दिव्य नियम का अध्ययन और अभ्यास
मेरे बुकमार्क

आपके पास अभी कोई बुकमार्क नहीं है।

संभाग ३. मनुष्य की पूर्वनियति

आदम और हव्वा का मानवता के अच्छे पूर्वज बनना, उनके फल न खाने की आज्ञा का पालन करने की उनकी अपनी ज़िम्मेदारी पूरा करने पर आश्रित था। तदनुसार, परमेश्वर ने यह पूर्ण रूप से पूर्वनिर्धारित नहीं किया था, कि आदम और हव्वा हमारे अच्छे पूर्वज बनेंगे। यह सभी पतित लोगों के लिए भी कहा जा सकता है: वे परमेश्वर के पूर्वनिर्धारित किए हुए आदर्श लोग तब ही बन सकते हैं, केवल जब वे अपनी जिम्मेदारी पूरी करें। इसलिए, परमेश्वर पूर्ण रूप से यह पूर्वनिर्धारित नहीं करता कि वे वास्तव में किस तरह के लोग बनेंगे।

परमेश्वर किस हद तक किसी व्यक्ति का भाग्य नियत करता है? किसी भी एक व्यक्ति को परमेश्वर की इच्छा पूरी करने के लिये उसे अपनी ज़िम्मेदारी को पूरा करना बिल्कुल आवश्यक है। इसलिये, यद्यपि परमेश्वर किसी व्यक्ति को एक विशेष मिशन के लिये पूर्वनियत करता है, तो इससे पहले कि वह व्यक्ति अपना दिया गया मिशन पूरा करे और परमेश्वर की इच्छा पूरी करे, उसको पूरा करने में परमेश्वर की पचानवे प्रतिशत ज़िम्मेदारी और उस व्यक्ति की पाँच प्रतिशत ज़िम्मेदारी साथ-साथ पूरी होनी चाहिये। यदि वह व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी पूरी नहीं करता है, तो वह ऐसा व्यक्ति नहीं बन सकेगा जैसा परमेश्वर का इरादा था।

उदाहरण के लिये, जब परमेश्वर ने मूसा को चुना, तो उसने यह सशर्त पूर्वनिर्धारित किया कि जब मूसा अपनी जिम्मेदारी पूरी करेगा, तब वह चुने हुए लोगों का प्रतिज्ञा के देश कनान ले जाने के लिये नेतृत्व करेगा। (निर्गमन ३:१०) परन्तु मूसा ने कादेश-बारनिया की चट्टान पर दो बार लाठी मारी, इस कारण से वह परमेश्वर की इच्छा पूरी करने में विफल हुआ। परिणाम स्वरूप, मूसा अपने अंतिम गंतव्य तक पहुँचने से पहले मर गया, और परमेश्वर की मंशा, कि वह लोगों का कनान ले जाने के लिये नेतृत्व करेगा, सफल नहीं हुई। (गिनती २०:२-१३; २७:१३-१४)

जब परमेश्वर ने यहूदा इस्कारयोट को चुना, तो उसने सशर्त यह पूर्वनिर्धारित किया कि यहूदा ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी को पूरी करेगा और यीशु का एक वफादार शिष्य बना रहेगा। परन्तु जब यहूदा बेवफ़ा हो गया तो उसके लिए परमेश्वर की अपेक्षा साधित नहीं हो पाई, और वह एक गद्दार बन कर रह गया।

जब परमेश्वर ने यहूदी लोगों को स्थापित किया, तब उसने उनके लिये सशर्त यह पूर्वनिर्धारित किया कि जब वे यीशु पर विश्वास करेंगे और यीशु की सेवा में आकर अपनी जिम्मेदारी पूरी करेंगे, तो चुने हुए राष्ट्र के रूप में गौरवशाली होंगे। परन्तु जब उनके नेताओं ने यीशु को सूली पर चढ़ा दिया, तो यह पूर्वनिर्धारित नियति पूरित नहीं हो सकी, और यहूदी राष्ट्र टूट कर तितर-बितर हो गया।

आइए आगे हम पुनरुद्धार की दैवी योजना में प्रधान लोगों के लिए परमेश्वर की पूर्वनियति की जाँच करते हैं।

परमेश्वर की पुनरुद्धार की दैवी योजना का उद्देश्य पतित संसार को परमेश्वर की आकांक्षा के अनुकूल पूरी तरह से बहाल करना है। इसलिये, यद्यपि उनके उद्धार का समय चाहे अलग-अलग क्यों न हो, तथापि, सारे पतित लोगों की मुक्ति पूर्वनिर्धारित है। (२ पतरस ३:९) फिर भी, जैसा कि परमेश्वर की सृष्टि के मामले में यह सच है, उसके उद्धार की दैवी योजना— जो कि एक पुनःनिर्माण का कार्य है—एक पल में पूरा नहीं हो सकता। वह एक बिंदु से आरंभ होकर धीरे-धीरे फैल कर संपूर्ण होता है। इसलिए, उद्धार की दैवी योजना में, परमेश्वर पहले एक व्यक्ति को प्रधान होने के लिये पूर्वनियत करता है, और तब उसे किसी मिशन के लिये बुलाता है।

ऐसी बुलाहट के लिये इस व्यक्ति के पास क्या योग्यता होनी चाहिए? सबसे पहले, इस प्रधान व्यक्ति को चुने हुए लोगों में पैदा होना चाहिए। फिर, चुने हुए लोगों के बीच, उसे ऐसे पैतृक वंशक्रम का होना चाहिये जिन में कई अच्छी उपलब्धियाँ पाई जातीं हों। इस उत्कृष्ट वंश की सन्तान के बीच, उसे अपेक्षित चरित्र से संपन्न होना चाहिए। अपेक्षित चरित्र वाले लोगों के बीच, उसे अपने प्रारंभिक जीवन के दौरान आवश्यक गुण विकसित करना चाहिये। अंततः, उन लोगों के बीच जिन्होंने इन गुणों को अर्जित किया है, परमेश्वर पहले उस व्यक्ति को चुनता है जो ऐसे समय और स्थान में रहता हो जो परमेश्वर की ज़रूरतों के अनुकूल हो।