संभाग ३. पुनरुद्धार की दैवी योजना के युग में कालावधियाँ और उनकी लंबाई
पुनरुद्धार की दैवी योजना के युग की अवधि, जो छवि-समानांतर काल का युग था, उसे पुनरुद्धार की नींव डालने के दैवी कार्य के युग को, जो प्रतीकात्मक समानांतर काल का युग था, क्षतिपूर्ति द्वारा पुनःस्थापन करना था। आइए हम इस युग की कालावधियों की जाँच करें कि उनकी लंबाई कैसे निर्धारित की गई थी।
३.१ मिस्र में दासता के चार-सौ-वर्ष
नूंह ने शैतान से अलग होने के लिए चालीस दिन के जल-प्रलय का न्याय पूरा किया जिसके बाद उसने विश्वास की नींव डाली थी। जब यह नींव हाम की गलती के कारण ध्वस्त हो गई, परमेश्वर ने नूंह के स्थान पर अब्राहम को खड़ा किया, और उसे चार सौ वर्ष की मध्यवर्ती अवधि के समय में डाली गई नींव पर खड़ा होकर प्रतीकात्मक भेंट चढ़ाने का आदेश दिया। परंतु, अब्राहम की गलती के कारण यह नींव शैतान ने भ्रष्ट कर दी। इन चार सौ वर्ष की नींव को पुनः प्राप्त करने के लिए, परमेश्वर ने इस्राएलियों को मिस्र में चार सौ वर्ष की दासता भोगना ठहराया और एक बार फिर शैतान से अलग किया। (उत्पत्ति १५:१३, प्रति-संदर्भ नींव ३.१.२.१) मिस्र में दासता की यह अवधि आदम से नूंह तक सोलह सौ वर्ष की प्रतीकात्मक अवधि के युग की बराबरी में छवि-समानांतर अवधि थी। यह पूर्व अवधि को समानांतर क्षतिपूर्ति शर्तों के द्वारा पुनःस्थापित करने के लिए थी।
३.२ न्यायियों के चार-सौ-वर्ष
यह अभिलिखित है कि इस्राएलियों के मिस्र से कूच करने के ४८० वर्ष बाद राजा सुलेमान ने अपने राज्य के चौथे वर्ष में मंदिर का निर्माण आरंभ किया। (१राजाओं ६:१) चूँकि राजा सुलेमान ने राजा शाऊल (प्रेरितों १३:२१) के राज्य के चालीस वर्ष पश्चात और राजा दाऊद के राज्य के चालीस वर्ष बाद राज किया, इससे हम यह अनुमान लगा सकते हैं कि इस्राएलियों के कनान में प्रवेश करने के बाद से राजा शाऊल के राज्याभिषेक तक लगभग चार सौ वर्ष की अवधि थी। यह न्यायियों की कालावधि थी।
मूसा के अधीन इस्राएलियों को चाहिए था कि वे मिस्र की दासत्व के द्वारा शैतान से पृथक होने की नींव सुरक्षित कर लें, इस प्रकार जिस नींव पर अब्राहम खड़ा था, शैतान से पृथक होने की वह नींव जो नूंह से अब्राहम तक चार सौ वर्ष के दौरान डाली गई थी, उसे राष्ट्रीय स्तर पर पुनःस्थापित करें। परन्तु, मूसा के उत्तराधिकारी यहोशु के नेतृत्व के अंतर्गत कनान में प्रवेश करने के बाद वे फिर अविश्वासी हो गए, और इस प्रकार शैतान को इस चार सौ वर्ष की नींव को भी भ्रष्ट करने का मौका दिया। इसलिए इस्राएलियों को शैतान से पृथक होने की एक और अवधि को पार करना आवश्यक हो गया इससे पहले कि वे क्षतिपूर्ति द्वारा इस नींव को पुनःस्थापित कर सकें। न्यायियों की अवधि, जो लोगों के कनान देश में प्रवेश करने के समय से राजा शाऊल के राज्याभिषेक तक लगभग चार सौ वर्ष की थी, इस उद्देश्य के लिए ठहराई गई थी।
न्यायियों की अवधि प्रतीकात्मक समानांतर युग में नूंह से अब्राहम तक की चार सौ वर्ष की अवधि के तुल्य छवि समानांतर थी। यह पूर्व अवधि को समानांतर क्षतिपूर्ति की शर्तों द्वारा बहाल करने के लिए थी।
३.३ संयुक्त राज्य की एक सौ बीस वर्ष की अवधि
पुनरुद्धार की दैवी योजना का युग, क्षतिपूर्ति द्वारा पुनरुद्धार की नींव डालने की दैवी योजना के युग को पुनःस्थापित करने के लिए निर्धारित किया गया था। इसलिए, अब्राहम, जिसने इस दैवी योजना को आरंभ किया था, आदम के स्थान पर था; मूसा नूंह के स्थान पर था; और राजा शाऊल अब्राहम के स्थान पर था। अब्राहम एक संक्रमणकालीन व्यक्ति था; जिस पर दोनों पुनरुद्धार की नींव डालने के युग को पूरा करने और पुनरुद्धार की दैवी योजना को आरंभ करने का दायित्व था। अब्राहम मसीह की पारिवारिक नींव डालने के लिए बुलाया गया था जो राष्ट्रीय नींव के लिए आधार के रूप में होती। परमेश्वर के लिए अब्राहम के समय ही में बिना विफल हुए मसीह के लिए पारिवारिक नींव डालना आवश्यक था क्योंकि यह उसका तीसरा प्रयास था। इसी तरह, राजा शाऊल के दिनों में परमेश्वर मसीह की राष्ट्रीय नींव स्थापित करने के लिए तीसरी बार काम कर रहा था। इसलिए परमेश्वर को एक बार फिर बिना विफल हुए यह दैवी कार्य पूरा करना आवश्यक था।
प्रतीकात्मक भेंट में उसकी गलती के कारण, अब्राहम ने नूंह की कार्यवाही से विरासत में पाई हुई शर्तों को एक ही बार में पुनःस्थापित नहीं किया था, जो अनेक संख्यात्मक अवधियों के रूप में थीं और विश्वास की नींव पुनःस्थापित करने के लिए आवश्यक थीं, विशेष करके: १२० वर्ष, चालीस दिन, इक्कीस दिन और चालीस दिन। इसलिए, इन अवधियों का क्षैतिज पुनःस्थापन लंब रूप में बढ़ाया जाना आवश्यक था। वे अब्राहम के परिवार के वंश में एक के बाद एक १२० वर्ष, चालीस वर्ष, इक्कीस वर्ष और चालीस वर्ष की क्षतिपूर्ति की अवधियाँ बन गईं। राजा शाऊल को चाहिए था कि वह अब्राहम के स्थान को राष्ट्रीय स्तर पर पुनःस्थापित करे। मंदिर बना कर राजा शाऊल को थोड़े समय में सभी क्षतिपूर्ति की शर्तें, जो मूसा के समय में विश्वास की नींव को पुनःस्थापित करने के लिए रखी गईं थीं, संख्यात्मक क्षतिपूर्ति के रूप में पुनःस्थापित करना चाहिए था। इन में सम्मिलित हैं: १२० वर्ष, (मूसा के समय की तीन चालीस वर्ष की कार्यवाहियाँ), चालीस दिन (मूसा के उपवास की अवधि), इक्कीस दिन (कनान की प्राप्ति के लिए पहली राष्ट्रीय कार्यवाही), और चालीस वर्ष (कनान की प्राप्ति के लिए राष्ट्रीय कार्यवाही में वनवास की अवधि)। तथापि, राजा शाऊल अवज्ञाकारी हो गया (१ शमूएल १५:११-२३) और परमेश्वर की इच्छा पूरी करने में विफल हुआ। जैसाकि अब्राहम के समय में हुआ, इन क्षतिपूर्ति की अवधियों का क्षैतिज पुनःस्थापन लंब रूप से क्रमागत अवधियों में बढ़ाया गया—संयुक्त राज्य के १२० वर्ष, उत्तर और दक्षिण के विभाजित राज्य के चार सौ वर्ष, इस्राएल के निर्वासन और वापस लौटने तक २१० वर्ष, और मसीह के आगम की तैयारी के चार सौ वर्ष। इन सभी अवधियों के बाद अंत में इस्राएल के लोग मसीह को ग्रहण करने के लिए तैयार हुए।
संयुक्त राज्यों की अवधि मूसा के जीवन के १२० वर्षों को पुनःस्थापित करने के लिए थी, जिसके दौरान उसने राष्ट्रीय कार्यवाही में कनान की प्राप्ति के लिए विश्वास की नींव डालने के तीन प्रयास किए। आइए हम इस समानता की करीब से जाँच करें।
इस्राएलियों का शैतान से पृथक होने के लिए दासत्व के चार सौ वर्ष का कष्ट झेलने के बाद, मूसा ने फिरौन के महल में चालीस वर्ष रह कर विश्वास की नींव कायम की। उसने तब कनान देश जाने के लिए लोगों का नेतृत्व करने का प्रयत्न किया, जहाँ वह मंदिर का निर्माण करने वाला था। परन्तु, लोगों की कृतघ्नता के कारण यह कार्यवाही दो बार दीर्घीकृत हुई। मूसा ने विश्वास की नींव डालने के लिए मिद्यान के जंगल में चालीस वर्ष बिताए और उसके बाद फिर उसे जंगल में चालीस वर्ष के दौर में भटक कर नए सिरे से विश्वास की नींव डालनी पड़ी। उसी प्रकार, इस्राएलियों का न्यायियों के चार सौ वर्ष की अवधि के माध्यम से मिस्र की गुलामी के चार सौ वर्ष की अवधि पुनःस्थापित करने के बाद शाऊल इस्राएल के राजा के रूप में विराजमान हुआ। अपने चालीस वर्ष के राज काल के दौरान राजा शाऊल को मूसा के फिरौन के महल के जीवन के चालीस वर्ष क्षतिपूर्ति द्वारा पुनःस्थापित करके विश्वास की नींव डालनी थी। तब उसे मंदिर बनाना था। परंतु राजा शाऊल जब अविश्वासी हो गया, तो परमेश्वर की मंदिर बनाने की अभिलाषा राजा दाऊद और राजा सुलेमान के दो चालीस वर्ष के राज कालों तक प्रवर्धित हो गई, इस तरह संयुक्त राज्य के कुल १२० वर्ष बनते हैं।
यह अवधि, प्रतीकात्मक समान्तर युग में अब्राहम के हारान से कूच करने के बाद से लेकर याकूब का अपने भाई से जन्मसिद्ध अधिकार मोल ले लेने तक १२० वर्ष के तुल्य छवि समान्तर अवधि थी। वह उस पूर्व अवधि को समान्तर क्षतिपूर्ति की शर्तों के द्वारा बहाल करने के लिए थी। जिस प्रकार जो व्यवस्था अब्राहम से शुरू हुई और प्रवर्धित होकर इज़हाक और याकूब के द्वारा पूरी हुई, मंदिर बनाने की परमेश्वर की व्यवस्था, जो राजा शाऊल से शुरू हुई, प्रवर्धित होकर राजा दाऊद और राजा सुलेमान के समय में पूरी हुई।
३.४ उत्तर और दक्षिण के विभाजित राज्यों के चार सौ वर्ष
यदि राजा शाऊल ने मंदिर बनाने की व्यवस्था अपने चालीस वर्ष के राजकाल में पूरी कर ली होती, तो क्षतिपूर्ति की अवधियों में से जो उसे क्षैतिज रूप से पुनःस्थापित करनी थी, वह मूसा का चालीस दिन का उपवास था, जो वचन की पुनः प्राप्ति के लिए, जैसा कि पत्थर की पट्टियों द्वारा प्रकट है, पूरा किया गया था। राजा शाऊल ने जब विश्वास खो दिया, इस क्षतिपूर्ति की अवधि को क्षैतिज बहाली के लंब विस्तार के रूप में बहाल करना पड़ा। यह अवधि उत्तर और दक्षिण के विभाजित राज्य की शुरूआत थी, जो लगभग चार सौ वर्ष तक बने रहे। यह उस समय आरंभ हुआ जब संयुक्त राज्य, उत्तर में इस्राएल और दक्षिण में जूडिया के नाम से विभाजित हुआ, और यह उस समय तक कायम रहा जब जूडिया के लोग बेबीलोन में निर्वासन के लिए ले जाए गए।
यह अवधि, याकूब के एसाव से जन्मसिद्ध अधिकार मोल लेने के समय से लेकर उसका इज़हाक और परमेश्वर का आशीर्वाद प्राप्त करने के बाद हारान चले जाने तक (उत्पत्ति २८:१३), प्रतीकात्मक समान्तर युग के चालीस वर्ष के लिए छवि समान्तर अवधि थी। यह पहले की उस अवधि को समानांतर क्षतिपूर्ति शर्तों के द्वारा पुनःस्थापित करने के लिये थी।
३.५ इज़राएलियों का देशनिकाला जाना और वापसी के दो सौ दस वर्ष की अवधि
इस्राएल के उत्तरी राज्य के लोगों ने परमेश्वर के साथ की गई वाचा तोड़ डाली, फलस्वरूप, असीरया के लोग उन्हें बंदी बना कर निर्वासन में ले गए। जूडिया के दक्षिण राज्य के लोगों ने भी परमेश्वर के सामने पाप किया। परिणाम-स्वरूप, बेबीलोन का राजा नबूकदनेस्सर उन्हें बंदी बनाकर निर्वासन में ले गया। लगभग सत्तर वर्ष बंदी रहने के पश्चात, बेबीलोन को फारस के राजा कुस्रू ने परास्त करके अपने अधीन कर लिया, और इस्राएलियों को स्वतंत्र करने का राजसी आदेश दिया। उस समय से यहूदी लोग क्रमशः यरूशलेम लौटे और मंदिर का निर्माण किया। एज़्रा शास्त्री ने यहूदियों के अंतिम दल का जो यरूशलेम लौट रहे थे नेतृत्व किया और नहेम्याह ने शहर पनाह दुबारा बनाई। मलाकी की भविष्यवाणी (मलाकी ४:५) से प्रभावित हो कर, लोग मसीह का स्वागत करने की तैयारी करने लगे। यह अवधि यहूदियों का बेबीलोन निर्वासन में ले जाने के समय से लेकर लगभग २१० वर्ष में और फारसियों के द्वारा स्वतंत्र होने के लगभग १४० वर्ष बाद समाप्त हुई। यह इस्राएलियों के निर्वासन और उनकी वापसी की अवधि थी।
यदि राजा शाऊल ने मंदिर के निर्माण की व्यवस्था पूरी कर ली होती, तो क्षतिपूर्ति की अवधियों में से एक अवधि जो वह क्षैतिज रूप से बहाल कर लेता, इक्कीस दिन की अवधि थी जिसमें मूसा पहली राष्ट्रीय कार्यवाही में इस्राएलियों को मिस्र से कनान ले जाने में नेतृत्व करने वाला था। शाऊल का विश्वास खो देने के बाद जब यह व्यवस्था विफल हो गई, तो इस क्षतिपूर्ति अवधि को क्षैतिज बहाली की लंब विस्तृति के रूप में पुनःस्थापित करना पड़ा। इस्राएल के निर्वासन के २१० वर्ष की अवधि इस उद्देश्य से निर्धारित की गई थी।
प्रतीकात्मक समान्तर युग में यह अवधि इक्कीस वर्ष की अवधि के तुल्य छवि समान्तर थी, जो याकूब को जेष्ठ पुत्र का आशीर्वाद मिलने के बाद उसके कनान लौटने तक विस्तीर्ण हुई, और उस पिछली अवधि को समान्तर क्षतिपूर्ति की शर्तों द्वारा बहाल करने के लिए थी। वह तीन-सात-वर्षीय अवधियों को पुनःस्थापित करने के लिए थी: हारान पहुँचने के बाद याकूब ने राहेल से विवाह करने के लिए सात वर्ष तक काम किया, पर उसे विवाह में लिआ मिली, उसने और सात वर्ष राहेल के लिए काम किया, फिर कनान लौटने से पहले उसने और सात वर्ष धन कमाने के लिए काम किया। (उत्पत्ति ३१:४१)
३.६ मसीह के आगमन के लिये चार सौ वर्ष की तैयारी का काल
यहूदियों का निर्वासन से स्वदेश इस्राएल लौटने के बाद, उन्होंने अपने विश्वास को फिर से दृढ़ किया, शहर की दीवार बनाई और मलाकी की भविष्यवाणी के आधार पर, एक राष्ट्र के रूप में मसीह के लिए तैयारी की। उस समय से लेकर मसीह के जन्म लेने तक की अवधि चार सौ वर्ष की थी, जो मसीह के आगमन के लिए तैयारी की अवधि थी।
यदि राजा शाऊल ने मंदिर के निर्माण की व्यवस्था पूरी कर ली होती, तो क्षतिपूर्ति की अवधियों में से एक अवधि जो उसे क्षतिपूर्ति द्वारा क्षैतिज रूप से पुनःस्थापित करनी थी वह तीसरी राष्ट्रीय कार्यवाही में चालीस वर्ष वन में भटकने की अवधि थी। राजा शाऊल के विश्वास खो देने और इस व्यवस्था के विफल होने के बाद, चालीस वर्ष की इस क्षतिपूर्ति की अवधि की क्षैतिज बहाली को लंब विस्तृति के रूप में पुनः स्थापित करनी पड़ी। मसीह के आगमन की तैयारी के चार सौ वर्ष की अवधि इसी उद्देश्य से निर्धारित की गई थी।
यह अवधि, प्रतीकात्मक समान्तर युग में जो याकूब के कनान देश वापस लौटने के समय से लेकर उसके पुत्र यूसुफ के आमंत्रण पर जब उसके परिवार ने मिस्र देश में प्रवेश किया तब तक, चालीस वर्ष की अवधि के छवि समान्तर थी। यह उस पूर्वकालीन अवधि को समान्तर क्षतिपूर्ति शर्तों द्वारा पुनःस्थापित करने के लिए थी।