संभाग ४. बाईबल के उन पदों का स्पष्टीकरण जो पूर्ण पूर्वनियति के सिद्धांत का समर्थन करते हैं
अब तक, हमने पूर्वनियति के विषय में विभिन्न मुद्दों का विश्लेषण किया है। आगे, हम फिर से बाईबल के उन पदों का जिनसे ऐसा लगता है कि वे यह सुझाव देते हैं कि हर कार्य का परिणाम परमेश्वर की पूर्ण पूर्वनियति के द्वारा निर्धारित किया जाता है, और उनके अर्थ स्पष्ट करेंगे।
आएं हम निम्नलिखित पद के साथ शुरू करते हैं: क्योंकि जिन्हें उसने पहले से जान लिया है, उन्हें पहले से ठहराया भी है...फिर जिन्हें उसने पहले से ठहराया, उन्हें बुलाया भी, और जिन्हें बुलाया, उन्हें धर्मी भी ठहराया, जिन्हें उसने धर्मी ठहराया उन्हें महिमा भी दी है। रोमियों ८:२९-३०
परमेश्वर सर्वज्ञ होने के नाते, पहले से जानता है कि कौन पुनरुद्धार की योजना में प्रधान बनने के योग्य है। परमेश्वर जिन्हें पहले से जानता है उन्हें वह पूर्वनिर्धारित करता है; तब वह उन्हें दैवी योजना के उद्देश्य को पूरा करने के लिये बुलाता है। व्यक्ति को बुलाना परमेश्वर की जिम्मेदारी है, लेकिन केवल यह तथ्य उस व्यक्ति को परमेश्वर के सामने धर्मी ठहरने और महिमा के लिये समर्थ नहीं बनाता है। जब वह व्यक्ति बुलाए जाने के बाद अपनी जिम्मेदारी पूरी करता है तब ही वह धर्मी और महिमा का पात्र बनता है। इस प्रकार किसी व्यक्ति की महिमा के विषय में परमेश्वर की पूर्वनियति उसकी अपने हिस्से की जिम्मेदारी पूरा होने पर निर्भर है। चूँकि बाईबल का यह पद मनुष्य के हिस्से की जिम्मेदारी का उल्लेख नहीं करता है, इसलिये लोग इसका गलत मतलब निकाल सकते हैं कि सभी मामले पूरी तरह परमेश्वर की पूर्ण पूर्वनियति द्वारा ही निर्धारित किए जाते हैं।
यह लिखा है, मैं जिस पर दया करना चाहूँ उस पर दया करूँगा, और जिस किसी पर कृपा करना चाहूँ उसी पर कृपा करूँगा। अतः यह न तो चाहने वाले की, न दौड़ने वाले की परन्तु दया करने वाले परमेश्वर की बात है। रोमियों ९:१५-१६
जैसा कि ऊपर बताया गया है, केवल परमेश्वर ही उसे पहले से जानता है और चुनता है जो पुनरुद्धार की दैवी योजना के उद्देश्य को पूरा करने के लिए सबसे उपयुक्त व्यक्ति है। यह अधिकार परमेश्वर का है कि वह किस व्यक्ति का चयन करे और उस पर दया करे; यह मनुष्य के प्रयास पर बिल्कुल निर्भर नहीं है। यह पद परमेश्वर की शक्ति और कृपा के महत्व पर ज़ोर देने के लिये लिखा गया था।
पौलुस ने यह भी कहा, क्या कुम्हार को मिट्टी पर अधिकार नहीं कि एक ही लोंदे में से एक बरतन आदर के लिये, और दूसरे को अनादर के लिये बनाए? रोमियों ९:२१
यह पहले स्पष्ट किया गया है कि परमेश्वर ने मनुष्य को उनके हिस्से की ज़िम्मेदारी दी है ताकि, इस शर्त के आधार पर वह उन्हें सृष्टि की अन्य वस्तुओं से अधिक प्रेम कर सके। इस शर्त से परमेश्वर का आशय यह था कि वह उन्हें सृष्टि का स्वामी होने के योग्य बना सके और कि वे उसकी रचनात्मक प्रवृत्ति को प्राकृतिक रूप से प्राप्त कर सकें। परन्तु मनुष्य ने स्वयं इस शर्त का उल्लंघन किया और वे पतित हो गए। वे कूड़े की तरह हो गये, जो केवल फेंकने के योग्य है। ऐसी स्थिति में, पतित लोगों को शिकायत करने का कोई कारण नहीं है, परमेश्वर उनके साथ चाहे कैसा भी व्यवहार कर सकता है। यह पद हमें यही सिखाता है।
यह लिखा है कि परमेश्वर ने याकूब से प्रेम किया और एसाव से नफरत की, जब वे अपनी माँ के गर्भ के अंदर ही थे और उन्होंने कोई अच्छा या बुरा नहीं किया था। परमेश्वर ने एक को स्वीकार किया और दूसरे को अस्वीकार, और रिबका से कहा, “जेठा छोटे का दास होगा”। (रोमियों ९:१०-१३)
इस पक्षपात का कारण क्या था? परमेश्वर ने इसलिये एक से अधिक दूसरे का पक्ष लिया ताकि वह पुनरुद्धार की दैवी योजना में एक विशेष रास्ता तैयार कर सके। इस विषय पर नीचे ब्योरा में बात की जाएगी, (प्रति-संदर्भ—नींव ३.२) परमेश्वर ने इज़हाक को इस मंशा से दो पुत्र, एसाव और याकूब दिये, ताकि वह उन्हें कैन और हाबिल के स्थानों पर खड़ा करे। उन्हें क्षतिपूर्ति की वे शर्तें पूरी करनी थीं जो पहिलौठे के उस अधिकार की पुनः प्राप्ति की परमेश्वर की इच्छा पूरी करने के लिये आवश्यक थीं, जो आदम के परिवार में कैन के हाबिल को मार डालने के कारण खो गया था। परमेश्वर ने अपनी इच्छा साकार करने की मंशा से याकूब को अपने बड़े भाई एसाव का मन जीतने के लिये हाबिल के स्थान पर रखा और एसाव को कैन के स्थान पर रखा। चूँकि एसाव कैन के स्थान पर था इसलिये वह परमेश्वर की उपेक्षा का पात्र था। चूँकि याकूब हाबिल के स्थान पर था इसलिये वह परमेश्वर के प्रेम का पात्र था।
तथापि, अंत में परमेश्वर किसे स्वीकार या अस्वीकार करता है यह उनके अपने हिस्से की ज़िम्मेदारी को पूरा करने पर निर्भर था। वास्तव में, क्योंकि एसाव ने आज्ञाकारिता के साथ याकूब के आगे समर्पण किया, इसलिये वह अपनी पिछली स्थिति से जिसमें उसे परमेश्वर की ओर से नफरत मिली, ऊपर उठा और याकूब के बराबर उसने परमेश्वर के प्रेम का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके विपरीत, हालांकि, याकूब शुरू में परमेश्वर का अनुग्रह प्राप्त करने की जगह पर था, यदि वह अपनी ज़िम्मेदारी पूरी करने में विफल होता तो वह यह प्राप्त करने में असमर्थ होता।
जॉन केल्विन जैसे लोगों ने पूर्ण और सम्पूर्ण पूर्वनियति के सिद्धांत को स्थापित किया है जो कि अब भी हमारे वर्तमान दिन में माना जाता है। यह इसलिये क्योंकि उनका विश्वास इस गलत धारणा पर आधारित था कि परमेश्वर की इच्छा की परिपूर्णता केवल परमेश्वर की शक्ति के कार्य पर निर्भर होती है। वे पुनरुद्धार की दैवी योजना के उद्देश्य की पूर्ति के लिये परमेश्वर के हिस्से की जिम्मेदारी और मनुष्य के हिस्से की ज़िम्मेदारी के बीच के यथार्थ संबंध से अनभिज्ञ थे।