दिव्य नियम का अध्ययन और अभ्यास
मेरे बुकमार्क

आपके पास अभी कोई बुकमार्क नहीं है।

संभाग ३. यीशु और पतित लोग

एक पतित व्यक्ति के पास, एक सच्चे व्यक्ति के मूल्य के बराबर जिसने सृष्टि का उद्देश्य पूरा कर लिया है, कुछ नहीं है। बल्कि वह इतने निम्न स्तर पर गिरा हुआ है कि स्वर्ग दूतों को अपने से उच्च समझता है जो उसके अधीन रहने के लिये रचे गये थे। अपितु, क्योंकि यीशु, जिसने सृष्टि का उद्देश्य पूरा किया है, एक सच्चे व्यक्ति के पूरे मूल्य के साथ आया, और “परमेश्वर ने सब कुछ उसके पांवों के तले कर दिया।” (१ कुरिंथियों १५:२७) पतित मनुष्य मूल पाप से कलंकित हैं जिसके कारण शैतान उस पर हमला कर सकता है। किंतु, यीशु मूल पाप से वंचित होने के कारण, उसमें कोई ऐसी वजह नहीं पाई गई जिससे शैतान उस पर हमला कर सके। एक पतित व्यक्ति परमेश्वर का दिल और उसकी इच्छा नहीं समझ सकता। अधिक से अधिक वह केवल उसकी झलक देख सकता है। इसके विपरीत, यीशु न केवल परमेश्वर के दिल की इच्छा को अच्छी तरह से समझ सकता था पर वह परमेश्वर के दिल को अपनी वास्तविकता के रूप में अपने दैनिक जीवन में अनुभव करता था।

एक व्यक्ति का कोई मूल मूल्य नहीं होता जब तक वह पतित अवस्था में रहता है। परन्तु यदि, यीशु के द्वारा जो सच्चा माता-पिता है, उसका आत्मिक और शारीरिक रूप से नए सिरे से जन्म हो जाए और वह मूल पाप से शुद्ध होकर उसकी अच्छी संतान बन जाए, तो वह एक ऐसे व्यक्ति में बहाल हो जाएगा जिसने यीशु की तरह सृष्टि के उद्देश्य को पूरा कर लिया है। तब यीशु के साथ उसका रिश्ता, जैसे बच्चों का रिश्ता उनके माँ-बाप के साथ होता है, वैसा हो जाएगा। भले ही उनका रिश्ता लंब क्रम में हमेशा माता-पिता और बच्चों के जैसा रहे, परन्तु उनके मूल मूल्य में कोई फर्क नहीं होगा।

जिस तरह, मसीह कलीसिया का सिर है (इफिसियों १:२२) और हम उसके शरीर और अंग हैं, (१ कुरिन्थियों १२:२७) उसी तरह, यीशु मुख्य मंदिर है और हम मंदिर की शाखाएं हैं। यीशु दाखलता है और हम डालियाँ हैं। (यूहन्ना १५:५) हमें, जो जंगली जैतून की टहनी हैं, इससे पहले कि सच्चे जैतून का वृक्ष बन सकें, यीशु में जो सच्चा जैतून का वृक्ष है (रोमियों ११:१७) साटा जाना चाहिए। तदनुसार, यीशु ने हमें “मेरे मित्र” कह कर बुलाया, (यूहन्ना १५:१४) और यह लिखा है कि “जब वह प्रगट होगा तब हम उसके समान होंगे।” (१यूहन्ना ३:२) केवल यीशु ही “पहला फल” है, उसके पुनरागमन पर हम जो मसीह के हैं दूसरा फल होंगे। (१ कुरिन्थियों १५:२३)