संभाग ४. यीशु के दिनों और वर्तमान दिनों में समानांतर
दूसरे आगमन की अवधि यीशु के समय के समानांतर है। आज ईसाई धर्म में जो घटनाएं घट रही हैं यीशु के समय में यहूदी धर्म में भी घटी थीं। आइए इन समानांतरों में से कुछ की जांच करें।
आज का ईसाई धर्म, यीशु के दिनों के यहूदी धर्म की तरह, संस्थागत अधिकार और अनुष्ठानों का बहुत सख़्ती से पालन करता है, जबकि आंतरिक रूप से यह भ्रष्ट है। यीशु के समय के, बहुत से याजक और शास्त्री लोग अनुष्ठानों और विधिवाद के दास बन गए थे, और उनका आध्यात्मिक जीवन भ्रष्ट था। इसलिए, सच्चे निष्कपट यहूदी विश्वासी अपनी आत्मिक प्यास बुझाने के लिए उस यीशु के गिर्द जमा होते थे, जिस पर पाषंडी होने का आरोप लगाया गया था। इसी प्रकार, आज के ईसाई धर्म में, कई प्रमुख पादरी और याजक अपने अधिकारियों के बंदी हैं और उनके धार्मिक कृत्यों से मोहित हैं जबकि उनकी आत्माएं हर दिन मंद होती जा रहीं हैं। इसलिए, ईसाई भक्त लोग सच्चे मार्ग की खोज में पहाड़ों और मैदानों में हर जगह घूम रहे हैं। वे नए नेतृत्व की तलाश कर रहे हैं जिनके मार्गदर्शन से वे इस आध्यात्मिक जंगल से बाहर निकल सकें और उन्हें आंतरिक प्रकाश के मार्ग दिखा सकते हैं।
ईसाई अगुवा लोग आज, यीशु के दिनों के यहूदी नेतृत्व की तरह, दूसरे आगमन में मसीह को सताने वालों में सबसे अव्वल होंगे। यीशु एक नया युग स्थापित करने के लिए आया और भविष्यवक्ताओं द्वारा घोषित पुराने नियम के वचन को पूरा किया। उसने पुराने नियम के शब्दों को नहीं दोहराया, परंतु नए युग के लिए सत्य के नए वचन दिए। यहूदी याजकों और शास्त्रियों ने पुराने नियम के वचन की अपनी संकीर्ण समझ के आधार पर यीशु के वचन और कार्यों की आलोचना की। उनके गलत निर्णय के कारण यीशु क्रूस पर चढ़ाया गया।
इसी प्रकार, दूसरे आगमन में मसीह का उद्देश्य नए नियम के युग में ईसाई धर्म द्वारा नियोजित आध्यात्मिक मोक्ष की नींव पर एक नया स्वर्ग और एक नई पृथ्वी (प्रकाशितवाक्य २१:१-४) बनाना है। जब वह लौटेगा, तो वह केवल दो हजार साल पहले दिए गए नए नियम के वचन को नहीं दोहराएगा, लेकिन वह निश्चित रूप से एक नए स्वर्ग और नई पृथ्वी की स्थापना के लिए आवश्यक सत्य के नए वचन भी देगा। परंतु, आज के ईसाई, जिनके मन बहुत बारीकी से नए नियम के वचन से जुड़े हुए हैं, शास्त्रों की संकीर्ण समझ के आधार पर मसीह के शब्दों और कार्यों की आलोचना करेंगे। इसलिए, यह अपेक्षा की जा सकती है कि वे प्रभु पर एक पाषंडी का टीका लगा कर उसे कष्ट पहुँचाएंगे। यही कारण है कि यीशु ने भविष्यवाणी की थी कि दूसरे आगमन में, मसीह को पहले बहुत दुःख उठाने पड़ेंगे और इस युग के लोग उसे तुच्छ ठहराएंगे। (लूक १७:२५)
दूसरे आगमन पर जब लोग मसीह के बारे में प्रकटन प्राप्त करते हैं या उसके वचन को सुनते हैं, तो वे यीशु के दिनों के यहूदियों की तरह उसी तरीके से जवाब देंगे। परमेश्वर ने यीशु के जन्म का समाचार याजक और शास्त्रियों को नहीं दिया, बल्कि विनम्र ज्योतिषियों और शुद्ध दिल के चरवाहों को दिया। यह एक ऐसे पिता की तरह है, जिसने अपने बच्चों की अज्ञानता के कारण, अपने सौतेले बच्चे पर अधिक विश्वास किया। इसी प्रकार, परमेश्वर, मसीह की वापसी की ख़बर पहले सामान्य लोगों को, छोटे आध्यात्मिक समूह और गिरजा घरों या शुद्ध अंतःकरण वाले अविश्वासियों को देगा जिन्हें मुख्य विचारधारा के लोग उपेक्षा की नज़रों से देखते हैं। केवल बाद में यह खबर मुख्य विचारधारा के ईसाई पादरी तक पहुंच सकती है जो बिना विचारे अपने विश्वास की औपचारिक विचारधारा को ही ध्यान में रखते हैं। यीशु के दिनों में, जो लोग सच्चे दिल से सुसमाचार सुना करते थे वे यहूदी अगुवे नहीं थे, लेकिन आम सामान्य लोग और गैर-यहूदी थे। इसी प्रकार, मसीह की वापसी पर, साधारण ईसाई और गैर-ईसाई लोग ईसाई नेतृत्व से पहले, जो अपने आप को परमेश्वर के चुने हुए मानते हैं, प्रभु के वचनों को स्वीकार करेंगे। यह यीशु का शादी की दावत के दृष्टांत का अर्थ है। जब आमंत्रित अतिथियों ने और समुदाय के प्रमुख पुरुषों ने राजा के निमंत्रण को अस्वीकार कर दिया: तब उसने अपने दासों से कहा, विवाह का भोज तैयार है परंतु निमंत्रित लोग योग्य नहीं ठहरे। इसलिए चौराहों पर जाओ और जितने लोग तुम्हें मिलें सब को विवाह के भोज में बुला लाओ। अतः उन दासों ने सड़कों पर जाकर क्या बुरे क्या भले, जितने मिले सब को इकट्ठा किया, और विवाह का घर अतिथियों से भर गया। मत्ती २२:८-१०
यीशु के दिनों के और दूसरे आगमन के दिनों में, कई ऐसे विश्वासी भक्त होंगे जो स्वर्ग में प्रवेश करने की आशा के साथ विश्वास के मार्ग पर चले परंतु वास्तव में उन्होंने अपने आप को नरक में पाया। यीशु के दिनों में, क्योंकि याजक और शास्त्रियों की ज़िम्मेदारी परमेश्वर के चुने हुए लोगों को मार्गदर्शन करने की थी, इसलिए उनको पहले मसीह को पहचाना चाहिए था कि मसीह आ गया, और यहूदियों को उसके पास ले जाना चाहिए था। उन्हें अपना मिशन पूरा करने में उनकी मदद के लिए, यीशु ने पहला कदम उठाया; उसने मंदिर का दौरा किया और दूसरों को सिखाने से पहले उन्हें सुसमाचार सुनाया। (लूक २:४२-४७) परंतु, जब उन लोगों ने उसे ग्रहण नहीं किया, तो यीशु के पास गलील के किनारे मछुआरों के बीच शिष्यों को खोजने के अलावा और कोई विकल्प नहीं रहा। उसे समाज के तुच्छ लोगों की सेवा करने और पापियों, कर-संग्रहकर्ताओं और वेश्याओं के साथ संगत करनी पड़ी। अंत में, याजक और शास्त्रियों ने उसे इतना सताया कि उसे सलीब का भाग्य स्वीकार करना पड़ा। उन्होंने यह हत्या, यह मानते हुए की कि उन्होंने एक खतरनाक विधर्मी और ईश-निन्दक को मार कर एक धार्मिक कार्य किया है। फिर उन्होंने अपना बाकी जीवन आचारिक याजकीय कर्तव्यों का पालन करने में, पवित्र शास्त्रों का अनुवाचन, अपना दसवांश देने में और मंदिर में बलिदान का काम जारी रखने में बिताया, यह सब इसी आश्वासन के साथ किया कि वे स्वर्ग की ओर बढ़ रहे हैं। बजाए इसके, जब वे इस दुनिया से चल बसे, उन्होंने अपने आप को बड़े अनपेक्षित रूप से नरक में पाया। विडंबना यह है कि जिस मार्ग को उन्होंने स्वर्ग पहुंचने के लिए चुना था, उसी ने उन्हें भटका दिया।
यह जानते हुए कि इस तरह की घटनाएं अंतिम दिनों में हो सकती हैं, हम में से प्रत्येक को गंभीरता से जांच करनी चाहिए। आज बहुत से ईसाई लोग जिस मार्ग पर चल रहे हैं यह विश्वास करते हैं कि यह रास्ता स्वर्ग की ओर जाता है। फिर भी यदि वे गलत कदम उठाते हैं, तो उनका मार्ग वास्तव में उन्हें नरक में ले जा सकता है। यही कारण है कि यीशु ने एक बार कहा था कि वह अंतिम दिनों में बहुत से भक्त विश्वासियों को डांटेगा, उनको भी जिनके समर्पण इतने मजबूत हैं कि वे दुष्ट आत्माओं को बाहर निकाल सकते हैं और उसके नाम पर चमत्कार कर सकते हैं: “तब मैं उनसे खुल कर कहूँगा मैंने तुम को कभी नहीं जाना। ‘हे कुकर्म करने वालो, मेरे पास से चले जाओ”। (मत्ती ७:२३)
सच तो यह है, कि आज इतिहास के इस संक्रमण काल में रहने वाले विश्वासियों की तुलना में इससे अधिक अनिश्चित स्थिति का सामना और कोई नहीं करता है। हमने जीवन में चाहे कितना ही विश्वास क्यों ना दिखाया हो, अगर हम यीशु के दिनों के यहूदी अगुवा लोगों की तरह, लौटने वाले मसीह के खिलाफ मुड़ने का गलत कदम उठाते हैं, तो हमारे सभी प्रयास व्यर्थ हो जाएंगे। दानिय्येल ने इन लोगों के लिए कहा था, “बहुत से लोग ख़ुद को निर्मल करेंगे, और उजले करेंगे, और शुद्ध हो जाएंगे, परन्तु दुष्ट लोग बुराई ही करते रहेंगे, और दुष्टों में से कोई भी समझ नहीं पाएगा, परन्तु बुद्धिमान लोग ही समझेंगे”। (दानिय्येल १२:१०)