संभाग ३. वापसी-पुनरुत्थान के द्वारा धर्मों का एकीकरण
३.१ वापसी-पुनरुत्थान के द्वारा ईसाई धर्म का एकीकरण
दूसरे आगमन के समय पर सभी जीव-आत्माएं जो वैकुंठ में रहतीं हैं पृथ्वी पर उन लोगों पर उतरेंगी जो प्रभु पर विश्वास करके और उसकी सेवा-शुश्रुषा में भाग लेने के द्वारा दिव्य आत्मा का स्तर प्राप्त कर सकते हैं। पुनरुद्धार की दैवी योजना में परमेश्वर की इच्छा पूरी करने के लिये इन लोगों के साथ मिलकर काम करने से आत्माएं वही लाभ प्राप्त कर सकतीं हैं और स्वर्ग के राज्य में प्रवेश कर सकतीं हैं। (प्रति-संदर्भ पुनरुत्थान २.३.२.२) तदनुसार, उस दिन सभी आत्माएं वैकुंठ से उतरेंगी और पृथ्वी पर विश्वासियों की मदद करेंगी।
यद्यपि प्रभु के अनुग्रह का समय, लोगों की आस्था, स्वाभाविक प्रकृति और दैवी योजना के लिए उनके पूर्वजों की उपलब्धियों के अनुसार भिन्न हो सकता है, पर चाहे अभी हो या बाद में प्रत्येक विश्वासी का मार्गदर्शन वैकुंठ की आत्माओं द्वारा किया जाएगा ताकि वे दूसरे आगमन के मसीह के पीछे चलें और अपने जीवन को परमेश्वर की इच्छा के लिए समर्पित करें। इस कारण से, ईसाई धर्म का एकजुट होना पूर्वनिर्दिष्ट है।
३.२ वापसी-पुनरुत्थान के द्वारा सब धर्मों का एकीकरण
जैसा कि ऊपर बताया गया है, जिन धर्मों ने उसी एक चरम उद्देश्य की खोज की है, वह सब धीरे-धीरे ईसाई धर्म के आदर्शों पर आधारित एक सांस्कृतिक क्षेत्र में सम्मिलित हो रहे हैं। (अंतिम दिन संबंधी उपदेश ४.२) ईसाई धर्म का अस्तित्व उसके स्वयं हित के लिये ही नहीं है, परन्तु उसका अंतिम मिशन इतिहास में सब धर्मों के उद्देश्य की पूर्ति के लिये है। दूसरे आगमन का मसीह जो ईसाई धर्म के केंद्र के रूप में आ रहा है, वह व्यक्ति मैत्रेय बुद्ध भी है जो बौद्ध धर्म की शिक्षा के अनुसार लौट कर आने वाला था, चीनी धार्मिक परंपरा में भी वह जो सत्-पुरुष के नाम से जाना जाता है, और चौंगदोरयौंग, जिसके लिये कोरिया के लोग लालायित रहे हैं। यह वही प्रधान पुरुष है जिसके आगमन की उम्मीद सभी धर्मों को है।
फलस्वरूप, मसीह के दूसरे आगमन पर, सभी आत्माएं जो अपने जीवन काल में ईसाई धर्म को छोड़ दूसरे धर्मों में विश्वास रखती थीं, वैकुंठ की आत्माओं की तरह, अपने पुनरुत्थान के लिये पृथ्वी पर वापस लौट कर आएंगी, परन्तु उनके आने का समय उनकी अपनी आध्यात्मिक स्थिति पर निर्भर होगा। मसीह के दूसरे आगमन पर इन आत्माओं को संसार में उनके अपने धर्म से संबंधित विश्वासियों का मसीह की ओर मार्गदर्शन करना होगा और परमेश्वर की इच्छा पूरी करने के लिये उन्हें उस पर विश्वास करने और उसकी सेवा में भाग लेने के लिए सहायता करनी होगी। हम मसीह के पहले आगमन के समय का एक समानांतर उदाहरण ले सकते हैं: पूर्व से तीन ज्योतिषी, जो पारसी लोग थे, यीशु के जन्म के समय उसकी उपासना करने के लिये उसकी तलाश में आए। (मत्ती २:१-१२) तदनुसार, सभी धर्म अंत में ईसाई धर्म के चारों ओर संयुक्त होकर पुनः जाग्रत होंगे।
३.३ वापसी-पुनरुत्थान के द्वारा धर्मनिरपेक्ष लोगों का एकीकरण
वह आत्माएं, जिन्होंने अपने जीवनकाल में शुद्ध अंतःकरण से जीवन बिताया है परन्तु उनका संपर्क किसी धर्म से नहीं था वह भी ठहराए हुए समय पर वापसी-पुनरुत्थान का लाभ प्राप्त करने के लिये पृथ्वी पर लौटेंगी। वे मसीह के दूसरे आगमन पर शुद्ध अंतःकरण वाले सांसारिक लोगों का मार्गदर्शन करेंगी और उसे खोजने और उसकी सेवा में जाने और परमेश्वर की इच्छा पूरी करने के लिये उसकी सहायता करेंगी।
परमेश्वर की पुनरुद्धार की दैवी योजना का परम उद्देश्य सारी मानवता को बचाने का है। इसलिए, परमेश्वर प्रत्येक व्यक्ति को उनके पापों की क्षतिपूर्ति के लिये आवश्यक समय देकर नरक का पूर्णतः अंत करना चाहता है। यदि दुनिया में नरक हमेशा के लिये बना रहे, जहां परमेश्वर की अच्छाई का उद्देश्य कार्यान्वित होता है, तो यह परमेश्वर की पूर्णता, उसके आदर्श, और उसके पुनरुद्धार की दैवी योजना के खिलाफ होगा।
पतित माता-पिता भी यदि उनके बच्चों में से एक खुश ना हो वे ख़ुशी कभी महसूस नहीं कर सकते। तो क्या यह परमेश्वर, हमारे स्वर्गीय माता-पिता के लिए सच नहीं है? जैसे कि लिखा है, “प्रभु धीरज धरता है, और नहीं चाहता कि कोई नष्ट हो, वरन् यह कि सब को मन फिराव का अवसर मिले”। (२ पतरस ३:९) तदनुसार, नरक हमेशा के लिये नहीं रह सकता। यह परमेश्वर की गहन इच्छा की पूर्ति है कि आदर्श दुनिया में नरक का कोई नाम-निशान तक नहीं रहेगा। अंतिम दिनों में, जब समय आएगा, दुष्ट आत्माएं पृथ्वी पर उसी आध्यात्मिक स्तर के दुष्ट लोगों पर उतरेंगी और परमेश्वर की इच्छा पूरी करने के लिये उनकी सहायता करेंगी। यथार्थतः, यहां तक कि दानव भी गवाही देते हैं कि यीशु परमेश्वर का पुत्र था। (मत्ती ८:२९) इन विभिन्न व्यवस्थाओं में भाग लेने के द्वारा, एक लम्बे समय के बाद, सभी लोग धीरे-धीरे परमेश्वर के आदर्श विश्व के लक्ष्य की ओर अभिमुख होंगे।