संभाग ३. अब्राहम के परिवार में पुनरुद्धार की दैवी योजना
हाम के पतित कर्म के कारण, नूंह के परिवार में पुनरुद्धार की दैवी योजना पूरी नहीं हुई। हालांकि, परमेश्वर ने यह सर्वथा पूर्वनिर्धारित किया था कि सृष्टि का उद्देश्य एक दिन पूरा होगा। इसलिए, परमेश्वर के प्रति नूंह की दिली वफादारी की नींव पर परमेश्वर ने अब्राहम को बुलाया और उसके परिवार के साथ पुनरुद्धार की दैवी योजना का नया अध्याय शुरू किया।
अब्राहम के परिवार को मसीह की नींव पुनः स्थापित करनी थी, जो नूंह के परिवार ने अधूरी छोड़ी थी, और उस नींव पर मसीह को ग्रहण करना था। इस प्रकार, नूंह की तरह अब्राहम को पहले क्षतिपूर्ति के माध्यम से विश्वास की नींव पुनः स्थापित करनी पड़ी, और उसके पुत्रों को क्षतिपूर्ति के माध्यम से वास्तविक नींव पुनः स्थापित करनी पड़ी।
३.१ विश्वास की नींव
३.१.१ विश्वास की नींव के लिये प्रमुख व्यक्ति
पुनरुद्धार की दैवी योजना में अब्राहम के परिवार में विश्वास की नींव पुनः स्थापित करने वाला प्रमुख व्यक्ति अब्राहम था। अपनी इच्छा की पूर्ति के मिशन के लिए, जो उसने पहले नूंह के द्वारा पूरा करने की कोशिश की थी, परमेश्वर ने अब्राहम को चुना। परंतु अब्राहम यह मिशन उस समय तक प्राप्त नहीं कर सकता था जब तक वह उन सभी शर्तों को, जो नूंह को पूरी करने के लिये दी गईं थीं, परंतु हाम के पाप के कारण शैतान के दावे में चलीं गईं थीं, क्षतिपूर्ति के द्वारा पुनः स्थापित नहीं कर लेता।
पहली शर्त जो नूंह का परिवार शैतान के हाथ खो बैठा था वह आदम से नूंह तक दस पीढ़ियाँ और न्याय के चालीस दिन की अवधि थी। इसलिए, अब्राहम को क्षतिपूर्ति के माध्यम से और दस पीढ़ियाँ पुनः प्राप्त करनी थीं। इन दस पीढ़ियों में प्रत्येक पीढ़ी को संख्या चालीस, जो जल प्रलय के न्याय को दर्शाती है, पुनः प्राप्त करना चाहिए था। चालीस दिवसीय बाढ़ का अंत निष्फल होने की वजह से प्रत्येक पीढ़ी को पुनः प्राप्त करने के लिए पीढ़ी का पूरा अरसा लगा, यह केवल चालीस दिन में पूरी नहीं की जा सकती थी। बाढ़ की पुनः प्राप्ति करने की दैवी योजना को दस पीढ़ियों की प्रत्येक पीढ़ी में और अधिक लंबा समय लगना ज़रूरी था: चालीस वर्ष। यह मूसा के समय के लोगों की स्थिति के समान है जब चालीस दिवसीय जासूसी मिशन की दैवी योजना के विफल होने पर उन्हें जंगल में अपेक्षित चालीस वर्ष तक भटकना पड़ा। (गिनती १४:३४) इसलिए, नूंह से दस पीढ़ी और चार सौ वर्षों की क्षतिपूर्ति की अवधि के बाद परमेश्वर ने नूंह के मिशन की ज़िम्मेदारी उठाने के लिये अब्राहम को चुना। इस प्रकार, आदम से नूंह तक सोलह सौ वर्षों में दस पीढ़ियाँ पुनःस्थापित करने वाले युग से चार सौ वर्षों में दस पीढ़ियाँ पुनःस्थापित करने वाले युग में प्रवेश होने के कारण, नूंह के बाद मनुष्य की आयु अचानक छोटी हो गई।
शर्तों का अगला संग्रह जो नूंह के परिवार ने शैतान के हाथ खो दीं थी, वह था विश्वास के पिता का स्थान और हाम का स्थान, जिसे हाबिल की भूमिका निबाहने थी। इसलिए, अब्राहम नूंह के स्थान पर नहीं खड़ा हो सकता जब तक वह पहले क्षतिपूर्ति के माध्यम से विश्वास के पिता और हाम की भूमिकाएँ पुनःस्थापित न कर ले। नूंह के स्थान पर विश्वास के पिता की भूमिका निबाहने के लिये अब्राहम को नूंह की तरह, जिस तरह उसने जहाज़ बनाया था, दिली वफादारी के साथ विश्वास की प्रतीकात्मक भेंट चढ़ाना ज़रूरी था। फिर, अब्राहम हाम का स्थान किस प्रकार बहाल कर सकता था? हाम को हाबिल का प्रतिनिधित्व करना था, जो परमेश्वर का सबसे प्रिय था: दोनों दूसरे बेटे के स्थान पर थे और वास्तविक भेंट के प्रमुख-व्यक्ति थे। चूँकि शैतान ने दावा कर के हाम को मांगा, इसलिए, क्षतिपूर्ति द्वारा पुनरुद्धार की दैवी योजना के नियम के अनुसार, परमेश्वर को भी ऐसे व्यक्ति का दावा करना चाहिये जिसे शैतान सबसे अधिक प्रेम रखता हो। इस कारण, परमेश्वर ने अब्राहम को बुलाया, जो तेरह का, जो मूर्तिपूजक था, जेठा पुत्र था (यहोशू २४:२.३)।
अब्राहम को नूंह का मिशन विरासत में मिलने वाला था और इस प्रकार आदम का मिशन। इस बूते पर उसने बहाल किए हुए आदम का प्रतिनिधित्व किया। जैसे परमेश्वर ने आदम और नूंह को आशीर्वाद दिया था, उसी तरह उसने अब्राहम को भी आशीष दी: और मैं तुझ में एक बड़ी जाति बनाऊँगा, और तुझे आशीष दुंगा, और तेरा नाम महान करूँगा, और तू आशीष का मूल होगा। जो तुझे आशीर्वाद देगा, उन्हें मैं आशीष दुँगा; और जो तुझे कोसे, उसे मैं श्राप दुँगा; और भूमंडल के सारे कुल तेरे द्वारा आशीष पाएंगे। उत्पत्ति १२:२-३ इस आशीष को प्राप्त करने के बाद, परमेश्वर के आदेश की आज्ञाकारिता में, अब्राहम ने हारान में अपने पिता का घर छोड़ दिया और अपनी पत्नी सारै, और भतीजे लूत के साथ, सारे सामान और सभी कर्मचारियों को लेकर कनान में प्रवेश किया। (उत्पत्ति १२:४-५) इस अर्थ से, कनान को बहाल करने के लिये परमेश्वर ने अब्राहम की कार्यवाही को एक नमूने के तौर पर स्थापित किया, जिस पर याकूब और मूसा को अपने दिनों में चलना होगा। याकूब और मूसा क्रमशः अपने परिवार के सभी सदस्यों को सारे सामान के साथ हारान और मिस्र से बाहर ले जाएंगे, और फिर रास्ते में बड़ी कठिनाई और कष्ट उठा कर कनान वापस ले कर आएंगे। अब्राहम की कार्यवाही यह भी पूर्वाभास देती है कि यीशु को भी एक दिन इसी पथ पर चलना होगा: मानवता और सभी चीज़ों को शैतान की दुनिया से बाहर निकाल कर परमेश्वर की दुनिया में वापस लाना होगा। (प्रति-संदर्भ—मूसा और यीशु १.२)
३.१.२ विश्वास की नींव के लिये भेंट की गई शर्त की वस्तु
३.१.२.१ अब्राहम की प्रतीकात्मक भेंट
परमेश्वर ने अब्राहम को आदेश दिया कि वह एक पिण्डुक, एक कबूतर, एक मेंढ़ा, एक बकरी और एक बछिया की भेंट चढ़ाए। (उत्पत्ति १५:९) विश्वास की नींव पुनःस्थापित करने के लिये शर्त की यह वस्तुएं थीं। परंतु इससे पहले कि वह प्रतीकात्मक भेंट चढ़ाए उसे उचित आस्था का प्रदर्शन करना चाहिये, जिस प्रकार उससे पहले नूंह प्रतीकात्मक चढ़ावे के रूप में जहाज़ बनाने से पहले धर्मी ठहराया गया था।
बाईबल यह स्पष्ट रूप से नहीं बताती है कि नूंह ने किस तरह अपनी श्रद्धा का प्रदर्शन किया। परंतु, “नूंह धर्मी पुरुष और अपने समय के लोगों में खरा था, और परमेश्वर के साथ चलता रहा,” (उत्पत्ति ६:९) इस छंद से हम यह अनुमान लगा सकते हैं कि, इससे पहले कि वह परमेश्वर की जहाज़ के बनाने की आज्ञा प्राप्त करने के योग्य समझा जाए, नूंह ने विश्वास दिखाया था। सच तो यह है कि जो पुनरुद्धार की दैवी योजना में चलता है उसे लगातार अपने विश्वास को दृढ़ करना चाहिये। (रोमियों १:१७)
आईये हम यह जांच करें कि अब्राहम ने कैसे प्रतीकात्मक भेंट चढ़ाने की तैयारी करने में अपनी आस्था को दृढ़ किया।
चूँकि नूंह दूसरा मानव पूर्वज था, अब्राहम को भी नूंह का स्थान प्राप्त करने के लिए आदम का स्थान अपनाना था। इस कारण से, आदम के परिवार का स्थान पुनर्स्थापित करने के लिये उसे कोई सांकेतिक क्षतिपूर्ति की शर्त ठहराना आवश्यक था इससे पहले कि वह असली प्रतीकात्मक भेंट चढ़ाए।
इस संबंध में बाईबल, अकाल के कारण अब्राहम की मिस्र की यात्रा का बयान करती है। (उत्पत्ति १२:१०-२०) जब उन्होंने मिस्र में प्रवेश किया, अब्राहम ने अपनी पत्नी सैरा को समझाया कि वह फिरौन के सामने उसकी बहन का ढोंग रचे, क्योंकि उसे डर था कि फिरौन उसकी कामना करेगा। अब्राहम को यह भी डर था कि यदि फिरौन को यह पता चल गया कि वह सैरा का पति है तो वह उसे मरवा डालेगा। वास्तव में उसके यह ढोंग रचने से फिरौन के आदेश पर अब्राहम ने सैरा को उसके हाथ में सौंप दिया। इस के बाद, परमेश्वर ने फिरौन को डांटा, अब्राहम ने भतीजे लूत के साथ अपनी पत्नी वापस ले ली और प्रचुर मात्रा में जो धन फिरौन ने उसे दिया था वह लेकर मिस्र से विदा हुआ। इस तरह, अब्राहम ने, अनजाने दैवी योजना के पथ पर चल कर, क्षतिपूर्ति की प्रतीकात्मक शर्त पूरी की और आदम के परिवार का स्थान पुनःस्थापित किया।
जब प्रधान स्वर्गदूत ने हव्वा का अपहरण किया—उसने हव्वा के वंश और प्राकृतिक दुनिया की हर चीज़ पर अपना प्रभुत्व जमा लिया—उस समय आदम और हव्वा भाई और बहिन के रिश्ते से बंधे थे। इस स्थिति को बहाल करने के लिये, अब्राहम को अपनी पत्नी सारा को, जो उसकी बहिन का पाठ अदा कर रही थी, फिरौन के हाथ, जो शैतान की जगह पर था, खो कर क्षतिपूर्ति शर्त पूरी करनी थी। फिर फिरौन से अपनी पत्नी वापस लेनी थी और साथ में लूट जो सारी मानवता का प्रतिनिधित्व करता है, और धन जो प्राकृतिक दुनिया का प्रतीक है। यह मार्ग जिसपर अब्राहम चला यीशु के लिये एक आदर्श पथ था जो उसे अपने दिनों में चलना था। क्षतिपूर्ति की यह शर्त एक बार पूरी होने पर अब्राहम प्रतीकात्मक भेंट चढ़ाने के लिये तैयार समझा जाएगा।
अब्राहम की प्रतीकात्मक भेंट का क्या महत्व था? अब्राहम को विश्वास का पिता बनने के लिए, उसे नूंह, जिसे परमेश्वर ने विश्वास के पिता के रूप में बढ़ाने का इरादा किया था, उसके परिवार और स्थान को क्षतिपूर्ति के माध्यम से पुनः स्थापित करना था। इसके अलावा, उसे आदम और उसके परिवार के स्थान को भी पुनःस्थापित करना था। इस प्रकार अब्राहम को यह आवश्यक था कि वह स्वीकार्य तरीके से शर्त की उन वस्तुओं को अर्पण करे, जिन्हें कैन और हाबिल को बलिदान के द्वारा पूरा करना चाहिये था, और उन सब चीजों को जिन्हें नूंह का परिवार, जहाज़ की योजना के द्वारा पूरा करने की कोशिश कर रहा था। अब्राहम की प्रतीकात्मक भेंट में ऐसी सब वस्तुएं शामिल है जिनका यह सांकेतिक अर्थ है।
तो फिर, अब्राहम ने प्रतीकात्मक बलि के रूप में जो कबूतर, मेढ़ा और बछिया चढ़ाए, वे वास्तव में किस बात के प्रतीक थे?
अब्राहम ने अपनी सांकेतिक भेंट के लिए शर्त के रूप में तीन प्रकार की वस्तुओं की बलि चढ़ाई: पहला, एक कबूतर और एक पंडुक; दूसरा, एक मेंढ़ा और एक बकरी; और तीसरा एक बछिया। यह तीन बलिदान जगत का प्रतीक हैं, जो विकास-काल के तीन चरणों के माध्यम से पूरा किया गया था। पंडुकी गठन-चरण को दर्शाती है। जब यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले ने यीशु को यरदन नदी में बपतिस्मा दिया, तो परमेश्वर का आत्मा एक पंडुकी के रूप में उस पर उतरा। (मत्ती ३:१६) यह इसलिये क्योंकि यीशु पुराने नियम को पूरा करने के लिये आया था, जो दैवी योजना के गठन-चरण के रूप में पंडुकी का प्रतीक था। इसके अतिरिक्त, यीशु पर पंडुकी के उतरने के दृश्य का दूसरा कारण था। यीशु को अब्राहम की पंडुकी का बलिदान करने में ग़लती को सुधारना था, जो, जैसा कि हम देखेंगे, शैतान ने छीन ली थी।
मेढ़ा विकास-चरण का प्रतीक है। यीशु का एक बार पुराने नियम की पूर्ति कर चुकने पर, और इस प्रकार हर चीज़ को जो पंडुक द्योतित करती है पुनर्स्थापित करने के बाद, उसने नए नियम की दैवी योजना का आरंभ विकास-चरण पर किया, जब हर वस्तु जो मेंढ़े का प्रतिनिधित्व करती है बहाल की जाने वाली थी। यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाले के यह गवाही देने के बाद कि उसने पवित्र आत्मा को पंडुक के रूप में यीशु पर उतरते देखा—इसका अर्थ यह कि यीशु वह व्यक्ति था जिसे गठन-चरण की दैवी योजना को पूरा करना था—उसने यीशु के लिये यह कह कर गवाही दी कि वह विकास-चरण का मिशन आरम्भ करेगा, “देखो यह परमेश्वर का मेम्ना है जो जगत का पाप उठा लिये जाता है।” (यूहन्ना १:२९)
बछिया निष्पत्ति-चरण को द्योतित करती है। लिखा है, जब शिमशोन ने पलिश्तियों के सामने एक पहेली रखी, तो उन्होंने उसकी पत्नी के द्वारा उस पर दबाव डाल कर उससे जवाब प्राप्त किया। शिमशोन ने उनसे कहा, “यदि तुम मेरी बछिया को हल में न जोतते, तो मेरी पहेली को कभी नहीं बूझते”, (न्यायी १४:१८) इस तरह उसने अपनी पत्नी को लाक्षणिक रूप से बछड़ी कहा।
यीशु सारी मानवता के लिए दूल्हे के रूप में आया था। सभी भक्त विश्वासियों को, जो उसकी वापसी की प्रतीक्षा करते हैं, उसकी दुल्हन बनना चाहिये। यह दुल्हनें, अपने दूल्हे यीशु के साथ मेम्ने की शादी का जश्न मनाने के बाद, स्वर्ग के राज्य में उसके साथ पत्नी की तरह (सांकेतिक अर्थ में) एक होकर रहेंगी। इसलिए, यीशु के दूसरे आगमन के बाद परिपूरित नियम का युग बछिया का युग, यानी पत्नी का युग है। कुछ आध्यात्मिक माध्यमों को यह दर्शन मिला है कि वर्तमान युग गाय या बछिया का युग है, यह इसलिये क्योंकि हम निष्पत्ति-चरण में प्रवेश कर रहे हैं।
ये तीन बलिदान क्षतिपूर्ति द्वारा किस चीज़ को बहाल करने के लिए थे? इन बलिदानों से अब्राहम को वह सभी वस्तुएं बहाल करनी थीं जिन्हें परमेश्वर आदम और नूंह के परिवारों के किए गए प्रतीकात्मक बलिदान के द्वारा बहाल नहीं कर सका—यह बलिदान स्वीकार्य रूप से भेंट किए गये थे परन्तु बाद की विफलताओं के कारण शैतान ने जब्त कर लिए थे। अब्राहम के बलिदान, वास्तविक भेंट चढ़ाने में उनकी विफलताओं के कारण प्रायश्चित के रूप में क्षतिपूर्ति की सांकेतिक भेंट चढ़ाने के लिए भी था। दूसरे शब्दों में, अब्राहम का तीन प्रकार की वस्तुओं के प्रतीकात्मक बलिदान का उद्देश्य, उसकी अपनी पीढ़ी में (क्षैतिज रूप से) क्षतिपूर्ति की सारी शर्तें, जो दैवी योजना के दौरान आदम, नूंह और अब्राहम की तीन पीढ़ियों में (लंब रूप में) इकट्ठी हुईं थी, पुनः स्थापित करना था।
अब्राहम ने तीन बलिदान, पंडुक और कबूतर, मेंढ़ा और बकरी, और बछिया, जो गठन-विकास-निष्पत्ति चरण के प्रतीक थे—एक वेदी पर क्यों रखे? पतन से पहले आदम अपने जीवन के सभी तीन चरणों से हो कर बढ़ने के लिये ज़िम्मेदार था। उसी तरह, अब्राहम को भी, जो अब आदम के स्थान पर था, एक ही बार में इस लंबी दैवी योजना को जो परमेश्वर ने तीन दैवी पीढ़ियों, आदम (गठन), नूंह (विकास) और अब्राहम (निष्पत्ति) के माध्यम से आयोजित की थी, पुनः स्थापित करना चाहिए था। इस तरह एक बलिदान के माध्यम से, वह संख्या तीन से युक्त सभी भ्रष्ट शर्तों को पुनः स्थापित कर सकता था। अब्राहम के बलिदान का प्रतीकवाद परमेश्वर की इच्छा प्रकट करता है कि वह संपूर्ण दैवी योजना सदा के लिये एक ही बार में पूरी करे।
अब हम यह अध्ययन करेंगे कि अब्राहम ने प्रतीकात्मक बलिदान कैसे किए:
यहोवा ने उससे कहा, “मेरे लिये तीन वर्ष की एक बछिया, और तीन वर्ष की एक बकरी, और तीन वर्ष का एक मेढ़ा और एक पिण्डुक और कबूतर का एक बच्चा ले। इन सभों को लेकर उसने बीच से दो टुकड़े कर दिया, और टुकड़ों को आमने-सामने रखा, पर उसने चिड़ियों के टुकड़े नहीं किए। जब मांसाहारी पक्षी लोथों पर झपटे, तब अब्राहम ने उन्हें उड़ा दिया। जब सूर्य अस्त होने लगा, तब अब्राहम को भारी नींद आई, और देखो, अत्यंत भय और महा अंधार ने उसे छा लिया। तब यहोवा ने अब्राहम से कहा, ‘यह निश्चय जान कि तेरे वंश पराए देश में परदेशी होकर रहेंगे, और उस देश के लोगों के दास हो जाएंगे, और वे उनको चार सौ वर्ष तक दुःख देंगे’”। उत्पत्ति १५:९-१३ क्योंकि अब्राहम ने पिण्डुक और कबूतर को दो टुकड़ों में नहीं काटा, जैसा कि उसे करना चाहिये था, इसलिये शिकार के पक्षियों ने नीचे आकर बलिदान को अशुद्ध किया। उसकी इस गलती के परिणामस्वरूप, इस्राएली लोगों को मिस्र में प्रवेश करना और चार सौ वर्ष तक दुःख उठाना निर्दिष्ट हो गया।
पक्षियों को दो भागों में नहीं काटना क्यों पाप था? यह प्रश्न केवल नियम की सहायता से समझा जा सकता है। आएं पहले हम इस मामले की जाँच करें, कि अब्राहम को बलिदान की वस्तुओं को आधे में काटने का निर्देश क्यों दिया गया था।
परमेश्वर के उद्धार के कार्य के लक्ष्य के आधार पर अच्छाई की प्रभुता को बहाल करने के लिये पहले अच्छाई को बुराई से अलग करना चाहिये फिर अच्छाई को बढ़ाना और बुराई को नष्ट करना चाहिये। यही कारण है कि आदम को बलिदान चढ़ाने से पहले कैन और हाबिल में विभाजित किया गया। यही कारण है नूंह के दिन में परमेश्वर ने बाढ़ के न्याय के द्वारा बुराई को मारा और नूंह के परिवार को अच्छाई के रूप में बाहर निकाला। भेंट चढ़ाने से पहले परमेश्वर ने इस मंशा से अब्राहम से बलिदान को दो भागों में विभाजित करने के लिये कहा, ताकि अच्छाई और बुराई को विभाजित करने का प्रतीकात्मक कार्य जो आदम और नूंह ने अधूरा छोड़ा था उसे पूरा करे।
बलिदान को दो भागों में काट कर इसलिए विभाजित करना चाहिये था, पहला, आदम के परिवार की स्थिति को पुनः स्थापित करने के लिए जिसमें हाबिल और कैन, अच्छाई और बुराई के प्रतीक के रूप में विभाजित किए गए थे। दूसरा, यह कि नूंह के समय चालीस दिनों की बाढ़ के दौरान, अच्छाई को बुराई से विभाजित करने की स्थिति को पुनः स्थापित करना था। तीसरा, यह कि अच्छाई के साम्राज्य के दायरे को शैतान द्वारा शासित विश्व से अलग करने के लिये प्रतीकात्मक शर्त रखनी थी। चौथा, बलिदान में से मौत के ख़ून को, जो पतित मानवता में शैतान के साथ रक्त-बंधन के कारण पैवस्त हो गया था, बाहर निकाल कर शुद्ध करने के लिए था।
बलिदान को विभाजित न करना पाप क्यों गिना गया था? पहला, विभाजन न करना कैन और हाबिल को विभाजित नहीं करने का महत्व रखता है। विभाजन किए बिना, बलिदान परमेश्वर को स्वीकरणीय नहीं हो सकता था क्योंकि इस रीति से उसे एक हाबिल के वर्ग का पात्र-साझी नहीं मिलता है। परिणाम स्वरूप, कैन और हाबिल ने अपने बलिदानों में जो ग़लतियाँ कीं थीं वह बहाल नहीं हो सकीं। दूसरा, विभाजित नहीं करना उस विफलता को दोहराना हुआ जो नूंह के समय की दैवी योजना के दौरान हुईं थीं, जब बाढ़ के बावजूद अच्छाई और बुराई अविभाजित रहीं। नूंह के परिवार की विफलता की तरह, अब्राहम के बलिदान विभाजित करने में विफलता के कारण भी परमेश्वर अपने अच्छे पात्र-साझी से वंचित रहा। इस प्रकार, गलती दोहरायी गई जिस की वजह से बाढ़ की व्यवस्था विफल हुई। तीसरा, बलिदान को विभाजित नहीं करने का अर्थ यह हुआ कि परमेश्वर के अच्छे साम्राज्य के दायरे को शैतान की प्रभुता के अधीन विश्व से अलग करने की कोई प्रतीकात्मक शर्त नहीं ठहराई गई थी। चौथा, चूँकि, मौत का खून बाहर नहीं निकाला गया था, इसलिये बलिदान को विभाजित नहीं करने का अर्थ हुआ कि वह परमेश्वर के लिये शुद्ध स्वीकार्य भेंट नहीं बन सकी।
दूसरे शब्दों में, जब अब्राहम ने पक्षियों को पहले विभाजन किए बिना भेंट चढ़ाया, तो उसका अर्थ यह हुआ कि उसने वह भेंट चढ़ाई जो शैतान के कब्ज़े से वापस छीनी नहीं गई थी। उसकी गलती का प्रभाव उन वस्तुओं पर शैतान के कब्ज़े को स्वीकार करना हुआ।
पंडुक, जो गठन-चरण का प्रतीक है, शैतान के कब्जे में रही। फलस्वरूप, शैतान ने, मेंढ़ा जो विकास-चरण का प्रतीक है, और बछिया जो निष्पत्ति-चरण का प्रतीक है, इन पर भी दावा कर लिया, इन दोनों की पूर्ति गठन-चरण पर आधारित थी। चूँकि, इन सब बातों का प्रभाव कुल प्रतीकात्मक भेंट का शैतान को सौंपा जाना हुआ, इसलिये पक्षियों को विभाजित न करना पाप गिना गया।
आगे, आएं हम इस पद के अर्थ की जाँच करें, शिकार के पक्षियों का शवों पर उतरना।
पहले मानव पूर्वजों के पतन के बाद से शैतान हमेशा उन लोगों की ताक में रहता है जिनके साथ परमेश्वर अपनी इच्छा पूरी करने के लिए काम करता है। जब कैन और हाबिल अपने बलिदानों चढ़ा रहे थे, शैतान दरवाजे पर उनकी ताक में खड़ा था। (उत्पत्ति ४:७) नूंह की कहानी में, कौवा, जो शैतान का प्रतीक है बाढ़ के बाद कैसे नूंह के परिवार पर आक्रमण करने के लिए चक्कर लगा रहा था। (उत्पत्ति ८:७)
उसी तरह, जब अब्राहम अपना सांकेतिक बलिदान चढ़ा रहा था तो शैतान बलिदान पर दावा करने का अवसर ढूंड रहा था। जैसे ही उसने देखा कि पक्षी विभाजित नहीं गए उसने उन्हें अपवित्र कर दिया। बाईबल इसका वर्णन बलिदान पर शिकार के पक्षियों के उतरने के दृश्य से करती है।
प्रतीकात्मक बलिदान की भेंट चढ़ाने में अब्राहम की ग़लती के कारण भेंट भ्रष्ट हो गई। सभी शर्तें, जिन्हें परमेश्वर ने उसके द्वारा पुनः स्थापित करने का इरादा किया था, डूब गईं। परिणाम स्वरूप, अब्राहम के वंश को मिस्र की भूमि पर चार सौ वर्ष अत्याचार और दासता सहन करनी पड़ी। आइए हम इसके कारण की जाँच करें।
परमेश्वर ने अब्राहम को शैतान से अलग होने की चार सौ वर्ष की अवधि के पूरे होने पर बुला कर प्रतीकात्मक बलिदान चढ़ाने की आज्ञा दी। यह अवधि आदम से नूंह तक दस पीढ़ियाँ और चालीस दिन बाढ़ के न्याय की अवधि, जो हाम के पाप करने के कारण गवाँ दी गई थी, क्षतिपूर्ति के माध्यम से बहाल करने के लिये तैयार की गई थी। क्षतिपूर्ति की यह अवधि, अब्राहम को, उसके प्रतीकात्मक बलिदान चढ़ाने के बाद, विश्वास का पिता स्थापित करने के लिये आवश्यक थी। प्रतीकात्मक भेंट में अब्राहम की गलती की वजह से जब शैतान को उस पर अपना अधिकार जमा लेने का मौका मिला, तो वह चार-सौ-वर्ष की अवधि भी शैतान के हाथ लग गई। अब्राहम की प्रतीकात्मक बलिदान में विफलता से पहले की स्थिति को राष्ट्रीय स्तर पर फिर से लागू करने के लिये, जो कि नूंह को जहाज़ बनाने की बुलाहट के समानांतर थी, परमेश्वर ने शैतान से अलग होने के लिये दूसरे चार सौ वर्ष की अवधि रखी। इस अवधि के दौरान इस्राएली लोग मिस्र में दास थे। इस अवधि को झेलने से इस्राएली लोग—इस समय राष्ट्रीय स्तर पर—नूंह और अब्राहम की घटना को जो शुरू में उनके विश्वास के पिता बनने के मिशन के लिए थी बहाल करते, इसके बाद वे मूसा के मिशन के आरंभ के लिए नींव भी डाल सकते थे। इसलिए, गुलामी की यह अवधि वह समय भी थी जब इस्राएली लोग अब्राहम की गलती के लिए दंडित किए जा रहे थे, और वह समय भी जब वे परमेश्वर की नई दैवी योजना के लिए शैतान के बंधनों को तोड़ने की नींव डाल रहे थे।
जैसा कि पहले बताया गया है कि अब्राहम से परमेश्वर की यह आशा थी, कि वह व्यवस्था के गठन-विकास-निष्पत्ति-चरण को एक ही बार में एक वेदी पर तीन प्रकार के प्रतीकात्मक बलिदान सफलतापूर्वक चढ़ा कर पूरा करेगा। इस योजना के विपरीत, अब्राहम अतीत की ग़लतियों को दोहरा कर विफल हो गया। फलस्वरूप, दैवी योजना जो उस पर केंद्रित थी, अब्राहम, इज़हाक और याकूब, तीन पीढ़ियों तक स्थगित हो गई।
३.१.२.२ अब्राहम का इज़हाक को बलिदान करना
अब्राहम के प्रतीकात्मक भेंट में विफल होने के बाद, परमेश्वर ने उसे अपने इकलौते पुत्र इज़हाक को होमबलि के रूप में बलिदान करने के लिए आज्ञा दी। (उत्पत्ति २२:२) इस तरह, परमेश्वर ने, अब्राहम की विफलता को क्षतिपूर्ति द्वारा बहाल करने के उद्देश्य से एक नई व्यवस्था का आरंभ किया। परमेश्वर जिसे अपनी इच्छा के एक विशेष हिस्से को पूरा करने के लिए नियत करता है, यदि वह अपनी जिम्मेदारी को पूरा करने में विफल हुआ तो, पूर्वनियति के सिद्धांत के अनुसार, परमेश्वर उसे दूसरी बार उपयोग नहीं करता है। फिर परमेश्वर ने अब्राहम के साथ काम क्यों किया जब उसने उससे इज़हाक का बलिदान करवाया?
इसके हम तीन कारण देख सकते हैं। पहला, संख्या तीन पूर्णता की संख्या है। (प्रति-संदर्भ—काल २:४) परमेश्वर के सिद्धांत की अपेक्षा यह है कि जब मसीह के लिये नींव रखने की दैवी योजना तीसरी बार रखी जाए, तो उसे पूर्ण होना ही चाहिए। इसलिए, मसीह की नींव डालने के लिए परमेश्वर की दैवी योजना, जो पहली व्यवस्था के रूप में आदम के परिवार से शुरू हुई, और दूसरी व्यवस्था के रूप में नूंह के परिवार में सतत रही, उसे अब्राहम के परिवार में समाप्त होना ही चाहिए, जो कि तीसरी व्यवस्था थी। इस कारण से, अब्राहम को क्षतिपूर्ति की शर्त पूरी करने के लिए यह एक और अवसर मिला था, ताकि वह उन सब वस्तुओं की सांकेतिक बहाली कर सके, जिन्हें वह अपनी पहली प्रतीकात्मक भेंट की विफलता के कारण खो चुका था, हालांकि इसके लिये उसे अधिक कीमत चुकानी पड़ी। यह अधिक क्षतिपूर्ति शर्त उसे अपने बेटे इज़हाक को बलिदान के रूप में चढ़ा कर निबाहनी पड़ी।
दूसरा, जैसा कि पहले स्पष्ट किया गया है, जब अब्राहम अपना बलिदान चढ़ा रहा था, वह आदम के स्थान पर था। शैतान ने आदम और उसके बेटे कैन दोनों पर हमला किया और दो पीढ़ियों के दौरान उसके परिवार को दूषित किया। इसलिए, क्षतिपूर्ति द्वारा पुनरुद्धार के नियम के अनुसार, परमेश्वर अब्राहम और उसके पुत्र इज़हाक को दो पीढ़ियों के दौरान वापस लेने के लिए काम कर सकता था।
तीसरा, हमने सीखा है कि नूंह स्वयं जहाज़ के द्वारा प्रतीकात्मक बलिदान की भेंट चढ़ा सकता था, जबकि वह उसी स्थिति में था जिसमें आदम प्रत्यक्षतः बलिदान नहीं चढ़ा सका। यह इसलिए, क्योंकि वह हाबिल की योग्यता पर खड़ा था, जिसने प्रतीकात्मक भेंट में सफल होकर वफादारी दिखाई थी। जब परमेश्वर ने अब्राहम को बुलाया, तो वह हाबिल की सफलता, जो गठन-चरण की प्रतीकात्मक भेंट में सफल रहा, और नूंह की सफलता, जो विकास-चरण की प्रतीकात्मक भेंट में सफल रहा, दोनों की कामयाबी पर खड़ा था। अब्राहम को इन दोनों नींवों पर निष्पत्ति-चरण की प्रतीकात्मक भेंट चढ़ानी थी। तदनुसार, यद्यपि अब्राहम विफल हो गया, फिर भी परमेश्वर ने उसे ऊपर उठाने के लिए, हाबिल और नूंह की वफादारी के संचित पुण्य के आधार पर, बलि चढ़ाने का एक और अवसर दिया।
इससे पहले कि वह इज़हाक को बलिदान के रूप में भेंट करे, अब्राहम को एक बार फिर आदम के परिवार के पुनरुद्धार के लिए क्षतिपूर्ति की प्रतीकात्मक शर्त दुबारा पूरी करके अपने विश्वास का उचित प्रदर्शन करना था, जैसा कि उसने पहले किया था जब वह प्रतीकात्मक भेंट चढ़ाने वाला था। यही कारण है कि अब्राहम को एक बार फिर अपनी पत्नी सारा को बहन कह कर एक राजा के हाथ खोना पड़ा, इस बार वह गेरार का राजा अभिमलेक था। उसके राजा की पत्नी बनने के बाद उसने फिर उसे वापस ले लिया। इस समय अब्राहम ने फिर साथ में बहुत से दास, जो मानवता के प्रतीक थे, और धन जो प्राकृतिक दुनिया का प्रतीक था ले लिए। (उत्पत्ति २०:१-१८)
अब्राहम ने इज़हाक को किस प्रकार बलिदान किया? जब वे उस स्थान को जिसे परमेश्वर ने उसे बताया था पहुँचे, तब अब्राहम ने वेदी बना कर लकड़ी को चुन चुनकर रखा, और अपने पुत्र इज़हाक को बाँध कर वेदी पर की लकड़ी के ऊपर रख दिया। फिर अब्राहम ने हाथ बढ़ाकर छुरी उठाई कि अपने पुत्र को बली करे। तब यहोवा के एक दूत ने स्वर्ग से उसको पुकार कर कहा, “हे अब्राहम, हे अब्राहम! उसने कहा देख मैं यहाँ हूँ। उसने कहा, उस लड़के पर हाथ मत बढ़ा, और न उसे कुछ कर, क्योंकि तूने मुझ से अपने पुत्र, वरन् अपने इकलौते पुत्र को भी नहीं रख छोड़ा, इससे मैंने जान लिया कि तू परमेश्वर का भय मानता है।” उत्पत्ति २२:९-१२
अब्राहम का विश्वास बिलकुल दृढ़ था। परमेश्वर के आदेश के अनुपालन में, वह इज़हाक, अपने इकलौते पुत्र को होमबलि के रूप में चढ़ाने के इरादे से उसे मारने जा रहा था। परमेश्वर ने उस समय हस्तक्षेप किया और अब्राहम से कहा लड़के को न मार। परमेश्वर की इच्छा को पूर्ण विश्वास, आज्ञाकारिता और वफादारी के साथ अपनी दृढ़ कार्यवाही द्वारा पूरी करने के लिए अब्राहम की सरगर्मी ने उसे ऐसे उच्च पद पर उठाया, मानो जैसे उसने सचमुच इज़हाक को बलि कर दिया हो। इस तरह, उसने शैतान को इज़हाक से पूरी तरह से अलग कर दिया। परमेश्वर ने अब्राहम को आदेश दिया की इज़हाक को न मारे, क्योंकि इज़हाक ने अब शैतान के सभी संबंधों को काट डाला है और अब वह परमेश्वर के पक्ष में खड़ा है। हमें यह भी समझना चाहिए कि जब परमेश्वर ने कहा, “अब मैं जान गया हूँ...।” इससे उसने दोनों, उसकी पहली प्रतीकात्मक भेंट में विफलता के लिए अपना तिरस्कार और इज़हाक की सफलतापूर्वक बलि के लिए अपना आनन्द, स्पष्ट किया।
क्योंकि अब्राहम इज़हाक को भेंट करने में सफल रहा, अब्राहम के परिवार में अब इज़हाक द्वारा पुनरुद्धार की दैवी योजना चलाई जा सकती है।
अब्राहम को मोरिय्याह पहाड़ पर पहुँचने के लिए, जहाँ उसको अपने बेटे इज़हाक को बलिदान करना था, तीन दिन लगे। इज़हाक को शुद्ध करने की इस तीन दिवसीय अवधि से दैवी योजना में एक नया दौर शुरू होने वाला था। उस समय से आगे, नई व्यवस्था को शुरू करने से पहले शैतान से अलग होने की तीन-दिन की अवधि आवश्यक ठहराई गई है। दैवी योजना के इतिहास में हमें ऐसी अवधि के कई उदाहरण मिलते हैं। कनान की प्राप्ति के लिए पारिवारिक दौर को शुरू करने के लिए, याकूब जब हारान से अपने परिवार के साथ चला, तो शैतान से अलग होने के लिए तीन दिन अवधि थी। (उत्पत्ति ३१:२०) मूसा ने भी कनान की प्राप्ति की राष्ट्रीय कार्रवाई शुरू करने के लिए इज़राएली लोगों को, जब वे मिस्र से चले, शैतान से अलग करने के लिए तीन दिन की अवधि के द्वारा उनकी अगवाई की। (निर्गमन ८:२७) जब यीशु ने कनान की प्राप्ति के लिए विश्वव्यापी आध्यात्मिक कार्रवाई आरंभ की, तो उसने शैतान से अलग होने के लिए कब्र में तीन दिन बिताए।
३.१.२.३ परमेश्वर की दृष्टि में इज़हाक का स्थान और उसकी सांकेतिक भेंट
यह पहले स्पष्ट किया गया है, कि यद्यपि अब्राहम की प्रतीकात्मक भेंट विफल हो गई, फिर भी उस पर केन्द्रित मसीह की नींव स्थापित करने के लिये नियम के अनुसार कुछ आधार अब भी बाकी थे। तथापि, चूँकि अब्राहम अपनी ज़िम्मेवारी में विफल हुआ, इसलिये, वह स्वयं दुबारा प्रतीकात्मक बलिदान करने के योग्य नहीं था। (प्रति-संदर्भ—पूर्वनियति ३) परमेश्वर को किसी भी तरह कोई रास्ता ढूंढ़ना था जिससे वह यह मान सके कि अब्राहम प्रतीकात्मक भेंट में विफल नहीं हुआ है या दैवी योजना के प्रवर्धन का कारण नहीं बना। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए, परमेश्वर ने अब्राहम को इज़हाक को होम बलि करने का आदेश दिया।
परमेश्वर ने अब्राहम से पहले यह कह कर प्रतिज्ञा की थी कि वह इज़हाक के वंश से एक चुने हुए लोगों को बढ़ाएगा: तब यहोवा का यह वचन उसके पास पहुँचा, “यह तेरा वारिस न होगा, तेरा जो निज पुत्र होगा, वही तेरा वारिस होगा।” और उसने उसको बाहर ले जाकर कहा, “आकाश की ओर दृष्टि करके तारागण को गिन, क्या तू इनको गिन सकता है?” फिर उसने कहा, “तेरा वंश ऐसा ही होगा।” उत्पत्ति १५:४-५ जब अब्राहम अपने पुत्र, अपने प्रतिज्ञा के पुत्र को घात करने के लिए तैयार हुआ, तो उसने स्वर्ग के प्रति अत्यधिक निष्ठा का प्रदर्शन किया। विश्वास की यह कार्यवाही आत्म हत्या करने के समान हुई—वह अस्मिता जो पहली प्रतीकात्मक भेंट की विफलता के कारण शैतान ने भ्रष्ट कर दी थी। तदनुसार, जब परमेश्वर ने इज़हाक को मृत्यु से बचाया, तो अब्राहम भी फिर से जी उठा, अब वह शैतान के हर बंधन से मुक्त हो गया था, जिन बंधनों से शैतान ने उसे उसकी पहली प्रतीकात्मक भेंट अशुद्ध होने के कारण बाँध रखा था। इसके अतिरिक्त, अब्राहम और इज़हाक ने अपनी निष्ठा में परमेश्वर की इच्छा के साथ अविभाज्य एकता प्राप्त कर ली।
यद्यपि, इज़हाक और अब्राहम दो अलग-अलग व्यक्ति थे, जब परमेश्वर ने उन्हें फिर से जिलाया, वे परमेश्वर की दृष्टि में एक व्यक्ति की तरह बन गए। भले ही अब्राहम के द्वारा व्यवस्था विफल रही और इज़हाक के समय तक स्थगित हुई, परन्तु यदि इज़हाक सफल हो गया, तो इज़हाक की विजय स्वयं अब्राहम की विजय होगी। इसलिए, परमेश्वर यह मान सकता है कि अब्राहम व्यवस्था में विफल नहीं हुआ और कि व्यवस्था प्रवर्धित नहीं हुई।
यह बात स्पष्ट नहीं है, कि इज़हाक की उम्र कितनी थी जब अब्राहम ने उस लड़के को बलिदान के रूप में भेंट किया। वह बलिदान के लिए लकड़ी ले जाने के लिए काफी बड़ा था, (उत्पत्ति २२.६) और जब उसने देखा कि बलिदान के लिए कोई भेड़ नहीं है, तो उसने इसके बारे में अपने पिता से पूछा। (उत्पत्ति २२:७) इज़हाक अपने पिता के इरादों को समझने के लिए स्पष्ट रूप से काफी बड़ा था। इससे हम अनुमान कर सकते हैं कि यद्यपि वह जानता था कि उसका पिता उसे बलिदान के रूप में भेंट करने की तैयारी कर रहा है, फिर भी उसने अपने पिता की मदद की।
यदि इज़हाक ने अपने पिता का उसे बलिदान करने के प्रयास का विरोध किया होता तो निश्चित रूप से परमेश्वर भेंट स्वीकार नहीं करता। वास्तव में, इज़हाक ने अब्राहम के जैसी महान आस्था का प्रदर्शन किया। दोनों के विश्वास ने एक साथ बलिदान को सफल बनाया, और शैतान किसी भी तरह से उनपर कोई अधिकार बनाए नहीं रख सका। यह बलिदान करने में इज़हाक और अब्राहम मृत्यु और पुनरुत्थान की प्रक्रिया से गुज़रे। परिणाम के रूप में, दो बातें संपन्न हुईं। अब्राहम शैतान से अलग हुआ, जिसने प्रतीकात्मक बलिदान में उसकी ग़लती के कारण दावा दिया था। उसने वह दशा जिस में वह यह ग़लती करने से पहले था, क्षतिपूर्ति द्वारा बहाल की और इस पुनःस्थापित किए गए स्थान से उसने यह दैवी मिशन इज़हाक को हस्तांतरित किया। दूसरा, परमेश्वर की इच्छा का वफादारी से पालन करके, इज़हाक ने यह दिव्य मिशन अब्राहम से विरासत में प्राप्त किया और अपने विश्वास के कारण वह प्रतीकात्मक भेंट चढ़ाने के योग्य ठहरा।
यह दिव्य मिशन अब्राहम से इज़हाक को हस्तांतरित होने के बाद, अब्राहम ने परमेश्वर द्वारा प्रदान किए गए एक मेंढ़े को इज़हाक के बदले बलिदान किया: तब अब्राहम ने आँखें उठाई, और क्या देखा कि उसके पीछे एक मेंढ़ा अपनी सींगों से एक झाड़ी में फंसा हुआ है, अतः अब्राहम ने जा के उस मेंढ़े को लिया, और अपने पुत्र के स्थान पर होमबलि करके चढ़ाया—उत्पत्ति २२:१३ वास्तव में, यह प्रतीकात्मक भेंट थी जिसके द्वारा इज़हाक ने विश्वास की नींव पुनः स्थापित की।
चूँकि इज़हाक बलिदान के लिए लकड़ियाँ उठा कर लाया था, इससे हम यह अनुमान कर सकते हैं कि उसने मेंढ़े की भेंट में भाग लिया। इस तरह, भले ही यह लिखा है कि अब्राहम ने प्रतीकात्मक भेंट चढ़ाई, परंतु इज़हाक अब्राहम के साथ एकजुट था और जिसको उसका मिशन मिरास में मिला था, उसे बलिदान चढ़ाने के लिए दैवी श्रेय प्रदान किया गया था। इस प्रकार, इज़हाक ने अब्राहम का मिशन मिरास में पाकर, प्रतीकात्मक भेंट चढ़ाई और क्षतिपूर्ति के द्वारा विश्वास की नींव बहाल की।
३.२ वास्तविक नींव
इस प्रकार, इज़हाक अब्राहम के स्थान पर विश्वास की नींव को पुनः स्थापित करने के लिए प्रमुख व्यक्ति बन गया। उसने परमेश्वर को स्वीकार्य ढंग से मेंढ़े का प्रतीकात्मक बलिदान चढ़ा कर विश्वास की नींव की स्थापना की। इज़हाक के परिवार में मसीह के लिए नींव की स्थापना करने के लिए अब वास्तविक नींव खड़ी करनी थी। इस उद्देश्य के लिए, इज़हाक के बेटे एसाव और याकूब को क्रमशः कैन और हाबिल के विभाजित स्थानों में रखा जाना था। वास्तविक भेंट चढ़ा कर वे पतित प्रवृत्ति को निकालने के लिये क्षतिपूर्ति की शर्त को पूरा करने और वास्तविक नींव रखने के लिए जिम्मेदार थे।
यदि अब्राहम प्रतीकात्मक बलि में विफल नहीं हुआ होता, तो इज़हाक और इश्माएल उसका सौतेला भाई, हाबिल और कैन के स्थान पर खड़े होते। वे पतित प्रवृत्ति निकालने के लिए क्षतिपूर्ति की शर्त को, जो कैन और हाबिल ने पूरी नहीं की थी, पूरा करने के ज़िम्मेदार होते। परन्तु, चूँकि अब्राहम का बलिदान करने में विफल होने के कारण, परमेश्वर ने इज़हाक को अब्राहम के स्थान पर खड़ा किया, और एसाव और याकूब को इश्माएल और इज़हाक के स्थान पर, जो मूल रूप से इश्माएल और इज़हाक के लिए नियत हुआ था। तब यह एसाव और याकूब पर निर्भर था कि वे पतित प्रवृत्ति को निकालने के लिए क्षतिपूर्ति की शर्त को पूरा करें। वास्तविक भेंट चढ़ाने के उद्देश्य के लिए, एसाव और याकूब अपने पिता इज़हाक के नीचे उसी स्थान पर थे, जिस तरह आदम से संबंधित कैन और हाबिल थे, और नूंह से संबंधित शेम और हैम थे।
इज़हाक का ज्येष्ठ पुत्र एसाव अब्राहम की पहली प्रतीकात्मक भेंट को, जो शैतान के द्वारा भ्रष्ट हो गई थी, संकेत करता है, जबकि दूसरा पुत्र याकूब, इज़हाक के बलिदान को, जिसके द्वारा शैतान अलग किया गया था, संकेत करता है। इसके अतिरिक्त, एसाव ने बुराई के प्रतिनिधि के रूप में कैन की भूमिका निबाही, जबकि याकूब अच्छाई के प्रतिनिधि के रूप में हाबिल के स्थान पर खड़ा हुआ। एसाव और याकूब ने अपनी मां के गर्भ के अंदर लड़ना शुरू किया, (उत्पत्ति २५:२२-२३) क्योंकि वे इस विपक्षी स्थिति में थे। फिर भी, परमेश्वर याकूब से प्रेम, और एसाव से नफरत करता था, (रोमियों ९:११-१३) परंतु इस का दैवी कारण था: उन्हें कैन और हाबिल की ग़लतियों को, जो उन्होंने अपने बलिदान करने में कीं थीं, क्षतिपूर्ति के माध्यम से बहाल करना था।
परन्तु, इससे पहले कि एसाव और याकूब पतित प्रवृत्ति को निकालने के लिये क्षतिपूर्ति की शर्त पूरी करें और वास्तविक भेंट चढ़ाएं, याकूब को हाबिल का स्थान पुनः स्थापित करने के लिये पहले क्षतिपूर्ति की शर्त पूरी करनी पड़ी। यह सब निम्न लिखित याकूब के मिशन थे: पहला, उसे हाबिल का स्थान, जो वास्तविक बलिदान का प्रमुख व्यक्ति था, पुनः स्थापित करने के लिए क्षतिपूर्ति की शर्त पूरी करनी थी। तब उसे वास्तविक भेंट चढ़ानी चाहिए। अंत में, इसकी चर्चा हम अगले भाग में करेंगे, अब्राहम की प्रतीकात्मक बलिदान में ग़लती के कारण, उसके वंश को चार-सौ-वर्षीय आवश्यक क्षतिपूर्ति अवधि का आरम्भ करने के लिए याकूब मिस्र में प्रवेश करेगा। याकूब ने हाबिल के स्थान को पुनः स्थापित करने के लिए निम्न तरीके से क्षतिपूर्ति शर्त का भुगतान किया।
पहले, याकूब ने व्यक्तिगत स्तर पर ज्येष्ठ पुत्र के जन्मसिद्ध अधिकार को लड़ाई की शर्त में विजय प्राप्त करके बहाल किया। क्योंकि शैतान ने परमेश्वर की सृष्टि विश्व पर कब्ज़ा कर लिया था, वह ज्येष्ठ पुत्र का स्थान पर हो गया। इस तरह परमेश्वर दूसरे पुत्र के स्थान पर हो गया, इस स्थिति से उसे जन्मसिद्ध अधिकार पुनः स्थापित करने के लिए आगे कार्य करना पड़ा। यही कारण है कि परमेश्वर जेठ पुत्रों के बजाए दूसरे पुत्रों को अधिक पसंद करता था, जैसे कि एसाव और याकूब का मामला है: “मैंने याकूब से प्रेम किया है लेकिन एसाव को अप्रिय जाना।” (मलाकी १:२) याकूब, जो दूसरे पुत्र के स्थान पर था, ज्येष्ठ पुत्र के जन्मसिद्ध अधिकार को पुनः स्थापित करने के लिए ज़िम्मेदार था, उसने बड़ी चतुराई से एसाव से कुछ रोटी और दाल के एक कटोरे के बदले में यह प्राप्त किया। (उत्पत्ति २५:२९-३४) क्योंकि याकूब जन्मसिद्ध अधिकार के मूल्य को अधिक उच्च समझता था और उसे अपने भाई से प्राप्त करने के लिए कोशिश की, इसलिये परमेश्वर ने उसे इज़हाक से आशीर्वाद दिलाया। (उत्पत्ति २७:२७-२९) इसके विपरीत, परमेश्वर ने एसाव को आशीष नहीं दी, क्योंकि उसने अपने जन्मसिद्ध अधिकार को तुच्छ जाना और दाल के कटोरे के बदले में उसका सौदा किया।
दूसरा, याकूब हारान चला गया, जो शैतानी दुनिया का प्रतीक है। इक्कीस वर्ष के कठिन परिश्रम से पीड़ित होने के बाद, वह जन्मसिद्ध अधिकार को पुनःस्थापित करने के लिए लाबान के साथ लड़ा और परिवार, धन और उसके हिस्से की मिरास प्राप्त करने में विजयी हुआ। इस विजय के बाद याकूब कनान वापस लौट आया।
तीसरा, कनान, जो प्रतिज्ञा की आशीष का देश है, वापस लौटते समय रास्ते में याकूब ने यब्बोक के घाट पर स्वर्गदूत से मल्लयुद्ध करके विजय प्राप्त की, इस प्रकार शारीरिक संघर्ष से उसने स्वर्गदूत पर पुनः प्रभुत्व स्थापित किया। इन तीन विजयों के द्वारा, याकूब ने क्षतिपूर्ति के माध्यम से हाबिल का स्थान बहाल किया। इस के बाद, याकूब वास्तविक बलिदान का प्रमुख-व्यक्ति बन गया।
इस प्रकार, एसाव और याकूब ने वे स्थान प्राप्त कर लिए जिन में कैन और हाबिल खड़े थे जब परमेश्वर ने हाबिल का बलिदान स्वीकार किया था। तदनुसार, याकूब और एसाव को पतित-प्रवृत्ति निकालने के लिए, एसाव को याकूब से प्रेम करना चाहिए था, परमेश्वर और अपने बीच उसे मध्यस्थ मान कर उसका सम्मान करना चाहिए, आज्ञाकारी बनकर याकूब के निर्देशों के आगे झुकना चाहिए था, और अंत में, परमेश्वर के अनुग्रह के वाहक से अच्छाई प्राप्त करके नेकी बढ़ाने के लिए क्षतिपूर्ति की शर्त पूरी करनी चाहिए थी। वस्तुतः, जब याकूब हारान में इक्कीस वर्ष के कठोर परिश्रम के बाद अपने परिवार और धन के साथ कनान लौटा, तो उसने एसाव के मन की पुरानी दुश्मनी को दूर करने के लिए प्रेरित किया: याकूब ने आँखें उठाकर देखा कि एसाव चार सौ पुरुष संग लिये हुए चला आता है। तब उसने बच्चों को अलग-अलग बाँटकर लिआः और राहेल और दोनों दासियों को सौंप दिया। और उसने सब से आगे लड़कों के समेत दासियों को, उसके पीछे लड़कों समेत लिआः को और सब के पीछे राहेल और यूसुफ को रखा और आप उन सब के आगे बढ़ा और सात बार भूमि पर गिर के दण्डवत् की, और अपने भाई के पास पहुँचा। तब एसाव उससे भेंट करने को दौड़ा, और उसको हृदय से लगाकर, गले से लिपट कर चूमा, फिर दोनों रो पड़े। उत्पत्ति ३३:१-४ जब एसाव ने अपने हाथ खोले और प्यार से याकूब का स्वागत किया, तब उन्होंने पतित-प्रवृत्ति को निकालने के लिए क्षतिपूर्ति शर्त पूरी की। पहली बार वास्तविक-नींव सफलतापूर्वक रखी गई थी। जब याकूब और एसाव अपनी वास्तविक-भेंट में सफल हुए, तो उन्होंने वास्तविक भेंट चढ़ाने की पिछली विफलताओं को क्षतिपूर्ति द्वारा बहाल किया: आदम के परिवार में कैन और हाबिल की विफलता को और नूंह के परिवार में हैम और शेम की विफलताओं को।
अब्राहम पर केंद्रित दैवी योजना में उनकी विजय ने इतिहास की उस लम्बी लंब अवधि को भी, जिसके दौरान परमेश्वर वास्तविक-नींव की पुनः स्थापना के लिये काम करता आया था, एक परिवार में क्षैतिज रूप से क्षतिपूर्ति द्वारा बहाल किया।
एसाव अपनी माँ के पेट से ही परमेश्वर के लिए घृणा का पात्र बना (रोमियों ९:११-१३)। यह इसलिए क्योंकि उसे कैन के स्थान की भूमिका अदा करने के लिए मिली थी जो शैतान के पक्ष में था और पुनरुद्धार की दैवी योजना में क्षतिपूर्ति की शर्त को स्थापित करने के उद्देश्य से नियुक्त किया गया था। एक बार उसका याकूब को आत्मसमर्पण कर लेने से उसने अपने हिस्से की जिम्मेदारी पूरी की, और कैन के यथापूर्व स्थान में खड़ा हुआ और अंत में वह परमेश्वर का प्रेम प्राप्त करने में सक्षम हुआ।
३.३ मसीह के लिये नींव
मसीह के लिये नींव स्थापित करने का परमेश्वर का कार्य, जो उसने पहले आदम के परिवार में स्थापित करने की कोशिश की, वह तीन बार चलाया जाना पड़ा क्योंकि पुनरुद्धार की दैवी योजना में प्रमुख व्यक्तियों ने अपने हिस्से की ज़िम्मेदारी पूरी नहीं की थी। तीसरा प्रयास अब्राहम के समय का था, परन्तु यह भी स्थगित किया गया जब वह अपनी प्रतीकात्मक भेंट में विफल हो गया। इज़हाक और उसके परिवार ने परमेश्वर की यह इच्छा विरासत में पाई और उन्होंने विश्वास की नींव और वास्तविक नींव स्थापित की। अंत में, मसीह के लिए नींव स्थापित हो गई। लोग यह भी सोच सकते हैं कि मसीह को उस समय पृथ्वी पर आना चाहिए।
परन्तु मसीह के आने की नींव के लिए अनुकूल सामाजिक वातावरण की आवश्यकता भी होती है।
यह नींव शैतानी दुनिया को मसीह द्वारा शासित परमेश्वर के राज्य में प्रत्यावर्तित करने के लिए योग्य होनी चाहिए। आदम और नूंह के परिवारों में दैवी योजना के दौरान कोई ऐसा अन्य परिवार नहीं था जो संभवतः केंद्रीय परिवार पर हमला कर सके या उसे भ्रष्ट कर सकता था। यदि दोनों परिवारों में से किसी ने भी पारिवारिक स्तर पर मसीह की नींव स्थापित कर ली होती तो मसीह बिना विरोध के उसी समय आ गया होता। परन्तु, अब्राहम के समय तक, पतित लोगों ने पहले से ही शैतानी राष्ट्र बना लिए थे जो आसानी से अब्राहम के परिवार पर प्रबल हो सकते थे। अतः, उस समय मसीहा के लिए जो नींव रखी जाती वह सीमित नींव होती क्योंकि वह परिवार के स्तर पर रखी गई थी। उस नींव के आधार पर मसीह सुरक्षित रूप से नहीं आ सकता था। शैतानी दुनिया के देशों का सामना करने के लिये एक राजसत्ता की नींव आवश्यक थी। यदि अब्राहम प्रतीकात्मक बलिदान में असफल न होता, बल्कि अपने पुत्रों, इज़हाक और इश्माएल के साथ वास्तविक बलिदान में सफल होकर मसीह के लिए पारिवारिक नींव डाल देता, तब भी ऐसा आधार आवश्यक होता। फिर भी यह मसीह के आने के लिये सुरक्षित नहीं होती जब तक कि अब्राहम का वंश कनान में गुणित होकर बढ़ नहीं जाता और मसीह के लिए एक राष्ट्रीय नींव की स्थापना नहीं कर लेता। यद्यपि, इज़हाक की सन्तान ने मसीह के लिए पारिवारिक नींव की स्थापना की थी, फिर भी उन्हें, अब्राहम की गलती के कारण सज़ा के रूप में, अपनी मातृभूमि को छोड़ कर चार सौ वर्षों के लिए एक विदेशी भूमि पर दुःख भुगतना पड़ा। मिस्र में दुख उठाने के बावजूद भी वे फले-फूले और बढ़ कर एक दृढ़ कौम बन गए। तब वे कनान वापस गए जहाँ वे मसीह और उसके कार्य के लिए एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में नींव डालेंगे। (प्रति-संदर्भ—मूसा और यीशु २.२.३.३)
प्रतीकात्मक भेंट में अब्राहम की गलती के कारण उसकी सन्तान के कंधों पर क्षतिपूर्ति का एक दौर रखा गया था। इस क्षतिपूर्ति के दौर को इज़हाक को नहीं, पर याकूब को शुरू करना था। क्षतिपूर्ति के मार्ग में चलने में बड़ा बोझ, वास्तव में, हाबिल-वर्ग के व्यक्ति के कंधों पर होता है जो एक प्रमुख-व्यक्ति के रूप में वास्तविक बलिदान चढ़ाने का कार्य करता है। आदम के परिवार में हाबिल, नूंह के परिवार में हैम, अब्राहम के परिवार में इज़हाक, और इज़हाक के परिवार में याकूब, अपने-अपने परिवारों में क्षतिपूर्ति के दौर का बड़ा बोझ उठा कर चले। उनमें केवल याकूब ही था, जो हाबिल के जैसा व्यक्ति था और मसीहा की नींव पर खड़ा था। इसलिए, वह शैतान से अलग होने के आदर्श पथ पर चलेगा, और मसीह के लिए एक नमूना स्थापित करेगा जिसपर मसीह को अपनी आगमन पर चलना होगा। (प्रति-संदर्भ—मूसा और यीशु १)
याकूब का परिवार मसीह की नींव पर खड़ा था जो इज़हाक के परिवार में पूरी हो गई थी। इज़हाक के परिवार का स्थान मिरास में प्राप्त करके और अब्राहम के पाप की जिम्मेदारी उठा कर, अब्राहम को सौंपी गई व्यवस्था को पूरा करने के लिये उन्होंने क्षतिपूर्ति के चार-सौ-वर्षीय दौर का आरम्भ किया।
इज़हाक के परिवार में याकूब हाबिल के स्थान पर था, जो क्षतिपूर्ति के संपूर्ण पथ पर चला। याकूब के परिवार में यह यूसुफ था, जो याकूब की परमेश्वर के पक्ष वाली पत्नी राहेल का पुत्र था—जिसे मिस्र में प्रवेश करके और क्षतिपूर्ति का पथ चल कर हाबिल का स्थान मज़बूत करना था। अपने भाइयों द्वारा दासता में बेचे जाने और मिस्र में लाए जाने के बाद, यूसुफ, तीस वर्ष की उम्र में मिस्र के प्रधान मंत्री के कार्यालय में पदोन्नत हुआ। बचपन में परमेश्वर द्वारा सपने में दी गई भविष्यवाणी को उसने पूरा होते देखा। (उत्पत्ति ३७:५-११) पहले, यूसुफ के सौतेले भाई, जो याकूब की शैतान के पक्ष वाली पत्नी लिआः से उत्पन्न हुए थे, मिस्र में आए और उसके सामने आत्मसमर्पण किया। बाद में, याकूब के सभी बच्चों ने मिस्र में प्रवेश किया, और अंत में वे अपने पिता को भी मिस्र में ले आए। इस तरह, याकूब के परिवार ने राष्ट्र के निर्माण के लिये क्षतिपूर्ति का दौर शुरू किया जो एक दिन मसीह को स्वीकार करेगा।
प्रमुख व्यक्ति के रूप में याकूब, जिसने मसीह की नींव डाली, अब्राहम के पाप का बोझ उठाने के लिए जिम्मेदार था। परमेश्वर की इच्छा को जो इज़हाक को सौंपी गई थी, राष्ट्रीय स्तर पर साधित करने के लिये वह क्षतिपूर्ति के दौर को आरंभ करने के लिये भी ज़िम्मेदार था। अतः, जैसे कि अब्राहम और इज़हाक के विषय में, परमेश्वर की दृष्टि में अब्राहम, इज़हाक और याकूब भले ही वे तीन विभिन्न व्यक्ति थे, परंतु उसकी इच्छा के संबंध में वे एक ही व्यक्ति के रूप में माने जाते हैं। तदनुसार, याकूब की सफलता इज़हाक की सफलता, और इज़हाक की सफलता अब्राहम की सफलता मानी गई है। अब्राहम पर केंद्रित, पुनरुद्धार की दैवी योजना, यद्यपि इज़हाक और याकूब तक विस्तारित हुई, परमेश्वर की दृष्टि में वह बिना किसी भी बढ़ाव के अब्राहम की पीढ़ी में ही पूरी हुई मानी गई है। यह लिखा है, “मैं तुम्हारे पिता का परमेश्वर हूँ, अब्राहम का परमेश्वर, इज़हाक का परमेश्वर और याकूब का परमेश्वर हूं।” (निर्गमन ३:६) यह पद इंगित करता है, हालांकि यह तीन पीढ़ियाँ थीं, इन पूर्वजों ने सामूहिक रूप से उसकी इच्छा पूरी की है, इसलिये परमेश्वर ने इन्हें एक पीढ़ी माना है।
अपनी दैवी योजना के लक्ष्य को पूरा करने के लिये परमेश्वर का इरादा था कि वह राष्ट्रीय स्तर पर मसीह की नींव की स्थापना करे और मसीह को एक तैयार राष्ट्र में भेजे। यह पूरा करने के लिए, परमेश्वर ने याकूब के परिवार को मिस्र में, यानी शैतानी दुनिया में जहां वे चार सौ वर्ष दास के रूप में दुःख भोगेंगे, भेजा। फिर, अब्राहम के साथ किए हुए वायदे के अनुसार, परमेश्वर उन्हें चुने हुए लोगों के रूप में बढ़ाएगा और वापस कनान लाया।
मसीह के लिए राष्ट्रीय नींव की स्थापना के लिए, इज़हाक के परिवार में मसीह के लिये जो नींव स्थापित की गई थी वह क्षतिपूर्ति का दौर शुरु करने का आधार बनी। आदम से अब्राहम तक की दो हजार वर्ष की अवधि, वस्तुतः, राष्ट्रीय दैवी योजना के अगले युग की शुरुआत के आधार के लिए डाली गई थी।
अंत में, अब्राहम की गलती के भुगतान के लिए याकूब क्षतिपूर्ति के दौर की जिम्मेदारी लेने में विजयी हुआ। परमेश्वर की इच्छा की ख़ातिर याकूब ने अपनी बुद्धि का उपयोग किया और व्यक्तिगत रूप से अपने संघर्ष में एसाव से जन्मसिद्ध अधिकार जीतने में विजयी हुआ। एक परिवार के रूप में वह हारान गया, जहाँ उसने इक्कीस वर्ष तक अपने मामा लाबान के साथ संघर्ष किया और जन्मसिद्ध अधिकार जीतने में विजयी हुआ। हारान से कनान वापस लौटते समय रास्ते में याकूब एक दूत के साथ लड़ाई में विजयी हुआ। वह पहला पतित मनुष्य था जिसने दूतों पर प्रभुता पुनःस्थापित करने की क्षतिपूर्ति की शर्त को पूरा किया। तब उसने इज़राएल नाम प्राप्त किया (उत्पत्ति ३२:२८), जो यह प्रकट करता है कि उसने एक नमूना स्थापित किया और आधार बनाया जिस पर चुने हुए लोग संगठित किए जाएंगे।
इन विजयों के साथ कनान वापस लौटने के बाद याकूब ने एसाव का दिल जीत लिया, और दोनों ने एक साथ पतित प्रवृत्ति को निकालने के लिए क्षतिपूर्ति शर्त को पूरा किया। इस प्रकार शैतान को वश में करने के लिये, याकूब एक उदाहरण का मार्ग संपन्न करने में विजयी हुआ। याकूब द्वारा स्थापित किए गए इस उदाहरण के मार्ग के नमूने पर मूसा, यीशु और इस्राएल के लोग भी चलेंगे। शैतान को राष्ट्रीय स्तर पर वश में किस प्रकार लाया जा सकता है यह समझने के लिये इज़राएल का इतिहास एक अच्छा ऐतिहासिक स्रोत है। इस कारण से, यह पुनरुद्धार की दैवी योजना के अध्ययन के लिए अति महत्वपूर्ण है।
३.४ अब्राहम के कार्यवाही से कुछ शिक्षाएँ
पहला, अब्राहम की कार्यवाही दर्शाती है कि परमेश्वर की पूर्वनियति उसकी इच्छा के पूरे होने के उपलक्ष्य में सशर्त है। पुनरुद्धार की दैवी योजना अकेले परमेश्वर की शक्ति से पूरी नहीं की जा सकती; यह केवल मानव के अपने हिस्से जिम्मेदारी के सहयोग से पूरी की जा सकती है। अतः, यद्यपि परमेश्वर ने अब्राहम को पुनरुद्धार की दैवी योजना को पूरा करने के उद्देश्य से बुलाया, परन्तु जब वह अपनी ज़िम्मेदारी पूरी करने में विफल हुआ, परमेश्वर की इच्छा पूरा नहीं हो पाई।
दूसरी, अब्राहम की कार्यवाही यह दर्शाती है कि मनुष्य के विषय में परमेश्वर की पूर्वनियति सशर्त है। यद्यपि परमेश्वर ने अब्राहम को उसकी भेंट में सफल होने के द्वारा विश्वास का पिता पूर्वनिर्धारित किया था, परन्तु जब वह अपनी जिम्मेदारी पूरी नहीं कर सका, उसका मिशन इज़हाक और याकूब तक विस्तृत हो गया।
तीसरा, अब्राहम की कार्यवाहियाँ हमें यह दिखाती हैं कि जब मनुष्य अपनी ज़िम्मेदारी को पूरा करने में असफल होता है, तो परमेश्वर की इच्छा की पूर्ति में हमेशा देर होती है, और उसके पुनरुद्धार के लिये अधिक क्षतिपूर्ति शर्त भुगतने की आवश्यकता होती है। अब्राहम के विषय में, परमेश्वर की इच्छा केवल पशुओं की बलि करने से पूरी हो जाती; परन्तु उसके विफल होने पर उसे अपने प्रिय पुत्र इज़हाक को बलिदान करके पूरी करनी पड़ी, जो इज़हाक और याकूब के द्वारा पूरी हुई।
चौथा, अब्राहम का उसके बलिदान को दो भागों में काटना यह सबक सिखाता है कि हमें भी अच्छाई को बुराई से अलग करने के लिए, एक भेंट के रूप में स्वयं को विभाजित करके अर्पण करना चाहिए। विश्वास का जीवन अपने आप को एक भेंट के स्थान में रखना होता है। केवल अपने आप में अच्छाई को बुराई से अलग करके हम परमेश्वर के लिये मनभावन जीवित बलिदान बन सकते हैं। परमेश्वर की इच्छा के मानक के अनुसार हमें लगातार अपने अन्दर की अच्छाई को बुराई से अलग करना चाहिये। यदि हम ऐसा करने में उपेक्षा करते हैं तो शैतान के आक्रमण की स्थिति खड़ी करते हैं।