश स्थापित हो गया और पाप आज तक मानवता में बढ़ता आया है।