संभाग ३. सृष्टि का उद्देश्य
३.१ विश्व की सृष्टि का उद्देश्य
बाईबल में यह अभिलिखित है कि सृष्टि की रचना करने के पश्चात, प्रत्येक दिन परमेश्वर ने कहा कि वह अच्छी है। (उत्पत्ति १:४-३१) इस का अर्थ यह हुआ कि परमेश्वर चाहता था कि उसकी सृष्टि उसके अच्छे पात्र साझी का मूर्त रूप हो ताकि वह उनसे आनन्द प्राप्त कर सके।
सृष्टि, परमेश्वर को कैसे बहुत आनन्द दे सकती है? परमेश्वर ने मनुष्य की रचना विश्व की सृष्टि के अंतिम चरण में की। उसने उन्हें अपने स्वरूप में अपनी आंतरिक प्रकृति और बाह्य रूप के अनुरूप रचा, और उन्हें हर प्रकार की संवेदना और भावनाओं की अनुभूति दी, क्योंकि वह उनके साथ आनन्द मनाना चाहता था। उनकी रचना करने के बाद परमेश्वर ने आदम और हव्वा को आशीर्वाद दिया: “फूलो-फलो और पृथ्वी में भर जाओ, और उसको अपने वश में कर लो; और समुद्र की मछलियों, तथा आकाश के पक्षियों और पृथ्वी पर रेंगने वाले सब जन्तुओं पर अधिकार रखो।”—उत्पत्ति १:२८ यह तीन महान आशीर्वाद हैं: फूलो-फलो (व्यक्तिगत चरित्र में पूर्णता प्राप्त करना), प्रजनन करो और सृष्टि के अधिकारी बनो। यदि आदम और हव्वा ने इस दिव्य आदेश का पालन किया होता और परमेश्वर का राज्य स्थापित किया होता, तो इस में कोई संदेह नहीं है कि इस बात से परमेश्वर को बहुत आनन्द मिलता और वह अपने पुत्र और पुत्री के साथ अपने आदर्श की दुनिया में आनन्द करता।
परमेश्वर के यह तीन आशीर्वाद किस प्रकार पूरे हो सकते हैं? वह उस समय पूरे होते हैं जब चार-दशा-आधार जो सृष्टि का मूल आधार है साधित किया जाता है। यह तीन महान आशीर्वाद उस समय पूरे हो सकते हैं जब सारी सृष्टि, मनुष्यों के साथ, चार-दशा-आधार, जिसका केन्द्र परमेश्वर है, पूरा करती है। यह स्वर्ग का राज्य है, जहाँ सर्वश्रेष्ठ अच्छाई साधित की गई है, इससे परमेश्वर को बहुत बड़ा आनन्द मिलता है। वास्तव में, परमेश्वर का सृष्टि की रचना करने का उद्देश्य यही है।
विश्व की रचना का सर्वश्रेष्ठ उद्देश्य, जब मनुष्य उसका केन्द्र हो, परमेश्वर को आनन्द देना है। हर एक सत्व के द्वैत प्रयोजन होते हैं। जैसा कि पहले बताया गया है, हर सत्व में गति के दो केन्द्र होते हैं, एक आंतरिक प्रकृति और दूसरा बाह्य रूप। इन केन्द्रों के समरूपी प्रयोजन होते हैं—सार्वजनिक और आत्महित—जिनका संबंध वैसा ही होता है जैसे आंतरिक प्रकृति और बाह्य रूप के बीच होता है। इन द्वैत प्रयोजनों के बीच, कारण और परिणाम, आंतरिक और बाह्य, कर्ता साझी और पात्र साझी का संबंध होता है। परमेश्वर के आदर्श में कोई भी ऐसा आत्महित प्रयोजन नहीं होता है जो सार्वजनिक प्रयोजन का समर्थन नहीं करता हो, और ना ही कोई ऐसा सार्वजनिक प्रयोजन होता है जो व्यक्तिगत सुविधाओं की चिन्ता ना करे। विश्व अनगिनत प्रकार के सत्वों के द्वैत प्रयोजनों से गुथी हुई एक विशाल कायिक देह बनाते हैं।
३.२ परमेश्वर को आनन्द देने के लिये अच्छा पात्र साझी
परमेश्वर की सृष्टि के उद्देश्य के बारे में जो प्रश्न खड़े होते हैं उनको और गहराई से समझने के लिये, आएं हम पहले यह देखें कि आनन्द किस प्रकार पैदा होता है। एक व्यक्ति अकेला आनंद पैदा नहीं कर सकता है। आनंद तब आता है जब हमारे पास कोई पात्र साझी हो जिस में हमारी आंतरिक प्रकृति और बाह्य रूप प्रतिबिंबित हो और व्यक्त हो सके। हमारा पात्र साझी प्रोत्साहन के द्वारा हमें अपनी आंतरिक प्रकृति और बाह्य रूप का अनुभव करने में हमारी सहायता करता है। पात्र साझी अमूर्त हो सकता है या मूर्त हो सकता है।
उदाहरण के तौर पर, एक चित्रकार का पात्र साझी उस के मन की कोई कल्पना हो सकती है, या फिर उसका बनाया हुआ चित्र या खुदी हुई मूर्ति हो सकती है, जो उस कल्पना को साकार करती है। जब वह अपने विचार को या अपने बनाए हुए चित्र को देखता है, वह अपनी आंतरिक प्रकृति और बाह्य रूप को उस वस्तु में प्रतिबिंबित देख कर प्रोत्साहित होता है और आनंद और संतोष महसूस करता है। जब केवल कल्पना ही पात्र साझी हो तो वह मन को उतना उत्तेजित नहीं करती और ना ही वह उतना गहन आनन्द दे सकती है जितनी कि तैयार वस्तु देती है। मनुष्य का यह स्वभाव परमेश्वर में आरंभ होता है। उसी प्रकार, परमेश्वर भी तभी आनन्द की परिपूर्णता महसूस करता है जब वह अपने वास्तविक पात्र साझी द्वारा उत्तेजित होकर उसके द्वारा अपनी मूल आंतरिक प्रकृति और मूल बाह्य रूप महसूस करता है।
यह पहले बताया गया है कि जब तीन महान आशीर्वादों के पूरित होने और चार-दशा-आधार के स्थापित हो जाने के द्वारा स्वर्ग का राज्य साधित हो जाता है—तो वह परमेश्वर के लिये अच्छा पात्र साझी बन जाता है और परमेश्वर को आनंद देता है। आइये हम इस बात का पता लगाएं कि राज्य किस प्रकार परमेश्वर के लिये अच्छा पात्र साझी बनता है।
पहले आशीर्वाद की कुंजी व्यक्तिगत चरित्र का पूर्ण होना है। किसी भी व्यक्ति का मन और शरीर परमेश्वर से निकले हुए असतत द्वैत अभिलक्षण का बहिर्गत भाग और पात्र साझी है। किसी भी व्यक्ति को अपना चरित्र पूर्ण करने के लिये उसे अपने अंदर चार-दशा-आधार बनाना आवश्यक है, जिससे उसका मन और शरीर परमेश्वर पर केन्द्रित आदान-प्रदान क्रिया द्वारा एक हो सके। ऐसे लोग परमेश्वर का मंदिर बन जाते हैं (१ कुरिंथियों ३:१६), उसके साथ पूरी तरह से एक हो जाते हैं, (यूहन्ना १४:२०) और दिव्य स्वभाव अर्जित करते हैं। उन्हें परमेश्वर के हृदय की अनुभूति इस प्रकार से होती है जैसे कि वह उनका अपना हो। इस प्रकार वे परमेश्वर की इच्छा को समझते हैं और उसके अनुकूल अपना जीवन व्यतीत करते हैं। जब कोई व्यक्ति व्यक्तिगत पूर्णता की अवस्था में रहता है, तो वह अपने मन का दैहिक पात्र साझी हो जाता है। चूँकि उसके मन का केन्द्र परमेश्वर होता है, वह भी परमेश्वर का शारीरिक पात्र साझी बन जाता है। फिर परमेश्वर और मन दोनों आनंदित होते हैं जब वे अपने पात्र साझी से प्रोत्साहन पाकर अपनी आंतरिक प्रकृति और बाह्य रूप का अनुभव करते हैं। तदनुसार, जब लोग परमेश्वर के पहले आशीर्वाद को साधित कर लेते हैं, वे परमेश्वर के प्रिय बन जाते हैं जो उसे ख़ुशी से प्रेरित करते हैं। परमेश्वर की हर संवेदना को वह इस तरह महसूस करते हैं जैसे कि उनकी अपनी हों, वह कभी पाप नहीं करेंगे जो परमेश्वर को दुःख दे। इसका अर्थ यह हुआ कि उनका पतन कभी नहीं हो सकता।
व्यक्तिगत पूर्णता प्राप्त करने के बाद आदम और हव्वा, प्रत्येक परमेश्वर के द्वैत अभिलक्षणों के एक पहलू को व्यक्त करते और परमेश्वर के पात्र साझी के रूप में दूसरा आशीर्वाद परिपूर्ण कर लेते। अपने परिवार में चार-दशा-आधार स्थापित करने के लिये आदम और हव्वा को चाहिये था कि वह पति-पत्नी के प्रेम से भर कर एक हो जाएं और बच्चे पैदा करें। यह दूसरे आशीर्वाद की पूर्ण संतुष्टि होती। एक परिवार या समाज जिसने परमेश्वर के आदर्श के अनुसार चार-दशा-आधार स्थापित कर लिया हो वह एक पूर्ण व्यक्ति की प्रतिमा के नमूने पर बना होता है। वह उस व्यक्ति का वास्तविक पात्र साझी बन जाता है जो परमेश्वर के साथ एक होकर रहता है, परिणामस्वरूप, वह परमेश्वर का भी वास्तविक पात्र साझी बन जाता है। जब हर एक अपने परिवार या अपनी बिरादरी में स्वयं अपने आंतरिक स्वभाव और बाह्य रूप को प्रदर्शित होता देखता है, तो वह व्यक्ति आनंद करता है और उसी तरह परमेश्वर भी आनंदित होता है। जब परमेश्वर का दूसरा आशीर्वाद पूरा होता है, तो यह परिवार या समुदाय अच्छा पात्र साझी बन जाता है और इससे परमेश्वर आनंदित होता है।
इससे पहले कि हम यह देखें, कि तीसरे आशीर्वाद को प्राप्त करने पर एक व्यक्ति किस प्रकार परमेश्वर का अच्छा पात्र साझी बन कर उसे आनंद देता है, हमें पहले आंतरिक प्रकृति और बाह्य रूप के दृष्टिकोण से मनुष्य और सृष्टि के आपसी संबंध के बारे में खोज करनी है।
मनुष्य की सृष्टि करने से पहले, परमेश्वर ने मनुष्य की काल्पनिक प्रतिमा के आधार पर, उसकी आंतरिक प्रकृति और बाह्य रूप के केवल आंशिक प्रतिबिंबों को व्यक्त करते हुए प्राकृतिक दुनिया बनाई थी। परिणाम स्वरूप, मनुष्य में सभी वस्तुओं के कुल तत्वों का सार निहित है। इसी कारण उसे जगत का लघु रूप सूक्ष्म-जगत कहा जाता है।
जब परमेश्वर ने प्राणियों की रचना की, तो पहले उसने छोटी श्रेणी के जंतुओं को रचना आरंभ किया। कुछ समय पश्चात उसने ऊँचे वर्ग के और जटिल जैविक प्रकार्य वाले पशुओं को बनाया, फिर अंत में मनुष्यों को सब से ऊँचे स्तर पर बनाया। इसी करण मनुष्य में वह सब तत्व, आकार और गुण हैं जो पशुओं में पाए जाते हैं। उदाहरण की तौर पर, मनुष्य की स्वरतन्त्री इतनी प्रतिभाशाली है कि वह वस्तुतः सब पशुओं के स्वरों की नकल उतार सकता है। क्योंकि मनुष्य के शरीर में सृष्टि की सब प्रकार की सुंदर रेखाएं और वक्र रेखाएं हैं, इसलिये एक चित्रकार नग्न मॉडल का चित्र बनाकर अपनी कला को निपुण बनाते हैं।
यद्यपि मनुष्य और पौधों की संरचना और प्रकार्य भिन्न होते हैं, फिर भी क्योंकि वे दोनों कोशाणु से बने होते हैं एक से होते है। पौधों के समस्त तत्व, आकार और लक्षण भी मनुष्य में पाए जाते हैं। उदाहरण की तौर पर, पौधों की पत्तियाँ दिखने में और कार्य में मनुष्य के फेफड़ों के समान होतीं हैं। जैसे पत्तियाँ वायुमंडल से कार्बन-डायऔक्साईड सोखतीं हैं, मनुष्य के फेफड़े आक्सीजन लेते हैं। पौधों की डालियाँ और डंडियाँ मनुष्य के रक्तवह-तन्त्र के समान होतीं हैं, जो समस्त शरीर का पोषण करती हैं, काष्ठ-ऊतक और पोषवाह मनुष्य की रक्तवाहिनी और नसों के समान होतीं हैं। पेड़ों की जड़ें मनुष्य के पेट और अंतड़ी के समान होतीं हैं जो पुष्टिकर खाना सोखतीं हैं।
मनुष्य का निर्माण मिट्टी, पानी और वायु से हुआ है, फलस्वरूप उनके शरीर में यह सारे खनिज पदार्थ मौजूद हैं। इसके अतिरिक्त पृथ्वी भी मनुष्य के शरीर के आकार की समानता दिखाती है; पृथ्वी की सतह पेड़-पौधों से भरी है, भूमि के नीचे जलमार्ग अधःस्तर में विद्यमान हैं, और उसके नीचे चट्टानों की पपड़ी से घिरा पिघला हुआ लावे का क्रोड़ है। यह मनुष्य के शरीर के आकार के समान है, जिस पर बालों से भरी चमड़ी, नीचे मास में रक्तवाहिनियाँ और उससे भी नीचे हड्डियों में गूदा।
परमेश्वर के तीसरे आशीर्वाद का अर्थ है, प्राकृतिक दुनिया पर मनुष्य की प्रभुता की पराकाष्ठा। और इस आशीर्वाद को परिपूर्ण करने के लिये, परमेश्वर पर केन्द्रित प्रभुता का चार-दशा-आधार स्थापित करना आवश्यक है। मनुष्य और प्राकृतिक दुनिया को, जो परमेश्वर के छवि और प्रतीकात्मक स्तर पर वास्तविक पात्र साझी हैं, बिल्कुल एक होने के लिये आपस में प्रेम और सौन्दर्य आदान-प्रदान करना आवश्यक है।
प्राकृतिक दुनिया मनुष्य की पात्र साझी है जो उसकी आंतरिक प्रकृति और बाह्य रूप को अनेक प्रकार से दर्शाती है। इस कारण, आदर्श मनुष्य प्राकृतिक दुनिया से प्रोत्साहित होते हैं। अपनी आंतरिक प्रकृति और बाह्य रूप को सारी सृष्टि में प्रदर्शित देख कर वे अत्यधिक आनंद अनुभव करते हैं। परमेश्वर भी विश्व में अपनी मूल आंतरिक प्रकृति और मूल बाह्य रूप की झलक देख कर प्रोत्साहित होता है और आनंद महसूस करता है; और यह उस समय संभव होता है जब मनुष्य और प्राकृतिक दुनिया एक साथ ताल-मेल के द्वारा परमेश्वर के तीसरे पात्र साझी बन जाते हैं। इसलिये जब मनुष्य परमेश्वर का तीसरा आशीर्वाद साधित कर लेते हैं, तब सम्पूर्ण जगत भी परमेश्वर का अच्छा पात्र साझी बन जाता है और परमेश्वर को आनंद देता है।
यदि, परमेश्वर का सृष्टि का आदर्श इस प्रकार से साधित हो जाता तो एक पापहीन आदर्श दुनिया स्थापित हो जाती। हम ऐसी दुनिया को पृथ्वी पर स्वर्ग का राज्य कहते हैं। जब पृथ्वी पर स्वर्ग के राज्य में मनुष्य के जीवन का अंत होता तब लोग आत्मिक दुनिया में प्रवेश करते और स्वाभाविक रूप से स्वर्ग के राज्य में अनंत जीवन का मज़ा लेते।
अब तक की चर्चा के आधार पर हम यह समझ सकते हैं कि स्वर्ग का राज्य उस व्यक्ति के समान है जिस ने परमेश्वर की मूल आंतरिक प्रकृति और बाह्य रूप का अनुकरण करके व्यक्तिगत पूर्णता प्राप्त कर ली हो। एक व्यक्ति में मन का आदेश तंत्रिका तंत्र के द्वारा उसके सारे शरीर में जाता है, जिस की वजह से शरीर एक उद्देश्य से कार्य करता है। इसी प्रकार स्वर्ग के राज्य में परमेश्वर का आदेश, मानवता के सद्-वृत्त माता-पिता के द्वारा उसके सारे बच्चों को एक साथ मिल जुल कर रहने का मार्गदर्शन करेगा।