दिव्य नियम का अध्ययन और अभ्यास
मेरे बुकमार्क

आपके पास अभी कोई बुकमार्क नहीं है।

संभाग १. क्षतिपूर्ति द्वारा पुनरुद्धार का नियम

१.१ क्षतिपूर्ति द्वारा पुनरुद्धार

क्षतिपूर्ति के माध्यम से पुनरुद्धार के नियम पर चर्चा करने से पहले, हमें यह समझना चाहिए कि पतन के कारण, परमेश्वर और शैतान से संबंधित मनुष्य की क्या स्थिति थी।

यदि पहले मानव पूर्वज पतित नहीं हुए होते पर पूर्ण होकर परमेश्वर के साथ एक में दिल हो जाते, तो उनका संबंध केवल परमेश्वर के साथ रहता। परंतु पतन के कारण, वे शैतान के साथ ख़ूनी रिश्ते से जुड़ गए, इस हालत ने उन्हें उसके साथ भी लेन-देन रखने से मजबूर किया। आदम और हव्वा के पतन के तत्पश्चात, जब उनमें मूल पाप आ गया था, परन्तु, उन्होंने अभी तक कोई अच्छा या बुरा काम नहीं किया था, उस समय वे मध्यवर्ती स्थिति में थे जहाँ वे परमेश्वर और शैतान दोनों से संबंध रखते थे। परिणाम स्वरूप, उनके वंश भी मध्यवर्ती स्थिति में हो गए। उदाहरण के तौर पर, पतित संसार में एक व्यक्ति जो यीशु में विश्वास नहीं करता है लेकिन एक ईमानदार जीवन बिताता है। जब तक वह ऐसा धार्मिक जीवन बिताता है तब तक शैतान उसे नरक में नहीं खींच सकता; परन्तु परमेश्वर भी उसे वैकुंठ में नहीं ला सकता जब तक वह यीशु पर विश्वास नहीं करता। वह मध्यवर्ती अवस्था में रहता है। उसकी आत्मा आत्मालोक के मध्यवर्ती क्षेत्र में रहती है जो कि न तो वैकुंठ है और ना ही नरक है।

परमेश्वर पतित लोगों को जो मध्यवर्ती स्थिति में हैं कैसे शैतान से अलग करता है?

शैतान उनके साथ वंश के आधार पर संबंध रखता है। इसलिए, जब तक लोग कोई ऐसा कार्य नहीं करते जिस के आधार पर परमेश्वर दावे के साथ उन्हें अपना कह सके तब तक कोई ऐसा रास्ता नहीं है जिससे परमेश्वर उन्हें स्वर्गीय पक्ष में पुनर्स्थापित कर सकता है। दूसरी ओर, शैतान यह मानता है कि परमेश्वर मनुष्य का निर्माता है। जब तक शैतान किसी पतित व्यक्ति में कोई ऐसी शर्त न पाए जिसके आधार पर वह व्यक्ति पर हमला कर सके, तो वह भी मनमाने उसको अपने पक्ष में खींचने का कोई दावा नहीं कर सकता। इस तरह यदि वह कोई अच्छा काम करे तो परमेश्वर की ओर जाएगा और यदि वह कोई बुरा काम करे तो शैतान की ओर जाएगा।

उदाहरण की तौर पर, जब आदम और हव्वा मध्यवर्ती स्थिति में थे, तब परमेश्वर ने उनके बच्चों को, यानी कैन और हाबिल को बलिदान करने का निर्देश दिया ताकि उनके लिये ऐसी स्थिति तैयार हो जहाँ परमेश्वर उनके द्वारा अपनी दैवी योजना का कार्य कर सके। परंतु, जब कैन ने हाबिल को मार डाला, तो इस हालत में शैतान ने उन पर दावा कर लिया।

परमेश्वर ने यीशु को पतित लोगों के पास भेजा ताकि वे उस पर विश्वास करके परमेश्वर के पक्ष में खड़े हो सकें। दुर्भाग्य से, जब वह आया, तो बहुत लोगों ने उसे अस्वीकार किया और इस तरह वे शैतान की तरफ बने रहे। यही कारण है कि यीशु उद्धारकर्ता और न्याय दोनों का प्रभु है।

तो फिर, क्षतिपूर्ति के माध्यम से पुनरुद्धार का क्या अर्थ है? जब कोई अपना मूल स्थान या स्थिति खो बैठता है, तो उसे पुनर्स्थापित करने के लिए, बदले में उसे कोई मूल्य चुकाना पड़ता है। भुगतान की ऐसी शर्त रखने को क्षतिपूर्ति कहा जाता है। उदाहरण के लिए, खोई हुई प्रतिष्ठा, स्थिति या स्वास्थ्य को वापस ठीक करने के लिए, उसे नियत मूल्य के भुगतान के लिये कुछ आवश्यक प्रयास करना पड़ता है। मान लो, दो व्यक्ति जो पहले एक दूसरे से प्रेम रखते थे, उनके संबंध में किसी कारण ख़लल पड़ जाती है; तो उन्हें पहले के जैसे प्रेम भाव को दोबारा पुनर्जीवित करने के लिये सुलह की कुछ शर्तें बनानी पड़तीं हैं।

इसी तरह, मनुष्यों को भी जो परमेश्वर की कृपा दृष्टि से नीचे भ्रष्टाचार में गिर गये हैं कुछ शर्तें भुगतनी पड़तीं हैं इससे पहले कि वे अपनी पूर्वावस्था में पुनर्स्थापित किए जा सकते हैं। मनुष्य को उसके मूल स्थान और अवस्था में पुनर्स्थापित करने की इस प्रक्रिया को हम, क्षतिपूर्ति द्वारा पुनरुद्धार कहते हैं, और इस शर्त को भुगतान की शर्त कहते हैं। मनुष्यों को उनकी असली शुद्ध अवस्था में पुनर्स्थापित करने के परमेश्वर के इस कार्य को, जिसके लिये मनुष्य को क्षतिपूर्ति की शर्त को पूरी करनी होतीं हैं, क्षतिपूर्ति द्वारा पुनरुद्धार की दैवी योजना कहा जाता है।

क्षतिपूर्ति की शर्त की तुलना किसी खोई हुई वस्तु के मूल्य से कैसे की जाती है? हम निम्न लिखित तीन प्रकार की क्षतिपूर्ति की शर्तों के द्वारा इसका उत्तर दे सकते हैं।

पहला, बराबर की क्षतिपूर्ति की शर्त पूरी करना। इस स्थिति में, खोई हुई वस्तु के मूल्य के बराबर क्षतिपूर्ति की शर्त पूरी करने से उस व्यक्ति को, जो अपनी मूल अवस्था या स्थान से भटक गया हो, पुनरुद्धार प्राप्त होता है। क्षतिपूर्ति या हरजाने के कार्य इस प्रकार की क्षतिपूर्ति की शर्तें होतीं हैं। यह पद, “जान के लिये जान, दांत के लिये दांत” (निर्गमन २१:२३-२४) इस प्रकार की क्षतिपूर्ति की शर्त को संकेत करता है।

दूसरा, अल्पतम क्षतिपूर्ति की शर्त रखना। इस स्थिति में, खोई हुई वस्तु के मूल्य से कम कीमत पर क्षतिपूर्ति की शर्त रखने के द्वारा पूर्वावस्था की प्राप्ति की जा सकती है। उदाहरण के लिए, किसी के ऊपर बहुत बड़ा ऋण है, परन्तु लेनदार सद्भाव से उस ऋण के एक हिस्से को क्षमा कर दे, तब ऋणी कुल राशि से कम ऋण देकर भी पूरे कर्ज को संतुष्ट करता है।

सूली के माध्यम से मुक्ति का यह एक उत्कृष्ट उदाहरण है। केवल यीशु में विश्वास करने की एक छोटी सी क्षतिपूर्ति की शर्त को पूरा करने के द्वारा हमें बहुत बड़े उद्धार की कृपा प्राप्त होती है जिसके कारण हम यीशु के साथ उसके जी उठने में भाग लेते हैं। जल से बपतिस्मा लेने की क्षतिपूर्ति शर्त पूरी करने के द्वारा, आत्मिक दृष्टि से हम यीशु और पवित्र आत्मा के माध्यम से नए सिरे से पैदा किए जा सकते हैं। इसके अतिरिक्त, पवित्र भोज के संस्कार में रोटी का एक टुकड़ा और द्राक्षासव का एक प्याला लेने से, हमें यीशु के शरीर और रक्त में भाग लेने की बहुमूल्य कृपा प्राप्त होती है। यह सभी न्यूनतम क्षतिपूर्ति की शर्तों के उदाहरण हैं।

तीसरा, अधिक क्षतिपूर्ति की शर्त रखना। जब एक व्यक्ति कम क्षतिपूर्ति की शर्त को पूरा करने में विफल हो, तो उसे मूल स्थिति में वापस आने के लिये इस बार, पहले से अधिक कीमत पर क्षतिपूर्ति की शर्त भोगनी पड़ेगी। उदाहरण के लिये, क्योंकि, जब अब्राहम ने एक कबूतर, मेंढ़ा और बछिया के बलिदान के चढ़ावे में गलती की, तो उसे उसकी इस विफलता को सुधारने के लिए बृहत्तर क्षतिपूर्ति की शर्त को पूरी करनी पड़ी। यानी, परमेश्वर ने उसे अपने इकलौते बेटे इज़हाक को बलिदान करने के लिये कहा। मूसा के दिनों में जब इज़राएली लोग कनान देश में जासूसी के चालीस दिनों के दौरान परमेश्वर के वादे में विश्वास रखने में विफल हुए, तो उन्हें जंगल में चालीस वर्षों के लिए भटकने की बृहत्तर क्षतिपूर्ति की शर्त पूरी करनी पड़ी, जो कि जासूसी के मिशन के एक दिन के लिए एक वर्ष के हिसाब से थी। (गिनती १४:३४)

दूसरी बार क्षतिपूर्ति की शर्त के लिये बृहत्तर क्षतिपूर्ति की शर्त स्थापित करना क्यों आवश्यक है? जब कभी कोई परमेश्वर की दैवी योजना को पूरी करने के लिये दूसरा प्रयास करता है तो उसे हरजाने की तौर पर न केवल अपनी विफलताओं के लिये क्षतिपूर्ति की शर्त को पूरी करनी होती है पर उन लोगों के लिये भी जो उससे पहले आए थे।

आगे, आयें हम क्षतिपूर्ति शर्तों को पूरा करने की विधि का अध्ययन करते हैं। हर किसी को अपनी पतित अवस्था से मूल अवस्था में फिर से पुनर्स्थापित किए जाने के लिए, जिस रास्ते पर चलकर उसने गलती की थी, उसे वापस उलटे पाँव चलकर अपनी गलती को सुधारने के लिये क्षतिपूर्ति की शर्त पूरी करनी चाहिये। उदाहरण के लिए, क्योंकि चुने हुए लोगों ने यीशु को निंदित किया और उसे सूली पर चढ़ाया, इसलिये उद्धार पाने के लिये और परमेश्वर के चुने हुए बनकर अपनी मूल अवस्था में पुनर्स्थापित किए जाने के लिये उन्हें वापस उलटा जाना होगा: यानी यीशु को प्रेम करके और स्वेच्छया से उसके खातिर उसकी सूली उठानी होगी। (लूक १४:२७) यही कारण है कि ईसाई धर्म यातनाएं उठाने का धर्म बन गया है।

इसके अलावा, मनुष्य ने पतित होकर और परमेश्वर की इच्छा का उल्लंघन करके परमेश्वर को बहुत अधिक दुःख दिए हैं। इसलिए हमें, क्षतिपूर्ति द्वारा फिर से अपना शुद्ध, मूल स्वभाव पुनर्स्थापित करने की कोशिश करनी चाहिए और परमेश्वर की इच्छा की आज्ञाकारिता से जीवन व्यतीत करके उसके दिल को सुख देना चाहिए।

उसी तरह, क्योंकि पहले आदम ने परमेश्वर का परित्याग किया था इसलिये उसका वंश शैतान की अधीनता में आ गया। तदनुसार, मनुष्यों को शैतान की अधीनता से स्वतंत्र करके परमेश्वर के पास लाने के लिए, परमेश्वर के द्वारा त्यागे जाने पर भी दूसरे आदम यीशु को परमेश्वर के सम्मान में उसकी उपासना करते रहना पड़ा। क्रूस पर (मत्ती २७:४६) यीशु का परमेश्वर द्वारा त्यागे जाने का यह जटिल कारण है।

अंत में, किसी भी देश का कानून, सामाजिक व्यवस्था को बनाए रखने के लिए, अपराधियों को आवश्यक सज़ा भुगतने के लिए क्षतिपूर्ति की शर्त लागू करता है।

किसे क्षतिपूर्ति की शर्त रखनी चाहिए? पहले, हम ने सीखा है कि मनुष्य अपनी जिम्मेदारी को पूरा करने के द्वारा पूर्ण बन सकता है; तब उसे स्वर्गदूतों पर भी शासन करने का अधिकार होगा। तथापि, मानवता के पहले पूर्वज अपनी जिम्मेदारी निबाहने में विफल हुए और इस तरह वे शैतान के नियंत्रण में उसके नीचे आ गए। शैतान के प्रभुत्व से बचने और उस स्थिति में अपने पुनरुद्धार के लिए जहाँ हम उस पर शासन कर सकें, हमें क्षतिपूर्ति शर्तों को पूरा करके स्वयं अपने हिस्से की जिम्मेदारी निबाहना आवश्यक है।

१.२ मसीह के लिये नींव

मसीह मानवता का सद्-वृत्त माता-पिता बन कर आता है, क्योंकि केवल वही मानवता को जो पतित माता-पिता से जन्में हैं, मूल पाप से निकाल कर पुनर्जन्म दे सकता है। (प्रति-संदर्भ—ख्रीस्त-बोध ४.१.१) पतित लोगों को उनकी मूल अवस्था में बहाल करने के लिये, उन्हें मसीह को स्वीकार करना आवश्यक है। इससे पहले कि हम मसीह को प्राप्त कर सकें, हमें पहले मसीह के लिए नींव स्थापित करना आवश्यक है।

मसीह के लिये नींव स्थापित करने के लिये किस प्रकार की क्षतिपूर्ति की शर्तें स्थापित करना आवश्यक है? इस प्रश्न के जवाब के लिए, यह समझना आवश्यक है कि आदम को किस प्रकार सृष्टि का उद्देश्य साधित करना चाहिये था और कि वह इस में किस प्रकार विफल हुआ, क्योंकि क्षतिपूर्ति की शर्त, मूल पथ से विचलित होने के रास्ते पर उलटा चल कर, पूरी की जाती है।

सृष्टि का उद्देश्य साकार करने के लिये आदम को दो शर्तें पूरी करना चाहिए थीं। सबसे पहले, आदम को विश्वास की नींव स्थापित करनी चाहिए थी। नींव डालने वाला व्यक्ति स्वयं आदम ही था। इस नींव को स्थापित करने की शर्त यह थी कि उसे किसी भी हालत में भले और बुरे के ज्ञान के वृक्ष का फल नहीं खाना चाहिये और परमेश्वर की आज्ञा का पालन करना चाहिये था। और इस शर्त को पूरी करने के लिये आदम विकास की नियत अवधि को पार करने वाला था, यह समय उसे उसकी अपने हिस्से की जिम्मेदारी को पूरा करने के लिये दिया गया था। यह अवधि दैवी महत्व की कुछ संख्याओं को दर्शाती है। इसलिए, यह विकास काल के कुछ नंबरों को पूरा करने की एक अवधि के रूप में भी सोचा जा सकता है।

दूसरी शर्त जो आदम को सृष्टि का उद्देश्य साकार करने के लिये पूरी करनी थी, वह वास्तविक नींव स्थापित करना था। विश्वास की एक अविचल नींव स्थापित करने के बाद, आदम को परमेश्वर के साथ एकात्म हो जाना था, इस प्रकार से एक वास्तविक नींव स्थापित हो जाती। इसका अर्थ यह हुआ कि वह वचन (यूहन्ना १:१४) का पूर्ण देहधारी बन जाता, अर्थात पूर्ण चरित्र वाला व्यक्ति बन जाता और परमेश्वर का प्रथम आशीर्वाद साकार हो जाता। इस प्रकार, यदि आदम का पतन नहीं हुआ होता तो उसने सृष्टि का उद्देश्य साकार कर लिया होता। एक पतित व्यक्ति को मसीह को प्राप्त करने की नींव डालने के लिये समान पथ से गुज़रना पड़ता है: पहले विश्वास की नींव और फिर वास्तविक नींव की स्थापना करनी पड़ती है।

१.२.१ विश्वास की नींव

क्योंकि आदम ने परमेश्वर के वचन की अवज्ञा की और पतित हो गया, वह विश्वास की नींव नहीं स्थापित कर सका। इसलिए, वह वचन का पूर्ण मूर्तरूप नहीं बन सका और न ही सृष्टि के उद्देश्य को पूरा कर सका। ऐसी नींव पुनर्स्थापित करने के लिये जिसपर वे सृष्टि के उद्देश्य को पूरा कर सकें, पतित लोगों को पहले क्षतिपूर्ति के माध्यम से विश्वास की नींव, जिसकी स्थापना करने में पहले मानव पूर्वज विफल हुए, पुनर्स्थापित करनी चाहिए। विश्वास की नींव को पुनर्स्थापित करने के लिये क्षतिपूर्ति के यह तीन आवश्यक पहलू हैं।

पहला, एक मुख्य-व्यक्ति होना चाहिये। जब से आदम विश्वास की नींव स्थापित करने में विफल हुआ, तब से परमेश्वर एक मुख्य-व्यक्ति की तलाश कर रहा है जो विश्वास की खोई हुई नींव पुनर्स्थापित कर सके। परमेश्वर ने कैन और हाबिल को इसी उद्देश्य से बलिदान चढ़ाने के लिये कहा था। इसी तरह, परमेश्वर ने नूंह, अब्राहम, इज़हाक, याकूब, मूसा, राजाओं और यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले जैसे व्यक्तियों को बुलाया और अगवाई करने के उद्देश्य से उन्हें बढ़ाया।

दूसरा, शर्त की वस्तु का भेंट चढ़ाया जाना आवश्यक है। जब आदम ने परमेश्वर में विश्वास खो दिया, उसने परमेश्वर का वचन भी जो उसे विश्वास की नींव स्थापित करने की शर्त की पूर्ति के लिए दिया गया था खो दिया।

परिणाम स्वरूप, पतित लोग विश्वास की नींव पुनर्स्थापित करने के लिए परमेश्वर का वचन सीधे प्राप्त नहीं कर सकते हैं। वचन की जगह पर शर्त की वस्तु का भेंट चढ़ाना आवश्यक बन गया। मनुष्य, पतन के कारण सृष्टि की वस्तुओं से भी नीचे पदच्युत हो गए, जैसा कि लिखा है, “मन तो सब वस्तुओं से अधिक धोखा देनेवाला होता है।” (यिर्मयाह १७:९) इसलिए, पुराना नियम दिये जाने से पहले के युग में, लोग विश्वास की नींव स्थापित करने के लिए बलिदान या उसके बराबर की वस्तु की भेंट चढ़ा सकते थे, जैसे कि जहाज़, जो प्राकृतिक दुनिया से प्राप्त किया गया है। इस प्रकार, विश्वास की नींव ने अन्य सभी वस्तुओं को, जो शैतान ने भ्रष्ट कर दीं थीं, बहाल करने का काम किया। पुराने नियम के युग में, वचन जो मूसा के कानून में प्रकाशित हुआ या वचन का प्रतिनिधित्व करने वाले—जैसे कि वाचा का संदूक, मंदिर और विभिन्न प्रमुख-व्यक्ति—इन्होंने मूल वचन के बदले शर्त की वस्तु के रूप में काम किया। नए नियम के युग में सुसमाचार में प्रकाशित वचन और वचन के देहधारी यीशु शर्त की वस्तुएं थे।

मनुष्य के दृष्टिकोण से, यह शर्त की वस्तुएं विश्वास की नींव की स्थापना करने के उद्देश्य के लिए अर्पण की गईं। परमेश्वर के दृष्टिकोण से, शर्त की वस्तुओं का अर्पण करना, व्यवस्था पर परमेश्वर के स्वामित्व को सुरक्षित बनाए रखना था।

तीसरा, क्षतिपूर्ति की संख्यात्मक अवधि का पूरा किया जाना आवश्यक। ऐसे प्रश्न, जैसे कि क्षतिपूर्ति की अवधि की लंबाई किन्हीं दैवी संख्याओं पर ही क्यों आधारित होना चाहिए और संख्यात्मक समय की लंबाई का अर्थ क्या है, बाद में विस्तारपूर्वक चर्चा की जाएगी। (प्रति-संदर्भ—कालावधि २:४)

१.२.२ वास्तविक नींव

जैसा कि पहले बताया गया है, पतित लोगों को सृष्टि का उद्देश्य पूरा करने के लिये वचन का पूर्ण मूर्त रूप बनना आवश्यक है, यह वह अवस्था है जिस को प्राप्त करने में हमारे पूर्वज विफल हुए थे। पूर्ण मूर्त रूप बनने के लिये हमें पहले मसीह के द्वारा अपने मूल पाप से शुद्ध होने की आवश्यकता है। इससे पहले कि हम मसीह को प्राप्त कर सकें, हमें उसके लिये नींव डालनी चाहिये, जो कि उस समय पूरी होती है जब हम विश्वास की नींव के आधार पर वास्तविक नींव की स्थापना करते हैं। मसीह को प्राप्त कर लेने पर और पहले मानव पूर्वजों के पतन से पहले की अवस्था में बहाल किये जाने के बाद, हमें अभी भी एक और पथ पर चलना बाकी रहता है: परमेश्वर के हृदय की भावना को महसूस करते हुए हमें मसीह के साथ एकात्म होना आवश्यक है, और फिर उसके पीछे अनजाने पथ पर चल कर हमें विकास काल की शिखर तक जाना होता है, इस तरह हम, और अन्ततः पूर्ण मूर्त रूप बन सकते हैं।

पतित लोग क्षतिपूर्ति की शर्त का, जो पतित स्वभाव को निकालने की क्षतिपूर्ति की शर्त है, भुगतान करके वास्तविक नींव स्थापित कर सकते हैं। पहले मानव पूर्वजों ने पतन के कारण मूल पाप उपार्जित किया था, इसलिये वे अपनी ईश्वर प्रदत्त मूल प्रकृति साकार नहीं कर सके, बजाए इसके, वे पतित स्वभाव के प्राथमिक लक्षणों से भर गये। (प्रति-संदर्भ—पतन ४:६) क्षतिपूर्ति की शर्त का भुगतान करने से पतित स्वभाव निकाला जा सकता है, और पतित व्यक्ति वास्तविक नींव खड़ी कर सकता है, जिसके द्वारा वह मसीह को प्राप्त कर सकता है, अपने मूल पाप से शुद्ध हो सकता है, और अंततः अपनी मूल प्रकृति बहाल कर सकता है। इसके बाद के अध्यायों में, हम चर्चा करेंगे कि यह शर्त किस प्रकार पूरी की जा सकती है। (प्रति-संदर्भ—नींव १.२)