दिव्य नियम का अध्ययन और अभ्यास
मेरे बुकमार्क

आपके पास अभी कोई बुकमार्क नहीं है।

संभाग ५. विश्व की रचना की प्रक्रिया और उसका विकास काल

५.१ विश्व की रचना की प्रक्रिया

उत्पत्ति की पुस्तक की व्याख्या के अनुसार विश्व की रचना के विवरण में आदिकाल की अस्त-व्यस्त स्थिति में शून्य और अंधकार के मध्य, परमेश्वर ने प्रकाश का निर्माण किया। परमेश्वर ने आकाश के ऊपर के जल को आकाश के नीचे के जल से अलग किया। तब उसने समुद्र से भूमि को अलग किया, फिर उसने पेड़ पौधे, मछलियाँ, परिंदे और स्तनधारी पशुओं की रचना की और अंत में उसने मनुष्य की रचना की। यह सब करने में उसे छः दिन का समय लगा। इस विवरण के अनुसार हम यह अनुमान लगा सकते हैं कि विश्व को रचने की प्रक्रिया में कुछ अरसा लगा, इस कार्यकाल को छः दिन कह कर बताया गया है।

बाईबल में अभिलिखित सृष्टि के निर्माण की प्रक्रिया और आधुनिक विज्ञान में वर्णित विश्व के निर्माण के आदि कारण सिद्धांत, दोनों में कुछ समानता दिखाई देती है। आधुनिक विज्ञान के अनुसार, विश्व प्रसरणशील प्लाज़्मा के रूप में आरंभ हुआ। अंतरिक्ष शून्य और अव्यवस्थित दशा से निकल कर, खगोलीय पिंड का निर्माण हुआ और उनसे प्रकाश हुआ। जैसे, जैसे लावा से भरी पृथ्वी ठंडी होती गई, ज्वालामुखी के विस्फोट से आकाश जल से भर गया। भूमि उभरी, जल वर्षा बन कर गिरने लगा जिससे महाद्वीपों और महासागरों की रचना हुई। फिर छोटे पौधे और पशु अस्तित्व में आए। इसके पश्चात क्रमवार, मछलियाँ, पक्षी, स्तनधारी पशु और अंत में मनुष्य अस्तित्व में आये। पृथ्वी की आयु अनेक अरब वर्ष की गणित की गई है। यह सब बातें ध्यान में रखते हुए, हज़ारों वर्ष पहले बाईबल में अभिलिखित विश्व की सृष्टि का विवरण, आधुनिक विज्ञान की जाँच के परिणाम से मिलता जुलता है, इसलिये हमारा यह विश्वास है कि बाईबल का यह अभिलेख परमेश्वर का प्रकटीकरण है।

विश्व, कोई समय लगे बिना यकायक पूर्ण होकर अस्तित्व में नहीं आया। वास्तव में उसके आरंभ और विकास में बहुत लम्बा समय लगा। इसलिये, विश्व के पूरे तैयार होने में बाईबल में कहे गए छः दिन का काल शाब्दिक छः सूर्योदय और सूर्यास्त नहीं माना जा सकता है। यह निर्माण की प्रक्रिया के छः क्रमिक कालों को संकेत करता है।

५.२ सृष्टि के लिए विकास की अवधि

यह तथ्य कि विश्व की सृष्टि को पूरा करने के लिये छः दिन, यानी छः कालावधियों का समय लगा इस बात को संकेत करता है कि विश्व में पाए जाने वाले प्रत्येक सत्व की रचना में भी, जिन से विश्व पूरा बनता है, कुछ समय लगा होगा। इसके अतिरिक्त, उत्पत्ति में जिस प्रकार से प्रत्येक दिन की गणना की गई है यह प्रगट करता है कि किसी भी सत्व के रचने में कुछ समय का लगना आवश्यक है। इस वृत्तांत में सृष्टि के प्रत्येक दिन की गणना कुछ असाधारण ढंग से की गई है। जब पहले दिन की रचना के कार्य समाप्त हुए, यह लिखा है, “तथा साँझ हुई फिर भोर हुआ, इस प्रकार पहला दिन हो गया।” (उत्पत्ति १:५) इसका अर्थ कोई इस प्रकार से भी निकाल सकता है कि साँझ और रात का समय बीतने के बाद भोर का आना दूसरा दिन समझा जाना चाहिये, फिर भी यहाँ इसे पहला दिन माना गया है। बाईबल में जो “एक दिन” लिखा है, यह दिखाता है कि किसी भी सृजित सत्व को विकास की अवधि से गुज़रना आवश्यक है, अर्थात, भोर में पूर्ण होने से पहले, इस काल को रात कहा गया है। फिर जब वह इस भोर का अभिवादन करता है, तब वह आगे बढ़ सकता है और सृष्टि के आदर्श को साधित करता है।

विश्व में होने वाली किसी भी घटना के पश्चात उसका प्रतिफल केवल कुछ समय बीतने के बाद ही मिलता है। सब वस्तुएं इस ढंग से रची गईं हैं कि वे एक नियत विकास-अवधि से गुज़र कर ही पूर्ण बन कर तैयार होतीं हैं।

५.२.१ विकास-अवधि के तीन क्रमवार चरण

विश्व परमेश्वर की मूल आंतरिक प्रकृति और मूल बाह्य रूप को गणितीय सिद्धांत के आधार पर व्यक्त करता है। इस तरह हम यह अनुमान लगा सकते हैं कि परमेश्वर का एक पहलू गणितीय है। परमेश्वर एक पूर्ण वास्तविकता है, जिसमें द्वैत अभिलक्षण सुमेल के साथ एक दूसरे को प्रभावित करते हैं, इस प्रकार वह अंक तीन की सत्ता है। सभी सत्व परमेश्वर की समानता में सृजित किए गए हैं, इसलिये वे अपना अस्तित्व, गति और विकास तीन चरण की अवधि से व्यक्त करते हैं।

चार-दशा-आधार जो परमेश्वर की सृष्टि का उद्देश्य है, तीन-चरण प्रक्रिया के द्वारा पूर्ण होना चाहिये था: परमेश्वर से प्रारंभ होकर, आदम और हव्वा का विवाह, और बच्चों का प्रजनन। चार-दशा-आधार स्थापित करने के लिये और गोलाकार गति में चलने के लिए एक सत्व को पहले तीन-चरण, आदि-विभाजन-संयोजन क्रिया पूरा करनी चाहिये और फिर तीन-पात्र-प्रयोजन पूरा करना चाहिए, जिसमें प्रत्येक दूसरे तीनों के साथ अंतःक्रिया करते हैं। अर्थात, किसी वस्तु को दृढ़ रखने के लिये उसका कम से कम तीन बिंदुओं पर खड़ा होना आवश्यक है। तदनुसार, सब वस्तुएं विकास के तीन क्रमवार चरण: गठन चरण, विकास चरण, निष्पत्ति चरण, से होकर गुज़रने के बाद पूर्णता प्राप्त करतीं हैं।

प्राकृतिक दुनिया में बहुत सी वस्तुएं संख्या तीन में प्रगट होतीं हैं। इनमें तीन वर्ग होते हैं: खनिज पदार्थ, पेड़-पौधे और पशु। द्रव्य भी तीन अवस्था में पाए जाते हैं: वायुरूप द्रव्य (गैस), तरल और ठोस वस्तु। आम तौर पर पौधे तीन भागों में होते हैं: जड़, तना डालियाँ और पत्तियाँ। पशुओं के भी सिर, धड़ और टाँगे होतीं हैं।

बाईबल में भी संख्या तीन के बहुत से उदाहरण हैं। पतन के कारण मनुष्य अपने विकास के तीन काल पूरे न करने के कारण अपने अस्तित्व का उद्देश्य पूरा नहीं कर सका। इसलिये अपने अस्तित्व के उद्देश्य को पूर्ण करने के लिये मनुष्य को दुबारा कोशिश करके तीन चरण से होकर जाना आवश्यक है। पुनरुद्धार की दैवी योजना में परमेश्वर ने संख्या तीन को पुनःप्रचलन करने का कार्य किया है, यह इस बात का प्रमाण है कि बाईबल में क्यों बहुत बार संख्या तीन का उपयोग किया गया है और व्यवस्थाएं संख्या तीन पर आधारित है: ट्रिनिटी (पिता, पुत्र और पवित्र आत्मा); स्वर्ग के तीन स्तर, तीन प्रधान दूत, नूंह की किश्ती के तीन स्तर, बाढ़ के बाद नूंह की किश्ती से फाक्ता का तीन बार उड़ाया जाना, अब्राहम के तीन बलिदान, इज़हाक की बलि के स्थान तक जाने का तीन दिन का रास्ता। मूसा के समय तीन दिन के अंधकार की विपत्ति, निर्गमन के आरंभ से पहले तीन दिन का शुद्धिकरण, कनान की यात्रा में चालीस वर्ष के तीन काल और यहोशू की अगुआई में यर्दन नदी को पार करने से पहले तीन दिन का शुद्धिकरण। यीशु मसीह के जीवन में भी हम देखते हैं: तीन दशाब्दी निजी जीवन और तीन वर्ष की सार्वजनिक सेवा, पूर्व से तीन ज्योतिषी जो तीन भेंट लेकर आए, तीन चेले, तीन प्रलोभन, गतसमनी के बाग में तीन बार प्रार्थना, पतरस का तीन बार इनकार करना, सूली पर चढ़ाये जाने के बाद तीन घंटों का अंधकार और प्रभु यीशु का तीन दिन के बाद मक़बरे से पुनरुत्थान।

मनुष्य के पहले पूर्वजों का पतन कब हुआ था? उनका पतन विकास काल में हुआ था, जब वह किशोरावस्था में थे। यदि मनुष्य का पतन उनके पूर्णता प्राप्त करने के पश्चात होता, तो परमेश्वर की सर्वशक्तिमानता पर विश्वास करने का कोई आधार नहीं होता। यदि मनुष्य का पतन, अच्छाई का पूर्ण मूर्त रूप बन जाने के बाद होता, तब स्वयं अच्छाई अपूर्ण होती। तदनुसार, हमें विवश होकर यह मानना पड़ता कि परमेश्वर जो अच्छाई का स्रोत है स्वयं अपूर्ण है।

उत्पत्ति की पुस्तक में लिखा है कि परमेश्वर ने आदम और हव्वा को यह कह कर सावधान किया, “तुम भलाई और बुराई के ज्ञान के वृक्ष का फल नहीं खाना, क्योंकि जिस दिन तुम यह फल खाओगे अवश्य मर जाओगे।” (उत्पत्ति २:१७) उनको चयन का अधिकार था कि यदि वे परमेश्वर की चेतावनी की अवहेलना करें तो अपना जीवन खोते हैं और यदि वे चेतावनी को माने तो जीवित रहेंगे। यह तथ्य कि उनमें अपने पतन या पूर्ण होने की संभाव्य योग्यता थी, यह दर्शाता है कि वे अभी अपरिपक्व अवस्था में थे। विश्व कुछ इस प्रकार से बनाया गया है कि वह किसी निश्चित विकास काल से गुज़रने के पश्चात ही परिपूर्ण होता है, यह बाईबल में छः दिन का समय बताया गया है। परमेश्वर की बनाई हुई वस्तुओं में से एक होने के कारण मनुष्य भी इस नियम से बंधा हुआ है।

विकास-अवधि के किस चरण पर हमारे पहले पूर्वजों का पतन हुआ? उनका पतन विकास चरण के ऊपरी सिरे पर हुआ। यह हमारे पहले पूर्वजों के पतन की परिस्थितियों और परमेश्वर की दैवी योजना के कार्य के इतिहास की जाँच करके प्रमाणित किया जा सकता है। यह इस खंड के पूर्ण अध्ययन से आगे और अधिक स्पष्ट किया जाएगा।

५.२.२ अप्रत्यक्ष प्रभुता का क्षेत्र

विकास की अवधि के दौरान, सृष्टि में सभी प्राणियों का विकास परमेश्वर के नियम के द्वारा दिए गए स्वायत्तता और शासन के सद् गुण के द्वारा होता है। परमेश्वर, जो सिद्धाँत का लेखक है केवल उनके विकास के फलों पर ही, जो नियम पर आधारित हैं, ध्यान देता है। इस तरह, वह सभी वस्तुओं का परोक्ष रूप से नियंत्रण करता है। इस विकास-अवधि को हम परमेश्वर के अप्रत्यक्ष प्रभुत्व का क्षेत्र या सिद्धाँत के द्वारा उपलब्धियों पर आधारित प्रभुत्व कहते हैं।

सब वस्तुएं परमेश्वर के नियम द्वारा दिए गए शासन और स्वायत्तता के बल पर विकास-अवधि (अप्रत्यक्ष प्रभुता के दायरे) के माध्यम से गुजरने के बाद पूर्णता प्राप्त करतीं हैं। हालांकि, मनुष्य इस प्रकार से बनाए गए हैं कि उनके विकास के लिये नियम के द्वारा प्रदान किए गए मार्गदर्शन के अतिरिक्त, उनके अपने दायित्व को पूरा करने की भी आवश्यकता होती है। विकास की अवधि के माध्यम से सफलतापूर्वक गुज़र कर पूर्णता तक पहुँचने के लिये उन्हें अपनी जिम्मेदारी निबाहनी चाहिए। आदम और हव्वा (उत्पत्ति २:१७) को दी गई परमेश्वर की आज्ञा से हम यह अनुमान लगा सकते हैं कि मनुष्य के पहले पूर्वज परमेश्वर के वचन पर विश्वास रखने के लिए ज़िम्मेदार थे, और उन्हें फल नहीं खाना चाहिए था। उन्होंने परमेश्वर की आज्ञा चाहे मानी या नहीं, उनका पतन परमेश्वर पर नहीं, परन्तु स्वयं उन पर निर्भर था। इसलिये, मनुष्य पूर्णता प्राप्त करे या ना करे, यह केवल परमेश्वर की सृजन शक्ति पर ही निर्भर नहीं करता, मनुष्य के उत्तरदायित्व की पूर्ति भी आवश्यक है। निर्माता के रूप में अपनी क्षमता से परमेश्वर ने मनुष्य को कुछ इस प्रकार से बनाया है कि वह अपना उत्तरदायित्व पूरा करने पर ही विकास-अवधि (अप्रत्यक्ष प्रभुता के क्षेत्र) से गुज़र कर पूर्णता प्राप्त कर सकते हैं। चूँकि परमेश्वर ने स्वयं मनुष्य को इस प्रकार रचा है, इसलिये वह मानव उत्तरदायित्व में हस्तक्षेप नहीं करता है।

परमेश्वर ने निम्न लिखित कारण से मनुष्य को अपने हिस्से की ज़िम्मेदारी का उत्तरदायी ठहराया है। अपने हिस्से का दायित्व, जिसमें परमेश्वर तक हस्तक्षेप नहीं करता, पूरा करने से मनुष्य परमेश्वर की रचनात्मक प्रकृति का वारिस बन सके और उसकी सृष्टि के महान कार्य में सहभागी हो सके। परमेश्वर यह चाहता है कि मनुष्य स्वामित्व कमाए और निर्माता के रूप में सृष्टि पर राज्य करने के योग्य बन सके। (उत्पत्ति १:२८) यह मनुष्य और शेष समस्त सृष्टि के बीच मुख्य अंतर है।

एक बार जब हम अपना उत्तरदायित्व पूरा कर लेते हैं, तब हम परमेश्वर की सर्जक प्रकृति के वारिस बन जाते हैं और स्वर्गदूतों सहित समस्त वस्तुओं पर प्रभुत्व प्राप्त करते हैं। परमेश्वर हमें अप्रत्यक्ष प्रभुत्व के क्षेत्र के द्वारा यह अवसर प्रदान करता है कि हम पूर्णता प्राप्त कर सकें। हम पतित लोगों को अब तक राज्य करने की योग्यता उपलब्ध नहीं है, इसलिये हमें चाहिये कि हम पुनरुद्धार के नियम के अनुसार अपनी ज़िम्मेदारी निभाएं। ऐसा करके हम अप्रत्यक्ष प्रभुत्व के दायरे के माध्यम से प्रगति कर सकते हैं और इस तरह शैतान सहित सभी वस्तुओं पर राज्य करने का अधिकार पुनः स्थापित कर सकते हैं। सृष्टि के उद्देश्य को पूरा करने के लिये यही एक रास्ता है। दैवी पुनरुद्धार का कार्य बहुत समय से प्रवर्द्धित होता आया है क्योंकि प्रमुख व्यक्तियों ने, जो पुनरुद्धार की योजना के कार्य के उत्तरदायी थे, अपने हिस्से की ज़िम्मेदारी को पूरा करने के प्रयास में बार-बार ग़लतियाँ कीं, जिसमें परमेश्वर भी हस्तक्षेप नहीं कर सकता था।

मसीह की सूली के द्वारा मिली मुक्ति का अनुग्रह चाहे कितना ही महान क्यों न हो, मुक्ति जो हमारे द्वार पर दस्तक करती है प्रभावहीन रहेगी जब तक हम अपने विश्वास को, जो हमारे हिस्से की ज़िम्मेदारी है, दृढ़ नहीं करते। यीशु के सूली पर चढ़ाये जाने के माध्यम से पुनरुत्थान का लाभ प्रदान करना, परमेश्वर की ज़िम्मेदारी थी, परन्तु विश्वास करना या ना करना सिर्फ हमारे हिस्से की ज़िम्मेवारी है। (यूहन्ना ३:१६, इफिसियों २:८, रोमियों ५:१)

५.२.३ प्रत्यक्ष प्रभुता का क्षेत्र

परमेश्वर का प्रत्यक्ष प्रभुत्व का क्षेत्र क्या है और उसका उद्देश्य क्या है? जब एक कर्ता साझी और पात्र साझी चार-दशा-आधार पर परमेश्वर के साथ उसके प्रेम में घुल-मिल कर एक हो जाते हैं तब मनुष्य प्रत्यक्ष प्रभुता के क्षेत्र में रहता है। इस दायरे में वे स्वतंत्र रूप से और पूरी तरह से कर्ता साझी की इच्छानुसार प्रेम और सौन्दर्य में सहभागी होते हैं और इस प्रकार वे अच्छाई के उद्देश्य को साकार करते हैं। प्रत्यक्ष प्रभुता का दायरा पूर्णता का दायरा है। यह सृष्टि के उद्देश्य को पूरा करने के लिये आवश्यक है।

मनुष्य के ऊपर परमेश्वर के प्रत्यक्ष प्रभुत्व का क्या अर्थ है? यदि आदम और हव्वा एक बार परमेश्वर पर केन्द्रित व्यक्तिगत पूर्णता प्राप्त कर लेते, तो फिर वे अपने परिवार में चार-दशा-आधार बना कर एक साथ रह सकते थे। परमेश्वर के साथ एक-दिल होकर प्रेम और सौन्दर्य की परिपूर्णता की सहभागिता से वे अच्छाई का जीवन व्यतीत कर सकते थे और आदम परिवार का मुखिया होता। परमेश्वर के प्रत्यक्ष प्रभुत्व के दायरे में लोग अपने अंतःकरण में परमेश्वर के दिल का गहन अनुभव कर सकते। इस तरह, वे परमेश्वर की इच्छा जानते और अपने कार्य उसी के अनुसार करते। जिस प्रकार शरीर के हर भाग मन के सूक्ष्म निर्देशों का तुरंत पालन करके कार्य करते हैं उसी प्रकार, लोग भी स्वाभाविक रूप से परमेश्वर की इच्छा अपने दिल की गहराई से महसूस करके उसके अनुसार कार्य करते। ऐसे पूर्ण अनुनाद की दशा में सृष्टि का उद्देश्य साकार होता है।

जब प्राकृतिक दुनिया मनुष्य के प्रत्यक्ष प्रभुत्व के अधीन होगी, तो वह कैसी दुनिया होगी?

जब एक पूरी तरह से पूर्ण, प्रौढ़ व्यक्ति प्रकृति की अनेक प्रकार की वस्तुओं से अपने पात्र साझी की तरह संबद्ध होता है, तब वे एक साथ मिलकर चार-दशा-आधार स्थापित करते हैं। जो लोग परमेश्वर के हृदय के साथ पूर्ण रूप से अनुनाद करते हैं वे अबाध प्रेम और सौन्दर्य के सहभाजन के साथ प्राकृतिक दुनिया का संचालन करेंगे और संपूर्ण विश्व अच्छाई अनुभव करेगा। इस प्रकार मनुष्य सब वस्तुओं पर प्रत्यक्ष राज्य करेगा।