संभाग ५. स्वतंत्रता और मनुष्य का पतन
५.१ नियम के दृष्टिकोण से स्वतंत्रता का अर्थ
स्वतंत्रता का क्या अर्थ है? नियम के प्रकाश में स्वतंत्रता की तीन विशेषताएं सामने आतीं हैं। पहला, नियम के बाहर कोई स्वतंत्रता नहीं है। स्वतंत्रता के लिये दोनों स्वतंत्र-इच्छा और स्वतंत्र-क्रिया की आवश्यकता होती है, जो उस इच्छा के अनुकूल हो। दोनों के बीच आंतरिक प्रकृति और बाह्य रूप का संबंध है, और जब उनके बीच अच्छा ताल-मेल होता है तब पूर्ण स्वतंत्रता प्राप्त होती है। इसलिये, स्वतंत्र-इच्छा के बिना स्वतंत्र क्रिया नहीं हो सकती, और न ही स्वतंत्र क्रिया के बिना स्वतंत्र-इच्छा संपूर्ण हो सकती है। स्वतंत्र-इच्छा स्वतंत्र-क्रिया उत्पन्न करती है, और स्वतंत्र-इच्छा मन की अभिव्यक्ति है। क्योंकि, किसी निष्पाप व्यक्ति का मौलिक मन परमेश्वर के वचन के बाहर काम नहीं कर सकता, यानी नियम के बाहर वह अपनी स्वतंत्र-इच्छा कभी व्यक्त नहीं करेगा या नियम के बाहर कोई स्वतंत्र कार्रवाई नहीं करेगा। निस्संदेह, एक सच्चे व्यक्ति की स्वतंत्रता नियम से कभी भटक नहीं सकती।
दूसरा, दायित्व के बिना कोई स्वतंत्रता नहीं है। मनुष्य नियम के अनुसार बनाए गए हैं, और केवल अपनी स्वतंत्र-इच्छा से अपना दायित्व पूरा करने से ही पूर्णता प्राप्त कर सकते हैं। (प्रति संदर्भ—सृष्टि ५.२.२) तदनुसार, कोई व्यक्ति सृष्टि के आदर्श को पूरा करने के लिये स्वतंत्र-इच्छा के प्रोत्साहन से लगातार अपना दायित्व निबाहने का प्रयास करेगा।
तीसरा, उपलब्धि के बिना कोई स्वतंत्रता नहीं है। जब मनुष्य स्वतंत्रता का प्रयोग करते हैं और अपने दायित्व का पालन करते हैं, वे ऐसे परिणाम को अंजाम देने का प्रयास करते हैं जो सृष्टि के उद्देश्य को पूरा करे और जिससे परमेश्वर को आनंद पहुँचे। स्वतंत्र-इच्छा स्वतंत्र कार्रवाइयों के द्वारा निरंतर ठोस परिणामों को प्राप्त करने की कोशिश करती है।
५.२ स्वतंत्रता और मनुष्य का पतन
संक्षेप में, स्वतंत्रता नियम के बाहर विद्यमान नहीं रह सकती। स्वतंत्रता नियम में निर्धारित है दायित्व के साथ-साथ चलती है और उपलब्धियों का अनुसरण करने में लगी रहती है, जो परमेश्वर को ख़ुशी पहुँचाते हैं। स्वतंत्र-इच्छा जो स्वतंत्र कार्यों को उत्पन्न करती है केवल अच्छे परिणाम लाती है। इसलिए, यह नहीं हो सकता कि स्वतंत्रता मानव के पतन का कारण है। यह लिखा है, “और जहाँ प्रभु का आत्मा है, वहां स्वतंत्रता है।” (२ कुरिंथियों ३:१७) यह स्वतंत्रता मौलिक मन की स्वतंत्रता है।
जबतक आदम और हव्वा अच्छे और बुरे वृक्ष का फल नहीं खाने की परमेश्वर की चेतावनी से बंधे थे, उन्हें परमेश्वर के हस्तक्षेप के बिना, स्वतंत्र-इच्छा से आज्ञा का पालन करना चाहिये था। निस्संदेह, उनके मौलिक मन की स्वतंत्रता जो अंतरनिहीत रूप से उत्तरदायी है, अच्छा करना चाहती थी और उन्हें इस आज्ञा का पालन करने के लिए संकेत कर रही थी। जब हव्वा नियम से विचलित होने वाली थी, उसके मौलिक मन की स्वतंत्रता ने उसे विचलित होने से बचाने की कोशिश में भय और पूर्वाभास को जगाया। पतन के समय से मौलिक मन की यह स्वतंत्रता लोगों को परमेश्वर के पास वापस लाने का काम करती है। स्वतंत्रता जो इस प्रकार से काम करती है, मनुष्य के पतन का कारण नहीं हो सकती। बल्कि, सिद्धांतहीन प्रेम की अधिक बलवान शक्ति मानव पतन का कारण थी, जिसने मौलिक मन की स्वतंत्रता को अभिभूत कर लिया था।
सच तो यह है कि पतन के परिणामस्वरूप मनुष्य अपनी स्वतंत्रता खो बैठा। फिर भी पतित लोगों में उनकी मूल प्रकृति का बीज बरकरार है जो स्वतंत्रता चाहता है, और यह परमेश्वर के लिये उनके पुनरुद्धार के दैवी कार्य को संभव करता है। इतिहास की प्रगति के साथ, लोग स्वतंत्रता के लिये बड़ी सरगर्मी से यहाँ तक कि अपनी जान पर खेल कर भी अभिलाषी रहे हैं। यह इस बात का सबूत है कि हमने अपनी स्वतंत्रता को, जिसे बहुत समय से शैतान के हाथों खो दिया था, बहाल करने की प्रक्रिया को जारी रखा है। स्वतंत्रता के लिए हमारी खोज का उद्देश्य, परमेश्वर के द्वारा दी हुई ज़िम्मेदारी की उपलब्धि को सुगम करना है, जो हमारे सृष्टि के उद्देश्य को पूरा करने के लिए आवश्यक है।
५.३ स्वतंत्रता, पतन और पुनरुद्धार
यह सच है कि मनुष्यों को स्वर्गदूतों के साथ, जिनको उनकी सेवा करने के लिये बनाया गया था, संबंध रखने की आज़ादी है। परन्तु चूँकि दूत ने हव्वा को, जब उसका दिल और बुद्धि तरुण अवस्था में थे बहकाया था, वह भावुक होकर बौद्धिक उलझन में पड़ गई। यद्यपि उसके मौलिक मन की स्वतंत्रता ने उसमें पूर्वाभास की भावना को जगाया, परंतु दूत और उसके बीच प्रेम की शक्ति अधिक ज़ोरावर थी, इसलिये वह सीमा को पार करके पाप में गिर गयी।
हव्वा चाहे कितनी भी छूट के साथ दूत से लगाव रखती, यदि वह परमेश्वर की आज्ञा में अटूट विश्वास बनाए रखती और दूत के प्रलोभन में रुची नहीं दिखाती, तो सिद्धांतहीन प्रेम की शक्ति पैदा नहीं होती और वह पाप में नहीं गिरती। इसलिए, इस तथ्य के बावजूद कि स्वतंत्रता ने हव्वा को स्वर्गदूत के साथ संबंध रखने की छूट दी और उसे पाप में गिरने के लिये किनारे तक लाई, परंतु जिसने उसे किनारे से ढकेल दिया वह स्वतंत्रता नहीं थी, लेकिन सिद्धांतहीन प्रेम की शक्ति थी।
चूँकि हव्वा स्वर्गदूतों के साथ स्वतंत्रता से बात चीत करने के लिए बनाई गई थी, इसलिये वह स्वभावतः लूसिफर के साथ मेलजोल रखती थी। परंतु जब हव्वा और लूसिफर ने आपस में घनिष्ठ संबंध बना लिया और एक दूसरे के साथ प्रेमालिंगन में संलग्न हुए तो जो शक्ति इस सिद्धांतहीन प्रेम से पैदा हुई वह उनके पाप में गिरने का कारण बनी। विलोमतः, चूँकि पतित लोग भी परमेश्वर के साथ स्वतंत्रता से संबंध रख सकते हैं, यदि वे सत्य के वचन को मान कर उसके साथ संबंध स्थापित करके आदान-प्रदान करें, तो सैद्धांतिक प्रेम की शक्ति उनके मौलिक मन को पुनर्जीवित कर सकती है। सचमुच, मौलिक मन की स्वतंत्रता मूल प्रकृति को संवारने के लिये हमेशा लालायित रहती है। इसीलिए, हर युग में लोग स्वतंत्रता के लिए हताश रहते हैं।
पतन के कारण मनुष्य, परमेश्वर और उसके हृदय के मनोभाव से अबोध हैं। इस अनभिज्ञता ने मनुष्य की इच्छा-शक्ति को परमेश्वर को सुख देने वाले लक्ष्यों की ओर प्रयास करने में असमर्थ बना दिया है। यथा, परमेश्वर ने पतित लोगों को पुनरुद्धार की दैवी योजना में युग के अनुग्रह के अनुसार “आत्मा और सच्चाई” (यूहन्ना ४:२३) (यानी, आंतरिक बोध और बाह्य बोध) दिया है, उनका हृदय जो मूल मन की स्वतंत्रता के लिये लालायित रहता है, धीरे-धीरे पुनर्जीवित किया गया है। इस प्रगति के साथ, परमेश्वर के प्रति उनका दिल भी बहाल किया गया है, और उसकी इच्छा के अनुसार जीने के लिए उनके उत्साह को पुष्ट किया गया है।
इसके अतिरिक्त, जैसे-जैसे स्वतंत्रता के लिये आकांक्षाएं बढ़ती जाएंगी लोग एक ऐसे सामाजिक वातावरण की मांग करेंगे जो उसकी प्राप्ति में सहायक हो। जब किसी युग की सामाजिक परिस्थितियाँ स्वतंत्रता-प्रेमी लोगों की इच्छाओं को संतुष्ट नहीं कर सकतीं, क्रांति अनिवार्य रूप से प्रस्फुटित होती है। अठारहवें सदी की फ्रांसीसी क्रांति एक उदाहरण है। क्रांतियाँ जारी रहेंगी जब तक सच्ची स्वतंत्रता पूरी तरह से पुनःस्थापित नहीं की जाएगी।