दिव्य नियम का अध्ययन और अभ्यास
मेरे बुकमार्क

आपके पास अभी कोई बुकमार्क नहीं है।

संभाग ३. मसीह कहाँ वापस आएगा

यदि मसीह मनुष्य के रूप में पृथ्वी पर पैदा होकर फिर से आता है, तो वह निश्चित रूप से उन लोगों के बीच पैदा होगा जो परमेश्वर के द्वारा उसकी पूर्वनियति के अनुसार चुने गए हैं। मसीह की वापसी के लिए परमेश्वर ने कौन सा स्थान चुना है? उसे ग्रहण करने के लिए कौन से लोग चुने गए?

३.१ क्या मसीह यहूदी लोगों के बीच वापस आएगा?

बाईबल के कई अनुच्छेदों के आधार पर कई ईसाई लोग उम्मीद करते हैं कि मसीह यहूदी लोगों के बीच फिर से आएगा: “जिन पर मुहर दी गई मैंने उनकी गिनती सुनी, अर्थात इस्राएल की सन्तानों के सब गोत्रों में से एक लाख चौवालीस हज़ार पर मुहर दी गई”। (प्रकाशितवाक्य ७:४) “मैं तुम से सच कहता हूँ, तुम इस्राएल के सब नगरों में ना फिर चुकोगे कि मनुष्य का पुत्र आ जाएगा”। (मत्ती १०:२३) परंतु, इन छंदों की व्याख्या यथाशब्द करना परमेश्वर की दैवी योजना को गलत समझना है।

इस विषय पर यीशु ने दाख की बारी का दृष्टांत सुनाया: “एक और दृष्टांत सुनो, एक गृहस्वामी था, जिसने एक दाख की बारी लगाई, उसके चोरों ओर बाड़ा बांधा, उस में रस का कुंड खोदा और गुम्मट बनाया और किसानों को उसका ठेका देकर परदेश चला गया। जब फल का समय आया तब उसने अपने दासों को उसका फल लेने के लिए किसानों के पास भेजा। पर किसानों ने उसके दासों को पकड़ कर किसी को पीटा और किसी को मार डाला, और किसी पर पथराव किया। फिर उसने पहलों से अधिक और दासों को भेजा, और उन्होंने उनसे भी वैसा ही किया। अंत में उसने अपने पुत्र को उनके पास यह समझ कर भेजा कि वे मेरे पुत्र का आदर करेंगे। परंतु किसानों ने पुत्र को देखकर आपस में कहा, यह तो वारिस है, आओ, इसे मार डाले और इसकी मिरास ले लें। अतः उन्होंने उसे पकड़ा और दाख की बारी के बाहर निकालकर उसे मार डाला। इसलिए जब दाख की बारी का स्वामी आएगा तो उन किसानों के साथ क्या करेगा? उन्होंने उससे कहा, ‘वह उन बुरे लोगों को बुरी रीति से नष्ट करेगा, और दाख की बारी का ठेका दूसरे किसानों को देगा, जो समय पर उसे फल दिया करेंगे।’ यीशु ने उनसे कहा, ‘...इसलिए मैं तुम से सच कहता हूँ कि परमेश्वर का राज्य तुम से लेलिया जाएगा और ऐसी जाति को जो उसका फल लाए, दिया जाएगा।’” मत्ती २१:३३-४३ इस दृष्टांत में, गृहस्वामी परमेश्वर का प्रतिनिधित्व करता है, दाख की बारी परमेश्वर के काम को द्योतित करती है, किराएदार जिनको काम सौंपा गया था वह यहूदी लोगों का प्रतिनिधित्व करते हैं, सेवक लोग भविष्यद्वक्ताओं का प्रतिनिधित्व करते हैं, घर का पुत्र यीशु का प्रतिनिधित्व करता है, और अन्य किरायेदार जो फल की फसल की कटाई करते हैं किसी अन्य राष्ट्र का प्रतिनिधित्व करते हैं जो दूसरे आगमन में मसीह को ग्रहण करेंगे और परमेश्वर की इच्छा पूरी करेंगे। इस दृष्टांत में, यीशु ने बताया कि वह उन लोगों के लिए फिर से नहीं आएगा जिन्होंने उसे सताया था। परमेश्वर उनसे जो मिशन उन्हें पहले सौंपा गया था वापस ले लेगा और ऐसे अन्य लोगों को दे देगा जो मसीह की वापसी पर अपने फल लाएं।

तो फिर, बाईबल ऐसा क्यों चित्रित करती है कि मसीह इस्राएल में लौटेगा? इस सवाल का जवाब देने के लिए, हमें सबसे पहले इस्राएल का अर्थ क्या है पूछना चाहिए।

“इस्राएल” का अर्थ है जो प्रबल हुआ है। याकूब को यह नाम प्राप्त हुआ जब उसने दूत के साथ यब्बोक के घाट पर कुश्ती की थी। (उत्पत्ति ३२:२८) याकूब ने हाबिल का स्थान सुरक्षित करने और वास्तविक नींव स्थापित करने के लिए दूत के साथ कुश्ती लड़ी थी। हाबिल का स्थान सफलतापूर्वक सुरक्षित करके और वास्तविक बलिदान चढ़ाने के बाद, याकूब ने मसीह के लिए पारिवारिक नींव स्थापित की। उसके वंशज, जिन्होंने इस नींव पर परमेश्वर की दैवी योजना की ज़िम्मेदारी विरासत में पाई, उन्हें इस्राएल या चुने हुए लोग कहा जाता है।

इस प्रकार “इस्राएल” शब्द परमेश्वर के लोगों को दर्शाता है जिन्होंने अपने विश्वास के माध्यम से विजय प्राप्त की है, पर यह जरूरी नहीं है कि याकूब के वंश के हर किसी के लिए यह लागू हो। इसलिए, यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले ने यहूदियों से कहा, “और अपने-अपने मन में यह न सोचो कि हमारा पिता अब्राहम है, क्योंकि मैं तुम से कहता हूँ कि परमेश्वर इन पत्थरों से अब्राहम के लिए संतान उत्पन्न कर सकता है।” (मत्ती ३:९) इसके अतिरिक्त, संत पौलूस ने कहा, “क्योंकि वह सच्चा यहूदी नहीं जो केवल बाहरी तौर से यहूदी हो और ख़तना वह नहीं है जो केवल बाहरी और शारीरिक हो। यहूदी वही है जो हृदय से और आत्मा में यहूदी है, न कि केवल शाब्दिक है”, (रोमियों २:२८-२९) और “जो इस्राएल के वंश के हैं वे सब इस्राएली नहीं।” (रोमियों ९:६) उसने उन यहूदियों को अपमानित किया जिन्होंने दावा किया कि वे चुने हुए लोग थे, जो केवल अब्राहम के साथ उसके वंश से संबंधित थे, परन्तु वास्तव में वे परमेश्वर की इच्छा के अनुसार नहीं जीते थे।

यह कहा जा सकता है, कि मूसा के नेतृत्व में याकूब के वंश ने जब मिस्र से प्रस्थान किया उस समय वे इस्राएली कहलाते थे, लेकिन जब वे जंगल में परमेश्वर के विरुद्ध हो गए तब वे इस्राएली नहीं रहे। इसलिए, परमेश्वर ने उन्हें जंगल में अपने से दूर कर दिया और केवल युवा पीढ़ी को कनान में ले गया; परमेश्वर इन्हें सच्चे इस्राएली के रूप में मानता है। अब्राहम के वंश में से जिन्होंने कनान देश में प्रवेश किया, उनमें से इस्राएल के उत्तरी साम्राज्य की दस जनजातियां, जिन्होंने ईश्वर के विरूद्ध पाप किया, नष्ट हो गईं क्योंकि उन्होंने परमेश्वर के चुने हुए लोगों की योग्यता खो दी। यहूदा के दक्षिणी राज्य की केवल दो जनजातियां, जिन्होंने ईश्वर की इच्छा को कायम रखा, वे ही चुने हुए लोग बने रहे जो अंततः यीशु को प्राप्त कर सके। फिर भी, जब उन्होंने यीशु को क्रूस पर चढ़ा दिया, तो उन्होंने भी परमेश्वर की दैवी योजना की केंद्रीय ज़िम्मेदारी की योग्यता खो दी।

यीशु के क्रूस पर बलिदान के बाद कौन चुने हुए लोग बने? वे उन ईसाइयों के अलावा अन्य कोई नहीं थे जिन्होंने अब्राहम के विश्वास को विरासत में पाया और उस मिशन को प्राप्त किया जो अब्राहम के वंश ने पूर्ण नहीं किया था। संत पौलुस ने लिखा, “उनके अपराधों के कारण उद्धार अन्य जातियों का हुआ, ताकि इस्राएल को ईर्ष्या हो।” (रोमियों ११:११) यह इस बात का प्रमाण है कि परमेश्वर की दैवी योजना का केंद्र यहूदियों से हट कर अन्य जातियों को चला गया है। (प्रेरितों १३:४६) इसलिए, चुने गए लोग जिन्हें दूसरे आगमन में मसीह के लिए नींव तैयार करनी चाहिए, वे अब्राहम का वंश नहीं है, बल्कि ईसाई लोग हैं जिन्होंने अब्राहम का विश्वास विरासत में पाया है।

३.२ मसीह किसी पूर्वी देश में वापस आएगा?

जैसा कि यीशु ने दाख की बारी के दृष्टांत के माध्यम से समझाया था, (मत्ती २१:३३-४३) कि जब यहूदी लोगों ने, इस दृष्टांत में किरायेदारों की तरह अपने स्वामी के पुत्र को मार डाला था, यीशु को क्रूस पर चढ़ाया, तो उन्होंने अपना दैवी मिशन खो दिया। तो कौन सा देश परमेश्वर के काम का वारिस होगा और उसका फल लाएगा? बाईबल बताती है कि यह देश पूर्व में है।

प्रकाशितवाक्य की किताब सात मुहरबंद पुस्तकों को खोलने का वर्णन करती है: जो सिंहासन पर बैठा था, मैंने उसके दाहिने हाथ में एक पुस्तक देखी जो भीतर और बाहर लिखी हुई थी, और सात मुहर लगा कर बंद की गई थी; फिर मैंने एक बलवन्त स्वर्गदूत को देखा जो ऊँचे शब्द से प्रचार कर रहा था, इस पुस्तक को खोलने और इसकी मुहरें तोड़ने के योग्य कौन है?" परन्तु न तो स्वर्ग में, न पृथ्वी पर न पृथ्वी के नीचे उस पुस्तक को खोलने या उस पर दृष्टि डालने के योग्य निकला। तब मैं फूट-फूट कर रोने लगा, क्योंकि उस पुस्तक को खोलने या उसपर दृष्टि डालने योग्य कोई न मिला। इस पर उन प्राचीनों में से एक ने मुझ से कहा, ‘मत रो, देख यहूदा के गोत्र का वह सिंह जो दाऊद का मूल है इस पुस्तक को खोलने और उनकी सातों मुहरें तोड़ने के लिए जयवन्त हुआ है’। प्रकाशितवाक्य ५:१-५

यह यहूदा के गोत्र के सिंह मसीह को दर्शाता है; यह वही है जो अंतिम दिनों में सात मुहरों को खोलेगा। छः मुहरों के खोले जाने के बाद: फिर मैंने एक और स्वर्गदूत को जीवते परमेश्वर की मुहर लिए पूरब से ऊपर की ओर आते देखा, उसने चारों स्वर्गदूतों से जिन्हें पृथ्वी और समुद्र की हानि करने का अधिकार दिया गया था, ऊँचे शब्द से पुकार कर कहा, जब तक हम अपने परमेश्वर के दासों के माथे पर मुहर न लगा दें तब तक पृथ्वी और समुद्र और पेड़ों को हानि न पहुँचाना। जिन पर मुहर दी गई मैंने उनकी गिनती सुनी, अर्थात इस्राएल की संतानों के सब गोत्रों में से एक लाख चौवालीस हज़ार पर मुहर दी गई। प्रकाशितवाक्य ७:२-४

यह इंगित करता है कि जीवित परमेश्वर की मुहर पूर्व में जहाँ सूर्य निकलता है १४४,००० के माथों पर लगाई जाएगी। ये चुने हुए लोग उसकी वापसी में मेम्ने के साथ होंगे। (प्रकाशितवाक्य १४:१) इस प्रकार हम इस बात का अनुमान लगा सकते हैं कि वह देश जो परमेश्वर के कार्य का वारिस होगा और दूसरे आगमन के लिए फल लाएगा, वह पूर्व में है। वहां मसीह का जन्म होगा और परमेश्वर के १४४,००० चुने हुए लोगों द्वारा ग्रहण किया जाएगा। प्रभु को ग्रहण करने के लिए पूर्व के देशों में से कौन सा देश चुना गया है?

३.३ पूर्व में कोरिया का देश है

प्राचीन काल से, प्रथानुकूल पूर्व के देशों में कोरिया, जापान और चीन तीन देश गिने जाते हैं। उनमें से, जापान ने अपने पूरे इतिहास में सूर्य देवी, अमातेरासु-ओमी-कामी की पूजा की है। जापान ने दूसरे आगमन की अवधि में एक फासीवादी राष्ट्र के रूप में प्रवेश किया और कोरिया के ईसाई धर्म को बुरी तरह से सताया। (प्रति-संदर्भ—तैयारी ४.३.३) चीन, दूसरे आगमन के समय साम्यवाद का एक बड़ा हिस्सा था और एक कम्युनिस्ट राष्ट्र बनने जा रहा था। इस प्रकार, यह दोनों देश शैतान के पक्ष में थे। फिर कोरिया, वह पूर्वी देश है जहां मसीह वापस आ जाएगा।

आइए हम सिद्धांत के दृष्टिकोण से जांच करें कि किन विभिन्न तरीकों से कोरिया दूसरे आगमन में मसीह को प्राप्त करने के लिए योग्य हुआ। कोरिया को, जिस देश में मसीह लौटाता है, निम्नलिखित योग्यताओं में खरा ठहरना चाहिए।

३.३.१ राष्ट्रीय क्षतिपूर्ति की शर्त

मसीह को प्राप्त करने के योग्य होने वाला राष्ट्र बनने के लिए कोरिया को, शैतान से अलग होने के लिए और लौकिक-स्तर पर कनान को प्राप्त करने के लिए चालीस के राष्ट्रीय विधान को पूरा करना पड़ा। कोरिया को यह क्षतिपूर्ति की शर्त क्यों दी गई थी?

यदि मसीह कोरिया में लौटता है, तो इसका अर्थ है कि कोरिया के लोग तीसरा इस्राएल बनने के लिए पूर्वनिर्दिष्ट हैं। पुराने नियम में, अब्राहम के वंश जिन्होंने ईश्वर की इच्छा को बरकरार रखा और मिस्र में अत्याचार सहन किया, वह पहला इस्राएल था। ईसाई लोग जिन्हें यहूदियों ने विधर्मियों के रूप में सताया था क्योंकि उन्होंने पुनर्जीवित यीशु को सम्मानित किया और पुनरुद्धार की दैवी योजना को जारी रखा, दूसरा इस्राएल बन गए। इसी तरह मसीह पर, उसकी वापसी के समय के ईसाइयों के द्वारा, दोष लगाए जाने और उसे विधर्मी ठहराए जाने की संभावना है, भविष्यवाणी के अनुसार, वह इस पीढ़ी के द्वारा अस्वीकार किया जाएगा और सताया जाएगा, (लूक १७:२५) जैसा कि नूंह अपने दिनों में था। यदि ऐसा हुआ तो परमेश्वर को उन मसीही लोगों को जो मसीह को सता रहे हैं त्यागना पड़ेगा, जिस तरह उसने उन यहूदियों के साथ किया था जिन्होंने यीशु को बहिष्कृत किया था। (मत्ती ७:२३) तब कोरिया के लोग, जो लौटने वाले मसीह को ग्रहण करेंगे और दैवी योजना के तीसरे अध्याय को पूरा करने के लिए उसका समर्थन करेंगे, वे तीसरा इस्राएल बन जाएंगे।

पहले इस्राएल ने मिस्र में चार सौ वर्ष दुख उठाए। यह कनान की प्राप्ति के लिए चालीस का विधान था, जिसमें कनान की प्राप्ति की राष्ट्रीय कार्यवाही में प्रस्थान करने के लिए शैतान से अलग होना आवश्यक था। दूसरे इस्राएल को रोमी साम्राज्य में चार सौ वर्ष का कष्ट भोग कर विजय प्राप्त करनी पड़ी, जो कनान की प्राप्ति के लिए विश्वव्यापी कार्यवाही शुरू करने से पहले शैतान से अलग होने का चालीस के विधान के अनुसार अपेक्षित था। तीसरे इस्राएल के रूप में, कोरिया के लोगों को भी शैतान की तरफ खड़े हुए राष्ट्र के अधीन एक अवधि तक, जो संख्या-चालीस को पूरा करती है, दुख उठाना पड़ा। इस प्रकार, उन्होंने कनान की प्राप्ति के लिए लौकिक स्तर पर कार्यवाही शुरू करने से पहले शैतान को अलग करने के लिए चालीस का विधान पूरा किया। चालीस वर्ष की इस अवधि के दौरान कोरिया को, जापान का उपनिवेश के रूप में, अनगिनत कठिनाइयों का सामना करना पड़ा था।

तो फिर कोरिया के लोगों को किन परिस्थितियों में जापानी साम्राज्य के अधीन ४० वर्षों तक कठोर यातनाएँ सहनी पड़ीं?

कोरिया जापान की साम्राज्यवादी नीति का प्रारंभिक उद्देश्य था। जापानी संरक्षण सामर्थ्य से १९०५ में यूल्सा प्रोटेक्शन ट्रीटी जो जापान के हिरोहुमी इतो और कोरिया के वान-योंग ली (जापान का समर्थक शिक्षण मंत्री) द्वारा निर्वाह की गई थी, कोरिया पर लागू कर दी गई। कोरिया के लोगों के सभी राजनयिक अधिकार जापान के विदेशी मामलों के मंत्रालय की देखभाल के लिए दे दिए गए थे। जापान ने कोरिया के सभी घरेलू मामलों को नियंत्रित करने के लिए कोरिया में एक गवर्नर-जनरल तैनात किया और प्रत्येक जिले में सैन्य अधिकारियों को नियुक्त किया। थोड़े ही समय में, जापान ने अपनी राजनीति, कूटनीति और आर्थिक मामलों में अपनी जबरन इच्छा कोरिया के लोगों पर से लागू कर दी।

जापान ने १९१० में बलपूर्वक कोरिया पर कब्जा कर लिया। जापानियों ने कोरिया के लोगों पर अत्याचार किया, कई देशभक्तों को कैद किया और मार डाला और लोगों को उनकी आज़ादी से वंचित कर दिया। जब, १ मार्च, १९१९ में आजादी के लिए एक आंदोलन उठा, तो जापानियों ने प्रायद्वीप के हर हिस्से में हजारों नागरिकों को मौत के घाट उतार दिया। भयानक कांतो भूकंप के समय, १९२३ में जापानियों ने टोक्यो में रहने वाले बहुत से निर्दोष कोरियाई लोगों का, बलिदान के बकरे की तरह, नरसंहार किया।

इस बीच, बहुत से कोरिया के लोगों ने जो जापानी अत्याचार को सहन नहीं कर सके, अपने घरों को छोड़ कर स्वतंत्रता की तलाश में मंचूरिया के जंगलों में भाग गए। वहां उन्होंने अनगिनत कठिनाइयों का सामना किया और अपने दिल और आत्माओं को अपनी मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए बलिदान किया। जापानी सेना ने कोरिया के इन देशभक्त लोगों के लिए हर गांव में खोज की। कुछ गांवों में, उन्होंने जवान और बूढ़ों को एक इमारत में इकट्ठा करके आग लगा दी, उन्हें जीवित जला दिया। जापान ने अपने पतन तक इस तरह के अत्याचार को जारी रखा।

कोरिया के लोग, जो १मार्च को स्वतंत्रता के आंदोलन में, और मांचुरिया के जंगल में मारे गए थे वे मुख्य रूप से ईसाई थे। औपनिवेशिक शासन के अंत में, जापान ने कोरिया में स्वतंत्र ईसाई धर्म को मिटाने के लिए एक कुख्यात नीति शुरू की। ईसाइयों को शिंतो मंदिरों में पूजा करने के लिए मजबूर किया गया; जो लोग यह आज्ञा पालन नहीं करते थे उन्हें कैद किया गया या मार डाला गया। जब दूसरे विश्व युद्ध के अंत में जापान के राजा हिरोहिटो ने आत्मसमर्पण किया, तब कोरिया के लोगों को अंततः उनके बंधन से मुक्त कर दिया गया।

कोरिया के लोगों ने १९०५ की उल्सा सुरक्षा संधि से लेकर १९४५ तक जब उन्हें मुक्ति मिली चालीस वर्ष तक कष्ट उठाए। उनकी पीड़ा पहले इस्राएल की मिस्र में और दूसरे इस्राएल की रोम के साम्राज्य के समान थी। कोरिया की स्वतंत्रता का आंदोलन मुख्य रूप से ईसाइयों के नेतृत्व में घरों और विदेशों में किया गया था; ईसाई लोगों ने जापानी अत्याचार के तहत सबसे अधिक पीड़ा उठाई।

३.३.२ परमेश्वर के मोर्चे की पंक्ति और शैतान के मोर्चे की पंक्ति

अंतिम दिनों में, दुनिया लोकतांत्रिक दुनिया और कम्युनिस्ट दुनिया में बंट गई है। क्योंकि परमेश्वर ने आदम को प्रभुत्व का आशीर्वाद दिया था, इसलिए उसे शैतान को भी आदम के वंशजों के माध्यम से एक अनियंत्रित दुनिया बनाने के लिए स्वतंत्र बाग-डोर देनी पड़ी। परमेश्वर को अनियंत्रित दुनिया को अपने पक्ष में बहाल करने के लिए साथ-साथ कार्य करना पड़ा।

जब मसीह इस पतित संसार को उसकी अपनी मूल स्थिति में, जिसमें परमेश्वर ने उसे सृजा था, बहाल करने के लिए लौटता है, तो वह निश्चित रूप से कम्युनिस्ट दुनिया को बचाने के लिए भी काम करेगा। इसमें कोई संदेह नहीं है कि वह जिस राष्ट्र को लौटाता है वह राष्ट्र इस व्यवस्था में केंद्रीय भूमिका निभाएगा। कोरिया, वह देश है जहां मसीह वापस आएगा, यह वह स्थान है जो परमेश्वर के लिए सबसे प्रिय है और शैतान के लिए सबसे अधिक घृणित है। यह परमेश्वर और शैतान दोनों के लिए मोर्चे की पंक्ति है, एक ऐसा स्थान जहां लोकतंत्र की शक्तियों और साम्यवाद की सेनाओं की मुठभेड़ होती है। टकराव की यह रेखा कोरिया की थर्टीएट पैरलल (अड़तीस समानांतर) के नाम से जानी जाती है, जो परमेश्वर की दैवी योजना को पूरा करने के लिए तैयार की गई है।

परमेश्वर और शैतान के बीच मुकाबले के स्थान पर, उनके संघर्ष का परिणाम निर्धारित करने के लिए शर्त के रूप में बलिदान की भेंट चढ़ाई जानी चाहिए। यह बलिदान कोरिया के लोग थे, जो विश्व की बहाली के लिए युद्ध के इस मोर्चे पर रखे गए थे। इसलिए, परमेश्वर ने कोरिया के देश को विभाजित किया, जिस प्रकार अब्राहम के बलिदान को विभाजित किया जाना चाहिए था। कोरिया के विभाजन का यही कारण है, इस विभाजन की परिसीमा अड़तीस समानांतर थी, जो एक देश को दो देशों में विभाजित करती है: एक कैन-वर्ग और अन्य हाबिल-वर्ग का। अड़तीस-समानांतर परिसीमा लोकतंत्र और साम्यवाद के बीच युद्ध का मोर्चा है। साथ ही, यह परमेश्वर और शैतान के बीच युद्ध का मोर्चा है। कोरियाई युद्ध, जो अड़तीस-समानांतर पर हुआ, केवल गृहयुद्ध नहीं था; यह लोकतांत्रिक दुनिया और कम्युनिस्ट दुनिया के बीच संघर्ष था। इसके अतिरिक्त, यह परमेश्वर और शैतान के बीच संघर्ष था। चूंकि इस युद्ध का विश्वव्यापी महत्व पुनरुद्धार की दैवी योजना की उपलब्धि के लिए था, संयुक्त राष्ट्र के सदस्य देशों की सशस्त्र सेनाओं को पहली बार संगठित किया गया था। भले ही भाग लेने वाले राष्ट्रों ने इस दैवी महत्व को नहीं समझा हो, फिर भी वे आध्यात्मिक पितृभूमि की मुक्ति के लिए परमेश्वर की इच्छा के अनुरूप काम कर रहे थे।

पहले मानव पूर्वजों के पतन पर, परमेश्वर का पक्ष और शैतान का पक्ष अलग-अलग रास्तों पर हो गए। जीवन और मृत्यु, अच्छाई और बुराई, प्रेम और घृणा, खुशी और दुख, भाग्य और दुर्भाग्य, सभी एक ही बिंदु पर विभाजित हो गए और यह मानव इतिहास में एक-दूसरे के साथ लगातार संघर्ष करते आए हैं। यह विभाजित वास्तविकताएं अलग-अलग कैन-वर्ग और हाबिल-वर्ग की दुनिया में समेकित की गईं, और अंततः लोकतांत्रिक दुनिया और कम्युनिस्ट दुनिया बनने के लिए परिपक्व हो गईं। जब ये दो दुनिया कोरियाई प्रायद्वीप पर केंद्रित वैश्विक संघर्ष में आईं, तो धर्म, विचारधाराएं, राजनीतिक शक्तियाँ और आर्थिक प्रणालियाँ सभी में संघर्ष हुआ और कोरियाई समाज में बहुत भ्रम पैदा हो गया, जिसका प्रभाव सारी दुनिया पर पड़ा। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि जो घटनाएं परलोक में घटीं वे भौतिक वास्तविकता के रूप में कोरिया में घटीं, जो दैवी योजना का केंद्रीय देश है, और फिर वह दुनिया भर में फैल गईं। सामाजिक और वैचारिक अराजकता का यह एक स्पष्ट संकेत था कि एक नई विश्व व्यवस्था शीघ्र आ रहा थी। जैसा कि यीशु ने एक बार कहा था, “अंजीर के पेड़ से यह दृष्टांत सीखो, जब उसकी डालियाँ कोमल हो जातीं हैं और पत्ते निकलने लगते हैं तो जान लेते हो कि ग्रीष्म काल निकट है।” (मत्ती २४:३२)

जब शिष्यों ने यीशु से उसकी वापसी के स्थान के बारे में पूछा, तो उसने कहा, “जहाँ लोथ है वहाँ गिद्ध इकट्ठे होंगे।” (लूक १७:३७) कोरिया में अनंत जीवन और सनातन मौत की टक्कर हुई, जो परमेश्वर और शैतान के बीच युद्ध का मोर्चा है। गिद्ध दुष्ट आत्माओं के प्रतीक हैं, आध्यात्मिक रूप से मृत लोगों की खोज में इस भूमि पर इकट्ठे होते हैं, जबकि लौटने वाले प्रभु उन लोगों की तलाश में इस भूमि पर आता है जिन में बहुतायत से जीवन है।

३.३.३ परमेश्वर का हार्दिक पात्र साझी

परमेश्वर के दिल के पात्र साझी बनने के लिए, हमें पहले रक्त, पसीने और आंसुओं के मार्ग पर चलाना चाहिए। जब से मनुष्य शैतान के अधीन हुआ है और परमेश्वर का विरोध करने लगा है, परमेश्वर एक ऐसे पिता की तरह दिल से दुखित है, जिसने अपने बच्चों को खो दिया है। मनुष्य अनैतिक और घृणास्पद हैं फिर भी वे उसके बच्चे हैं, उन्हें बचाने के लिए परमेश्वर इस पापी दुनिया में निरंतर काम करता आया है। इसके अतिरिक्त, अपने विद्रोही बच्चों को बचाने के लिए परमेश्वर ने अपने प्रयासों में अनेक बार सबसे धर्मी और अच्छे लोगों को शैतानी दुनिया में बलिदान किया, यहां तक कि यीशु को, उसके इकलौते पुत्र को क्रूस पर चढ़ाने के लिए दे दिया। मानव पतन के बाद परमेश्वर हर दिन इस तरह से दुखी रहा है। (उत्पत्ति ६:६) तदनुसार, एक व्यक्ति, परिवार या राष्ट्र जो परमेश्वर की इच्छा के लिए शैतानी दुनिया से लड़ रहा है, रक्त, पसीने और आंसुओं के मार्ग से नहीं बच सकता है।

वफादार और निष्ठावान बच्चों के रूप में हम कैसे सुखद और आत्मसन्तुष्ट हो कर अपने स्वर्गीय पिता के, जो अत्यंत दुखित है, पात्र साझी बन सकते हैं? वह देश जो मसीह को प्राप्त कर सकता है उसे परमेश्वर का दिली पात्र साझी बन कर पुत्र की निष्ठा का प्रदर्शन करना चाहिए। यही कारण है कि इसे रक्त, पसीने और आंसुओं का मार्ग चलना चाहिए। पहला इस्राएल और दूसरा इस्राएल दोनों कष्ट के मार्ग पर चले। कोरियाई लोगों ने, जो तीसरा इस्राएल हैं, यही किया।

उनका दुखी इतिहास परमेश्वर के चुने हुए लोगों के लिए आवश्यक मार्ग था। यह कोई भी नहीं जानता कि दुःख का ऐसा मार्ग अंततः कितनी बड़ी आशीषों का कारण बन सकता है।

जिस देश के लोग परमेश्वर के दिल के पात्र साझी बनने के योग्य हैं उन्हें अच्छे लोग होने चाहिए। कोरिया के लोग चार हजार वर्ष के इतिहास के एक समरूपी जाति के लोग हैं, जिन्होंने शायद ही कभी किसी अन्य देश पर हमला किया है। कोकुर्यो और सिला काल के दौरान भी, जब वे प्रभावशाली सैन्य शक्ति का गौरव करते थे, तो उन्होंने अपनी शक्ति को केवल आक्रांता को विफल करने के लिए उपयोग किया। यह तथ्य कि शैतान की मौलिक प्रकृति दूसरों पर आक्रामक रूप से अतिक्रमण करना है, यह स्पष्ट है कि कोरिया के लोग परमेश्वर के पक्ष में खड़े होने के योग्य हैं। परमेश्वर की रणनीति यह है कि जब उसके पक्ष पर पहले हमला किया जाता है तो वह जीत का दावा कर सकता है। यद्यपि अनगिनत भविष्यद्वक्ताओं और संतों को इतिहास के दौरान बलिदान किया गया है, और यहां तक कि यीशु को भी क्रूस पर चढ़ा कर मार दिया गया, फिर भी परमेश्वर ने हर बार अंत में जीत का दावा किया। हालांकि शैतान का पक्ष प्रथम और द्वितीय विश्व युद्धों में आक्रामक था, अंत में जीत परमेश्वर के पक्ष के देशों की हुई। इसी प्रकार, विदेशी शक्तियों ने कोरिया के लोगों पर कई बार हमला किया गया है। इन विपत्तियों से परमेश्वर का सच्चा इरादा उन्हें उसके पक्ष में खड़ा करना था ताकि अंतिम विजय प्राप्त कर सके।

कोरियाई लोग प्राकृतिक रूप से धार्मिक चरित्र से संपन्न हैं। उनके धार्मिक झुकाव ने उन्हें हमेशा उस मार्ग पर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया है जो भौतिक वास्तविकता से परे हो और अत्यंत मूल्यवान हो। प्राचीन काल से, जब उनकी संस्कृति अभी भी असभ्य थी, कोरियाई लोगों ने परमेश्वर की उपासना करने की एक मज़बूत इच्छा प्रदर्शित की। उन्होंने ऐसे धर्मों को अधिक मान नहीं दिया जो अंधविश्वास के कारण प्रकृति को देवी मान कर पार्थिव जीवन की खुशी के लिए प्रयास करें। उन्होंने हमेशा वफादारी, धर्मनिष्ठता के गुण और पवित्रता को सम्मानित किया। लोक कथाओं के लिए उनका वात्सल्य, जैसे “शिम-चोंग की कथा” और “छुन-हियांग” की कथा, जो इन गुणों को व्यक्त करता है उनकी शक्तिशाली संस्कृति के आधार से निकलते हैं।

३.३.४ मसीह के विषय में भविष्यवाणी

एक लंबे समय से कोरिया के लोगों की मसीह के लिए अभिलषित आशा, उनके भविष्यवक्ताओं की स्पष्ट गवाहियों से पोषित हुई है। पहले इस्राएल ने अपने भविष्यवक्ताओं की गवाही पर विश्वास किया (मलाकी ४:२-५, यशायाह ६०:१-२२) कि मसीह उनके राजा के रूप में आएगा, राज्य स्थापित करेगा और उनका उद्धार करेगा। दूसरा इस्राएल मसीह की वापसी के लिए विश्वास के कठिन रास्ते पर चला। इसी प्रकार, कोरिया के लोग, तीसरे इस्राएल ने इस भविष्यवाणी में विश्वास किया है कि धर्मी राजा प्रकट होगा और उनकी भूमि पर एक गौरवशाली और अनन्त राज्य स्थापित करेगा, इस आशा के ज़रिए उन्हें यातनाओं को सहन करने की शक्ति मिली। कोरिया के लोगों के बीच यह मसीह के आने का विचार चोंगगमनोक, भविष्यवाणी की एक पुस्तक के माध्यम से प्रकट हुआ था, जो यी वंश की शुरुआत में चौदहवीं शताब्दी में लिखी गई थी।

क्योंकि इस भविष्यवाणी के अनुसार एक नए राजा को आना है, तो शासक वर्ग के लोगों ने इसे दबाने की कोशिश की थी। जापानी औपनिवेशिक शासन ने पुस्तक को जला कर और उसके विश्वासियों पर अत्याचार करके इस धारणा को खतम करने की कोशिश की। ईसाई धर्म का व्यापक रूप से स्वीकार किए जाने के बाद, इस विचार को अंधविश्वास के रूप में उपहासित किया गया। फिर भी, यह मसीही आशा अभी भी कोरिया के लोगों की आत्मा में गहराई से जुड़ी हुई है। चोंगगमनोक में जिस धर्मी राजा के आने की आशा की भविष्यवाणी की गई है, उसे चोंगडोरीयोंग नाम दिया गया है (जो परमेश्वर के सच्चे वचन के साथ आता है)। वास्तव में, यह कोरिया के लिए मसीह की भविष्यवाणी है जो कोरिया लौटेगा। कोरिया में ईसाई धर्म की शुरूआत से पहले, परमेश्वर ने चोंगगमनोक के माध्यम से प्रगट किया था कि मसीह उस देश में आएगा। आज, अनेक विद्वानों ने इस बात की पुष्टि की है कि भविष्यवाणी की इस पुस्तक के कई अनुच्छेद बाईबल की भविष्यवाणियों के साथ मेल खाते हैं।

इसके अतिरिक्त, कोरिया के हर धर्म के विश्वासी लोगों में ऐसे लोग हैं जिनको यह प्रकटीकरण प्राप्त हुआ है कि उनके धर्म के संस्थापक कोरिया में वापस आएंगे। हमने सांस्कृतिक क्षेत्रों की प्रगति के अध्ययन के माध्यम से सीखा (प्रति-संदर्भ—प्रलयोत्तर ४.२) कि सभी धर्म एक धर्म की ओर बढ़ रहे हैं। अंतिम दिनों के ईसाई धर्म के लिए परमेश्वर की इच्छा है कि वह यह अंतिम धर्म बने जो इतिहास में कई धर्मों के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए जिम्मेदारी उठा सके। लौटने वाला मसीह, जो ईसाई धर्म के केंद्र के रूप में आता है, वह उन उद्देश्यों को पूरा करेगा जो अन्य धर्मों के संस्थापक पूरा करने के लिए प्रयास करते हैं। इसलिए, उसके मिशन के संबंध से, मसीह अपनी वापसी पर हर धर्म के संस्थापकों के दूसरे आगमन के रूप में माना जा सकता है। (पुनरुत्थान २.४) जब विभिन्न धर्मों के संस्थापक दूसरे आगमन में अपने विभिन्न प्रकटीकरण की पूर्ति के लिए कोरिया में प्रगट होंगे, तो वे अलग-अलग व्यक्तियों के रूप में नहीं आएंगे। एक व्यक्ति, दूसरे आगमन का मसीह, इन सभी प्रकटन की पूर्ति के रूप में आएगा। वह प्रभु जिसका आगमन विभिन्न धर्मों के विश्वासियों को प्रकट हुआ है, जिसमें बौद्ध धर्म में मैत्रेय बुद्ध, कन्फ्यूशीवाद का सच्चा-पुरुष, लौटने वाला चोए सु-यून, जिसने चोंडोग्यो के धर्म की स्थापना की और चोंगगामनोक में आने वाला चोंगडोरोंग, वह दूसरे आगमन में मसीह के अलावा कोई नहीं होगा।

अंततः, जैसे बारिश में मशरूम बहुतायत से अंकुरित होने लगते हैं, हम इस बात के गवाह हैं कि कोरिया में बहुत से आध्यात्मिक रूप से प्रबुद्ध ईसाई लोगों को आकाशवाणी और चिह्न दिए गए है, जो मसीह के दूसरे आगमन की गवाही दे रहे हैं। परमेश्वर का वादा है कि वह सभी लोगों पर अपनी आत्मा उंडेलेगा, (प्रेरितों २:१७) यह कोरिया के लोगों के बीच अब पूरा हो रहा है। बहुत से मसीही भक्त आत्मिक दुनिया के निचले इलाकों से स्वर्ग तक, विभिन्न स्तरों पर आत्माओं से संपर्क कर रहे हैं, और स्पष्ट प्रकटन प्राप्त कर रहे हैं कि प्रभु कोरिया में आएगा। तो भी, कोरिया के ईसाई चर्चों का वर्तमान नेतृत्व गहरी नींद में हैं। आध्यात्मिक रूप से अनभिज्ञ, वे अपने मिशन के कार्य में ही व्यस्त हैं और समय के इन संकेतों से अनजान हैं। यीशु के समय में जैसा हुआ यह उसके समान है। याजक और शास्त्री लोग, जिन्हें मसीह के जन्म की जानकारी होनी चाहिए थी, वे पूरी तरह से इस बारे में अपरिचित थे, क्योंकि वे आध्यात्मिक रूप से अंधे थे। ज्योतिषी लोग और चरवाहों को जिन्हें प्रकटन मिला वही यीशु के जन्म के बारे में जानते थे।

यीशु ने कहा, “हे पिता स्वर्ग और पृथ्वी के प्रभु, मैं तेरा धन्यवाद देता हूँ कि तू ने इन बातों को ज्ञानियों समझदारों से छिपा रखा, और बालकों पर प्रगट किया है।” (मत्ती ११:२५) वह उस समय के यहूदी नेतृत्व की आध्यात्मिक अज्ञानता पर शोक कर रहा था, और दूसरी तरफ, वह आभारी था कि परमेश्वर ने शुद्ध अशिक्षित विश्वासियों को अपनी दैवी योजना प्रगट करने की कृपा की। आज के कोरिया के ईसाई धर्म में, जो यीशु के दिनों का समानांतर समय है, इसी तरह की घटनाएं हो रही हैं, बल्कि और अधिक जटिल तरीकों से। शुद्ध और निर्दोष विश्वासियों के माध्यम से परमेश्वर अंतिम दिनों के बहुत से स्वर्गीय रहस्यों को प्रकट कर रहा है। हालांकि, यदि वे सार्वजनिक रूप से घोषित करें तो वे विधर्मी के रूप में दंडित किए जाएंगे, इसलिए वे इन सत्यों को अपने आप में रखते हैं।

इस बीच, यीशु के समय के याजकों, यहूदी पादरी और शास्त्रियों की तरह, कई ईसाई पादरी बाईबल के बारे में अपने ज्ञान और बाईबल की व्याख्या करने की क्षमता पर गर्व करते हैं। वे अपने अनुयायियों से प्राप्त सम्मान में आनंद लेते हैं; और अपने कार्यालयों के कर्तव्यों को पूरा करके ही संतुष्ट हैं; फिर भी, परमेश्वर इस बात पर शोक करता है कि वे इन अंतिम दिनों में परमेश्वर की दैवी योजना से पूरी तरह से अनजान हैं।

३.३.५ सभ्यताओं की पराकाष्ठा

धर्म और विज्ञान पर निर्मित आध्यात्मिक और भौतिक सभ्यता—मानव अज्ञानता के दो पहलुओं को दूर करने की तलाश—इन्हें सामंजस्य में लाया जाना चाहिए। तभी हम मानव जीवन की मौलिक समस्याओं को हल कर सकते हैं और परमेश्वर के आदर्श की दुनिया साकार कर सकते हैं। (प्रलयोत्तर-विद्या ५.१) मसीह जब दुनिया में आएगा उस समय विज्ञान अत्यधिक विकसित हुआ होगा। यह सभ्यता का उच्चतम स्तर वाला समाज होगा, जिसकी दैवी इतिहास की सारी सभ्यताएं जो लंब कार्यवाही के माध्यम से विकसित हुई थीं वे सब प्रभु के नेतृत्व में क्षैतिज रूप से पुनः स्थापित की जाएंगी। इसलिए, भौतिक और आध्यात्मिक सभ्यता के पहलू जो धर्म और विज्ञान से विकसित हुए हैं, और जो सारी दुनिया में प्रभावशाली हैं, नए सत्य द्वारा निर्देशित कोरिया में ग्रहण की जाएंगे और एक साथ सुसंगत किए जाएंगे। तब वे आदर्श दुनिया में परमेश्वर की गहन अभिलाषा के फल लाएंगे।

पहले, सभी सभ्यताओं के गुण तत्त्व जो पृथ्वी पर विकसित हुए हैं उन्हें कोरिया में फल लाना चाहिए। महाद्वीपीय सभ्यताएं जो मिस्र और मेसोपोटामिया में पैदा हुई उन्होंने यूनान, रोम और इबेरिया के प्रायद्वीपीय सभ्यताओं को फल दिए, फिर वहां से ग्रेट ब्रिटेन की द्वीप सभ्यता को अपने फल दिए। इस द्वीप सभ्यता ने अपनी संस्कृति संयुक्त राज्य अमेरिका, महाद्वीपीय सभ्यता को पारित की। फिर दिशा उलट दी गई, संयुक्त राज्य अमेरिका ने अपनी संस्कृति जापान की द्वीप सभ्यता को दी। अब यह फल कोरिया की प्रायद्वीपीय सभ्यता में एकत्र किए जाएंगे, जहां मसीह का जन्म होना है।

फिर, नदियों और समुद्रों के तट पर आरंभ हुई सभ्यताओं के गुणों को प्रशांत सभ्यता में जिससे कोरिया संबंधित है फल देना चाहिए। नील, टिग्रिस और यूफ्रेट्स नदियों के तट से निकली हुई सभ्यताओं ने भूमध्यसागरीय सागर के आसपास की सभ्यताओं में अपनी संस्कृतियों को पारित किया: यूनान, रोम, स्पेन और पुर्तगाल। इन सभ्यताओं ने अटलांटिक महासागर की सभ्यताओं को अपने फल दिए: विशेष रूप से, ग्रेट ब्रिटेन और संयुक्त राज्य अमेरिका। इन सभी फलों की कटाई प्रशांत महासागर की सभ्यता में की जाएगी, जो संयुक्त राज्य अमेरिका, जापान और कोरिया को एक साथ जोड़ता है।

अंत में, विभिन्न जलवायु क्षेत्रों में पैदा होने वाली सभ्यताओं को कोरिया में फल लाना चाहिए। मौसम के दौर में, सजीव वस्तुएं वसंत ऋतु में अपना जीवन और प्रजनन शुरू करती हैं, गर्मियों में उगती हैं, शरद् ऋतु में फल देतीं करती हैं, और सर्दियों में अपना भंडार संचित करती हैं। वसंत, गर्मी, शरद् ऋतु और सर्दी का चक्र न केवल प्रत्येक वर्ष दोहराया जाता है, बल्कि दिन-प्रतिदिन भी: सुबह वसंत, दोपहर गर्मियों, शाम शरद् ऋतु, और रात सर्दी की ऋतु के अनुरूप है। मानव जीवन के चार चरण भी—बचपन, युवा, मध्यम आयु, और बुढ़ापा—इस नमूने से मिलते-जुलते हैं। मानव इतिहास भी ऋतुओं के अनुसार प्रकट होता है, क्योंकि परमेश्वर की सृष्टि में अंतर्निहित उसके सिद्धांत का एक पहलू सामंजस्यपूर्ण, जीवन का मौसमी चक्र है।

परमेश्वर ने आदम और हव्वा की रचना मानव इतिहास की वसंत ऋतु में की। तदनुसार, इतिहास को अदन के शीतोष्ण-क्षेत्र की सभ्यता से शुरू होना चाहिए था। फिर, उसे अपने गर्मियों के मौसम में उष्णकटिबंधीय सभ्यता में स्थानांतरित होना चाहिए था; फिर शरद् ऋतु से गुज़र कर शीतल-जलवायु में, और अंत में इसकी पराकाष्ठा शीत-क्षेत्र की सभ्यता में होनी चाहिए थी, जो सर्दियों के मौसम के अनुरूप है। परंतु, पतन के कारण, मनुष्य असभ्य जंगली लोगों के स्तर पर पदच्युत हो गया। शीतोष्ण-क्षेत्र सभ्यता का निर्माण करने के बजाय, वे समय से पूर्व उष्णकटिबंधीय क्षेत्रों में आदि वासियों के रूप में रहने लगा। अफ्रीका के महाद्वीप में उन्होंने मिस्र की उष्णकटिबंधीय सभ्यता का निर्माण किया। इस महाद्वीपीय सभ्यता ने अपनी संस्कृति प्रायद्वीप और द्वीपों को पारित की जहां शीतल-क्षेत्र की सभ्यताओं का विकास हुआ। जो आगे सोवियत संघ की शीत सभ्यता में फले। अब यह वर्तमान समय नए अदन की शीतोष्ण-क्षेत्र सभ्यता के गठन में समाप्त होगा। यह निश्चित रूप से कोरिया में होना चाहिए, जहां सभी सभ्यताओं को फलवान होना है।