संभाग ३. प्रेम की शक्ति, नियम की शक्ति और परमेश्वर की आज्ञा
३.१ मनुष्य के पतन में प्रेम की शक्ति और नियम की शक्ति
मनुष्य नियम के माध्यम से बनाए गये हैं, इसलिये उनका नियम के पथ के अनुसार जीना अनिवार्य है। इसलिए, ऐसा नहीं हो सकता कि जो शक्ति नियम में निहित है वह किसी को नियम के पथ से विचलित होने के लिये प्रेरित करे और उसके पाप में गिरने का कारण बने। इसकी तुलना एक ट्रेन से की जा सकती है, ट्रेन या पटरी में कोई ख़राबी आने के सिवाय ट्रेन पटरी पर से नहीं उतर सकती, जबतक कोई बाहरी शक्ति जो ट्रेन की गति से अधिक बलशाली हो, उसके साथ टकरा कर उसे दूसरी तरफ धक्का ना मारे। इसी तरह, मनुष्यों के लिए भी वह शक्ति जो नियम में निहित है उनके विकास के लिए उचित दिशा में उनका मार्गदर्शन करती है। लेकिन अगर कोई और अधिक शक्तिशाली बल दूसरी दिशा से सिद्धांतहीन उद्देश्य के साथ उनसे टकराए तो वे निश्चित रूप से गिर सकते हैं। वह शक्ति जो नियम की शक्ति से अधिक प्रबल है, वह शक्ति प्रेम की शक्ति के सिवा और कुछ नहीं हो सकती। जबतक मनुष्य अपरिपक्वता की अवस्था में रहता है, यह संभव है कि अनैतिक प्रेम की शक्ति उन्हें पाप में गिरने के लिए प्रेरित कर सकती है।
प्रेम की शक्ति नियम की शक्ति से अधिक शक्तिशाली क्यों है? परमेश्वर ने उसे अधिक शक्तिशाली क्यों बनाया, जबकि ऐसी संभावना, कि विकृत प्रेम, यदि किसी व्यक्ति से उसकी अप्रौढ़ अवस्था में टकराए तो उसे भ्रष्ट कर सकता है?
सृष्टि के नियम के अनुसार, परमेश्वर का प्रेम सब प्रकार के प्रेम का, जो चार-दशा-आधार की नींव में बहते हैं, कर्ता है, और यह नींव उस समय स्थापित होती है जब उसके सदस्य एक दूसरे के लिए शक्ति-युक्त प्रेम के माध्यम से तीन-पात्र-प्रयोजन पूरा करते हैं। परमेश्वर के प्रेम के बिना सच्चा चार-दशा-आधार कदापि स्थापित नहीं किया जा सकता, परमेश्वर के प्रेम के बिना जिस उद्देश्य के लिये हमारा सृजन किया गया है वह कदापि पूर्ण नहीं किया जा सकता। वास्तव में प्रेम हमारे जीवन और सुख का स्रोत है।
यद्यपि परमेश्वर ने मनुष्य को सिद्धांत के आधार पर बनाया है, तथापि वह हमारा शासन प्रेम के द्वारा करता है। तदनुसार, प्रेम को अपनी उचित भूमिका निबाहने के लिए उसकी शक्ति सिद्धाँत की शक्ति से अधिक प्रबल होनी चाहिये। यदि प्रेम की शक्ति सिद्धांत की शक्ति से कमजोर होती तो परमेश्वर प्रेम के द्वारा मनुष्य का शासन नहीं कर पाता; बल्कि, हम परमेश्वर के प्रेम से अधिक सिद्धांत का अनुसरण करते। इसी कारण से, यीशु ने अपने चेलों को सत्य पर चलाने की कोशिश की, लेकिन उसके प्रेम से उनका उद्धार हुआ।
३.२ परमेश्वर ने आज्ञा को विश्वास की वस्तु बनाकर क्यों स्थापित किया
परमेश्वर ने आदम और हव्वा को “फल न खाने” की आज्ञा देकर उनके विश्वास को बढ़ाने की कोशिश क्यों की? अपरिपक्व अवस्था में आदम और हव्वा परमेश्वर के प्रेम के द्वारा प्रत्यक्ष रूप से शासित नहीं किए जा सकते। क्योंकि प्रेम की शक्ति सिद्धांत की शक्ति से अधिक बलशाली है, परमेश्वर को इस बात का पूर्वाभास था कि यदि वे कभी भी प्रधान स्वर्गदूत के साथ संबद्ध हों तो यह संभाव्य है कि वे विकृत, अनैतिक प्रेम का शिकार बन कर पाप में गिर सकते हैं। इसे रोकने के लिए, परमेश्वर ने आदम और हव्वा को यह आज्ञा दी ताकि वे इस प्रकार प्रधान स्वर्गदूत के संबंध न रखें। प्रधान स्वर्गदूत का सिद्धांतहीन प्रेम चाहे कितना ही शक्तिशाली क्यों ना होता, यदि आदम और हव्वा परमेश्वर की आज्ञा को मान कर केवल परमेश्वर ही के साथ संबंध कायम रख कर लेन-देन करते तो प्रधान स्वर्गदूत के अनैतिक प्रेम का उन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता, और वे पाप में कभी नहीं गिरते। दुर्भाग्य से, आदम और हव्वा ने आज्ञा पालन नहीं की, परन्तु प्रधान स्वर्गदूत के साथ अनुचित नाता जोड़ा। इसलिए, अवैध प्रेम की शक्ति ने उन्हें पटरी पर से धक्का मार कर गिरा दिया।
परमेश्वर ने अपरिपक्व मनुष्य को यह आज्ञा केवल उनके पतन को रोकने के लिए ही नहीं दी थी। परमेश्वर यह भी चाहता था कि वे उसकी रचनात्मक शक्ति भी उत्तराधिकार में पाकर—स्वर्गदूतों सहित—प्राकृतिक दुनिया पर राज्य करने का आनन्द उठाएं। इस सृजनात्मक शक्ति को विरासत में पाने के लिये मनुष्य को चाहिये था कि वे वचन पर विश्वास करके अपने हिस्से की ज़िम्मेदारी निभाएं और पूर्णता प्राप्त करें। (प्रति-संदर्भ ५.२.२)
परमेश्वर ने प्रधान स्वर्गदूत को यह आज्ञा नहीं दी थी, परन्तु केवल मनुष्य ही को दी थी। परमेश्वर सृष्टि के नियम के द्वारा दिए गए मनुष्य के गौरव को बढ़ाना चाहता था, जो उन्हें परमेश्वर के बच्चों के रूप में खड़े होने का और स्वर्गदूतों पर भी राज्य करने का हकदार बनाती है।
३.३ वह अवधि, जिसके दौरान आज्ञा का होना आवश्यक था
क्या फल न खाने वाली परमेश्वर की आज्ञा हमेशा के लिए बाध्य थी? परमेश्वर का दूसरा वरदान उसी समय पूरा हो सकता है जब आदम और हव्वा परमेश्वर के प्रेम में सच्चे पति और पत्नी के संबंध में जुड़कर बच्चे पैदा करते और उनका पालन-पोषण करके परमेश्वर के प्रेम के प्रत्यक्ष प्रभुत्व में प्रवेश करते। (उत्पत्ति १:२८) निःसंदेह, नियम यह आदेश देता है कि यदि एक बार मनुष्य अपने चरित्र में पूर्ण प्रौढ़ता प्राप्त कर लें तब वे फल खा सकते हैं।
प्रेम की शक्ति नियम की शक्ति से अधिक बलशाली होती है। यदि आदम और हव्वा ने पूर्णता प्राप्त कर ली होती, वे धर्मी पति और पत्नी बन गये होते, और परमेश्वर के प्रेम की पूर्ण शक्ति के द्वारा परमेश्वर की प्रत्यक्ष सहभागिता का अनुभव करते, तो उनका दाम्पत्य प्रेम पूर्ण हो जाता। फिर उस प्रेम के बंधन को कोई भी व्यक्ति, और जगत में कोई शक्ति नहीं तोड़ सकती थी। इस स्थान पर पहुँच कर आदम और हव्वा पाप में कभी नहीं गिरते। प्रधान स्वर्गदूत, जो मनुष्य से निम्न है, उसका प्रेम किसी भी तरह से उन्हें उनके वैवाहिक प्रेम से जो एक बार परमेश्वर के साथ मज़बूती से स्थिर हो गया हो अलग नहीं कर सकता। तदनुसार, परमेश्वर की यह आज्ञा, “फल नहीं खाना”, आदम और हव्वा पर केवल जब तक वे किशोरावस्था में थे, बाध्य थी।